Thursday, July 9, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 703

“साहित्यिकी” द्वारा “गांव मेरा देश” पर परिचर्चा का आयोजन

कोलकाता : साहित्यिकी की ओर से 23 जून 2018 की शाम को भारतीय भाषा परिषद के सभाकक्ष में संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष सुकीर्ति गुप्ता की पांचवीं पुण्य तिथि के अवसर पर सुप्रसिद्ध गांधीवादी आलोचक भगवान सिंह की सद्यप्रकाशित पुस्तक “गांव मेरा देस” पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। सचिव गीता दूबे ने अतिथियों का स्वागत करते हुए सुकीर्ति जी पुण्य स्मृति को नमन किया एवं संस्था के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। अनीता ठाकुर ने अपने वक्तव्य में पुस्तक को स्मृति चारण का अन्यतम नमूना बताया जिसमें गांव के वैशिष्ट्य और स्वरूप को समग्रता से उभारा गया है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तक हिन्दी साहित्य की अनुपम कृति है। श्री सुधांशु शेखर ने अपने वक्तव्य में श्रीभगवान सिंह की ओर संकेत करते हुए कहा यह आदमी गांव पर लिखनेवाला एक उपयुक्त आदमी है। लेखन और जीवन दोनों ही स्तर पर वह पुरानी परंपराओं को बचाने के प्रति प्रयासरत हैं। वह अपनी स्मृतियों से ताकत बटोरकर जगत से मुठभेड़ करते हैं।‌ इन्होंने भारतीय कृषक के जीवन को गांधी दर्शन के माध्यम से व्याख्यायित किया है। गंवई संस्कृति पर छाए संकट को लेखक बखूबी रेखांकित करता है।
ऋषिकेश राय ने कहा कि डाॅ. सिंह की किताब पर नेस्टालाजिया या स्मृति का गहरा दबाव है। डा. सिंह ने पश्चिमी आधुनिकता के बरक्स देशज आधुनिकता को ग्राम संस्कृति और कृषि संस्कृति में खोजने का प्रयास किया है। गांव के अपने अंतर्विरोध हैं पर कृषि संस्कृति के मूल्य इन सारे अंतर्विरोधों का अतिक्रमण कर जाते हैं। इस पुस्तक को पढ़ते हुए कभी ललित निबंध पढ़ने का आनंद आता है तो कभी उपन्यास का। ग्राम संस्कृति के प्रति उनका अनवरत अनुराग इस पुस्तक में परीलक्षित होता है।

इस पुस्तक को पढ़ते हुए ऐसा लगता है कि आप संस्कृतिलोक की यात्रा कर रहे हैं। भगवान सिंह ने अपने लेखकीय वक्तव्य में कहा कि कलकत्ता आकर मुझे हमेशा अच्छा लगता है। गांधी और उनके हिंद स्वराज्य को पढ़कर गांव पर लिखने की प्रेरणा मिली। गांव को बचाना जरूरी है और मैं अपने तई गंवई संस्कृति और मूल्यों को बचाने के लिए निरंतर प्रयासरत हूं। अमरनाथ जी ने गांव से जुड़े अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा सरकार कि नीतियां किसानों के बिल्कुल विरुद्ध हैं।
अध्यक्षीय वक्तव्य में रेणु गौरीसरिया जी ने कहा कि इस कृति को पढ़ते हुए एक उपन्यास पढ़ने का सुख मिलता है। यह एक उद्देश्यपरक कृति है। लेखक की शैली अद्भुत है और उन्होंने कहावतों और लोकोक्तियों को बेहद सरस शैली में पिरोया है।‌ व्यवस्था को पलटने की तड़प भी पुस्तक में दिखाई देती हैं। कार्यक्रम का संचालन गीता दूबे एवं‌ धन्यवाद ज्ञापन सरोजिनी शाह ने किया। इस परिसंवाद में शहरभर के बुद्धिजीवी , रचनाकार और संस्कृति प्रेमी बड़ी संख्या में मौजूद थे।

नीलांबर व नवल प्रयास ने आयोजित की काव्य संध्या

कोलकाता : नवल प्रयास ,शिमला एवं नीलांबर कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में भारतीय भाषा परिषद में एक काव्य संध्या आयोजित की गयी। वरिष्ठ कवि शैलेन्द्र शांत की अध्यक्षता में आयोजित इस काव्य संध्या में वरिष्ठ कवि नवल, विनोद प्रकाश गुप्ता,विमलेश त्रिपाठी,राज्यवर्द्धन, सेराज खान बातिश, यतीश कुमार, आनंद गुप्ता, ऋतेश पांडेय, अखिलेश्वर पांडेय, सुषमा त्रिपाठी, रेवा टिबरेवाल, सुरेश शॉ,शैलेश गुप्ता,ममता पांडेय,अनिला राखेचा, रौनक अफरोज, रचना शरण, रामनाथ बेखबर, जूली जाह्नवी, रजनी गुप्ता एवं अजय सिंह कविता पाठ किया ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वागर्थ के संपादक एवं आलोचक डॉ. शंभुनाथ थे । नवल प्रयास संस्था के अध्यक्ष विनोद प्रकाश गुप्ता ने स्वागत वक्तव्य दिया। कार्यक्रम का संचालन आनंद गुप्ता ने किया। पूनम सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित हुए ।कार्यक्रम के सफल आयोजन में नीलांबर के साथियों ने महत्वपूर्ण सहयोग किया।

उसने हल्के से हाथ हिला दिया….

वनिता वसन्त


कोलकाता शहर के विधान सरणी के ट्राम लाइन से ट्राम गुजर रही थी। मुझे धर्मतल्ला जाना था। 5 नम्बर की ट्राम आई और मैं उसमें चढ़ गई। कुछ देर बाद टिकट लेने के लिए कंडेक्टर मेरे पास आया मैंने पांच रूपए उसके आगे बढ़ा दिए। उसने मुझे टिकट पकड़ा दिया। पास की ही सीट पर बच्ची को लेकर एक मां बैठी थी।

उसने सौ रुपए का नोट पकड़ाया और दो टिकट काटने को कहा। ऐसे में कण्डेक्टर भडक़ गया। उसने कहा खुदरा पैसा (छुट्टा पैसा) दो। सब चढ़ जाते हैं और बड़ा-बड़ा नोट पकड़ा देते हैं। हिन्दी बांग्ला मिलाकर बोल रहे केंडेक्टर के गुस्से से महिला खबरा गई। याचक के रूप में कहा भैया एक ही नोट है। प्लीज दे दीजिए टिकट। उसने कहा कि उसके पास भी खुदरा पैसे नहीं है। कन्डेक्टर ने कहा आप उतर जाइए। खुदरा मिलने के बाद दूसरी ट्राम में चढ़ जाइएगा। कन्डेक्टर को लग रहा था कि महिला के पास छुट्टा पैसे है पर वह सौ का नोट खुदरा करवाना चाह रही है। दबाव बनाने पर वह खुदरा जरूर निकालेगी।

महिला रुआंसी हो गई थी उसे मेडिकल कालेज में जाना था बच्ची के इलाज के लिए। उसे रास्ते की भी ज्यादा जानकारी नहीं थी। ट्राम बिल्कुल ही उस्पताल के पास पहुंचाता। मैं देख रही थी। फिर अचानक ही मेरा हाथ पर्स में गया और दोनों का टिकट मांगा। महिला और भी शर्म से लाल हो गई। वह ना – ना कहने लगी। मैंने कहा कि कोई बात नहीं मैडम जी। पृथ्वी गोल है। कही न कही मिल ही जाएंगे तब आप मेरा उधार चुका देना। महिला ने धन्यवाद दिया। बात कुछ आगे बढ़ती तभी मेडिकल कालेज आ गया और वह उतर गई। उतरकर वह ट्राम को जाते हुए देख रही थी। मैंने हल्के से हाथ हिला दिया।
घटना को सालों हो गए थे। मैं इस घटना को लगभग भूल ही गई थी। आफिस टाइम था बस पूरी तरह से भीड़ से भरी हुई थी। किसी तरह से थोड़ी सी जगह लेकर मैं खड़ी थी। उसी वक्त बस में एक महिला बच्चे को लेकर चढ़ी। गोद में बच्चा था। वह संतुलन नहीं बना पा रही थी। इसके-उसके ऊपर गिर रही थी। अचानक एक जगह पर भीड़ उतरने लगी। वह भी लपककर उतर गई। मैं खाली मिली सीट पर बैठ गई। अचानक मैंने देखा मेरे बैग की चैन खुली है और अन्तर रखा पैसों का पर्स गायब है।

तभी कन्डेक्टर आया और टिकट मांगने लगा। मैं बैग के इधर-उधर खाने को देखने लगी। पर्स तो था नहीं किसी कौने में भी कोई नोट नहीं मिला। झेंप गई। कहा भाई मेरा पर्स चोरी हो गया। कन्डेक्टर को लगा जैसे मैं झूठ बोल रही हूं। तभी पास में बैठी महिला ने कहा – हां वह बच्चे को लेकर चढ़ी थी वह चोर है। हर रोज का वहीं काम है। बस वाले जानते हैं फिर भी चढऩे देते हैं। मैं चुपचाप बस से उतरने वाली थी क्योंकि पैसे नहीं थे तभी एक महिला ने हाथ बढ़ाते हुए मेरा टिकट दे दिया। मैं उसकी ओर बेबस नजरों से देख रही थी।

चाह कर भी उसे मना नहीं कर पाई। उसने मुस्कुराते हुए कहा कोई बात नहीं, कभी न कभी फिर इसी बस में हमारी मुलाकात हो ही जाएगी तब आप मेरा टिकट ले लेना। मुझे एकाएक सालों पहले वाली घटना याद आ गई। संसार भी समुद्र की तरह ही है जो भी आप फेकेंगे वहीं आप को लौट देगा। मेरे चेहरे पर पर्स खोने के दर्द के स्थान पर विश्वास और प्रेम का भाव दिख रहा था। वह महिला उतरने लगी। मैं बस की खिडक़ी से मुस्कुराते हुए उसे जाते हुए देख रही थी…..उसने हल्के से हाथ हिला दिया।

एस. बालासुब्रमणियम भारती इंफ्राटेल के सीएफओ नियुक्त

नयी दिल्ली : मोबाइल टावर कंपनी भारतीय इंफ्राटेल ने एस बालासुब्रमणियम को कंपनी का मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) नियुक्त किया है। वह 10 अगस्त से कामकाज संभालेंगे। बालासुब्रमणियम कंपनी में पंकज मिगलानी का स्थान लेंगे। पंकज मिगलानी को भारती समूह में ही दूसरी भूमिका में भेजा जा रहा है। भारती इंफ्राटेल ने बंबई शेयर बाजार को भेजी सूचना में कहा है , ‘‘ पंकज मिगलानी 9 अगस्त 2018 को कंपनी के सीएफओ पद को छोड़ देंगे। उन्हें भारती समूह में ही दूसरी जिम्मेदारी दी जायेगी। ’’
इसमें कहा गया है कि कंपनी के निदेशक मंडल ने 22 जून को हुई बैठक में एस बाला सुब्रमणियम को कंपनी का मुख्य वित्तीय अधिकारी नियुक्त किया है। कंपनी प्रबंधन में इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को वह 10 अगस्त 2018 से संभालेंगे। बालासुब्रमणियम ने 2005 में भारती एयरटेल में काम की शुरुआत की थी। इस दौरान उन्होंने कंपनी में कई महत्वपूर्ण वित्तीय जिम्मेदारियां संभाली हैं।

जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल शासन लागू, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दी मंजूरी

नई दिल्ली : राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जम्मू-कश्मीर में तत्काल प्रभाव से राज्यपाल शासन लागू करने को मंजूरी दे दी है। इससे पहले राज्य के सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ चर्चा करने के बाद राज्यपाल एनएन वोहरा ने जम्मू-कश्मीर के संविधान की धारा 92 के तहत राज्यपाल शासन लागू करने के लिए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को अपनी रिपोर्ट भेजी थी।
बताते चलें कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) से अपना समर्थन वापस ले लिया जिसके चलते जम्मू-कश्मीर में भाजपा-पीडीपी गठबंधन सरकार गिर गई। जिसके बाद मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। इससे पहले, राज्यपाल एनएन वोहरा को फैक्स के जरिए एक चिट्ठी मिली जिसपर गठबंधन सरकार से बीजेपी का समर्थन वापस लेने के लिए राज्य भाजपा अध्यक्ष रविंदर रैना और भाजपा विधायी दल के नेता कविंदर गुप्ता के हस्ताक्षर थे।
राज्यपाल ने कविंदर गुप्ता और महबूबा मुफ्ती से चर्चा कर यह सुनिश्चित किया क्या उनके संबंधित राजनीतिक दल राज्य में सरकार गठन के लिए वैकल्पिक गठबंधन बनाने का इरादा रखते हैं और दोनों नेताओं ने ना में जवाब दिया। राज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष जीए मीर से भी बात की। मीर ने बताया कि उनकी पार्टी के पास अपने बूते पर या गठबंधन सरकार बनाने के लिए पर्याप्त संख्याबल नहीं है। इसके बाद राज्यपाल ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला के साथ बैठक की। उमर ने कहा कि राज्यपाल शासन और राज्य में चुनावों के अलावा कोई विकल्प नहीं है।
दरअसल, जम्मू-कश्मीर के संविधान के सेक्शन 92 के मुताबिक, राज्य में संवैधानिक तंत्र की विफलता के बाद भारत के राष्ट्रपति की मंजूरी से 6 महीने के लिए राज्यपाल शासन लगाया जा सकता है। राज्यपाल शासन के दौरान या तो विधानसभा को निलंबित कर दिया जाता है या उसे भंग कर दिया जाता है। राज्यपाल शासन लगने के 6 महीने के भीतर अगर राज्य में संवैधानिक तंत्र दोबारा बहाल नहीं हो पाता है तो भारत के संविधान की धारा 356 के तहत जम्मू-कश्मीर में राज्यपाल शासन के समय को बढ़ा दिया जाता है और यह राष्ट्रपति शासन में तब्दील हो जाता है। मौजूदा परिस्थिति को मिलाकर अब तक जम्मू-कश्मीर में 8 बार राज्यपाल शासन लगाया जा चुका है।

अब अफ्रीकी देशों में स्वच्छता अभियान चलाएंगी मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर

मुम्बई : भारत की विश्व सुंदरी मानुषी छिल्लर अब अफ्रीकी देशों में भी स्वच्छता अभियान चलाएंगी। मिस वर्ल्ड-2017 का खिताब जीतने के बाद मानुषी पूरी दुनिया का दिल जीतना चाहती हैं। वह अब ‘ब्यूटी विद अ परपज’ टूर को ‘फेमिनिन हाइजीन अवेयरनेस’ अभियान के साथ आगे बढ़ा रही हैं। माहवारी स्वच्छता के महत्व के बारे में महिलाओं को जागरूक करने के लिए वह भारत में कई जगहों की यात्रा कर चुकी हैं लेकिन अब वह देश के बाहर अफ्रीकी देशों में माहवारी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए तैयार हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मानुषी इस परियोजना को अगले महीने केन्या और दक्षिण अफ्रीका लेकर जा रही हैं। उन्होंने कहा- ‘मेरी माहवारी स्वच्छता परियोजना केवल भारत तक सीमित नहीं है। वास्तव में हम इस परियोजना को अफ्रीकी देशों में भी ले जा रहे हैं। हमें खुशी है कि हम केन्या और दक्षिण अफ्रीका जा रहे हैं। धीरे-धीरे हम इस परियोजना को अन्य महाद्वीपों में भी ले जाएंगे।’

मेट्रो की तकनीकी खामियों से निपटेंगे ई श्रीधरन, बने मेट्रो सिस्टम पर समिति के अध्यक्ष

नयी दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में मेट्रो रेल तंत्र के लिये मानदंड निर्धारित करने की खातिर एक समिति गठित करने के प्रस्ताव को आज मंजूरी दे दी। आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि समिति के अध्यक्ष ई श्रीधरन होंगे। उन्हें मेट्रो मैन के नाम से जाना जाता है।
भारतीय इंजीनियरिंग सेवा (आईईएस) से सेवानिवृत्त अधिकारी श्रीधरन ने 1995 से 2012 तक दिल्ली मेट्रो के प्रबंध निदेशक के तौर पर काम किया। दिल्ली मेट्रो के मुंडका-बहादुरगढ़ रेल खंड का इससे पहले उद्घाटन करते हुए मोदी ने कहा कि उनकी सरकार की प्राथमिकता सुविधाजनक, आरामदेह और किफायती शहरी परिवहन व्यवस्था का निर्माण करना है। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, ‘‘हमारी सरकार मेट्रो के संबंध में एक नीति ले कर आई। ऐसा इसलिये क्योंकि हमने महसूस किया कि मेट्रो प्रणाली से जुड़े पहलू के लिये बुनियादी मानकों के अनुरूप बेहतर तालमेल और काम की आवश्यकता है।’’ उन्होंने यह भी कहा कि सरकार देश में मेट्रो कोच का निर्माण करके ‘मेक इन इंडिया’ पहल को बढ़ावा देना चाहती है। मोदी ने कहा, ‘‘कई देशों ने दिल्ली मेट्रो और अन्य मेट्रो के निर्माण में हमारी मदद की और अब हम मेट्रो प्रणाली के लिये कोच डिजाइन करके अन्य देशों की मदद कर रहे हैं।’’उन्होंने कहा कि मेट्रो प्रणाली के निर्माण की प्रक्रिया सहकारी संघवाद से भी जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा, ‘‘भारत में जहां भी मेट्रो का निर्माण किया जा रहा है, केंद्र और संबंधित राज्य सरकारें साथ मिलकर काम कर रही हैं।’ प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘नये भारत को नये और स्मार्ट आधारभूत संरचना की जरूरत है। हमने सड़क, रेलवे, राजमार्गों, हवाई मार्गों, जलमार्गों और आई-वेज पर काम किया है। संपर्क और विकास परियोजनाएं समय पर पूरी हों इसे सुनिश्चित करने पर अतुलनीय ध्यान दिया जा रहा है।’’

तमिलनाडु की अनुकृति वास के सिर सजा मिस इंडिया वर्ल्ड 2018 का ताज

नयी दिल्ली : तमिलनाडु की अनुकृति वास को मिस इंडिया वर्ल्ड 2018 चुना गया है। 19 साल की अनुकृति 2018 में मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। अनुकृति फिलहाल फ्रेंच भाषा में बीए कर रही हैं।
उन्हें संगीत और नृत्य पसंद है और राज्य स्तर पर खेल प्रतिस्पर्द्धाओं में भी हिस्सा ले चुकी हैं। हरियाणा की मीनाक्षी चौधरी फर्स्ट रनर अप रहीं। वह बीडीएस की छात्रा हैं, जबकि तीसरे स्थान पर आंध्र प्रदेश की श्रेया राव रहीं। मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर ने उन्हें ताज पहनाया है। बता दें कि प्रतियोगिता में हरियाणा की मीनाक्षी चौधरी फर्स्ट रनर अप और आंध्र प्रदेश की श्रेया राव सेकंड रनर अप रहीं।

मनिका बत्रा और शरत करेंगे एशियाई खेलों में भारतीय चुनौती की अगुआई

नयी दिल्ली : कॉमनवेल्थ गेम्स की स्टार मनिका बत्रा और दिग्गज शरत कमल 18 अगस्त से दो सितंबर तक इंडोनेशिया के जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे। भारतीय टेबल टेनिस संघ (टीटीआईएफ) ने बुधवार को दस सदस्यीय टीम की घोषणा की। गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने वाली पुरुष और महिला टीम में एक-एक बदलाव किया गया है। युवा मानव ठक्कर और अहिका मुखर्जी की जगह सनिल शेट्टी और पूजा सहासराबुधे को शामिल किया गया है।
टीम इस प्रकार हैंः-
पुरुष : अचंता शरत कमल, जी साथियान, एंटोनी अमलराज, हरमीत देसाई, मानव ठक्कर।

महिला : मनिका बत्रा, मौमा दास, मधुरिका पाटकर, अहिया मुखर्जी व सुतीर्था मुखर्जी।

साहित्य अकादमी ने की बाल साहित्य व युवा पुरस्कारों की घोषणा

नई दिल्ली : साहित्य अकादमी ने वर्ष 2018 के बाल साहित्य पुरस्कार और युवा पुरस्कारों की  घोषणा ​कर दी। पुरस्कार प्राप्त करने वाले लोगों के नामों की घोषणा एक विज्ञप्ति जारी कर के की गई। अकादमी के अध्यक्ष डा.चंद्रशेखर कंबार की अध्यक्षता में गुवाहाटी में संपन्न कार्यकारी मंडल की बैठक में इन पुरस्कारों की घोषणा की गई।

विज्ञप्ति के अनुसार बाल साहित्य पुरस्कार दिविक रमेश (हिन्दी), ईस्टेरिन किरे (अंग्रेजी), वैद्यनाथ झा (मैथिली), तरसेम (पंजाबी), सी एल सांखला (राजस्थानी), रईस सिद्दीकी (उर्दू) ,सम्पदानंद मिश्र (संस्कृत), शीषेंदु मुखोपाध्याय (बांग्ला) और रत्नाकर मटकरी (मराठी) सहित 23 लेखकों को दिया गया। डोगरी भाषा के पुरस्कारों की घोषणा बाद में की जाएगी।

वहीं, साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार दस कविता संग्रहों, सात कहानी संग्रहों, तीन उपन्यासों तथा एक नाटक को दिया गया। युवा पुरस्कार हासिल करने वाले रचनाकार इस प्रकार रहे-आस्तिक वाजपेयी (हिंदी), उमेश पासवान (मैथिली), दुष्यंत जोशी (राजस्थानी), शहनाज रहमान (उर्दू), गुरप्रीत सहजी (पंजाबी), मुनिसज सुंदर विजय (संस्कृत) ,साम्राज्ञी बंद्योपाध्याय (बांग्ला) और नवनाथ गोरे (मराठी)। कुल 22 रचनाकारों को पुरस्कृत किया गया।

बाल साहित्य पुरस्कार के रूप में ताम्रफलक और 50 हजार रूपये का नकद इनाम प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान 14 नवंबर को एक समारोह में प्रदान किया जायेगा। वही युवा पुरस्कार में उत्कीर्ण ताम्रफलक और 50 हजार रूपये की राशि एक विशेष समारोह में प्रदान की जायेगी।