वाशिंगटन : मेरिका के शीर्ष वेंचर कैपिटलिस्ट एमआर रंगास्वामी का मानना है कि भारत के प्रौद्योगिकी, फार्मास्युटिकल, ई कॉमर्स और मैनुफैक्चरिंग सेक्टर के लिए अगले दस साल ‘स्वर्णिम’ रहने वाले हैं। रंगास्वामी ने कहा कि अमेरिका और भारत सहित कोरोना महामारी पूरी दुनिया में पैर पसार चुकी है। इसके बावजूद भारत को जो निवेश मिला है, वह शानदार है। पिछले कुछ माह में कोरोना महामारी के बावजूद भारत को 20 अरब डॉलर के विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) मिला है। दुनियाभर की कंपनियां इस महामारी से प्रभावित हुई हैं।
सॉफ्टवेयर कारोबार क्षेत्र के दिग्गज रंगास्वामी ने कहा, मुझे लगता है कि अगले 10 साल भारत के लिए काफी अहम होंगे। भारत में प्रत्येक क्षेत्र चाहे वह औषधि हो या टेलीमेडिसिन, ई-कॉमर्स या लॉजिस्टिक्स डिजिटल और प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल हो रहा है। बाजार के हर क्षेत्र, यहां तक कि किराना दुकानों में भी इनका इस्तेमाल हो रहा है। यह एक स्वर्णिम अवसर है, जिसका भारत को फायदा उठाना चाहिए।
भारत में एफडीआई का उल्लेख करते हुए रंगास्वामी ने कहा, यह किसी भी तरीके से असाधारण है। हाल के महीनों में भारत में गूगल ने 10 अरब डॉलर, फेसबुक ने 5.7 अरब डॉलर, वॉलमार्ट ने 1.2 अरब डॉलर और फॉक्सकॉन ने एक अरब डॉलर का निवेश किया है। मुझे लगता है कि इस साल भारत में इस तरह के और सौदे देखने को मिलेंगे। भारत में और और अधिक निवेश जाएगा। ई – कॉमर्स कम्पनी अमेजन भारत में निवेश जारी रखेगी। अन्य कंपनियों की निगाह भी भारत पर है। निजी इक्विटी कंपनियां भी भारत में निवेश करना चाहती हैं।
भारत में महामारी के बावजूद मिला 20 अरब डॉलर का एफडीआई : रंगास्वामी
कोरोना कवच बीमा पलिसी हो रही है लोकप्रिय: बीमा कम्पनियां
नयी दिल्ली : कोरोना कवच स्वास्थ्य बीमा पालिसी बाजार में आने के साथ ही बेहद लोकप्रिय हो गयी है। कोविड-19 महामारी के फैलाव को देखते हुए करीब सभी साधारण और स्वास्थ्य बीमा कम्पनियों ने कोरोना वायरस संक्रमण के लिए यह उत्पाद दस जुलाई से पेश करना शुरू किया है। इसका उद्येश्य है कि लोग इस महामारी के इलाज के लिए मुनासिब दर पर एक स्वास्थ्य बीमा संरक्षण ले सकें।
इसमें साढ़े तीन महीने से साढ़े नौ महीने के लिए पालिसी बेची जा रही है। इसमें बीमित व्यक्ति के चिकित्सा खर्च की अधिकतम राशि पांच लाख रुपये रखी गयी है। बीमा विनियामक इरडाई ने इसके लिए कंपनियों को मंजूरी दी है।
पालिसी बाजार के स्वास्थ्य बीमा कारोबार के प्रमुख अमुत छाबड़ा ने कहा, ‘इसके लिए बहुत अच्छा समर्थन मिला है, क्योंकि लोग इस योजना को खरीदने के इच्छुक है।’
उन्होंने बताया कि पालिसी बाजार की वेबसाइट पर कंपनियां हर रोज 300 से 500 तक यह पालिसी बेच रही हैं। यह पालिसी ज्यादातर युवा लोग ले रहे है। उन्होंने कहा कि यह पालिसी काफी मुनासिब दर पर है। इसे मासिक 208 रुपये तक के न्यूनतम प्रीमियम पर लिया जा सकता है, जो बेहद सस्ता है।
महाराष्ट्र, तमिलनाडु, कर्नाटक और दिल्ली एनसीआर के लोगों ने इसमें अधिक रुचि दिखायी है। एसबीआई जनरल इंश्योरेंस कंपनी के अंडरराइटिंग एवं पुनर्बीमा कारोबार के प्रमुख सुब्रमणियम ब्रह्मजोसियुला ने कहा कि इसमें फेमिली फ्लोटर और पांच लाख के बीमा पर 2500 रुपये रोज के हॉस्पिटल डेली कैश जैसे विकल्प भी दिए गए हैं, जो इसे अधिक आकर्षक बना रहे हैं।
इफको टोक्यो जनरल इंश्योरेंस के कार्यकारी उपाध्यक्ष (अंडरराइटिंग) सुब्रत मंडल ने भी कहा कि कोविड-19 को लेकर यह उत्पाद जारी हुए अभी एक सप्ताह ही हुए हैं और लोग काफी आकर्षित हुए है।
कोरोना कवच को व्यक्ति स्वयं के लिए और अपने जीवनसाथी, माता पिता , सास-स्वसुर और 25 साल से कम उम्र के आश्रित बच्चों के लिए खरीद सकता है।
अमेजन के भारतीय एमएसएमई ब्रांड का कुल निर्यात दो अरब डॉलर के पार
वैश्विक बिक्री कार्यक्रम के तहत मिली सफलता
नयी दिल्ली : ई-वाणिज्य कंपनी अमेजन के वैश्विक बिक्री कार्यक्रम (जीएसपी) के तहत बिक्री करने वाले भारतीय लघु और मध्यम उद्योगों (एमएसएमई) और ब्रांड का कुल निर्यात दो अरब डॉलर को पार कर गया है। अमेजन ने यह जानकारी दी। बयान के मुताबिक अमेजन ने साल 2015 में जीएसपी की शुरुआत की थी। इसके तहत भारतीय कंपनियों को अमेजन की 15 वेबसाइट के माध्यम से दुनियाभर में अपने सामान का निर्यात करने का मौका मिलता है। पहले इस कार्यक्रम कुछ ही विक्रेता जुड़े थे जिनकी संख्या अब 60,000 से अधिक हो चुकी है।
इस साल जनवरी में अमेजन ने 2025 तक जीएसपी के माध्यम से कुल 10 अरब डॉलर के निर्यात की प्रतिबद्धता जतायी थी। अमेजन इंडिया के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और कंट्री प्रमुख अमित अग्रवाल ने कहा कि एमएसएमई भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनका डिजिटलीकरण कर अमेजन निर्यात को तेज करने और रोजगार निर्माण में अपना योगदान कर रही है। यह देश की समावेशी आर्थिक वृद्धि को सशक्त बनाएगा।
उन्होंने कहा कि जीएसपी के माध्यम से किया जाने वाला निर्यात अब दो अरब डॉलर यानी 30,000 करोड़ रुपये के स्तर को पार कर चुका है। अग्रवाल ने कहा कि इस कार्यक्रम ने कोविड-19 संकट के दौरान भी एमएसएमई के निर्यात कारोबार को बनाए रखने में मदद की। इससे सैकड़ों परिवारों को समर्थन मिला।
850 करोड़ के शेयर वाले बैंक के एम डी आदित्य पुरी
मुम्बई : एमडी आदित्य पुरी के नेतृत्व में एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को पहली तिमाही का परिणाम घोषित किया। इसमें उसे 6,658 करोड़ रुपए का शुद्ध लाभ हुआ। हाल में एचडीएफसी बैंक की एजीएम हुई थी। इसमें देश में किसी भी कमर्शियल बैंक में सबसे लंबे समय तक एमडी रहनेवाले आदित्य पुरी ने शुरुआती दौर को याद किया। आज की तारीख में भारत के सबसे बड़े निजी बैंक की स्थापना का श्रेय पाने वाले पुरी ने एचडीएफसी बैंक को 6 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैप वाला बैंक बना दिए। पुरी अक्टूबर में रिटायर हो जाएंगे। एजीएम में पुरी ने कहा कि जब हमने अपने इस बैंक की स्थापना करीब 25 साल पहले की तो उसमें से हमारे कई साथी बच्चे थे। बाटा के जूते पहनने वाले कई साथी उसमें से मिडिल क्लास से आते थे। उनमें से कई तो विदेशी कंपनियों में अच्छे पदों पर काम कर रहे थे। उन सभी के दिलों में यह लालसा थी कि भारत में भी एक वर्ल्ड क्लास बैंक स्थापित हो। मुझे अच्छी तरह याद है कि जब मैं सैंडोज हाउस में लोगों को बैंक के लिए तैयार कर रहा था तो यही कहता था कि आओ और बेस्ट बैंक ऑफ द वर्ल्ड के साथ जुड़ जाओ।
25 साल पहले चूहे काट देते थे एचडीएफसी बैंक के तार
वे कहते हैं कि जब हम काम शुरू कर रहे थे, तो हमारे पास पैसे नहीं थे। इसलिए हमने कमला मिल्स में जाकर अपना कार्यालय खोला। जब हम सुबह वापस आए तो पाया कि कंप्यूटर और अन्य मशीनें ठीक से काम ही नहीं कर रही थी, क्योंकि चूहों ने उनके केबल को कुतर डाला था। हमारी स्थिति ऐसी थी कि शुरू में हमारे ट्रेनिंग केंद्र पेड़ों के नीचे हुआ करते थे। पर भगवान का शुक्र है कि हमने फैसला लिया, हम आगे बढ़े और हम वहां हैं, जहां हम हैं।
बाटा वाले आज नौकरी न भी करें तो जीवन जी सकते हैं
पुरी ने कहा कि अशोक खन्ना ने भी जांच प्रक्रिया में हिस्सा लिया था और बाद में वे मार्च 2020 को रिटायर हो गए। पुरी ने कहा कि अर्थव्यवस्था की गति में थोड़ा उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है क्योंकि लॉकडाउन के दौरान पेंट अप डिमांड में थोड़ी कमी आई है। पुरी के मुताबिक, एचडीएफसी बैंक का उत्तराधिकारी हमेशा बैंक के भीतर से ही आना चाहिए। अब यह आरबीआई पर निर्भर करता है कि बैंक ने जो सिफारिश की थी, उस पर वह क्या फैसला करता है।
उन्होंने कहा कि कोरोना के निराशावादी माहौल के बावजूद न तो एचडीएफसी बैंक और न ही उसकी सहायक एचडीबी फाइनेंस ने कर्मचारियों को नौकरी से निकाला। जहां उधारकर्ताओं के एक वर्ग ने दूसरे दौर के मोरेटोरियम में पहले तीन महीनों के लिए इसका लाभ उठाया था, वहीं बैंक के केवल 6% उधारकर्ताओं ने अपने लोन रीपेमेंट पर मोरेटोरियम का लाभ उठाया।
जल्द ही एचडीएफसी बैंक को मिलेगा नया एमडी
पुरी ने एजीएम में बैंक के एमडी के रूप में अंदर के ही किसी अधिकारी को प्रमोट करने का संकेत दिया। अप्रैल में इस बैंक ने 3 अधिकारियों के नाम को आरबीआई के पास दिया था। इसमें से शशिधर जगदीशन और कायजाद भरूचा बैंक के अधिकारी हैं। शशिधर 1996 में बैंक में आए और 2008 में वे सीईओ बने। भरूचा ईडी हैं वे बैंक की स्टार्टअप टीम में हैं। तीसरा नाम सिटीबैंक के सुनील गर्ग का माना जा रहा था।
शेयरधारकों के सवालों के जवाब में पुरी ने कहा कि वे एक मजबूत प्रोसेस ड्रिवन वाले बैंक को छोड़कर जा रहे हैं। बैंक ने शनिवार को पहली तिमाही का परिणाम घोषित किया। इसमें उसे 6,658 करोड़ रुपए का शुद्ध मुनाफा हुआ।
(साभार – दैनिक भास्कर)
1,000% तक उछले रबर के दस्ताने बनाने वाली मलेशिया की कम्पनियों के शेयर
अमेरिका की टेस्ला को भी पीछे छोड़ा
नयी दिल्ली : एलन मस्क की इलेक्ट्रिक कार कपनी टेस्ला के शेयरों में इस साल 259 फीसदी के उछाल की दुनियाभर में चर्चा है। लेकिन मलेशिया की रबर ग्लब्स बनाने वाली दो कम्पनियों में इसी दौरान 1,000 फीसदी तक का उछाल दर्ज किया गया है, जिसकी जानकारी अधिक लोगों को नहीं है। कोरोनावायरस महामारी के कारण दुनियाभर में दस्तानों की माँग बढ़ने के कारण रबर के दस्ताने बनाने वाली इन कम्पनियों के शेयरों में भारी उछाल आया है।
मलेशिया में इस साल के आखिर तक शॉर्ट सेलिंग पर लगी पाबंदी से भी इन शेयरों में भारी उछाल को बल मिला है। टॉप ग्लव कॉर्प के शेयरों में इस साल अब तक 389 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया है। यह एमएससीआई एशिया पैसेफिक इंडेक्स में सर्वाधिक उछाल है। वहीं एक अन्य कम्पनी सुपरमैक्स कॉर्प में इस साल 1,000 फीसदी से ज्यादा उछाल दर्ज किया गया है।
मलेशिया की तीन सबसे बड़ी ग्लव्स निर्माता कम्पनियों के मार्केट कैपिटलाइजेशन (एमकैप) में इस साल कुल 26 अरब डॉलर (1.95 लाख करोड़ रुपए) की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है। मलेशिया में किसी कम्पनी के शेयरों में इतना तेज उछाल पहले नहीं देखा गया था। आज मलेशिया के शेयर बाजार में निवेश होने वाले हर 10 रुपये में से एक रुपए से ज्यादा का निवेश ग्लव्स बनाने वाली कम्पनियों में हो रहा है।
मलेशिया की ग्लव्स बनाने वाली कम्पनियों के शेयरों में भारी उछाल की बदौलत ग्लोबल हाइजीन में मलेशिया की आज एक अलग पहचान बन गयी है। यह पहचान उसी तरह की है, जैसे सेमीकंडक्टर के मामले में दक्षिण कोरिया और ताइवान की एक अलग पहचान है। हालांकि कोरोनावायरस के वैक्सिन का विकास शेयर बाजार में इन कम्पनियों के शानदान प्रदर्शन के सामने सबसे बड़ा जोखिम है।
ऑर्डर बुक में भारी बढ़ोतरी
फिलहाल ग्लव्स बनाने वाली इन कम्पनियों के ऑर्डर बुक में भारी बढ़ोतरी हुई है। इस बीच मांग के कारण ग्लव्स की कीमत भी बेतहाशा बढ़ी है। ये कंपनियां मांग को पूरा करने के लिए बढ़चढ़कर अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने की कोशिश कर रही हैं।
लुधियाना ने दुकान मालिक ने स्टोर का नाम रखा ”गुप्ता एंड डॉटर”
पिता ने बेटी आकांक्षा के नाम पर रखा स्टोर का नाम
लुधियाना : दुकान के साइन बोर्ड पर आपने पिता के नाम के साथ ब्रदर्स या संस लिखा हुआ देखा होगा। यहां तक कि परिवार में बिजनेस बढ़ाने का काम भी पिता के बाद भाई या बेटे की जिम्मेदारी ही मानी जाती है। इसी बीच लुधियाना की एक दुकान के मालिक मनोज कुमार गुप्ता ने अपने मेडिकल स्टोर का नाम ”गुप्ता एंड डॉटर” रखा है। उन्होंने अपनी बेटी आकांक्षा को सम्मान देने के लिए यह पहल की है।
लुधियाना के पखोवल रोड़ पर रहने वाले इस परिवार की सोशल मीडिया पर तारीफ हुई। एक यूजर ने साइन बोर्ड पर ट्विट करते हुए लिखा गुप्ता ने महात्मा गांधी की कहीं बात को सच साबित कर दिखाया है। गांधीजी ने कहा था अगर आप समाज में बदलाव चाहते हैं तो इसकी शुरुआत सबसे पहले अपने घर से ही करना होगी।
देखा जाए तो मनोज का यह प्रयास लैंगिक समानता को बढ़ावा देता है। मनोज के अनुसार जब मैंने इस साइन बोर्ड पर मेरे नाम के साथ डॉटर्स का नाम लिखने का फैसला किया तो परिवार के लोग खुश हुए। लेकिन कुछ बाहर के लोगों ने नाराजगी जताई।

दूसरों की बातों को नजरअंदाज कर गुप्ता ने अपने मन की सुनी और वो कर दिखाया जो चाहते थे। इससे पहले गुप्ता ने एक कंस्ट्रक्शन कंपनी की शुरुआत की थी जिसका नाम गुप्ता एंड संस रखा था। उसके तीन साल बाद जब उन्होंने अपने मेडिकल स्टोर को सेट किया तो संस के बजाय उस पर डॉटर का नाम लिखकर उसे सम्मानित किया। वे कहते हैं मुझे अपनी बेटी पर गर्व है। मैं समाज में बेटियों के नाम पर होने वाली लैंगिंक असमानता को खत्म करना चाहता हूं। मनोज के बेटे ने एमबीए किया है। वो भी अपने पिता के विचारों की कद्र करता है। मनोज अपनी पत्नी रमा को धन्यवाद देते हैं।
उनका कहना है कि रमा की सही परवरिश की वजह से ही बच्चे एक दूसरे का सम्मान करना सीख पाए। वे अपने घर का कोई बड़ा फैसला पत्नी की इजाजत के बगैर नहीं लेते हैं।
कोरोना प्रभाव : एयरपोर्ट पर बढ़ी हल्दी दूध, तुलसी, रसम, शिकंजी की माँग
नयी दिल्ली : कोरोनावायरस (कोविड-19) महामारी के बाद लोग पौष्टिक आहार फूड व पेय पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। इन दिनों इम्यूनिटी बढ़ाने वाले उत्पादों की माँग बढ़ी है। यही वजह है कि एयरपोर्ट के लॉन्ज में भी पौष्टिक मेनू रखे जा रहे हैं। मई से घरेलू उड़ानें शुरू हैं। इस दौरान ज्यादातर एयरपोर्ट पर बेवरेज में हल्दी दूध, तुलसी मिंट शिंकजी, रसम, शैफरॉन सत्तु शेक, आंवला और पन्ना जैसे इम्यूनिटी बूस्टर उत्पादों की बिक्री में तेजी आई है। इस मामले में नॉनवेज की मांग पीछे रह गई है।
हल्दी दूध और तुलसी मिंट शिकंजी मेनू का अहम हिस्सा
महामारी के ज्यादातर यात्री घर का पका हुआ खाना ही पसंद कर रहे हैं। एयरपोर्ट लॉन्ज या रेस्तरां में सिर्फ उन्हीं आहार या बेवरेज की बिक्री हो रही है जो कि हेल्दी और इम्यून पावर को बढ़ाने में मदद करती हैं। एक अधिकारी के मुताबिक, हल्दी दूध दिल्ली हवाई अड्डे पर तीसरा सबसे अधिक बिकने वाला बेवरेज आइटम है। वहीं, कोलकाता एयरपोर्ट पर तुलसी मिंट शिकंजी है। रसम चेन्नई एयरपोर्ट पर पसंदीदा बेवरेज बना है। ऐसे में अब इम्यूनिटी बूस्टर प्रोडक्ट की मार्केटिंग के बारे में सोचा जा रहा है।
एयरपोर्ट पर दही चावल की बिक्री 20% बढ़ी
इस समय एयरपोर्ट लॉन्ज में दही चावल की माँग में तेजी देखी गयी है। यह हल्का होने के साथ ही पौष्टिक आहार भी है इस वजह से इसकी बिक्री बढ़ी है। बता दें कि कोरोना से पहले दही चावल की मात्र 2-3% बिक्री ही होती थी अब यह बढ़कर 15-20% से ज्यादा हो गयी है। यह ग्राहकों के बीच पसन्द की जा रही है। वहीं मांसाहार की माँग में कमी आई है। मेनू के साथ ही खाने का ऑर्डर देने का तरीका भी बदल गया है। अब खाना स्मार्टफोन और आईपैड पर ऑर्डर किया जा रहा है। यहां मेनू पढ़ कर, क्यूआर कोड स्कैन करके ऑनलाइन भुगतान किया जा रहा है। वहीं, प्री-पैक्ड मील की जगह अब स्पिल-प्रूफ बॉक्स न्यू नार्मल बन गया है। हालांकि अधिकांश टर्मिनल के अंदर रेस्तरां अभी भी बंद हैं।
कोरोना : मानसिक स्वास्थ्य पर आया मेडी बडी का जागरुकता वीडियो
कोलकाता : कोरोना काल में मानसिक स्वास्थ्य को लेकर आने वाली परेशानियों को देखते हुए मेडी बडी डॉक्स ऐप ने एक जागरुकता वीडियो जारी किया है। मानसिक स्वास्थ्य को लेकर ऐप पर शिकायतें मिल रही हैं जिनमें से बड़ी संख्या 21 से 30 वर्ष तक के युवाओं की है। मेडी बडी ऐप इस समस्या को देखते हुए ऑनलाइन परामर्श दे रहा है। मेडी बडी डॉक्स ऐप के सह संस्थापक और सीईओ सतीश कन्नान ने कहा कि मेडी बडी ने इसे लेकर कई वेबिनार किये हैं जिनमें बात तो करो, सम्पर्क का महत्व, नींद और तनाव प्रबन्धन, प्रमुख हैं।
मॉनसून में राजस्व बढ़ाने पर जोर दे रहा है कामधेनु पेंट्स
कोलकाता : कामधेनु पेंट्स मॉनसून में अपना राजस्व बढ़ाने पर जोर दे रहा है। इसके तहत मॉनसून को ध्यान में रखते हुए कम्पनी सोशल मीडिया के जरिए कम्पनी सम्बन्धित उत्पादों का प्रचार कर रही है तथा जागरुकता अभियान चला रही है। इस अभियान के तहत कम्पनी बता रही है कि इस मौसम में घर की बाहरी दीवारों को कैसे सुरक्षित रखा जा सकता है। कामधेनु पेंट्स के निदेशक सौरभ अग्रवाल ने इस अभियान की जानकारी देते बताया कि कामधेनु ने वेदर क्लासिक मैक्स और वेदर सुप्रीम पेंट बाजार में उतारे हैं जो दीवारों को एक टिकाऊपन देंगे। यह दीवारों को पानी और सीलन से बचाएंगे। रंग दाग प्रतिरोधी हैं, इन पर धूल जल्दी नहीं चढ़ती और जल्दी फीके भी नहीं पड़ते।
एचआईटीके का पूर्व छात्र प्रशासनिक परीक्षा में तीसरे स्थान पर
कोलकाता : हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के पूर्व छात्र ने राज्य की प्रशासनिक परीक्षा में सफलता पाई है। सायक दत्त नामक इस छात्र को पश्चिम बंगाल फॉरेस्ट सर्विस एक्जाम में में तीसरा रैंक मिला है। नतीजे गत 2 जुलाई को घोषित किये गये थे। सायक एचआईटीके में बी. टेक – सीएसई के वर्ष 2011 के बैच में था।




