Saturday, April 11, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 688

अनंतनाग का युवक गया था आतंकी बनने बन गया गायक

नयी दिल्ली : एक कश्मीरी लोकगीत ‘हो गुलो’ आजकल कश्मीर घाटी में युवाओं की जुबान पर चढ़ा हुआ है। इस गाने को कश्मीर में सीमा के दोनों तरफ के लोग पसन्द कर रहे हैं। इस गाने को अनंतनाग के मोहम्मद अल्ताफ मीर ने गाया है। मीर वैसे तो आतंकी बनने गए थे लेकिन कोक स्टूडिया पाकिस्तान की ओर से उनका गाना जारी किए जाने के बाद वे एक लोकप्रिय गायक बन गए। उनके गाने को सिर्फ दो दिन 1,50,000 से ज्यादा लोग देख चुके हैं. ‘हो गुलो’ गाना प्रसिद्ध कश्मीरी कवि, स्वर्गीय गुलाम अहमद मेहजूर के एक पुराने क्लासिक्स में से है।
28 साल पहले मीर गए थे आतंकी बनने
कश्मीर के अनंतनाग इलाके के रहने वाले मोहम्मद अल्ताफ 28 साल पहले, 1990 में आतंकी बनने के लिए अपना घर छोड़ कर पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर चले गए थे। वे अपने साथ कई युवाओं को भी ले गए थे। लम्बे समय तक घर से कोई संपर्क न होने के चलते उनके परिजनों ने मान लिया था कि उनकी मौत हो चुकी है। इसी बीच कोक स्टूडियो पाकिस्तान की ओर से उनका गाना जारी किए जाने के बाद उनके जीवित होने की बात सामने आयी।
2017 में जीवन में आया बदलाव
कोक स्टूडियो टीम पाकिस्तान की ओर से 2017 में देश में प्रतिभाओं की तलाश की जा रही थी। इसी बीच मीर का बैंड कश्मीर कोक स्टूडियो के 2018 संस्करण के लिए चुन लिया गया। कुल सात बैंड चुने गए थे जिनमें मीर का बैंड भी शामिल था। मीर के सुर्खियों में आने के बाद पता चला कि वे कई वर्षों तक रेडियो पाकिस्तान से जुड़े रहे।
घर वापस आने के लिए परिवार लगा रहा गुहार
अल्ताफ मीर का गाना लोकप्रिय होने से परिजनों को भी पता चला कि वो जिन्दा है। ऐसे में परिजन उसे घर वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कई माध्यमों से मीर से गुहार लगाई है कि वो घर वापस लौट आएं। मीर की मां जना बेगम कहती हैं कि उसके जिन्दा होने से हमें बेहद खुशी है। उन्होंने कहा कि 28 साल पहले खबर आई थी कि वह आतंकी बन गया पर अब इस बात का संतोष है कि वो अच्छा काम कर रहा है। ऐसा कैसे हुआ यह नहीं पता पर जैसे भी उसके लिए अल्लाह का शुक्रिया। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि बेटा जल्द ही घर लौट आएगा।
ऐसे शुरु हुआ मीर का सफर
मोहम्मद अल्ताफ मीर की ओर से हाल ही में मुज्जफराबाद में दिए गए एक वीडियो इंटरव्यू में मीर बताते हैं, उन्होंने कई दस्तों के साथ आतंकी बनने के लिए बॉर्डर पार किया था। हथियार चलाने की ट्रेनिंग लेने के कुछ दिन बाद वह घर लौट आए थे। इसके बाद वो दिन में बस कंडक्टरी करते थे और शाम को कपड़ों पर चेन की सिलाई किया करते थे। उन्होंने सूफियाना महफिलों में गाना शुरू कर दिया। वे महफिलों में डफली भी बजाते थे। उन्होंने पीर राशिम से संगीत की तालीम ली। एक दोस्त की शादी में उनका गाना रेडियो मुजफ्फराबाद में काम करने वाले एक व्यक्ति ने सुना. उसने इन्हें रेडियो के डायरेक्टर से मिलवाया। वॉयस टेस्ट के बाद उन्होंने इन्हें काम दे दिया। इस तरह मीर के संगीत की शुरुआत हुई। उन्होंने रेडियो पर हर सप्ताह पांच शो करना शुरू कर दिया। अल्ताफ मीर बताते हैं कोक स्टूडियो नए टैलेंट की तलाश कर रहा था तभी एक महिला ने उनका नाम सुझाया। इस साल अप्रैल में कोक स्टूडियो के प्रोड्यूसरों ने अल्ताफ से मुलाकात की और उन्हें काम दिया।

चीन के जैक मा को पीछे छोड़ एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने मुकेश अंबानी

नयी दिल्ली : रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आईआईएल) के चेयरमैन मुकेश अंबानी एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। उन्होंने अलीबाबा समूह के संस्थापक जैक मा को पीछे छोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के अनुसार रिलायंस इंडस्ट्रीज की कुल संपत्ति 44.3 अरब डॉलर आंकी गई है। वहीं, जैक मा की कुल संपत्ति 44 अरब डॉलर आंकी गई है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को रिलायंस इंडस्ट्रीज की ट्रेडिंग 1.7 फीसदी बढ़ गई। इस साल अंबानी की कुल संपत्ति में चार अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई है। वहीं जैक मा के अलीबाबा समूह को इस साल 1.4 अरब डॉलर का घाटा हुआ है।
रिपोर्ट के अनुसार रिलायंस की तरफ से अपनी पेट्रोकैमिकल्स क्षमता दोगुनी करने का फायदा कंपनी के चेयरमैन को मिला है। बता दें कि इस साल मुंबई में आयोजित हुई रिलायंस इंडस्ट्रीज की एजीएम में मुकेश अंबानी ने बताया था कि साल 2025 तक रिलायंस दोगुना हो जाएगा। वहीं, एजीएम में रिलायंस ने जियो गीगा फाइबर की लॉन्चिंग की भी घोषणा की थी।
अंबानी ने बताया था कि जियो गीगा फाइबर को कंपनी पहले 1100 शहरों में शुरू करने जा रही है। इसके जरिए 1 जीबीपीएस की स्पीड से ग्राहक डाटा का इस्तेमाल कर पाएंगे। वहीं, इसका 15 अगस्त से इसका रजिस्ट्रेशन शुरू होगा। एजीएम में मुकेश अंबानी ने 21.5 करोड़ टेलीकॉम ग्राहकों के साथ अपने ई-कॉमर्स कारोबार को अमेजन और वॉलमार्ट की तर्ज पर बढ़ाने का भी एलान किया था।
100 अरब डॉलर मूल्य की कंपनी बनी रिलायंस
देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के 100 अरब डॉलर (करीब 6.85 लाख करोड़ रुपये) की कंपनी बनने के बाद अब रिलायंस भी इस क्लब में शामिल हो गई है। बृहस्पतिवार को शेयर बाजार की तेजी के बाद रिलायंस 100 अरब डॉलर की कंपनी बनने में सफल रही है। इसका बाजार पूंजीकरण करीब 6.89 लाख करोड़ रुपये हो गया। इससे पहले रिलायंस ने अक्टूबर 2007 में पहली बार 100 अरब डॉलर मार्केट कैप का आंकड़ा पार किया था।

लीजिए ओडिशा के पारम्परिक व्यंजनों का आनन्द

आरिसा पीठा


सामग्री : एक कप चावलएक कप चीनी , आवश्यकतानुसार तेल, आवश्यकतानुसार पानी
विधि : सबसे पहले चावल को पानी में 2-3 घंटे तक भिगोकर रखें. फिर धोकर पानी निकाल लें। अब इसे सामान्य तापमान पर 2-3 मिनट तक सूखा लें. जब यह सूख जाए तो इसे मिक्सर में दरदरा पीस लें। पानी और चीनी मिलाकर चाशनी बना लें. धीरे-धीरे इसमें पिसा हुआ चावल डालते हुए मिलाते जाएं ताकि इसका पेस्ट बन जाए. अब इस मिश्रण की छोटी-छोटी लोइयां लेकर टिक्की बना लें। अब एक पैन में तेल गरम होने के लिए रखें. तेल में ये टिक्कियां दोनों तरफ सुनहरी होने तक तल लें। तैयार है आरिसा पीठा . इसे गरमागरम ही परोसें।

 

 

   छेना पोड़ा

सामग्री : 150 ग्राम ताजा पनीर, 4 टेबलस्पून चीनी, 1 टेबलस्पून सूजी, 2 टेबलस्पून दूध, 2 टेबलस्पून घी, आधा टीस्पून इलायची पाउडर, 1 टीस्पून काजू कटा हुआ, 1 टीस्पून किशमिश।
विधि : एक पैन में कटा हुआ काजू ओर किशमिश भूनें. एक तरफ रखें। एक प्लेट में ताजे पनीर लेकर मसल लें। फिर इसमें ३ टेबलस्पून चीनी, सूजी, इलायची पाउडर, 1 टेबलस्पून घी, दूध, काजू और किशमिश मिलाएं। अब एक केक टीन में 1 टेबलस्पून घी डलें और 1 टेबलस्पून चीनी फैलाएं।चीनी को कैरेमल करने के लिये टीन को एक मिनट के लिये गैस पर रखें।अब टीन को गैस से उतारकर बनाया हुआ पनीर का मिश्रण डालें और चम्मच से दबाकर सतह समान कर लें। 180 डिग्री c पर प्री हीट किये ‌ऑवन में इसे 25 -30 मिनट के लिये बेक करें। टूथपिक डालकर चेक करें, अगर टूथपिक साफ बाहर आए तो तैयार है। इसे बाहर निकालकर ठंडा करें और परोसें।

दीपा करमाकर ने जिम्नास्टिक्स वर्ल्ड कप में जीता स्वर्ण

नई दिल्ली : रियो ओलम्पिक में मामूली अंतर से पदक से चूक कर ऐतिहासिक चौथा स्थान हासिल करने वाली स्टार जिम्नास्ट दीपा कर्मकार ने दो साल के लंबे अंतराल के बाद स्वर्णिम वापसी कर ली है। लगभग दो साल बाद वापसी कर रही दीपा ने तुर्की के मर्सिन शहर में आयोजित एफआईजी आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स वर्ल्ड चैलेंज कप में वॉल्ट स्पर्धा में रविवार को स्वर्ण पदक जीत लिया।

त्रिपुरा की 24 वर्षीय दीपा 2016 के रियो ओलम्पिक की वॉल्ट स्पर्धा में चौथे स्थान पर रही थीं। उन्होंने तुर्की में 14.150 अंकों के साथ स्वर्ण जीता जो वर्ल्ड चैलेंज कप में उनका पहला पदक है। दीपा ने क्वॉलिफिकेशन राउंड में 13.400 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया था।

दीपा के कोच बिशेश्वर नंदी उनके साथ हैं। दीपा ने बैलेंस टीम फाइनल में भी जगह बनाई थी, लेकिन क्वॉलिफिकेशन राउंड में वे 11.850 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर रहीं। रियो ओलम्पिक के बाद दीपा चोट और फिर सर्जरी के कारण दो साल तक मैदान से बाहर रहीं।

उन्हें गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में वापसी की उम्मीद थी, लेकिन वे तब तक फिट नहीं हो पाईं। दीपा को अगस्त में जकार्ता में होने वाले एशियाई खेलों के लिए 10 सदस्यीय भारतीय जिम्नास्टिक्स टीम में शामिल किया गया है।

तुर्की के मर्सिन में एफआईजी वर्ल्ड चैलेंज कप में वाल्ट स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें बधाई। यह जीत उनकी हार नहीं मानने के रवैए और दृढ़ता का शानदार उदाहरण है। खेलमंत्री  राज्यवर्द्धन सिंह  राठौड़ ने भी दीपा की तारीफ करते हुए कहा कि उसने चोट के बाद वापसी करते हुए धमाकेदार वापसी की है।

उन्होंने ट्वीट किया कि दीपा करमाकर एक दमदार चैंपियन हैं। पिछले दो साल से चोट से जूझने के बाद उसने वापसी करते हुए तुकी में जिम्नास्टिक्स वर्ल्ड चैलेंज कप में अपना पहला पदक जीता। देश को गौरवान्वित करने के लिए उसे बधाई।

माफी का सवाल ही नहीं, निर्भया के दोषियों को फाँसी ही होगी : सुप्रीम कोर्ट

नयी दिल्ली :उच्चतम न्यायालय ने दिसंबर , 2012 के सनसनीखेज निर्भया सामूहिक बलात्कार काण्ड और हत्या के मामले में फांसी के फंदे से बचने का प्रयास कर रहे तीन दोषियों की पुनर्विचार याचिकायें आज खारिज कर दी।

प्रधान न्यायाधीश दीपक मिश्रा , न्यायमूर्ति आर भानुमति और न्यायमूर्ति अशोक भूषण की तीन सदस्यीय खंडपीठ ने दोषी मुकेश , पवन गुप्ता और विनय कुमार की याचिकायें खारिज करते हुये कहा कि पांच मई , 2017 के फैसले पर पुनर्विचार करने के लिये कोई आधार नहीं है।

शीर्ष अदालत ने कहा कि जिन दोषियों को मौत की सजा सुनाई गयी है वे उसके निर्णय में साफ तौर पर कोई भी त्रुटि सामने रखने में विफल रहे हैं। न्यायालय ने कहा कि दिल्ली उच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ दायर अपील पर सुनवाई के दौरान तीनों दोषियों का पक्ष विस्तार से सुना गया था और अब मौत की सजा बरकरार रखने के शीर्ष अदालत के निर्णय पर पुनर्विचार के लिये कोई मामला नहीं बनता है।

इस सनसनीखेज अपराध में चौथे मुजिरम अक्षय कुमार सिंह ने मौत की सजा के निर्णय पर पुनर्विचार के लिये याचिका दायर नहीं की थी।
राजधानी में 16 दिसंबर , 2012 को हुये इस अपराध के लिये निचली अदालत ने 12 सितंबर , 2013 को चार दोषियों को मौत की सजा सुनाई थी। इस अपराध में एक आरोपी राम सिंह ने मुकदमा लंबित होने के दौरान ही जेल में आत्महत्या कर ली थी जबकि छठा आरोपी एक किशोर था। दिल्ली उच्च न्यायालय ने 13 मार्च , 2014 को दोषियों को मृत्यु दण्ड देने के निचली अदालत के फैसले की पुष्टि कर दी थी। इसके बाद , दोषियों ने शीर्ष अदालत में अपील दायर की थीं जिन पर न्यायालय ने पांच मई , 2017 को फैसला सुनाया था।

भारतीय वैज्ञानिकों को भी मिलेगा नई ब्रिटिश वीजा योजना का लाभ

लंदन : ब्रिटेन ने नए वीजा की पेशकश की है जो भारत समेत अन्य देशों के वैज्ञानिकों तथा अनुसंधानकर्ताओं के लिए उपलब्ध होंगे। ब्रिटेन की आव्रजन मंत्री कारोलाइन नोक्स ने एक बयान में इस नई वीजा पेशकश की जानकारी दी है। इसका मकसद देश के अनुसंधान क्षेत्र की वृद्धि को बल देना है।
यह नई वीजा योजना यूकेआरआई विज्ञान, अनुसंधान और अकादमी विद्वानों के लिए शुक्रवार से शुरू हुई है। इसके तहत यूरोपीय संघ से बाहर के अनुसंधानकर्ता, वैज्ञानिक व अकादमिक दो साल के लिए ब्रिटेन आ सकते हैं।
मंत्री ने कहा, ‘ब्रिटेन अनुसंधान व नवोन्मेष में पूरी दुनिया का नेतृत्व करता है और इन बदलावों से अंतरराष्ट्रीय अनुसंधानकर्ताओं के लिए ब्रिटेन में काम करना आसान होगा।’ इस योजना का कार्यान्वयन यूके रिसर्च एंड इनोवेशन करेगी।

2019 चुनाव तक 40 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगी कृषि ऋण माफी: अमेरिकी रिपोर्ट

नयी दिल्ली : कर्नाटक सरकार ने हाल ही में राज्य में किसानों का 34000 करोड़ रुपये का कृषि ऋण माफ करने की घोषणा की है। इस बीच बैंक ऑफ अमेरिका मेरिल लिंच ने एक रिपोर्ट में कहा है कि साल 2019 के चुनावों तक भारत में कृषि ऋण माफी का आंकड़ा 40 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगा।
वैश्विक वित्तीय सेवा कंपनी के अनुसार 2019 के आम चुनावों के मद्देनजर केंद्र और राज्य दोनों सरकारें ग्रामीण असंतोष को दबाने के लिए सक्रिय रूप से कदम उठा सकती हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि कर्नाटक सरकार की तरफ से दो लाख रुपये तक के 34000 करोड़ रुपये की ऋण माफी के बाद 2019 के आम चुनाव तक कृषि ऋण माफी के दोगुना होकर 40 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।
रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि कृषि ऋण माफी, न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि इस निराशा के समय में ग्रामीण मांग बढ़ोतरी में सहयोग करेगा। हालांकि बारिश एक उतार-चढ़ाव वाला कारण बना रहेगा।
रिपोर्ट के अनुसार, ‘यदि कृषि ऋण माफी सकल घरेलू उत्पाद के 1.5 फीसदी तक पहुंच गई तो यह प्रभावी रूप से कृषि आय में करीब तीन फीसदी तक बढ़ोतरी कर देगी।’ रिपोर्ट में कहा गया है कि साल 2022 तक किसानों की आय दोगुना करने का सरकार का लक्ष्य को हासिल करना मुश्किल होगा। हालांकि सरकार को महंगाई और राजकोषीय घाटे के लक्ष्य के मोर्चे पर राहत मिल सकती है।

रानी ही सम्भालेंगी एशियाई खेलों में हॉकी टीम की कमान

नयी दिल्ली : स्ट्राइकर रानी रामपाल ही इंडोनेशिया के जकार्ता में 18 अगस्त से दो सितंबर तक होने वाले एशियाई खेलों में 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की अगुआई करेंगी। रानी के नेतृत्व में भारत ने पिछले साल एशिया कप का खिताब जीता था। उपकप्तान की जिम्मेदारी अनुभवी गोलकीपर सविता को सौंपी गई है। राजरानी इतिमर्पू को रिजर्व गोलकीपर के रूप में टीम में रखा गया है। भारतीय टीम स्वर्ण पदक जीतकर सीधे 2020 टोक्यो ओलंपिक का टिकट कटाना चाहेगी। भारतीय टीम को दुनिया की आठवें नंबर की टीम चीन और नौवें नंबर की कोरिया से कड़ी टक्कर मिलेगी।
मुख्य कोच शोएर्ड मराइन टीम ने कहा कि टीम में अनुभवी एवं युवा खिलाड़ियों का सही मिश्रण है। मुझे यह बताने में खुशी हो रही है कि सबके पास बड़े मैचों में खेलने का अनुभव है। 21 जुलाई से लंदन में शुरू हो रहे विश्व कप में टीम के प्रदर्शन का एशियाई खेलों पर असर पड़ेगा। लंदन में खेलना एशियाई खेलों से पहले टीम के आत्मविश्वास के लिए अच्छा होगा। मैं कह सकता हूं कि खिलाड़ी अच्छे हैं और वे किसी भी टीम के खिलाफ जीतने में सक्षम हैं। लेकिन जब आप खुद इसका अनुभव करते हैं तो आत्मविश्वास का स्तर बढ़ाना अच्छा होता है।

टीमें इस प्रकार हैंः
गोलकीपर : सविता, रजनी इतिमर्पू।
डिफेंडर : दीप इक्का, सुनीता लाकड़ा, दीपिका, गुरजीत कौर, रीना खोखर।
मिडफील्डर : नमिता टोपो, लिलिमा मिंज, मोनिका, उदिता, निक्की प्रधान, नेहा गोयल।
फॉरवर्ड : रानी रामपाल (कप्तान), वंदना कटारिया, लालरेस्यिामी, नवनीत कौर, नवजोत कौर।

रेलवे ने डिजिटल ‘आधार’ और ‘डीएल’ को वैध पहचान पत्र माना

नयी दिल्ली : अब आपको ट्रेन में यात्रा के दौरान अपने पहचान पत्र खोने की चिंता नहीं करनी पड़ेगी, क्योंकि रेलवे ने यात्रियों के डिजी लॉकर में उपलब्ध “आधार कार्ड” और “ड्राइविंग लाइसेंस” की डिजिटल कॉपी को बतौर आईडी प्रूफ मान्यता देने की बात कही है। गौरतलब है कि सरकार ने भारतीय नागरिकों को क्लाउड आधारित इस प्लेटफार्म पर अपने कुछ अति महत्वपूर्ण दस्तावेज सुरक्षित करने की सुविधा दे रखी है। इसी को डिजी लॉकर कहा जाता है।
रेलवे ने कहा है कि “आधार कार्ड” और “ड्राइविंग लाइसेंस” को यात्रा के दौरान किसी भी व्यक्ति का कानूनी पहचान पत्र माना जाएगा। अगर कोई यात्री अपने डिजीलॉकर खाते में लॉग इन करके जारी दस्तावेज अनुभाग से आधार या ड्राइविंग लाइसेंस दिखाता है तो इसे पहचान के वैध प्रमाण पत्र के रूप में माना जाएगा। हालांकि, यह स्पष्ट किया गया है कि यात्री द्वारा अपलोड किए गए दस्तावेज जो दस्तावेज अनुभाग में दस्तावेज हैं, तब इन्हें पहचान के वैध प्रमाण के रूप में नहीं माना जाएगा। गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी सरकार के डिजिटल इंडिया अभियान के तहत “आधार कार्ड” और “ड्राइविंग लाइसेंस” को डिजी लॉकर में सुरक्षित रखने का विकल्प दिया गया है। सीबीएसई के छात्र डिजिटल मार्कशीट के लिए भी डिजी लॉकर का उपयोग कर सकते हैं। इतना ही नहीं डिजी लॉकर के माध्यम से पैन कार्ड भी जोड़ सकते हैं।

नेशनल पुलिस अकादमी की परीक्षा में 122 में से 119 आईपीएस अधिकारी फेल

हैदराबाद : भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में चुने जाने के बाद अफसरों को एक जरूरी परीक्षा पास करनी होती है। इसी परीक्षा को 122 ट्रेनी अफसर हैदराबाद देने पहुंचे। यहां तक तो सब ठीक था लेकिन जब इस परीक्षा का रिजल्ट आया तो हर कोई हैरान रह गया।
इस बार 122 में से 119 अफसर इस परीक्षा में फेल हो गए। जबकि बीते वर्ष फेल होने वालों की संख्या महज दो थी। बता दें कि सरदार वल्लभभाई पटेल नेशनल पुलिस अकादमी से ग्रेजुएशन के दौरान इन अफसरों के लिए इस परीक्षा को पास करना जरूरी होता है। इसके लिए अफसरों को तीन मौके दिए जाते हैं।
ऐसी स्थिति में हो सकते हैं सेवा से बाहर
अफसरों के फेल होने के बाद भी उन्हें स्नातक घोषित कर दिया गया है और विभिन्न काडरों में काम करने के लिए नियुक्त किया गया है। दिए गए तीन प्रयासों में सभी विषयों को पास करना जरूरी है। यदि ये अफसर इन सभी विषयों को पास नहीं कर पाएंगे तो इन्हें सेवा से बाहर कर दिया जाएगा।
ये विषय थे शामिल
इस परीक्षा में भारतीय दंड संहिता (इंडियन पेनल कोड) और दंड प्रक्रिया संहिता (क्रिमिनल प्रसीजर कोड) जैसे विषय शामिल थे। बताया जा रहा है फॉरन पुलिस फोर्स को मिला कर कुल 136 अफसरों में से 133 ऐसे हैं जो एक या एक से ज्यादा विषयों में फेल हुए हैं।
मेडल और ट्रॉफी वाले अफसर भी फेल
अकादमी का कहना है कि ऐसा इतिहास में पहली बार हो रहा है जब ऐसे नतीजे आए हों। फेल होने वाले कई अफसर तो ऐसे भी हैं जो अक्टूबर में पासिंग आउट परेड में मेडल और ट्रॉफी ले चुके हैं। वहीं फॉरन फोर्स वाले सभी अफसर फेल हुए हैं। अब ये एक बार फिर परीक्षा में बैठेंगे। जानकारी है लिए बता दें ट्रेनिंग में मिलने वाले नंबर सीनियॉरिटी में जुड़ते हैं। यदि कोई फोल हो जाए तो उसकी सीनियोरिटी कम हो जाती है। वहीं अकैडमी के एक अफसर का कहना है कि यदि कोई अफसर फेल हो जाता है तो भी उसे स्नातक होने और पोस्टिंग मिलने से रोका नहीं जा सकता।