Thursday, July 9, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 243

नॉलेज कार्निवाल में प्रो दिलीप शाह को गुरुदक्षिणा पुरस्कार

कोलकाता ।  भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज के डीन प्रो दिलीप शाह को शिक्षा के क्षेत्र में नॉलेज कार्निवाल में गुरुदक्षिणा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध समाचार पत्र टाइम्स ऑफ इंडिया ने गत 19 जुलाई 2022 को,  ‘नॉलेज कार्निवल’ का आयोजन किया गया । इस कार्निवल का फोकस ‘ईस्ट इंडिया’ था। इस नॉलेज कार्निवाल में स्टालों, स्टैंडियों और अन्य प्रचार सामग्री के माध्यम से कई संस्थानों का प्रतिनिधित्व रहा जो सभी छात्रों और शिक्षकों के गौरव के लिए एक हॉल में प्रदर्शित किए गए थे, जो शिक्षा के क्षेत्र में सर्वोत्तम रूप को दर्शाता है।
भवानीपुर कॉलेज के लगभग बीस विद्यार्थियों के साथ फैकल्टी प्रो. दिव्या पी उदेशी के साथ इस कार्यक्रम के लिए गए थे।इस कार्यक्रम के मुख्य कलाकार रहे देवांग नगर और देवेन खड़का। भवानीपुर कॉलेज के डीन प्रो. दिलीप शाह को श्री शिरशेंदु मुखोपाध्याय (वयोवृद्ध लेखक) द्वारा ‘गुरुदक्षिणा’ पुरस्कार से सम्मानित किया। इस अवसर पर भवानीपुर कॉलेज के उपाध्यक्ष मिराज डी शाह और टीआईसी डॉ शुभब्रत गंगोपाध्याय ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ दी। कार्यक्रम की जानकारी दी डॉ वसुंधरा मिश्र ने ।

एनआईआरएफ रैंकिंग 2022 जारी, आईआईटी मद्रास, बंगाल में जेयू आगे

देश भर के विभिन्न इंजीनियरिंग संस्थानों में स्नातक और अन्य कोर्सेस में इस साल दाखिला लेने जा रहे स्टूडेंट्स के लिए काम की खबर। केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के नेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क द्वारा एनआईआरएफ रैंकिंग 2022 को गत शुक्रवार, 15 जुलाई 2022 को जारी किया गया, जिसमें समग्र श्रेणियों, समेत विभिन्न कटेगरी में देश के सर्वश्रेष्ठ संस्थानों की सूची जारी की गई है, जिसमें इंजीनियरिंग भी शामिल हैं। शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी एनआईआरफ इंजीनियरिंग रैंकिग 2022 में टॉप 10 कॉलेजों में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) और राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआइटी) शामिल हैं। वहीं, 11वें स्थान पर पश्चिम बंगाल के कोलकाता में स्थित जादवपुर यूनिवर्सिटी और 12वें स्थान पर तमिल नाडु के वेल्लोर में स्थित वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी है।

ये हैं देश के टॉप इंजीनियरिंग कॉलेज

  • रैंक 1 – आईआईटी मद्रास
  • रैंक 2 – आईआईटी दिल्ली
  • रैंक 3 – आईआईटी बॉम्बे
  • रैंक 4 – आईआईटी कानपुर
  • रैंक 5 – आईआईटी खड़गपुर
  • रैंक 6 – आईआईटी रूड़की
  • रैंक 7 –  आईआईटी गुवाहाटी
  • रैंक 8 – एनआईटी तिरूचिरापल्ली
  • रैंक 9 – आईआईटी हैदराबाद
  • रैंक 10 – एनआटीई कर्नाटक, सूरतकल
  • रैंक 11 – जादवपुर विश्वविद्यालय
  • रैंक 12 – वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी
  • रैंक 13 – आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी
  • रैंक 14 – आईआईटी (इंडियन स्कूल ऑफ माइंस), धनबाद
  • रैंक 15 – एनआइटी राउरकेला
  • रैंक 16 – आईआईटी इंदौर
  • रैंक 17- अन्ना यूनवर्सिटी, चेन्नई
  • रैंक 18 – इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी
  • रैंक 19 – अमृता विश्व विद्यापीठम, कोयंबटूर
  • रैंक 20 – आईआईटी मंडी

बता दें कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय द्वारा एनआइआरएफ की स्थापना वर्ष 2015 में की गई थी और इसके अंतर्गत टीचिंग, लर्निंग एण्ड रिसोर्सेस, रिसर्च एण्ड प्रोफेशनल प्रैक्टिस, ग्रेजुएशन आउटकम्स, आउटरीच एण्ड इन्क्लूजिविटी और पीअर पर्सेप्शन जैसे पैरामीटर्स के आधार पर देश के संस्थानों की रैंकिंग हर साल जाती की जाती है।

पूरी सूची यहाँ देखें – एनआईआरएफ रैंकिंग

अगर खरीदनी हो आपको छतरी

सर्दियों को छोड़कर गर्मियों और मानसून इन दोनों ही मौसम में हमें छतरी की जरूरत पड़ती है। छतरी बारिश के अलावा तेज धूप से भी बचाव करती है। इतना बड़ा काम करने के बावजूद भी इसकी शॉपिंग करते वक्त ज्यादातर लोगों का फोकस कलर और प्रिंट पर होता है न कि क्वॉलिटी पर। जिससे छाता कुछ ही दिनों में जवाब दे जाता है। तो इसकी शॉपिंग करते वक्त किन बातों का रखना चाहिए खास ध्यान, आइए जान लें यहां..
1. पकड़ने में हो आरामदायक
छाते का हैंडल बहुत ही सुविधाजनक होना चाहिए क्योंकि सबसे ज्यादा हैंडल का ही इस्तेमाल होता है। तो कैरी करके देख लें कि इसे पकड़ते वक्त हाथों में दर्द तो नहीं हो रहा। ग्रिप अच्छे से बन रही है ना।
2. हर एक मौसम के लिए हो उपयोगी
छाता हमेशा इस तरह का चुनें जो न सिर्फ बारिश बल्कि गर्मियों में भी आप इसका इस्तेमाल कर सकें।
3. लंबाई-चौड़ाई देखना न भूलें
आजकल मार्केट में ऐसे छाते आ रहे हैं जिन्हें आप आराम से कैरी कर सकें। लेकिन आपका फोकस सिर्फ ईज़ी टू कैरी पर नहीं होना चाहिए बल्कि ये भी देख लें कि छाते में आप पूरे समा सकें। अगर आपके पास कोई बैग या दूसरी वस्तु हो तो उसे भी भीगने से बचाया जा सके।
4. मजबूत हो
मानसून में बारिश के साथ ही जब तेज हवाएं चलती हैं तो खराब क्वॉलिटी का छाता पलट जाता है और कई बार तो टूट भी जाता है तो ऐसी प्रॉब्लम का सामना आपको न करना पड़े इसके लिए मजबूत छाता खरीदें। थोड़े पैसे ज्यादा लग सकते हैं लेकिन ये काफी समय तक आपका साथ देगा।
5. बच्चों के लिए अलग छाता
बच्चों के लिए अलग छतरी खरीदें। बड़ों का छाता उनके लिए कंफर्टेबल होता है और आजकल तो बच्चों के लिए टोपी की तरह छाते मिलते हैं जिन्हें पकड़ने की जरूरत नहीं होती और ये बारिश से बचाव भी करते हैं।

अगले साल 23 सितंबर से शुरू होंगे एशियन गेम्स

चीन के हांगझू में होने वाले एशियन गेम्स की नई तारीखें आ गई हैं। एशियन गेम्स का आयोजन अगले साल 23 सितंबर से आठ अक्तूबर के बीच होगा। ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।
पहले एथियाई खेलों का आयोजन इसी साल 10 सितंबर से 25 सितंबर के बीच झेजियांग प्रांत की राजधानी हांगझू में आयोजित होना था। यह चीन की आर्थिक राजधानी शंघाई से करीब 175 किलोमीटर दूर है। ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया ने एशियन गेम्स को स्थगित करने के पीछे कोई वजह नहीं बताई थी, लेकिन माना जा रहा है कि चीन में कोरोना के मामले बढ़ने के कारण एशियन गेम्स को स्थगित किया गया।
ओसीए ने कहा- पिछले दो महीनों में टास्क फोर्स ने चीनी ओलंपिक समिति, हांगझू एशियाई खेलों की आयोजन समिति और अन्य हितधारकों के साथ इन खेलों की नई तारीखों पर काफी विचार-विमर्श किया। इस दौरान यह भी ध्यान रखा गया कि इन खेलों का किसी और प्रमुख अंतरराष्ट्रीय खेलों के साथ तारीखें टकराव न हो।
टास्क फोर्स द्वारा चुनी गई तारीखों पर ओसीए के एग्जीक्यूटिव बोर्ड ने भी हामी भर दी है। इसके साथ ही गवर्निंग बॉडी ने चीनी आयोजकों और सरकार को महामारी के दौरान खेलों की तैयारी में कड़ी मेहनत करने और यह खेल अगले साल हो सके, यह सुनिश्चित करने के लिए धन्यवाद दिया।
56 खेलों के लिए तैयार हो चुके थे मैदान
आयोजकों ने बताया था कि चीन के पूर्वी शहर हांगझू, जिसकी आबादी 12 मिलियन (1.2 करोड़) है, वहां 56 खेलों के लिए मैदान तैयार कर लिए गए थे। इन्हीं मैदानों पर एशियन गेम्स और एशियन पैरा गेम्स होना था। हालांकि, अब एक साल बाद चीन को फिर से इन मैदानों को तैयार करना होगा। चीन इससे पहले शीतकालीन ओलंपिक की मेजबानी कर चुका है, जिसमें कोरोना के मामलों को रोकने के लिए कोविड से सुरक्षित बायो बबल बनाया गया था। हालांकि, एशियन गेम्स के मामले में ऐसा नहीं हो पाया।
संशय में थी भारत की भागीदारी
भारत के एशियाई खेलों में भाग लेने पर खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा था कि इस पर फैसला चीन की तरफ से फीडबैक मिलने के बाद ही किया जाएगा। एक कार्यक्रम के दौरान बात करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा था- वहां (चीन) की क्या परिस्थिति है और मेजबान देश स्थिति के बारे में क्या कहता है, यह महत्वपूर्ण है। भाग लेने वाले सभी देश इस पर चर्चा कर रहे हैं और जल्दी ही भारत भी फैसला लेगा, लेकिन उससे पहले मेजबान देश का पक्ष और यह जानना जरूरी है कि उनकी तैयारी कैसी है। अब उम्मीद की जा रही कि अगले साल तक हांगझू में कोरोना का खतरा टल जाएगा और सभी देश अपने खिलाड़ियों को भेज पाएंगे।

बिहार में सरकार को बताकर करनी होगी दूसरी शादी

पटना । बिहार में रहकर अगर दूसरी शादी करने की तैयारी कर रहे हैं तो राज्य सरकार ने आपके लिए नयी गाइडलाइंस जारी की है। यह गाइडलाइंस खासतौर से बिहार सरकार में नौकरी करने वालों के लिए है। नीतीश सरकार ने तय किया है कि सरकारी नौकरी में रहते हुए अगर दूसरी शादी करते हैं तो आपको इसके लिए पहले अपने विभाग में सूचना देनी होगी। अनुमति मिलने के बाद ही आप दूसरी शादी कर सकते हैं। अगर अनुमति नहीं लेते हैं तो वह शादी अवैध मानी जाएगी।
बिहार सरकार की गाइडलाइंस में कहा गया है कि किसी सरकारी कर्मचारी को भले ही पर्सनल लॉ के तहत दूसरी शादी करने की अनुमति मिल गई होगी, लेकिन जब तक सरकार से इजाजत नहीं लेते हैं तब तक उनकी शादी विभाग में मान्य नहीं होगी
क्यों किया गया नियम में बदलाव
सरकार के सूत्रों का कहना है कि हाल के दिनों में दूसरी शादी के संतान को अनुकंपा नौकरी दिलाने के कई मामले सामने आए थे। कई मामलों में फ्रॉड के मामले भी सामने आए थे। इसके बाद सरकार ने तय किया है कि बिहार सरकार के किसी भी कर्मचारी को दूसरी शादी करने से पहले अपने विभाग में सूचित करना होगा। तभी उनकी असामयिक मौत होने पर दूसरी पत्नी से हुए संतान को अनुकंपा पर नौकरी मिल पाएगी।
दूसरी शादी को लेकर बिहार सरकार की नई गाइडलाइंस के मुताबिक जो भी सरकारी सेवा में रहते हुए दूसरी शादी के इच्छुक कर्मचारियों को सरकार को पहले सूचित करना होगा। अगर सरकार से अनुमित लेने के बाद दूसरी शादी करेंगे तभी सेवा में रहते हुए असामयिक मौत पर जीवित पत्नियों या इनके बच्चे को अनुकंपा का फायदा मिलेगा। हालांकि गुजारा पेंशन या अनुकंपा नौकरी देने में पहली पत्नी को ही प्राथमिकता दी जाएगी। इसको लेकर सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागों के प्रमुखों, डीजीपी, अनुमंडलीय आयुक्त, सभी जिलों के अधिकारियों को आदेश जारी किया है।। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि दूसरी शादी करने वाले लोगों को इसका रजिस्ट्रेशन कराना भी अनिवार्य है। इसमें बताया गया है कि दूसरी शादी के बाद अनुकंपा के तहत नौकरी का लाभ तभी मिलेगा, जब उन्होंने सरकार से परमिशन ले रखी हो और विधिसम्मत शादी रचाई हो। इस तरह के मामलों में सरकार के स्तर से तय तमाम नियम-कायदों का पालन करना जरूरी माना जाएगा।
इसमें यह भी कहा गया है कि अगर किसी मामले में एक से ज्यादा शादी वैध हो, तब भी सभी जीवित पत्नियों का अनुकंपा के आधार पर बहाली के लिए आश्रितों की श्रेणी में पहला स्थान ही होगा। इसमें भी पहली पत्नी को ही प्राथमिकी दी जाएगी। अन्य पत्नी जब तक अनापत्ति शपथ-पत्र जमा न करें तब तक उनके बहाली पर विचार नहीं किया जाएगा।

जब जज साहब ने बच्चों की मिसाल देकर काम जल्दी शुरू करने पर दिया जोर

नयी दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट के अगले चीफ जस्टिस बनने जा रहे जज ने स्कूली बच्चों का उदाहरण देते हुए एक बड़ा संदेश दिया है। जस्टिस यूयू ललित ने कहा कि अगर बच्चे सुबह सात बजे स्कूल जा सकते हैं, तो जज और वकील सुबह 9 बजे अपना काम शुरू क्यों नहीं कर सकते? शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट की एक पीठ ने आम दिनों की तुलना में एक घंटा पहले ही काम शुरू कर दिया। यह उन लोगों के लिए नसीहत भी है जो समय से ऑफिस नहीं पहुंचते या निर्धारित समय से पहले काम करने से बचते हैं। जस्टिस यूयू ललित, जस्टिस एस. रविंद्र भट अैर जस्टिस सुधांशु धूलिया की पीठ ने सुबह साढ़े नौ बजे मामलों की सुनवाई शुरू कर दी। हालांकि आमतौर पर यह सुनवाई सुबह साढ़े 10 बजे शुरू होती है।
हमें 9 बजे काम के लिए बैठ जाना चाहिए
जस्टिस ललित अगला चीफ जस्टिस बनने के लिए वरिष्ठता के क्रम में सबसे ऊपर हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरे हिसाब से, हमें आदर्श रूप से सुबह 9 बजे (काम के लिए) बैठ जाना चाहिए। मैंने हमेशा कहा है कि अगर बच्चे सुबह 7 बजे स्कूल जा सकते हैं, तो हम सुबह 9 बजे क्यों नहीं आ सकते।’ जमानत के एक मामले में पेश हुए वरिष्ठ वकील मुकुल रोहतगी ने मामले की सुनवाई समाप्त होने पर, सामान्य समय से पहले बैठने के लिए पीठ की सराहना की। इसके बाद जस्टिस ललित ने यह टिप्पणी की।
जल्दी काम शुरू होगा तो शाम को होगा फायदा
जस्टिस ललित ने कहा, ‘मुझे यह कहना होगा कि अदालतों का काम शुरू करने का उपयुक्त समय सुबह साढ़े नौ बजे है।’ उन्होंने कहा कि अगर अदालतों का काम जल्दी शुरू होता है, तो इससे उनका दिन का काम भी जल्दी समाप्त होगा और जजों को अगले दिन के मामलों की फाइल पढ़ने के लिए शाम को और समय मिल जाएगा। उन्होंने आगे कहा, ‘अदालतें सुबह 9 बजे काम करना शुरू कर सकती हैं और सुबह साढ़े 11 बजे एक घंटे के ब्रेक के साथ दोपहर 2 बजे तक दिन का काम खत्म कर सकती हैं। ऐसा करके जजों को शाम में और काम करने का अधिक समय मिल जाएगा।’
उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था तभी काम कर सकती है, जब केवल नए और ऐसे मामलों की सुनवाई होनी हो, जिनके लिए लंबी सुनवाई की आवश्यकता नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के जज सप्ताह के कामकाजी दिन में सुबह साढ़े 10 बजे से शाम चार बजे तक मामलों की सुनवाई करते हैं। चीफ जस्टिस एन वी रमण 26 अगस्त को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। ललित उनके बाद यह प्रभार संभालेंगे और इस साल आठ नवंबर तक CJI के पद पर रहेंगे।

पीवी सिंधु ने सिंगापुर ओपन जीत रचा इतिहास

सिंगापुर । दो बार की ओलिंपिक पदक विजेता भारत की पीवी सिंधु ने रविवार को महिला एकल फाइनल में चीन की वैंग झी यी को तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में हराकर सिंगापुर ओपन बैडमिंटन सुपर 500 टूर्नामेंट का खिताब जीता। सिंधु ने महत्वपूर्ण लम्हों पर धैर्य बरकरार रखते हुए कड़े मुकाबले में एशियाई चैंपियनशिप की मौजूदा चैंपियन चीन की 22 साल की खिलाड़ी को 21-9, 11-21, 21-15 से हराया।
इस खिताबी जीत से सिंधु का आत्मविश्वास बढ़ेगा जो बर्मिंघम में 28 जुलाई से होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगी। सिंधु का मौजूदा सत्र का यह तीसरा खिताब है। उन्होंने सैयद मोदी अंतरराष्ट्रीय और स्विस ओपन के रूप में दो सुपर 300 टूर्नामेंट जीते।
सिंधु ओलिंपिक में रजत और कांस्य पदक के अलावा विश्व चैंपियनशिप में एक स्वर्ण, दो रजत और दो कांस्य पदक भी जीत चुकी हैं। इससे पहले सिंधु ने सेमीफाइनल में जापान की साएना कावाकामी को हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी।
सिंधु ने 32 मिनट तक चले मैच में 21-15, 21-7 से जीत दर्ज की। सिंधु का जापानी खिलाड़ी के खिलाफ मैच से पहले जीत का रिकॉर्ड 2-0 था और दोनों के बीच अंतिम मुकाबला 2018 चाइना ओपन में खेला गया था।

देश में बेटियों को गोद लेने वाले बढ़े मगर वजह सोचने वाली भी है

नयी दिल्ली । देश में पिछले कुछ सालों में बच्चा गोद लेने के ट्रेंड में बदलाव देखने को मिल रहा है। अप्रैल 2021 और मार्च 2022 के बीच देश में गोद लिए गए 2,991 बच्चों में से 1,698 लड़कियां थीं। सेंट्रल एडॉप्टेशन रिसोर्स अथॉरिटी (कारा) की वेबसाइट पर अपलोड किए गए डेटा से इसकी पुष्टि होती है। सीएआरए के 2013-14 के आंकड़ों पर करीब से नज़र डालने से पुष्टि होती है कि भारत में लड़कों की तुलना में लड़कियों को गोद लेने के की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है। वेबसाइट के आंकड़े यह दर्शाते हैं कि कपल स्वेच्छा से लड़कों की तुलना में लड़कियों को अधिक गोद ले रहे हैं। यह इस फैक्ट को दर्शाता है कि देश में लड़कियों को लेकर देश की मानसिकता में बदलाव आ रहा है। इसके बावजूद एक फैक्ट यह भी है कि गोद लेने वालों में लड़कों की तुलना में लड़कियां अधिक उपलब्ध है। ऐसा जन्म के बाद लड़कियों को अधिक छोड़े जाना भी वजह है। इसके अलावा गोद के लिए उपलब्ध बच्चों की तुलना में गोद लेने वाले लोगों की संख्या अधिक है। इस लिहाज से यह अच्छी खबर नहीं है।
जन्म के बाद लड़कियों अधिक छोड़ रहे लोग
हालांकि, यह इस तथ्य को भी ध्यान में लाता है कि लड़कों की तुलना में जन्म के बाद लोग अधिक संख्या में लड़कियां को छोड़ दे रहे हैं। शायद यह भी एक वजह है कि गोद लेने वालों बच्चों की संख्या में लड़कियां अधिक उपलब्ध होती और गोद भी ली जाती हैं। हालांकि, पिछले 8 से 10 साल में लड़कियों को अधिक गोद लेना लोगों के बदलते माइंडसेट का नतीजा है। समय के साथ यह मजबूत भी होता जा रहा है। CARA के पास उपलब्ध डेटा इस फैक्ट की ओर भी ध्यान आकर्षित करता है कि गोद लेने के पूल में उपलब्ध बच्चों की संख्या हजारों उत्सुक भावी दत्तक माता-पिता (पीएपीएस) की मांग से कम है। यह भी एक वजह हो सकती है कि गोद लेने वाले भावी माता-पिता बच्चों के जेंडर को लेकर ज्यादा जोर नहीं दे रहे हों।
लड़कों की मांग अधिक नहीं
टाइम्स ऑफ इंडिया को विश्वसनीय सूत्रों से पता चला है कि बच्चा गोद लेने वाले आवेदक भावी माता-पिता पसंद के कॉलम एक महत्वपूर्ण प्रतिशत बताता है कि वे लड़की या लड़का को गोद लेने के इच्छुक हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि जो लोग किसी लड़की या लड़के को वरीयता देते हैं, उनमें लड़कियों की तुलना में लड़कों की अधिक मांग नहीं दिखती। सूत्रों ने कहा कि यह ट्रेंड पिछले कुछ वर्षों में मजबूत हुआ है। इसे बेटे की पसंद की मानसिकता का मुकाबला करने के लिए एक पॉजिटिव इंडिकेटर के रूप में देखा जाता है।
गोद लेने के लिए सिर्फ 2211 बच्चे ही उपलब्ध
इस बीच, यह फैक्ट है कि 2021-22 में केवल 2,991 बच्चे गोद लिए गए थे। यह इस बात की पुष्टि करता है कि गोद लेने वाले पूल में उपलब्ध बच्चों की संख्या कम है। सूत्रों ने कहा कि महामारी की वजह से गोद लेने की प्रक्रियाओं धीमी हुई है। हालांकि, गोद लिए जाने वाले बच्चों की संख्या बदलती रहतीहैं। इसकी वजह है कि बच्चे पूल में आते रहते हैं और गोद लिए जाते हैं। टीओआई के पास मौजूद लेटेस्ट डेटा से पता चलता है कि विशेष गोद लेने वाली एजेंसियों में 6,800 से अधिक बच्चे दर्ज हैं। इस सप्ताह तक उन्हें गोद लेने के लिए स्वतंत्र घोषित करने की नियत प्रक्रिया पूरी होने के बाद कारा के पास लगभग 2,211 बच्चे गोद लेने के लिए उपलब्ध हैं।

बेन स्टोक्स ने वनडे क्रिकेट को कहा अलविदा

लंदन । इग्लैंड के स्टार आलराउंडर बेन स्टोक्स ने सभी को हैरान करते हुए सोमवार को एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की। यह 31 वर्षीय खिलाड़ी मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ डरहम के अपने घरेलू मैदान पर अपना अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेलेगा। स्टोक्स के एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय करियर को लार्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2019 विश्व कप फाइनल में उनके ‘प्लेयर आफ द मैच’ प्रदर्शन के लिए याद किया जाएगा।
उनके नाबाद 84 रन की मदद से इंग्लैंड की टीम अपना पहला 50 ओवर का विश्व खिताब जीतने में सफल रही थी। इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान स्टोक्स ने 104 एकदिवसीय मुकाबलों में 2919 रन बनाने के अलावा 74 विकेट भी चटकाए।
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के बयान में स्टोक्स के हवाले से कहा गया, ‘मैं मंगलवार को डरहम में इंग्लैंड के लिए अपना अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेलूंगा। मैंने इस प्रारूप से संन्यास लेने का फैसला किया है।’
उन्होंने कहा, ‘यह बेहद मुश्किल फैसला था। मैंने अपने साथियों के साथ इंग्लैंड की ओर से खेलने के प्रत्येक लम्हे का लुत्फ उठाया। हमारा सफर शानदार रहा।’ बेन स्टोक्स वह शख्स हैं, जिन्होंने वनडे चैंपियन बनाकर इंग्लैंड को क्रिकेट में वह सम्मान दिलाया, जो इंग्लिश इतिहास में कोई भी खिलाड़ी नहीं कर सका था।

गायक भूपिन्दर सिंह का निधन

मुम्बई । दमदार आवाज के गायक भूपिंदर सिंह (6 फरवरी 1940 – 18 जुलाई 2022) हमारे बीच नहीं रहे। 10 दिन पहले अस्पताल में भर्ती होने के बाद हृदयगति रुक जाने से उनका निधन हो गया। ‘करोगे याद तो हर बात याद आएगी’ और ‘कभी किसी को मुकम्मल जहां नहीं मिलता…’ जैसे बेहतरीन गानों ने उन्हें एक खास मुकाम दिलवाया।
भूपिंदर का जन्म पंजाब के अमृतसर में 6 फरवरी, 1940 को हुआ था। उनके पिता प्रोफेसर नत्था सिंह खुद अच्छे संगीतकार थे। ‘दिल ढूंढता है फिर वही फुरसत के रात दिन’ से उन्हें शोहरत मिली। भूपिंदर सिंह का मोहम्मद रफी, तलत महमूद और मन्ना डे के साथ गाया गीत ‘होके मजबूर मुझे, उसने बुलाया होगा’ बेहद लोकप्रिय हुआ था। उनके लोकप्रिय गीतों में दुनिया छूटे यार ना छूटे, थोड़ी सी जमीन थोड़ा आसमान, दिल ढूंढ़ता है, नाम गुम जाएगा जैसे कई गाने शामिल हैं।
यही नहीं उन्होंने अपनी पत्नी मिताली सिंह के साथ दो दीवाने शहर में, कभी किसी को मुकम्मल जहां, एक अकेला इस शहर में जैसे कई हिट गाने भी गाए। उन्होंने सत्ते पे सत्ता, आहिस्ता-आहिस्ता, दूरियां, हकीकत और कई अन्य फिल्मों के यादगार गानों के लिए भी भूपिंदर को खूब याद किया जाता है।
दिल तक पहुंचने वाली आवाज : गुलजार
दिग्गज लेखक और फिल्मकार गुलजार भूपिंदर की आवाज के मुरीद रहे। उनके बारे में गुलजार ने एक बार कहा था, भूपिंदर की आवाज किसी पहाड़ी से टकराने वाली बारिश की बूंदों की तरह है। उनकी मखमली आवाज आत्मा तक सीधे पहुंचती है। भूपिंदर सिंह ने 1980 के दशक में बांग्लादेश की गायिका मिताली मुखर्जी से शादी की थी। एक कार्यक्रम में उन्होंने मिताली को गाते सुना था। उसके बाद दोनों की मुलाकात प्यार में बदल गई। मिताली-भूपिंदर ने एक साथ सैकड़ों लाइव शो किए। उनका एक बेटा निहाल भी संगीतकार है।
मदन मोहन ने मुंबई बुलाया
अपने पिता की सख्त मिजाजी के कारण शुरुआती दौर में भूपिंदर को संगीत से नफरत हो गई थी। लेकिन उनकी आवाज का जादू ज्यादा देर तक इस चिढ़ का बंधक न रह पाया और उनके सुरीले सफर का सिलसिला तेजी से शुरू हो गया। सबसे पहले उनकी गजलें आकाशवाणी में चलीं, इसके बाद दिल्ली दूरदर्शन में अवसर मिला। 1968 में संगीतकार मदन मोहन ने ऑल इंडिया रेडियो पर उनका कार्यक्रम सुनकर उन्हें मुंबई बुला लिया था।