Home Blog Page 28

उपेक्षित है मल्ल राजाओं की स्मृति से जुड़ी “टेराकोटा”

बांकुड़ा ।  बांकुड़ा जिले के विष्णुपुर का नाम आते ही राढ़ बंगाल की लाल मिट्टी पर खड़ी अद्वितीय स्थापत्य कला और मल्ल राजाओं की अमर धरोहर टेराकोटा मंदिरों की छवि सामने उभर आती है। लैटिन शब्द ‘टेरा’ अर्थात मिट्टी और ‘कोटा’ अर्थात पकाना— इन दोनों के मेल से बनी टेराकोटा कला बंगाल की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

विष्णुपुर के मंदिरों की दीवारों पर बनी टेराकोटा नक्काशी में पुराणों की कथाएं, ऐतिहासिक युद्ध, राजसी जीवन, नौकाविहार, विभिन्न पशु-पक्षी तथा तत्कालीन सामाजिक जीवन की झलक दिखाई देती है। स्थापत्य शैली के आधार पर इन मंदिरों को मुख्य रूप से चार श्रेणियों— चाल, रत्न, दालान और देउल— में विभाजित किया जाता है।

इतिहास में मल्लराजाओं द्वारा निर्मित रासमंच, श्यामराय मंदिर, जोड़बांग्ला मंदिर और मदनमोहन मंदिर विश्वभर में प्रसिद्ध हैं। हालांकि इनके अलावा भी विष्णुपुर में कई ऐसे प्राचीन मंदिर और स्थापत्य मौजूद हैं, जो आज प्रचार और संरक्षण के अभाव में धीरे-धीरे नष्ट होते जा रहे हैं। कई स्थानों पर स्थापना संबंधी अभिलेख उपलब्ध नहीं होने के कारण उनका संपूर्ण इतिहास भी स्पष्ट रूप से सामने नहीं आ पाया है।

इन्हीं प्राचीन धरोहरों में श्री श्री महाप्रभु जीउ मंदिर का नाम उल्लेखनीय है। माना जाता है कि इस मंदिर का निर्माण लगभग सोलहवीं शताब्दी में महाराज गोपाल सिंह ने कराया था। जोड़बांग्ला शैली में बने इस मंदिर की दीवारों पर कभी उत्कृष्ट टेराकोटा कला दिखाई देती थी, लेकिन समय के साथ इसका अधिकांश हिस्सा नष्ट हो चुका है।

इसी प्रकार मृन्मयी मंदिर जाने वाले मार्ग पर स्थित युगोल किशोर कृष्ण-बलराम मंदिर भी ऐतिहासिक महत्व रखता है। ओड़िशा की देउल शैली से प्रभावित इन मंदिरों का निर्माण अनुमानतः अठारहवीं शताब्दी में हुआ था। आज भी इनके कुछ हिस्सों में प्राचीन टेराकोटा कला के अवशेष दिखाई देते हैं, लेकिन पूरा परिसर अब झाड़ियों और वनस्पतियों से घिर चुका है।

मदनमोहन मंदिर के मार्ग पर स्थित एक प्राचीन पंचरत्न शैली का मंदिर भी वर्तमान में उपेक्षा का शिकार है। मंदिर के अधिकांश शिखर टूट चुके हैं और परिसर का बड़ा भाग पेड़-पौधों से ढंका हुआ है। मंदिर में अब कोई प्रतिमा भी मौजूद नहीं है।

विष्णुपुर के इतिहास का एक चर्चित और भावनात्मक अध्याय लालबाई महल तथा लालबांध से जुड़ा हुआ है। ऐतिहासिक कथाओं के अनुसार, ओड़िशा के पठान सरदार रहीम खान की संपत्ति पर अधिकार करने के दौरान मल्लराज द्वितीय रघुनाथ सिंह ललबाई को विष्णुपुर लेकर आए थे। बाद में राजा ने उनके लिए नया महल बनवाया, जिसे लालबाई महल कहा गया।

लोककथाओं के अनुसार, इस संबंध को लेकर राजपरिवार में विवाद बढ़ा और अंततः ललबाई की मृत्यु लालबांध में हुई। आज लालबाई महल केवल एक जर्जर अवशेष के रूप में मौजूद है, जो अतीत की कहानी सुनाता है।

इतिहास प्रेमियों और विशेषज्ञों का मानना है कि यदि विष्णुपुर की इन उपेक्षित ऐतिहासिक धरोहरों का जल्द संरक्षण और पुनरुद्धार नहीं किया गया, तो बंगाल की टेराकोटा विरासत का एक महत्वपूर्ण अध्याय हमेशा के लिए समाप्त हो सकता है।

राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का बहुमान

कोलकाता । गत 30 जून 2026 को राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के सम्मान में एक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजस्थान फाउंडेशन के केन्द्रीय संगठन के वरिष्ठ तथा एनआरआर (प्रवासी राजस्थानी) पश्चिम बंगाल एवं बिहार के समन्वयक डॉ. अरुण अग्रवाल ने की।
राजस्थान सरकार द्वारा गठित राजस्थान फाउंडेशन कलकत्ता चैप्टर की सदस्य अंजु सेठिया ने दिया । कुमारीजी राजस्थानी लहरिया पहनाकर अभिनंदन किया राजस्थान फाउंडेशन के केन्द्रीय संगठन के कोलकाता में राजस्थान प्रवासियों को अपनी जड़ से जोड़े रखने एवं बंगाल–राजस्थान में सांस्कृतिक सम्बन्ध को और मजबूत करने के बारे भी बात की। राजस्थान कोलकाता प्रवासियो को जोडने पर भी बात हुई । दिया कुमारी ने  कोलकाता मे कार्यक्रम करने पर आने का भी आश्वासन दिया। दिया  का बेनजीर व्यवहार काबिले तारीफ है। उनका अपनापन सबके दिल को छू गया। दिया जी ने इस मुलाकात की फोटो अपने सोशल मीडिया पर इस संदेश के साथ शेयर की है। महानगर के जाने माने लोग उपस्थित रहे डाक्टर विनय गोयल, हरिप्रसाद अग्रवाल ,पवन पाटोदिया, सुधा अग्रवाल ,मीनल गोयल, चंदा गोलछा, सरोज भंसाली, सुप्यार पुगलिया आदि। यह जानकरी समाजसेवी अंजु सेठिया ने दी।

 ‘सम्पा बोस मेमोरियल चैरिटेबल रीनल केयर एंड रिसर्च सेंटर’ का उद्घाटन

कोलकाता । किडनी केयर सोसाइटी की ओर से सोमवार को कोलकाता में साइंस सिटी के पास ‘सम्पा बोस मेमोरियल चैरिटेबल रीनल केयर एंड रिसर्च सेंटर’ का भव्य उद्घाटन किया गया। यह सेंटर पश्चिम बंगाल के जरूरतमंद मरीजों के लिए किफायती और उच्च-गुणवत्ता वाली किडनी से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस सेंटर की स्थापना जाने-माने उद्योगपति और समाजसेवी स्वपन साधन “टूटू” बोस द्वारा अपनी दिवंगत पत्नी सम्पा बोस की याद में छह मंजिला ‘प्रतिदिन मीडिया’ बिल्डिंग दान करके की गई है। क्रॉनिक किडनी डिजीज (लंबे समय तक रहने वाली किडनी की बीमारी) से उनकी बहादुरी भरी लड़ाई ने ही इस संस्थान को बनाने की प्रेरणा दी। इस सेंटर का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी मरीज को पैसों की कमी के कारण जीवन बचाने वाला किडनी का इलाज न मिल पाए, ऐसा न हो। उद्घाटन समारोह में लॉकेट चटर्जी (महासचिव, भाजपा, पश्चिम बंगाल), स्वामी स्पर्शानंद जी महाराज (रामकृष्ण मिशन), सब्यसाची चक्रवर्ती (अभिनेता), मिठू चक्रवर्ती (अभिनेत्री), डॉ. प्रदीप मित्रा (पूर्व निदेशक, मेडिकल एजुकेशन, पश्चिम बंगाल सरकार), तमोघ्न घोष (जिला अध्यक्ष, भाजपा, उत्तर कोलकाता), श्रींजय बोस, (उद्योगपति और ट्रस्टी), शौमिक बोस (उद्योगपति और ट्रस्टी), डॉ. प्रतिम सेनगुप्ता (जाने-माने नेफ्रोलॉजिस्ट और ट्रांसप्लांट फिजिशियन, एमडी और सीईओ, नेफ्रो केयर इंडिया लिमिटेड, अध्यक्ष, द किडनी केयर सोसाइटी), देबाशीष दत्ता (अध्यक्ष, मोहन बागान क्लब) के साथ अन्य कई जानी-मानी हस्तियां इस मौके पर शामिल हुए।

क्रॉनिक किडनी डिजीज भारत में तेजी से बढ़ती स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक बन गई है। ऐसे में, यह नया सेंटर एक ही जगह पर एडवांस्ड डायलिसिस, डायग्नोस्टिक्स, क्रिटिकल केयर और मरीजों को पूरी मदद देकर किफायती रीनल केयर (किडनी से जुड़ी देखभाल) की कमी को दूर करने की कोशिश करता है।
यह सुविधा किडनी केयर सोसाइटी के लंबे समय से चले आ रहे मिशन “सभी के लिए अच्छी किडनी हेल्थ” और समाज के हर वर्ग तक अच्छी किडनी केयर पहुँचाने के उनके संकल्प को दर्शाती है। किडनी केयर सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. प्रतीम सेनगुप्ता ने कहा, आज हम सिर्फ़ एक अस्पताल का उद्घाटन नहीं कर रहे हैं – हम सभी के लिए समान किडनी केयर की दिशा में एक आंदोलन शुरू कर रहे हैं। दया और एक मकसद के साथ बनाया गया यह सेंटर हमारी उस पक्की प्रतिबद्धता को दिखाता है कि हर मरीज को, चाहे उसकी आर्थिक स्थिति कैसी भी हो, सम्मान, अच्छा इलाज और उम्मीद मिलनी चाहिए।

इंडस्ट्रियलिस्ट श्रींजॉय बोस ने कहा, सम्पा बोस मेमोरियल चैरिटेबल रीनल केयर एंड रिसर्च सेंटर का उद्घाटन किफायती किडनी केयर के क्षेत्र में एक बड़े बदलाव की शुरुआत है। क्रिटिकल केयर सुविधाओं, डायग्नोस्टिक्स, फ़ार्मेसी और स्पेशलिस्ट्स की एक समर्पित टीम के साथ इसके 18-बेड वाले एडवांस्ड डे केयर डायलिसिस यूनिट की शुरुआत से उन लोगों को सम्मान के साथ अच्छा इलाज मिलेगा जिन्हें इसकी सबसे ज़्यादा जरूरत है। जैसे-जैसे यह सेंटर वर्ल्ड-क्लास रिसर्च लैब और इंटीग्रेटेड वेलनेस सुविधाओं वाले 50-बेड के चैरिटेबल रीनल हॉस्पिटल के तौर पर बढ़ेगा, यह पश्चिम बंगाल और उसके बाहर के अनगिनत परिवारों के लिए दया, इनोवेशन और उम्मीद की एक स्थायी विरासत बनेगा।

भवानीपुर कॉलेज लाइब्रेरी में पुस्तक ‘भारत क्षेत्र’ पर चर्चा 

कोलकाता । भवानीपुर कॉलेज रीडर क्लब द्वारा आयोजित कार्यक्रम लेखक रूबरू में विपुल शाह ने अपनी पुस्तक ‘भारत क्षेत्र’ के प्रमुख तत्वों पर अपने विचार व्यक्त किए। साइंस और इंजीनियरिंग के छात्र होने के साथ साथ विपुल शाह ने भारत क्षेत्र पुस्तक लिखने के उद्देश्य पर विस्तार से अपनी बात रखी। विद्यार्थियों द्वारा रखे गए प्रश्नों का उत्तर दिया और विद्यार्थियों के साथ अपने विविध प्रकार के व्यक्तिगत और साहित्यिक पक्षों को स्पष्टता से समझाया।
भवानीपुर एडुकेशन सोसाइटी कॉलेज के सन् 2002 के पूर्व छात्र रह चुके विपुल शाह ने अपनी शिक्षा और नौकरीपेशा के विविध पहलुओं पर चर्चा की । उन्होंने बताया कि
भारत क्षेत्र – द हिडन मैट्रिक्स एक महाकाव्य पौराणिक फंतासी उपन्यास है, जो जंबूद्वीप श्रृंखला की पुस्तक एक के रूप में कार्यरत है। कहानी प्राचीन भारतीय और जैन ब्रह्माण्ड संबंधी परंपराओं को एक आधुनिक थ्रिलर के साथ जोड़ती है, जो भारत को बचाने वाले आध्यात्मिक “मैट्रिक्स” की अवधारणा की खोज करती है।इस फंतासी उपन्यास के कथानक के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि कथा देश के अलग-अलग कोनों में पैदा हुए तीन बच्चों पर केंद्रित है, जिनकी नियति मनुष्यों के बीच रहने वाले देवताओं की गुप्त परिषद द्वारा निर्मित एक छिपे हुए मैट्रिक्स को तोड़ने से जुड़ी है। तेजोमयी: एक भूले हुए वादे से पैदा हुई एक उग्र लड़की, जिसे हिमालय में चिरयुवा गुरुओं द्वारा प्रशिक्षित किया गया था।प्रवाश: एक पंद्रह वर्षीय लड़का जो प्यार के लिए भाग जाता है और उसे सड़क की अंधेरी, अंडरवर्ल्ड वास्तविकताओं से बचना होता है।सोहम: बैंगलोर में एक शांत प्रतिभावान व्यक्ति जो छिपा हुआ है और एक शरारती भटकने वाले ऋषि द्वारा प्रशिक्षित है। उनके रास्ते अनिवार्य रूप से प्राचीन, पैशाचिक ताकतों (रक्तन की तरह) के रूप में एकजुट होते हैं और आर्कटिक अंधेरे में पोर्टलों के माध्यम से आक्रमण करने की धमकी देते हैं। लेखक: विपुल शाह वैश्विक खुदरा और तकनीक में एक डिजिटल परिवर्तन नेता हैं, और पहले 2024 इंडोर क्रिकेट वर्ल्ड मास्टर सीरीज़ में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
इस अवसर पर कॉलेज के रेक्टर और डीन प्रो दिलीप शाह ने स्वागत भाषण दिया । प्रातःकालीन कॉमर्स सत्र की वाइस प्रिंसिपल प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी ने कॉलेज मोमेंटो देकर लेखक को सम्मानित किया। लेखक के साथ उनकी प्रेरक मॉं, पत्नी, बेटा और पत्नी की बहन की उपस्थिति रही। विपुल शाह ने बताया कि परिवार की मुस्कान और साथ में परिवार का साथ रहे तो व्यक्ति अपना काम करने का समय निकाल लेता है। श्रोताओं में पांच छह विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तर सत्र में लेखक से अपने प्रश्नों के संतोषजनक उत्तर प्राप्त किए ।पचास से अधिक विद्यार्थियों ने लेखक के अनुभवों को सुना ।भवानीपुर कॉलेज रीडर क्लब की प्रतिनिधि डॉ वसुंधरा मिश्र ने जानकारी दी ।

अर्चना संस्था द्वारा काव्य गोष्ठी 

कोलकाता । अर्चना संस्था ने स्वरचित कविता द्वारा काव्य गोष्ठी आयोजित की जूम पर हुई 25 जून को शाम 4 बजे से ग्यारह सदस्यों ने अपनी रचनाएं सुनाई ।इस कार्यक्रम का संचालन और संयोजन इंदु चांडक ने सरस्वती वंदना के साथ किया। विद्या भंडारी, मृदुला कोठारी, चिराग चतुर्वेदी, सुशीला चनानी, डॉ वसुंधरा मिश्र, हिम्मत चोरड़िया ‘प्रज्ञा’ , भारती मेहता, संजू कोठारी, संगीता चौधरी, सुशीला सुराना, इंदू चांडक ने स्वरचित रचनाएँ सुनाई। राजनीति धर्म प्रकृति नई सोच सत्य मंहगाई संवेदना प्रेम आदि विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के माध्यम से कविता, गीत, हाइकु, दोहे रचे गए ।
*मेरी कुर्सी खाली है।1)बंगाल भूमि बदली नहीं,बदलाव आया है।/नईउमंग ,नई उम्मीद, नई विचारधारा, नया इतिहास रचाया है।2)न तो मन्नत मांगी थी बेटी के लिए, न ही जश्न मनाए।-विद्या भंडारी ने कविता के माध्यम से बंगाल में हुए चुनाव को नई उम्मीद और नए विचारधारा का बदलाव बताया और बंगाल की भूमि वही है।
*हाइकु की विधा में 1)पच्चीस जून /संविधान का खून। पद जुनून!2)पराया रूप /जीता है अभिनेता /सत्य स्वरूप !
3)सभी ढूंढते /प्रभु तुम्हारा पता! /तुम लापता! 4)रचीकविता /शब्द बने स्पंदन /भाव सरिता !5)केश राशि में /हो चांदी का आभास /नारी उदास !6)नहीं निकास / फ्लैट देख गौरैया
हुई उदास ! /7)पलकों तले /पले स्वप्न सुहाने कोई न जाने ! और एक गीत -पड़ रही महंगाई की मार , हम तो हो गये हैं बेजार /कुछ भी हमारे वश में नहीं है , ऐसे हम लाचार। सुशीला चनानी ने समाज में बढ़ती मंहगाई की मार पर ज्वलंत मुद्दों को लेकर अपनी रचना सुनाई ।
निशब्द अंधेरी रात मेरा /अबोलापन अक्सर करता है पेड़ों पत्तों से बात /2 उदासियों की अग्नि शिखा /अक्सर घूमती मेरे आस-पास /3 गीत*कौन सी आरती गाऊं /सकल विश्व में एक तू ही तू /कौन सा रूप में पाऊं*कौन सी*-मृदुला कोठारी ने मधुर स्वर में अपनी रचना में आध्यात्मिक प्रस्तुति दी।
*कुण्डलिया छंद भाग्य भरोसे हों अगर/2. अंबर की खिड़की खुली/गीत-धन दौलत सब नश्वर, हिम्मत चोरड़िया प्रज्ञा ने अपनी रचनाओं की प्रस्तुति आरती के तर्ज पर दी।
*बचाना जो कली को धूप से था, /शायद इसलिए ही भ्रमर को काला होना पड़ा l/*गाली न दो इस जिंदगी को तुम ,ये तो बेचारी खुद गुजारी जाती है l/*प्यार की मिठास ‘दो’ से पूछिए ,/मगर प्यार की कड़वाहट ‘एक’ से ही पूछिए l-भारती मेहता ने वर्तमान समय में होने वाले प्यार के कई रूपों पर अपनी क्षणिकाएं सुनाई।
*है विवाह प्यारा सफ़र,त्याग प्रेम आधार।/इक दूजे के मान से,बने सुखी परिवार।।/2)बातें हो जब फूल सी,लहजे बने सुगंध।/अंतस को सुरभित करे, गहराता संबंध।।/3)दुनिया के बाजार में,रिश्तों की भरमार।/विपद घड़ी जो साथ दे,वो ही सच्चा यार।।/4)जन-जन में अपनत्व की,आने लगे सुवास।
कण-कण में भगवान का, मिले सुखद अहसास।।/5) माना घोर निराशा है / टूटती हर आशा है /धीरज के संग चल मेरे बंधु गुजर जाएगा यह दौर /चल प्रकाश की ओर- संगीता चौधरी के दोहों ने जीवन दर्शन और हकीक़त से परिचय करवाया।
*जहाँ ललछौंह सूरज, प्राची उगता है/ले-चल माँझी उस पार मुझे/जहाँ सूरज के चमकीले पल छिन/नित गीतों में ढलते हैं/जहाँ सपनों से मिल कर/नींदें जश्न मनाती है/उस छोर जहाँ/धरा प्रेयसी नित रूप धरे/अम्बर से मिलने आती है।सुशीला सुराना प्रकृति को प्रेमी और प्रेयसी के रूप में देखती हैं
*शुष्क बांस के वन में/नव कोंपल आयेगी/इसीलिए कहती हूं,/मन में विश्वास लिए/प्यार भरी पाती वे बांचें जरूर हैं/आयेंगे प्रिय मेरे/बसते जो दूर हैं।।–चिराग चतुर्वेदी ने कविता के माध्यम से आशा और उम्मीद जगाई है।
*डॉ वसुंधरा मिश्र की कविताएं प्रेम के अंकुर की पंक्तियाँ – दुख के अथाह सागर में /विराट को मैंने छुआ था /उसे हौले से सहेजा था /उसमें प्रेम के अंकुरों को उगते देखा ।-छोटा होना कितना अच्छा कविता की पंक्तियाँ – – देह ही नहीं, मन भी एक बारगी उसका हो गया /न जाने क्यों? /बिना किसी शर्त/ बिना किसी अहं/ और बिना किसी शब्द के.. पसंद की गईं।
*बुला मन से /अधर्म के नाश को /आयेंगे कृष्ण, धन न माया
साथ देगी तुम्हारा /निरोगी काया, कभी मिठाई /कभी खारी दवाई!/है ये जिंदगी, मानें न मानें /थी विज्ञान सम्मत /जीवन शैली-संजू कोठारी ने धर्म, दवाई मिठाई विज्ञान आदि शब्दों के माध्यम से हाइकू सुनाए ।
*अहंकार वश मत करो, जैसे तैसे कर्म।/सबका फल है भोगना, हमें सिखाता धर्म।।/कल क्या होगा क्यों डरे,कल का करें न शोक। किसमें ताकत आज भी , सके समय को रोक।।-इधर उधर भटके सदा, भ्रमित व्यथित इंसान।/दिशा मिले बदले दशा,पाकर गुरु से ज्ञान। इंदु चाँडक ने वर्तमान जीवन में भ्रमित इंसान को अपने दोहों से संदेश दिया।
अर्चना संस्था में हुई काव्य गोष्ठी में सभी सदस्यों ने ऑनलाइन अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

बंगाल बजट-2026: कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ाकर 38 प्रतिशत किया गया

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की भारतीय जनता पार्टी सरकार ने अपने पहले पूर्ण बजट में राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों, अर्द्ध-सरकारी कर्मियों, शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और पेंशनधारकों को बड़ी राहत दी की है।

वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्त ने सोमवार को विधानसभा में वर्ष 2026-27 का बजट पेश करते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में अतिरिक्त 20 प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की। इस फैसले के बाद राज्य कर्मचारियों का कुल महंगाई भत्ता 18 प्रतिशत से बढ़कर 38 प्रतिशत हो जाएगा।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि बढ़ी हुई दरें आगामी एक अक्टूबर से प्रभावी होंगी। इसके साथ ही पेंशनभोगियों को भी 20 प्रतिशत अतिरिक्त महंगाई राहत (डीआर) देने का निर्णय लिया गया है। लंबे समय से महंगाई भत्ते और बकाया भुगतान की मांग कर रहे कर्मचारी संगठनों के लिए यह घोषणा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

विधानसभा में बजट प्रस्तुत करते हुए वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्त ने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारी, अर्द्ध-सरकारी संस्थानों के कर्मी, शिक्षक और शिक्षकेतर कर्मचारी शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके योगदान को सम्मान देते हुए सरकार ने महंगाई भत्ते में उल्लेखनीय वृद्धि का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा, “राज्य के कर्मचारियों और पेंशनधारकों को वर्तमान 18 प्रतिशत महंगाई भत्ते के अतिरिक्त 20 प्रतिशत और दिया जाएगा। इसके बाद कुल महंगाई भत्ता 38 प्रतिशत हो जाएगा। यह निर्णय कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।”

पश्चिम बंगाल में महंगाई भत्ते को लेकर पिछले कई वर्षों से विवाद और आंदोलन जारी था। पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कर्मचारी संगठन केंद्र सरकार के कर्मचारियों के समान डीए देने और बकाया राशि का भुगतान करने की मांग करते रहे थे। इस मुद्दे को लेकर राज्यभर में कई प्रदर्शन हुए और मामला न्यायालय तक पहुंच गया।

फरवरी में पेश अंतरिम बजट के दौरान तत्कालीन वित्त मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत वृद्धि की घोषणा की थी। हालांकि कई कर्मचारी संगठनों ने आरोप लगाया था कि घोषित बढ़ोतरी का लाभ पूरी तरह लागू नहीं किया गया। इसके बाद कर्मचारियों के बीच असंतोष बना हुआ था।

पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपने शासनकाल में राज्य की वित्तीय स्थिति का हवाला देते हुए केंद्र के समान डीए देने की मांग को कई बार अस्वीकार किया था। नई भाजपा सरकार ने सत्ता संभालने के बाद कर्मचारियों के इस लंबे समय से लंबित मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए अपने पहले पूर्ण बजट में बड़ा फैसला लिया है।

राज्य की भाजपा सरकार ने केवल महंगाई भत्ता बढ़ाने की घोषणा ही नहीं की, बल्कि बकाया डीए के भुगतान की प्रक्रिया शुरू करने के संकेत भी दिए हैं। हालांकि इसके संबंध में विस्तृत समयसीमा और वित्तीय प्रावधानों की घोषणा बाद में किए जाने की संभावना है। कर्मचारी संगठनों की निगाह अब इस बात पर टिकी है कि सरकार बकाया भुगतान को लेकर क्या रोडमैप प्रस्तुत करती है।

 

बंगाल में 4.38 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश, एक लाख सरकारी नौकरियां

-डीए में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा

-कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 18 से बढ़ाकर 38 प्रतिशत

-कल्याणी में नया हवाई अड्डा और दादनपात्रबार में गहरे समुद्री बंदरगाह की घोषणा

कोलकाता । पश्चिम बंगाल की पहली भारतीय जनता पार्टी सरकार ने सोमवार को वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 4.38 लाख करोड़ रुपये का महत्वाकांक्षी बजट विधानसभा में पेश किया। वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्त ने बजट प्रस्तुत करते हुए राज्य में रोजगार सृजन, सामाजिक कल्याण, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, औद्योगिक निवेश और आधारभूत संरचना के विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया। बजट में एक लाख सरकारी रिक्त पदों पर नियुक्ति, कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बड़ी वृद्धि, बेरोजगार युवाओं के लिए नई सहायता योजना तथा कई बड़े बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की घोषणा की गई है।

वित्त मंत्री ने अपने बजट भाषण में कहा कि वर्तमान सरकार को पूर्ववर्ती सरकार से 8.15 लाख करोड़ रुपये से अधिक का संचित ऋण विरासत में मिला है। इसके बावजूद सरकार विकास और जनकल्याण के बीच संतुलन बनाते हुए राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सभी मौजूदा कल्याणकारी योजनाएं जारी रहेंगी, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उनका लाभ केवल वास्तविक और पात्र लाभार्थियों तक ही पहुंचे। इसके लिए लाभार्थी सत्यापन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

बेरोजगारी की चुनौती से निपटने के लिए सरकार ने विभिन्न विभागों में एक लाख रिक्त पदों को भरने का ऐलान किया है। प्रस्तावित नियुक्तियों में 20 हजार पद पुलिस विभाग में, 50 हजार पद राज्य संचालित विद्यालयों में शिक्षकों और शिक्षण कर्मियों के लिए तथा शेष 30 हजार पद अन्य सरकारी विभागों में भरे जाएंगे। महिलाओं को सरकारी सेवाओं में अधिक अवसर देने के उद्देश्य से कुल नियुक्तियों में 33 प्रतिशत पद उनके लिए आरक्षित रखे जाएंगे। इसके अलावा आवश्यकतानुसार अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण का भी प्रावधान किया जाएगा।

राज्य सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी राहत देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में 20 प्रतिशत की वृद्धि की घोषणा की है। इसके बाद डीए 18 प्रतिशत से बढ़कर 38 प्रतिशत हो जाएगा। यह संशोधित दर एक अक्टूबर 2026 से प्रभावी होगी। वहीं नागरिक स्वयंसेवकों के मासिक मानदेय में 2,000 रुपये की वृद्धि का भी प्रावधान किया गया है।

इसके अलावा विधायकों के स्थानीय क्षेत्र विकास कोष की राशि 70 लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दी गई है, जिससे वे अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित कर सकेंगे।

बजट में महिलाओं, युवाओं और ग्रामीण आबादी के लिए कई नई घोषणाएं की गई हैं। अन्नपूर्णा योजना के लिए 36 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत 25 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

सरकार ने ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा देने के लिए 125 दिन की ग्रामीण कार्य योजना का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इसके अंतर्गत 25 लाख अतिरिक्त लाभार्थियों को शामिल किया जाएगा।

उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायता देने के लिए एकमुश्त 25 हजार रुपये की वित्तीय मदद देने की घोषणा की गई है। वहीं बेरोजगार युवाओं के लिए ‘नई भरोसा योजना’ शुरू की जाएगी, जिसके तहत पात्र बेरोजगार स्नातकों को 3,000 रुपये प्रतिमाह तथा अन्य पात्र बेरोजगारों को 2,000 रुपये प्रतिमाह की सहायता दी जाएगी।

राज्य सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी विशेष जोर दिया है। आयुष्मान भारत योजना के लिए 3,100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकार का अनुमान है कि इस योजना से राज्य के लगभग सात करोड़ लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ मिलेगा।

इसके अलावा राजनीतिक हिंसा के पीड़ित परिवारों के लिए भी वित्तीय सहायता की व्यवस्था की गई है। झाड़ग्राम में जनजातीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए प्रारंभिक रूप से 10 करोड़ रुपये का कोष निर्धारित किया गया है।

बुनियादी ढांचे के विकास को गति देने के लिए बजट में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की घोषणा की गई है। नदिया जिले के कल्याणी में 1,500 एकड़ भूमि पर एक नए हवाई अड्डे की स्थापना की जाएगी। वित्त मंत्री ने कहा कि इससे कोलकाता स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बढ़ रहे यात्री दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। इसके लिए राज्य सरकार जल्द ही उपयुक्त भूमि का चयन करेगी।

इसके अलावा पुरुलिया, मालदा और बालुरघाट में नए हवाई अड्डों का निर्माण किया जाएगा, जबकि कूचबिहार हवाई अड्डे के विस्तार की योजना भी बजट में शामिल की गई है।

औद्योगिक और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए पूर्व मेदिनीपुर जिले के दादनपात्रबार में सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर एक गहरे समुद्री बंदरगाह की स्थापना की जाएगी। सरकार का मानना है कि इस परियोजना से राज्य में समुद्री व्यापार को नई गति मिलेगी और बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित होगा।

साथ ही अलीपुरद्वार जिले के हासीमारा और पश्चिम मेदिनीपुर जिले के कलाईकुंडा स्थित भारतीय वायुसेना अड्डों के विस्तार में भी राज्य सरकार सहयोग करेगी।

वित्त मंत्री ने बताया कि बड़े निवेशकों को आकर्षित करने के लिए शहरी भूमि सीमा एवं विनियमन अधिनियम, 1976 की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा 100 करोड़ रुपये या उससे अधिक के निवेश प्रस्तावों को राज्य सरकार की एकल खिड़की प्रणाली के माध्यम से सभी आवश्यक स्वीकृतियां उपलब्ध कराई जाएंगी।

राज्य की भाजपा सरकार ने दानकुनी-लुधियाना तथा दानकुनी-सूरत समर्पित माल ढुलाई गलियारों से जुड़े भूमि अधिग्रहण संबंधी मुद्दों के समाधान का भी आश्वासन दिया है। इसके साथ ही संकटग्रस्त कलकत्ता शेयर बाजार के पुनरुद्धार के लिए भी राज्य सरकार आवश्यक सहयोग प्रदान करेगी।

वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्त ने कहा कि यह बजट राज्य की अर्थव्यवस्था को गति देने, रोजगार सृजन को बढ़ावा देने, सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने और पश्चिम बंगाल को औद्योगिक निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

मनुष्य के चित्त का भटकाव रोकता है योग

-अरुण कुमार दीक्षित

योग का अर्थ जोड़ होता है। योग व्यक्ति के अन्तस का रसायन शास्त्र परिवर्तित कर देता है। योग से व्यक्ति के अंदर प्रेम रस के स्रोत आने लगते हैं। नई चेतना आने लगती है। ऊर्जा से मनुष्य भर जाता है। व्यक्ति अप्रेम से प्रेम की ओर उन्मुख हो जाता है। व्यक्ति द्वैत से अद्वैत की यात्रा में आ जाता है। ऐसा योगी जन कहते आए हैं। हमारे जैसों ने हमने योग किया। अमुक ने योग किया। कुछ घटित नहीं हुआ। फलित नहीं हुआ। हम तत्काल निष्कर्ष पर जाते हैं। हमें वह नहीं हो रहा जो शास्त्रों में बताया गया है।

श्रीकृष्ण कहते हैं कर्म तुम्हें करना है। तुम फल क्या आएगा इस निष्कर्ष में न पड़ो। श्रीकृष्ण कहते हैं “कर्मण्येवाधिकारस्ते मां फलेषु कदाचनः” तुम्हारा अधिकार कर्म करने का ही है। परिणाम पर तुम्हारा अधिकार नहीं है। परिणाम में तुमसे संबंध नहीं है। तुम फल से असंबद्ध ही रहो। वे आगे कहते हैं “मा कर्मफलहेतुर्भ” तुम स्वयं को अपने कर्मों फलों का कारण मत जानो। वह निष्काम कर्म की बात कर रहे हैं। वे कह रहे हैं फल की ओर ध्यान न देकर पूरी शक्ति कर्म पर लगा दो। यहां यह भी लगता है कि जब पूरी शक्ति किसी कर्म में लगेगी तो बहुत संम्भव है परिणाम अच्छा आएगा। गीता में योग के विषय में कहा गया है कि जीव का परमात्मा के साथ जो सम्बंध है वह योग है। वस्तु व्यक्ति क्रिया, पदार्थ, घटनाओं वस्तुओं आदि के सम्बंध भोग है। योग नित्य और भोग अनित्य है।

पतंजलि श्रीकृष्ण के बाद हुए। पतंजलि योगाश्चितवृत्ति निरोध की देशना में है। पतंजलि कहते हैं योग से मनुष्य के चित् की वृत्तियों का निरोध हो जाता है। चित्त का भटकाव रुक जाता है। चित्त का व्यापार रुक सकता है। मगर पतंजलि का यह वक्तव्य बड़ा कठिन मालूम पड़ता है। योग में कैसे उतरा जाए। कोई योग का विद्यार्थी पहली सीढ़ी में क्या करे। यहाँ ध्यान रहे की बात चित्त वृत्ति के निरोध की हो रही है। रोकने की हो रही है। और हम जीवन व्यापार में लगातार उठते बैठते लगे रहते हैं। हम आँख बंद कर योग के लिए बैठते हैं हमको सब दृश्य लाभ-हानि के दिखाई देने लगते हैं। तभी संपत्ति भी दिखाई देने लगती है। यहाँ फिर वही बात है कि माया पीछा करती है। बड़ी कठिनाई है? योग से यह कठिनाई चली जाती है। और योग में उतरने के पहले ही यह कठिनाइयां योग में जाने नहीं देती हैं। जीवन के अनेक नए पुराने दृश्य दिखाई देने लगते हैं। जैसे ही आँख बंद कर बैठे वैसे जगत सामने नृत्य करता है। ज्ञानी जनो ने इसे माया कहा। कबीर ने कहा कि माया महाठगिनी हम जानी।

लोग गुरुओं के पास जाते हैं वह व्यायाम को योग बताने लगते हैं। यह और झंझट है। योग में व्यायाम आ गया। व्यायाम और कसरत योग से भिन्न है। हाँ व्यायाम से शरीर हष्ट-पुष्ट बलिष्ठ बनता है। व्यायाम और आहार की शुद्धता आलस्य नही आने देते हैं। आहार ठीक नहीं तो शरीर खराब होगा। आहार उत्तेजक है या अधिक है तो शरीर मन दोनों उत्तेजना में रहेंगे। इसलिए शुद्ध आहार से शुद्ध विचार आते हैं। मगर चेतना का स्तर ऊर्ध्व नहीं होता है। योग बिलकुल अलग बात है।

पतंजलि योग की पहली सीढ़ी में कहते हैं। यम। यम के पांच अर्थ बताए गए हैं। पहला है अहिंसा। मन और वचन शब्दों से किसी को कष्ट न होने पाए। कोई आपसे दुखी न होने पाए। दूसरा है सत्य। अब यह और कठिन है। सत्य का व्यवहार करना है। दिन-रात झूठ के व्यवहार हैं। व्यापार भी हैं। राजनीति में दिनभर असत्य बोलने की कार्यवाही है। ईशावास्योपनिषद की एक ऋचा में कहा गया है, कि परम सत्य का मुँह हिरण्यमय स्वर्ण पात्र से ढंका है। उपनिषदों में सत्य (ब्रह्म) को निराकार अजन्मा कहा गया है। उपनिषद दार्शनिक और खोज पर जोर देते हैं। गीता में ज्ञान के साथ कर्म कर्तव्य पर जोर है। सत्य को ही बोला जाए सत्य को पहले ही जान लिया जाए। यहाँ फिर तब योग की आवश्यकता पर प्रश्न है। तीसरा है अस्तेय। चोरी न करना। किसी वस्तु की चोरी न करना। यहां चोरी न करना सनातन में निंदित रहा है। भारतीय संस्कृति में बुद्ध, महावीर, श्री अरविंद भी चोरी नहीं करने और अहिंसा पर जोर देते हैं। गांधी ने भी अहिंसा पर जोर दिया। यहाँ पतंजलि चोरी न करने की बात को भी योग से जोड़ते हैं। चित्त से जोड़ते हैं। चोरी न करना योग में उतरने में सहायक बता रहे हैं। अहिंसा को सत्य को चित्त की वृत्ति से जोड़कर योग में जाने का मार्ग वे प्रशस्त करते दिखाई देते हैं। फिर कहते हैं ब्रह्मचर्य। अपनी इंद्रियों को संयम में रखना। अपनी ऊर्जा को बचाकर रखना। इसके बाद है अपरिग्रह। अर्थात वस्तुओं को एकत्रित न करना। संग्रह न करना।

यहाँ निर्मल चित्त योग की नदी पार करने की यात्रा में सहायक होगा। गीता में ही कृष्ण कह रहे हैं योग शारीरिक अभ्यास नहीं है। आत्मा और परमात्मा के मिलन के समभाव में रहकर अपना कर्तव्य निर्वाह ही योग है। गीता अध्याय 2 में श्लोक 48 में उन्होंने “समत्वं योग उच्चते कहा है”। कृष्ण कहते हैं कि सफलता या असफलता की चिंता किए बिना समभाव में रहकर अपना कर्तव्य निर्वाह ही योग है। फिर वह कर्म योग की बात करते हैं। निष्काम कर्म को श्रेष्ठ कह रहें हैं। गीता में योग के तीन प्रमुख मार्ग बताए गए हैं। पहला कर्म योग निष्काम भाव से अपने कर्तव्यों का पालन करना। दूसरा भक्ति योग पूर्ण श्रद्धा और प्रेम के साथ ईश्वर की शरण में जाना। तीसरा है ज्ञान योग। विवेक और ज्ञान योग के माध्यम से सत्य को जानना। योग व्यायाम नहीं है आत्मा का परमात्मा से मिलन और जीवन जीने की उत्कृष्ट कला है योग। गीता में योग कर्मसु कौशलम् अर्थात कर्म में कुशलता। श्रीकृष्ण कहते हैं कर्मों की पूरी कुशलता और संतुलन के साथ करना ही योग है। यहां कुशलता का अर्थ चतुराई नहीं है बल्कि अनासक्त फल की इच्छा के बिना कर्तव्य पालन है।

वहीं, पतंजलि ने दुख के पांच कारण बताए हैं, जिन्हें योग द्वारा समाप्त किया जा सकता है। इनमें पहला है अविद्या या असत्य को सत्य मान लेना। दूसरा है “अस्मिता” अहंकार या स्वयं को शरीर और मन समझ लेना। तीसरे को पतंजलि ने राग कहा है। सुख के प्रति अत्यधिक मोह राग है। और चौथा है अप्रिय के प्रति और अनुभवों के प्रति गुस्सा किया जाना। सफलता के दो स्तम्भ बताएं हैं। मन को स्थिर करने और योग में सफलता के दो उपाय हैं। इसके लिए अभ्यास प्राथमिक है। मन को शांत रखने के लिए लंबे समय तक नियंत्रण का प्रयास करना। दूसरा है वैराग्य अर्थात बाहरी दुनिया की क्षणिक और भौतिक वस्तुओं के प्रति इच्छा का त्याग करना। योग वह अवस्था है जो मनुष्य को संसार के दुखों के बंधनों से मुक्त कर देती है।

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

साभार – हिन्दुस्तान समाचार

लिटिल थेस्पियन का 42वाँ रंग अड्डा सम्पन्न

कोलकाता । सुमित्रानंदन पंत एवं डॉ. प्रताप सहगल को समर्पित, लिटिल थेस्पियन का 42वाँ रंग अड्डा 31 मई को त्रिप्ति मित्रा सभागार में आयोजित किया गया। दोपहर की शुरुआत, नई दिल्ली के वरिष्ठ नाटककार प्रताप सहगल द्वारा रचित नाटक ‘कोई और रास्ता’ की मनोहारी एकल प्रस्तुति से हुई, जिसे उमा झुनझुनवाला (निर्देशक, लिटिल थेस्पियन) ने मंचित किया। दर्शक पूरे समय बँधे रहे और भावुक होकर भरपूर सराहना की। झुनझुनवाला के सूक्ष्म अभिनय और प्रभावी मंचीय उपस्थिति ने श्रोताओं को गहरे चिंतन में डुबो दिया—नाटक द्वारा उठाए गए प्रश्नों पर सोचने को विवश किया। इसके बाद प्रो. रेशमी पांडा मुखर्जी ने प्रताप सहगल के नाट्य साहित्य पर विचार रखे। उन्होंने कहा: “प्रताप सहगल के नाटकों में हमेशा कोई खोज होती है — वह कुछ खोजते हैं,” जो साधारण मानवीय समझ से परे सत्य की तलाश है। उन्होंने नाटककार की दर्शकों, निर्देशकों और अभिनेताओं से सक्रिय संवाद की महत्ता पर बल दिया और सहगल को इसका उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
प्रो. मुखर्जी ने सहगल के चर्चित नाटक ‘अन्वेषक’ का भी उल्लेख किया—जिसमें यह संदेश है कि कट्टर और रूढ़ सोच प्रगति में बाधक बनती है। साथ ही रंग बसंती, बुल्लेशाह और यूँ बनी महाभारत जैसे नाटकों पर भी प्रकाश डाला। दूसरे भाग में सुमित्रानंदन पंत की प्रसिद्ध कविता ‘वे आँखें’ की नाट्य प्रस्तुति हुई, जिसे संतोषपुर अनुचिंतन के कलाकारों ने प्रस्तुत किया और निर्देशक डॉ. गौरव दास ने परिकल्पित किया। कलात्मक रूप से सजी यह प्रस्तुति डॉ. दास की आत्मीय स्वर-लहरी से और समृद्ध हुई, जो पृष्ठभूमि में एक सम्मोहक धुन बन गई। दर्शकों ने उत्साह से ध्वनि को से सराहा। कार्यक्रम का समापन विश्व हिंदी परिषद, पश्चिम बंगाल इकाई की शिक्षा शाखा की अध्यक्ष श्वेता गुप्ता के सूचनाप्रद और रोचक व्याख्यान से हुआ, जिसमें उन्होंने सुमित्रानंदन पंत के साहित्यिक योगदान, काव्य-दृष्टि और रचनाओं की समकालीन प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला।

लिटिल थेस्पियन की नवीनतम प्रस्तुति ‘पत्थर’

लिटिल थेस्पियन ने इस्माइल चूनारा के अंग्रेज़ी नाटक दा स्टोन, का उमा झुनझुनवाला द्वारा किया गया हिंदी अनुवाद पत्थर का मंचन गत 12 जून को अनुचिंतन आर्ट सेंटर में किया गया | नाटक ‘पत्थर’ जीवन को दो लोगों तक सीमित कर देता है: पति और पत्नी। उनकी साधारण गृहस्थी उस “अदृश्य पत्थर” से चकनाचूर हो जाती है जो अचानक उनके दरवाज़े पर आ जाता है। जो शुरू में एक भौतिक रुकावट है, वह मनोवैज्ञानिक आतंक में बदल जाती है। पत्थर का अर्थ बढ़ता जाता है – डर, जड़ता, सामाजिक दबाव, अवसाद – यहाँ तक कि घर से बाहर निकलना भी असंभव लगने लगता है।निर्देशक डॉ. गौरव दास व्याख्या करने की जल्दी नहीं करते। वे रूपक को साँस लेने देते हैं। परिणाम, एक ऐसा नाटक है जो एक साथ बेतुका भी लगता है और दर्दनाक हद तक वास्तविक भी। मंच एक जाल बन जाता है और आप उनके सिकुड़ते संसार को महसूस करते हैं।गुंजन अज़हर और मो. आसिफ़ अंसारी पूरे नाटक का भार अद्भुत संयम से उठाते हैं। कोई अतिनाटकीयता नहीं। “पत्नी” खीज से घबराहट और फिर सुन्नता तक बहुत छोटे-छोटे बदलावों में जाती है। “पति” झूठे आत्मविश्वास और लाचारी के बीच झूलता है। उनकी खामोशियाँ भी शब्दों जितनी मुखर हैं। साथ मिलकर वे रिश्ते को जीता-जागता बना देते हैं। राहुल सरदार की प्रकाश परिकल्पना और बिप्लब नस्कर का संगीत नाटक का मूड गढ़ते हैं। समर मृधा और नयन सदक की कोरियोग्राफी भी उतनी ही असरदार। नाटक ‘पत्थर’ इस बात पर मार्मिक टिप्पणी है कि डर को एक बार अंदर पनपने दो तो वह घर बना लेता है । यह सवाल करता है: क्या हम वास्तविक रुकावटों के कारण फँसे हैं, या इसलिए कि हमने मान लिया है कि निकलना व्यर्थ है? महामारी के बाद की दुनिया में जहाँ कई लोग नौकरी, घर या चिंता में “कैद” महसूस करते हैं, ऐसे में यह नाटक बेचैन करने वाला लगता है। दूसरा नाटक संतोषपुर अनुचिंतन की प्रस्तुति ‘वे आँखें’ – सुमित्रानंदन पंत की कविता पर आधारित नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया गया । अगर ‘पत्थर’ अंदर मुड़ता है, तो गौरव द्वारा नाट्य रूपांतरित और निर्देशित ‘वे आँखें’ हमें बाहर देखने पर मजबूर करती है। यह रूपांतरण पंत की कविता से एक किसान का चित्र बनाता है – उसका अंतहीन श्रम, ज़मीन से जुड़ाव, और शोषण व अनिश्चितता जो उसके जीवन को गढ़ते हैं, भले ही वह “समाज की रीढ़” कहा जाए। डॉ. गौरव दास की अपनी भावपूर्ण आवाज़, पृष्ठभूमि में करुणा नहीं गरिमा देती।समर मृधा, नयन सदक, मेहली दास, अनिकेत मजूमदार, अकुलीना मित्रा, तृषा दास, पार्थो पाइक और रंजीता रॉय ने अपने पात्रों को बखूबी निभाया । प्रकाश और मंच सज्जा बिप्लब नस्कर का था ।‘पत्थर’ और ‘वे आँखें’ को साथ मंचित करना एक सधी हुई सोच थी। एक नाटक कहता है: “हम खुद को कैद करते हैं।” दूसरा कहता है: “समाज दूसरों को कैद करता है।” इस अंतर ने दोनों को और मज़बूत किया।