कोलकाता । श्री शिक्षायतन कॉलेज के हिन्दी विभाग द्वारा गत १५ सितम्बर २०२६ को हिन्दी दिवस का आयोजन किया गया l इस समारोह की मुख्या अतिथि थीं साहित्य अकादमी पुरस्कार प्राप्त लेखिका डॉ. अलका सरावगी l कार्यक्रम का आरम्भ गणेश वंदना पर आधारित भाव नृत्य से हुआ जिसे विभाग की छात्राओं, तुहेलिया घोष और सृष्टि शास्वत ने प्रस्तुत किया l तत्पश्चात कार्यक्रम का विधिवत शुराम्भ कॉलेज की प्राचार्या डॉ. तानिया चक्रवर्ती, अतिथि वक्ता डॉ. अलका सरावगी, सचिव, पी. के. शर्मा तथा हिन्दी विभाग की प्राध्यापिकाओं द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ l
प्राचार्या डॉ. चक्रवर्ती ने आपने स्वागत वक्तव्य में हिन्दी के व्यापक सामाजिक – सांस्कृतिक महत्त्व को रेखांकित करते हुए कहा कि हिन्दी दिवस केवल हिन्दी विभाग का आयोजन नहीं, बल्कि पूरे महाविद्यालय का उत्सव है l समारोह में उर्दू विभाग की अध्यक्ष, डॉ. शाहीन परवीन द्वारा संपादित पुस्तक, “गंगा जमनी तहजीब की तशकील में उर्दू का हिस्सा“ का लोकार्पण भी किया गया जिसने समारोह के बहुभाषिक और समन्वयकारी स्वरुप को विशेष अर्थ प्रदान किया l तत्पश्चात विभागाध्यक्ष अल्पना नायक ने वक्ता का परिचय देते हुए उन्हें व्याख्यान के लिए आमंत्रित किया l डॉ. अलका सरावगी ने अपने व्याख्यान मे ‘स्मृति, इतिहास और कथा’ पर बोलते हुए सबसे पहले हिन्दी के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि अंग्रेजी में निष्णात होने तथा अंग्रेजी की पहुँच को जानने के बावजूद भी उन्होंने अपने लेखन का माध्यम हिन्दी इसलिए चुना क्योंकि हिन्दी के साथ जुडी अनुभूतियाँ और संवेदनाएं हजारों सालों से नीचे मिटटी में जमी हुई हैं, वे हमारे पुरखों की स्मृतियों में गुँथी हुई हैं, जिनको लेकर हिन्दी भाषा का साहित्य हमसे जिस तरह से बात करता है वो किसी भी दूसरी भाषा में संभव ही नहीं है । स्मृति, इतिहास और कथा के अंतर्संबंध को स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि स्मृति जब कथा में इतिहास को संदर्भित करती है तब कथा जरिया बन जाती है कि हम खुद को जान सकें l
इस अवसर पर काव्य आवृत्ति तथा काव्य – पोस्टर की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं l काव्य आवृत्ति में प्रथम स्थान पर रहीं, कलकत्ता विश्वविद्यालय की संजना जयसवाल , द्वितीय स्थान श्री शिक्षायतन कॉलेज की शाईस्ता अली तथा तृतीय स्थान जोगेश चन्द्र चौधुरी कॉलेज के मो. जीशान को मिला l काव्य पोस्टर प्रतियोगिता में बंगाबासी कॉलेज की रुपसा मंडल, बेथुन कॉलेज की इतिका कुमारी साव तथा बंगबासी कॉलेज की तानिया रॉय को क्रमशः प्रथम , द्वितीय और तृतीय स्थान मिला l कार्यक्रम का संचालन विभाग की छात्राओं, निधि दवे तथा अल्फिया मज़हर ने कुशलतापूर्वक किया l विभाग की प्राध्यापिका, सिन्धु मेहता के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ l




