-नवान्न से फिर सचिवालय की होगी वापसी
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के ऐतिहासिक ‘राइटर्स बिल्डिंग’ एक बार फिर से गुलजार होने जा रहा है। एक बार फिर यहां से बंगाल का राजकाज चलेगा। ‘राइटर्स बिल्डिंग’ में प्रशासनिक कामकाज को पूर्ण रूप से सक्रिय करने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। राज्य का लोक निर्माण विभाग (पीडब्लूडी) इमारत के नवीनीकरण और विभिन्न कक्षों को तैयार करने के कार्य में तेजी से जुटा हुआ है।
नवीनीकरण की योजना के लिए अडानी समूह ने पूर्व हेरिटेज कमीशन सदस्य और वास्तुकार रंजन मित्रा को जिम्मेदारी सौंपी है। रंजन मित्रा राइटर्स बिल्डिंग का निरीक्षण भी कर चुके हैं। अब ऐतिहासिक इमारत की संरचना और विरासत को ध्यान में रखते हुए आगे की योजना तैयार की जा रही है। ऐसे में लोक निर्माण विभाग के मुताबिक, पिछली बार हुए नवीनीकरण के दौरान यूरोपीय टाइल्स समेत कई ऐतिहासिक वस्तुएं या तो नष्ट हो गईं या फिर उन्हें नुकसान पहुंचा। ऐसे में इस बार राइटर्स बिल्डिंग की ऐतिहासिक पहचान और वास्तुकला को सुरक्षित रखते हुए नवीनीकरण करना बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
राइटर्स बिल्डिंग में मुख्यमंत्री सचिवालय के लिए निर्धारित हिस्से का काम पहले ही पूरा किया जा चुका है। अब तीसरी मंजिल पर मुख्यमंत्री सहित कम से कम छह मंत्रियों के बैठने की व्यवस्था तैयार की जा रही है। लोक निर्माण विभाग का लक्ष्य है कि उसके जिम्मे जो अधूरे काम बचे हैं, उन्हें 10 अक्टूबर तक पूरा कर लिया जाए।
राइटर्स बिल्डिंग में कई महत्वपूर्ण मंत्रियों के लिए भी कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं। इनमें लोक निर्माण मंत्री अग्निमित्रा पॉल, पंचायत मंत्री दिलीप घोष, पर्यटन मंत्री शंकर घोष, स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखोपाध्याय और लोक निर्माण मंत्री अजय पोद्दार के कमरों की व्यवस्था शामिल है। महाकरण में प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के लिए भी कमरे तैयार किए जा रहे हैं। मुख्य सचिव और राज्य पुलिस के डीजी समेत अन्य महत्वपूर्ण पदाधिकारियों के लिए राइटर्स बिल्डिंग में कार्यालय तैयार करने का काम चल रहा है।
लोक निर्माण विभाग के पास मौजूद अधूरे कामों को 10 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। राइटर्स बिल्डिंग के व्यापक स्तर पर नवीनीकरण की जिम्मेदारी अडानी समूह को सौंपने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है। साल 2013 में राज्य सचिवालय को हावड़ा स्थित ‘नवान्न’ इमारत में स्थानांतरित किए जाने के बाद से ही राइटर्स बिल्डिंग में बड़े पैमाने पर जीर्णोद्धार का काम चल रहा है। विभाग के अनुसार, लगभग 13 साल बीत जाने के बावजूद अब तक राइटर्स बिल्डिंग के नवीनीकरण का 50 प्रतिशत काम भी पूरा नहीं हो पाया है।
राइटर्स बिल्डिंग के नवीनीकरण में हो रही इस देरी को देखते हुए अब राज्य सरकार ने लंबित कार्यों को जल्द से जल्द पूरा करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।




