नोबेल के शांति पुरस्कार विजेताओं के नाम की घोषणा कर दी गई है। नॉर्वे की कमेटी ने इस साल दो लोगों को इस पुरस्कार के लिए चुना है। जिनके नाम डेनिस मुक्वेगे और उनकी साथी नादिया मुराद हैं। नोबेल समिति की अध्यक्ष बेरिट रेइस एंडरसन ने यहां नामों की घोषणा करते हुए कहा कि इन दोनों को यौन हिंसा को युद्ध के हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने पर रोक लगाने के इनके प्रयासों के लिए चुना गया है। दोनों वैश्विक अभिशाप के खिलाफ संघर्ष के उदाहरण हैं। शांति का नोबेल पुरस्कार देने वाली समिति के अनुसार इस बार 216 व्यक्तियों और 115 संगठनों को नामित किया गया था।
प्रति वर्ष यह पुरस्कार उस शख्स या व्यक्ति को दिया जाता है जिसने विश्व शांति में अपना योगदान दिया हो या शांति के लिए कोशिश की हो। इस साल इस पुरस्कार के लिए कुल 331 लोग नामित किए गए थे। जो नामांकित व्यक्तियों की दूसरी सबसे बड़ी संख्या है जिसे शांति का नोबेल पुरस्कार दिया जाता है उसके नाम को गुप्त रखा जाता है। नामांकित किए व्यक्तियों में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग-उन, दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे-इन और पोप फ्रांसिस जैसी शख्सियतों का भी नाम शामिल था।
शांति पुरस्कार देने वाली संस्था ने ट्वीट कर कहा, 2018 नोबेल शांति पुरस्कार विजेता डेनिस मुक्वेगे ने युद्ध के समय यौन हिंसा के पीड़ितों की रक्षा करने के लिए अपना जीवन समर्पित किया है। उनकी साथी नादिया मुराद को भी इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, जिसने खुद और दूसरों के खिलाफ दुर्व्यवहार के बारे में जिक्र किया है।’
जानें कौन हैं डेनिस मुक्वेगे
डेनिस का जन्म 1 मार्च 1955 को पेंटोकोस्टल मंत्री के घर हुआ था। पेशे से गायनोकोलोजिस्ट 9 भाई-बहनों में वह तीसरे नंबर के हैं। उन्होंने बुकावू के पनजी अस्पताल में काफी काम किया है। यहाँ वह उन महिलाओं का इलाज करते थे जिनके साथ सुरक्षाबलों ने बलात्कार या सामूहिक दुष्कर्म किया होता था। दूसरे कांगों युद्ध के बाद उन्होंने ऐसी हजारों पीड़िताओं का इलाज किया है। वह 18 घंटे के दौरान लगभग 10 पीड़िताओं की सर्जरी किया करते थे। द ग्लोब एंड मॉल के अनुसार मुक्वेगे बलात्कार की चोटों को ठीक करने के लिए दुनिया के अग्रणी विशेषज्ञ हैं।
जानें कौन है नादिया मुराद
नादिया मुराद बसी ताहा का जन्म इराक के कोजो में 1993 में हुआ था। वह इराक की यजीदी मानवाधिकार कार्यकर्ता हैं। उन्हें आईएसआईएस ने अगवा करके तीन सालों तक बंधक बनाकर रखा था। मुराद नादिया अभियान की संस्थापक हैं। यह संस्था उन महिलाओं और बच्चों की मदद करती है जो नरसंहार, सामूहिक अत्याचार और मानव तस्करी के पीड़ित होते हैं। संस्था उन्हें अपनी जिंदगी दोबारा जीने और उन बुरी यादों से उबरने में मदद करती है।
यौन उत्पीड़न के खिलाफ लड़ने के लिए डेनिस मुक्वेगे-नादिया मुराद को शांति का नोबेल पुरस्कार
पृथ्वी शॉ : 22 गज जमीन पर कौंधती बिजली
नयी दिल्ली : राजकोट के बड़े से स्टेडियम में हजारों दर्शकों के सामने वेस्टइंडीज की टीम के खिलाफ सफेद पोशाक में पहली बार टेस्ट क्रिकेट में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने उतरा 18 बरस का एक सांवला सा लड़का आगे बढ़कर पहली गेंद खुद खेलने का हौसला दिखाए और मैदान के हर ओर बेहतरीन शॉट लगाकर शतक बनाए, तो लगता है कि भारतीय क्रिकेट को सचिन तेंदुलकर का उत्तराधिकारी मिल गया है।
पृथ्वी शॉ का नाम पिछले करीब आठ बरस से क्रिकेट के गलियारों में सुनाई दे रहा है। हालांकि उसने तीन बरस की उम्र में ही बल्ला थाम लिया था, जब उसका कद उन स्टंप्स से भी छोटा था, जिनके सामने खड़े होकर वह बल्लेबाजी किया करता था। आज यह आलम है कि उसके कद की तुलना दुनिया के बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ियों से की जा रही है।
पृथ्वी को करीब दस बरस पहले सचिन तेंदुलकर ने बल्लेबाजी करते हुए देखा था और आठ बरस के बच्चे का, गेंद को समझने और सही तकनीक के साथ पूरी ताकत से शॉट लगाने का अंदाज उन्हें इतना पसंद आया था कि उन्होंने उसी समय उसके भारत के लिए खेलने की भविष्यवाणी कर दी थी।
पृथ्वी के बेहतरीन खेल का ही चमत्कार है कि वह रिजवी स्प्रिंगफील्ड के लिए खेलता है, जो मुंबई की सर्वश्रेष्ठ स्कूल टीम है और वह शहर के प्रसिद्ध एमआईजी क्रिकेट क्लब में क्रिकेट की बारीकियां सीखता है। इस क्लब की प्रतिष्ठा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सचिन तेंदुलकर के पुत्र अर्जुन को भी इसी क्लब में कोचिंग दी जा रही है।
शॉ को इस बात का एहसास है कि उनके खेल में कुछ ऐसी बात है कि लोग उनकी तुलना सचिन तेंदुलकर से करते हैं। हाल ही में साव ने एक अखबार के साथ मुलाकात में कहा, ‘‘लोग मेरे पास आते हैं और कहते हैं कि उन्हें मुझमें सचिन तेंदुलकर का अक्स नजर आता है। वह क्रिकेट के भगवान से मेरी तुलना करते हैं। मेरे लिए यही ठीक है कि मैं इन बातों पर ध्यान दिए बिना अपनी बल्लेबाजी पर ध्यान दूं।’’
पृथ्वी शॉ का परिवार मूलतः बिहार के गया का रहने वाला है। उनके पिता पंकज शॉ बहुत पहले मुंबई के नजदीक विरार में आकर बस गए और छोटे से पृथ्वी की क्रिकेट में दिलचस्पी देखकर मात्र तीन बरस की उम्र में विरार की क्रिकेट अकादमी में उनका दाखिला करा दिया। पृथ्वी शॉ बहुत छुटपन में अपने दोस्तों और पिता के साथ जेडब्ल्यू मैरिएट के नजदीक बीच पर क्रिकेट खेलते थे। बाद में पृथ्वी को एक कंपनी के रूप में प्रायोजक मिला तो परिवार मुंबई चला आया।
महज चार बरस की उम्र में अपनी मां को खो देने वाले पृथ्वी के जीवन पर उनके पिता का बहुत गहरा असर है। उन्हें एक अच्छा इनसान बनाने के साथ ही एक बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी बनाने का सपना देखने वाले अपने पिता को पृथ्वी ने चार अक्टूबर को एक बेहतरीन तोहफा दिया जब उन्होंने अपने पहले ही मैच में सैकड़ा लगाकर खुद को सचिन तेंदुलकर की श्रेणी में खड़ा कर दिया। दरअसल वह सचिन के बाद टेस्ट क्रिकेट में सैकड़ा बनाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी हैं।
पेड न्यूज पर चुनाव आयोग सख्त, बनेगा मॉनिटरिंग रूम
भोपाल : चुनाव आयोग ने शनिवार को पांच राज्यों में होने वाले चुनावों की तारीखों का एलान कर दिया है। तत्काल प्रभाव से आचार संहिता लागू कर दी गई है। साथ ही निष्पक्ष चुनाव हो इसके लिए आयोग ने कमर भी कस ली है। चुनाव आयोग ने फैसला किया है कि न्यूज चैनलों पर प्रसारित हो रहीं खबरों पर पल-पल की नजर रखी जाएगी। जानकारी के मुताबिक इसके लिए मध्य प्रदेश में आयोग के दफ्तर में मॉनिटरिंग सेंटर सक्रिय हो गया है।
इस सिस्टम का पूरा मकसद चुनाव में पेड न्यूज पर रोक लगाना है। इसके लिए एक नोडल अधिकारी भी नियुक्त किया गया है। दफ्तर में कार्य करने वाले लोगों का काम न्यूज चैनल पर प्रसारित हो रही खबरों को देखना है कि कहीं किसी पार्टी या नेता द्वारा पेड न्यूज तो नहीं चलवाई जा रही है।
बता दें कि चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश सहित पांच राज्यों में होने वाले चुनावों की तारीखों का एलान कर दिया है। मध्य प्रदेश में पिछले 15 सालों से भाजपा सत्ता पर काबिज है। पिछले तीन चुनावों में भाजपा ने कांग्रेस को बुरी तरह हराया था। साल 2013 में हुए चुनाव में भाजपा ने कुल 230 सीटों में से 165 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि कांग्रेस को महज 58 सीटें ही मिली थीं। वहीं, बसपा ने 4 सीटों और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 3 सीटों पर कब्जा जमाया था। मध्य प्रदेश में 2 नवंबर को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। 9 नवंबर को नामंकन की आखिरी तरीख है। 12 को स्क्रूटनी और 14 नवंबर को नामंकन वापस लिया जाएगा। वहीं 28 नवंबर को यहां मतदान होगा और 11 दिसंबर को फाइनल नतीजे आएंगे।
नहीं रहे मशहूर वायलिन वादक बालाभास्कर
तिरूवनंतपुरम : कार हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के करीब एक सप्ताह बाद मशहूर वॉयलिन वादक बाला भास्कर का यहाँ एक निजी अस्पताल में मंगलवार सुबह निधन हो गया। वह 40 साल के थे। हादसा 25 सितंबर को हुआ था। उसमें भास्कर की दो वर्षीय बेटी की मौत हो गयी थी। घटना के समय भास्कर का परिवार त्रिशूर के एक मंदिर से पूजा करके लौट रहा था। पल्लीपुरम में उनकी कार एक पेड़ से जा टकरायी। भास्कर ने कॉलेज में अपनी सहपाठी लक्ष्मी से 22 साल की उम्र में शादी की थी । अस्पताल के सूत्रों ने पीटीआई भाषा से कहा, ‘‘भास्कर हृदयगति रुकने से 12 बजकर 56 मिनट पर चल बसे। उनकी न्यूरोसर्जरी हुई थी और वह जीवनरक्षक प्रणाली पर थे। उन पर दवाओं का असर होने लगा था।’ सोमवार को उनके दोस्त और गिटार वादक स्टीफन देवास्सी उनसे मिलने गये थे और भास्कर ने अपनी जीभ में थोड़ी हलचल की थी जिससे उम्मीद बंधी थी कि उनकी स्थिति सुधर रही है लेकिन गत सोमवार की रात को उनकी हृदयगति रुक गयी और वह चल बसे। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि लक्ष्मी को भास्कर की मृत्यु का समाचार नहीं दिया गया है। इसी कॉलेज में उन्होंने और उनकी पत्नी ने पढ़ाई की थी। केरल के मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन, वित्त मंत्री थॉमस इसाक और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने भास्कर को श्रद्धांजलि अर्पित की। भास्कर के निधन पर गायक के जे येशुदास,संगीतकार एम जयचंद्रन, विधानसभा में विपक्ष के नेमा रमेश चेन्निथला ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने भी ट्वीट कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा गायक-संगीतकार शंकर महादेवन, मलयालम फिल्म स्टार पृथ्वीराज और मलयालम फिल्म अभिनेता दुलकुर सलमान ने भी भास्कर के निधन पर शोक व्यक्त किया । भास्कर मलयालम फिल्मोद्योग में सबसे कम उम्र में संगीत निर्देशक बन गये थे। उन्होंने 17 साल की उम्र में ’‘‘मंगलय पल्लक’’ फिल्म के लिए संगीत रचा। उन्हें 2008 में बिस्मिल्लाह खान युवा संगीतकार पुरस्कार मिला था।
हर साल पत्नी को रिक्शा में बैठा 45 सौ किलोमीटर पैदल चल कर पहुँचते हैं वैष्णो देवी के दरबार
भोपाल : वैष्णोदेवी के मंदिर में लोग मुरादें पाते हैं.. रोते रोते आते हैं, हंसते हंसते जाते हैं..बात आज से 15 साल पहले की है। मध्यप्रदेश के अनूपपुर में रहने वाले यादव दंपती संतोष और प्रेमा संतान सुख से वंचित थे। संतान होती, पर जीवित न बचती। दुख और निराशा का घोर अंधकार घेरे चला था। उम्मीद की अंतिम किरण के रूप में यदि कुछ शेष था तो वह थी आस्था। मन में संतान की मुराद लिए दोनों माता वैष्णोदेवी के दरबार को चल पड़े..। सन्तोष कुमार यादव भले ही साधारण रिक्शा चालक हैं, लेकिन उनकी आस्था और संकल्प शक्ति असाधारण है। दरअसल, आस्था एक मनोविज्ञान है। आस्था की शक्ति अपना काम करती है, हम इसे चमत्कार कहते है। संतोष पिछले तेरह साल से हर शारदेय नवरात्र पर 4500 किलोमीटर (पैदल जाना और आना) का पैदल सफर तय कर माँ वैष्णोदेवी के दरबार तक पहुंचते हैं। देवी को धन्यवाद अर्पित करते हैं, श्रद्धासुमन भेंट करते हैं। यही नहीं वे अपनी पत्नी को रिक्शे में बैठाकर उसे भी देवी के दरबार तक खींच ले जाते हैं।
साठ साल से ऊपर का कमजोर हो चला शरीर, बढ़ी हुई सफेद दाढ़ी, लेकिन चेहरे पर आस्था, श्रद्धा और विश्र्वास की दृढ़ चमक। बताते हैं कि शादी के बाद संतान सुख से वंचित थे। पत्नी प्रेमा बाई की गोद सूनी बनी हुई थी। दो बार वह गर्भवती हुईं, लेकिन दोनों बच्चे जन्म के साथ ही गुजर गए। तब किसी के कहने पर माता वैष्णोदेवी के दरबार में झोली फैलाने का मन बनाया। देवी में पूर्ण आस्था रखते हुए यात्रा का संकल्प लिया। मन्नत रखी कि जन्म लेने वाला बच्चा जीवित बच जाएगा तो उसके 14 साल का होने तक हर साल मां वैष्णोदेवी के दर तक पैदल पहुंचेंगे।
इसके बाद प्रेमा पुन: गर्भवती हुईं। जब गर्भ छह माह का हुआ तो पति-पत्नी व्याकुल हो उठे। डर था कि कहीं यह बच्चा भी दामन से न निकल जाए। वैष्णोदेवी की शरण में जाने का निर्णय कर लिया। गर्भवती प्रेमा को अपने रिक्शे में बिठाकर सन्तोष निकल पड़े अनूपपुर से लगभग बाईस सौ किमी दूर आस्था के दर की ओर। तीन महीने लगे वैष्णोदेवी तक पहुंचने में। माता के दरबार के निकट पहुंच चुके थे। पर्वत पर चढ़ाई शुरू कर दी थी। प्रेमा बाई के गर्भ में पल रहा बच्चा इस दौरान नौ माह से ज्यादा का हो चुका था। प्रेमा बताती हैं, हम जैसे-तैसे माता के दरबार के निकट जा पहुंच थे। अब दर्शन ही शेष थे। थोड़ी ही चढ़ाई बची थी। मंदिर सामने था, लेकिन इससे पहले कि हम माता के दर्शन कर पाते मुझे प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। मैंने बालक को जन्म दिया। बाद में बच्चे को गोद में लेकर माता के दर्शन किए। बेटे को माँ का प्रसाद समझकर उसका नाम विष्णु प्रसाद रखा। माता ने कृपा की और आज विष्णु हमारे साथ है। हमारा सहारा है।
सन्तोष ने बताया कि आज तक यात्रा के दौरान कभी कोई असुविधा नहीं हुई। पूरे रास्ते लोगों का सहयोग मिला। रिक्श में जरूरी साजोसामान भी लाद लेते हैं। सोलर पैनल, पंखा, लाउड स्पीकर, खाने-पीने का समान, रिक्शा रिपेयरिंग के टूल और दवाई साथ रखते हैं।
समुद्र के अंदर बन रहा दुनिया का सबसे बड़ा रेस्तरां
ओस्लो. नॉर्वे के लिंडेसनेस इलाके में उत्तर सागर के तट पर दुनिया का सबसे बड़ा अंडरवॉटर रेस्तरां बनाया जा रहा है। 110 फीट लंबा यह रेस्तरां समुद्र से निकल रहे बड़े दूरबीन की तरह दिखाई देता है। इसमें 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। रेस्तरां के 2019 तक शुरू होने का अनुमान है। रेस्तरां को अंडर नाम दिया गया है। इसे नॉर्वे की कंपनी स्नोहेता बना रही है।
रेस्तरां 500 वर्गमीटर (5300 वर्गफीट) क्षेत्र में फैला है। इसमें तीन मंजिलें हैं। समुद्री पर्यावरण दिखाने के लिए 36 फीट लंबा शीशा लगाया गया है। रेस्तरां समुद्र के अंदर पांच मीटर गहराई में है।
स्नोहेता की सीनियर आर्किटेक्ट रून ग्रासडेल के मुताबिक- रेस्तरां को काफी सोच-समझकर तैयार किया गया है। इसका आधे से ज्यादा ढाँचा पानी में डूबा है। लोगों को अंदर जाने के लिए एक कांच के ग्लासवे (ब्रिज) से गुजरना होगा।
ग्रासडेल कहती हैं- क्लाइंट्स जब हमारे पास रेस्तरां बनाने का प्रस्ताव लेकर आए तो वे कुछ स्केच लेकर आए थे। वे इसे तट के नजदीक बनाना चाहते थे, लेकिन हमने कुछ दूर बनाने का सुझाव दिया क्योंकि वहाँ से असली समुद्र दिखाई देता है।
यह रेस्तरां नॉर्वे के लिंडेसनेस इलाके में बनाया जा रहा है। यहाँ काफी पर्यटक आते हैं। हालांकि, यहाँ पहुँचना आसान नहीं है। रेस्तरां आने के लिए लोगों को राजधानी ओस्लो से हवाई जहाज से क्रिस्टियनसेंड आना होना। यहां से सड़क से एक घंटे का रास्ता है। बोट सर्विस भी शुरू की जा रही है।
रेस्तरां बनाने वाली कम्पनी यहाँ आने वाले लोगों की सुरक्षा की गारंटी ले रही है। कम्पनी का दावा है कि 2500 टन की इमारत को हर चुनौती सहने के लिहाज से बनाया गया है। बनाने से पहले मरीन बायोलॉजी और मछलियों के बर्ताव का भी अध्ययन किया गया। रेस्तरां का मुख्य डाइनिंग एरिया 13 फीट लंबा रखा गया है। खाना खाते हुए लोग मछलियों और समुद्री जीवों को देखने का लुत्फ उठा सकेंगे। अंदर और बाहर रोशनी की खास व्यवस्था की गई है क्योंकि नॉर्वे में ठंड में शाम को ज्यादा डार्कनेस होती है।
रेस्तरां में सीट रिर्जव कराकर ही लोगों को आने की इजाजत होगी। अप्रैल 2019 से रिजर्वेशन लिए जाएगे।
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, अब अदालतों की कार्यवाही का होगा सीधा प्रसारण
नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट की कार्यवाही का सीधा प्रसारण होगा, जिसे अदालत की मंजूरी मिल गई है। इसकी शुरुआत शीर्ष अदालत से ही होगी। इसके लिए जल्दी ही दिशा निर्देश जारी किये जाएंगे। अदालत ने अपनी सुनवाई के दौरान यह माना कि सीधा प्रसारण से जहां न्याय प्रणाली पारदर्शी बनेगी, वहीं इसकी जवाबदेही बढ़ जाएगी।
शीर्ष अदालत के मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा, न्यायमूर्ति एम एम खानविल्कर और न्यायमूर्ति डीवाई चंद्रचूड की पीठ ने यह अहम फैसला गत बुधवार को सुनाया। उन्होंने अपने फैसले में कहा कि अदालती कार्यवाही के सीधे प्रसारण से खुली अदालत के सिद्धांत सही साबित होगा। साथ ही जनता को अदालत को समझने व जानने का अधिकार स्वत: प्राप्त हो जाएगा।
अदालत ने अपने फैसले में कहा है कि इस प्रक्रिया के शुरु हो जाने से अदालतों में बेवजह की भीड़भाड़ कम हो जाएगी और खुली अदालत की परिकल्पना को लागू करना आसान हो जाएगा। अदालती कार्यवाही के सजीव प्रसारण से खामियों को दूर करने में भी लोगों से मदद मिलेगी। लाइव प्रसारण प्रक्रिया को लागू करने के लिए जनता के अधिकारों और वादियों के सम्मान की रक्षा के बीच संतुलन बैठाने के लिए जल्दी ही जरूरी नियम बनाये जाएंगे।
अटॉर्नी जनरल वेणुगोपाल ने अदालत को सुझाव दिया था कि पायलट परियोजना के आधार पर अहम मुकदमों का सीधा प्रसारण किया जा सकता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि ‘सीधा प्रसारण में 70 सेकेंड की देरी होनी चाहिए ताकि निजता और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसा संवेदनशील मामलों में होने वाली बहस के अंश को प्रसारण से रोका जा सके।
उन्होंने कहा था ‘पायलट परियोजना के तौर पर सीजेआई कोर्ट से सीधा प्रसारण शुरू किया जाए। यह इसकी सफलता पर निर्भर करेगा कि सुप्रीम कोर्ट की सभी और देशभर की अदालतों की कार्यवाही का सीधा प्रसारण किया जाए या नहीं।’ उन्होंने कोर्ट रूम से भीड़ कम करने के लिए कोर्ट परिसर में एक मीडिया रूम स्थापित करने का भी सुझाव दिया था। वादी, पत्रकार, वकील और आगंतुक कार्यवाही को देख सकें।
कानून की पढ़ाई कर रही एक छात्रा स्वप्निल त्रिपाठी ने याचिका दाखिल कर अदालती कार्यवाही का सीधा प्रसारण कक्ष स्थापित करने और कानून के छात्रों को यहां तक पहुंचने की सुविधा देने का अनुरोध किया था। वरिष्ठ वकील इंदिरा जयसिंह ने भी याचिका दायर कर अहम मुकदमों की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिग कराने का अनुरोध किया था। इसके अलावा एक गैर सरकारी संगठन ने भी इस मामले में जनहित याचिका दायर की थी।
एसबीआई ने घटाई एटीएम से कैश निकालने की सीमा
नयी दिल्ली : देश के सबसे बड़े बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने एटीएम से कैश निकालने के नियमों में कुछ बड़े बदलाव किए हैं। एसबीआई ने कैश निकालने की दैनिक सीमा में बड़ी कटौती करने का फैसला किया है। एसबीआई के ग्राहक 31 अक्टूबर से एक दिन में अधिकतम 20 हजार रुपये कैश ही एटीएम से निकाल सकेंगे, अभी तक यह सीमा 40 हजार रुपये थी.
एसबीआई ने ब्रान्चों में भेजे आदेश दिया है कि एटीएम लेनदेन में धोखाधड़ी की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए और डिजिटल-कैशलेस ट्रांजेक्शन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कैश निकासी सीमा को घटाने का फैसला किया गया है। ‘Classic’ और ‘Maestro’ प्लेटफॉर्म पर जारी डेबिट कार्ड से निकासी सीमा को घटाया गया है।
कैश निकासी सीमा में कटौती त्योहारी सीजन से ठीक पहले हुई है। सरकार द्वारा डिजिटल लेनदेन पर जोर दिए जाने के बावजूद कैश की माँग अधिक बनी हुई है। कुछ अनुमानों के मुताबिक बाजार में कैश फ्लो नोटबंदी से पहले के स्तर तक पहुंच गया है। पिछले कुछ वर्षों में कई मामलों में पाया गया है कि कार्ड का क्लोन बनाने वाले धोखेबाज आम बैंक कस्टमर्स के डेबिट कार्ड का पिन चोरी से लगाए गए कैमरों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज से पता कर लेते हैं। कुछ बड़े बैंकों की क्रेडिट कार्ड ग्रोथ को छोटे शहर बढ़ावा दे रहे हैं और टॉप 10 शहरों के बाहर के कार्ड धारक इस तरीके से होने वाले खर्च में 40-45 प्रतिशत योगदान कर रहे हैं।
भारत में 40 फीसदी लड़कियां स्कूलों से बाहर हैं: एनसीपीसीआर
नयी दिल्ली : राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने मंगलवार को कहा कि देश में 40 फीसदी लड़कियां स्कूलों से बाहर हैं। बच्चों की तस्करी से निपटने में शिक्षा की भूमिका पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में एनसीपीसीआर के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने कहा, ‘‘भारत में 18 साल से कम उम्र की 40 फीसदी लड़कियां और 35 फीसदी लड़के स्कूलों से बाहर हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ जो बच्चे स्कूल नहीं जाते हैं वे बाल दुर्व्यापार के शिकार हो सकते हैं। वे गरीब परिवारों से आते हैं और उनके माता-पिता स्कूलों की फीस जमा करने में असमर्थ होते हैं। ऐसे बच्चों के लिए मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा, उनमें आत्म-सम्मान पैदा करेगी और उन्हें उनके अधिकारों के बारे में जागरूक करेगी।’ कैलाश सत्यार्थी चिल्ड्रेन्स फाउंडेशन (केएससीएफ) द्वारा आयोजित सम्मेलन में कानूनगो ने कहा, ‘‘ शिक्षा से सशक्तिकरण होगा और उस सशक्तिकरण से बाल दुर्व्यापार से निपटने में मदद मिल सकती है। इस दिशा में कारगर प्रयास के तहत 15-18 वर्ष की लड़कियों के लिए मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा की जरूरत को राज्य को समझना होगा।”
बाल अधिकार कार्यकर्ता भुवन रिभु ने सामूहिक जिम्मेदारी की जरूरत पर बल देते हुए कहा, “जब एक बच्चे की तस्करी की जाती है तो उस बच्चे के हर मौलिक अधिकार को छीन लिया जाता है। यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी होनी चाहिए कि हर बच्चा मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा पाए और उसका बचपन सुरक्षित और खुशहाल हो।”
पुरुष भी अपने पास रखें स्पेशल ग्रूमिंग किट
लड़कियों का सामान और उनका पर्स थोड़ा वजनी होता है और उनको परेशानी भी नहीं होती मगर पुरुषों के मामले में ऐसा नहीं है। आप अपने दफ्तर में अपनी सहकर्मी का पिटारा देखते होंगे तो आपको लगता है कि भई, कैसे.,…आखिर कैसे करती हैं…ये सब? अब वो क्या है न अधिकतर लड़कियाँ अपने लुक्स को लेकर काफी सजग रहती हैं। दफ्तर से निकलते समय टचअप देना नहीं भूलतीं जिसमें लिपस्टिक को थोड़ा गहरा करना, बाल सँवार लेना भी शामिल है मगर आप जब अपना पर्स देखते हैं तो उनमें से सबसे ज्यादा कोई चीज मिलती है तो वह है पतली सी कंघी और एक रूमाल, जिसे न जाने आप कितनी बार खो चुके होते हैं।
अच्छा एक बात बताइए क्या आपने कभी सोचा है कि आपको भी सुन्दर और हैंडसम दिखने का हक है। ईश्वर ने तो सुन्दर सबको बनाया है तो आप ये क्यों सोच लेते हैं कि खूबसूरत दिखना सिर्फ लड़कियों का काम है। दरअसल, ये अपनी जरूरत को नजरअन्दाज करना है जो आप बरसों से करते आ रहे हैं। सच तो यह है कि तारीफ सुनना आपको भी अच्छा लगता है। अच्छा, अब सच्ची -सच्ची बताइए कि क्या किसी दिन आप जरा अच्छी तरह शेविंग कर अच्छे से तैयार हुए तो आपको क्या फील गु़ड नहीं होता। उस पर आपकी किसी दोस्त ने आपकी तारीफ कर दी तो बस दिन बन गया आपका…जानते हैं, ये जो कनसेप्ट बना रखा है न इसके लिए सजो, उसके लिए सजो या सुन्दर दिखो, हमको तो यह पूरा कन्सेप्ट ही फ्लॉप लगता है। भई, सुन्दर दिखना, अच्छा लगना हमारी जरूरत है तो हम किसी और के लिए क्यों सजें? वह एक हिस्सा हो सकता है, मतलब आप अपनी साथी की पसन्द का कुछ करें या आपकी साथी आपकी पसन्द का कुछ करें तो अलग बात हैं मगर वह ट्रेंड अपनाना, जो अच्छा न लगे मगर खुश करने के लिए करना…ये थोड़ा विचित्र नहीं है…माने फैशन तो आपके व्यक्तित्व और कार्यक्षेत्र पर निर्भर करता है न…आखिर क्यों किसी मॉडल या हीरो को ही सुन्दर दिखना चाहिए….एक आम आदमी…आम जिन्दगी में अपना जरा सा ख्याल रखकर फील गुड करता है, खुद को खुशी देता है तो इसमें गलत क्या है? हम तो कहते हैं कि अगली बार जब आपके सामने अपना मेकअप बॉक्स खोले, आप भी खोल दीजिए अपने ग्रूमिंग के साजो – सामान और फिर देखिए….अच्छा लगेगा…।
अगर आप सोच रहे हैं कि आप किस तरह के उपकरण इस्तेमाल कर सकते हैं। तो सबसे पहले तो आपको एक अच्छा बैग चाहिए और साइज सही रखिए तभी तो सारा सामान आयेगा इसमें। इसके साथ ही यह आपकी एक एक्सेसरीज भी बन सकता है।
नम और खिली – खिली त्वचा सबको अच्छी लगती है और मॉइश्चराइजर आपकी मदद करता है। त्वचा आपकी ताजी, नर्म, मुलायम रहती है। कोशिश करें एसपीएफ युक्त मॉश्चरराइजर लें जिससे आपकी त्वचा यूवी किरणों से भी बची रहेगी और झुर्रियों की समस्या से भी बचाव होगा।
पुरुषों को अपने किट बैग में शेविंग क्रीम जरूर रखना चाहिए। इसकी मदद से आप कहीं भी खुद को तरोताजा कर सकते हैं। शेविंग क्रीम कई प्रकार के ट्यूब में उपलब्ध होती है। अपनी जरूरत के हिसाब से इसका चुनाव करें और अपने बैग में रखना ना भूलें।
अपने बालों को कहीं भी संवारने के लिए हेयर जेल रखना ना भूलें। हर प्रकार के बालों के लिए अलग जेल आता है। अपने बालों के हिसाब से जेल का चुनाव करें और हमेशा अपने साथ इस रखें।
आजकल बाजार में कई तरह के अच्छे रेजर मौजूद है जिन्हें आसानी से अपने बैग में रख सकते हैं। इसकी मदद से आप खुद को कुछ मिनटों में ही तरोताजा बना सकते हैं तो इसे अपने किट में रखना कभी ना भूलें।
जब कभी आप बिजनेस टूर या फैमिली के साथ कहीं जा रहे हों तो अपने बैग में नेल क्लीपर्स जरूर रख लें। कई बार नाखूनों से जुड़ी समस्याएं काफी दर्द देती हैं। इसकी मदद से आप यात्रा के दौरान भी आसानी से नाखूनों की जुड़ी समस्या को दूर कर सकते हैं।
यह तो हर पुरुष के पास मौजूद होती ही है लेकिन फिर भी जो लोग इसे जरूरी नहीं समझते हैं उन्हें भी इसे अपने पास रखना चाहिए जिसकी मदद से आप अपने बालों को कहीं भी संवार सकते हैं। बालों का आपके लुक पर काफी प्रभाव पड़ता है। इसलिए कंघी हमेशा साथ में रखें।
कई बार ऐसा होता है कि आप कोई विशेष शैंपू प्रयोग करते हैं जो हर जगह नहीं मिल सकता है। ऐसे में आपको अपने बालों का ध्यान रखते हुए अपना शैंपू रखना नहीं भूलना चाहिए। शैंपू की मदद से आपके बाल साऱ सुथरे, मुलायम और खुशबूदार हो जाएंगे।
टूथ पेस्ट और टूथ ब्रश दो ऐसी चीजें हैं जिन्हें भूलने का मतलब है अपने लुक को खराब करना। इनकी मदद से आप खुद को ताजगी का अहसास करा सकते हैं इसलिए अपेन बैग में इन दोनों चीजों को रखना कभी ना भूलें।
पसीने की बदबू से बचने के लिए हर समय डियोडरेंट को पास में रखें। यह ना सिर्फ पसीने की बदबू से छुटकारा दिलाता है बल्कि इसकी खुशबू आपका मूड फ्रेश कर ताजगी का एहसास कराती है।




