कोलकाता : आनन्दिता सर्वाधिकारी द्वारा निर्देशित सामाजिक थ्रिलर ‘एवरी 68 मिनट्स ‘ का प्रदर्शन किया गया। फिल्म की परिकल्पना लाल भाटिया तथा इमरान जाकी की है और इसका निर्माण आदिल हुसैन के सहयोग से डेविड एंड गोलिथ फिल्म्स ने किया है। फिल्म में ऋचा शर्मा, आदिल हुसैन और टोटा रायचौधरी ने काम किया है। यह फिल्म भारतीय विवाह और उससे जुड़ी कुरीतियों के अन्धकारमय पक्ष को दिखाती है। फिल्म में दहेज और घरेलू हिंसा की समस्या को दिखाया गया है। संगीत विक्रम घोष का है और फिल्म छायांकन मानस गांगुली का है। सम्पादन अर्घ्यकमल मित्र ने किया है। फिल्म में भारत कौल, अरुप रतन राय, लावणी सरकार, चन्दन सेन और टिटास दत्ता ने भी काम किया है। फिल्म की स्क्रिनिंग महानगर के एक होटल में की गयी। फिल्म का उद्घाटन सिक्किम ग्लोबल सिनेमा फेस्टिवल 2020 में किया गया था। फिल्म के निर्माता लाल भाटिया और इमरान जाकी ने कहा कि फिल्मों के अतिरिक्त यह प्रोडक्शन हाउस वेब सीरिज भी बनायेगा। फिल्म की अभिनेत्री ऋचा शर्मा ने घरेलू हिंसा के प्रति जागरुक होने पर जोर दिया।
धमाके के साथ आया एसबीआई कार्ड्स का आईपीओ
एसबीआई कार्ड्स का आईपीओ सोमवार, 2 मार्च को खुला। कंपनी की योजना इसके जरिए 10,335 करोड़ रुपये जुटाने की है। यह देश की दूसरी सबसे बड़ी क्रेडिट कार्ड कंपनी है। 3 मार्च तक SBI कार्ड्स के IPO 56.5 फीसदी सब्सक्राइब हो गए हैं।
यह 2020 का पहला आईपीओ है। एक्सचेंज पर मौजूद आंकड़ों के मुताबिक, कपनी ने 10,000 शेयर जारी किए हैं। इनमें से 5.62 करोड़ रुपए के लिए बोली लग चुकी है। रिटेल इनवेस्टर्स के लिए 89.72 फीसदी शेयर हैं। खासतौर पर इस सेक्शन की बात करें तो यह 99.45 फीसदी सब्सक्राइब हो चुका है। SBI कार्ड्स, स्टेट बैंक की सब्सिडियरी है। बैंक अपने कर्मचारियों को फाइनल ऑफर प्राइस पर 75 रुपए का डिस्काउंट दे रहा है।
क्वालीफाइड इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व सेक्शन में सब्सक्रिप्शन सिर्फ 0.1 फीसदी है। वहीं, नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स कैटेगरी में 18.67 फीसदी सब्सक्रिप्शन हुआ है। अक्टूबर 2017 के बाद यह सबसे बड़ा IPO है। इसमें 500 करोड़ रुपये का फ्रेश इश्यू है। साथ ही 13.05 करोड़ शेयर SBI और कार्लाइल ग्रुप की CA रोवर होल्डिंग्स की है।
एसबीआई कार्ड्स के आईपीओ (IPO) का प्राइस बैंक 750-755 रुपए है। यह आईपीओ 2 मार्च को खुला है और 5 मार्च को बंद होगा। इश्यू की लिस्टिंग 16 मार्च को होने वाली है। एनालिस्ट्स को उम्मीद है कि इसकी लिस्टिंग प्रीमियम पर होगी। लेकिन बाजार का हाल देखकर लगता है कि इसकी मुश्किल बढ़ भी सकती है।
60 की उम्र तक करोबार किया, अब रोज 6000 रुपये खर्च कर 250 आदिवासियों को खाना बाँटते हैं
बालाचंद्रा 250 परिवारों को महीने के तीसरे रविवार को पालमलाई में 5-5 किलो चावल, 1-1 किलो दाल भी देते हैं
कोयम्बटूर : तमिलनाडु के जिले तूतूकुडी में रहने वाले 63 साल के बालाचंद्रा पिछले डेढ़ साल के रोज 250 आदिवासियों के लिए खाने का पैकेट बांट रहे हैं। वह रोज जिले की पहाड़ी बस्तियों पानप्पल्ली, कोंडानुर, जम्बुकंडी, कुट्टुपुली और थेक्कालूर में जाते हैं और लोगों को घर-घर जाकर स्वादिष्ट खाना देते हैं। खाना देने का समय रोज दिन में 11 बजे से 12 बजे की बीच होता है। इसके अलावा सभी परिवारों को महीने के तीसरे रविवार को पालमलाई में 5-5 किलो चावल, 1-1 किलो दाल देते हैं।
वह कहते हैं, ‘‘मैं 14वीं शताब्दी के कावेरीपत्तनम के संत पत्तिनाथर से प्रभावित होकर जरूरतमंदों की मदद करता हूं।’’ तमिलनाडु में पत्तिनाथर नाम से दो संत कवि हुए हैं। इनमें एक का जीवन काल 10वीं सदी और दूसरे का 14वीं सदी है।
अब मैं खुद से किए गए वादे को पूरा कर रहा हूं
बालचंद्रा कहते हैं, ‘‘मैं तूतूकुडी के सम्पन्न कारोबारी परिवार से हूं। मैंने काफी पैसा कमाया है। जब मैंने कारोबार शुरू किया था, तब से विचार था कि मैं जरूरतमंदों को भोजन कराउंगा। मैंने अपने जीवन के 60 साल परिवार को दिए। उनकी सभी जरूरतें पूरी कीं। अब मैंने व्यवसाय छोड़ दिया है। सभी तरह की प्रतिबद्धताओं से मुक्त हूं। अब मैं खुद से किए गए वादे को पूरा कर रहा हूं। आदिवासियों के खाना बनाने का काम थडगाम में रहने वाली एक महिला करती है। प्रतिदिन के खाने पर करीब 6 हजार रुपए खर्च होता है।’’
परिवार सब अपनी-अपनी जगह सेट
अपने बारे में बालाचंद्रा कहते हैं, ‘‘परिवार में पत्नी, बेटा और दो बेटियां हैं। बेटा कोयम्बटूर के मल्टी स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल में एमडी है। बेटियां अपने-अपने घर विदेशों में सेटल हो गईं। पत्नी का जन्म स्थान कोयम्बटूर के पास है। वह अपने आखिरी दिन वहीं बिताना चाहती है।’
57 किलो वजन घटाकर जेन एटकिन्स बनी मिस ग्रेट ब्रिटेन
मंगेतर ने मोटी कहकर तोड़ा था रिश्ता
लंदन : 26 साल की जेन एटकिन्स ने उसके मोटापे के कारण उसे छोड़ने वाले मंगेतर को पांच साल बाद ही सही, लेकिन ऐसा जवाब दिया जिसकी कल्पना भी शायद उसने न की हो। नॉर्थ ईस्ट लिंकनशायर के ग्रिम्सबी की रहने वाली जेन ने इन सालों में 57 किलो वजन कम करके न सिर्फ खुद को फिट बनाया, बल्कि पिछले दिनों मिस ग्रेट ब्रिटेन का खिताब भी जीता। पांच साल में जेन को अपनी जिंदगी का हमसफर भी मिला और उन्होंने उससे शादी भी की। शादी के बाद ऐसे किसी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का कोई इरादा नहीं था, लेकिन जब मिस ग्रेट ब्रिटेन में नियम बदलने के बाद शादीशुदा महिलाओं को उसमें हिस्सा लेने की इजाजत मिली तो जेन ने इसमें हिस्सा लिया और जीत भी गयीं। वह कहती हैं कि जिंदगी के इस मोड़ पर पहुंचकर उन्हें जो खुशी हो रही है, वह पहले कभी नहीं हुई।

जब रिश्ता खत्म हुआ तो लगा सब खत्म हो गया
जेन ने कहा, मैं जीतने के बाद अभी भी शॉक में हूं, इसलिए अपनी खुशी शब्दों में बयां नहीं कर सकती हूं। सच कहूं तो मुझे अब भी यकीन नहीं आ रहा है कि मैं ब्रिटेन की सबसे खूबसूरत महिला बन चुकी हूं, मिस ग्रेट ब्रिटेन, यह एक ऐसी सच्चाई है जिस पर यकीन करने में मुझे वक्त लगेगा और जो लोग मेरी पुरानी तस्वीरें देख चुके हैं या मुझसे मिल चुके हैं, उनके लिए तो यह यकीन से परे है।
जब मैं अपने एक्स ब्वॉयफ्रेंड से मिली थी तो मेरा वजन 88 किलो था जो धीरे-धीरे 114 किलो तक पहुंच गया। हम दोनों शादी करने वाले थे, लेकिन मेरे बढ़ते वजन के कारण उसने मुझे छोड़ दिया। जब वह मुझे छोड़कर गया तो लगा कि मेरी तो दुनिया ही खत्म हो गई है। मैं हफ्तों तक रोती रही और तनाव होने पर खाना ही मेरा साथ देता। हालांकि तब मेरे साथ सबसे अच्छी चीज जो हुई, वह था मेरा जिम ज्वाइन करना। जब से मैंने जिम जाना शुरू किया है, मैं एक अलग जेन ही बन गई हूं।
पहला गाना 2018 में आया
मिस ग्रेट ब्रिटेन बनना एक अलग ही एहसास है। तीन साल पहले तक तो मैं सोच भी नहीं सकती थी कि ऐसे किसी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लूंगी। अब इसकी विजेता बन गयी हूं। मेरी बॉडी में काफी बदलाव आया है, लेकिन मेरा व्यक्तित्व वैसा ही है और इसी के कारण मैं कॉन्टेस्ट जीत पाई हूं। जेन एक मॉडल होने के साथ-साथ कंट्री सिंगर भी हैं और 2018 में उनका पहला गाना रिलीज हुआ था। अब वह इस साल अपना एक और गाना रिलीज करने वाली हैं।
15 मिनट में ही ब्रेस्ट कैंसर का पता लगा लेती है गीता की डिवाइस
25 हजार महिलाओं की जाँच हुई, 30 अस्पतालों में उपलब्ध
बेंगलुरु : गीता मंजूनाथ के हेल्थ स्टार्टअप ‘निरामई’ ने ऐसी एआई बेस्ड थर्मल सेंसर डिवाइस बनाई है, जो ब्रेस्ट कैंसर की पहचान शुरुआती स्टेज में ही कर लेती है। यानी तब, जब इस बीमारी के लक्षण महसूस भी नहीं होते। गीता बताती हैं कि अभी देश में मेमोग्राफी से ब्रेस्ट कैंसर को डिटेक्ट किया जाता है। 45 साल से कम उम्र की महिलाओं में यह तरीका उतना सफल नहीं है। लेकिन थर्मल सेंसर डिवाइस छाती के घटते-बढ़ते तापमान पर नजर रखती है, तस्वीरें लेती है। उनका विश्लेषण कर असामान्यता की पहचान करती है। इसमें सिर्फ 10-15 मिनट लगते हैं। इस डिवाइस से 5 एमएम के छोटे ट्यूमर की पहचान भी आसानी से हो जाती है।
इससे जांच के अच्छे नतीजे मिले तो उसी रिसर्च टीम के साथ ‘निरामई’ की नींव रखी। हमारी डिवाइस से अब तक 25 हजार से ज्यादा महिलाओं की स्क्रीनिंग की जा चुकी है। बेंगलुरू, मैसूरु, हैदराबाद, चेन्नई, मुंबई, दिल्ली जैसे 12 शहरों और 30 से ज्यादा अस्पतालों में यह डिवाइस इस्तेमाल हो रही है। संस्था को निवेशकों से 50 करोड़ रुपये का फंड भी मिला है। हाल ही में गेट्स फाउंडेशन ने निरामई को रिवर ब्लाइंडनेस की रोकथाम के लिए सॉफ्टवेयर बनाने का जिम्मा दिया है।
चचेरी बहनों की मौत के बाद कुछ करना चाहती थी
अपने परिवार में ब्रेस्ट कैंसर से हुई मौतों को देखकर गीता सहम गई थीं। इसके बाद उन्होंने इस दिशा में कुछ करने की ठानी थी। वे बताती हैं, ‘कुछ साल पहले मेरी दो चचेरी बहनों की मौत 30 साल से भी कम उम्र में ब्रेस्ट कैंसर से हो गयी थी। अगर कैंसर का समय पर पता चल जाता, तो वे बच सकती थीं। इसके लिए मैं कुछ करना चाहती थी। मैंने अपने एक साथी से थर्मोग्राफी पर बात की। यह इंफ्रारेड इमेज के आधार पर विश्लेषण की तकनीक है। मैंने एक छोटी रिसर्च टीम तैयार की और आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस की मदद से कैंसर की जल्द पहचान करने में सक्षम एक डिवाइस बनाई।
देश में सिर्फ 66 महिलाएं ही ब्रेस्ट कैंसर से बच पाती है
स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, देश में 1 लाख महिलाओं में से 26 ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित हैं। यह देश में सबसे तेजी से बढ़ता कैंसर है। इधर, लेन्सेट की रिपोर्ट कहती है कि भारत में 60% मामलों में कैंसर समय पर डायग्नोज ही नहीं हो पाता। इस वजह से 66% महिलाएं ही सर्वाइव कर पाती हैं, जबकि विकसित देशों में 90% तक महिलाएं इस कैंसर से लड़कर ठीक हो जाती हैं। इस स्थिति में बदलाव लाने के लिए बेंगलुरू की एक आईटी प्रोफेशनल संघर्ष कर रही हैं।
(साभार – दैनिक भास्कर)
कोरोनावायरस के कारण अजलान शाह टूर्नामेंट टला, अब सितंबर-अक्टूबर में होगा
कोरोनावायरस के कारण अजलान शाह हॉकी टूर्नामेंट की तारीख आगे बढ़ा दी गई है। यह टूर्नामेंट मलेशिया के इपोह शहर में 11 से 18 अप्रैल तक होना था। अब 24 सितंबर से 3 अक्टूबर के बीच होगा। चीन में कोरोनावायरस से 2912 लोगों की मौत हो गई। चीन के बाहर सबसे ज्यादा 4212 संक्रमण के मामले दक्षिण कोरिया में सामने आए। यहां 22 मौतें हुईं। मलेशिया में अब तक 29 संक्रमित मिले हैं।
यह टूर्नामेंट हर साल मलेशिया में होता है। पिछली बार दक्षिण कोरिया ने खिताब जीता था। उसने फाइनल में भारत को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से शिकस्त दी थी। टीम इंडिया ने 6 बार 1985, 1991, 1995, 2009 और 2010 यह खिताब जीता है।
कतर मोटोजीपी रेस रद्द
कोरोनावायरस के कारण ही कतर में होने वाली मोटोजीपी सीजन की पहली बाइक रेस रद्द कर दी गई। यह रेस 8 मार्च से राजधानी दोहा में होने वाली थी। मोटोजीपी का दूसरा राउंड थाईलैंड में 22 मार्च को आयोजित होना है। इंटरनेशनल मोटरसाइकिलिंग फेडरेशन (आईएमएफ) ने कहा, ‘‘इटली, कतर सहित कई देशों के बीच यात्रा प्रतिबंधों के कारण लोसैल सर्किट पर होने वाली रेस नहीं होगी। हालांकि, मोटो-2 और मोटो-3 वर्ल्ड चैम्पियनशिप रेस तय समय पर ही होगी। इसके लिए सभी टीमों के राइडर्स पहले ही पहुँच चुके हैं।
माधुरी कनितकर देश की तीसरी महिला ले. जनरल बनीं, पति राजीव पहले से इसी रैंक पर
पहले लेफ्टिनेंट जनरल दम्पति होने का गौरव भी है
नयी दिल्ली : सेना में महिलाओं को कमांड पोस्टिंग देने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद गत शनिवार को मेजर जनरल माधुरी कनितकर को लेफ्टिनेंट जनरल की रैंक के लिए प्रमोशन दे दिया गया। इससे साथ ही कनितकर पति-पत्नी सेना में लेफ्टिनेंट जनरल की रैंक पाने वाले पहले दंपती बन गए हैं। माधुरी के पति राजीव भी भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट जनरल हैं। माधुरी कनितकर भारतीय सशस्त्र बलों में लेफ्टिनेंट जनरल रैंक तक पहुंचने वाली तीसरी महिला अधिकारी हैं।
माधुरी शिशु रोग विशेषज्ञ हैं। वह पिछले 37 साल से सेना में कार्यरत हैं। पिछले साल उनका चयन लेफ्टिनेंट जनरल पद के लिए हुआ था। लेफ्टिनेंट जनरल कनितकर ने नई दिल्ली में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ के तहत डिप्टी चीफ, इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ (डीसीआइडीएस) मेडिकल का कार्यभार संभाला। माधुरी कनितकर एएफएमसी में टॉपर रही हैं, वह प्रेसिडेंशियल मेडल से भी नवाजी गयीं।
इससे पहले दो महिलाओं को मिली कमांड पोस्ट
सशस्त्र बलों में सबसे पहले नौसेना में वाइस एडमिरल डॉ. पुनीता अरोड़ा को यह उपलब्धि हासिल हुई थी। वायुसेना की महिला एयर मार्शल पद्मावती बंदोपाध्याय इस पद पर पहुंचने वाली दूसरी महिला हैं। इनके बाद माधुरी कनितकर को लेफ्टिनेंट जनरल बनाया गया है। माधुरी कनितकर एएफएमसी में टॉपर रही हैं। वह प्रेसिडेंशियल मेडल से भी नवाजी गईं। वह एम्स से पोस्ट ग्रेजुएट हैं। वह प्रधानमंत्री के वैज्ञानिक और तकनीकी सलाहकार बोर्ड की सदस्य भी हैं।
शादी का कार्ड छापने वाले और कैटरर को देना होगा वर-वधू की उम्र का सबूत
राँची : बाल विवाह पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने नई पहल की है। इसके तहत शादी के कार्ड छापने वाले और कैटरिंग करने वालों को रजिस्टर रखना करना होगा। इसमें वर-वधू की उम्र का सबूत होगा। इसके अलावा मैरिज होम संचालक को भी आयु प्रमाणपत्र लेना होगा। इससे पहले से ही जानकारी हो जाएगी कि कहाँ बाल विवाह हो रहा है या नहीं। चाइल्ड लाइन के सिटी एडवाइजरी बोर्ड में चाइल्ड मैरिज रोकने डीडीसी अनन्य मित्तल ने जिला समाज कल्याण पदाधिकारी (डीएसडल्ब्ल्यूओ) सुमन सिंह को आदेश दिया। बोर्ड की बैठक में सीडब्ल्यूसी के चेयरमैन और सदस्यों और चाइल्ड लाइन से संबंधित लोगों ने कहा कि कई बार शादी के मौके पर ही कार्रवाई करने से अभिभावक के साथ नाबालिग को भी सामाजिक ताने सुनने पड़ते हैं।
24 बाल विवाह के मामले आए सामने
रांची जिले में बीते 10 माह में 24 बाल विवाह के मामले सामने आए हैं। जिला बाल संरक्षण यूनिट (डीसीपीयू) के आंकड़ों के अनुसार अप्रैल 2019 से जनवरी 2020 तक 24 बाल विवाह के मामलों में सबसे ज्यादा 7 मामले जून में आए थे। जबकि, इस वर्ष जनवरी में दो मामले आए हैं। वहीं, बीते 10 माह में 223 मामले रांची सीडब्ल्यूसी के सामने तस्करी के आ चुके हैं। जबकि, 10 माह में पोस्को के 74 मामले आए हैं। मई और सितंबर में पोस्को के 9-9 मामले आए थे, जबकि इस वर्ष जनवरी में 6 मामले आए।
मारिया शारापोवा अब आर्किटेक्चर की पढ़ाई करेंगी या अपना कैंडी बिजनेस बढ़ाएंगी
न्यूयॉर्क (क्रिस्टोफर क्लेरे) : पिछले हफ्ते मारिया शारापोवा का एग्जिट इंटरव्यू लेते समय उनसे पूछा गया कि क्या अब वे कोचिंग देंगी? 6 फीट 2 इंच लंबी शारापोवा कुछ देर के लिए रुकीं और कहा- नहीं। उन्होंने वापसी के रास्ते भी बंद कर दिए हैं। आमतौर पर महिला टेनिस में खिलाड़ी अलविदा कहने के बाद वापसी कर लेती हैं। तीन बच्चों की मां 36 साल की किम क्लिस्टर्स ने हाल ही में कोर्ट पर वापसी की। वे 7 साल से ज्यादा समय से कोर्ट से दूर थीं।
23 ग्रैंड स्लैम चैंपियन सेरेना विलियम्स दो साल की बेटी की मां हैं और रिकॉर्ड 24वें ग्रैंड स्लैम की तलाश में हैं। लेकिन शारापोवा का वापसी का कोई इरादा नहीं हैं। पूछने पर बताती हैं- नहीं, मैंने सभी को वादा किया है कि वापसी नहीं करूंगी। रूस की शारापोवा ने 26 फरवरी को 32 साल की उम्र में टेनिस को अलविदा कह दिया था। वे संन्यास लेने वाली दूसरी युवा सुपरस्टार हैं। शारापोवा कहती हैं, ‘हर खिलाड़ी के हालात अलग-अलग होते हैं। हर खिलाड़ी की जिंदगी में चीजें अलग-अलग तरह से चल रही होती हैं। खासतौर पर महिला खिलाड़ियों की जिंदगी में। सेरेना भी कुछ समय के लिए दूर हुईं थीं। लेकिन उनकी वापसी में परिवार ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई। सिर्फ वही हैं जो 24 ग्रैंड स्लैम का रिकॉर्ड तोड़ सकती हैं।’ उनका कहना है, ‘मुझे नहीं पता कि माँ बनने के बाद खिलाड़ी दोहरी जिम्मेदारी कैसे निभा लेते हैं। मैं कभी माँ बनने के बाद खुद को खेलते हुए नहीं देख सकती। आपको बच्चों के लिए समय नहीं मिल पाता। मैं ऐसा इसलिए कह रही हूं क्योंकि मैं अपनी माँ येलेना से दो साल दूर रही हूं। जब मैं 6 साल की उम्र में पिता यूरी के साथ रूस से अमेरिका आई थी, तब वीसा संबंधी दिक्कतों के कारण मां हमारे साथ नहीं आ सकी थीं। मेरा मानना है कि भगवान ने सभी के लिए कुछ न कुछ अच्छा सोच रखा होता है। इसलिए हमें ज्यादा प्लानिंग नहीं करनी चाहिए। हम योजनाएं बनाते रहते हैं और भगवान हंस रहा होता है, क्योंकि वह तो हमारे लिए कुछ सोच चुका है।’
डोपिंग के कारण शारापोवा पर दो साल का बैन लगा था। तब उन्हें ड्रग चीट और शाराडोपा तक कहा गया था। इस बारे में शारापोवा का कहना है, ‘वह समय काफी खराब था। लेकिन मैंने पूरी ईमानदारी से उस मामले में अपनी बात रखी थी। जब मैंने वापसी की, उस समय सभी ने वैसा ही प्यार बनाए रखा, जैसा पहले करते थे।’ शारापोवा 17 साल की उम्र में उस समय ग्लोबल स्टार बनी थीं, जब उन्होंने 2004 विंबलडन फाइनल में नंबर-1 सेरेना को हराया था। उसके बाद वे ब्रॉन्ड बन गई थीं। फोर्ब्स के अनुसार, वे लगातार 11 साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली महिला खिलाड़ी थीं। 2015 में उनकी कमाई 30 मिलियन डॉलर (करीब 216 करोड़ रुपए) थी।
शारापोवा का कहना है, ‘मेरी जिंदगी में बिजनेस के साथ-साथ कई चीजें हैं, जो अब करूंगी।’ शारापोवा दो साल से ब्रिटेन के बिजनेसमैन एलेक्जेंडर गिलकेस को डेट कर रही हैं। एलेक्जेंडर ऑनलाइन ऑक्शन साइट के फाउंडर हैं। शारापोवा कहती हैं, ‘एलेक्जेंडर का मेरी लाइफ में पॉजिटिव प्रभाव पड़ा है। मैं खुश हूं कि वे मेरे साथ हैं। पहले वे मेरी व्यस्त जिंदगी को देखकर ‘हरिकेन मारिया’ कहते थे। लेकिन अब मैं उन्हें भी ज्यादा से ज्यादा समय दे सकूंगी।’
बड़ी कंपनियों से एंडोर्समेंट डील आगे भी जारी रहेगी
शारापोवा अपने एजेंट मैक्स एसिनबड से सलाह लेती हैं। मैक्स कहते हैं, ‘रिटायरमेंट के बाद भी शारापोवा की नाइकी, इवियन और पोर्शे से एंडोर्समेंट डील जारी रहेगी। उनकी रुचि आर्किटेक्चर की पढ़ाई में है। वे अपनी कैंडी कंपनी ‘शुगरपोवा’ को आगे बढ़ाने पर भी फोकस करेंगी। वे जल्द ही बिजनेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेंगी।
जीएसटी हेल्पडेस्क के लिए नया टोल-फ्री नंबर शुरू, 12 भाषाओं में मिलेगी जानकारी
नयी दिल्ली : गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स नेटवर्क (जीएसटीएन) ने जीएसटी हेल्पडेस्क के लिए एक नया टोल-फ्री नंबर ‘1800 103 4786’ शुरू किया है। इस इनडायरेक्ट टैक्स से जुड़े सवालों या समस्या के समाधान के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। यह टोल-फ्री नंबर 365 दिन काम करेगा।
इस पर सुबह नौ बजे से शाम नौ बजे तक कॉल किया जा सकता है। नए टोल-फ्री नंबर की शुरुआत के साथ जीएसटी हेल्पडेस्क के रूप में काम कर रहे पुराने नंबर 0120-24888999 को सेवा से हटा दिया गया है। जीएसटीएन ने एक बयान में यह जानकारी दी। इसके मुताबिक जीएसटी हेल्पडेस्क के सिस्टम को और बेहतर और पारदर्शी बनाया गया है। इसके साथ ही टैक्सपेयर्स की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नए फीचर्स लॉन्च किए गए हैं।
इस हेल्पडेस्क पर अब 10 और नई भाषाओं में जानकारी ली जा सकती है। अब तक जीएसटी हेल्प डेस्क पर सिर्फ हिन्दी और अंग्रेजी में ही जानकारी मिलती थी। अब बंगाली, मराठी, तेलुगू, तमिल, गुजराती, कन्नड़, ओडिया, मलयालम, पंजाबी और असमी भाषा में भी आप जीएसटी हेल्पडेस्क एजेंट से बात कर सकेंगे।




