Thursday, June 25, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 440

अलापन बंदोपाध्याय बने बंगाल के नए मुख्य सचिव

कोलकाता : भारतीय प्रशासनिक सेवा के 1987 बैच के अधिकारी अलापन बंदोपाध्याय ने गुरुवार को औपचारिक रूप से बंगाल के नए मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया। उन्होंने राजीव सिन्हा का स्थान लिया है जो एक दिन पहले सेवानिवृत्त हो गए। वैसे इनाम के तौर पर राज्य सरकार ने सिन्हा को पश्चिम बंगाल औद्योगिक विकास निगम (डब्ल्यूबीआइडीसी) का 3 वर्ष की अवधि के लिए अध्यक्ष बनाया है।

गृह, सूचना और परिवहन विभाग के सचिव रह चुके

सिन्हा ने सेवानिवृत्ति के बाद बंदोपाध्याय को राज्य के नए मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंपी। अलापन बंधोपाध्याय मुख्य सचिव बनने से पहले गृह, सूचना और परिवहन विभाग के सचिव रह चुके हैं तथा वह दक्षिण 24 परगना, उत्तर 24 परगना और हावड़ा के जिलाधिकारी भी रह चुके हैं।

हरिकृष्ण द्विवेदी ने भी गृह सचिव का पदभार संभाला

वहीं बंदोपाध्याय के मुख्य सचिव बनने के बाद उनकी जगह हरिकृष्ण द्विवेदी ने इस दिन गृह सचिव का पदभार संभाला। द्विवेदी इससे पहले राज्य के वित्त सचिव के पद पर थे। वहीं, उनकी जगह मनोज पंत ने नए वित्त सचिव के रूप में पदभार संभाला।

 

निर्माण गतिविधियों में 8 साल की सबसे बड़ा विकास, सितम्बर में 56.8 रहा परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स

कोरोना के कारण देश की आर्थिक और कारोबारी गतिविधियों में अब तेज रिकवरी हो रही है। अर्थव्यवस्था की इस सुनहरी तस्वीर की गवाही मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का परचेजिंग मैनेजर्स इंडेक्स (पीएमआई) दे रहा है। आईएचएस मार्किट के मुताबिक, सितंबर महीने में पीएमआई इंडेक्स 56.8 फीसदी रहा है, जबकि अगस्त में यह इंडेक्स 52 था। बीते करीब साढ़े आठ सालों में पीएमआई इंडेक्स में यह सबसे बड़ी ग्रोथ है। आईएचएस मार्किट के मुताबिक, जनवरी 2012 के पीएमआई इंडेक्स 56.8 पर पहुंचा है।

पूरी उत्पादन क्षमता पर पहुंची फैक्ट्रियां: लीमा

कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए सरकार ने 25 मार्च से देशव्यापी लॉकडाउन लागू किया था। इससे आर्थिक और कारोबारी गतिविधियां थम गई थीं। इस वजह से अप्रैल में पीएमआई इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई थी। लगातार 32 महीनों तक ग्रोथ के बाद यह गिरावट दर्ज की गई थी। यदि पीएमआई इंडेक्स 50 अंक से ऊपर रहता है तो इसे ग्रोथ माना जाता है। यदि इंडेक्स 50 से नीचे रहता है तो इसे गिरावट माना जाता है। आईएचएस मार्किट के इकोनॉमिक्स एसोसिएट डायरेक्टर पॉलियाना डी लीमा का कहना है कि भारत की मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री सही दिशा में जा रही है। सितंबर के पीएमआई डाटा में कई सकारात्मक बातें शामिल हैं। कोविड-19 के प्रतिबंधों के बाद देश की फैक्ट्रियां पूरी क्षमता पर पहुंच गई हैं।

निर्यात ऑर्डर से सुधरने लगे हालात

लीमा का कहना है कि लगातार 6 महीने तक गिरावट के बाद निर्यात के नए ऑर्डर मिलने लगे हैं। इससे निर्यात पटरी पर लौटने लगा है। लीमा के मुताबिक, सितंबर के पीएमआई डाटा से खरीदारी दर बढ़ने और कारोबारी विश्वास के मजबूत होने के इनपुट मिले हैं। हालांकि, ऑर्डर बुक वॉल्यूम में मजबूत ग्रोथ के बावजूद भारतीय कारोबारी पे-रोल संख्या में कमी लाने पर विचार कर रहे हैं। कई मामलों में सोशल डिस्टेंसिंग गाइडलाइंस के मुताबिक कर्मचारियों की संख्या में कमी लाई जा रही है।

तैयार सामान की कीमत बढ़ी

पीएमआई सर्वे के मुताबिक, बीते 6 महीने में पहली बार तैयार सामान की कीमत में बढ़ोतरी हुई है। यह बढ़ोतरी इनपुट लागत ज्यादा होने के कारण हुई है। सर्वे में कहा गया है कि एक तिहाई मैन्युफैक्चरर अगले 12 महीनों तक ग्रोथ की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं, 8 फीसदी ने गिरावट की उम्मीद जताई है। पीएमआई का मुख्‍य मकसद इकोनॉमी के बारे पुष्‍ट जानकारी को आधिकारिक आंकड़ों से भी पहले उपलब्‍ध कराना है। इससे अर्थव्‍यवस्‍था के बारे में सटीक संकेत पहले ही मिल जाते हैं। पीएमआई 5 प्रमुख कारकों पर आधारित होता है। इसमें नए ऑर्डर, इन्‍वेंटरी स्‍तर, प्रोडक्‍शन, सप्‍लाई डिलिवरी और रोजगार वातावरण शामिल हैं।

(साभार – दैनिक भास्कर)

टाटा ग्रुप के सुपर ऐप में बड़ी हिस्सेदारी खरीद सकती है वॉलमार्ट

1.8 लाख करोड़ रुपए के निवेश की सम्भावना

नयी दिल्ली : नमक से लेकर सॉफ्टवेयर तक कारोबार करने वाला टाटा ग्रुप ‘सुपर ऐप’ लाने की तैयारी कर रहा है। इस ऐप के जरिए टाटा ग्रुप रिटेल सेक्टर में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराना चाहता है। इस सुपर ऐप के लिए फंड जुटाने के मकसद से ग्रुप संभावित निवेशकों से बातचीत कर रहा है। इस फंड के बदले टाटा ग्रुप निवेशकों को सुपर ऐप में हिस्सेदारी देगा।

अमेरिकी कंपनी वॉलमार्ट कर सकती है बड़ा निवेश

सूत्रों के हवाले से खबरों में कहा गया है कि सुपर ऐप में हिस्सेदारी के लिए अमेरिका की होलसेल कंपनी वॉलमार्ट इंक की टाटा ग्रुप से बातचीत चल रही है। खबरों के मुताबिक, वॉलमार्ट इंक सुपर ऐप में 20 से 25 बिलियन डॉलर करीब 1.4 से 1.8 लाख करोड़ रुपए का निवेश कर सकती है। वॉलमार्ट ने मई 2018 में ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट की 66 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी थी। यह सौदा 16 बिलियन डॉलर में हुआ था। यदि टाटा ग्रुप और वॉलमार्ट इंक के बीच साझेदारी होती है तो यह रिटेल सेक्टर में देश की सबसे बड़ा सौदा होगा।

संयुक्त रूप से लॉन्च हो सकता है सुपर ऐप

खबरों के मुताबिक, टाटा ग्रुप और वॉलमार्ट एक जॉइंट वेंचर के तहत संयुक्त रूप से सुपर ऐप को लॉन्च कर सकते हैं। इससे टाटा ग्रुप और फ्लिपकार्ट के ई-कॉमर्स कारोबार के बीच तालमेल का लाभ मिलेगा। इस साझेदारी से ग्राहकों को टाटा और फ्लिपकार्ट के सभी उत्पाद एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध रहेंगे। एक अन्य सूत्र के मुताबिक, वॉलमार्ट ने इस ट्रांजेक्शन के लिए गोल्डमैन सैशे को इन्वेस्टमेंट बैंकर के रूप में नियुक्त किया है। सुपर ऐप की वैल्यूएशन 50 से 60 बिलियन डॉलर हो सकती है।

अन्य निवेशकों से भी चल रही है बातचीत

ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, सुपर ऐप की हिस्सेदारी बेचने के लिए टाटा ग्रुप अन्य संभावित निवेशकों से भी बातचीत कर रहा है। इसमें कई ग्लोबल टेक कंपनियां भी शामिल हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि अभी यह बातचीत प्रारंभिक चरण में है और निवेश को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं हो पाया है।

दिसंबर तक लॉन्च हो सकता है सुपर ऐप

टाटा ग्रुप का यह सुपर ऐप दिसंबर तक लॉन्च हो सकता है। देश में बढ़ते ई-कॉमर्स कारोबार को देखते हुए कंपनी ने यह फैसला लिया है। इस ऐप पर खाने-पीने के सामान के अलावा फैशन, लाइफस्टाइल और बिल पेमेंट की भी सुविधा मिलेगी। इसके अलावा टाटा ग्रुप के ई-कॉमर्स कारोबार टाटा क्लिक, स्टार क्विक और क्रोमा के उत्पाद भी इस प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगे।

रिलायंस और अमेजन से होगी सीधी टक्कर

टेलीकॉम सेक्टर में कामयाबी के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज ने अब रिटेल सेक्टर पर फोकस किया है। हाल ही में रिलायंस ने ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म जियोमार्ट लॉन्च किया है। इसके अलावा रिलायंस इंडस्ट्रीज ने जियो प्लेटफॉर्म्स की 32.97 फीसदी हिस्सेदारी बेचकर 1.52 लाख करोड़ रुपए जुटा चुके हैं। टाटा ग्रुप के सुपर ऐप का रिलायंस और अमेजन से सीधा मुकाबला माना जा रहा है।

अमेज़न सेलर्स इस फेस्टिव सीजन में करेंगे कर्मचारियों की भर्ती

अमेज़न ने कंपनी के एक विशेष  के निष्कर्षों  को साझा किया। यह सर्वे आने वाले फेस्टिव सीजन से अमेज़ॅन पर बिक्री करने वाले एसएमबी सेलर्स की उम्मीदों, और इसके लिए की जाने वाली तैयारी का अनुमान लगाना शामिल है। यह अध्ययन 2००० से अधिक अमेज़न सेलर्स के बीच नीएल्सन द्वारा 12-22 सितम्बर 2०2० के दौरान किया गया था। पूरे भारत के 17 शहरों में, अंग्रेजी और क्षेत्रीय भाषाओं में किये गये, इस अध्ययन में दिल्ली एनसीआर, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु, पुणे, अहमदाबाद, लखनऊ, लुधियाना, इंदौर, नागपुर, कोयम्बटूर, कोच्चि, पटना, जयपुर और राजकोट के सेलर्स शामिल थे। सवेर् में शामिल 98 फीसदी सेलर्स (2०36) फेस्टिव सीजन के दौरान ई-कॉमर्स का लाभ उठाने की उम्मीद कर रहे हैं। सीजनल हायरिंग की योजना बनाने वाले 69 फीसदी सेलर्स इस फेस्टिव सीजन में कम से कम पांच लोगों को काम पर रखने की बात कर रहे हैं।
नए उत्पादों को लॉन्च करने की योजना बनाने वाले सेलर्स में से 63 फीसदी सेलर्स इस फेस्टिव सीजन में कम से कम तीन नए प्रॉडक्ट लॉन्च करेंगे। नए प्रॉडक्ट को लॉन्च करने की योजना बनाने वाले सेलर्स का प्रतिशत गैर-मेट्रो शहरों में अधिक है,क्योंकि इनमें से 68 प्रतिशत सेलर्स इस फेस्टिव सीजन में कम से कम तीन नए प्रॉडक्ट लॉन्च करेंगे। अमेज़ॅन इंडिया के उपाध्यक्ष मनीष तिवारी ने सवेर् के निष्कषोर्ं पर टिप्पणी करते हुए कहा, “फेस्टिव सीज़न इवेन्ट्स के लिए हमारा प्रमुख पैमानों में से एक यह है कि हमारे सेलर्स इससे कैसे लाभ उठाते हैं और इस फेस्टिव सीजन में, हमारे सेलर्स के लिए बिजनेस  को ठीक करने और उसमें तेजी लाने में मदद करना पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। नीएल्सन रिपोर्ट के निष्कर्ष बताते हैं कि हमारे प्रयासों का सेलर्स और छोटे व्यवसायों की जरूरतों के साथ तालमेल बना हुआ है। जैसा कि हम नए नियमों को देखते हैं, अपने घरों के सुरक्षित माहौल में बैठे ग्राहकों की सेवा करने, पूरे भारत में ग्राहकों के व्यापक समूह तक पहुंचने के नए अवसर पैदा करने, और उन व्यवसायों के प्रॉडक्ट्स के लिए अधिक वैल्यू जनरेट करने के लिए ई-कॉमर्स सही विकल्प है।“

महज 39 रुपये में उठाइए रिवर क्रूज का लुत्फ

कोलकाता : रिवर क्रूज वो भी महज 39 रुपये में, सुनने में ये अविश्वसनीय लग सकता है लेकिन पश्चिम बंगाल परिवहन निगम (डब्ल्यूबीटीसी) ने इसी कीमत में रिवर क्रूज की शुरुआत करने का फैसला किया है। डब्ल्यूबीटीसी का यह कदम पर्यटकों को गंगा नदी से शहर की विरासत देखने का यादगार अनुभव देने के लिए लिया है। डब्ल्यूबीटीसी के प्रबंध निदेशक राजनवीर सिंह कपूर के अनुसार गंगा नदी में 90 मिनट की क्रूज यात्रा के लिए यह अनोखी कीमत तय की गई है। यह बिल्कुल लंदन रिवर क्रूज या सिंगापुर बोट राइड या गोवा में मंडोवी नदी में क्रूज जैसा ही होगा। इसका लक्ष्य दुनिया भर से पर्यटकों को आकर्षित करना है।
कपूर ने बताया कि इस क्रूज की शुरुआत एक अक्तूबर को होगी। उन्होंने कहा, ‘यह हेरिटेज रिवर क्रूज को सभी वर्ग के लोगों के बीच लोकप्रिय और सस्ता बनाने के लिए है। क्रूज के दौरान पर्यटक सूर्यास्त के बाद गंगा आरती के साथ मायर घाट देखेंगे, जहां रामकृष्ण परमहंस की पत्नी मा शारदा दैनिक रूप से आया करती थीं।’
उन्होंने कहा कि क्रूज नदी के किनारे स्थित शहर के कई ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराएगा। इसमें अर्मेनियन घाट, नीमताल घाट, चांदपाल घाट, पूर्वी रेलवे मुख्यालय, विनय बादल दिनेश बाग आदि स्थान शामिल हैं। ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के साथ-साथ पर्यटकों को इस दौरान संगीत का आनंद भी मिलेगा। कपूर ने कहा, ’39 रुपये में पर्यटक को टूर गाइड की सुविधा मिलेगी और उन्हें एक नेविगेशन ब्रोशर दिया जाएगा, जिसे वह अपने साथ ले जा सकेंगे। इसके अलावा क्रूज पर एक कैफे भी होगा, जहां से पर्यटक चाय-कॉफी या स्नैक्स खरीद सकेंगे। इसके साथ ही सेल्फी बूथ, पीने के पानी और वॉशरूम की व्यवस्था भी होगी।
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के इस संकट भरे समय को देखते हुए यात्रा के दौरान सुरक्षा और सैनिटाइजेशन के सभी मानकों का पालन किया जाएगा। सोशल डिस्टेंसिंग (सामाजिक दूरी) के नियम का पालन करने के लिए एक बार में यात्रा में अधिकतम 150 लोग ही क्रूज की सवारी कर सकेंगे।  कपूर ने कहा कि क्रूज को बिना मुनाफे के पश्चिम बंगाल सरकार के तहत आने वाला परिवहन निगम संचालित करेगा। क्रूज का संचालन सप्ताह के दिनों में मिलेनियम पार्क से दोपहर बाद चार बजे और छह बजे किया जाएगा। छुट्टी वाले दिनों में और शनिवार व रविवार को दोपहर दो बजे, चार बजे और छह बजे संचालन होगा।

बंगाल के कॉलेजों में स्नातक कक्षाएं दो नवम्बर से शुरू होंगी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में रविवार को राज्य स्तरीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और  शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी के बीच हुई एक बैठक में कॉलेजों में दो नवंबर से स्नातक (यूजी) की कक्षाएं शुरू करने का फैसला किया गया। कॉलेजों में अक्टूबर में नामांकन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद दो नवंबर से कक्षाएं शुरू होंगी। डिजिटल बैठक में शामिल हुए एक प्रमुख विश्वविद्यालय के कुलपति ने बताया कि यह फैसला किया गया है कि नवंबर के आखिरी सप्ताह में संभव नहीं होने की स्थिति में स्नातकोत्तर (पीजी) की कक्षाएं एक दिसंबर से होंगी। उन्होंने बताया कि स्नातक और पीजी, दोनों कक्षाएं ऑनलाइन माध्यम से होंगी और संबद्ध शैक्षणिक संस्थान इसके तौर-तरीकों का खाका तैयार करेंगे। उच्चतर शिक्षा विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एक अन्य अहम फैसले के तहत विश्वविद्यालयों ने विभिन्न पीजी पाठ्यक्रमों के तहत 80 फीसदी सीटें उन छात्रों के लिये सुरक्षित रखने का निर्णय किया है, जिन्होंने विश्वविद्यालय से संबद्ध कॉलेजों में स्नातक की पढ़ाई की है या स्नातक की पढ़ाई उसी विश्वविद्यालय (जैसे कि यादवपुर विश्वविद्यालय) से की है।

दुर्गा पूजा के लिए दिशा-निर्देश जारी, इस साल नहीं होगा उत्सव का आयोजन

कोलकाता :   मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि इस साल राज्य में दुर्गा पूजा उत्सव आयोजित नहीं होगा। बनर्जी ने गुरुवार को इसे लेकर दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान पंडाल चारों ओर खुले होने चाहिए। पंडालों में प्रवेश द्वार पर सैनिटाइजर होना चाहिए और मास्क पहनना अनिवार्य रहेगा। ममता बनर्जी ने कहा कि हर दुर्गा पूजा समिति को राज्य सरकार की ओर से 50 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। दुर्गा पूजा को देखते हुए 80 हजार हॉकरों को एक बार मिलने वाला दो हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। मुख्यमंत्री बनर्जी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस से ठीक होने की दर (रिकवरी रेट) 87 फीसदी है। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी होगा। पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति नहीं होगी।  बता दें कि राज्य में अभी तक कोरोना संक्रमण के दो लाख 34 हजार से भी ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, वायरस की चपेट में आकर अब तक चार हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। कोविड-19 महमारी के मद्देनजर सादगी से उत्सव मनाने की तैयारियां पूरे शहर में शुरू हो गई हैं और आयोजक संक्रमण को फैलने से रोकने के उपायों पर काम कर रहे हैं। ज्वलंत विषयों की थीम पर पूजा पंडाल बनाने के लिए ख्याति प्राप्त दक्षिण कोलकाता के आयोजक समाजसेवी संघ ने इस बार अपने खुले पंडाल की दिशा बदलकर दक्षिणी एवेन्यू की ओर करने का फैसला किया है। ताकि, श्रद्धालु अपने वाहन में बैठक कर दूर से ही देवी दुर्गा की प्रतिमा का दर्शन कर सकें।

जून में सब्सक्राइबर एयरटेल ने जियो को छोड़ा पीछे : ट्राई

नयी दिल्ली : भारती एयरटेल ने जून महीने में 3.7 मिलियन ऐक्टिव मोबाइल यूजर्स रहे। कंपनी ने ऐक्टिव मोबाइल यूजर्स के मामले में जियो को पीछे छोड़ दिया। रिलायंस जियो इन्फोकॉम ने जून में 2.1 मिलियन सक्रिय सब्सक्राइबर्स खो दिए। वहीं वोडाफोन आइडिया को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है और कंपनी ने 3.7 मिलियन ऐक्टिव यूजर्स गंवाए। रेगुलेटरी टेलिकॉम डेटा का विश्लेषण करते हुए अथॉरिटी के मोतीलाल ओसवाल ने यह जानकारी दी। एयरटेल का सक्रिय मोबाइल यूजर बेस बढ़कर 311 मिलियन हो गया है। जबकि जियो और वोडाफोन क्रमशः 310 मिलियन और 273 मिलियन पर सिमट गए। ट्राई ने एक नोट में कहा, ‘मई में जियो से मात खाने के बाद एयरटेल ने एक बार फिर ऐक्टिव मोबाइल सब्सक्राइबर मार्केट में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।’विजिटर लोकेशन रजिस्टर या वीएलआर के जरिए किसी मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर रहे ऐक्टिव सब्सक्राइबर्स की असल संख्या का पता लगता है। ताजा ट्राई डेटा से पता चला है कि एयरटेल के 98.14 फीसदी यूजर्स ऐक्टिव रहे जबकि वी आई के 89.49 और जियो के 78.15 फीसदी यूजर्स सक्रिय रहे।

वी आई और जियो के ऐक्टिव मोबाइल यूजर्स की संख्या में कमी हुई है। इसके चलते ही जून में भारत के ऐक्टिव मोबाइल सब्सक्राइबर्स बेस 958 मिलियन रहा। मोतीलाल ओसवाल ने कहा कि इंडस्ट्री ने जून में 2.8 मिलियन ऐक्टिव सब्सक्राइबर्स की कमी हुई जिससे सक्रिय मोबाइल यूजर्स का आंकड़ 958 मिलियन रहा। मई में ऐक्टिव सब्सक्राइबर्स की संख्या 2.9 मिलियन रही थी।
हालांकि, कुल मिलाकर देखें तो जून में जियो ने करीब 4.5 मिलियन मोबाइल यूजर्स जोड़े। इसी के साथ जियो का कुल यूजर बेस 397 मिलियन पहुँच गया। जियो ग्रामीण भारत में सबसे बड़ी टेलिकॉम कंपनी बन गयी है और इसने इस सेगमेंट में वोडाफोन आइडिया के वर्चस्व को तोड़ा है। जून में जियो रूरल मोबाइल यूजर बेस 166.34 मिलियन बढ़ा। वहीं वी आई का यूजर बेस 166.02 मिलियन रहा।बात करें एयरटेल और वोडाफोन आइडिया के ग्रॉस सब्सक्राइबर बेस का, तो जून में यह क्रमशः 1.12 मिलियन और 4.82 मिलियन कम हुआ।

पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह का निधन

नयी दिल्‍ली : पूर्व कैबिनेट मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संस्‍थापक सदस्‍यों में से एक जसवंत सिंह का निधन हो गया है। वह 82 साल के थे और पिछले छह साल से कोमा में थे। उन्‍हें जून को भर्ती कराया गया था और सेप्सिस के साथ मल्‍टीऑर्गन डिसफंक्‍शन सिंड्रोम का इलाज चल रहा था। भारतीय सेना में मेजर रहे जसवंत सिंह ने बाद में राजनीति का दामन थाम लिया था। भाजपा की स्‍थापना करने वाले नेताओं में शामिल जसवंत ने राज्‍यसभा और लोकसभा, दोनों सदनों में भाजपा का प्रतिनिधित्‍व किया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्‍व वाली सरकार में उन्‍होंने 1996 से 2004 के बीच रक्षा, विदेश और वित्‍त जैसे मंत्रालयों का जिम्‍मा संभाला। बतौर वित्‍त मंत्री जसवंत सिंह ने स्‍टेट वैल्‍यू ऐडेड टैक्‍स (वीएटी) की शुरुआत की जिससे राज्‍यों को ज्‍यादा राजस्‍व मिलना शुरू हुआ। उन्‍होंने कस्‍टम ड्यूटी भी घटा दी थी। 2014 में भाजपा ने सिंह को बाड़मेर से लोकसभा चुनाव का टिकट नहीं दिया था। नाराज जसवंत ने पार्टी छोड़कर निर्दलीय चुनाव लड़ा मगर हार गए थे। उसी साल उन्‍हें सिर में गंभीर चोटें आईं, तब से वह कोमा में थे।

दिग्गज गायक एसपी बालासुब्रमण्यम का निधन

बॉलीवुड के दिग्गज सिंगर एसपी बालासुब्रमण्यम का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उन्हें चेन्नई के एक अस्पताल में 5 अगस्त को भर्ती कराया गया था, जहां पर उनका 2 महीने से इलाज चल रहा था। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। एसपी बालासुब्रमण्यम अपने पीछे पत्नी सावित्री और दो बच्चे- बेटी पल्लवी और बेटे एसपी चरण को छोड़ गए हैं। मालूम हो कि गायक एसपी बालासुब्रमण्यम ने बतौर गायक के अलावा अभिनेता, संगीत निर्देशक, डबिंग कलाकार और फिल्म निर्माता भी अपना योगदान दिया है। उन्होंने अपने करियर में कई भाषाओं में लगभग 40 हजार से ज्यादा गाने गाए हैं। एसपी बालासुब्रमण्यम को कई अवॉर्ड से नवाजा गया था। सबसे ज्यादा गाने गाए जाने के लिए उनका नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल हैं। उन्होंने  सर्वश्रेष्ठ पार्श्वगायक के रूप में 6 राष्ट्रीय पुरस्कार जीते। एसपी बालासुब्रमण्यम को 2001 में उन्हें पद्मश्री और 2011 में पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया गया था।