Home Blog Page 12

चल पड़ी देश की पहली एलएनजी ट्रेन

अहमदाबाद, एजेंसी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुजरात में 1,542 करोड़ रुपए से अधिक की रेल परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने भारत की पहली एलएनजी (लिक्विफाइड नेचुरल गैस) से चलने वाली ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2015-16 में रेलवे ने 293 करोड़ लीटर डीजल की खपत की। यह आंकड़ा 2024-25 में घटकर 108 करोड़ लीटर रह गया है और 2030 तक हम इसे शून्य तक ले आएंगे, जिससे भारतीय मुद्रा की बचत होगी। यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है जिस पर अक्सर ध्यान नहीं जाता।

उन्होंने आगे कहा कि यह ट्रेन पर्यावरण संबंधी चिंताओं का समाधान करती है, यात्रियों की सुविधा बढ़ाती है और सुरक्षा को मजबूत करती है। यह ट्रेन पूरी तरह से एलएनजी बेस्ड होगी। हालांकि, इसका इंजन एलएनजी और डीजल दोनों पर चल सकता है। यानी कि फ्यूल की मात्रा के हिसाब से इंजन एलएनजी और डीजल के बीच स्विच कर सकता है। ट्रेन की खास बात यह है कि यह एक बार पूरी तरह से भरे टैंक में 2200 किलोमीटर तक की लंबी दूरी तय कर सकती है।

इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत 1400 एचपी क्षमता वाले दो ड्राइविंग पावर कार (डीपीसी) को एलएनजी ड्यूल-फ्यूल प्रणाली में ट्रांसफॉर्म किया गया है। ट्रेन का 2,000 किलोमीटर से अधिक का सफल फील्ड ट्रायल पूरा किया जा चुका है। गुजरात के मेहसाणा और साबरमती के बीच करीब 8 महीनों तक ट्रेन का ट्रायल हुआ। आने वाले समय में 8 से 10 और ट्रेनों में एलएनजी तकनीक को अपनाने की योजना है। अहमदाबाद के डीआरएम वेद प्रकाश ने बताया कि एलएनजी डीजल से सस्ता होने के कारण ट्रेन चलाने की कुल लागत कम हो जाती है। एलएनजी ईंधन से प्रदूषण में भी भारी कमी आएगी। इससे कार्बन डाइऑक्साइड, नाइट्रोजन ऑक्साइड और धूल के कण जैसे हानिकारक तत्व कम मात्रा में उत्पन्न होंगे। इससे रेलवे ट्रैक के आसपास की हवा भी शुद्ध रहेगी। इसके साथ ही, ईंधन की लागत में भी काफी बचत होगी।

कोलकाता-हावड़ा के निकायों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण

कोलकाता,नि.सं. । पश्चिम बंगाल में कोलकाता और हावड़ा नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों नगर निगमों के परिसीमन के मसौदे में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत से अधिक वार्ड आरक्षित करने का प्रावधान किया गया है। मसौदे के मुताबिक, कोलकाता नगर निगम में वार्डों की संख्या 144 से बढ़ाकर 209 और हावड़ा में 50 से बढ़ाकर 68 करने का प्रस्ताव है। दोनों जगह महिला आरक्षण के साथ वार्डों की नई तस्वीर चुनावी मुकाबले को प्रभावित कर सकती है। कोलकाता नगर निगम के वार्डों की संख्या 144 से बढ़कर 209 प्रस्तावित है। कोलकाता में 209 में से 70 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए जाएंगे। यह कुल वार्डों का 33 प्रतिशत से अधिक है। हावड़ा नगर निगम में वार्डों की संख्या 50 से बढ़ाकर 68 करने का प्रस्ताव है। हावड़ा में 68 में से 23 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। यहां महिलाओं के लिए आरक्षित वार्डों का हिस्सा करीब 34 प्रतिशत होगा। परिसीमन की सूची पर आपत्ति या सुझाव 5 अक्तूबर तक संबंधित अधिकारियों को दिए जा सकते हैं।

हावड़ा नगर निगम के लिए भी वार्डों की संख्या बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। मौजूदा 50 वार्डों को बढ़ाकर 68 करने की योजना है। इनमें 23 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित किए जाएंगे। यह कुल प्रस्तावित वार्डों का करीब 34 प्रतिशत है। इस तरह हावड़ा में भी एक तिहाई से ज्यादा वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे। दोनों नगर निगमों के लिए परिसीमन और आरक्षण की प्रक्रिया चुनाव की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रस्तावित बदलाव लागू होने के बाद पुराने वार्डों की तुलना में चुनावी क्षेत्र की तस्वीर बदल जाएगी। परिसीमन के मसौदे को लेकर राजनीतिक दलों या किसी अन्य पक्ष को अगर कोई आपत्ति या सुझाव है तो उसे 5 अक्तूबर तक संबंधित अधिकारियों के पास जमा कराया जा सकता है। इसका मतलब है कि फिलहाल सामने आया परिसीमन और आरक्षण प्रस्ताव अंतिम नहीं माना जाएगा। आपत्तियों और सुझावों पर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम व्यवस्था तय की जाएगी। इसलिए कोलकाता और हावड़ा में कौन सा वार्ड किस श्रेणी के लिए आरक्षित होगा, इसकी अंतिम तस्वीर आगे स्पष्ट होगी।

 

 

 

ओडिशा में संवेदनशील जगहों पर फोटो-वीडियो नहीं बना सकेंगे पुलिसकर्मी

-बिना अनुमति रिकॉर्डिंग पर रोक, जारी हुई गाइडलाइन

भुवनेश्वर, एजेंसी । ओडिशा के भुवनेश्वर कमिश्नरेट पुलिस ने पुलिसकर्मियों के लिए संवेदनशील और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में फोटो और वीडियो बनाने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। 19 सितंबर 2026 को जारी आदेश में कहा गया है कि महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में तैनात पुलिसकर्मी सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से फोटो नहीं खींच सकेंगे और वीडियो रिकॉर्ड नहीं कर सकेंगे।

कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा अपनी ड्यूटी, तैनाती और कार्यस्थल से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया और दूसरे सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर साझा किए जा रहे थे। कुछ मामलों में ऐसे वीडियो के जरिए गोपनीय जानकारी और महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की संवेदनशील जगहों की जानकारी अनजाने में सार्वजनिक हो सकती है। पुलिस ने माना है कि इस तरह की लापरवाही से सुरक्षा से जुड़ी परेशानी पैदा हो सकती है और संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक हो सकती है।

कमिश्नरेट पुलिस के आदेश के अनुसार महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से फोटो या वीडियो रिकॉर्ड नहीं कर सकेंगे। यह रोक किसी एक खास उद्देश्य तक सीमित नहीं है। आदेश में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि किसी भी उद्देश्य के लिए फोटो लेने या वीडियो रिकॉर्ड करने से पहले संबंधित सक्षम अधिकारी की अनुमति जरूरी होगी। आदेश में कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रतिष्ठानों का नाम दिया गया है। इनमें लोक भवन, लोक सेवा भवन, श्री लिंगराज मंदिर, ओडिशा विधानसभा, ओडिशा हाईकोर्ट, भारतीय रिजर्व बैंक की ओडिशा शाखा, आर्मरी जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान शामिल हैं। इन जगहों पर तैनात पुलिसकर्मियों को फोटो और वीडियो रिकॉर्ड करने से पहले सक्षम अधिकारी से अनुमति लेनी होगी।

कमिश्नरेट पुलिस ने सेंट्री ड्यूटी को लेकर भी स्पष्ट निर्देश जारी किया है। आदेश के अनुसार, ड्यूटी पर तैनात सेंट्री को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करने की सख्त मनाही है। यानी सेंट्री ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। आदेश में महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों के इंचार्ज को भी जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि पुलिसकर्मियों द्वारा इन निर्देशों का पालन किया जाए और फोटो-वीडियो बनाने जैसी गतिविधियों को रोका जाए।

 

पुरुषों के लिए मॉडर्न फॉर्मल शर्ट खरीदते समय रखें ध्यान

ऑफिस की मीटिंग हो या कोई खास मौका पुरुषों का लुक तब तक पूरा नहीं होता जब तक वे एक परफेक्ट फॉर्मल शर्ट नहीं पहनते। कई बार पुरुष काफी महंगी शर्ट तो खरीद लेते हैं लेकिन सही जानकारी न होने की वजह से उन्हें वह परफेक्ट लुक नहीं मिल पाता। अपनी पर्सनैलिटी को दमदार और अट्रैक्टिव बनाने के लिए आपको शर्ट पहनने के कुछ खास और आधुनिक तरीकों के बारे में जरूर जानना चाहिए।
​फिटिंग पर दें सबसे ज्यादा ध्यान : ​किसी भी शर्ट का लुक उसकी फिटिंग से तय होता है। आपकी शर्ट न तो शरीर से बहुत ज्यादा चिपकी होनी चाहिए और न ही बहुत ढीली ढाली होनी चाहिए। आजकल स्लिम फिट और टेलर्ड फिट शर्ट काफी ट्रेंड में हैं जो आपके शरीर को एक अच्छा शेप देती हैं।​

रंगों का सही चुनाव : ​फॉर्मल वियर में रंगों का खेल बहुत बड़ा होता है। आपके पास सफेद और लाइट ब्लू जैसे क्लासिक रंग तो होने ही चाहिए। इसके अलावा आजकल ऑलिव ग्रीन और हल्के लैवेंडर जैसे पेस्टल शेड्स भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। ये रंग प्रोफेशनल दिखने के साथ साथ आपको भीड़ से अलग दिखाते हैं।​

कॉलर स्टाइल और टाई का तालमेल :​ शर्ट चुनते समय उसके कॉलर पर ध्यान देना भी बहुत जरूरी है। आजकल स्प्रेड कॉलर और कटअवे कॉलर काफी फैशन में हैं जो बिना टाई के भी बहुत अच्छे लगते हैं। अगर आप टाई पहन रहे हैं तो ध्यान रखें कि टाई की चौड़ाई आपकी शर्ट के कॉलर के हिसाब से ही होनी चाहिए।​

शर्ट को सही से इन करना :​ फॉर्मल शर्ट को पैंट के अंदर दबाते समय इस बात का ध्यान रखें कि कमर के पास कपड़ा ज्यादा बाहर न निकला हो। शर्ट को बिल्कुल सीधा और साफ तरीके से इन करना चाहिए ताकि सामने से कोई सिलवट दिखाई न दे। इससे आपका लुक बहुत ही साफ और प्रोफेशनल नजर आता है।​

मैचिंग ट्राउजर्स का कमाल : शर्ट के साथ पहनी गई पैंट आपके पूरे लुक को बदल सकती है। अगर आपकी शर्ट हल्के रंग की है तो उसके साथ डार्क चारकोल या ब्लैक ट्राउजर्स पहनें। आजकल एंकल लेंथ फॉर्मल ट्राउजर्स भी काफी चलन में हैं जो युवाओं को खूब पसंद आते हैं।

​सस्टेनेबल और रिंकल फ्री फैब्रिक : ​आजकल पुरुष ऐसे कपड़ों को ज्यादा पसंद कर रहे हैं जिनमें बार-बार प्रेस करने की जरूरत न पड़े। इसके लिए आप रिंकल फ्री कॉटन या बंबू फैब्रिक चुन सकते हैं। बंबू फैब्रिक पर्यावरण के लिए भी अच्छा है और यह पूरी तरह से पसीना सोखने में मददगार होता है।​

जैकेट और ब्लेजर से करें लेयरिंग : अपने लुक को और भी ज्यादा रॉयल बनाने के लिए आप शर्ट के ऊपर एक अच्छा ब्लेजर या नेहरू जैकेट पहन सकते हैं। अगर मौसम थोड़ा ठंडा है तो फॉर्मल शर्ट के ऊपर वी नेक स्वेटर पहनना भी एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है।​सही एक्सेसरीज और फुटवियर:​कम चीजें पहनकर भी आप शानदार दिख सकते हैं। फॉर्मल लुक के साथ हमेशा एक सिंपल और क्लासिक घड़ी पहनें। आपकी बेल्ट और जूतों का रंग हमेशा एक जैसा होना चाहिए। जैसे अगर जूता काले रंग का है तो बेल्ट भी काली ही होनी चाहिए।

बंगाल में भाजपा ने चुनाव पर खर्च किये 286 करोड़ रुपये

कोलकाता । पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा ने न सिर्फ अपनी ताकत झोंकी थी, बल्कि तिजोरी का मुंह भी खोल दिया था। पश्चिम बंगाल के साथ चार अन्य राज्यों असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में भी चुनाव हुए थे। चुनाव आयोग को सौंपी गई चुनाव खर्च रिपोर्ट में भारतीय जनता पार्टी ने बताया है कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कुल 529 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इनमें से 286 करोड़ रुपये सिर्फ बंगाल में खर्च किए गए। चुनाव खर्च के मामले में दूसरे नंबर पर असम और तीसरे नंबर पर केरल रहा। पश्चिम बंगाल में भाजपा ने पहली बार सरकार बनाई है। बता दें कि निर्वाचन आयोग के नियमों के मुताबिक, चुनाव के दौरान सभी उम्मीदवारों को नामांकन से लेकर परिणाम घोषित होने तक का व्यक्तिगत खर्च का ब्योरा देना होता है। चुनावी खर्च में वाहन किराया, नाश्ता-खाना और पोस्टर-बैनर आदि के लिए खर्च की गई रकम शामिल होती है। विधायक के चुनाव में यह खर्च सीमा 40 लाख रुपये है। इसके अलावा पार्टियां अपने स्तर से चुनावों में पैसे खर्च करती हैं। चुनावी रैलियों, कैंडिडेट को दी गई रकम, बड़े विज्ञापन, स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम का खर्च पार्टी के खाते में जुड़ता है। रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव के दौरानभाजपाको 1494 करोड़ रुपये का चंदा मिला था। चुनाव के बादभाजपाके बैंक खातों में 7689.06 करोड़ रुपये बचे थे। भाजपा की खर्च रिपोर्ट के मुताबिक, मई के पांच राज्यों के चुनावों में भाजपा ने 529 करोड़ रुपये खर्च किए। बंगाल में कुल 286 करोड़ रुपये खर्च हुए, इनमें से प्रत्याशियों का हिस्सा 69.83 करोड़ रुपये है। पार्टी ने उम्मीदवारों को प्रचार के लिए 58.80 करोड़ रुपये दिए थे, जो कुल खर्च में शामिल है। पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कुल 294 विधानसभा सीटों पर कैंडिडेट उतारे थे और 207 सीटें जीतीं थीं। खर्च के मामले में दूसरे नंबर पर असम रहा, जहां भाजपा ने 96.26 करोड़ रुपये खर्च किए। पार्टी ने केरल में 82.67 करोड़ रुपये, तमिलनाडु में 51.56 करोड़ रुपये और पुडुचेरी में 11.89 करोड़ रुपये खर्च किए। चुनाव के बाद भाजपा ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में सरकार बनाई थी। तमिलनाडु में उसे एक और केरल में 3 सीटों पर जीत मिली थी।

चैट जीपीटी ने बिछड़े बुजुर्ग को पोते से मिलाया

लुधियाना । 1200 किलोमीटर दूर पहुंच गए थे चमन लाल… लेकिन एक अनजान युवक ने हार नहीं मानी।
पंजाब के लुधियाना जिले के फतेहगढ़ गुजरां गांव के चमन लाल 11 सितंबर को श्री हरमंदिर साहिब के दर्शन के लिए अमृतसर गए थे। इसी दौरान वे अपने साथियों से बिछड़ गए और अमृतसर रेलवे स्टेशन पहुंच गए। गलती से बिहार जाने वाली ट्रेन में बैठ गए और आखिरकार 1200 किलोमीटर से ज्यादा दूर गया पहुंच गए।
गया में उनकी मुलाकात नीरज से हुई। चमन लाल परेशान और भूखे थे और अपना पूरा पता नहीं बता पा रहे थे। उन्हें सिर्फ अपने गांव का नाम याद था, फतेहगढ़ गुजरां।
नीरज उन्हें अपने घर ले गए, खाना खिलाया और करीब चार दिन तक अपने परिवार के साथ रखा। फिर शुरू हुई उन्हें उनके अपनों तक पहुंचाने की कोशिश।
नीरज ने करीब तीन दिन तक इंटरनेट और चैट जीपीटी की मदद से गांव के नाम के अलग-अलग तरीकों से खोजबीन की। आखिरकार उन्हें लुधियाना जिले में माछीवाड़ा साहिब के पास फतेहगढ़ गुजरां गांव का पता मिला।
लेकिन कहानी यहीं खत्म नहीं हुई।
नीरज ने चमन लाल को अकेले वापस भेजने के बजाय खुद गया से पंजाब तक उनके साथ जाने का फैसला किया। माछीवाड़ा पहुंचकर उन्होंने लोगों को चमन लाल की तस्वीर दिखाई। एक स्थानीय व्यक्ति ने उन्हें पहचान लिया और बात परिवार तक पहुंची। कुछ ही देर में उनके पोते सुखचैन सिंह वहां पहुंचे और अपने दादा को पहचान लिया।
तकनीक ने गांव का रास्ता दिखाया, लेकिन चमन लाल को घर तक पहुंचाया नीरज की इंसानियत ने।
कभी-कभी किसी की मदद करने के लिए हमारे पास बहुत कुछ होना जरूरी नहीं होता, बस किसी अनजान इंसान के लिए रुकने और हार न मानने का दिल होना चाहिए।

13 साल बाद फिर राइटर्स बिल्डिंग में शुरु होगा राजकाज

-नवान्न से फिर सचिवालय की होगी वापसी

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक ‘राइटर्स बिल्डिंग’ एक बार फिर से गुलजार होने जा रहा है। एक बार फिर यहां से बंगाल का राजकाज चलेगा। ‘राइटर्स बिल्डिंग’ में प्रशासनिक कामकाज को पूर्ण रूप से सक्रिय करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राज्य का लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) इमारत के नवीनीकरण और विभिन्न कक्षों को तैयार करने के कार्य में तेजी से जुटा हुआ है।
नवीनीकरण की योजना के लिए अडानी समूह ने पूर्व हेरिटेज कमीशन सदस्य और वास्तुकार रंजन मित्रा को जिम्मेदारी सौंपी है। रंजन मित्रा राइटर्स बिल्डिंग का निरीक्षण भी कर चुके हैं। अब ऐतिहासिक इमारत की संरचना और विरासत को ध्यान में रखते हुए आगे की योजना तैयार की जा रही है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग के मुताबिक, पिछली बार हुए नवीनीकरण के दौरान यूरोपीय टाइल्स समेत कई ऐतिहासिक वस्तुएं या तो नष्ट हो गईं या फिर उन्हें नुकसान पहुंचा। ऐसे में इस बार राइटर्स बिल्डिंग की ऐतिहासिक पहचान और वास्तुकला को सुरक्षित रखते हुए नवीनीकरण करना बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
राइटर्स बिल्डिंग में मुख्यमंत्री सचिवालय के लिए निर्धारित हिस्से का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब तीसरी मंजिल पर मुख्यमंत्री सहित कम से कम छह मंत्रियों के बैठने की व्यवस्था तैयार की जा रही है। लोक निर्माण विभाग का लक्ष्य है कि उसके जिम्मे जो अधूरे काम बचे हैं, उन्हें 10 अक्टूबर तक पूरा कर लिया जाए।
राइटर्स बिल्डिंग में कई महत्वपूर्ण मंत्रियों के लिए भी कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं। इनमें लोक निर्माण मंत्री अग्निमित्रा पॉल, पंचायत मंत्री दिलीप घोष, पर्यटन मंत्री शंकर घोष, स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय और लोक निर्माण मंत्री अजय पोद्दार के कमरों की व्यवस्था शामिल है। महाकरण में प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के लिए भी कमरे तैयार किए जा रहे हैं। मुख्य सचिव और राज्य पुलिस के डीजी समेत अन्य महत्वपूर्ण पदाधिकारियों के लिए राइटर्स बिल्डिंग में कार्यालय तैयार करने का काम चल रहा है।
लोक निर्माण विभाग के पास मौजूद अधूरे कामों को 10 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। राइटर्स बिल्डिंग के व्यापक स्तर पर नवीनीकरण की जिम्मेदारी अडानी समूह को सौंपने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। साल 2013 में राज्य सचिवालय को हावड़ा स्थित ‘नवान्न’ इमारत में स्थानांतरित किए जाने के बाद से ही राइटर्स बिल्डिंग में बड़े पैमाने पर जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। विभाग के अनुसार, लगभग 13 साल बीत जाने के बावजूद अब तक राइटर्स बिल्डिंग के नवीनीकरण का 50 प्रतिशत काम भी पूरा नहीं हो पाया है।
राइटर्स बिल्डिंग के नवीनीकरण में हो रही इस देरी को देखते हुए अब राज्य सरकार ने लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।

कैंसर की महंगी दवाओं पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

नयी दिल्ली, एजेंसी । कैंसर की महंगी दवाओं की कीमतों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बेहद सख्त टिप्पणी की है।सर्वोच्च अदालत ने कहा कि कुछ कैंसर दवाओं को निर्माता कंपनियां रिटेलर को सिर्फ 2,700 रुपये में बेच रही हैं, लेकिन उन्हीं दवाओं पर 27,000 रुपये तक का एमआरपी छापा जा रहा है। अदालत ने इसे मरीजों के साथ “दिनदहाड़े डकैती” बताया और कहा कि मामला सिर्फ मरीजों के शोषण का नहीं है, बल्कि आयुष्मान भारत जैसी सरकारी योजनाओं के जरिए आखिरकार इसका भुगतान देश के करदाताओं के पैसे से भी किया जाता है। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उस कीमत के अंतर पर सवाल उठाया, जिसमें निर्माता द्वारा रिटेलर को 2,700 रुपये में बेची जा रही दवा की अधिकतम खुदरा कीमत 27,000 रुपये तक दिखाई जा रही है। सर्वोच्च अदालत ने सुनवाई के दौरान आयुष्मान भारत जैसी सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का भी जिक्र किया। कोर्ट ने कहा कि ऐसे मामलों में अस्पताल दवाएं इसी एमआरपी या ऊंची कीमत पर खरीदते हैं और बाद में सरकार से भुगतान प्राप्त करते हैं।यानी जो पैसा दवाओं पर खर्च हो रहा है, उसका बड़ा हिस्सा अंततः सरकारी खजाने से जाता है। और सरकारी खजाने का मतलब है देश के करोड़ों करदाताओं का पैसा। कोर्ट ने साफ कहा कि इसलिए यह मुद्दा केवल मरीजों तक सीमित नहीं है, बल्कि सार्वजनिक धन के इस्तेमाल से भी जुड़ा हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ने इस पूरे मामले में नियामक संस्थाओं और अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

ट्राई ने समझी ग्राहकों की परेशानी, सस्ते होंगे मोबाइल रिचार्ज

नयी दिल्ली ।  टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) ने मंगलवार को टेलीकॉम कंज्यूमर प्रोटेक्शन (तेरहवां संशोधन) रेगुलेशन, 2026 जारी किया। इसके तहत टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स को खास तौर पर वॉयस और एसएमएस के लिए ज्यादा स्पेशल टैरिफ वाउचर देने होंगे। इस बदलाव का मकसद सिर्फ वॉयस और एसएमएस वाले एसटीवी की सीमित उपलब्धता, खासकर कम समय वाले ऑप्शन की कमी को दूर करना है। ट्राई ने देखा कि ऐसे वाउचर सीमित संख्या में उपलब्ध थे और ज्यादातर लंबी वैलिडिटी वाले थे, जिससे कम आय वाले कस्टमर्स के लिए कम कीमत वाले और कम समय वाले ऑप्शन कम थे। इस फैसले के बाद जहां भारती एयरटेल का शेयर 0.87 फीसदी की गिरावट के साथ 1817 रुपए पर बंद हुआ। वहीं दूसरी ओर वोडाफोन आइडिया के शेयरों में करीब 3 फीसदी की तेजी देखने को मिली और 14.26 रुपए पर बंद हुआ।
ट्राई ने दी बड़ी राहत
ट्राई ने 7 अप्रैल, 2026 को सलाह-मशविरे के लिए संशोधन का ड्राफ्ट जारी किया था। उसे स्टेकहोल्डर्स से 1,132 जवाब मिले और रेगुलेशन को अंतिम रूप देने से पहले 15 जून को ओपन हाउस डिस्कशन किया गया। संशोधित नियमों के तहत, टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स को सिर्फ वॉयस और एसएमएस वाले एसटीवी देने होंगे। इसके लिए टैरिफ में उचित कटौती करनी होगी, खासकर उन वैलिडिटी पीरियड के लिए (30 दिन या उससे कम) जिनके लिए वे वॉयस, एसएमएस और डेटा वाले एसटीवी देते हैं। ऑपरेटर्स को सिर्फ वॉयस और एसएमएस वाला ऐसा एसटीवी भी देना होगा जिसकी वैलिडिटी हर महीने उसी तारीख को रिन्यू हो सके। अगर किसी महीने में वह तारीख नहीं आती है, तो रिन्यूअल की तारीख उस महीने का आखिरी दिन होगी। इसके अलावा, ऑपरेटर्स को ऊपर बताए गए ऑप्शन से ज्यादा वैलिडिटी वाला कम से कम एक सिर्फ वॉयस और एसएमएस वाला एसटीवी देना होगा, जो वॉयस, एसएमएस और डेटा वाले एसटीवी की वैलिडिटी पीरियड के बराबर हो।
मिलेगी बड़ी राहत
ट्राई ने कहा कि संशोधित टैरिफ फ्रेमवर्क से कम आय वाले कस्टमर्स को ज्यादा ऑप्शन मिलेंगे और वे अपनी जरूरतों और आर्थिक क्षमता के हिसाब से रिचार्ज कर सकेंगे। अथॉरिटी का मानना है कि ऐसा टैरिफ फ्रेमवर्क ग्राहकों की जरूरतों को अच्छी तरह से पूरा करेगा। यह संशोधित रेगुलेशन कम आय वाले ग्राहकों को ज्यादा ऑप्शन देगा, जिससे वे अपनी जरूरतों और आर्थिक क्षमता के अनुसार रिचार्ज कर सकेंगे।

भवानीपुर में प्रोजेक्ट पिच-लाइफ विषय पर सेमिनार

-भवानीपुर एजुकेशन सोसायटी कॉलेज और बोर्ड आफ स्टडीज अकेडमी के संयुक्त आयोजन

कोलकाता । भवानीपुर एजुकेशन सोसायटी कॉलेज द्वारा 22 सितंबर 2026 को “संभावना – पिच – प्रदर्शन – प्रगति: कॉर्पोरेट अनुभव – एजीएम के लिए बैंक मूल्यांकन” शीर्षक से एक संयुक्त सेमिनार आयोजित किया गया था। कार्यक्रम की कल्पना एक अनुभवात्मक शैक्षणिक पहल के रूप में की गई थी जिसका उद्देश्य छात्रों को कॉर्पोरेट और वित्तीय पारिस्थितिकी तंत्र की व्यावहारिक समझ प्रदान करना और उन्हें कॉर्पोरेट निर्णय लेने और शासन में शामिल विभिन्न चरणों से परिचित करवाना था।

उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्ज्वलित कर रेक्टर और डीन प्रो दिलीप शाह और वाइस प्रिंसिपल प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी,सीए हरिराम अग्रवाल और सीए मयूर अग्रवाल एवं गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी ने स्वागत वक्तव्य दिया। सभी प्रमुख अतिथियों ने अपने वक्तव्य रखे।
सेमिनार में छात्रों को वास्तविक दुनिया के कॉर्पोरेट अनुभवों, विशेष रूप से बैंक मूल्यांकन, कॉर्पोरेट वित्त, व्यावसायिक प्रदर्शन और वार्षिक आम बैठकों (एजीएम) के संबंध में उजागर करके कक्षा में सीखने और पेशेवर अभ्यास के बीच अंतर को पाटने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम ने एक इंटरैक्टिव मंच प्रदान किया जहां छात्र वित्त, बैंकिंग और कॉर्पोरेट प्रशासन के व्यावहारिक पहलुओं से जुड़ सकते थे।
प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों और वक्ताओं की उपस्थिति और योगदान ने कार्यक्रम के शैक्षणिक मूल्य को समृद्ध किया। उनकी अंतर्दृष्टि और पेशेवर अनुभवों ने छात्रों को वित्तीय संस्थानों और कॉर्पोरेट संगठनों के कामकाज पर मूल्यवान दृष्टिकोण प्रदान किए। सत्रों ने छात्रों को इस बात की सराहना करने के लिए प्रोत्साहित किया कि सैद्धांतिक अवधारणाओं को पेशेवर प्रथाओं और सूचित निर्णय लेने में कैसे अनुवादित किया जाता है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षक घटक मॉक एजीएम था, जो छात्रों को वार्षिक आम बैठक की कार्यवाही और कार्यप्रणाली की अनुभवात्मक समझ प्रदान करता था। सिमुलेशन ने प्रतिभागियों को कॉर्पोरेट संचार, विचार-विमर्श, हितधारक भागीदारी और औपचारिक निर्णय लेने की प्रक्रियाओं से परिचित होने में सक्षम बनाया।
मॉक एजीएम की उत्कृष्ट स्क्रिप्टिंग के लिए सुश्री तृप्ति उपाध्याय की विशेष सराहना की जाती है। उनकी विचारशील योजना और रचनात्मक निष्पादन ने इस खंड को छात्रों के लिए जानकारीपूर्ण, आकर्षक और व्यावहारिक रूप से प्रासंगिक बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम को संकाय सदस्यों, छात्र स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी और सहयोग से भी बहुत फायदा हुआ, जिनके सामूहिक प्रयासों ने सेमिनार के सुचारू और सफल संचालन को सुनिश्चित किया।
इसलिए प्रोजेक्ट- पिच-लाइफ के तहत संयुक्त सेमिनार एक सार्थक शैक्षणिक पहल थी जिसने वित्तीय साक्षरता, कॉर्पोरेट एक्सपोज़र और अनुभवात्मक शिक्षा को सफलतापूर्वक संयोजित किया। इस अवसर पर छात्रों को सैद्धांतिक अवधारणाओं से परे देखने और पेशेवर माहौल की बेहतर समझ विकसित करने का अवसर प्रदान किया, जिससे उनकी समग्र शैक्षणिक और कैरियर की तैयारी में योगदान हुआ। डॉ वसुंधरा मिश्र ने बताया कि आयोजक और संयोजकों में सीए विवेक पटवारी का विशेष योगदान रहा।कार्यक्रम को सफल बनाने में बहुमूल्य योगदान देने वालोंऔर समर्थन के लिए सभी गणमान्य व्यक्तियों, वक्ताओं, संकाय सदस्यों, छात्र स्वयंसेवकों और प्रतिभागियों के प्रति अपनी हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की।