Tuesday, March 24, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 796

स्त्री को अपने साथ हर स्त्री के सम्मान के लिए लड़ना होगा

1

बहुत बातें होती हैं स्त्री को मजबूत बनाने के लिए। आज तो पहले से भी ज्यादा, स्त्रियों वाला महीना आ गया है न। अचानक महसूस होने लगता है कि स्त्रियाँ न हो संसार में कुछ भी न बचे, बात तो सच भी है मगर क्या खुद स्त्री इस बात को जानती है कि वह कितनी महत्वपूर्ण है।

स्त्री अब भी एक कहानी है, बाजार का हिस्सा है, उसके बहाने न जाने कितनी चीजें खरीदी और बेची जा रही हैं मगर हर बातचीत का सिरा एक ही जगह पर अटक जाता है – उसका शरीर और उसकी खूबसूरती। शायद यह समाज ही चाहता है कि स्त्री भूल जाए कि वह एक दिमाग भी रखती है या फिर वह असुरक्षा की ऐसी जंजीर से बँध गयी है कि उसकी सोच का एक जरूरी हिस्सा खूबसूरत दिखने और लगने में खर्च हो जाता है और वह भी अपने लिए नहीं बल्कि एक पुरुष के लिए, जो उसे नियंत्रित करता है और अपने अहंकार को तृप्त करता है।

क्या यही असुरक्षा नहीं है कि वह दूसरी स्त्री की शत्रु बन जाती है या सुन्दरता उसकी वह कमजोर नस बना दी गयी है जिसे दबाकर अक्सर पुरुष अपने पौरुष को सहलाता है? प्रेम अगर स्त्री से हो तो वह भी उसके सौंदर्य और उसकी कामुकता पर अटक जाता है और साहित्य से लेकर गीतों तक में शायद यही कारण है कि दिमाग और सोच रखने वाली स्त्री नजर नहीं आती।

अगर हिंसा होती है तो पहला वार उसके चेहरे पर होता है और इसका अंत उपभोग की वस्तु बनाने पर होता है। द्रोपदी और सीता के बाल ही पहले खींचे गए थे, तमिलनाडु में जयललितता और बंगाल में ममता बनर्जी के बाल ही खींचे गए मगर इन सभी घटनाओं ने इतिहास को पलटकर रख दिया। स्त्री विरोध करे तो उसके साथ यौन हिंसा की धमकी दी जाती है।

 

अब गुरमेहर का मामला लीजिए, मैं उसके कथन से सहमत नहीं हूँ मगर क्या हमारा स्तर इतना गिर गया है कि असहमति का उत्तर यौन हिंसा और बलात्कार और सम्भोग की धमकियों से दिया जाए?  निश्चित रूप से देशभक्ति का स्तर इतना नीचे तो नहीं गिरना चाहिए कि भारत माँ की बेटी को आप ऐसी घटिया धमकियाँ दें।

मत भूलिए, आप भारत को भी माता ही कहते हैं और कोई माँ यह बर्दाश्त नहीं करेगी कि उसकी बेटी को उसके नाम पर बलात्कार की धमकी मिले। गुरमेहर महज 20 साल की बच्ची है, उसका तर्क गलत है मगर वह कहाँ गलत है, यह समझाने की जरूरत है।

अगर आप उसे समझाने में सक्षम होते तो इन धमकियों की जरूरत नहीं पड़ती। मैं गुरमेहर से असहमत हूँ मगर एक स्त्री और एक भारतीय होने के नाते आपकी धमकियों का समर्थन मैं नहीं कर सकती। शर्म कीजिए जो आप एक 20 साल की बच्ची पर अपनी मर्दानगी दिखाने चले हैं।

जो पुरुष यौन हिंसा को अपनी मर्दानगी का नाम देते हैं, दरअसल, वे हारे हुए होते हैं और उनका पौरुष हमेशा स्त्री की देह के सामने हार मान जाता है और वहीं दम तोड़ देता है मगर माफ कीजिएगा, यह पुरुष होने का नहीं, आपकी कमजोरी का प्रतीक है क्योंकि वास्तविक अर्थों में पुरुष भी स्त्री की तरह ही संवेदनशील है और वह हिंसा नहीं करता बल्कि स्त्री का सम्मान करता है।

स्त्री अगर प्रेम को स्वीकार न करे तो भी वह उसकी इच्छा का सम्मान करता है, उसके चेहरे पर एसिड नहीं फेंकता और न ही उसे बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया को हथियार बनाता है। दरअसल, दम्भ से भरा पौरुष वह मानसिकता है जो स्त्री को सम्पत्ति और भोग्या समझती आ रही हैं और इन मानसिकता की परवरिश हमारे साहित्यकारों और फिल्मकारों ने की है। निश्चित रूप से इनमें से अधिकतर पुरुष ही हैं मगर जब स्त्री खुद को आलू, झंडू बाम और तंदूरी मुर्गी समझकर उस पर थिरकने लगे तो आप दोषी किसे मानेंगे? धारावाहिकों में स्त्री पुरुष का मोहरा मात्र बनती है। तर्क का जवाब तर्क हो सकता है, बलात्कार की धमकी नहीं। निश्चित रूप से ऐसा लिखने की घटिया हरकत जिसने की है, स्त्री उसके परिवार में भी होगी किसी न किसी रूप में।

क्यों नहीं एक स्त्री सबसे पहले अपने बच्चों को यह सिखाती कि वह दूसरी स्त्रियों का भी सम्मान करे। हमारी शिक्षित और ग्लैमरस नायिकाएं क्यों नहीं आइटम गीतों को न करना सीख रही हैं जबकि उनको भी पता है कि ऐसे गीतों से आम लड़की का जीवन दूभर हो सकता है। सम्मान माँगने से नहीं मिलता, उसे प्राप्त करना पड़ता है और उसे प्राप्त करने के लिए जरूरी है कि आप अपनी ही नहीं, दूसरी स्त्री के सम्मान की लड़ाई लड़ें, शायद तब हमारी लड़ाई आसान हो जाए। बहरहाल स्त्री वाले एक महीने में महिला दिवस की शुभकामनाएं मगर अभी लम्बी राह  चलनी है, याद रहे।

बिहार की नेहा बनीं मिसेज इंडिया इंटरनेशनल

0

 ये बात सच है कि शादी के बाद करियर और परिवार के बीच तालमेल बिठाना जरा मुश्किल होता है। खासतौर से अगर आप कॅरियर मॉडलिंग और फैशन की दुनिया में बनाना चाहती हैं तो चुनौतियां और भी बढ़ जाती हैं पर जज्बा और आत्मविश्वास हो तो कुछ भी असंभव नहीं है। बिहार की रहने वाली नेहा गुप्ता की कहानी भी आत्मविश्वास और जज़्बे की एक ऐसी ही कहानी है। नेहा गुप्ता दरअसल, बिहार के एक छोटे से शहर जमालपुर से ताल्लुक रखती हैं। नेहा पेशे से एक डेंटल सर्जन हैं और फिलहाल वो पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री में मास्टर्स कर रही हैं। उनकी शादी एक आर्मी डॉक्टर से हुई, जो बाल चिकित्सक भी हैं. शादी के बाद नेहा और उनके पति लखनऊ में रहते हैं।शादी के बाद ब्यूटी कॉन्टेस्ट में हिस्सा लेने के लिए नेहा ने कड़ी मेहनत तो की, पर नेहा को उनके पति और परिवार का भी पूरा साथ मिला और इसी का नतीजा है कि नेहा ने मिसेज इंडिया इंटरनेशनल का खिताब जीत लिया।

हिजाब पहन सुपरबाइक चलाती है रोशनी

0

 

आमतौर पर आपने लड़ियों को स्कूटी या गाड़ी चलाते हुए देखा होगा, लेकिन आज हम आपको उस लड़की से मिलवाने जा रहे हैं जो कि हिजाब पहने सड़कों पर स्पोर्ट्स बाइक दौड़ाती है। यह लड़की है जामिया मिलिया इस्लामिया में पढ़ने वाली रोशनी मिसबाह।

वैसे तो आजकल कई लड़कियां ऐसी हैं जो स्कूटी को छोड़कर बाईक चलाना काफी पसंद करती हैं और चलाती भी हैं लेकिन क लेदर जैकेट, जीन्स, हाई हील बूट के साथ सिर पर हिजाब पहने रोशनी जब अपनी बाईक पर निकलती है तो सबकी निगाह उसी पर होती हैं।

रोशनी इनदिनों काफी चर्चा में है। खास बात यह है कि रोशनी बाइक चलाने के साथ-साथ पढ़ाई में नंबर वन भी हैं। रोशनी का कहना है कि जब वो नौवीं क्लास में बाइक थामी थीं तब उन्होंने पहली बार बाइक थामी थी। इसके लिए रोशनी के पापा ने रोशनी का पूरा सपोर्ट किया है। इसके अलावा रोशनी का यह भी कहना है कि उन्हें समाज, दोस्तों और परिवार से खूब सपोर्ट मिल रहा है।

 

इस लोक सभा सदस्य ने इस गांव को गोद लेकर इसकी सूरत बदल दी

0

 गुजरात का चीखली गांव एक साल पहले तक पानी और जरूरी सुविधाओं के लिए तरसता था, लेकिन अब वह आदर्श गांव बनने की राह पर बढ़ चला है। महज एक साल के भीतर यहां सभी 450 घरों में पानी के नल के कनेक्शन लग गए हैं। हर घर में शौचालय भी है। सड़कों पर सीसीटीवी कैमरे लग चुके हैं। जिले का पहला रिवरफ्रंट भी तैयार हो चुका है।

 नवसारी जिले के इस गांव के कायापलट के पीछे यहां के भाजपा सांसद सीआर पाटिल की बड़ी भूमिका है। पाटिल ने एक साल पहले चीखली गांव को गोद लिया था। इसके बाद यह गांव विकास की राह पर सरपट दौड़ पड़ा। पाटिल के प्रयासों से महज एक साल में इस गांव पर तीन करोड़ रुपए खर्च किए जा चुके हैं। इसके अलावा करीब ढाई करोड़ रुपए ग्राम पंचायत ने खर्च किए। नतीजा यह रहा कि जो गांव पहले खराब सड़क की वजह से आसपास से कटा रहता था। अब वह नजदीकी गांवों के साथ-साथ जिला मुख्यालय से पक्की सड़क से जोड़ा जा चुका है। सड़क के किनारों पर ब्लॉकिंग की गई है ताकि कीचड़ न हो।
गांव की सरपंच ज्योति बेन ने बताया कि गांव के विकास में पर्यावरण का खास ध्यान रखा गया है। सीवेज का गंदा पानी नदी में न जाए, इसके लिए फिल्टर प्लांट लगाया गया है। गांव और सड़क के किनारे पौधारोपण किए गए हैं। शवों को जलाने के लिए इलेक्ट्रिक मशीन लगाई गई है। आंगनवाड़ी में आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
ऐसे मिला गांव को नया रूप:
– 20 लाख खर्च से 450 घरों में लगाए गए नल के कनेक्शन।
– 172 शौचालय बनवाए गए 2 लाख रुपए खर्च कर।
– 10 लाख खर्च कर लगवाए गए दर्जनों सीसीटीवी कैमरे।
– 06 लाख खर्च कर किया गया पौधारोपण।
– 20 लाख खर्च किए गए स्वच्छता के लिए।
– 20 लाख खर्च कर बनाया रिवरफ्रंट।

कम्प्यूटर पर लगातार काम करना है, तो रहे ध्यान

0

लगातार कंप्यूटर पर काम करने से अंगुलियों में दर्द होने लगता है। माउस को स्क्रॉल करने से सबसे ज्यादा असर अंगुलियों पर पड़ता है। ऐसे में लोगों को समझ नहीं आता कि क्या किया जाए। अगर आपके साथ भी यह समस्या रहती है तो हाथों और अंगुलियों की ये कसरत आपको आराम दिला सकती हैं।

हाथों में दर्द होने पर आप कसकर मुट्ठी बांधें जिससे हथेली और अंगुलियों की जकड़न खुल जाए। इसके लिए अंगूठे को अंदर करके मुट्ठी बनाएं और 30 से 60 सेकेंड के लिए उसे कसें। अब हाथ को ढीला छोड़ दें। लगातार चार बार इसे दोहराएं।

लिखते-लिखते भी अंगुलियों में दर्द होने लगता है। इसके लिए हाथ को सीधा रखें और अंगूठे से हर अंगूली को ऐसे मिलाएं की ‘O’ बन जाए। इसे 30 से 60 सेकेंड तक करें। कम से कम चार बार इस प्रक्रिया को दोहराएं।

टाइपिंग करते-करते अगर अंगुलियों में दर्द होने लगे तो मेज पर अपना हाथ रखें और एक-एक करके अपनी अंगुलियों को उठाएं और नीचे कर दें। आप चाहें तो इन्हें एक साथ भी उठा सकते हैं। इसे 8 से 12 बार कर सकते हैं।

अगर माउस चलाते-चलाते अंगुलियां दर्द करने लगी हैं तो हाथ को मेज पर रखकर अंगुलियों को स्ट्रेच करने से आराम मिलेगा। इसके लिए हाथ को मेज पर सीधा रखें और अंगुलियों पर बल देते हुए स्ट्रेच करें। 30 से 60 सेकेंड तक इसी अवस्था में रहें। अब हाथ को ढीला छोड़ दों और लगातार चार बार इसे दोहराएं।

हथेली में दर्द होने पर उसे स्ट्रेच करने से फायदा होगा। हथेली को स्ट्रेच करने के लिए सबसे पहले हथेली को मुंह के सामने सीधा रखें और अंगुलियों के ज्वाइंट से हथेली की ओर मोड़ें। ऐसे हथेली आधी खुली मुट्ठी की तरह हो जाएगी। 30 सा 60 सेकेंड तक इसी तरह रहें। इसे भी लगातार चार बार करें।

अंगूठे की मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए हाथ को मेज पर सीधा रखें। अंगुलियों को हल्के रबर बैंड से बांध लें यानी जितना हो सके अंगूठे को अंगुलियों से दूर रखें। 30-60 सेकेंड तक अंगूठे को अंगुलियों से दूर खीचें। इसे आप एक बार में 10 से 15 बार कर सकते हैं।

 

मेरी बच्ची अब मेरी प्राथमिकता है: रणविजय

0

लोकप्रिय टीवी प्रस्तोता एवं अभिनेता रणविजय सिंह ने कहा है कि एक पिता के तौर पर वह अपनी पूरी उर्जा और ध्यान अपनी नवजात बच्ची पर लगा रहे हैं और वही उनके जीवन की प्राथमिकता बन गई है। अभिनेता इस साल की शुरआत में पिता बने जब उनकी पत्नी प्रियंका वोहरा ने एक बच्ची को जन्म दिया। जब उनसे पूछा गया कि पिता बनने के बाद क्या बदला है तो उन्होंने बताया कि ‘‘मैं अब ज्यादा काम नहीं लेना चाहता हूं, जो कि एक अजीब बात है। मैं जैसे ही काम से छूटता हूं, चाहता हूं कि जल्द से जल्द अपने बच्चे से मिलने लंदन चला जाउं। मैं वहां समय बिताना चाहता हूं। मेरी जिंदगी में इससे बड़ी खुशी कुछ भी नहीं है और बच्ची से ज्यादा कोई मायने नहीं रखता।’’ 33 साल के अभिनेता ने कहा कि वह हमेशा से अधिक काम करने वाले रहे हैं लेकिन ‘‘अब मेरी सारी उर्जा और ध्यान इस बात पर रहता है कि वह अच्छे से सोई है या नहीं। वह दूध पी रही है या नहीं। तकनीक की वजह से मैं फेसटाइम और अन्य तरह की चीजें करता हूं और संपर्क में रहता हूं।’’ रणविजय अब एमटीवी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘रोडीज’ के 14वें सीजन की तैयारी कर रहे हैं जिसके वह प्रस्तोता एवं जज हैं।

 

भारत के लिए दाखिला कार्यक्रम आरंभ करेगा कैंब्रिज

0

ब्रिटेन का प्रतिष्ठित कैंब्रिज विश्वविद्यालय ने इस साल ब्रिटेन-भारत संस्कृति वर्ष उत्सव के तहत भारत के लिए नया दाखिला कार्यक्रम शुरू करने की योजना पेश की है। भारत के तीन पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू, राजीव गांधी और मनमोहन सिंह ने कैंब्रिज से पढ़ाई की है। कैंब्रिज ने इस सप्ताह एलान किया गया कि संस्थान के दाखिले से संबंधित कर्मचारी भारत का दौरा करेंगे और मुंबई, बेंगलुरू एवं दिल्ली में छात्रों से मुलाकात करेंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘‘शिक्षाविदों की एक टीम दाखिले के मकसद से साक्षात्कार करने के लिए भारत का दौरा करेगी ताकि आवेदनकताओं को हमारी आवेदन प्रक्रिया के लिए ब्रिटेन का दौरा करने की जरूरत नहीं होगी।’’ यह एलान उस वक्त किया गया जब कैंब्रिज विश्वविद्यालय के कुलपति लेसजेक बोरीसेविक्ज ने अपनी भारत यात्रा के दौरान इस बात पर जोर दिया कि यह विश्वविद्यालय ‘भारत से बेहतरीन और होनहार छात्रों’ को आकषिर्त करने को लेकर प्रतिबद्ध है।

 

नौंवी के छात्र ने गांव में खोली लाइब्रेरी

0

जब बच्चे किताबों और खेल के मैदानों से दूर होते जा रहे हैं तब एक ग्रामीण छात्र ने गांव में पुस्तकालय खोल कर एक नई पहल की है। यह पहल पिथौरागढ़ जिले के देवलथल क्षेत्र से लगभग तीन किमी दूर पथरौली गांव में हुई है। इसमें छात्र का जनप्रतिनिधि और ग्रामीणों ने भी सहयोग किया है। पथरौली गांव निवासी और राजकीय इंटर कॉलेज देवलथल के कक्षा नौवीं के छात्र राहुल चंद्र बड़ की पहल पर गांव में पुस्तकालय की स्थापना की गई है। पुस्तकालय में साहित्यिक पुस्तकों के अलावा बाल साहित्य, प्रतियोगी साहित्य, बाल साहित्य के अलावा कई पत्रिकाएं भी पुस्तकालय में रखी गई हैं। जीआईसी देवलथल में सामाजिक विज्ञान के अध्यापक महेश पुनेठा ने बताया कि बुधवार 15 फरवरी को पथरौली के ग्राम प्रधान हरीश चंद्र बड़ से पुस्तकालय का उद्घाटन करवाया गया। पुस्तकालय के लिए ग्राम प्रधान के भाई जगदीश चंद्र बड़ ने कमरा और फर्नीचर उपलब्ध करवाया है। पुनेठा के मुताबिक शुरुआत में जन सहयोग और उनके पुस्तकालय से 50 किताबें और कुछ पत्रिकाएं रखी गई हैं। कहा कि अभी पुस्तकालय के लिए किसी भी प्रकार का कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है। बताया कि पुस्तकालय के सफल संचालन के लिए छात्रों की एक संचालन समिति का भी गठन किया गया है। इसका अध्यक्ष राहुल को ही बनाया गया है। महेश पुनेठा ने बताया कि राहुल सें प्रेरित होकर उसैल गांव में नौंवी के ही श्वेता पांडे और विजय पांडे ने एक और पुस्तकालय की शुरुआत कर दी है। इसमें उन्हें गांव के बुजुर्गों ने सहयोग किया है। उन्होंने बताया कि छात्र राहुल विद्यालय में होने वाली कई रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ा है। पढ़ाई में अव्वल होने के साथ ही राहुल अच्छा वक्ता भी है। उसने  बताया कि वह विज्ञान में रुचि रखने के साथ ही विद्यालय की मासिक दीवार पत्रिका ‘कल्पना’ का भी संपादन करता है। आजकल गांव के पढ़ने का माहौल कम होता जा रहा है। इसी कारण मेरे मन में गांव में पुस्तकालय खोलने का विचार आया। जब गांव में प्रधान और अन्य लोगों से बातचीत की तो उन्होंने सहयोग किया। गांव में पुस्तकालय खुलने से ग्रामीणों और विद्यार्थियों में साहित्य के प्रति रुचि पैदा होने के साथ ही गांव में रचनात्मक गतिविधियां बढ़ने की भी उम्मीद है। इसके अलावा पुस्तकालय में रखा गया साहित्य पढ़ने से गांव में फैलने वाली कुरीतियों को रोकने में भी मदद मिलेगी।

 

चार देशों के 14 लाख बच्चे भुखमरी की कगार पर : यूनिसेफ

0

संयुक्त राष्ट्र की बच्चों पर काम करने वाली एजेंसी का कहना है कि नाइजीरिया, सोमालिया, दक्षिणी सूडान और यमन में इस साल गंभीर कुपोषण से पीड़ित लगभग 14 लाख बच्चों की भुखमरी से मौत हो सकती है।
पिछले करीब दो साल से युद्धग्रस्त यमन में 462,000 बच्चे गंभीर कुपोषण से पीड़ित हैं, जबकि पूर्वोत्तर नाइजीरिया में 450,000 बच्चे गंभीर रूप से कुपोषण के शिकार हैं।
अकाल की पूर्व चेतावनी जारी करने वाली प्रणाली फ्यूज नेट का कहना है कि नाइजीरिया के बोरनो राज्य के दूरदराज के कुछ इलाके पिछले साल से ही भुखमरी से प्रभावित हैं और आपदा आगे भी जारी रखने की आशंका है, क्योंकि सहायता एजेंसियां जरूरतमंद लोगों तक पहुंचने में असमर्थ हैं।
यूनिसेफ की एजेंसी ने कहा कि सूखे के कारण सोमालिया के 1,85,000 बच्चे भुखमरी के कगार पर पहुंच गये हैं, जबकि अगले कुछ महीनों में यह आंकड़ा बढ़कर 270,000 तक पहुंचने की आशंका है।
इसी प्रकार दक्षिणी सूडान में 270,000 से ज्यादा बच्चे कुपोषित हैं और यहां उत्तर के कुछ संघीय राज्यों में पहले से अकाल घोषित किया जा चुका है। इस क्षेत्र में 20,000 बच्चे हैं।
यूनिसेफ के निदेशक एंथनी लेक ने त्वरित कार्रवाई की अपील की है। उन्होंने कहा, ‘‘हम अभी भी बहुत से लोगों की जान बचा सकते हैं।’’ बोको हराम के उग्रवादियों के साथ संघर्ष के कारण उत्पन्न मानवीय संकट के बारे में अंतरराष्ट्रीय समुदाय का ध्यान खींचने के लिए संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद् के राजदूत अगले माह उत्तरी नाइजीरिया, कैमरून, चाड और नाइजर की यात्रा करने जा रहे हैं

 

सीआरपीएफ में रसोइए कहलाएंगे शेफ, नाई हो जाएंगे हेयर स्टाइलिस्ट

0

केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में धोबी, सफाई कर्मचारी, माली और मोची को जल्द नया अंग्रेजी पदनाम दिया जाएगा। इसके तहत रसोइए को शेफ तो नाई को हेयरस्टाइलिस्ट कहा जाएगा। नामकरण के इस नए रूप का सुझाव सरकार की तरफ से दिया गया था। मिस्त्री को आटोमोटिव मेकेनिक कहा जाएगा, माली को गार्डनर या हॉर्टिकल्चरिस्ट और सफाई कर्मचारी हाउस कीपर कहलाएंगे। रसोई में काम करने वाले मसालची, कहार और पानी ले जाने वाले को अब सहायक शेफ के तौर पर जाना जाएगा।

इसके अलावा अर्धसैनिक बल में धोबी को लॉन्ड्रीमैन तो चौकीदार को सुरक्षा सहायक और मोची को शू मेकर कहा जाएगा। सीआरपीएफ को इन बदलावों का सुझाव केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने कौशल विकास कार्यक्रम के तहत दिया था।

ये बदलाव दूसरे अर्धसैनिक बलों में भी

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘सीआरपीएफ में कार्यबल को मिलने वाला सम्मान बढ़ाने की उम्मीद में मंत्री चाहते थे कि चौकीदार, माली, मोची, सफाई कर्मचारी जैसे पदनाम हटाए जाएं।’
अधिकारी ने कहा, ‘उनके पद और काम की प्रकृति में यद्यपि कोई अहम बदलाव नहीं आएगा, लेकिन उनके पदनाम में बदलाव प्रस्तावित है। इसके साथ ही इस मामले में कोई वित्तीय बाध्यता भी नहीं हैं।’
ये बदलाव सीआईएसएफ, आईटीबीपी, बीएसएफ, एसएसबी और असम राइफल्स जैसे दूसरे अर्धसैनिक बलों में भी किया जाएगा।