नयी दिल्ली : प्रख्यात विधिवेत्ता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री राम जेठमलानी का 95 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने बेहद कठिन आपराधिक मामले लड़े और इंदिरा गांधी तथा राजीव गांधी हत्या मामले में अभियुक्तों का बचाव भी किया था। जेठमलानी ने नयी दिल्ली स्थित अपने आधिकारिक आवास पर सुबह 7.45 बजे अंतिम सांस ली। उनके बेटे महेश जेठमलानी ने पीटीआई से कहा कि पिछले कुछ महीने से उनकी तबियत ठीक नहीं थी। उनके बेटे ने बताया कि उनका जन्मदिन 14 सितम्बर था और अपने 96वें जन्मदिन से कुछ दिन पहले ही उनका निधन हो गया। जेठमलानी का अंतिम संस्कार रविवार शाम साढ़े चार बजे लोधी रोड श्मशान घाट पर होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री के परिवार में महेश के अलावा उनकी बेटी है जो अमेरिका में रहती है। उनकी एक अन्य बेटी रानी जेठमलानी का 2011 में निधन हो गया था जबकि एक अन्य बेटे जनक की भी पहले मृत्यु हो चुकी है। जेठमलानी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समय केंद्रीय कानून मंत्री और शहरी विकास मंत्री रहे थे और बाद में 2004 के लोकसभा चुनाव मे लखनऊ सीट से उन्हीं के खिलाफ चुनाव लड़े। वह 2010 में उच्चतम न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष भी रहे। जेठमलानी के निधन की खबर आने के तुरंत बाद श्रद्धांजलियों का तांता लग गया और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उनके निधन पर दुख जताया।
ई-वोटिंग के लिए मोबाइल एप पर काम कर रहा है सेबी
नयी दिल्ली : भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) सूचीबद्ध कंपनियों के खुदरा निवेशकों की ई-वोटिंग के लिए एक मोबाइल एप पर काम कर रहा है। इससे खुदरा निवेशक प्रबंधन प्रस्तावों में अधिक भागीदारी कर सकेंगे, विशेष रूप से कंपनी के कामकाज के संचालन से संबंधित प्रस्तावों में। नियामक ने कहा कि इसके अलावा खुदरा निवेशकों को पंजीकृत प्रॉक्सी एडवाइजरों की सिफारिशों को लेकर संबंधित लिंक भी उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है ताकि ऐसे निवेशक सूचीबद्ध कंपनियों के प्रस्तावों पर सही जानकारी के आधार पर निर्णय ले सकें। सेबी ने कहा कि इन कदमों का मकसद सूचीबद्ध कंपनियों में कामकाज के संचालन को बेहतर करना है।
सेबी की 2018-19 की वार्षिक रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘ई-वोट डालने की प्रक्रिया को सुगम करने और खुदरा निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने को ई-वोटिंग के लिए साझा मोबाइल एप पर काम कर रहा है।’’ सेबी ने कहा कि भारतीय निवेशकों को जल्द विदेशों में जारी प्रतिभूतियों को भारत में अपने डीमैट खातों में रखने की सुविधा मिलेगी।
मारुति सुजुकी ने किया इलेक्ट्रॉनिक्स, मुख्य कल पुर्जों को देश में ही बनाने का आह्वान
नयी दिल्ली : कार बनाने वाली देश की सबसे बड़ी कंपनी मारुति सुजुकी ने कल-पुर्जे बनाने वाली कंपनियों को वाहनों के इलेक्ट्रॉनिक्स तथा कुछ अन्य मुख्य कल-पुर्जे का देश में ही विनिर्माण शुरू करने का सुझाव दिया। मारुति सुजुकी ने कहा कि इससे इन कल-पुर्जों का आयात कम करने में मदद मिलेगी। इससे न सिर्फ मारुति को मदद मिलेगी बल्कि सरकार की मेक इन इंडिया मुहिम को भी समर्थन मिलेगा। कम्पनी के प्रबन्ध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी केनिचि आयुकावा ने यहां एक्मा के वार्षिक सम्मेलन में कहा, ‘‘मैं आपको (कल-पुर्जा उद्योग को) एक चुनौती और एक सुझाव देता हूं। कल-पुर्जों के हिसाब से मारुति सुजुकी के वाहन 90 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी होते हैं। लेकिन कुछ मुख्य कल-पुर्जे तथा इलेक्ट्रॉनिक्स का हमें अभी भी आयात करना पड़ता है। हम चाहते हैं कि ये सामान में भारत में निर्मित हों।’’
उन्होंने कहा कि यदि कोई कम्पनी गुणवत्ता तथा भरोसे के साथ देश में ही ये सामान बनाये तो इससे न सिर्फ मारुति सुजुकी को बल्कि पूरे घरेलू वाहन उद्योग को मदद मिलेगी। आयुकावा ने कहा कि भविष्य में सर्वश्रेष्ठ अवसरों को भुनाने का राज आंतरिक शोध एवं विकास क्षमता में निहित है। उन्होंने कहा, ‘‘यदि भारत को भविष्य की दुनिया में प्रतिस्पर्धी बनना है, तो मेरा सुझाव है कि आंतरिक शोध एवं विकास क्षमता को विकसित करने की शुरुआत करनी चाहिये, जो एक लंबी प्रक्रिया है तथा धीरे-धीरे परिणाम देती है। हमें धैर्य रखना होगा और प्रतिबद्ध रहना होगा।’’
‘मंदी’ की आशंका में सोना बना निवेशकों की पहली पसन्द
नयी दिल्ली : आर्थिक सुस्ती के बीच सोना नित नई ऊंचाई को छू रहा है और चांदी की चमक भी बढ़ रही है और विश्लेषकों का अनुमान है कि पीली धातु की चमक अभी कुछ और समय तक बनी रहेगी। इस समय जबकि देश दुनिया की अर्थव्यवस्थाओं में नरमी या गिरावट का दौर चल रहा है, शेयर बाजार टूट रहे हैं और प्रॉपर्टी बाजार भी ‘ठंडा’ है, ऐसे में सोना उन गिनी चुनी परिसम्पत्तियों में है जो निवेशकों के लिए सुरक्षित और अकर्षक लग रही है। भारत में बहुमूल्य धातुओं में निवेश करने वाले निवेशक इस समय ‘चांदी’ काट रहे हैं। विश्लेषकों का अनुमान है कि कहना है कि सोने में तेजी अभी जारी रहेगी और दिवाली तक इसकी कीमत नया रिकॉर्ड बना सकती है। इस कैलेंडर वर्ष में सोने ने निवेशकों को 20 प्रतिशत से अधिक लाभ दे चका है जबकि 2018 में इसमें निवेश का प्रतिफल करीब 6 प्रतिशत था। गत 31 दिसंबर को दिल्ली में सोने का भाव 32,270 रुपये प्रति दस ग्राम था जो आज 39,000 पर चल रहा है। इस तरह वर्ष 2019 में सोना निवेशकों को अब तक 20 प्रतिशत से अधिक का प्रतिफल दे चुका है। इसी तरह चांदी भी 39,000 रुपये प्रति किलोग्राम से इस कैलेंडर साल में 50,000 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच चुकी है। इस तरह बहुमूल्य धातुओं ने निवेशकों को उम्मीद से बेहतर रिटर्न दिया है। दिल्ली बुलियन एंड ज्वेलर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विमल गोयल ने ‘भाषा’ से कहा कि दुनिया भर में ‘मंदी’ की आशंका से सोने की कीमतों में उछाल आया है। गोयल कहते हैं कि घरेलू अर्थव्यवस्था में सुस्ती के अलावा अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध तथा वैश्विक स्तर पर अन्य घटनाक्रमों के चलते निवेशकों का सोने की तरफ झुकाव बढ़ा है। इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये में आ रही गिरावट से भी सोना मजबूत हो रहा है। गोयल कहते हैं कि निवेश के मामले में इस समय सोने से बेहतर कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि दिवाली के समय सोना 42,000 रुपये तक और चांदी 52,000 रुपये तक पहुंच सकती है। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के उपाध्यक्ष सुरेंद्र जैन का मानना है कि सोने की कीमतों को कमजोर होते रुपये से भी समर्थन मिल रहा है। हालांकि, घरेलू अर्थव्यवस्था में सुस्ती को लेकर उन्होंने कुछ नहीं कहा। जैने ने कहा कि इस समय रुपया ही नहीं, अन्य मुद्राएं भी डॉलर के मुकाबले कमजोर पड़ी हैं। इसका सीधा लाभ सोने को मिल रहा है। उल्लेखनीय है कि बजट के बाद भारतीय शेयर बाजार से विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की ओर से रुपये पर दबाव बढ़ा है डालर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 72 प्रति डालर से भी हल्की हो चुकी है। ऑल इंडिया जेम्स एंड ज्वेलर्स ट्रेडर्स फेडरेशन के पूर्व चेयरमैन बच्छराज बमावला का मानना है कि सोने में तेजी के पीछे घरेलू व अंतरराष्ट्रीय दोनों प्रकार के कारक है। अमेरिका-चीन व्यापार युद्ध, वैश्विक नरमी और ब्रेक्जिट(ब्रिटेन के यूरोपीय संघ से निकलने के मसलों) की वजह से भी निवेशकों का झुकाव सोने की ओर से बढ़ा है।
बमावला का मानना कि इस साल के अंत तक सोना 41,500 रुपये प्रति दस ग्राम के स्तर को पार कर सकता है। उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट सोने की कीमतों में तेजी की एक प्रमुख वजह है। हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने कहा कि इस समय सोना तेज है, लेकिन कीमतों में उछाल का नकारात्मक असर बिक्री पर पड़ सकता है जिससे सारी परिस्थितियां पलट सकती हैं। बमावला ने कहा कि यदि डॉलर के मुकाबले रुपया 72 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर रहता है तो सोना अन्तरराष्ट्रीय बाजार में 1,580 डॉलर प्रति औंस तक जा सकता है। हालांकि, इसके बाद इसमें नरमी की सम्भावना है।
1 रुपये में इडली बेचने वाली दादी अम्मा
चेन्नई : सुबह के 6 बजते ही सांभर की खुशबू के बीच घर के दरवाजे खुलते हैं और ग्राहक लाइन लगाकर बैठ जाते हैं। बरगद के पत्ते पर गरमागरम इडली साम्भर का आनंद लेते हैं वो भी सिर्फ एक रुपए में हैं। तमिलनाडु के वड़िवेलम्पलयम गाँव की इस दुकान को संभाल रही हैं कमलाथल। उम्र 80 साल है और एक इडली की कीमत है 1 रुपये। कमलाथल आज भी अपनी उम्र की दूसरी महिलाओं से फिट हैं और जीवन कालक्ष्य लोगों को सस्ता और भरपेट भोजन उपलब्ध कराना है। 80 साल की कमलाथल की सुबह सूरज उगने से पहले हो जाती है। नहाने के बाद बेटे के साथ फार्म की ओर चल देती हैं। यहां सब्जियां, नारियल, नमक और चटनी के लिए मसाले रखे हैं। काम की शुरुआत सब्जियों के काटने से होती है जिसका इस्तेमाल सांभर बनाने में किया जाता है। साम्भर चूल्हे पर चढ़ाने के बाद कमलाथल चटनी तैयार करती हैं। इटली बनाने के लिए सामग्री को एक दिन पहले ही तैयार करती हैं। सुबह 6 बजते ही ग्राहकों के लिए घर के दरवाजे खुलते हैं। छप्पर के नीचे ग्राहक बैठकर एक रुपये में इडली-सांभर और चटनी का स्वाद चखते हैं। यहां आने वाले ज्यादातर ग्राहक ऐसे हैं जो रोजाना आते हैं। कमलाथल इडली बनाने में परम्परागत बर्तनों का प्रयोग करती हैं। मसाला पीसने से लेकर नारियल की चटनी बनाने का काम पत्थर की सिल पर करती हैं। उनका कहना है कि मैं जॉइंट फैमिली से हूं और अधिक लोगों का खाना बनाना मेरे लिए मुश्किल काम नहीं है। इडली बनाने की तैयारी एक दिन पहले ही शुरु कर देती हूं। रोजाना पत्थर पर 16 किलो चावल और दाल पीसती हूं। यह पूरी तरह फूल जाए इसलिए इसे रातभर के लिए रखना पड़ता है। इडली बनाने में हर दिन नई सामग्री का प्रयोग करती हूं। कमलाथल कहती हैं, रोजाना दुकान पर आने वाले मजबूर भरपेट इडली खा सकें, यह मेरे लिए एक लक्ष्य की तरह है। इसलिए मैंने इडली का दाम 1 रुपए रखा है। इसलिए वे अपने पैसों की बचत करने के साथ पेट भी भर सकेंगे। दिनभर की दुकानदारी से मैं रोजाना 200 रुपए कमाती हूं। कई लोगों का कहना है मुझे इडली के दाम बढ़ाने चाहिए। लेकिन मेरे लिए लोगों का पेट भरना और जरूरतमंदों की मदद करना प्राथमिकता है। मैं भविष्य में कभी भी इसके दाम नहीं बढ़ाउंगी। तमिलनाडु में एक इडली 5 से 20 रुपये में मिलती है।
(साभार – दैनिक भास्कर)
ज्ञान का अधूरापन और आधुनिक समाज

आज शिक्षा को डिग्री से नापा जाता है और ज्ञान सूचना तक सीमित होकर रह गया है। ज्ञान की अवधारणा के सूचना तक सिमट कर रह जाने के कारण ही आज शिक्षक का काम कम्प्यूटर से करवा पाने की संभावनाएँ बुलंद हो गई हैं। हम ऐसे दौर से गुजर रहे हैं जहाँ शिक्षा के स्तर में गिरावट आई है और शिक्षितों के आँकड़ों में वृद्धि हुई है। शिक्षितों की यह पीढ़ी नौकरी के अलावा आत्मनिर्भर बनने की दूसरी राह आसानी से खोज नहीं पाती। यही पीढ़ी रोजगार विनिमय के दफ्तर में भीड़ जमाती है और बेरोजगारी के कारण सरकार को कोसती है। इस समस्या की जड़ ज्ञान की अवधारणा के स्खलन में छिपा है।
ज्ञान तब तक किसी काम का नहीं जब तक वह दृष्टि में रूपांतरित न हो। ऐसी दृष्टि जो जीवन और समाज की बेहतरी के लिए व्यवहारिक कार्यों को अंजाम देने की ताकत रखती हो। यह दृष्टि उस सीमित दृष्टि से एकदम अलग है जिसका दायरा किसी विषय विशेष के किसी प्रसंग तक सीमित होता है। मसलन इतिहास के किसी युग का प्रसंग या फिर किसी लेखक की काव्यकला का प्रसंग। इस बात में कोई शक नहीं कि किसी विषय के एक छोटे से क्षेत्र को चुनकर किए गए अध्ययन से उस क्षेत्र की गहरी समझ पैदा होती है। लेकिन यह समझ जीवन और समाज को तब समृद्ध कर पाएगी जब इसे किसी वृहद् दृष्टि के आलोक में देखा जाएगा। ऐसी दृष्टि जो इस बात का आकलन कर सके कि अध्ययन किया गया विषय मानव जीवन, समाज और संस्कृति के विकास को किस दिशा में ले जा रहा है? ऐसी दृष्टि की भूमिका कम्पास की तरह होगी। दर्शनशास्त्र में ऐसी दृष्टि तैयार करने की ताकत है।
भारत का प्राचीन दर्शनशास्त्र बिखरी हुई दृष्टियों को एक सूत्र में पिरोकर जीवन और समाजोपयोगी ज्ञान पैदा कर सकता है। दर्शनशास्त्र से ऐसा काम लेने के लिए इसके सार को समझकर विषयों को समग्रता में देखने का नजरिया विकसित करना होगा। ऐसे नजरिए का पंख पाते ही यथार्थ को उस ऊँचाई से देखने की ताकत मिलेगी जहाँ से ज्ञात हो पाएगा कि यह यथार्थ जीवन और समाज के विकास को किस दिशा में ले जा रहा है। आज के युग की सबसे बड़ी विडम्बना यह है कि विश्व की प्रकृति और इसमें प्रचलित कार्यव्यापार को समझने की समग्रता में कोशिश नहीं की जाती बल्कि इतिहास, साहित्य, विज्ञान, गणित जैसे तमाम विषयों की अवधारणा को जेहन में अलग-अलग डिब्बे बनाकर बैठा दिया जाता है। आज सोच में इतना बिखराव आ गया है कि यह दिखाई ही नहीं देता कि डिब्बों में बंटी ज्ञान की गाड़ी बगैर इंजन के जिंदगी के प्लेटफार्म तक कैसे पहुँचेगी?
दरअसल बोध की सुकरता के लिए अध्ययन के विषयों को वर्गों में विभाजित करके देखना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है इतिहास, भूगोल, साहित्य, गणित, विज्ञान जैसे तमाम विषयों से हासिल ज्ञान को सूत्र में पिरोकर इससे विश्व के स्वरूप, प्रकृति, कार्यव्यापार और शक्तिकेन्द्रों का आभास पाना। क्योंकि व्यक्ति, परिवार, समाज, देश और राष्ट्रों में बँटी पृथ्वी ब्रह्मांड का अंग है तथा ब्रह्माण्ड की कई शक्तियाँ विज्ञान द्वारा प्रमाणित हैं और मनुष्य में भी उसी शक्ति का अंश है। प्राचीन दर्शनशास्त्र ब्रह्मांड को समझने की कुंजी है और विज्ञान द्वारा प्रमाणित तथ्यों से ब्रह्मांड के नियम का पृथ्वी और उसके प्राणियों पर पड़ने वाले प्रभाव को समझा जा सकता है।
दर्शनशास्त्र की तीन शाखाएँ हैं। पहली शाखा किसी विषय का ज्ञान हासिल करने की संभावनाओं, साधनों और पद्धति से संबंधित है। दूसरी शाखा ज्ञान के साधनों के जरिए विश्व को समझने से संबंधित है। और तीसरी शाखा नैतिकता के प्रश्नों से संबंधित है। इसमें दूसरी शाखा आज सबसे ज्यादा चर्चित है। यह शाखा विश्व की प्रकृति, आत्मतत्व की प्रकृति और शाश्वत की प्रकृति को समझने वाले सवालों से जूझती है। आज नौकरीपेशा या फिर बेरोजगार शिक्षितों में प्राप्त डिप्रेशन, पेशे से असंतुष्टि के भाव से यह महसूस किया जा सकता है कि व्यक्ति के शरीर में निवास करने वाले आत्मतत्व की एक खास सत्ता है। इस आत्मतत्व को समझने की कोशिश करना निश्चित रूप से शिक्षा का खास लक्ष्य होना चाहिए। शिक्षा के जरिए आत्मतत्व को उसकी प्रकृति के अनुरूप पुष्ट करना जरूरी है। यह पुष्ट आत्मतत्व व्यक्ति को अपने जीवन और समाज के लिए बेहतर राह खोजने के काबिल बना सकता है। आत्मा की प्रकृति को जाने बगैर बाहरी तत्वों की मदद से व्यक्ति में किसी काम को करने की इच्छा पैदा करने की कोशिश करना उल्टी गंगा बहाना है। आत्मतत्व की प्रकृति के प्रश्न को दरकिनार करके किसी काम में रुचि जगाने के लिए व्यक्ति में धन, ओहदे, नौकरी या किसी वस्तु का लोभ पैदा करना पड़ता है। ऐसा लोभ पैदा करना श्वान को हड्डी दिखाकर दौड़ाने के बराबर है। यह प्रवृत्ति इंसानों को श्वानों जैसा बनाकर छोड़ती है। आज विज्ञापन यही काम मनोविज्ञान के सहारे कर रही है। इस प्रक्रिया की ‘ऐंटीथीसिस’ दर्शनशास्त्र की तिजोरी में बंद पड़ी है। आज नैतिकता के स्खलन और मानसिक शांति के लगातार ह्रास के इस दौर में आत्मतत्व को जानने का सवाल जरूरी हो गया है।
शाश्वत की अवधारणा आत्मतत्व के विकास के सावल को दिशा देने की ताकत रखती है। न्यूटन के समय और स्पेस संबंधी सिद्धांत में शाश्वत किसी मंच के उस बैक ड्रॉप की तरह है जो स्थिर रहता है। वह मंच पर चल रही गतिविधियों को कसने की एक कसौटी की तरह हमेशा विद्यमान है। इसे आदर्श सत्ता या ईश्वर का नाम देना गलत होगा। क्योंकि ईश्वर या आदर्श सत्ता की अवधारणाएँ सामाजिक विकास की प्रक्रिया में विकसित हुई है। और केवल कला वर्ग के चिंतन का अंग है। इस अवधारणा के लचीलेपन ने इसके अपव्यवहार को भी बढ़ावा दिया है। शाश्वत की अवधारणा ब्रह्मांड का आधार है। ब्रह्मांड के नियम के तहत जड़ और चेतन पदार्थ परमाणु से बने हैं। ब्रह्मांड के सारे क्रिया-कलापों की जड़ है ऊर्जा। पाँच तत्वों से बना यह मानव शरीर दरअसल एक इलेक्ट्रो-मैगनेटिक उपकरण है। प्राण दरअसल वह विद्युत है जो इसे संचालित करता है। विद्युत के कारण ही जैसे तार भीतर से गर्म हो जाता है ठीक उसी तरह प्राण के कारण ही शरीर गर्म रहता है। प्राण के निकलते ही शरीर ठंडा होने लगता है। नाड़ियाँ और धमनियाँ तारों की तरह हैं जिनमें रक्त के जरिए विद्युत बहता है। पंच तत्व के शरीर की मानसिक उपज सोच और प्रार्थना में परमाणु के जरिए कंपन पैदा करने की ऊर्जा होती है। इनका फल या प्रभाव इनके द्वारा कंपन पैदा करने वाली ऊर्जा के घनत्व पर निर्भर करता है।
इस लिहाज से देखें तो ‘आज कल भलाई का जमाना नहीं रहा’ यह कहने वाले हालात, सच्चाई और भलाई की प्रतिष्ठा चाहने वालों के सोच और इरादों के ढीलेपन के कारण ही पैदा हुए हैं। जड़ पदार्थों में ऊर्जा की स्थिति अलग रूप में होती है। किर्लियन फोटोग्राफी या जी.डी.वी कैमरा के जरिए जड़ या चेतन पदार्थ की ऊर्जा के इलेक्ट्रो-मैग्नेटिक क्षेत्र की तस्वीरें ली जा सकती हैं। तस्वीर में यह क्षेत्र प्रकाश के रूप में दिखाई देता है जिसे साधारणत: औरा के नाम से जाना जाता है। किसी व्यक्ति के औरा (इलेक्ट्रो-मैगनेटिक क्षेत्र) का शक्तिशाली या कमजोर होना उस व्यक्ति की सोच, भावनाओं और विचारों की प्रकृति पर निर्भर करता है।
मनुष्य में स्थित आत्मतत्व में वह ऊर्जा है जो कंपन का आधार बनकर ब्रह्मांड की गति और लय से तादात्म्य स्थापित करके हालात को प्रभावित कर सकती है। तभी मनुष्य ब्रह्मांड का सर्वश्रेष्ठ प्राणी है। ब्रह्मांड की इस अद्भुत कृति में छिपी कस्तूरी को अपनी खुशबू फैलाने के काबिल बनाने की ताकत सिर्फ शिक्षा में है। शिक्षा के जरिए ही ब्रह्मांड के रहस्य को नई पीढ़ी को समझाया जा सकता है। दुर्भाग्य की बात यह है कि आज की शिक्षा ब्रह्मांड का ज्ञान पैदा करने के सावल से विच्छिन्न है। शिक्षा क्षेत्र में तो आज सिर्फ डिग्री अच्छे अंक पाने के उद्देश्य का बोलबाला है।
न्यूटन के शाश्वत की अवधारणा को आधुनिक विज्ञान के पिता आइन्सटाइन के सापेक्षता के सिद्धांत ने पीछे धकेलकर शाश्वत की अवधारणा को ही दृष्टि से ओझल कर दिया। अब ब्रह्मांड के कार्यव्यापारों को आधार देने वाली समय और स्पेस की अवधारणाएं भौतिक दृष्टि की मोहताज हो गई। समय, स्पेस और ऊर्जा की जो परिभाषाएँ विद्यालय से ही विज्ञान के जरिए विद्यार्थियों के जेहन में बैठाई जाती हैं वह इसी दृष्टि से प्रभावित है। समय और स्पेस को देखने का यह नजरिया इतिहास और साहित्य को देखने की दृष्टि को भी नियंत्रित करता है। इस दृष्टि से हालात को देखना दरअसल जमीनी स्तर से हालात को देखना है। इस स्तर से हालात की बारीकियाँ और कारण कार्य संबंध भले ही नजर आए पर इसके साथ ही हालात की विकरालता और व्यापकता का ऐहसास भी हमें घेर लेता है। हम समस्या की जड़ों को खोजते हुए पाताल तक पहुँच जाते हैं लेकिन जड़ों को पहचानने के बावजूद इन्हें उखाड़ने का उपाय नहीं दिखता। सामंती मूल्य, बाजारवादी मूल्यों की प्रकृति कुछ ऐसी ही है। जमीनी स्तर से विश्व और समाज को देखने वाले साहित्यकार चाहे सांस्कृतिक, सामाजिक, राजनैतिक, किसी भी दृष्टि से काम ले आज के युग में उन्हें उपभोक्तावाद बाजारवाद की विकरालता ही नजर आएगी। इन्हें काटने का रास्ता इस स्तर पर मिलना संभव नहीं क्योंकि इसी स्तर पर शिक्षा, धर्म, संस्कृति, विज्ञान यहाँ तक कि दर्शन तक अपना प्रभाव फैलाकर बाजारवादी शक्तियों ने आत्मा की ऊर्जा को दबा कर रखा है।
प्राचीन दर्शनशास्त्र में ब्रह्मांड के नियमों के तर्ज पर विश्व को देखने का नजरिया देने की ताकत है। अन्य शब्दों में कहें तो यह दृष्टि को जमीनी स्तर से ऊपर उठाने की ताकत रखती है। इस स्तर से सत्य का एक दूसरा पहलू नजर आता है। यही स्तर भारत के तमाम मनीषियों की वैचारिक ऊर्जा का शक्ति केन्द्र रहा है। सांख्य दर्शन, वैदिक ऋचाओं की तिजोरी में बंद ज्ञान इसी स्तर पर विकसित हुआ है। इस स्तर से देखें तो विश्व ऊर्जा के खेल का जगत है। मृत्यु भी ऊर्जा के रूपांतरण की ही घटना है। पंचतत्व के शरीर में कैद ऊर्जा को ज्ञान के जरिए सतेज रखकर एक सार्थक जीवन जीया जा सकता है। प्राचीन काल से लेकर अब तक इतिहास, भूगोल, साहित्य, गणित, विज्ञान, समाजशास्त्र, राजनीतिशास्त्र, दर्शनशास्त्र जैसे तमाम विषय और आज कॉलेज विश्वविद्यालयों में पढ़ाए जाने वाले नए-नए विषय इंसान को उसमें स्थित ऊर्जा का प्रयोग जीवन और समाज को समृद्ध बनाने के लिए करने का ज्ञान किस तरह दे सकते हैं इसे कार्यशालाओं के जरिए निर्धारित करना वर्तमान दौर की बहुत बड़ी मांग है।
विश्व ब्रह्मांड की प्रकृति को समझने की पहल विद्यालय के पाठ्यक्रम में दृश्यमान प्रकृति के निरीक्षण के विषय को शामिल करके किया जा सकता है। प्राचीन दर्शनशास्त्र प्रकृति की गोद में पला है। इसमें विश्व ब्रह्मांड की प्रकृति को समझने का आधार प्रकृति निरीक्षण ही है। मनुष्य प्रकृति का ही अंग है और प्रकृति के अवयवों से खुद को जोड़कर देखते हुए उनकी और अपनी प्रकृति एवं क्षमताओं में साम्य और वैषम्य को महसूस करना मनुष्य की शिक्षा का अंग होना चाहिए। ऐसी शिक्षा से विद्यार्थियों के मन और मस्तिष्क का विकास प्रकृति से तादात्म्य स्थापित करते हुए हो पाएगा। दृश्यमान प्रकृति को निरखते हुए ही मानव दृष्टि अपनी अन्त: प्रकृति के साथ विश्व ब्रह्मांड के संपर्क को समझने की ओर अग्रसर हो सकती है। इस प्रक्रिया से गुजरते हुए विकसित अंतर्दृष्टि आज विद्यालय, कॉलेज, विश्वविद्यालय में पढ़ाए जाने वाले विषयों को एक खास स्तर से देखते हुए उनके जरिए जीवन और समाज को समृद्ध करने की राहें खोजने में सक्षम हो सकती है।
नं. 2, देशबन्धु नगर
पो. – सोदपुर,
कोलकाता – 700110
दूरभाष – 9231622659
अजर-अमर हैं धरती धोंरां री और पाथल और पीथल रचनाएँ

रंगीलो राजस्थान की संस्कृति शूरता, वीरता और श्रृंगार की धरती रही है। एक ओर बनास नदी और अरावली की पर्वत श्रृंखला तो दूसरी ओर भयावह चंबल का क्षेत्र और धोरों के टीले। भौगोलिक दृष्टि से कठिन चुनौतियों से भरा राजस्थान योद्धाओं की धरती रही है।आज से एक लाख वर्ष पूर्व मनुष्य मुख्यतः बनास नदी के किनारे आया था। वहीं से राजस्थान की कहानी की शुरुआत होती है, वर्षों से कई परिवर्तन होते रहे। राजस्थान, राणा प्रताप,मेवाड़, हल्दी घाटी, आरावली और राजपुताना आदि का पर्याय हैं। वस्तुतः राजस्थान एक रियासत है,जहाँ भील और मिनस आदि जनजातियों का प्रभुत्व रहा है। गाडिया लोहार छोटे राजस्थानी राजपूत जनजाति है। मेहर के महाराणा प्रताप की सेना में गाडिया लोहार लोहार थे। धीरे-धीरे समय के साथ वे बंजारों की तरह रहने लगे। सातवीं सदी में पुराने गणराज्य अपने को स्वतंत्र राजा के रूप में स्थापित करने लगे। मोर्यों के समय में चित्तौड़ गुबिलाओं के द्वारा मेवाड़ और गुर्जरों के अधीन पश्चिमी राजस्थान का गुर्जरात्र प्रमुख राज्य था। लगातार होने वाले विदेशी आक्रमणों के कारण यहां एक मिलीजुली संस्कृति का विकास हो रहा था।उधर सन् 647 में राजा हर्ष की मृत्यु के बाद केंद्र में मजबूती नहीं रही।अकबर जैसे मुगल सम्राट ने महाराणा को हराने के लिए सभी प्रयास किए जो इतिहास विदित है। महाराणा प्रताप राजस्थान ही नहीं बल्कि पूरे भारत की शान रहे जिन्होंने अपनी वीरता और शूरता से अपनी मातृभूमि को बचाने के लिए अपने प्राणों को न्योछावर किया। आज 19 देशी राजाओं की रियासतों के राजाओं का सम्मिलन है राजस्थान। लेखक जेम्स टॉड के अनुसार महाराणा प्रताप का जन्म मेवाड़ के कुंभलगढ़ में हुआ था। इतिहास कार विजयनाहर ने राजपूतों के इतिहास के विषय में विस्तार से चर्चा की है। 1576 के हल्दीघाटी युद्ध में 500 भीलों को साथ में लेकर राणा प्रताप ने आमेर सरदार राजा मानसिंह के 80,000 की सेना के साथ शत्रु का सामना किया। (विकिपीडिया) शत्रु सेना से घिर चुके प्रताप को मानसिंह ने अपने प्राण देकर बचाया। उस दौरान उनके प्रिय घोड़े चेतक की भी मृत्यु हो जाती है। फिर भी उन्होंने अकबर के सामने घुटने नहीं टेके। अकबर ने उनको हराने के लिए सभी प्रयास किए। यह युद्ध एक दिन का था परंतु उस दिन 17,000 लोग मारे गए। प्रताप की हालत दिनोंदिन चिंता जनक होती चली गई। भामशाह ने उस समय 25,000 आदिवासियों को इतना धन दिया जिससे बारह वर्षों तक उनका गुजारा हो सकता था।
मातृभूमि की स्वाधीनता के लिए वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप ने अपना पूरा जीवन बलिदान कर दिया जो एक मिसाल है।
प्रताप राजस्थानी साहित्य और संस्कृति के चहेते चरित्र हैं जो पूरे भारत के गौरव हैं।
साहित्यकार और महाकवि कन्हैयालाल सेठिया जी की ये पंक्तियाँ महाराणा प्रताप के मातृभूमि प्रेम की तरह ही अजर-अमर हैं – – – –
“धरती धोंरां री
आ तो सुरगा नै सरमावे
इ पर देव रमण न आवे – –
ईं रो चित्तौड़ो गढ़ लूंठो,
ओ तो रण वीरां रो खूंटो,
ईं रे जोधाणूं नौ कूंटो, – – धरती धोंरां री।
राजस्थान के सुजानगढ़ चुरू में 11 सितंबर 1919 में जन्मे महाकवि सेठिया कलम के सिपाही थे जिन्होंने राजस्थान में सामंतवाद को समाप्त करने के लिए जबर्दस्त मुहिम चलाई और पिछड़े वर्ग को आगे लाने के लिए अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान वे कराची में थे। 1943 में सेठिया जी महान नेताओं जयप्रकाश नारायण और राममनोहर लोहिया के संपर्क में भी रहे। राजस्थान के स्वतंत्रता सेनानी पुरस्कार से सम्मानित महाकवि कन्हैयालाल सेठिया की कलम की ताकत किसी देशप्रेमी रण बांकुरे से कम नहीं थी। वे अपनी कविता “जागो जीवन के अभिमानी” में लिखते हैं – – –
“लील रहा मधु – ऋतु को पतझर
मरण आ रहा आज चरण धर
कुचल रहा कलि – कुसुम,
कर रहा अपनी ही मनमानी
जागो जीवन के अभिमानी ”
भारत के सुदूर पश्चिम में राजस्थान उनका जन्म स्थान रहा और पूर्व में बंगाल उनकी कर्म स्थली रही। दोनों से ही सांस्कृतिक जुड़ाव रहा। स्कॉटिश चर्च कॉलेज, कलकत्ता विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त कन्हैयालाल सेठिया अपनी भाषा प्रेम के कारण विशेष याद किए जाते हैं।
आधुनिक नवजागरण के प्रवर्तक भारतेंदु हरिश्चंद्र ने “निज भाषा उन्नति अहे सब भाषा को मूल” माना वहीं कन्हैयालाल सेठिया ने “मायण भाषा”( मातृभाषा) राजस्थानी और
साहित्य हिंदी भाषा को समृद्ध किया। कविवर सेठिया जी को प्रवासी राजस्थानियों से दुखी रहते थे कि वे अपनी मातृभाषा को भूलते जा रहे हैं। मैं बूंदी राजस्थान की हूँ लेकिन बनारस शिक्षा स्थली और कोलकाता कर्मस्थली और घर है। मेरी भाषा हाड़ौती और शेखावाटी है परंतु बोलने की आदत कम होने के कारण महाकवि सेठिया जी ने मुझे सदैव अपनी भाषा में बात करने के लिए उत्साहित किया। आज लोग अपनी भाषा की अहमियत को समझ रहे हैं।भाषा भारतीय संस्कृति का प्राण है। सेठिया जी कोलकाता में रहते हुए भी अंत तक अपनी भाषा के गौरव के लिए लड़ते रहे। कलम के धनी सेठिया जी की राजस्थानी रचनाओं में रमणिया रा सोरठा, गलगचिया, मींझर, कूं- कूं, लीलटांस, धर कूचा धर मजलां, मायड़ रो हेलो, सब्द, सतवाणी, अंधरी काल, दीठ, क-क्को कोड री, लीकल कोलिया, हेमा णी इत्यादि लोकप्रिय रचनाएँ हैं। हिंदी रचनाओं में वनफूल, अग्नि वीणा, मेरा युग, दीप किरण, प्रतिबिंब, आज हिमालय बोला, खुली खिड़कियां, चौड़े रास्ते, प्रणाम, मर्म, अनाम निर्ग्रंथ, स्वागत, देह विदेह, आकाश गंगा, वामन विराट, श्रेयस, निष्पत्ति, त्रयी आदि हैं।
प्रसिद्ध रचना पाथर ‘र पीथल की ये पंक्तियाँ सेठिया जी के राजस्थानी व्यक्तित्व को उजागर करती हैं, उन्हें अपनी मातृभूमि का कर्ज चुकाने के लिए “सीस” भी कटवाना पड़े तो वह भी कम है, वे कहते हैं —
मैं भूख मरूं हूँ प्यास मरूं
मेवाड़ धरा आजाद रवै
हूँ घोर उजाड़ा में भटकूं
पण मन में मां री याद रवै
हूँ रजपूतण रो जायो हूँ
राजपूती करज चुकाऊंला
ओ सीस पडै़ पण पाघ नहीं
दिल्ली रो मान झुकाऊंला
हल्दीघाटी राजपुताने की वह पावन बलिदान भूमि है जिसके शौर्य एवं तेज की भव्य गाथा से इतिहास के पन्ने रंगे हैं। राजपूत वीरों का तेज और महाराणा का लोकोत्तर पराक्रम इतिहास में प्रसिद्ध है। संवत् 1633 विक्रम संवत में मेवाड़ के हल्दीघाटी का कण-कण लाल हो गया था। अपार शत्रु सेना के सामने थोड़े से राजपूत और भील सैनिक कब तक टिकते? महाराणा को पीछे हटना पड़ा। और उनके प्रिय घोड़े चेतक को भी मृत्यु का मुंह देखना पड़ा।
महाकवि कन्हैयालाल सेठिया ने महाराणा के स्वतंत्रता संघर्ष को उपमाएं दी हैं जो इतिहास को भी चुनौती देती हैं। प्रताप ने अपनी मातृभूमि और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए भौगोलिक स्थितियों की दुरूह कठिनाइयों को झेला, कभी भी अकबर के सामने नहीं झुके। कवियों ने प्रताप की इसी वीरता और शूरता के गीत गाए।प्रताप ने 22 हजार राजपूतों में विश्वास रखा और हल्दीघाटी को भी अमरता प्रदान की।हल्दीघाटी वही स्थान है जहां युद्ध हुआ। कई ऐतिहासिक मत हैं जिनकी चर्चा यहां करना नहीं है। विभिन्न कवियों ने अपनी – अपनी कल्पना और सामाजिक अनुभवों, संवेदनाओं को अपनी लेखनी में आबद्ध किया जो एक तरह से कवि का राजस्थान के प्रति शूरता, वीरता, आन- बान – शान और देश भक्ति का प्रतीक है। वीर रस काव्य के सुविख्यात कवि श्यामनारायण पांडेय( सन् 1907-1991)गायक भी थे। “हल्दीघाटी” जैसी प्रसिद्ध रचना आज भी सबको रोमांचित कर देती है। अरावली पर्वत मालाओं में खमनोर एवं बलीचा गांव के बीच हल्दीघाटी एक पहाड़ी दर्रा है जहाँ
शहीदों की स्मृतियों में छतरियां बनी हुई हैं। दर्रे में हल्दी रंग की मिट्टी होने के कारण हल्दीघाटी नाम पड़ा।
सेठिया जी ने राणा की पीड़ा को उनके पुत्र के हाथों से बिलाव का घास की रोटी छीन कर ले जाने से किया जो इतिहास नहीं कवि का सृजन है। “अरे घास री रोटी” की कल्पना मात्र साहित्यिक कल्पना है। पातल ‘र पीथल में वे लिखते हैं – – –
“अरे घास री रोटी ही जद
बन बिलावडो़ ले भाग्यो
नान्हो सो अमरयो चीख पड्यो
राणा रो सोयो दुख जाग्यो – – – –
जद याद करूं हल्दीघाटी
नैणां में रगत उतर आवै
सुख दुख रो साथी चेतकडो़
सूती सी हूक जगा ज्यावै।
राजकुमार अमर सिंह के हाथ से बनविलाव द्वारा घास की रोटी छीनने का ये सच। महाराणा के स्वतंत्रता संघर्ष की कई उपमाएं दी गईं हैं जो इतनी मार्मिक हैं कि उनके प्रमाण इतिहास में ढूंढने का विषय बन गए हैं। 17 वर्षीय प्रताप का पुत्र अमर सिंह राजपूती है जो शेर और हाथियों का मुकाबला करने में सक्षम है तो भला एक बनविलाव ऐसा करने की हिम्मत भी नहीं कर सकता। यह मात्र साहित्यिक कल्पना है। राजस्थान के पुत्र तो रण बांकुरे होते तभी तो कवि कहते हैं – – – –
माई एहडा़ पूत जण
जेहडा़ राण प्रताप
अकबर सूतो ओधकै
जाण सिराणे लोप।
महाराणा तो अपने देश के लिए चिंतित हैं – – फूलां री कंवली सेजां पर,
बै आज रूलै भूखा तिसिया,
हिंद वाणै सूरज रा टाबर,
आ सोच हुई दो टूक तड़क,
राणा री भीम बजर छाती
मातृभूमि पर मर-मिटने वाले अलग ही मिट्टी के बने होते हैं वे स्वयं मिट सकते हैं लेकिन देश की आन पर आंच नहीं आने देते- – –
राणा री पाघ सदा ऊंची
राणा री आण अटूटी है
राणा दर – दर भटक सकते हैं, ठोकर खा सकते हैं, प्यासे मर सकते हैं, भूख से बिलबिला सकते हैं लेकिन उस समय भी केवल मातृभूमि के प्रति मस्तिष्क में प्रेम ही रहता है – – – – –
हूं भूख मरूं प्यास मरूं
मेवाड़ धरा आजाद रवै
हूं घोर उजाड़ा में भटकूं
पण मन में मां री याद रवै
सेठिया की दृष्टि भी सदैव अपनी भाषा, संस्कृति और संस्कारों के प्रति जागरूक रहे। अरावली की पर्वत श्रृंखलाएं भी पूरे भारत देश के लिए प्रेरणादायक हैं जहाँ कभी जीवन पुष्पित और पल्लवित हुआ था । मेवाड़ का गौरवशाली इतिहास रहा है। अग्नि वीणा में कवि कहते हैं – – – –
देख आज मेवाड़ मही को
आडा़वल की चोटी नीली
उसकी बीती बात याद कर
आज हमारी आंखें गीली।
जिसके पत्थर – पत्थर में भी
जय नादों की ध्वनि टकराई,
जहाँ कभी पनपा था जीवन
वहाँ मरण की छाया छाई
सत्य और असत्य को इंगित करते हुए कवि कहते हैं —
फूल विहंसता, शूल मौन है
एक डाल के दोनो साथी
दोनों को ही हवा झुलाती
फूल झरेगा, शूल रहेगा, सत्य कौन है?, भूल कौन है? साहित्य जगत में कवि पृथ्वी राज राठौड़ ही पीथल हैं और पातल का प्रयोग पार्थ या कृष्ण के रूप में हुआ है। कर्नल टॉड ने ग्रंथ राजस्थान का पुरातत्व इतिहास, अकबरनामे में इनका जिक्र आता है। पीथल अकबर के दरबार के प्रसिद्ध कवि और योद्धा दोनों थे लेकिन प्रताप के प्रशंसक भी थे। अकबर किसी भी तरह से प्रताप को हराना चाहते थे।शत्रु पक्ष के होते हुए भी पीथल पत्र में प्रताप को उनके स्वाभिमान और वीरता की याद दिलाते हैं।
पद्मश्री से सम्मानित श्री कन्हैयालाल सेठिया जी की 100 वीं जयंती पर उनकी रचनाओं ही उनकी आत्मा है। धरती धोंरां री और पाथल और पीथल रचनाएँ अमर हैं, कालजयी हैं। जब तक भारतवर्ष है तब तक शब्दों में जडे़ उनके मोती शस्य श्यामला धरती को ऊर्जावान बनाते रहेंगे। राजस्थान के रवीन्द्र नाथ टैगोर कहे जाने वाले सेठिया जी के दार्शनिक भावों और संवेदनशीलता को वसुंधरा मिश्र का शत – शत नमन।
अक्षुण्ण रहेगी हिन्दी की अस्मिता

भाषा भावों की संवाहिका और अभिव्यक्ति का श्रेष्ठतम माध्यम है। इसी के द्वारा हम अपने विचारों को सम्प्रेषित कर पाते हैं। बिना भाषा के विचारों का प्रकटीकरण करना सम्भव नहीं है। भाषा ही तो सब कुछ है इसलिए इतिहास के सजीव पृष्ठों पर भाषा के माध्यम से सत्य का उत्स है। आज यही कारण है कि विश्व की पराजित भाषाएँ अपनी – अपनी देशी अस्मिता बनाये रखने के लिए संघर्ष करती दिखायी दे रही हैं। इस संघर्ष की छटपटाहट को दुनिया के अनेक छोटे – छोटे देशों में देखा जा सकता है। अपने देश के स्वाधीनता संग्राम और आन्दोलन का आधार हिन्दी भाषा थी। इसी के माध्यम से ही इतने महान संग्राम को जीतना सम्भव हो सका। स्वतन्त्र भारत में डॉ. राममनोहर लोहिया ने ‘अंग्रेजी हटाओ, हिन्दी लाओ’ के आन्दोलन का सूत्रपात किया था। उनके सशक्त प्रयासों के बाद भी दुर्भाग्यवश भारत को उस औपनिवेशिक शक्तिशाली मानसिकता से मुक्त करना सम्भव नहीं हो सका जिसमें अंग्रेजी को जानना ही विद्वता की निशानी माना जाता है।
दुर्भाग्यवश वर्तमान स्थिति इतनी सम्वेदनशील है कि भाषा के प्रश्न को गैर राजनीतिक ढंग से सोचना ही सम्भव नहीं प्रतीत होता है। हिन्दी हमारी संस्कृति में रची -बसी है, रगों में घुली – मिली हुई है। यह एक विशाल समाज की भाषा है। बहुसंख्यक नागरिकों से सम्पर्क के लिए हिन्दी अनिवार्य है इसलिए अपने देश में एक स्विस बहुराष्ट्रीय कम्पनी हिन्दी सिखाने का व्यवसाय कर रही है। इसके अतिरिक्त अमेरिका सहित यूरोप के कई देश हिन्दी भाषा सीखने का प्रयास कर रहे हैं। यही कारण है कि टेलीविजन पर विदेशी चैनल भी हिन्दी भाषा का प्रयोग कर रहे हैं। आखिरकार उन्हें अपने उत्पाद के तकनीकी महत्व, जरूरी सूचनाएँ, उत्पादों का विज्ञापन हिन्दीभाषी लोगों के बीच में ही करना है। यह हिन्दी भाषा के महत्व को रेखांकित करता है।
हिन्दी कई राज्यों की भाषा है, जैसे – मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड, राजस्थान, दिल्ली आदि। इनका प्रशासनिक कार्य हिन्दी के माध्यम से ही चलता है। इस सत्य के बावजूद लोगों का अंग्रेजी के प्रति आकर्षण कम नजर नहीं आता है। इसे अंग्रेजी के प्रति विवशता कहें या आकर्षण – आज यह भाषा हिन्दी से अधिक सशक्त बन गयी है। लोगों को लगता है कि उनका बच्चा अंग्रेजी नहीं जानता है तो फिर वह कितना भी प्रतिभावान क्यों न हो, सफल नहीं हो सकता इसलिए शिक्षा के निजी क्षेत्रों में अंग्रेजी माध्यम का स्कूल चलाना एक बेहद लाभकारी व्यवसाय बन चुका है जिसमें अब बड़े – बड़े उद्योगपति भाग ले रहे हैं इसलिए अंग्रेजी के प्रति यह प्रेम, हिन्दी की उपेक्षा को स्पष्ट दर्शाता है। भारतीय समाज को देखकर शंका होती है कि क्या हम सचमुच हिन्दी के समर्थक हैं या हम ऐसा होने का महज ढोंग करते हैं। हमें अपनी क्यारी के प्राकृतिक फूल अच्छे क्यों नहीं लगते हैं? हम प्लास्टिक या कागजी फूलों की कृत्रिमता को क्यों अपने गले का हार बना रहे हैं?
यह सर्वविदित सत्य है कि इतिहास के हर कालखण्ड में भाषा, सत्ता की मुखापेक्षी रही है। कभी हमारे देश की प्रमुख भाषा संस्कृत रही है परन्तु जैसे ही वह कालखण्ड समाप्त हुआ और सत्ता मुगलों के हाथों में आयी तो फारसी का वर्चस्व बढ़ गया। लार्ड मैकाले जैसे चतुर, चाालाक कूटनीतिज्ञ ने बड़ी ही चतुराई से षडयंत्र करके अंग्रेजी को सभ्य एवं सम्मानित लोगों की भाषा के रूप में प्रतिष्ठित कर दिया। वह यह सिद्ध करने में सफल हो गया कि अंग्रेजी आंग्ल सभ्यता की निशानी है और हमारी गुलाम मानसिकता इस षड्यंत्र का पर्दाफाश भी नहीं कर पायी और यही कारण है कि हम आज भी भाषा की गुलामी की चादर ओढ़े हुए हैं। जब एक राष्ट्र का एक झंडा होता है, एक राष्ट्रीय प्रहरी होता है, एक राष्ट्रपति होता है तो एक भाषा क्यों नहीं है? प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वन नेशन, वन इलेक्शन की झण्डाबरदारी करते हैं तो वे यह क्यों भूल जाते हैं कि एक राष्ट्र की एक राष्ट्रभाषा भी होनी चाहिए?
अंग्रेजी भाषा अन्तरराष्ट्रीय स्तर पर बहुप्रचारित भाषा है और विश्व भर में भ्रमण, व्यापार, शिक्षा, संचार आदि के क्षेत्र में इसका लाभ मिलता है। अंग्रेजी भाषा इस साम्राज्यवादी बाजार की भाषा है जिसका सारा काम अंग्रेजी माध्यम से होता है। साम्राज्यवादी अपने उपनिवेशों में अपनी भाषा और संस्कृति को थोपने का प्रयास करते हैं क्योंकि उन्हें मालूम है कि आधुनिक युग में किसी भी राष्ट्र को शक्ति या सैन्यबल के द्वारा गुलाम नहीं बनाया जा सकता परन्तु भाषा एवं संस्कृति की मानसिक दासता सदियों तक चल सकती है जैसे कि हमारे देश में अंग्रेजी के प्रति चल रह है। अंग्रेजी का प्रभाव तो अंग्रेजों के समय भी इतना नहीं था जितना कि स्वतन्त्र भारत में दिखायी दे रहा है।
हिन्दी हमारी मातृभाषा है और इस भाषा के प्रति हमारे मन में लगाव होना चाहिए। अपनी भाषा तो भावनात्मक रूप से हमारे मन में बसनी चाहिए। षड्यंत्र के द्वारा हो सकता है कि थोड़ा – बहुत व्यतिक्रम आ जाए परन्तु यह स्थिति देर तक नहीं ठहरने वाली है और न चलने वाली है इसलिए निकट भविष्य में हिन्दी भाषा की अस्मिता को नष्ट कर जिस अंग्रेजी भाषा को वरीयता दी गयी है, उसे टूटना ही है। पुनः हिन्दी की प्रतिष्ठा होगी, समय जितना भी लग जाये क्योंकि राष्ट्रकवि मैथिली शरण गुप्त ने लिखा है –
‘किन्तु विमाता बन विदेश की
कोई माता आयेगी
तो वह यहाँ पूतना की गति
आप अन्त में पायेगी।।’
शिक्षक दिवस पर सर्वपल्ली राधाकृष्णन के अनमोल विचार
आज शिक्षक दिवस है। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के नाम पर हर साल 5 सितम्बर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन के पिता नहीं चाहते थे कि वो पढ़ाई करें, वो उन्हें मंदिर का पुजारी बनाना चाहते थे। लेकिन उन्होंने अपनी पढ़ाई पूरी की और भारत के सर्वोच्च पद पर आसीन हुए।
उनका कहना था कि यदि शिक्षा सही प्रकार से दी जाए तो समाज से अनेक बुराइयों को मिटाया जा सकता है। आइए जानते हैं राधाकृष्णन के अनमोल विचार –
– शिक्षक वह नहीं जो छात्र के दिमाग में तथ्यों को जबरन ठूंसे, बल्कि वास्तविक शिक्षक तो वह है जो उसे आने वाले कल की चुनौतियों के लिए तैयार करें।
– भगवान की पूजा नहीं होती बल्कि उन लोगों की पूजा होती है जो उनके नाम पर बोलने का दावा करते हैं।
– अगर हम दुनिया के इतिहास को देखे, तो पाएंगे कि सभ्यता का निर्माण उन महान ऋषियों और वैज्ञानिकों के हाथों से हुआ है,जो स्वयं विचार करने की सामर्थ्य रखते हैं,जो देश और काल की गहराइयों में प्रवेश करते हैं,उनके रहस्यों का पता लगाते हैं और इस तरह से प्राप्त ज्ञान का उपयोग विश्व श्रेय या लोक-कल्याण के लिए करते हैं।
– कोई भी आजादी तब तक सच्ची नहीं होती,जब तक उसे विचार की आजादी प्राप्त न हो। किसी भी धार्मिक विश्वास या राजनीतिक सिद्धांत को सत्य की खोज में बाधा नहीं देनी चाहिए।
– शिक्षा के द्वारा ही मानव मस्तिष्क का सदुपयोग किया जा सकता है। अत:विश्व को एक ही इकाई मानकर शिक्षा का प्रबंधन करना चाहिए।
ज्ञान हमें शक्ति देता है, प्रेम हमें परिपूर्णता देता है।
– शिक्षा का परिणाम एक मुक्त रचनात्मक व्यक्ति होना चाहिए जो ऐतिहासिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं के विरुद्ध लड़ सके।
– पुस्तकें वह साधन हैं जिनके माध्यम से हम विभिन्न संस्कृतियों के बीच पुल का निर्माण कर सकते हैं।
– किताबें पढ़ने से हमें एकांत में विचार करने की आदत और सच्ची खुशी मिलती है।
– दुनिया के सारे संगठन अप्रभावी हो जाएंगे यदि यह सत्य कि ज्ञान अज्ञान से शक्तिशाली होता है उन्हें प्रेरित नहीं करता।
-शिक्षा का परिणाम एक मुक्त रचनात्मक व्यक्ति होना चाहिए जो ऐतिहासिक परिस्थितियों और प्राकृतिक आपदाओं के विरुद्ध लड़ सके।
-सचमुच ऐसा कोई बुद्धिमान नहीं है जो स्वयं को दुनिया के कामकाज से अलग रख कर इसके संकट के प्रति असंवेदनशील रह सके।
-उम्र या युवावस्था का समय से लेना-देना नहीं है। आप अपने आप को कितना नौजवान या बूढा महसूस करते हैं यही मायने रखता है।




