Thursday, July 9, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 712

मिशिगन यूनिवर्सिटी यौन शोषण पीड़ितों को देगी 3400 करोड़ का मुआवजा

लांसिंग : अमेरिका की मिशिगन स्टेट यूनिवर्सिटी यौन शोषण मामलों के निपटारे के लिए भारी भरकम मुआवजा देने को तैयार हो गई है। वह 300 से ज्यादा पीड़ित महिलाओं और लड़कियों को मुआवजे के तौर पर 50 करोड़ डॉलर (करीब 3400 करोड़ रुपए) का भुगतान करेगी। इन पीड़ितों ने यूनिवर्सिटी और अमेरिकी जिमनास्टिक टीम के डॉक्टर लैरी नासर पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे।

यौन शोषण मामलों के निपटारे के लिए समझौते की घोषणा बुधवार को की गई। इसके तहत जो धनराशि दी जाएगी, उसने इस तरह के पिछले सभी मामलों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। इसके पहले पेन स्टेट यूनिवर्सिटी ने फुटबॉल के सहायक कोच जेरी सैंडस्की के यौन शोषण मामलों के निपटारे के लिए दस करोड़ डॉलर का भुगतान किया था। करीब 35 पीड़ितों ने जेरी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

पीड़ितों ने मिशिगन यूनिवर्सिटी पर नासर से जुड़ी शिकायतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया था। इनमें से कई मामले करीब तीन दशक पुराने हैं। यूनिवर्सिटी के संचालन मंडल के अध्यक्ष ब्रायन ब्रेसलिन ने कहा, “हम सभी पीड़ितों व उनके परिवारों से माफी मांगते हैं। अपनी दास्तान सुनाने के लिए मैं उनके साहस की प्रशंसा करता हूं।”

लुईसविले की रशेल डेनहोल्डर पहली महिला थीं जिन्होंने साल 2016 में आपबीती जाहिर की थी। इसके बाद 250 से ज्यादा पीड़ितों ने कोर्ट में बयान दर्ज कराए थे।

अंतरजातीय विवाह का साक्षी बना महिला आयोग

जयपुर : राजस्थान के महिला आयोग की मदद से जयपुर निवासी 19 वर्षीय युवती का विवाह उसके प्रेमी के साथ सम्पन्न हुआ। राजस्थान महिला आयोग इस विवाह का साक्षी बना जिसमें जयपुर की ज्योति (19) और मनीष (23) पूरे हिन्दू रीति-रिवाजों से जीवन साथी बने। यह दावा भी किया गया कि आयोग कार्यालय में विवाह का यह पहला मामला है। आयोग की अध्यक्ष सुमन शर्मा ने पीटीआई—भाषा से बातचीत में आशंका जताई कि ज्योति ऑनर किलिंग की शिकार हो सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतराजातीय युवक से प्रेम होने के कारण युवती को बिजली के झटके देकर यातनाएं दी गईं और उसके बाल काटकर घर में बंद रखा गया।
उन्होंने बताया कि आयोग ने स्वत: संज्ञान लेकर दोनों के परिजनों को बुलाया। दोनों परिवारों के साथ काउंसलिंग के बाद आयोग कार्यालय में पारिवारिक न्यायालय के न्यायाधीशों की मौजूदगी में पूरे हिन्दू रीति-रिवाजों के साथ दोनों का विवाह सम्पन्न कराया गया।
शर्मा ने कहा कि संभवतया इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि महिला आयोग के कार्यालय में इस तरह का विवाह सम्पन्न किया गया। आयोग ने विवाह प्रमाणपत्र और विवाह की न्यायायिक प्रक्रिया की कार्यवाही की। महिला आयोग और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं के समर्थन से उत्साहित नवविवाहिता ज्योति ने कहा कि उसने परिवारों वालों के खिलाफ​ अतंराजातीय युवक से विवाह करने के लिये बहुत यातनाएं सही हैं। उसने कहा कि अब वह बहुत खुश है कि दोनों परिवारों की रजामंदी से विवाह हुआ है।

जब खरीदना हो लैपटॉप

लैपटॉप आज लक्जरी नहीं बल्कि जरूरत है और जब एक बड़ी राशि हम इस पर खर्च कर रहे होते हैं तो जरूरी है कि जल्दबाजी न कर जरूरी बातों का ध्यान रखा जाए। इससे सही लैपटॉप आप खरीद सकते हैं। अब जब आप लैपटॉप खरीदने जा रहे हैं तो इन बातों का ध्यान रखना न भूलें –
आजकल बाजार में प्री-इन्स्टॉल्ड ऑपरेटिंग सिस्टम वाले कई ब्रांड्स के लैपटाप मौजूद हैं। ऐसे में अगर हम सही ऑपरेटिंग सिस्टम वाले लैपटॉप नहीं खरीदते हैं तो हमें उसमें फिर से नया ऑपरेटिंग सिस्टम डलवाना पड़ता है। सबसे ज्यादा लोकप्रिय ऑपरेटिंग सिस्टम में माइक्रोसॉफ्ट के विंडोज 7, विंडोज 8, विंडोज 10 के अलावा, एप्पल के आइओएस 10 एवं 11, गूगल क्रोम ओएस, उबन्तु हैं। आप जिस ऑपरेटिंग सिस्टम पर आसानी से काम कर सकते हैं उस लैपटॉप को चुनना आपके लिए बेहतर होगा।
अगर आप लैपटॉप पर ज्यादा काम करते हैं तो आप हमेशा सॉलिड की-बोर्ड वाले लैपटॉप लें, ऐसा इसलिए कि इससे आपके की-बोर्ड के की जल्दी खराब होने की संभावना रहती है। वहीं अगर आप बिजनेस लैपटॉप खरीदना चाहते हैं तो की-बोर्ड में जी और एच की के बीच में नब जरूर चेक कर लें। इस नब की मदद से आप अपनी उंगली आसानी से की-बोर्ड पर रख पाएंगे।
कई लोग छोटे स्क्रीन साइज वाले लैपटॉप खरीदना पसंद करते हैं, वहीं कुछ लोगों को बड़ी स्क्रीन वाले लैपटॉप पसंद होते हैं। ऐसे में आप अपने सुविधा के मुताबिक अपने लैपटॉप स्क्रीन का चुनाव कर सकते हैं। 15 इंच का स्क्रीन साइज लोगों के बीच में काफी प्रचलित है और काम करने में आसानी होती है।
लैपटॉप खरीदने से पहले इसके प्रोसेसर और रैम के अलावा आंतरिक स्पेसिफिकेशन के बारे में जरूर जानकारी हासिल कर लें। इंटेल आई3, इटेल आई5 या इंटेल आई7 में से किसी एक प्रोसेसर का चुनाव कर सकते हैं। लेटेस्ट ऑपरेटिंग सिस्टम का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो 4जीबी रैम वाले लैपटॉप का चुनाव करना बेहतर विकल्प हो सकता है।
लैपटॉप को पावर देने के लिए बैटरी की जरुरत होती है, इसलिए हमेशा बैटरी बैकअप के बारे में पता कर लेना चाहिए। आमतौर पर लैपटॉप में लिथियम ऑयन बैटरी लगी होती है जो काफी लंबा बैटरी बैकअप देती है। लिथियम-ऑयन बैटरी द्वारा संचालित होने वाले लैपटॉप में इस्तेमाल होने वाले बैटरी की एमएएच जांच लें। जितनी ज्यादा एमएएच होगी उतना ही लंबा बैटरी बैकअप होगा।

खेलो इंडिया योजना के तहत इस साल होंगे पहले पैरा राष्ट्रीय खेल

नयी दिल्ली : राष्ट्रीय खेलों की तर्ज पर पहले राष्ट्रीय पैरा खेल इस साल जून जुलाई में खेलो इंडिया योजना के तहत आयोजित किये जायेंगे । खेल मंत्रालय द्वारा जारी तकनीकी हैंडबुक के अनुसार ये खेल 28 जून से सात जुलाई तक आयोजित किये जायेंगे । भारतीय पैरालम्पिक समिति खेलों का आयोजन करेगी और इसका पूरा खर्च खेल मंत्रालय उठायेगा । खेल दस विधाओं में 16 से 40 आयुवर्ग में आयोजित किये जायेंगे जिसमें पैरा एथलेटिक्स, बैडमिंटन, शतरंज, नेत्रहीन जूडो, पैरा पावरलिफ्टिंग, निशानेबाजी पैरा खेल, पैरा तैराकी, टेबल टेनिस, व्हीलचेयर बास्केटबाल और व्हीलचेयर तलवारबाजी शामिल है । इसमें कुल 416 पदक दाव पर होंगे जिनमें 220 पुरूषों, 180 महिलाओं और 16 मिश्रित वर्ग में होंगे । कुल प्रतियोगी 2192 ( 1311 पुरूष, 837 महिला और 44 मिश्रित ) होंगे । पीसीआई के उपाध्यक्ष गुरशरण सिंह ने कहा कि खेल दो साल में एक बार होंगे और पहले खेल जकार्ता में अक्तूबर में होने वाले पैरा एशियाई खेलों के लिये क्वालीफायर रहेंगे । उन्होंने कहा ,‘‘ यह बेहतरीन फैसला है कि इस साल पहले पैरा राष्ट्रीय खेलों का आयोजन किया जा रहा है । इससे साबित होता है कि पैरा एथलीटों को भी पूरी तवज्जो दी जा रही है ।’’ स्पर्द्धा चार स्थानों कांतिरावा स्टेडियम, साइ सेंटर बेंगलूरू, कर्नाटक बैडमिंटन संघ स्टेडियम , कांतिरावा इंडोर स्टेडियम पर आयोजित की जायेंगी ।

चारा घोटाले का भंडाफोड़ करने वाले अमित खरे नए सूचना प्रसारण सचिव

नयी दिल्ली : बिहार के चर्चित चारा घोटाले का पर्दाफाश करने वाले भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के वरिष्ठ अधिकारी अमित खरे को नया सूचना प्रसारण सचिव बनाया गया है। केंद्र सरकार ने प्रशासनिक अधिकारियों के विभागों में बड़े स्तर का फेरबदल करते हुए अनूप वधावन को भी वाणिज्य सचिव की जिम्मेदारी दी है। वहीं दिल्ली सरकार के पूर्व मुख्य सचिव एम. एम. कुट्टी को पेट्रोलियम सचिव बनाया गया है।कार्मिक मंत्रालय के आज जारी आदेश के अनुसार कुल 24 शीर्ष आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। रीना रे को स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग का सचिव बनाया गया है। रीना, अनिल स्वरुप का स्थान लेंगी। वह अभी इसी विभाग में विशेष सचिव हैं। स्वरुप 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे हैं। वर्ष 1985 बैच के आईएएस खरे अभी अपने कैडर राज्य झारखंड में कार्यरत हैं। वह 31 मई को सेवानिवृत्त हो रहे सूचना प्रसारण सचिव एन. के. सिन्हा का स्थान लेंगे। उन्होंने जून 1996 में चारा घोटाले का भंडाफोड़ किया था जिसकी आंच तब के बिहार के मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव तक भी पहुंची थी। उस समय वह चायबासा (अब झारखंड) के उपायुक्त थे। वधावन अभी वाणिज्य विभाग में विशेष सचिव हैं और उन्हें इसी विभाग में विशेष कार्य अधिकारी बनाया गया था। वह वाणिज्य सचिव रीता तेवतिया का स्थान लेंगे जो 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रही हैं। कुट्टी अभी आर्थिक मामलों के विभाग में विशेष सचिव हैं और वह 30 जून को सेवानिवृत्त हो रहे के. डी. त्रिपाठी से पेट्रोलियम सचिव का पदभार लेंगे। कुट्टी दिल्ली के मुख्य सचिव बनने से पहले तब की मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के प्रधान सचिव थे। गुजरात कैडर के 1985 बैच के आईएएस अधिकारी अतनु चक्रवर्ती निवेश एवं लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव होंगे। वह इस समय हाइड्रोकार्बन महानिदेशक हैं। विनय कुमार को इस्पात सचिव बनाया गया है। वह 31 अगस्त को अरुणा शर्मा का कार्यकाल खत्म होने के बाद यह पद संभालेंगे। कुमार को मंत्रालय में ही विशेष कार्य अधिकारी बनाया गया था। उनके पास 31 जुलाई तक वाणिज्य विभाग और लॉजिस्टिक के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार रहेगा। केंद्रीय सतर्कता आयोग की सचिव नीलम साहनी अब सामाजिक न्याय एवं सशक्तिकरण विभाग की सचिव होंगी। पुष्पा सुब्रहमण्यम, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में नयी सचिव होंगी।
मध्यप्रदेश कैडर में कार्यरत दीपक खांडेकर को आदिवासी मामलों के मंत्रालय में सचिव नियुक्त किया गया है। भारत के महापंजीयक शैलेष को राजभाषा विभाग का सचिव बनाया गया है। हालांकि उनके पास महापंजीयक का अतिरिक्त पदभार बना रहेगा। हीरा लाल समारिया श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव होंगे। इसके अलावा इस हालिया फेर बदल में केंद्र सरकार ने 14 आईएएस अधिकारियों के पद को अस्थायी तौर पर पदोन्नत कर दिया है। जी.सी. मुर्मू राजस्व विभाग में विशेष सचिव, रविंद्र पंवर गृह मंत्रालय में विशेष सचिव एवं वित्तीय सलाहकार, सरस्वती प्रसाद इस्पात मंत्रालय में विशेष सचिव और वित्तीय सलाहकार, सुमित जेरथ विदेश मंत्रालय में विशेष सचिव और वित्तीय सलाहकार होंगे। राष्ट्रीय खनिज विकास निगम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एन. बृजेंद्र कुमार को सचिव का रैंक और पारिश्रमिक दिया गया है।

कस्टम ब्रोकर लाइसेंस के लिये आधार, पैन अनिवार्य: कर विभाग

नयी दिल्ली : राजस्व विभाग ने ‘कस्टम ब्रोकर’ लाइसेंस के लिये विशिष्ट पहचान संख्या आधार और पैन अनिवार्य कर दिया है। ‘कस्टम ब्रोकर’ वह व्यक्ति है जिसके पास आयातक/निर्यातक की तरफ से किसी भी सीमा शुल्क स्टेशन पर माल या वस्तुओं के प्रवेश या उसे भेजने के संदर्भ में व्यापार संबंधित लेन-देन के लिये बतौर एजेंट के रूप में काम करने का लाइसेंस होता है। केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीईसी) द्वारा हाल में अधिसूचित कस्टम ब्रोकर्स लाइसेंसिंग नियमन 2018 के अनुसार जो आवेदनकर्ता ‘कस्टम ब्रोकर’ के लिये लाइसेंस चाहता है, उसके पास आधार के साथ पैन कार्ड होना चाहिए। नियमन के तहत निष्पादन प्रबंधन महानिदेशालय ‘कस्टम ब्रोकर’ के रूप में काम करने के लिये हर साल अप्रैल महीने में परीक्षा आयोजित करने तथा उसके बाद लाइसेंस देने को लेकर आवेदन मंगाता है। ‘कस्टम ब्रोकर’ के लिये जारी लाइसेंस 10 साल के लिये वैध होता है। नियमन में यह भी कहा गया है कि ‘कस्टम ब्रोकर’ उन्हीं लोगों को नियुक्त किया जाना चाहिए जो कम-से-कम 12वीं पास हो।

ब्रिटेन के शाही विवाह समारोह को 190 करोड़ लोगों ने देखा: रिपोर्ट

लंदन : विंडसर कैसल के ऐतिहासिक सेंट जॉर्ज चैपल में प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल के शाही शादी समारोह को दुनिया भर के लगभग 190 करोड़ लोगों ने टेलीविजन पर देखा। एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। चैपल में ब्रिटेन की महारानी समेत 600 अतिथियों की उपस्थिति में 33 वर्षीय प्रिंस हैरी और 36 वर्षीय मेगन विवाह बंधन में बंध गए। ‘ डेली एक्सप्रेस ’ के मुताबिक , ‘‘ मेगन और प्रिंस हैरी कैंटबरी के आर्चबिशप जस्टिन वेल्बी के सामने परिणय सूत्र में बंध गए और साथ निभाने का वचन लिया।

शादी में प्रियंका चोपड़ा भी पहुँचीं

दुनिया भर के करीब 190 करोड़ लोगों ने टेलीविजन पर इस शादी समारोह को देखा। ’’ जब ससेक्स के नये ड्यूक और डचेस खुली बग्घी एस्कॉट लैंडो में सवार होकर बाहर निकले , तो लगभग एक लाख लोग उन्हें देखने के लिए घर से बाहर निकले । शादी समारोह के समापन के बाद राजघराने ने ट्वीट किया , ‘‘ विंडसर में आने वाले हरेक व्यक्ति और पूरे ब्रिटेन , राष्ट्रमंडल और दुनिया भर के लोगों को आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। एक बार फिर नव – विवाहित दंपति व ससेक्स के ड्यूक और डचेस को बधाई।

भारत दुनिया का छठा सबसे धनी देश, कुल संपत्ति 8,230 अरब डॉलर: रिपोर्ट

नयी दिल्ली : एक रपट के अनुसार भारत 8,230 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ विश्व का छठा सबसे धनी देश है। अमेरिका इस मामले में शीर्ष पर है। इस रपट, ‘अफ्रएशिया बैंक वैश्विक संपत्ति पलायन समीक्षा’ के अनुसार इस सूची में अमेरिका 62,584 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ शीर्ष स्थान पर है। इसके बाद 24,803 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ चीन दूसरे और 19,522 अरब डॉलर के साथ जापान तीसरे स्थान पर है। बैंक की समीक्षा में किसी देश के हर व्यक्ति की कुल निजी संपत्ति को आधार माना गया है। शीर्ष 10 में शामिल अन्य देशों में ब्रिटेन की कुल संपत्ति 9,919 अरब डॉलर, जर्मनी की कुल संपत्ति 9,660 अरब डॉलर, ऑस्ट्रेलिया की कुल 6,142 अरब डॉलर, कनाडा की कुल संपत्ति 6,393 अरब डॉलर, फ्रांस की कुल संपत्ति 6,649 अरब डॉलर और इटली की कुल संपत्ति 4,276 अरब डॉलर है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में संपत्ति सृजन के कारणों में उद्यमियों की काफी संख्या, अच्छी शिक्षा प्रणाली, सूचना प्रौद्योगिकी का शानदार परिदृश्य, कारोबारी प्रक्रिया कि आउटसोर्सिंग, रियल एस्टेट, हेलथकेयर और मीडिया क्षेत्र शामिल है। पिछले 10 वर्ष में इनकी संपत्ति में 200 गुना तेजी दर्ज की गयी है।
बैंक ने कहा कि आने वाले दशक में चीन की संपत्ति में उल्लेखनीय वृद्धि होने वाली है। वर्ष 2027 तक चीन की संपत्ति बढ़कर 69,449 अरब डॉलर और अमेरिका की संपत्ति बढ़कर 75,101 अरब डॉलर हो जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार विश्व में अभी 1.52 करोड़ ऐसे लोग हैं जिनकी संपत्ति 10 लाख डॉलर से अधिक है। एक करोड़ डॉलर से अधिक की संपत्ति वाले लोगों की संख्या 5.84 लाख और एक अरब डॉलर से अधिक की संपत्ति वाले लोगों की संख्या 2,252 है। रिपोर्ट के अनुसार 2027 तक भारत, ब्रिटेन और जर्मनी को पछाड़ विश्व का चौथा सबसे धनी देश बन जाएगा।

नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देंगी बस्तरिया बटालियन की मर्दानी

रायपुर : छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के गुरिल्ला वार का जवाब अब उनकी मांद में घुसकर बस्तरिया बटालियन की मर्दानी देंगी। सीआरपीएफ की बस्तरिया बटालियन की पहली खेप में 189 महिला जवान फुलप्रूफ ट्रेनिंग के बाद नक्सल मोर्चे पर उतरने को तैयार हैं। पहले बैच के 543 जवानों की पासिंग आउट परेड 21 मई को अंबिकापुर में सीआरपीएफ कैंप में होगी।
सीआरपीएफ के आला अधिकारियों ने बताया कि ये जवान सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिलों के हैं। स्थानीय होने के कारण इन जवानों को नक्सलियों की राजधानी कहे जाने वाले अबूझमाड़ की भौगोलिक स्थिति का पूरा ज्ञान है। ऐसे में स्थानीय लड़ाकों की जानकारी और सीआरपीएफ जवानों के जज्बे के सामंजस्य से नक्सलियों की कमर तोड़ने में सफलता मिलेगी। केंद्रीय गृहमंत्रालय की रिपोर्ट में बस्तर में सबसे ज्यादा नक्सली हमले सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा में हो रहे हैं। बस्तरिया बटालियन के जवानों को भी इन्हीं तीनों जिलों में तैनात किया जाएगा। वर्ष 2017 में फोर्स और नक्सलियों के बीच 171 मुठभेड़ हुई, जिसमें 90 माओवादी मारे गए और 926 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने नागा बटालियन की तर्ज पर बस्तरिया बटालियन बनाने का सुझाव दिया था, जिसे केंद्रीय गृहमंत्रालय ने मार्च 2016 में स्वीकार करते हुए भर्ती प्रकिया शुरू की थी। छत्तीसगढ़ सरकार का मानना है कि स्थानीय युवाओं के फोर्स में आने से आदिवासियों के बीच एक बेहतर संदेश जाएगा और नक्सलवाद की ओर से उनका रुझान कम होगा। आदिवासियों को सरकार के साथ लाने में भी ये लड़ाके काम करेंगे, जिससे बस्तर में शांति आएगी। बस्तरिया बटालियन में 33 फीसदी युवतियों की भर्ती होगी। ये भर्ती केवल अनुसूचित जनजाति के लिए है। इनका वेतन सीआरपीएफ के जवानों के बराबर 30 से 35 हजार रुपये के बीच होगा। पहले पांच साल तक ये जवान बस्तर में ही सेवा देंगे। बाद में इनकी पोस्टिंग देश के अन्य हिस्सों में की जा सकती है। बस्तरिया बटालियन का नंबर 241 होगा।

सुशीला बनी ओरेगॉन में निर्वाचित होने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला

वाशिंगटन : भारतीय मूल की अमेरिकी कांग्रेस सांसद प्रमिला जयपाल की बहन को ओरेगॉन में मल्टनोमा काउंटी के बोर्ड ऑफ कमिश्नर्स का सदस्य चुना गया है। अमेरिकी राज्य में इस पद के लिये चयनित होने वाली वह पहली दक्षिण एशियाई महिला बन गयी हैं। सुशीला जयपाल (55) ने 57 प्रतिशत मतों से मल्टनोमा काउंटी बोर्ड ऑफ कमिश्नर्स के डिस्ट्रिक्ट 2 सीट पर जीत दर्ज की। नतीजे घोषित होने के बाद प्रतिनिधि सभा की सदस्य प्रमिला जयपाल ने ट्वीट किया , ‘‘ मेरी बहन सुशीला जयपाल ओरेगॉन में निर्वाचित होने वाली पहली दक्षिण एशियाई महिला बन गयी है !!! विविधता मायने रखती है। ’’ पूर्व कॉरपोरेट वकील और लंबे समय से समुदाय की कार्यकर्ता रहीं सुशीला ने कंस्ट्रक्शन कॉन्ट्रैक्टर शैरोन मैक्सवेल और दो अन्य को शिकस्त दी। सुशीला ने मल्टनोमा काउंटी कमिश्नर लॉरेटा स्मिथ का स्थान लिया है। राजनीति में नयी आयीं सुशीला उत्तर और पूर्वोत्तर पोर्टलैंड कमिश्नर्स सीट का प्रतिनिधित्व करेंगी। अपनी बहन प्रमिला की तरह ही भारत में जन्मीं सुशीला 16 साल की उम्र में अमेरिका आयी थीं। वर्ष 1983 में 20 साल की उम्र में उन्होंने स्वार्थमोर कॉलेज से अर्थशास्त्र में स्नातक की डिग्री ली। अपने माता पिता से मिलने के लिये वह बराबर भारत आती – जाती रहती हैं।