मिदनापुर। विद्यासागर विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की ओर से ‘हिंदी में रोजगार की संभावनाएं’ विषय पर कार्यशाला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए विदाई समारोह का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत टी. दिव्यांशी और प्रीति सिंह द्वारा सरस्वती वंदना के साथ हुई। स्वागत भाषण देते हुए विभागाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार प्रसाद ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल सर्टिफिकेट प्रदाता मात्र नहीं होता है बल्कि यह हमारे व्यक्तित्व को गढ़ता भी है। हिंदी में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं बशर्तें उसके लिए हम अपनी पात्रता अर्जित करें। विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि हिंदी पढ़ने वाले विद्यार्थियों के समक्ष असंख्य संभावनाएं हैं। हमें अपनी भाषा ,विषय का ज्ञान और तकनीकी रूप से दक्षता अर्जित करने की जरूरत है।
हिंदी पढ़ने वाले शिक्षक, अनुवादक, राजभाषा अधिकारी, हिंदी सहायक, टाइपिस्ट, दुभाषिए, फ्रीलांसर, रिपोर्टर, एंकर, कंटेंट लेखक आदि में अपना कैरियर बना सकते हैं। विभाग के सहायक प्रोफेसर डॉ. श्रीकांत द्विवेदी ने कहा कि आज आनंद के साथ दुख का भी क्षण है लेकिन यह एक ऐसा समय भी है जब आप अपने अंदर झाँक कर इसकी तलाश करें कि आपको क्या करना है और आप कैसे उसे हासिल कर सकते हैं। विभाग की शोधार्थी उष्मिता गौड़ ने कहा कि आज आपके लिए एक बड़ा दिन है। आपको यह सुनिश्चित करना है कि यह डिग्री आपके लिए महज एक डिग्री तक सीमित न रहे बल्कि इसके सहारे आप अपनी मंजिल प्राप्त करें। रूपेश कुमार यादव, सुषमा कुमारी, रिया श्रीवास्तव ने विचार रखे । इस अवसर पर अर्जुन सार्की ने गीत और निसार अहमद, अंजली शर्मा ,रूथ कर ने काव्य पाठ किया। इस अवसर पर प्रियांशु ठाकुर,रंभा कुमारी, प्रिया मिश्रा,काजल ठाकुर ने विशेष सहयोग दिया।कार्यक्रम का सफल संचालन सुषमा कुमारी,शबाना खातून और प्रिंशु ठाकुर ने किया।
विद्यासागर विश्वविद्यालय में कार्यशाला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
डॉ. वसुंधरा मिश्र के कथा काव्यसंग्रह ‘नव दुर्गा नव रूप’ का लोकार्पण
-भारतीय भाषा परिषद में जैन महिला मंडल ने किया आयोजन
कोलकाता । भारतीय भाषा परिषद के सभाकक्ष में लेखिका डॉ वसुंधरा मिश्र की कथा काव्यसंग्रह ‘नव दुर्गा नव रूप’ काव्य पुस्तक का लोकार्पण किया गया। यह कार्यक्रम जैन महिला मंडल की संस्थापक सदस्य अंजू सेठिया और अध्यक्ष चंदा गोलछा द्वारा आयोजिकिया गया। गत 2 मई 2026 को लोकार्पण समारोह में प्रमुख अतिथि प्रो सोमा बंद्योपाध्याय, पूर्व कुलपति बाबा साहेब अंबेडकर विश्वविद्यालय,वरिष्ठ पत्रकार और प्रधान संपादक विश्वंभर नेवर ताजा टीवी छपते-छपते समाचार, राजस्थान ब्राह्मण संघ की अध्यक्ष और पूर्व प्रधानाचार्या दुर्गा व्यास, भवानीपुर एडुकेशन सोसाइटी कॉलेज की प्रातःकालीन सत्र की वाइस प्रिंसिपल प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी, भवानीपुर एडुकेशन सोसाइटी कॉलेज के रेक्टर और डीन प्रो दिलीप शाह, भारतीय भाषा परिषद के निदेशक डॉ शंभुनाथ की उपस्थिति में लेखिका डॉ वसुंधरा मिश्र द्वारा लिखित ‘नव दुर्गा नव रूप’ काव्य कथा संग्रह का लोकार्पण संपन्न हुआ।
इस अवसर पर डॉ सोमा बंदोपाध्याय , पूर्व कुलपति बाबा अंबेडकर विश्वविद्यालय ने कहा कि दुर्गा का उच्चारण करते ही आपको अनुभव होगा एक शक्ति का संचार होता है और वही शक्ति स्त्री को आगे बढ़ने में सहायता करती है।स्त्री शक्ति की तुलना हमेशा पृथ्वी और प्रकृति से की जाती है क्योंकि उसमे सहन शक्ति अपरंपार है।
जब तक महिला आर्थिक रूप से सशक्त नहीं होती तब तक उसकी बात नही सुनी जाती । डॉ सोमा बंद्योपाध्याय ने कहा कि ये कविताएं शोधपूर्ण कार्य है और आधुनिक संदर्भ में महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं।उन्होंने पुस्तक की एक कविता की पंक्तियों की आवृत्ति की। विश्वंभर नेवर ने स्त्री की भूमिका पर प्रकाश डाला और अपनी शक्तियों को शिक्षा और ज्ञान द्वारा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया । माँ दुर्गा की मूर्ति को कई तरह से सजाया जाता है। हमें अत्याचार का प्रतिकार करना चाहिए ।अप्प दीपो भव को मानना चाहिए।
डॉ शंभूनाथ ने पृथ्वी के विकास के फलस्वरूप होने वाले अवतारों के द्वारा पूर्ण मनुष्य के निर्माण प्रक्रिया बात रखी ।
दुर्गा व्यास ने वसुंधरा मिश्र की रचनाधर्मिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘एक नहीं दो दो मात्रा नर से भारी नारी।’
छोटी सी पुस्तक किंतु प्रेरणादाई इस पुस्तक को सभी को पढ़ना चाहिए। इसमें वसुंधरा मिश्र ने दुर्गा के मंत्र, कथा और आधुनिक स्त्री को अपनी शक्तियों को बढ़ाने का संदेश दिया है। उन्होंने पुस्तक की कविताओं से कई पंक्तियाँ उद्धृत की।
प्रो दिलीप शाह ने वर्तमान संदर्भ में स्त्री पुरुष में न बांटकर गुणों के आधार पर देखना चाहिए। व्यक्ति को उसके गुणों द्वारा देखना चाहिए । ज्ञान की उपासना होनी चाहिए। महिलाएं कुछ करना चाहती है उनकी इच्छा का सम्मान करे।
प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी ने काव्य संग्रह के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्त्रियों का अधिकार सदैव रहा उन्हें धुरी कहा जाता था। फिर आज ऐसा क्या ? ऐसे में वसुंधरा मिश्र जी की ये पुस्तक एक रोशनी की तरफ ले जाती हैं ।
डॉ वसुंधरा मिश्र ने सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि माँ दुर्गा समाज की ही बेटी, स्त्री और मातृशक्तियां हैं। नौ देवियों के गुणों को अपने जीवन का अंग बनाना माँ दुर्गा के प्रति सच्ची भक्ति है। मेरी लिखी ‘मैं रहस्यमयी’ कविता मेरे लिए प्रेरणादायी कविता थी। बंगाल शक्ति स्थल है जहांँ से स्त्रियां साहित्यिक और सांस्कृतिक ऊर्जा प्राप्त करती हैं।
शुभ सृजन प्रकाशन की महिला प्रकाशक सुषमा त्रिपाठी कोलकाता द्वारा ‘नव दुर्गा नव रूप’ को छपाने का उद्योग लेना मेरे लिए प्रसन्नता की बात थी। उत्सव मूर्ति डॉ वसुंधरा मिश्र ने ‘मैं ही रहस्यमयी स्थूल सूक्ष्म सब मुझमें व्याप्त’ का पाठ करते हुए मां दुर्गा को शब्दांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ नमोकार मंत्र से हुआ जिसमें सरोज भंसाली और जैन महिला मंडल की सदस्याओं द्वारा किया गया। प्रो डॉ देविना गुप्ता ने माँ दुर्गा की स्तुति ‘अयि गिरिनन्दिनि’ से किया। पूर्व शिक्षिका शिक्षायतन और कवयित्री कविता कोठारी ने अध्यात्म और जीवन दर्शन से युक्त एक मधुर गीत गाया । पूनम त्रिपाठी खिदिरपुर स्कूल की शिक्षिका और छत्तीसगढ़ के अखबार की कॉलम संपादक और कई पुरस्कारों से सम्मानित ने शुभकामनाएं देते हुए डॉ वसुंधरा मिश्र को नवीन कदम न्यूज़ नेटवर्क छत्तीसगढ़ से भेजे हुए नारी शक्ति सम्मान 2026 के लिए प्रदत्त शॉल और मोमेंटो, सर्टिफिकेट, कलम प्रदान किया।
इस अवसर पर कोलकाता के प्रमुख हिंदी जगत के साहित्यकार कवि कवयित्री लेखक लेखिकाओं पत्रकारों की उपस्थिति रही। इस अवसर पर ट्रासजेंडर महिला और स्त्री सशक्तिकरण के लिए कई साहित्यकारों और कवयित्री महिलाओं को सम्मानित किया गया। अंजू सेठिया ने संचालन किया और सभी अतिथियों का स्वागत किया ।कार्यक्रम की सूत्रधार एवं संचालक अंजू सेठिया ने भारत जैन महिला मंडल द्वारा नारी शक्ति अवार्ड कुसुम किला, श्रुति धर को मिला।
गणमान्य लोगों में पवन जी पाटोदिया, सुरेश चौधरी, गोविंद इन्दौरिया, कयुर मजमूदार , अमित मुधडा, किशन जी किला ,बाबूलाल जी दुगड ,ताराचंद पटोदिया ,उषा जैन,अमृता चतुर्वेदी, मीनाक्षी श्रीवास्तव, सुशील जी आदि अनेक गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। भारत जैन महामंडल से अध्यक्ष चंदा गोलछा संस्थापक, सरोज भंसाली, उपाध्यक्ष नेहा रामपुरिया ,सुमित्रा सेठिया, सुप्यार पुगलिया, सुनीता कुडलिया, सुमन चौरडीया आदि उपस्थित रही।
नवान्न में गूंजे ‘जय श्रीराम’ के नारे, बदला बंगाल का माहौल
कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य की राजनीति के साथ-साथ प्रशासनिक गलियारों में भी बदलाव साफ नजर आने लगा है। भाजपा को 200 से अधिक सीटों के साथ मिली बड़ी जीत के बाद अब राज्य सचिवालय नवान्न के अंदर भी माहौल बदलता दिख रहा है। मंगलवार को नवान्न परिसर के भीतर कुछ सरकारी कर्मचारियों को ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते देखा गया। इतना ही नहीं, कर्मचारियों के एक वर्ग ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर जीत का जश्न भी मनाया। इस दौरान महिला और पुरुष कर्मचारी दोनों ही उत्साह के साथ इस जश्न में शामिल नजर आए। कर्मचारियों का कहना है कि पहले वे डर और दबाव के माहौल में काम करते थे, लेकिन अब उन्हें राहत महसूस हो रही है। उनका मानना है कि सत्ता परिवर्तन के बाद उन्हें एक नया माहौल मिला है, जिसमें वे खुलकर अपनी भावनाएं व्यक्त कर पा रहे हैं। कई कर्मचारियों ने यह भी कहा कि नई सरकार से उन्हें काफी उम्मीदें हैं, खासकर महंगाई भत्ता यानी डीए को लेकर।
बताया जा रहा है कि सोमवार को जैसे ही चुनाव परिणाम स्पष्ट हुए, वैसे ही सचिवालय नवान्न के बाहर भाजपा समर्थकों ने जुटकर ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए और पार्टी के झंडे लहराए। वहां भी अबीर खेलकर जीत का जश्न मनाया गया। अब वही माहौल नवान्न के अंदर भी देखने को मिल रहा है।
चुनाव परिणामों की बात करें तो भाजपा ने करीब 206 सीटें हासिल कर स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने का रास्ता साफ कर लिया है। इस बड़े राजनीतिक बदलाव का असर अब प्रशासनिक स्तर पर भी दिखने लगा है। वहीं नवान्न जैसे अहम प्रशासनिक केंद्र के भीतर भी माहौल में बदलाव की तस्वीर सामने आ रही है, जो आने वाले समय में और बड़े बदलावों का संकेत दे रही है।
आसनसोल में पंद्रह वर्षों बाद खुले दुर्गा मंदिर के कपाट
आसनसोल। मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के परिणामों के बाद आसनसोल शहर के बस्तिन बाजार क्षेत्र में एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण देखने को मिला, जब श्री-श्री दुर्गामाता चैरिटेबल ट्रस्ट के प्राचीन मंदिर के कपाट लगभग पंद्रह वर्षों के लंबे अंतराल के बाद स्थायी रूप से श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। वर्षों से बंद पड़े इस मंदिर के पुनः खुलने से पूरे इलाके में उत्सव, उल्लास और गहरी धार्मिक भावना का वातावरण बन गया है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह मंदिर लंबे समय से विभिन्न प्रशासनिक और कानूनी कारणों के चलते आम भक्तों के लिए बंद था। केवल दुर्गा पूजा, लक्ष्मी पूजा या अन्य विशेष अवसरों पर ही सीमित समय के लिए मंदिर के द्वार खोले जाते थे, जिससे श्रद्धालुओं को नियमित दर्शन का अवसर नहीं मिल पाता था। इस कारण क्षेत्र के लोगों में निराशा और असंतोष की भावना भी व्याप्त थी।
मंगलवार सुबह जैसे ही मंदिर के कपाट खोले गए, वैसे ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्रित होने लगे। लोग इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए सुबह से ही कतारों में खड़े दिखाई दिए। मंदिर परिसर को पहले पूरी तरह से साफ-सुथरा किया गया और उसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना की शुरुआत हुई। शंखनाद, घंटियों की गूंज और ‘जय माता दी’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
भक्तों ने पूरे श्रद्धा भाव से मां दुर्गा की आराधना की और इस अवसर को अपनी आस्था की विजय के रूप में देखा। कई श्रद्धालुओं ने भावुक होकर बताया कि वर्षों बाद उन्हें बिना किसी बाधा के मंदिर में प्रवेश कर माता के दर्शन करने का अवसर मिला है, जो उनके लिए अत्यंत सुखद और यादगार अनुभव है। इस मंदिर के पुनः खुलने को केवल धार्मिक घटना ही नहीं, बल्कि एक सामाजिक और सांस्कृतिक बदलाव के रूप में भी देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि मंदिर के नियमित रूप से खुलने से क्षेत्र में धार्मिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और लोगों के बीच एक सकारात्मक वातावरण का निर्माण होगा। मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों ने बताया कि अब मंदिर वर्ष के सभी 365 दिनों तक श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा और नियमित रूप से पूजा-पाठ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की जा रही हैं, ताकि आने वाले समय में भक्तों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मंगलवार को मंदिर परिसर में उमड़ी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। स्थानीय पुलिस बल को तैनात किया गया, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित ढंग से नियंत्रित किया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
इस ऐतिहासिक पहल ने आसनसोल के बस्तिन बाजार क्षेत्र को एक नई पहचान दी है। लंबे समय से प्रतीक्षित इस निर्णय ने न केवल लोगों की धार्मिक भावनाओं को संतुष्ट किया है, बल्कि क्षेत्र में एक नई ऊर्जा और सकारात्मकता का संचार भी किया है। कुल मिलाकर, मंगलवार का दिन आसनसोल के लिए एक यादगार अध्याय के रूप में दर्ज हो गया है, जहां आस्था, उम्मीद और सामूहिक प्रयास ने एक लंबे इंतजार को समाप्त कर दिया। अब यह मंदिर न केवल पूजा-अर्चना का केंद्र बनेगा, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक भी बनकर उभरेगा।
भगवा सुनामी में तृणमूल के 35 में से 22 मंत्री हारे
कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में तृणमूल कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। राज्य की सत्ताधारी सरकार के कई बड़े चेहरे इस चुनाव में हार गए, जिसे गहरी एंटी-इंकंबेंसी का संकेत माना जा रहा है। आंकड़ों के अनुसार, चुनाव लड़ने वाले 35 मंत्रियों में से 22 मंत्री अपनी सीट नहीं बचा पाए। इनमें खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल हैं, जो अपनी ही सीट भवानीपुर (159) से हार गईं। यानी करीब 63 प्रतिशत मंत्री चुनाव हार गए, जो साफ तौर पर राज्य की जनता द्वारा सरकार के नेतृत्व को खारिज करने का संकेत देता है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मतदाताओं ने केवल उम्मीदवारों को नहीं, बल्कि टीएमसी के पूरे नेतृत्व और उसकी कार्यशैली को नकार दिया है। हारने वाले मंत्रियों में कई अहम विभागों को संभालने वाले नेता शामिल हैं। इनमें महिला एवं बाल विकास, उद्योग, आवास, बिजली, शिक्षा, परिवहन और पिछड़ा वर्ग कल्याण जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों के मंत्री भी अपनी सीटें नहीं बचा सके। इसे टीएमसी सरकार के शासन मॉडल के खिलाफ जनता की व्यापक नाराजगी के रूप में देखा जा रहा है।
हारने वाले प्रमुख मंत्रियों में ममता बनर्जी (भवानीपुर), अरूप बिस्वास (टॉलीगंज), ब्रत्य बसु (दमदम), चंद्रिमा भट्टाचार्य (दमदम उत्तर), शशि पांजा (श्यामपुकुर), सुजीत बोस (बिधाननगर), इंद्रनील सेन (चंदननगर), बेचेराम मन्ना (सिंगुर), स्वपन देबनाथ (पुर्बस्थली दक्षिण), बुलु चिक बड़ाइक (माल), प्रदीप कुमार मजूमदार (दुर्गापुर पूर्व), बिरबाहा हांसदा (बिनपुर), मानस रंजन भुइयां (साबंग), मलय घटक (आसनसोल उत्तर), सिद्दीकुल्लाह चौधरी (मोंटेश्वर), उदयन गुहा (दिनहाटा), संध्यारानी टुडू (मानबाजार), बंकिम चंद्र हाजरा (सागर), उज्जल बिस्वास (कृष्णानगर दक्षिण), स्नेहासिस चक्रवर्ती (जंगीपाड़ा), श्रीकांत महतो (सल्बोनी) और सत्यजीत बर्मन (हेम्ताबाद) शामिल हैं।
कुछ सीटों पर हार का अंतर भी काफी बड़ा रहा। उद्योग मंत्री शशि पांजा श्यामपुकुर सीट से भाजपा की पूर्णिमा चक्रवर्ती से 14,600 से ज्यादा वोटों से हार गईं। पूर्व मंत्री निर्मल माझी गोगहाट सीट से भाजपा के प्रशांत डिगर से 49,500 से ज्यादा वोटों से पराजित हुए। उदयन गुहा दिनहाटा सीट पर भाजपा के अजय रे से 17,400 से ज्यादा वोटों से हार गए।
इसी तरह, सिद्दीकुल्लाह चौधरी मंतेश्वर सीट पर भाजपा के सैकत पांजा से 14,700 से ज्यादा वोटों से हारे, जबकि प्रदीप मजूमदार दुर्गापुर पूर्व सीट पर भाजपा के चंद्र शेखर बनर्जी से 30,900 से ज्यादा वोटों से पराजित हुए। वहीं, चंद्रिमा भट्टाचार्य को दमदम उत्तर सीट पर भाजपा के सौरव सिकदार से 26,400 से ज्यादा वोटों से हार का सामना करना पड़ा।
बंगाल में भाजपा को दो तिहाई बहुमत, असम में हैट्रिक
-ध्वस्त हुआ ममता का किला, अपनी सीट से भी हारीं
-तमिलनाडु में टीवीके तो केरल में यूडीएफ का जलवा
कोलकाता । चार राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के फाइनल नतीजे आ चुके हैं। चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, असम और पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने बंपर वोटों से जीत दर्ज की है। तमिलनाडु में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ बड़ी जीत दर्ज कर सरकार बनाने जा रही है। पुडुचेरी में भी एनडीए ने बाजी मारी है। इस तरह से पांच राज्यों के चुनावी रण में बीजेपी ने एक बार सभी चौंका दिया।पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए बीजेपी पहली बार सरकार बनाने जा रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, बंगाल में बीजेपी को 207 सीटें मिली है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पार्टी को 80 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा कांग्रेस को दो, सीपीआई (एम) को एक सीट मिली है। इसके साथ ही बीजेपी ने असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

असम में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जीत की हैट्रिक लगाई है। एनडीए ने 126 विधानसभा सीटों में 102 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने 82 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि उसके सहयोगी दलों बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) को 10-10 सीट पर जीत मिली है। वहीं कांग्रेस पार्टी को 19 सीटों पर जीत मिली है।तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ डीएमके को पछाड़ते हुए 108 सीट हासिल की। इस चुनाव में डीएमके मात्र 59 सीट में ही जीत हासिल कर सकी। यहां विधानसभा चुनाव के तहत 23 अप्रैल को मतदान हुए थे और मतगणना कल हुई। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, विपक्षी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने 47 सीट जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) को चार सीट और भारतीय जनता पार्टी और एएमएमके को क्रमशः एक-एक सीट मिली। भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,114 वोटों से हराया। शुभेंदु के खिलाफ यह उनकी लगातार दूसरी हार है। 2021 विधानसभा चुनाव में शुभेंदु नंदीग्राम से ममता के खिलाफ जीते थे।
दिनेश त्रिवेदी बांग्लादेश में उच्चायुक्त नियुक्त, विदेश मंत्रालय ने की घोषणा
नयी दिल्ली । पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के नेता दिनेश त्रिवेदी को बांग्लादेश में भारत का अगला उच्चायुक्त बनाए जाने की घोषणा की गई है। विदेश मंत्रालय ने सोमवार को आधिकारिक रूप से इसकी जानकारी दी और कहा कि वे जल्द ही कार्यभार संभाल लेंगे।
त्रिवेदी प्रणय वर्मा का स्थान लेंगे, जिन्हें हाल ही में बेल्जियम में भारत का राजदूत नियुक्त किया गया है। साथ ही वह यूरोपीय यूनियन में भारत के राजदूत की भी जिम्मेदारी संभालेंगे। बांग्लादेश में त्रिवेदी की यह नियुक्ति इसलिए विशेष है क्योंकि आमतौर पर इस पद पर भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के अधिकारी को भेजा जाता है, लेकिन इस बार एक वरिष्ठ राजनेता को चुना गया है।
त्रिवेदी का एक लंबा राजनीतिक जीवन रहा है। उन्होंने 1987 में जन मोर्चा के गठन में भूमिका निभाई। जन मोर्चा का बाद में जनता दल में विलय हो गया। वे 1990 से 1996 तक गुजरात से राज्यसभा सदस्य रहे। वर्ष 1998 में तृणमूल कांग्रेस की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मनमोहन सिंह के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन की सरकार में उन्होंने रेल मंत्री के रूप में कार्य किया। 2012 के रेल बजट में किराया बढ़ाने के प्रस्ताव के कारण उन्हें इस्तीफा देना पड़ा। वर्ष 2021 में वे तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए। त्रिवेदी गुजरात से हैं लेकिन उनकी बांग्ला पर अच्छी पकड़ है। भारत और बांग्लादेश के बीच संबंध शेख हसीना सरकार के अपदस्थ होने के बाद से काफी पीछे चले गए थे। हालांकि तारिक रहमान के नेतृत्व में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की सरकार बनने के बाद संबंध फिर से पटरी पर लौटते दिख रहे हैं।
तमिलनाडु में मिला 8–12 हजार साल पुराना जीवाश्म स्थल
नयी दिल्ली। तमिलनाडु में 8–12 हजार साल पुराना जीवाश्म स्थल मिलने की पुष्टि हुई है। यह खोज दक्षिणी भारत के तटीय क्षेत्रों के भूवैज्ञानिक इतिहास और प्राचीन समुद्री वातावरण को समझने के लिए महत्वपूर्ण है। यह संकेत देता है कि यह क्षेत्र कभी समुद्र तटीय सीमा का हिस्सा था। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने एक्स पर बताया कि तमिलनाडु के थूथुकुड़ी जिले में 2023 की भारी बारिश के बाद उजागर हुए जीवाश्म स्थलों का सर्वेक्षण पूरा हो गया है। भारतीय प्राणी सर्वेक्षण ने प्रशासन के अनुरोध पर यह फील्ड स्टडी की थी। जांच में एक नए “फॉसिल बेड” की पुष्टि हुई है, जो होलोसीन काल (करीब 8,000 से 12,000 साल पुराना) का माना जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह खोज भारत के क्वाटरनरी काल के जीवाश्म रिकॉर्ड को और समृद्ध करेगी।
इस खोज से देश के प्राचीन वन्यजीवन, पर्यावरण और जलवायु के बारे में अहम जानकारी मिल सकेगी। यादव ने भारतीय प्राणी सर्वेक्षण के विशेषज्ञों की सराहना करते हुए कहा कि वैज्ञानिकों के तेज और प्रभावी कार्रवाई से भारत की प्राकृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकेगा।
उल्लेखनीय है कि जीवाश्म मुख्य रूप से थूथुकुड़ी के पास पनाइयूर, पट्टिनमरुदुर और कायलपट्टिनम क्षेत्रों में पाए गए हैं।
भारतीय प्राणी सर्वेक्षण ने 104 जीवाश्म नमूने एकत्र किए हैं, जिसमें मोलस्कन (गैस्ट्रोपोड और बाइवाल्व) नमूने और जीवाश्म युक्त चट्टान के टुकड़े शामिल हैं।
यह खोज दक्षिणी भारत के तटीय क्षेत्रों के भूवैज्ञानिक इतिहास और प्राचीन समुद्री वातावरण को समझने के लिए महत्वपूर्ण है। यह संकेत देता है कि यह क्षेत्र कभी समुद्र तटीय सीमा का हिस्सा था।
अब निवेश के लिए सोना खरीद रहे हैं भारतीय
नयी दिल्ली । अब अधिक संख्या में भारतीय आभूषणों की तुलना निवेश के लिए सोना खरीद रहे हैं। चालू वित्त वर्ष में ऐसे उपभोक्ताओं की हिस्सेदारी बढ़कर 40 प्रतिशत तक होने की उम्मीद है। सोमवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई। घरेलू रेटिंग एजेंसी केयरएज की इस रिपोर्ट के अनुसार कुल सोना की खरीद में आभूषणों की खपत का हिस्सा 2025 में गिरकर 60 प्रतिशत से नीचे आ गया, जबकि लंबी अवधि का औसत 70 प्रतिशत रहा है। केयरएज के निदेशक अखिल गोयल ने कहा कि यह दुनिया के सबसे बड़े स्वर्ण उपभोक्ताओं में एक भारत के सोना खरीदने के प्रतिरूप में एक संरचनात्मक बदलाव को दर्शाता है। गोयल ने कहा, भू-राजनीतिक अनिश्चितता, सोने की कीमतों में तेजी और पोर्टफोलियो विविधीकरण की प्राथमिकताएं सोने की निवेश मांग को बढ़ावा देती रहेंगी। वित्त वर्ष 2026-27 में कुल स्वर्ण खपत में निवेश की हिस्सेदारी 35-40 प्रतिशत रहने का अनुमान है।रिपोर्ट में कहा गया कि 60 प्रतिशत आभूषणों की खपत अभी भी 50 प्रतिशत के वैश्विक औसत से अधिक है। भारत में निवेश की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है, जिसका नेतृत्व गोल्ड ईटीएफ और बार तथा सिक्कों की खरीद ने किया है। यह अन्य बातों के साथ ही सुरक्षित निवेश की मांग को दर्शाता है। एजेंसी का मानना है कि सोने की कीमत अब एक स्थायी उच्च-मूल्य वाले दौर में प्रवेश कर चुकी हैं। इसे मांग में संरचनात्मक बदलाव, केंद्रीय बैंकों द्वारा निरंतर खरीद और वैश्विक व्यापक आर्थिक तथा भू-राजनीतिक अनिश्चितता से समर्थन मिल रहा है।
लिटिल थेस्पियन द्वारा चार नाटकों के अंशों का मंचन
कोलकाता । गत 25 अप्रैल को कस्बा अर्घ्य की “सैटरडे प्लेज़” श्रृंखला ने अनुचिंतन आर्ट सेंटर को मानवीय अनुभवों और भावनाओं की प्रयोगशाला में बदल दिया। लिटिल थेस्पियन ने चार नाटकों के मर्मस्पर्शी अंश प्रस्तुत किए, जिनका एकल मंचन प्रख्यात निर्देशक, अभिनेता, कवि और नाटककार उमा झुनझुनवाला ने किया। उमा झुनझुनवाला ने शुरुआत की प्रताप सहगल के कोई और रास्ता से। इंदु के रूप में उन्होंने एक व्यक्ति और एक आदर्श—दोनों को साकार किया: परंपरा में जड़ें जमाए हुए, पर उससे बंधने को तैयार नहीं, आधुनिक भारतीय स्त्री। यह एकालाप आदर्श और यथार्थ के बीच, समाज की अपेक्षाओं और स्त्री के आत्म-अधिकार के बीच की दरारों को रेखांकित करता है। झुनझुनवाला की इंदु संयत, विद्रोही और बेहद पहचानी-सी थी। उनके उठाए सवाल एक साथ सामयिक और शाश्वत लगे, और दर्शकों ने अपने ही ड्रॉइंग रूम को उसकी दुविधाओं में झलकते देखा।अंतरंग से अस्तित्ववादी की ओर बढ़ते हुए, वे सैमुअल बेकेट के एंडगेम में हुक्मरानी औरत (हैम) बन गईं। सैमुअल बेकेट का यह नाटक आधुनिकतावादी एब्सर्ड का एक उत्कृष्ट नमूना माना जाता है, जो एक अनाम सर्वनाश के बाद एक ही कमरे में कैद चार अलग-अलग पात्रों की कहानी कहता है, जहाँ वे जीवन का अर्थ तलाशने की कोशिश करते हैं। एब्सर्ड की लय पर उनकी पकड़ — घाव की तरह खिंचते मौन, बुझी हुई सटीकता से कहे गए संवाद — ने साबित किया कि उनकी अदाकारी का मील का पत्थर क्यों है| इंदु की गर्म यथार्थवादिता से हैम के ठंडे आधिपत्य तक का बदलाव चौंकाने वाला था, और जान-बूझकर ऐसा रखा गया। नाटक पतझड़ (टेनेसी विलियम्स के अंग्रेज़ी नाटक ‘द ग्लास मेनाजरी’ का हिंदुस्तानी रूपांतरण) ने एक और रंग जोड़ा। गायत्री के रूप में, भ्रम और यथार्थ की नीरसता के बीच झूलती एक माँ के किरदार में, झुनझुनवाला ने गृहस्थी की ख़ामोश हताशा को उजागर किया। बेटी की शादी को लेकर गायत्री का जुनून कोई कार्टून नहीं, बल्कि एक रक्षा-कवच था: खालीपन के ख़िलाफ़ एक नाज़ुक दीवार। यह नाज़ुकपन भावुकता से रहित होकर निभाया गया, इसलिए और भी मार्मिक लगा। इस प्रस्तुति का समापन लिटिल थेस्पियन के सह-संस्थापक दिवंगत एस. एम. अज़हर आलम द्वारा लिखित अंतिम नाटक चाक से हुआ। यहाँ झुनझुनवाला ने ज़ोहरा का किरदार निभाया — 1971 के विभाजन और उसके परिणामों से टूटे एक मुस्लिम परिवार की मुखिया। पैतृक संपत्ति के मुकदमों और बेटे की सुलगती चिंता के बीच, ज़ोहरा ने विस्थापन का भार शांत गरिमा से उठाया। यह अंश आलम की उस प्रतिभा की तीखी याद दिलाता है जो राजनीतिक को व्यक्तिगत में पिरो देती थी, और झुनझुनवाला ने उस विरासत को बिना किसी मेलोड्रामा के निभाया ।एक कलाकार को पचास मिनट में चार ज़िंदगियाँ — हर एक ज़मीन-आसमान जितनी अलग — जीते देखना रंगमंच की शुद्ध दक्षता का साक्षी होना है। झुनझुनवाला के रूपांतरण सहज थे: ठुड्डी का हल्का-सा झुकाव, साँस का बदलना, एक नई लय, और इंदु हैम बन गई, गायत्री बन गई, ज़ोहरा बन गई। नाममात्र के प्रॉप्स, अलग-अलग रंग के दुपट्टे, और बस विशुद्ध अदाकारी ।अगर कोई सूत्र था, तो वह था मंच की विरोधाभासों को समेटने की शक्ति। लिटिल थेस्पियन ने याद दिलाया कि मंच ‘नाटक’ का पर्याय नहीं है; वह कविता, एब्सर्ड, स्मृति और असहमति के लिए एक विराट स्थान है। कस्बा अर्घ्य की “सैटरडे प्लेज़” श्रृंखला ऐसे साहसिक काम के चयन के लिए सराहना की पात्र है।यह केवल एक प्रस्तुति नहीं थी। यह एक संवाद था — अभिनेता और पाठ के बीच, महाद्वीपों और दशकों के पार चार नाटककारों के बीच, और एक स्त्री और उसके भीतर समाई अनेक स्त्रियों के बीच। इसके प्रस्तुति के बाद कस्बा अर्घ्य का नाटक हैमलेट, श्री मनीष मित्रा द्वारा निर्देशित, प्रस्तुत किया गया। कोलकाता के रंगमंच प्रेमी अनुचिंतन आर्ट सेंटर से उस दुर्लभ उपहार के साथ लौटे: यह एहसास कि उन्होंने दुनिया में, और खुद में, कुछ घटते हुए देखा है।




