Sunday, March 22, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 120

सम्मानित की गयीं सुशीला बिड़ला गर्ल्स स्कूल की मेधावी छात्राएं

कोलकाता । सुशीला बिड़ला गर्ल्स स्कूल ने हाल ही में 77वां स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया । इसके साथ ही एआईएसएससीई की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया । एआईएसएससीई 2023 की परीक्षा में कॉमर्स संकाय में नित्या मल ने 98.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर स्कूल में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया । नित्या ने सीयूईटी 800 में से 799.64 प्राप्त किया । वह श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में बीकॉम ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है । इसके बाद कॉमर्स संकाय में दूसरे स्थान पर रहने वाली चेतना अग्रवाल को 98 प्रतिशत अंक मिले । अकाउंटेंसी और साइकोलॉजी में उसे शत – प्रतिशत अंक मिले । चेतना ने सामाजिक उद्यम शाखा स्वाभिमान और आविष्कार के साथ ही समाज सेवा शाखा स्नेह में योगदान दिया । वह सेंट जेवियर्स कॉलेज, कोलकाता से बीकॉम ऑनर्स पढ़ रही है । तीसरे स्थान पर मधुनिशा मजुमदार ने एआईएसएससीई 2023 की ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त किये । वाद – विवाद प्रतियोगिता में कई पुरस्कार प्राप्त कर चुकी मधुनिशा एल एन बिड़ला वाद – विवाद प्रतिय़ोगिता 2022 में उप विजेता वक्ता रही । सौम्या मेहता को साइंस स्ट्रीम में एआईएसएससीई 2023 में 96.4 प्रतिशत अंक मिले । वह कम्प्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग में बी.टेक कर रही है और डेटा साइंस में स्पेशिलाइजेशन प्राप्त कर रही है । इन सभी को अकादमिक उत्कृष्टता के लिए ताजा टीवी मेधा सम्मान, प्रभात खबर का प्रतिभा सम्मान, टाइम्स एडुशाइन और मारवाड़ी महिला समिति द्वारा सम्मानित किया गया । एआईएसएससीई 2023 की परीक्षा में नकियाह एफ कलकत्तावाला को 93.8 प्रतिशत अंक मिले । नेतृत्व क्षमता रखने वाली यह छात्रा अच्छी लेखिका है और फ्लेम यूनिवर्सिटी से डेटा साइंस और इकोनॉमिक्स लेकर पढ़ रही है । इन पाँचों मेधावी छात्राओं को विद्या मंदिर सभागार में आयोजित समारोह में पदक और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया । स्कूल की पूर्व छात्राओं ने गिफ्ट वाउचर दिए । इस अवसर पर कई गण्यमान्य़ अतिथि उपस्थित थे ।

एमसीसीआई में शिक्षा और अभिभावकों की भूमिका पर परिचर्चा

कोलकाता । मर्चेंट्स चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एमसीसीआई) ने गत 23 सितंबर 2023 को “एम्पावरिंग टुमॉरो माइंड्स : पैरेंटिंग इन ए चेंजिंग एडुकेशनल लैंडस्केप पर जानकारीपूर्ण सत्र आयोजित किया । का आयोजन किया । परिचर्चा सत्र का उद्घाटन हैदराबाद पब्लिक स्कूल, बेगमपेट के प्रिंसिपल डॉ. स्कंद बाली ने किया । डॉ. स्कंद बाली ने सुझाव दिया कि एक सही शिक्षा बोर्ड चुनने से पहले, कुछ कारकों पर विचार करना जरूरी है, जैसे – शिक्षा बोर्ड के प्रकार’, ‘अपने बच्चे की जरूरतों और लक्ष्यों का आकलन करना’, “अन्य अभिभावकों और छात्रों से बात करके स्कूलों के बारे में शोध करना और स्कूलों का दौरा करना”, “पाठ्यक्रम की समीक्षा करना” और “दीर्घकालिक योजनाओं पर विचार करना” महत्वपूर्ण हैं। ” सत्र में “कॅरियर काउंसलिंग, अभिभावकों एवं शिक्षण संस्थानों के बीच आवश्यक सम्बन्ध, विद्यार्थियों के लिए विदेशी भाषा की भूमिका, और सही शैक्षणिक बोर्ड के चयन पर भी चर्चा हुई । सत्र को सम्बोधित करते हुए कॉग्निक्स नॉलेज ग्रुप के संस्थापक निर्मल अग्रवाल ने सही कॅरियर पथ चुनते समय चार कारकों अर्थात् ‘इच्छा’, ‘ज्ञान’ ‘समर्पण’ और ‘भावनात्मक शक्ति’ पर ध्यान केंद्रित करने का सुझाव दिया। मॉर्डन हाई स्कूल फॉर गर्ल्स की प्रिंसिपल दमयंती मुखर्जी ने कहा कि माता-पिता और बच्चे के बीच ईमानदार और समान स्तर के संचार पर जोर दिया । कलकत्ता इंटरनेशनल स्कूल की प्रमुख (स्टूडेंट डेवलपमेंट) संजुक्ता पोद्दार ने दूसरी भाषा सीखने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला जो संज्ञानात्मक कौशल, सांस्कृतिक समझ, विस्तारित कैरियर के अवसरों आदि को बढ़ाएगी। बेलव्यू क्लिनिक की साइकोलॉजिस्ट स्मरणिका त्रिपाठी ने सोशल मीडिया के सकारात्मक पहलू पर जोर देते हुए माता-पिता को अपने बच्चे की दुनिया से जुड़ने और नेटवर्क वाले माता-पिता बनने का सुझाव दिया। जेआईएस ग्रुप के निदेशक सिमरप्रीत सिंह ने जेआईएस ग्रुप द्वारा शिक्षा में लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम शुरू करने की नवीनतम पहल के बारे में बात की। सत्र का समापन एमसीसीआई की एडुकेशन काउंसिल के को चेयरमैन आलोक शर्मा द्वारा प्रस्तावित हार्दिक धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ ।

राज्य में 65 हजार लोगों को मिल रहा है टेलिमेडीसिन केन्द्रों का लाभ

कोलकाता । मर्चेंट्स चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने सी के बिड़ला हॉस्पिटल्स (सीएमआरआई) के सहयोग से “हेल्थ केयर में उन्नति: ब्रिजिंग साइंस एंड प्रैक्टिस” विषय पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया। एमसीसीआई और सीएमआरआई हॉस्पिटल्स चिकित्सा विज्ञान को आगे बढ़ाने में भी भागीदार बनेंगे। विज्ञान को अभ्यास के साथ लागू करने के तरीकों पर गौर करना । मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग के सचिव नारायण स्वरूप निगम ने कहा कि “जनता की भलाई का उत्तर न केवल विज्ञान और प्रौद्योगिकी पर निर्भर करता है, बल्कि इस पर भी निर्भर करता है।” वितरण तंत्र” उन्होंने पूरे पश्चिम बंगाल में टेलीमेडिसिन केंद्रों का जिक्र किया, जहां 8,000 टच प्वाइंट हैं और 65,000 लोग इसका लाभ उठा रहे हैं।
सीएमआरआई अस्पताल, कोलकाता के यूनिट प्रमुख सौम्ब्रत रॉय ने कहा, “हम नैदानिक ​​उत्कृष्टता और रोगी सेवा में रिकॉर्ड उपलब्धि के साथ, स्वास्थ्य सेवा में सर्वश्रेष्ठ होने के चौवन साल के करीब पहुंच रहे हैं । एमसीसीआई अध्यक्ष नमित बाजोरिया ने अपना स्वागत भाषण देते हुए कहा कि एमसीसीआई इस तरह की सिफारिश के कार्यान्वयन में सीएमआरआई के साथ साझेदारी करने को इच्छुक है और संभवतः इसके लिए एक योजना तैयार करेगा । सीएमआरआई अस्पताल ने सीएमआरआई में ऑर्थोपेडिक और रोबोटिक जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जरी विभाग के निदेशक और एचओडी डॉ. राकेश राजपूत की सक्षम देखरेख में 500 सफल रोबोटिक प्रक्रियाएं पूरी की हैं । गैस्ट्रो साइंस के प्रति सीएमआरआई की प्रतिबद्धता के तहत, डॉ. सरफराज जे बेग (सीएमआरआई कोलकाता में जीआई और बेरिएट्रिक सर्जन) ने एक अनूठी और अभूतपूर्व एंडोस्कोपी बेरिएट्रिक सर्जरी विकसित की है । एमसीसीआई की हेल्थकेयर काउंसिल के अध्यक्ष राजेंद्र खंडेलवाल ने कहा कि स्वास्थ्य देखभाल विनिर्माण इकाइयों में बुनियादी ढांचे का उन्नयन उन पहलों का समर्थन करने के लिए भी आवश्यक है जो वैज्ञानिक नवाचारों को उन लोगों के हाथों में स्थानांतरित करने की सुविधा प्रदान करते हैं जो उनका उपयोग रोगी परिणामों में सुधार के लिए कर सकते हैं। कार्यक्रम का समापन एमसीसीआई की मानव संसाधन एवं कौशल विकास परिषद के अध्यक्ष स्मरणित मित्रा के हार्दिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

श्री शिक्षायतन कालेज ने मनाया हिन्दी दिवस समारोह

कोलकाता ।  श्री शि‌क्षायतन कालेज के हिन्दी विभाग द्वारा गत 27 सितंबर को हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह का आरंभ सरस्वती वंदना के साथ हुआ। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा निराला की बादल राग कविता पर भाव नृत्य प्रस्तुत किया गया। इस नृत्य ने सभी को मुग्ध कर लिया। अपने स्वागत वक्तव्य में कालेज की प्राचार्या डॉ अदिति दे ने हिन्दी दिवस को कालेज के विशिष्ट आयोजन के रूप में रेखांकित किया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष सिन्धु मेहता ने हिन्दी के महत्व को बताते हुए कहा कि विश्व पटल पर अंग्रेजी भाषा के बाद हिंदी भी अब एक महत्वपूर्ण भाषा के रूप में उभर रही है।
इस अवसर पर आलेख-पाठ, काव्य-आवृत्ति तथा आशु-अभिनय प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिसमें कोलकाता के विभिन्न कालेजों के विद्यार्थियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। आलेख पाठ का विषय था- “प्रेमचंद की वैचारिक यात्रा” जिनके निणार्यक के रूप में उपस्थित थे, डॉ संजय जायसवाल (सहायक प्रोफेसर, विद्यासागर विश्वविद्यालय) और डॉ विभा कुमारी (एसोसिएट प्रोफेसर, कल्याणी विश्वविद्यालय)। आलेख पाठ की तकनीकी पक्ष से डॉ विभा कुमारी ने विद्यार्थियों को अवगत कराया तथा डॉ संजय जायसवाल ने प्रेमचंद की विचारधारा पर बात रखते हुए कहा कि प्रेमचंद की वैचारिकी समतामूलक समाज तथा लोकतांत्रिक भारत के निर्माण के स्वप्न के साथ आगे बढ़ती है। काव्य आवृत्ति के निणार्यक थे- डॉक्टर रेशमी पांडा मुखर्जी (ऐसोसिएट प्रोफेसर, गोखले मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज) तथा मोहम्मद आसिफ आलम (असिस्टेंट प्रोफेसर, विद्यासागर कांलेज फार वुमेन)। आशु अभिनय के निणार्यक थे- श्री सुशील कांति (प्रसिद्ध नाट्य संस्था रंग शिल्पी के कलाकार) तथा डॉ इबरार खान (SACT बंगवासी कालेज)। आलेख पाठ में प्रथम पुरस्कार इशिका गुप्ता (श्री शिक्षायतन कालेज) द्वितीय पुरस्कार सन्ध्या राम (खिदिरपुर कालेज) तथा तृतीय पुरस्कार सौरभ कुमार सिंह (प्रेसीडेंसी विश्व विद्यालय) को दिया गया। काव्य आवृत्ति प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार अमृता कुमारी सिंह (खिदिरपुर कालेज) द्वितीय पुरस्कार संजना जायसवाल (बेथुन कालेज) तथा तृतीय पुरस्कार अमृता शुक्ला (श्री शिक्षायतन कालेज) को प्रदान किया गया। प्रोत्साहन पुरस्कार जैनब रज़ा (विद्यासागर कॉलेज फ़ॉर वुमेन) को दिया गया। आशु अभिनय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ दल का पुरस्कार श्री शिक्षायतन कालेज (श्रीऋद्धा दत्ता, अमृता शुक्ला, कुमकुम भट्ठर और जयस्मिता चक्रवर्ती को मिला। सर्वश्रेष्ठ अभिनय का पुरस्कार श्री शिक्षा यतन कालेज की छा‌त्रा श्री ऋद्धा दत्ता को दिया गया। समारोह के विभिन्न सत्रों का संचालन छात्राओं (संचिता सिंह, शाहिस्ता परवीन, निधि दवे और राशि कोठारी) ने किया। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर अल्पना नायक ने किया ।

वाणिज्यिक जानकारी एवं सांख्यिकी महानिदेशालय में हिंदी पखवाड़ा

कोलकाता । जानकारी एवं सांख्यिकी महानिदेशालय में हिंदी पखवाड़ा का आयोजन किया गया। 14 सितंबर से 28 सितंबर 2023 के दौरान हिंदी कार्यशाला एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में कार्मिकों ने हिस्सा लिया।29 सितंबर को समापन समारोह में हिंदी पखवाड़ा में आयोजित दस प्रतियोगिताओं के विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।इस अवसर पर विभाग के अध्यक्ष अजय बक्सी, (भारतीय सांख्यिकी सेवा) उप महानिदेशक द्वारा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपना संपूर्ण कार्यालयी कार्य हिंदी में करने के लिए अपील किया।समापन समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। ओमप्रकाश प्रसाद एवं उनकी टीम द्वारा लघु नाटिका के साथ ही श्रुति दास द्वारा घूमर नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति की गई। कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए विभागाध्यक्ष अजय बक्सी द्वारा पूरे वर्ष भर अधिक से अधिक कार्य हिंदी में ही करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि सरकार द्वारा तकनीकी और प्रशासनिक कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव और कारगर उपाय किए जा रहे हैं। हिंदी शब्द सिंधु के विषय में चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यह एक प्रशंसनीय पहल है जिसमें भारत की सभी मुख्य क्षेत्रीय भाषाओं के प्रचलित शब्दों को शामिल किया गया है और उनके अधिक से अधिक प्रयोग की सरकारी कार्मिकों से अपेक्षा की जाती है ताकि इन शब्दों को जनता में लोकप्रिय बनाया जा सके। इससे हिंदी जहां एक ओर समृद्ध होगी वहीं दूसरी ओर भारत की सामासिक संस्कृति की अभिव्यक्ति का माध्यम बनेगी । कार्यक्रम में अतनु कुमार चौधुरी (भारतीय सांख्यिकी सेवा) उप महानिदेशक प्रशासन, श्यामसुंदर पारुई (भा. सां.से.), मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भरत सिंह राजपूत, वरिष्ठ अनुवाद अधिकारी द्वारा किया गया। कार्यक्रम का औपचारिक समापन नगेन्द्र कुमार, कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी द्वारा औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। हिंदी पखवाड़ा के सफल आयोजन में राज शेखर साव, और कृष्णा चौधरी कनिष्ठ अनुवाद अधिकारी का प्रशंसनीय योगदान रहा।

अपनी बायोपिक का प्रचार करने सॉल्टलेक शिक्षा निकेतन पहुंचे मुरलीधरन

कोलकाता । सुप्रसिद्ध श्रीलंकाई क्रिकेटर मुथैया मुरलीधरन ने अभिनेता मधुर मित्तल के साथ अपनी जीवनी पर आधारित फिल्म 800 का प्रचार करने के गुरुवार को कोलकाता पहुंचे। इसके बाद वह कोलकाता के साल्टलेक में स्थित शिक्षा निकेतन स्कूल का दौरा कर मुथैया मुरलीधरन और मधुर मित्तल ने स्कूल के छात्रों के साथ बातचीत कर छात्रों के साथ यादगार पल गुजारे। इस दौरान उन्होंने स्कूल के छात्रों के साथ जमकर क्रिकेट खेला। तत्पश्चात उन्होंने बच्चों को ऑटोग्राफ देकर उनके चहरे पर खुशियां ला दी। इस दौरान कार्यक्रम में ललित बेरीवाला, वी.के. गोयल, जी.एस. खजांची, संजय अग्रवाल, रमेश बेरीवाल, जगदीश अग्रवाल, किशन के. गुप्ता के साथ बड़ी संख्या में सॉल्टलेक शिक्षा निकेतन स्कूल के अध्यापकगण मौजूद थे।

इस मौके पर साल्टलेक शिक्षा निकेतन की प्रिंसिपल नूपुर दत्ता ने कहा कि विश्व के मशहूर स्पिन गेंदबाजी के जादूगर को अपने सामने देखकर छात्रों की आँखें खुली रह गईं। बच्चे फिल्म में उनकी कहानियों और ज्ञान की बातों को जानकर काफी प्रेरित हुए। श्री मुरलीधरन ने इस दौरान बच्चों को स्कूल में क्रिकेट खेल के महत्व पर जोर दिया और छात्रों की युवा प्रतिभा को प्रेरित किया। इस श्रीलंकाई क्रिकेटर ने एक सफल क्रिकेटर बनने के लिए मूल रूप से जुनून, कड़ी मेहनत, अनुशासन और आत्म-विश्वास पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने प्रत्येक खिलाड़ी को उनके शानदार कॅरियर के लिए शुभकामनाएं देते हुए हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही एक अन्य कार्यक्रम में सौरभ गांगुली भी दिखे जहाँ उन्होंने मुरलीधरन की तारीफ की ।

शुभजिता दुर्गोत्सव 2023 : तीन चाकार गोल्पो सुनाएगा हाजरा पार्क दुर्गोत्सव

कोलकाता । हाजरा पार्क दुर्गोत्सव कमेटी दुर्गा पूजा में हर साल अपने नए आइडिया पर आधारित नए थीम पर मंडप का निर्माण कर दर्शकों को आश्चर्यचकित करती रहती है। शुक्रवार को एक कार्यक्रम में कमेटी की ओर से हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी दक्षिण कोलकाता की यह पूजा कमेटी एक आकर्षक थीम ‘तीन चाकार गोल्पो’ (3 पहियों की कहानी) थीम पर मंडप का निर्माण करने की घोषणा की गई। यह थीम एक ऑटोरिक्शा चालक पर आधारित है। इस वर्ष 81वें वर्ष में यह पूजा कमेटी दुर्गोत्सव का आयोजन कर रही है। यह पूजा हाजरा क्रॉसिंग (जतिन दास पार्क के अंदर) स्थित है। थीम लॉन्च के मौके पर कमेटी की ओर से कोलकाता के 10 ऑटोरिक्शा चालकों को सम्मानित किया गया । इस मौके पर समाज में हर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न प्रतिष्ठित हस्तियों, जिनमे शोभनदेव चट्टोपाध्याय (कृषि मंत्री, पश्चिम बंगाल सरकार) के साथ हाजरा पार्क दुर्गोत्सव कमेटी के संयुक्त सचिव सायन देब चटर्जी के साथ समाज के कई अन्य सम्मानित अतिथि मौजूद थे। हाजरा पार्क दुर्गोत्सव कमेटी के संयुक्त सचिव सायन देब चटर्जी ने कहा कि ऑटोरिक्शा चालक एक माता-पिता, जीवनसाथी या फिर एक बेटे के रूप में विभिन्न भूमिकाएँ निभा रहे हैं, वे तीन पहियों वाले ऑटोरिक्शा चालक के रूप में एक और अहम भूमिका निभाकर हर रोज हमे गंतव्य स्थल तक पहुंचते हैं। वे दिन-रात मेहनत करके मामूली रकम कमाते हैं, लेकिन वे जानते हैं कि उनके पास जो कुछ भी है, उससे अपने माता-पिता और बच्चों को कैसे खुश रखना है। हर रात वे अपने फटे कंबल ओढ़कर सोते हुए एक दिन लाखों कमाने का सपना देखने से खुद को रोक नहीं पाते हैं। इन्हीं ऑटोरिक्शा चालकों पर यह थीम और मंडप सज्जा के साथ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने सभी को परिवार और दोस्तों के साथ पूजा में आने के लिए आमंत्रित किया ।

“हॉस्पिटल ऑन व्हील्स-लोटस टीएमटी मेडिकल बस” ने मनाया स्थापना दिवस

कोलकाता । बीडीजी रमेश गोयल सेवा संस्थान (बीडीजीआरजीएसएस) और फेसेस के सहयोग से शनिवार को कोलकाता के जेडब्ल्यू मैरियट होटल में पूर्वी भारत में सबसे बड़े “हॉस्पिटल ऑन व्हील्स- लोटस टीएमटी मेडिकल बस” के एक वर्ष पूरे होने के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूर्वी भारत में अत्याधुनिक चिकित्सा सरंजाम से युक्त यह अपनी तरह का पहला लोटस टीएमटी मेडिकल बस है. जिसके सेवाओं से लगातार जरूरतमंद लोग लाभान्वित हो रहे हैं। गत वर्ष 31 जुलाई 2022 को इसे भव्य तरीके से लॉन्च किया गया था। इसका पहला शिविर 1 अगस्त 2022 को कोलकाता के प्रतिष्ठित ईडेन गार्डेन में आयोजित किया गया था। यह उद्घाटन शिविर खेल के मैदान में निरंतर मेहनत करनेवाले लोगों को समर्पित था। तब से इस मेडिकल बस ने 13,000 किमी से अधिक की दूरी तय कर अबतक 250 शिविरों का आयोजन किया है। जिसमें पश्चिम बंगाल के साथ यह मेडिकल बस ने असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 41,600 रोगियों की सफलतापूर्वक सेवा की है। यह मेडिकल बस बीडीजी रमेश गोयल सेवा संस्थान की एक पहल है, जिसे बीडीजी मेटल एंड पावर लिमिटेड द्वारा प्रायोजित किया गया है। लगातार एक वर्ष से यह आनंदलोक अस्पताल के अनुग्रहपूर्ण चिकित्सा सहयोग से लोगों की सेवा में प्रयासरत है।
यह मेडिकल बस 12 मीटर लंबी है। जिसमें सभी प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं जैसे – नेत्र, दंत और ईएनटी जांच और उपचार, सामान्य जांच, पैथोलॉजिकल प्रयोगशाला, सामान्य ओपीडी, ईसीजी और एक्स-रे सुविधाओं के साथ-साथ कई अन्य सेवाओं से इसे सुसज्जित किया गया है। इस हॉस्पिटल ऑन व्हील्स में दवाइयां और चश्में भी मुफ्त में उपलब्ध कराए जाते हैं । वर्षगांठ समारोह में शोभनदेव चट्टोपाध्याय (प्रभारी मंत्री, कृषि और संसदीय कार्य विभाग), जनाब नदीमुल हक (राज्यसभा सांसद), जावेद अहमद खान (मंत्री, आपदा प्रबंधन और नागरिक सुरक्षा, पश्चिम बंगाल सरकार), रमेश चंद गोयल (बीडीजी ग्रुप के अध्यक्ष), इमरान जकी, (फेसेस के अध्यक्ष), आलोक गोयल (बीडीजी रमेश गोयल सेवा संस्थान के प्रबंध ट्रस्टी) और सुमित भट्ट (सचिव, बीडीजी रमेश गोयल सेवा संस्थान) के साथ इस समारोह में कोलकाता की कई अन्य प्रसिद्ध हस्तियां मौजूद थीं । मीडिया से बात करते हुए श्री बीडीजी ग्रुप के चेयरमैन रमेश चंद गोयल ने कहा, यह बीडीजी रमेश गोयल सेवा संस्थान द्वारा की गई एक पहल है, जो लोटस टीएमटी मेडिकल बस के विचार के फलीभूत होने के बाद से मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। इसकी यात्रा के पहले वर्ष में ग्रामीण क्षेत्रों में सुलभ स्वास्थ्य देखभाल का मार्ग प्रशस्त किया गया है, जो हमारे लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति है।
इस अवसर पर श्री बीडीजी रमेश गोयल सेवा संस्थान के प्रबंध ट्रस्टी आलोक गोयल ने कहा, लोटस टीएमटी मेडिकल बस ने अपने पहले वर्ष के दौरान महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। यह आशा की वह किरण है, जो देश के दूरदराज ग्रामीण इलाकों में जाकर जरूरतमंद लोगों तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचा रही है। फेसेस के अध्यक्ष, इमरान जकी ने कहा, लोटस टीएमटी मेडिकल बस के साथ 365 दिनों के हीलिंग हार्ट्स और चेंजिंग लाइव्स के इस उत्सव से जुड़ना मेरे लिए बहुत खुशी की बात थी। अब आगामी समय में हम जरूरतमंदों के लिए स्वास्थ्य और चिकित्सा क्षेत्र में काम करने वाले अधिक गैर सरकारी संगठनों के साथ सहयोग करेंगे ताकि अधिक से अधिक लोग इस मोबाइल वैन सेवाओं से लाभान्वित हो सकें।

भवानीपुर कॉलेज ने कॅरियर कैफे 2023 का आयोजन

कोलकाता । कॅरियर कैफे 2023 में भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज के वालिया हॉल में लैकमे, इकफाई युनिवर्सिटी, यूडोक्रेट आई ए एस, आईसीएम ए आई, यूरोडाइट, मूपल, दी भवानीपुर स्कूल ऑफ इवेंट मैनेजमेंट, डीफेंस, डाटा स्पेस एकेडमी, पूने इंस्टीट्यूट ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, ग्लोबल रिस्क मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट, आईआईएच एम, ग्लोबल रीच, आईडीपी एडूकेशन, दी भवानीपुर एजूकेशन डिजाइन एकेडमी, संजय सराफ एडूकेशनल इंस्टीट्यूट/ यू एल यू आर एन, आईएम एस लर्निंग रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड, डिजिटल मार्केटिंग एन आई एच टी आदि लगभग 19 स्टॉल लगाए गए।
कॅरियर विषयक विभिन्न विषयों की जानकारी के लिए इन स्टालों पर स्कूलों के सिनियर विद्यार्थियों ने अवलोकन किया। कई नए विषय जैसे रिस्क मैनेजमेंट, डीफेंस के विषय के बारे में विद्यार्थियों ने जानकारी ली। रेक्टर और डीन प्रो दिलीप शाह ने शिक्षा के समसामयिक विषयों के साथ साथ उच्च शिक्षा के लिए छात्र छात्राएँ किस प्रकार अपने विषयों को चुने इसको ध्यान में रखते हुए कैरियर कैफे 23 का आयोजन किया। भवानीपुर कॉलेज के वालिया हॉल में आयोजित इसमें विद्यार्थी अपने कैरियर को चुनने में मानसिक रूप से तैयारी कर सकता है।ग्रेजुएशन के बाद एमबीए क्यों किया जाए इस पर एक सेमिनार भी आयोजित किया गया।
फैशन डिजाइनिंग, एमबीए, डीफेंस एनसीसी, लेक्मे जैसी विश्वसनीय एकेडमी के विभिन्न कोर्स, ऐनिमेशन और ग्राफिक डिजाइनिंग, कॉमर्स प्लस के साथ- साथ कई प्रकार के विषय जो समय की मांग के अनुरूप हैं उन सभी की जानकारी दी गई। कॅरियर के विभिन्न क्षेत्रों के प्रति छात्र छात्राओं ने अपनी अपनी जिज्ञासा दिखाई । प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी, प्रो दिव्या उदेशी, प्रो समीक्षा खंडूरी का पूरे कार्यक्रम की देख रेख में सहयोग रहा। इस कार्यक्रम में 30 से अधिक विद्यार्थियों ने वोलिंटियर्स के रूप में कार्य किया। दो दिवसीय चलने वाले कॅरियर कैफे में कॉलेजों और स्कूलों के बहुत से छात्र छात्राओं ने दोनों दिन अपनी उपस्थिति दी और कई विषयों के लिए रजिस्ट्रेशन कराने के लिए जानकारी ली। डॉ वसुंधरा मिश्र ने इस कार्यक्रम की जानकारी दी ।

भवानीपुर कॉलेज के रक्तदान कार्निवल में विद्यार्थियों द्वारा 564 इकाई रक्त संग्रहित

कोलकाता । रक्त की एक बूंद से हम एक अमूल्य जीवन बचा सकते हैं, जब सामाजिक जिम्मेदारी की बात आती है तो भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज कभी पीछे नहीं हटता। इस बार ‘बॉलीवुड’ थीम के साथ,  प्रोजेक्ट लाइफ फोर्स के सहयोग से रक्तदान कार्निवल को सुबह 9:30 बजे कॉलेज प्रबंधन और प्रोजेक्ट लाइफ फोर्स के सदस्यों ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिन्होंने लगभग 200 लोगों की मानव श्रृंखला बनाई और रक्तदान शिविर की शुरुआत की। सुबह लगभग 10:00 बजे, सभी गणमान्य व्यक्तियों ने दीप प्रज्ज्वलित किया गया । धानीश शेठ और अजय मित्तल ने रक्तदान के महत्व को समझाया और रक्त एकत्र करने की प्रक्रिया को सुरक्षित बताते हुए छात्रों को सांत्वना देना भी सुनिश्चित किया। 10 में से 4 लोग रक्तदान करने से मना कर देते हैं क्योंकि वे इसका महत्व नहीं समझते हैं, जबकि मनुष्य ही एकमात्र रक्त का दाता है जो इसका स्रोत हो सकता है क्योंकि न तो कारखाने और न ही प्रयोगशालाएँ इसका उत्पादन कर सकती हैं। रक्तदान और बॉलीवुड विषय पर एक रील प्रतियोगिता आयोजित की गई और छात्रों ने विषय के वास्तविकता को चित्रित करने के लिए अपने कौशल और कल्पना का प्रदर्शन किया। बी.कॉम विभाग के तृतीय वर्ष के छात्र शुभम पुरी ने पहला स्थान हासिल किया और शशि किरण पोद्दार दूसरे स्थान पर रहे। प्रतियोगिता का लक्ष्य व्यापक जागरूकता पैदा करना और रक्त की कमी पर वैश्विक ध्यान आकर्षित करना और दूसरों को दान करने के लिए प्रेरित करना था। दिन के अंत तक कुल 564 इकाइयाँ एकत्र की गईं जो 1692 लोगों की जान बचाने में योगदान देंगी। पहली बार दान करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी का ज़ोरदार “बधाई” और तालियों से लगातार उत्साहवर्धन किया गया। पूरे कॉलेज को चारों ओर गुब्बारों और बॉलीवुड थीम वाले स्टैंडियों से सजाया गया था और टर्फ पर एक डीजे शाम की व्यवस्था की गई थी। क्रेस्केंडो, फ्लेम्स, फैशनिस्टा और एनेक्ट कलेक्टिव के छात्रों द्वारा क्रमशः लाइव संगीत, नृत्य, रैंप वॉक और एक अभिनय का प्रदर्शन किया गया। रिपोर्ट कृपा सहल, फोटोग्राफी प्रियांसु चटर्जी,शालिनी सरकार, सुवम गुहा, साग्निक घोष ने किया। कार्यक्रम की जानकारी दी डॉ वसुंधरा मिश्र ने। अध्यक्ष रजनीकांत दानी, प्रदीप सेठ, सोहिला भाटिया, नलिनी पारेख,रेणुका भट्ट, रेक्टर और डीन प्रो दिलीप शाह, प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी, दिव्या उदेशी और समीक्षा खंडूरी का विशेष सहयोग रहा । कार्यक्रम की जानकारी दी डॉ वसुंधरा मिश्र ने ।