नयी दिल्ली : मोहम्मद मुश्ताक अहमद को हाकी इंडिया के आठवें सम्मेलन और चुनाव के दौरान हाकी इंडिया का नया अध्यक्ष चुना गया । हाकी इंडिया के पूर्व महासचिव अहमद निवृतमान अध्यक्ष राजिंदर सिंह की जगह लेंगे । उनका चुनाव सर्वसम्मति से हुआ है ।
मणिपुर के ज्ञानेंद्रो निंगोमबाम सीनियर उपाध्यक्ष होंगे जबकि जम्मू कश्मीर हाकी की असिमा अली और हाकी झारखंड के भोलानाथ सिंह उपाध्यक्ष होंगे । हाकी जम्मू कश्मीर के राजिंदर सिंह ने मरियम्मा कोशि के रिटायर होने के बाद पद संभाला था । उन्हें नया महासचिव और हाकी असम के तपन कुमार दास को कोषाध्यक्ष चुना गया है । भारतीय महिला टीम की पूर्व कप्तान असुंथा लाकड़ा और छत्तीसगढ हाकी के फिरोज अंसारी संयुक्त सचिव होंगे। हाकी राजस्थान की आरती सिंह, हाकी तमिलनाडु की एम रेणुका लक्ष्मी और एसवीएस सुब्रमण्यम गुप्ता कार्यकारी सदस्य चुने गए । आर पी सिंह और जायदीप कौर खिलाड़ियों के प्रतिनिधि बने रहेंगे ।
मोहम्मद मुश्ताक अहमद बने हाकी इंडिया के नये अध्यक्ष
आईसीसी महिला विश्व टी20 में भारत की अगुवाई करेंगी हरमनप्रीत
नयी दिल्ली : आक्रामक बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर नौ से 24 नवंबर के बीच वेस्टइंडीज में होने वाले छठे आईसीसी महिला विश्व ट्वेंटी20 में भारत की 15 सदस्यीय टीम की अगुवाई करेगी। अखिल भारतीय महिला चयन समिति ने टीम का चयन किया जिसमें स्मृति मंदाना को उप कप्तान बनाया गया है। स्मृति इस साल शानदार फार्म में हैं। मिताली राज, वेदा कृष्णमूर्ति, दीप्ति शर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, अनुजा पाटिल, एकता बिष्ट और पूनम यादव आदि को भी टीम में जगह मिली है। भारत को दस टीमों की इस प्रतियोगिता में आस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और आयरलैंड के साथ ग्रुप बी में रखा गया है।
भारत अपने अभियान की शुरुआत नौ नवंबर को न्यूजीर्लैड के खिलाफ गुयाना में करेगा। इसके बाद वह चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान (11 नवंबर), आयरलैंड (15 नवंबर) और आस्ट्रेलिया (17 नवंबर) से मैच खेलेगा।
भारतीय महिला टीम इस प्रकार है : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंदाना (उप-कप्तान), मिताली राज, जेमिमा रॉड्रिग्स, वेदा कृष्णमूर्ति, दीप्ति शर्मा, तान्या भाटिया (विकेटकीपर), पूनम यादव, राधा यादव, अनुजा पाटिल, एकता बिष्ट, डी हेमलता, मानसी जोशी, पूजा वस्त्राकर, अरुंधती रेड्डी।
नहीं रहे कमेंटेटर जसदेव सिंह
नयी दिल्ली : प्रसिद्ध खेल कमेंटेटर जसदेव सिंह का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे। दूरदर्शन और रेडियो पर जसदेव सिंह की कमेंट्री के लाखों प्रशंसक रहे हैं। जसदेव सिंह ने अपनी जानदार आवाज से करोड़ों लोगों को सालों-साल मैच का हाल सुनाया। 70 और 80 के दशक में जसदेव सिंह खेल प्रेमियों की जानी पहचानी आवाज थी।
जसदेव सिंह के निधन पर खेलमंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ समेत कई हस्तियों ने शोक जताया। राठौड़ ने ट्वीट करते हुए लिखा, ‘आकाशवाणी और दूरदर्शन के बेहतरीन कमेंटेटर्स में से एक जसदेव सिंह का निधन हो गया है। उन्होंने ओलंपिक, एशियन गेम्स, स्वतंत्रता दिवस, गणतंत्र दिवस समेत अनगिनत कार्यक्रमों में आवाज का जादू बिखेरा।
जसदेव सिंह ने करीब 6 एशियन गेम्स और इतने ही हॉकी वर्ल्ड कप में कमेंटरी की। जसदेव सिंह ने साल 1963 से लगातार 48 वर्षों तक गणतंत्र दिवस की कमेंटरी की। भारत सरकार ने साल 1985 में उन्हें पद्म श्री और साल 2008 में पद्म भूषण से नवाजा।
सुप्रीम कोर्ट ने दी सबरीमाला मंदिर में 10-50 साल की उम्र की महिलाओं को प्रवेश की अनुमति
नयी दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट ने महिलाओं के हक मे एक और अहम फैसला सुनाते हुए केरल के सबरीमाला मंदिर के द्वार सभी महिलाओं के लिए खोल दिये हैं। अब इस मंदिर में हर उम्र की महिलाओं को प्रवेश मिलेगा। कोर्ट ने 10 से 50 वर्ष की महिलाओं के प्रवेश पर रोक का नियम रद करते हुए कहा है कि यह नियम महिलाओं के साथ भेदभाव है और उनके सम्मान व पूजा अर्चना के मौलिक अधिकार का हनन करता है। शारीरिक कारणों पर महिलाओं को मंदिर में प्रवेश से रोकना गलत है। केरल के सबरीमाला मंदिर मे 10 से 50 वर्ष की महिलाओं के प्रवेश पर पाबंदी थी। इसके पीछे मान्यता थी कि इस उम्र की महिलाओं को मासिक धर्म होता है और उस दौरान महिलाएं शुद्ध नहीं होतीं। मंदिर के भगवान अयैप्पा बृम्हचारी स्वरूप में हैं और इस उम्र की महिलाएं वहां नहीं जा सकतीं। इस रोक को सुप्रीम कोर्ट मे चुनौती दी गई थी।यह फैसला पांच न्यायाधीशों की संविधानपीठ ने चार- एक के बहुमत से सुनाया है। मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा, एएम खानविलकर, आरएफ नारिमन, और डीवाई चंद्रचूड़ ने बहुमत से फैसला देते हुए रोक के नियम को असंवैधानिक ठहराया है।
हालांकि पीठ की पांचवी सदस्य न्यायाधीश इंदू मल्होत्रा ने असहमति जताते हुए रोक के नियम को सही ठहराया है। कहा है कि अयैप्पा भगवान के सबरीमाला मंदिर को एक अलग धार्मिक पंथ माना जाएगा और उसे संविधान के अनुच्छेद 26 में धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार में संरक्षण मिला हुआ है। वह अपने नियम लागू कर सकता है।मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा ने स्वयं और जस्टिस खानविल्कर की ओर से दिए गए फैसले में पुराने समय से महिलाओं के साथ चले आ रहे भेदभाव का जिक्र करते हुए कहा है कि उनके प्रति दोहरा मानदंड अपनाया जाता है। एक तरफ तो उन्हें देवी माना जाता है और दूसरी तरफ धार्मिक आस्था के मामले में उन पर कठोर प्रतिबंध लगाए जाते हैं। इस घिसीपिटी सोच को त्यागना होगा। समाज को महिलाओं से ही ज्यादा पवित्रता और शुद्धता की चाहत रखने की पुरुषवादी धारणा से बराबरी के सिद्धांत की ओर स्थानांतरित होना होगा जो कि महिलाओं को किसी भी तरह से पुरुष से कमतर नहीं समझता। धर्म में पुरुषवादी धारणा को किसी की धार्मिक आस्था और पूजा के अधिकार के ऊपर मान्यता नहीं दी जा सकती। शारीरिक और जैविक बदलाव की आड़ में महिलाओं के दमन को सही नहीं ठहराया जा सकता। जैविक बदलाव के आधार पर महिलाओं के साथ भेदभाव करने वाला कोई भी नियम संवैधानिक नहीं हो सकता।
राजकपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर का निधन
मुम्बई : दिवंगत अभिनेता राज कपूर की पत्नी कृष्णा राज कपूर का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 87 वर्ष की थी। उनके बेटे रणधीर कपूर ने बताया, “ दिल का दौरा पड़ने से मेरी मां का निधन हो गया। वृद्धावस्था भी इसमें एक बड़ा कारण रहा। उनके निधन से हम बहुत दुखी हैं।’ राज कपूर और कृष्णा मल्होत्रा की शादी 1946 में हुई थी। उनकी पांच संतानों में दो बेटियां – रितु और रीमा हैं, जबकि तीन बेटे रणधीर, ऋषि और राजीव हैं। कृष्णा राज कपूर मशहूर अभिनेता राजेंद्र नाथ, प्रेम नाथ और नरेंद्र नाथ की बहन थीं। उनकी बहन उमा अभिनेता प्रेम चोपड़ा की पत्नी हैं। रिद्धीमा कपूर साहनी ने इंस्टाग्राम पर अपनी दादी को श्रद्धांजलि दी। साहनी ने अपनी दादी की तस्वीर लगाते हुए लिखा, “ मैं आपसे प्यार करती हूं और हमेशा ही करती रहूंगी। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे, दादी।’
वाराणसी का वह घर, जहाँ रहे देश के पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री जी
घर की रसोई में मिट्टी का चूल्हा हो और बेडरूम में पटुआ की सुतली से बिनी खाट तो एक बार आंखों पर यकीन नहीं होगा कि यह जगह देश के प्रधानमंत्री रहे लाल बहादुर शास्त्री की है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि अब मंत्री-विधायक तो दूर सत्ताधारी नेताओं के करीबी रिश्तेदार और कारिंदे भी मौका पाकर चंद दिनों में ही ऊंची हवेलियों के मालिक और कंगाल से करोड़पति बन बैठते हैं। पांच साल तक प्रधानमंत्री रहे शास्त्री जी का घर आज भी पुराना वाराणसी के रामनगर में उस दौर की स्वच्छ और ईमानदार राजनीति की गवाही दे रहा है।
इसमें दो अक्टूबर 1904 को पूर्व पीएम के जन्म से लेकर 12 जनवरी 1966 को नई दिल्ली में विजय घाट पर अंत्येष्टि तक के बारे में जानकारी दी गई है। पूर्व पीएम की स्मृतियों से जुड़े 150 से अधिक चित्र लगाए गए हैं। काशी के लाल शास्त्री जी की दो अक्टूबर को 14वीं जयंती है। तो आइए, आज जानते हैं सादगी कर्मठता और आदर्श राजनीति के उस चेहरे के बारे में, जो इस दौर की सियासत के लिए सीख भी है और आइना भी।
शास्त्री जी! अब तो अपना मकान बनवा लीजिए
स्मृति भवन में लाल की स्वाभिमानी ललिता की कहानी
महात्मा गांधी के दिल की धड़कनें सुनायेगा यह सँग्रहालय
2 अक्टूबर यानि महात्मा गांधी के जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली का नेशनल गांधी म्यूजियम में गांधी जी के बारे में जानने वाले लोगों को गांधी जी की कृत्रिम दिल की धड़कने भी सुनने को मिलेंगी। इन धड़कनों को गांधी जी की विभिन्न ईसीजी डिटेल से तैयार किया गया है।
ईसीजी डिटेल से बनाई धड़कन
गांधी जी की कृत्रिम दिल की धड़कन को उनकी अलग-अलग अवस्थाओं में ईसीजी डिटेल के आधार पर बनाया गया है। अपने आप में इस तरह का प्रयोग पहली बार किया गया है।
खास डिजिटल किट भी होगी
महात्मा गांधी के जन्मदिवस के मौके पर नैशनल म्यूजियम एक खास डिजिटल किट भी लाया है जिसे कोई भी 300 रुपए में खरीद सकेगा। इस किट में एक पेनड्राइव दी जाएगी जिसमें 20 गांधी जी के द्वारा और 10 उनपर लिखी गई किताबें शामिल हैं। इसके अलावा इसमें 100 तस्वीरें और महात्मा गांधी की असली आवाज भी हैं। इसमें महात्मा गांधी के पसंदीदा भजन का संग्रह भी मिलेगा।
आजादी से जुड़ी प्रमुख फुटेज है पेन ड्राइव में
पेन ड्राइव में महात्मा गांधी से जुड़ी विडियो और फोटो के अलावा भारत छोड़ों अंदोलन के समय जवाहरलाल नेहरू, सुभाष चन्द्र बोस और महात्मा गांधी के भाषण भी शामिल है। इसके अलावा 1931 में महात्मा गांधी के लंदन में दिए गए भाषण को भी इसमें शामिल किया गया है।
पता- राजघाट, दिल्ली
समय – सुबह 9.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक
फर्जी खबरों पर लगेगी रोक, गूगल, फेसबुक, ट्विटर करेंगे चुनाव आयोग की मदद
नयी दिल्ली : मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत ने बताया है कि उन्हें इंटरनेट पर बादशाहत रखने वाली गूगल और सोशल मीडिया मुगल ट्विटर और फेसबुक (एफबी) ने आश्वासन दिया है कि वह चुनाव प्रचार के दौरान अपने प्लेटफार्म से चुनाव को प्रभावित नहीं होने देंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त रावत ने रविवार को बताया कि इन कंपनियों ने कर्नाटक चुनाव के दौरान रोकथाम की अपनी तकनीकों का परीक्षण किया था। यह छोटा सा पायलट प्रोजेक्ट एक शुरुआत थी। लोकसभा चुनाव से पहले चार राज्यों (मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मिजोरम) में होने वाले विधानसभा चुनाव के दौरान अपेक्षाकृत बड़े पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत होगी। इन राज्यों में विधानसभा चुनाव इसी साल के अंत में होने हैं।
कम्पनी प्रमुखों से चुनावों में मदद के लिए पूछताछ
रावत ने बताया कि वरिष्ठ उप चुनाव आयुक्त उमेश सिन्हा के नेतृत्व वाली कमेटी ने गूगल, फेसबुक और ट्विटर के क्षेत्रीय और स्थानीय प्रमुखों को बुलाकर पूछा था कि वह भारतीय चुनावों की शुद्धता को बरकरार रखने के लिए क्या कर सकते हैं। वह नहीं चाहते कि फेक न्यूज और मतदाताओं को प्रभावित करने वाली सामग्री सोशल मीडिया के इन मंचों पर प्रसारित हो।
गड़बड़ सामग्री को नहीं होने देंगे प्रसारित
मुख्य चुनाव आयुक्त रावत ने बताया कि सभी कंपनियों ने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान इंटरनेट और सोशल मीडिया मंचों पर मतदाताओं को भ्रमित या प्रभावित करने वाली विषय सामग्री को प्रसारित न होने देने के प्रति प्रतिबद्धता जताई है। विशेषकर मतदान से पहले के 48 घंटे अहम होते हैं जब मतदाता को बाहरी किसी व्यक्ति या सामग्री से प्रभावित हुए बगैर खुद से मंथन का समय मिलना चाहिए।
अपने आप आयोग के पास चला जाएगा खर्च का ब्योरा
गूगल का कहना है कि वह अपने यहां एक ऐसी प्रणाली स्थापित करेगा जिससे उनके मंचों या कंपनियों में किए गए अतिरिक्त खर्च का ब्योरा खुद ब खुद चुनाव आयोग के पास चला जाएगा। यानी लाइक्स खरीदने या एकाएक लाखों फालोवर्स बढ़ाने जैसे आरोपों को गहराई से समझा जा सकेगा।
धारा 126 में होंगे बदलाव
सिन्हा के अधीन कमेटी इस बात पर भी विचार करेगी कि जनप्रतिनिधि कानून, 1951 की धारा 126 में क्या संभावित बदलाव किए जा सकते हैं। इस धारा के तहत टेलीविजन या अन्य ऐसे उपकरण पर चुनाव क्षेत्र में मतदान से 48 घंटे पहले चुनाव से संबंधित कोई विषय सामग्री प्रसारित करने पर रोक है।
ब्रिटेन बना रहा है बच्चों के लिए सोशल मीडिया इस्तेमाल के दिशा-निर्देश
लंदन : सोशल मीडिया के बच्चों पर पड़ते नकारात्मक प्रभाव से फिक्रमंद ब्रिटेन सरकार बच्चों के लिए इन साइटों और एपों के इस्तेमाल के घंटे मुकर्रर करने के लिए दिशा-निर्देश बनाने पर काम कर रही है।
ब्रिटेन के स्वास्थ्य मंत्री मैट हेनकोक ने कहा कि उन्होंने योजना बनाने के निर्देश दिए हैं और फेसबुक जैसी सोशल मीडिया कंपनियों पर हमला बोलते हुए कहा कि वे उपयोगकर्ताओं की आयु सीमा पर अपने स्वयं के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘ एक पिता के तौर पर मैं बच्चों के मानिसक स्वास्थ्य पर सोशल मीडिया के प्रभाव के बढ़ते साक्ष्यों को लेकर बहुत फिक्रमंद हूं। बच्चों द्वारा (सोशल मीडिया के) बेलगाम इस्तेमाल से उनके मानसिक स्वास्थ्य के क्षतिग्रस्त होने का खतरा है।’’
ब्रिटेन के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डेम सेली डेविस को दिशा-निर्देश का प्रारूप तैयार करने का प्रभारी नियुक्त किया गया है जो दिशा-निर्देश तय करेगा कि सोशल मीडिया पर कितना वक्त बिताने को सेहतमंद समझा जाना चाहिए। हेनकोक ने ‘ऑब्जर्वर’ अखबार से कहा, ‘‘ माता-पिता यह कह सकते हैं कि ‘नियम कहते हैं कि निश्चत वक्त से ज्यादा आपको सोशल मीडिया का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।’ इसलिए हमारे पास समाज के लिए नियम बनाने, समाज की तरफ से फैसला लेने के लिए एक मुख्य चिकित्सा अधिकारी हैं ताकि स्कूलों और माता-पिता को निर्णय नहीं करना पड़े।’ मंत्री ने सुझाव दिया कि सोने से पहले फोन को ऑफ करना नुकसान को सीमित करने का एक तरीका हो सकता है।
डेविस से सोशल मीडिया के इस्तेमाल की न्यूनतम उम्र के बारे में भी सलाह देने को कहा गया है। हेनकोक ने कहा,‘‘ फेसबुक और इंस्टाग्राम की शर्तें कहती हैं कि अगर आप 13 साल से कम उम्र के हैं तो आपको इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए, लेकिन इसे लागू करने के लिए कुछ नहीं करते हैं। व्हाट्सएप के दिशा-निर्देश कहते हैं कि 16 साल से कम उम्र होने पर इसे इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।’’
सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला- प्रमोशन में आरक्षण दे सकते हैं राज्य
नयी दिल्ली : अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कर्मियों के पदोन्नति में आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट ने अपना फैसला सुना दिया है। सर्वोच्च अदालत ने अपने फैसले में सीधे-सीधे पदोन्नति में आरक्षण को खारिज नहीं किया है। कोर्ट ने इस मामले को राज्यों पर छोड़ दिया है। राज्य सरकार अगर चाहे तो वे प्रमोशन में आरक्षण दे सकती हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सरकारी नौकरियों में प्रमोशन में एससी/एसटी आरक्षण के लिए कोई डेटा जमा करने की जरूरत नहीं है। इसके साथ ही शीर्ष अदालत ने नागराज मामले में 2006 में दिए गए अपने फैसले पर पुनर्विचार करने से भी इनकार कर दिया है यानि इस मामले को दोबारा 7 जजों की पीठ के पास भेजना जरूरी नहीं है।
बता दें कि 2006 में नागराज से संबंधित वाद में सुप्रीम कोर्ट की पांच जजों की बेंच ने कहा था कि सरकार एससी/एसटी को प्रमोशन में आरक्षण दे सकती है, लेकिन शर्त लगाई थी कि प्रमोशन में आरक्षण से पहले यह देखना होगा कि अपर्याप्त प्रतिनिधित्व है या नहीं। लेकिन अब सुप्रीम कोर्ट ने फैसला सुनाया कि सरकारी नौकरियों में प्रमोशन में एससी/एसटी आरक्षण के लिए किसी भी तरह का डाटा जमा करने की भी जरूरत नहीं है। इस मसले पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और राज्यों की दलील स्वीकार की हैं। फैसला सुनाते हुए जस्टिस नरीमन ने कहा कि नागराज मामले में सुप्रीम कोर्ट का फैसला सही था, इसलिए इस पर फिर से विचार करना जरूरी नहीं है।
गौरतलब है कि सरकार और आरक्षण समर्थकों ने 2006 के एम नागराज के फैसले को पुनर्विचार के लिए सात न्यायाधीशों की संविधान पीठ को भेजे जाने की मांग की थी। मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मांग पर सभी पक्षों की बहस सुनकर गत 30 अगस्त को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था।
सरकार और आरक्षण समर्थकों का कहना है कि एम नागराज फैसले में दी गई व्यवस्था सही नहीं है। एससी एसटी अपने आप में पिछड़े माने जाते हैं। राष्ट्रपति द्वारा जारी सूची में शामिल होने के बाद उनके पिछड़ेपन के अलग से आंकड़े जुटाने की जरूरत नहीं है। जबकि आरक्षण विरोधियों ने एम नागराज फैसले को सही ठहराते हुए कहा था कि उस फैसले में पांच न्यायाधीशों की पीठ द्वारा दी गई व्यवस्था सही कानून है। फैसले के एक भाग पर नहीं बल्कि फैसला आने की पूरी परिस्थितियों पर विचार होना चाहिए। उनका कहना था कि आरक्षण हमेशा के लिए नहीं है ऐसे में पिछड़ेपन के आंकड़े जुटाए बगैर यह कैसे पता चलेगा कि सरकारी नौकरियों में एससी एसटी का पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं है और इसलिए इन्हें प्रोन्नति में आरक्षण देने की जरूरत है।





