Wednesday, July 8, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 196

गणतंत्र दिवस पर प्रदर्शित होगी ‘गांधी गोडसे, एक युद्ध’ 

कोलकाता । राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित बहुचर्चित फिल्म ‘गांधी गोडसे, एक युद्ध’ के ट्रेलर इन दिनों एक तरफ आम जनता तो दूसरी तरफ आलोचकों के बीच जबरदस्त चर्चा का विषय बना हुआ है। नाथूराम गोडसे और महात्मा गांधी के एक-दूसरे के आमने-सामने होने पर आधारित इस फिल्म की अनोखी सोच ने पूरे देश में कई सारी चर्चाओं को जन्म दे दिया है। यह फिल्म राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित है। इस गणतंत्र दिवस पर दर्शक अपने इलाके के प्रसिद्ध सिनेमाघरों में इस फिल्म को देखकर पूरी कहानी का लुत्फ उठा सकेंगे।

फिल्म की कहानी महात्मा गांधीजी पर नाथूराम गोडसे के हमले से बचे रहने और उनके साथ आमने-सामने आने पर दोनों की बेहद विपरीत विचारधाराओं पर चर्चा और ‘विचारों के युद्ध’ की कल्पना को दर्शाती है। इस फिल्म में नाथूराम गोडसे की भूमिका चिन्मय मंडलेकर ने और महात्मा गांधी की भूमिका दीपक अंतानी ने निभाई है।

फिल्म के निर्देशक राजकुमार संतोषी ने फिल्म के बारे में बात करते हुए कहा, “यह मेरे 9 साल बाद इस इंडस्ट्री में वापस आने के बारे में नहीं बल्कि यह फिल्म यह दर्शाएगा कि मैं 9 साल के बाद इस इंडस्ट्री में अपने दर्शकों और प्रशंसकों के लिए क्या ला रहा हूं। किसी भी फिल्म को बनाने से पहले, मैं हमेशा सबसे पहले खुद से यह पूछता हूं कि मेरी फिल्म में दर्शकों के लिए नया क्या होगा और इससे फिल्म प्रेमियों को क्या फर्क पड़ेगा। इसका सटीक जवाब मिलने के बाद ही मैं इसे शुरू करता हूं। ‘गांधी गोडसे एक युद्ध: मेरे लिए बहुत ही महत्वपूर्ण फिल्म है, मुझे उम्मीद है, कि दर्शक इस फिल्म में कई सारी रोचक जानकारी और इसमें दिखाई गई यह रखनेवाली कहानी को देखेंगे और कुछ पल के लिए इसे लेकर सोचने पर मजबूर होंगे।

अभिनेता चिन्मय मंडलेकर ने कहा, ‘राजकुमार संतोषी और दीपक अंतानी के साथ जुड़ना मेरे लिए खुशी की बात है। नाथूराम गोडसे का किरदार निभाना मेरे लिए बेहद मुश्किल था, क्योंकि यह एक नेगेटिव किरदार था। मेरा हमेशा से यह मानना रहा है, कि जब दर्शक मेरे द्वारा निभाए गए इस किरदार को बखूबी समझने लगे, तभी सच में मैं मानूंगा कि मैंने अपना काम अच्छी तरह से किया है।’
अभिनेता दीपक अंतानी ने कहा, मैंने हमेशा अबतक यह प्रार्थना की थी कि, एक महान निर्देशक गांधीजी पर एक फिल्म बनाएं और मुझे कास्ट करें। ‘मैं गांधी गोडसे एक युद्ध’ फिल्म के साथ अपने उस सपने को सच होता देख रहा हूँ। इस फिल्म के जरिए उनसे मैंने अभिनय, निर्देशन और यह भी सीखा है कि एक बेहतर इंसान कैसे बनें। मैं इस फिल्म का हिस्सा बनकर बन काफी खुश हूं। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को और सभी के अभिनय को काफी ज्यादा पसंद करेंगे।
इस फिल्म में पवन चोपड़ा, अनुज सैनी और तनीषा संतोषी ने भी प्रमुख भूमिकाओं को सफलतापूर्वक निभाया हैं।
संतोषी प्रोडक्शंस एलएलपी और पीवीआर पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत, राजकुमार संतोषी द्वारा निर्देशित, एआर रहमान के संगीत और मनीला संतोषी द्वारा निर्मित यह फिल्म 26 जनवरी 2023 को सिनेमाघरों में दर्शकों के लिए रिलीज हो रही है।

महिला क्लब “द फेयरिस – स्प्रेड योर विंग्स एंड फ्लाई ” आरम्भ

कोलकाता । महिला क्लब “द फेयरिस – स्प्रेड योर विंग्स एंड फ्लाई’ की यात्रा आरम्भ हो गयी है । यह क्लब एक दूसरे के साथ खड़े होने और खुशियां मनाने के लिए एक साथ आने वाली महिलाओं का एक अनूठा क्लब है। इस भव्य आयोजन में ‘द फेयरिस’ क्लब का उद्घाटन मशहूर बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान ने किया।
इस मौके पर विधाननगर की पार्षद तुलसी सिन्हा रॉय , टेक्नो इंडिया ग्रुप की सह अध्यक्ष मनोशी रॉय अतिथि के रूप में मौजूद थी। गोल्डन ट्यूलिप होटल के निदेशक आशीष मित्तल ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि, “महिलाओं के बीच खुशी और एकता फैलाने के उद्देश्य से ‘द फेयरिस’ क्लब की स्थापना की गई है”। एक महिला होने के नाते काम के व्यस्ततम जीवन और घर के बीच संतुलन बनाए रखना एक महिला के लिए काफी मुश्किल हो जाता है। इसके बावजूद महिलाएं इस मानसिक दबाव को संतुलित कर अपने जीवन में जो कुछ भी चाहती हैं, उसे सफलता पूर्वक प्राप्त कर रही हैं। द फेयरिस क्लब 11 स्तंभों से बना है – जिनमे अंजू बेरिया, अनु शर्मा, बबीता एन अग्रवाल, बनिता अग्रवाल, बिल्किस परवीन चटर्जी, मोनिका झुनझुनवाला, रिंकू माधोगढ़िया, संगीता भुवालका, शालिनी मित्तल, विनीता मजीठिया और विनीता सराफ इन स्तंभ टीम में शामिल हैं। इस समूह का प्राथमिक मिशन हर महिला की ताकत को पहचानना और सभी क्षेत्रों में उसकी वकालत करना है। यह क्लब सामाजिक, सांस्कृतिक, धर्मार्थ आदि विभिन्न गतिविधियों पर काम करेगा।

 

कवि, गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर से मिले भवानीपुर कॉलेज के विद्यार्थी

कोलकाता । कोलकाता लिटरेरी मीट 23 का आयोजन बिरला ललित अकादमी में हुआ जहां प्रसिद्ध कवि गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर और नसरीन मुन्नी कबीर ने अपने वक्तव्य रखे। इस कार्यक्रम का संचालन किया संगीता दत्त ने । 23 जनवरी की शाम, छात्रों और शिक्षकों ने जावेद अख्तर के कविता और चर्चा के एक उदार सत्र में भाग लिया।
प्रसिद्ध कवि/गीतकार/पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने शबाना आजमी के साथ बिरला ललित कला अकादमी के लॉन में अपने ज्ञान, हास्य और जादुई शब्दों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।डॉ वसुंधरा मिश्र ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि जावेद जी और शबाना जी दोनों को भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी कॉलेज लोगो के साथ मोमेंटो भेंट किया गया। बुक रिडिंग सेशन के छात्रों ने बड़े उत्साह के साथ बातचीत की और सेलिब्रिटी लेखक/कवि से लगभग 4-5 प्रश्न पूछे जिनका उत्तर जावेद जी ने दिया। प्रोफेसर चंपा श्रीनिवासन, डॉ. वसुंधरा मिश्र के सहयोग से इस कार्यक्रम की पहल की गई । प्रो दिलीप शाह के मार्गदर्शन में डॉ वसुंधरा मिश्र और हर्षित चोखानी और सोलह विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में भाग लिया।

दो बहनें

अंकिता साव

बहुत समय पहले एक गांव था उसमें एक अविनाश नाम का एक आदमी भी रहता था उसकी शादी रिधिमा नाम की लड़की से हुई थी। कुछ साल बाद उनको जुड़वा बेटियां हुई उन्होंने एक का नाम जानवी और दूसरे का नाम मानवी रखा । बड़े होने के बाद उन दोनों का स्वभाव एक दूसरे से बिल्कुल अलग था जानवी एक सीधी-सादी लड़की थी । उसका स्वभाव सबके साथ अच्छा रहता था पर मानवी का स्वभाव सबके साथ बुरा रहता वह हमेशा सबके साथ चिड़चिड़ेपन से व्यवहार करती थी । यह बात उसके माता-पिता को अच्छी नहीं लगती थी उन्होंने उसको कई बार समझाया पर मानवी के कानों पर जूं नहीं रेंगती । वह सोचती थी कि उसके माता पिता जानवी से अधिक प्यार करते हैं । एक दिन रिद्धिमा उन दोनों के लिए कपड़े खरीद लायी । उसने जानवी को लाल रंग का एक सूट दिया और मानवी को नीले रंग का सूट दिया पर मानवी को जानवी का कपड़ा अच्छा लगा और उसने इस पर अपनी मां से कहा ” आप हमेशा जानवी को अच्छी चीजें देती और मुझे बेकार सी चीज देती है”। इस पर जानवी ने कहा कि ” नहीं ऐसा मत करो, वह मां है वह कभी ऐसा नहीं कर सकती ।अगर तुम्हें यह अच्छा लगा तुम यह ले लो पर ऐसा मत कहो”। इस पर फिर से मानवी ने कहा “तुम चुप रहो मैंने तुमसे बात नहीं की है” फिर इस पर रिधिमा कहती है ” तुम दोनों अपना यह झगड़ा बंद करो और अपने कमरे में जाओ”। अगले दिन उनके विश्वविद्यालय मे एक सूचना पत्र लगा रहता है जिसमें लिखा रहता है कि विश्वविद्यालय की तरफ से सभी छात्रों को दार्जिलिंग का ले जाया जाएगा । इसे देखकर वह दोनों अत्यंत खुश थी। अगले दिन वह दोनों दार्जिलिंग जाने के लिए अपना सामान बांध रही थी पर मानवी जानवी से पहले घर से निकल जाती है और विश्वविद्यालय जल्दी पहुंच जाती है थोड़ी देर बाद जानवी भी वहां पहुंच जाती है। फिर वह दोनों दार्जिलिंग के लिए निकल जाती है कुछ घंटों बाद वह लोग दार्जिलिंग पहुंच जाते हैं और सभी अपना तंबू लगाते हैं फिर आराम करने के लिए चले जाते हैं। थोड़ी देर बाद जानवी दार्जिलिंग घूमने के लिए निकलती है मानवी उसके पीछे यह सोच कर जाती है कि वह जानवी को पहाड़ों से धक्का दे देगी वहां पर बहुत ही फिसलन थी जिसकी वजह से वह फिसल कर गिर जाती है और एक पेड़ की डाल पर लटक जाती है। फिर वह जोर जोर से चिल्लाती है बचाओ बचाओ यहां कोई है तभी जानवी आती है उसे ऊपर की तरफ से लेकर आती है मानवी ऊपर आकर उससे अपने व्यवहार के लिए क्षमा मांगती है और कहती है कि तुम इतनी अच्छी और मुझे क्यों बचाया । इस पर जानवी कहती है कि तुम मेरी बहन हो और तुम्हें बचाना मेरा फर्ज है इस पर मानवी उसे अपने गले लगाकर फिर से क्षमा मांगती है फिर कुछ दिनों बाद वह दोनों दार्जिलिंग घूमकर अपने घर के लिए निकलते हैं ।दोनों अपने घर खुशी-खुशी जाते हैं यह देखकर उनके माता-पिता भी खुश हो जाते हैं।

शिक्षा- हमें किसी से भी इतनी नफरत नहीं करनी चाहिए कि जिसकी वजह से हमें उसके सामने शर्मिंदा होना पड़े।

कक्षा -६ वर्ग – अ
विद्यालय – सेठ सूरजमल जालान बालिका विद्यालय

एसोचैम का द एडू मीट एंड एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड्स 23 प्रो दिलीप शाह को

कोलकाता ।  भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी कॉलेज के डीन प्रो दिलीप शाह को द एडू मीट एंड एडूकेशन एक्सीलेंस अवार्ड्स 23 प्रदान किया गया जो कॉलेज के लिए गौरव की बात है। 2023एसोसिएटेड चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ऑफ इंडिया (एसोचैम) ने अट्ठारह जनवरी को कोलकाता के होटल हिंदुस्तान इंटरनेशनल के फीनिक्स हॉल में द एडू मीट एंड एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड्स 2023 के अपने छठवें संस्करण का आयोजन किया। यह कार्यक्रम औपचारिक रूप से सुबह साढ़े दस बजे से आरंभ हुआ जिसमें मुख्य अतिथि, डॉ. राजकुमार रंजन सिंह, माननीय शिक्षा और विदेश राज्य मंत्री, भारत सरकार के वक्तव्य द्वारा हुआ , जिन्होंने अपने विचारोत्तेजक भाषण में गोद लेने की बढ़ती आवश्यकता पर प्रकाश डाला। शिक्षा में प्रौद्योगिकी पर भी विचार व्यक्त किया।
एडू मीट की शुरुआत माननीय मंत्री द्वारा की गई, जिन्होंने मंच पर सभी गणमान्य व्यक्तियों की साझा उपस्थिति में दीप जलाकर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। स्वागत भाषण के बाद उद्घाटन समारोह में भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज के छात्र मामलों के डीन प्रो दिलीप शाह ने अपने संबोधन में कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया, जिसमें उन तरीकों पर प्रकाश डाला गया, जिसमें हम (भवानीपुर कॉलेज) उद्योग शिक्षा लिंकेज के साथ आगे बढ़े हैं, जिससे उच्च शिक्षा अधिक प्रासंगिक है और इस प्रकार वर्तमान समय में अधिक प्रभावी है।
विशिष्ट अतिथि प्रो. (डॉ.भारत सरकार के राष्ट्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी मंच के अध्यक्ष अनिल सहस्रबुद्धे ने उच्च शिक्षा क्षेत्र में पहल करने के लिए सरकार द्वारा किए गए गंभीर प्रयासों के बारे में बात की। अपने संबोधन के बाद अतिथि ने एसोचैम नॉलेज रिपोर्ट का विमोचन किया, जो “आगे का रास्ता – शिक्षा क्षेत्र की बदलती गतिशीलता” की बात करती है। इसके बाद मुख्य अतिथि डाॅ राजकुमार रंजन सिंह ने जहांँ द भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी कॉलेज, जिसका प्रतिनिधित्व प्रो दिलीप शाह, डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स द्वारा किया जा रहा था, को ‘बेस्ट इंस्टीट्यूट फॉर प्रमोशन इंडस्ट्री एकेडेमिया लिंकेज’ की ट्रॉफी से सम्मानित किया गया।इस कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया और 3 तकनीकी सत्रों में भाग लिया, जिसमें प्लेनरी के तहत प्रो शाह ने ‘भारत में उच्च शिक्षा प्रणाली: वैश्विक प्रतिस्पर्धा की ओर बढ़ते हुए, विश्वविद्यालयों में प्रौद्योगिकी नवाचार हब, अकादमिक भागीदारी’ पर सत्र का संचालन किया, जिसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के वक्ताओं की मेजबानी देखी गई, जिनमें प्रो. बिस्वजीत घोष, वीसी, द नियोटिया विश्वविद्यालय के डॉ दीपंकर भट्टाचार्य, प्रो-वाइस चांसलर (रिसर्च एंड इनोवेशन), आडमस यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर (डॉ) सत्यजीत चक्रवर्ती, चांसलर, इंजीनियरिंग और प्रबंधन विश्वविद्यालय और श्री रणबीर रे, ग्रुप असिस्टेंट निदेशक, एनआईपीएस हॉस्पिटैलिटी ग्रुप की उपस्थिति रही । डॉ वसुंधरा मिश्र ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए तीसरे पूर्ण सत्र के बाद कार्यक्रम का समापन हुआ। एसोचैम पुरस्कार समारोह प्रो. (डॉ.) सहस्रबुद्धे की उपस्थिति में हुआ जिन्होंने एडू मीट शहर के विभिन्न शिक्षाविदों की उपस्थिति में एसोचैम द्वारा किया। कार्यक्रम का समापन औपचारिक धन्यवाद के साथ संपन्न हुआ।

कोरोना काल में जमा स्‍कूल फीस का 15 प्रतिशत हो माफ – इलाहाबाद हाईकोर्ट 

प्रयागराज । इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सोमवार को एक बडे़ फैसले में कहा है कि कोरोना काल में बच्चों से ली गई स्‍कूल फीस का 15 फीसदी माफ होगा। कोर्ट का यह फैसला कोरोना के बाद से आर्थिक तंगी से जूझ रहे अभिभावकों के लिए बड़ी राहत की होगी। हाईकोर्ट का यह आदेश राज्‍य के सभी स्‍कूलों पर लागू होगा। उन्‍होंने साल 2020-21 में जो फीस ली होगी उसमें से 15 पर्सेंट माफ करना होगा। कोर्ट ने माफ की गई इस फीस को अगले सेशन में एडजस्‍ट करने या फीस वापस लौटाने के लिए स्‍कूलों को दो महीने का समय दिया है।
यह फैसला चीफ जस्टिस राजेश बिंदल और जस्टिस जेजे मुनीर की बेंच ने दिया। यह आदेश बच्‍चों के अभिभावकों की याचिका पर दिया गया। इस याचिका पर 6 जनवरी को सुनवाई हुई। बच्‍चों के अभिभावकों ने दलील दी थी कि साल 2020-21 में कोरोना की वजह से लॉकडाउन लगा था। इस दौरान स्‍कूल बंद रहे और बच्‍चों की केवल ऑनलाइन पढ़ाई ही हुई है। चूंकि बच्‍चे स्‍कूल गए नहीं इसलिए उन्‍हें स्‍कूलों में मिलने वाली सुविधाएं भी नहीं मिलीं। पर इसके बाद भी स्‍कूल हर महीने पूरी फीस ही वसूलते रहे।
‘केवल ऑनलाइन पढ़ाई हुई’
बच्‍चों के माता-पिता ने कहा था कि स्‍कूलों ने केवल ऑन लाइन पढ़ाई ही करवाई है कोई दूसरी सुविधा नहीं दी। इसलिए ट्यूशन फीस के अलावा एक भी रुपया लेना उचित नहीं है। याचिका दायर करने वालों ने इंडियन स्‍कूल जोधपुर बनाम राजस्‍थान सरकार के मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला दिया। इसी फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि बिना सुविधाएं दिए फीस लेना मुनाफाखोरी और शिक्षा के व्‍यावसायीकरण करने जैसा है।
इस तरह मिलेगी फीस
अब सवाल यह उठता है तो यह फीस कैसे माफ होगी या अभिभावकों को कैसे वापस मिलेगी। इसके लिए हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि साल 2020-21 में स्‍कूलों ने जितनी फीस ली होगी उसका 15 प्रतिशत अगले सेशन में एडजस्‍ट किया जाएगा। यहां यह भी सवाल उठता है कि अगर बच्‍चे ने स्‍कूल बदल दिया हो तो उस स्थिति में क्‍या होगा। इसके जवाब में हाईकोर्ट ने कहा है कि जो बच्‍चे स्‍कूल छोड़कर जा चुके हैं उनको 2020-21 में वसूली गई फीस का 15 प्रतिशत वापस करना होगा। कोर्ट ने माफ की गई इस फीस को अगले सेशन में एडजस्‍ट करने या फीस वापस लौटाने के लिए स्‍कूलों को दो महीने का समय दिया है।

25 साल की हुई देश की पहली स्वदेशी हैचबैक कार ‘इंडिका’

नयी दिल्ली । भारतीय कारोबार जगत के भीष्म पितामह कहे जाने वाले रतन टाटा कितने इमोशनल हैं ये हम सब जानते हैं। टाटा को बुलंदियों पर पहुंचाने वाले रतन टाटा ने अपनी ड्रीम कार के लिए एक बार फिर से इमोशनल पोस्ट लिखा है। टाटा की ये ड्रीम कार 25 साल की हो गई। है इंडिका (Indica) कार के 25 साल पूरे होने पर रतन टाटा ने अपने दिल की बात लिखी। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए लिखा तुम मेरे दिल के बेहद करीब हो।
रतन टाटा ने लिखी दिल की बात
टाटा इंडिका कार के 25 साल पूरे हो गए हैं। ये कार रतन टाटा के दिल के बेहद करीब है। उन्होंने इस कार के लॉन्च के दिनों को याद करते हुए कहा कि यह कार उनके दिल के बेहद पास है। उसके लिए उनके दिल में खास जगह हैं। रतन टाटा ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर पोस्ट लिखा। इस कार के साथ अपनी एक फोटो भी शेयर की। उन्होंने टाटा इंडिका के लॉन्च के दिनों को याद करते हुए कहा कि 25 साल पहले भारत की पहली स्वदेशी कार का जन्म हुआ था। आज भी यह कार मेरे लिए अच्छी यादों का खजाना है। मेरे दिल में इस कार के लिए खास जगह है। रतन टाटा के इस पोस्ट को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। 29 लाख से ज्यादा लोगों ने लाइक्स किया है। इससे पहले रतन टाटा ने अपने भाई जिमी टाटा के साथ अपने बचपन की फोटो शेयर की थी।
देश की पहली स्वदेशी हैचबैक कार
टाटा की इंडिका कार देश की पहली इंडियन हैचबैक कार थी। टाटा के पैसेंजर व्हीकल्स सेक्शन में इंडिया सबसे पॉपुलर कार रही। साल 1998 में टाटा ने इस कार को पूरी स्वदेशी कार बताते हुए लॉन्च किया। लंबे अरसे तक इस कार ने खूब धूम मचाई है। 5 सीटर ये कार मिडिल क्लास के बीच खूब पॉपुलर हुई। रतन टाटा हमेशा से ऐसी कार बनाना चाहते थे, जो आम लोगों तक पहुंच सके। टाटा की पहचान ट्रांसपोर्ट व्हीकल्स, जैसे ट्रक, बस बनाने वाली कंपनी के तौर पर होती थी। साल 1991 में जब उन्होंने टाटा की कमान संभाली तो उन्होंने पैसेंजर व्हीकल्स पर जोर दिया। 30 सितंबर क1998 को उन्होंने पूरी तरह से स्वदेशी पैसेंजप कार टाटा इंडिका लॉन्च कर दी। आपको जानकर हैरानी होगी एक हफ्ते के भीतर ही 1.15 लाख कारों की बुकिंग हो गई। इंडिका की लोकप्रियता इतनी बढ़ी कि लगातार दो सालों तक वो कार अपने सेगमेंट में नंबर 1 पर बनी रही।

सम्राट ललितादित्य….चीन तक विस्तृत था जिनका साम्राज्य

भारत में ऐसे कई राजा-महाराजा रहे हैं जिन्होंने दुश्मनों के छक्के छुड़ाए और एक ऐसे राज्य की स्थापना की जिसकी चर्चा किए बिना इतिहास पूरा नहीं हो पाएगा। ऐसे ही कश्मीर के एक राजा थे ललितादित्य मुक्तपीड़ । लेकिन इतिहास में इस राजा का उतना जिक्र नहीं मिलता है जितना इनके समकालीन या बाद के राजाओं का। ललितादित्य ने कश्मीर में 724 से 760 ईस्वी तक राज किया था। इस राजा के शासनकाल में जिसने भी कश्मीर की तरफ आंख उठाने की कोशिश की उसे करारा जवाब मिला। इनके शासनकाल में कश्मीर का राज विदेशों तक फैला था। आज एनबीटी सुपर ह्यूमन सीरीज में हम आपको इस महान राजा के बारे में जानकारी देंगे।
कार्कोट राजवंश के राजा ललितादित्य ने अपने करीब 37 साल के राज में कश्मीर के राज को मध्य एशिया से लेकर गंगा के मैदानी इलाके तक फैला चुके थे। उन्हें कश्मीरी इतिहास का सिंकदर भी कहा जाता है। उन्होंने अपने शासनकाल के दौरान तुर्क, तिब्बत और बाल्टिस्तान तक विजय हासिल की थी। कश्मीरी इतिहास पर लिखी संस्कृत पुस्तक ‘राजतरंगिणी’ में ललितादित्य के शासनकाल का जिक्र मिलता है। इस पुस्तक में कश्मीर के इस महान राजा के बारे में विस्तार से जानकारी मिलती है।
कार्कोट राजवंश की स्थापना 625 ई में राजा दुर्लभवर्धन ने की थी। ललितादित्य इनके पौत्र थे। आठवीं शताब्दी में भारत कई छोटे-छोटे राज्यों में विभाजित था। सभी राज्य एक-दूसरे से लड़ते रहते थे। ऐसी स्थिति में ललितादित्य के लिए अपने राज्य का विस्तार करने के लिए सुनहरा मौका था। उन्होंने इसे पूरा भी किया और तुर्क से लेकर गंगा के मैदानी इलाके तक उन्होंने कश्मीर का राज स्थापित किया।
कहा जाता है कि राजा ललितादित्य ने अपनी सेना में चीन के किराए के सैनिक और रणनीतिकारों की भी भर्ती की थी। ऐसा भी कहा जाता है कि ललितादित्य की सेना में कई तुर्क भी शामिल रहे थे। अपनी इसी क्षमता और ताकतवर सेना के बल पर उन्होंने दुनिया में एक महान राज की स्थापना की। उनका पहला आक्रमण और जीत राजा यशोवर्मन के खिलाफ थी। ललितादित्य के सामने यशोवर्मन ने समर्पण कर दिया और उनके साथ शांति समझौता किया। इस जीत के बाद यमुना और कलिका के बीच की भूमि कश्मीर राज में आ गई। ऐसे ही ललितादित्य ने कई बड़े राज्यों पर जीत दर्ज की। कहा जाता है कि उन्होंने सिल्क रूट के कुछ हिस्सों पर भी जीत हासिल की थी। माना जाता है कि तुर्फान और कुचान शहरों पर कब्जा किया था, जो आज के चीन का हिस्सा हैं। तिब्बत पर ललितादित्य ने जीत दर्ज की थी।
सम्राट ललितादित्य ने अपने शासनकाल में कई शहरों का निर्माण किया था। उन्होंने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पानी पहुंचाने के लिए कई नहरों का भी निर्माण किया था। यही नहीं, ललितादित्य काफी धार्मिक भी रहे थे। उन्होंने लगभग हर शहर में देवी-देवातओं के मंदिरों का निर्माण किया था। उन्होंने विष्णु, शिव, सूर्य और बुद्ध की मूर्तियां स्थापित की थी।
ललितादित्य ने मार्तंड सूर्य मंदिर का भी निर्माण किया था। हालांकि, ललितादित्य के समय के बनाए गए कोई भी मंदिर या मूर्ति अब मौजूद नहीं हैं। पर मर्तांड मंदिर के अवशेष आज भी मौजूद है। इस मंदिर के अवशेष को देखकर पता चल जाता है कि ललितादित्य कितने कला प्रेमी रहे होंगे।
ललितादित्य ने अपना ज्यादातर वक्त सैन्य अभियानों में ही बिताया। अपने राज में बेहतर शासन व्यवस्था के लिए उन्होंने अपने बड़े पुत्र कुवल्यापीड़ को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। ललितादित्य के निधन को लेकर अलग-अलग बातें कहानियां प्रचलित हैं। कुछ रिपोर्ट में कहा जाता है कि बर्फबारी के कारण ललितादित्य का निधन हुआ जबकि एक अन्य रिपोर्ट में दावा किया जाता है कि वह एक महान सम्राट के तौर पर मरना चाहते थे और उन्होंने खुद को आग के हवाले कर दिया था।

अंग्रेजों के छक्के छुड़ाने वाली महान स्वतंत्रता सेनानी महारानी वेलू नचियार

भारतीय आजादी की लड़ाई में देश की महिलाएं और पुरुष बराबर भागीदारी के साथ मैदान में अंग्रेजों के छक्के छुड़ाए थे। अंग्रेज जब भारत में अपनी पैठ बनाने की कोशिश में थे तो ऐसे ही एक महायोद्धा महारानी थीं जिन्होंने ब्रिटिश सेनाओं को भारतीय नारी की वीरता से परिचय कराया था। एनबीटी सुपर ह्यूमन सीरीज में आज हम आपको दक्षिण भारत की महान महारानी वेलू नचियार  से परिचय कराने वाले हैं। रानी ने न केवल अंग्रेजों को परास्त किया बल्कि पहली भारतीय महिला स्वतंत्रता सेनानी का तमगा भी हासिल किया। 1730 में पैदा हुईं नचियार को ‘वीरामंगाई’ (बहादुर महिला) के नाम से भी जाना जाता था। नचियार का खुफिया दस्ता इतना बेजोड़ था कि उन्होंने इसके दम पर अंग्रेजों को ध्वस्त कर दिया था।
युद्ध का दांव पेच से दुश्मन खाते थे खौफ
नचियार राजा चेलामथाऊ विजयरघुनाथ और रानी सकंदीमुथुल के घर में पैदा में हुई थीं। वह अपने माता-पिता की एकलौती संतान थीं। उनके माता-पिता नचियार का पालन-पोषण एक लड़के की तरह की। वह मर्दों की तरह बाल रखती थीं। उन्होंने घुड़सवारी, तीरंदाजी और मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ली थी। यही नहीं, वह कई भाषाओं में पारंगत थी। वह इंग्लिश, फ्रेंच और उर्दू फर्राटे के साथ बोलती थीं। 16 साल की उम्र में नचियार की शादी शिवगंगाई के राजकुमार मुथुवेदूगनाथौर उदयथेवर के साथ की हुई थी। दोनों की एक लड़की भी हुई जिसका नाम वेलाची था। 1772 में अंग्रेजों ने नचियार के पति उदयथेवर की हत्या कर दी। ब्रिटिश सैनिकों ने शिवगंगाई पर हमला बोला और ‘कालियार कोली युद्ध’ में उदयथेवर शहीद हो गए थे।
अंग्रेजों से लड़ाई के लिए बड़ी तैयारी
पति की मौत के बाद नचियार घायल शेरनी हो गईं। पर अपनी छोटी बच्ची की परवरिश के लिए वह अपना राजपाट छोड़ डिंडिगुल में जाकर शरण ली। वे यहां करीब 8 साल तक रहीं। यहां रहने के दौरान नचियार मैसूर के सुल्तान हैदर अली से मिलीं। हैदर अली नचियार की उर्दू और उनकी साहस से काफी प्रभावित हुए थे। उन्होंने नचियार के रहने की जगह पर एक मंदिर बनवाया। ये दोनों की दोस्ती का प्रतीक था। उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई में नचियार का साथ मांगा। हैदर अली ने उन्हें रानी की तरह सम्मान दिया और उनकी आर्थिक सहायता भी की। हैदर अली ने उन्हें 400 पाउंड, 5 हजार पैदल सैनिक और इतना ही घुड़सवार दस्ता उनकी मदद के लिए भेजा। ये सभी सैनिक बेहतरीन हथियार से लैस थे। इसके जरिए नचियार ने खुद को मजबूत किया और अंग्रेजों को भगाने के लिए पूरी ताकत लगा दी।
नचियार ने अंग्रेजों को धो डाला
नचियार ने इस दौरान जमकर तैयारी की थी। 1780 में नचियार ने अंग्रेजों को अपनी बेहतरीन युद्धकौशल और रणनीति से ध्वस्त कर डाला। नचियार के ट्रेंड गुप्तचरों ने अंग्रेजों के शस्त्र डिपो का पता लगाकर उसे उड़ा दिया। इसके बाद नचियार ने अपने सैनिकों के साथ हमला कर दिया और अंग्रेजों के कब्जे से अपना राज्य छुड़ा लिया। नचियार के इस युद्ध में महिला सैनिकों ने उनका जमकर साथ दिया था। कहा तो ये भी जाता है कि इसी युद्ध में पहली बार आत्मघाती हमलावर का इस्तेमाल किया गया था। कहा जाता है कि नचियार की सेनापति कुयिली (Kuyili) ने अंग्रेजों के आयुध डिपो में आत्मघाती हमला किया था। कहा जाता है कि कुयिली ने खुद को घी में डूबोकर आग लगा लिया और अंग्रेजों के शस्त्र डिपो में घुस गईं। उन्होंने अंग्रेजों के सभी शस्त्रों को खत्म कर दिया।
एक दशक तक किया शासन
अंग्रेजों के छक्के छुड़ाने के बाद नचियार ने शिवगंगेई पर करीब एक दशक तक शासन किया। उन्होंने अपनी बेटी वेलाची को अपनी सत्ता सौंपी थी और अपने सहयोगी मारुधू के भाइयों को राज्य की प्रशासनिक कमान सौंपी थी। हैदर अली की मदद के प्रति आभार जताने के लिए नचियार ने सारंगनी में एक मस्जिद का भी निर्माण किया था। इस महायोद्धा महारानी का निधन 1796 में हो गया था।

विदेशी आक्रांताओं को भयभीत करने वाले महान सम्राट खारवेल

भारतीय इतिहास में वीरों की कमी नहीं रही है। कुछ राजा तो ऐसे हुए जिनके डर से विदेशी आक्रामणकारी इलाका छोड़कर भाग जाते थे। मौर्य साम्राज्य के पतन के बाद एक ऐसा ही राजवंश का कलिंग में उदय हुआ था। इसका नाम था चेदि राजवंश इसी राजवंश के महापराक्रमी राजा थे खारवेल । सम्राट अशोक के हाथों बुरी तरह पराजय के बाद कलिंग ने खारवेल के जरिए महान राज्य का तमगा हासिल कर लिया। खारवेल का शासनकाल ईसा पूर्व 193 से 170 तक रहा था। ऐसा कहा जाता है कि ग्रीक आक्रमणकारी डिमिट्रियस खारवेल का नाम सुनकर भाग गया था। एनबीटी सुपर ह्यूमन सीरीज में आज इसी प्रतापी राजा की कहानी।
कलिंग का अपराजेय सम्राट
हाथीगुम्फा के अभिलेख से खारवेल के बारे में दुनिया को जानकारी मिली थी। 2000 साल तक इस महान राजा के बारे में कोई खास जानकारी नहीं थी। ओडिशा के भुवनेश्वर के उदयगिरी की पहाड़ियों में मिली इस गुफा के अभिलेख में खारवेल के बारे में जानकारी मिली है। खारवेल ने कलिंग की सेना को इतना मजबूत बनाया था कि दुश्मन राजा उसके नाम से कांपने लगते थे। खारवेल ने कई बड़े युद्धों को जीता। इसमें मगध, अंग, सातवाहन और पांड्यन साम्राज्य (मौजूदा में तमिलनाडु) पर विजय हासिल की और कलिंग को एक अपराजेय साम्राज्य बना दिया।
अशोक के वंशज को दी मात
अशोक ने जहां कलिंग में खारवेल के पूर्वज को हराकर विजय हासिल की थी। वहीं खारवेल ने अशोक के वंश को हराया था। मगध साम्राज्य के राजा पुष्यमित्र सुंगा ने खारवेल की पराधीनता स्वीकार की थी और कलिंग के साथ हो गए थे। इसके साथ ही पुष्यमित्र ने जैन तीर्थंकर महावीर की एक मूर्ति को कलिंग को वापस की थी। करीब दशक के अपने शासनकाल में खारवेल ने कई बड़े युद्ध जीते थे। उन्होंने इस दौरान उत्तर-पश्चिम भारत से लेकर सुदूर दक्षिण तक अपने राज्य का विस्तार कर लिया था।


बड़ी समुद्री ताकत बना कलिंग
खारवेल के समय में कलिंग बड़ी समुद्री ताकत भी था। समुद्र के रास्ते इसका श्रीलंका, म्यांमार, थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया, मलेशिया जैसे देशों के साथ कारोबारी रिश्ते भी थे। सत्ता मिलने के दूसरे साल ही महाराजा खारवेल ने सातकर्णी राजाओं की परवाह किए बिना पश्चिम के राज्यों पर कब्जा करने के लिए बड़ी संख्या घोड़े, हाथी, पैदल सेना को भेज दिया था। अपने शासनकाल के आठवें साल में उन्होंने मगध पर आक्रमण किया था। खारवेल खुद को सभी धर्मों को मानने वाले बताते थे। गुफा में मिले अभिलेख के अनुसार, खारवेल एक उदारवादी धार्मिक राजा थे। हाथीगुम्फा में मिले शिलालेखों के अलावा उदयगिरी और खांडगिरी में ब्राह्मी लिपी और प्रकृति भाषा लिखे में कुछ शिलालेख मिले हैं जिसमें खारवेल के बारे में जानकारी है। माना जाता है कि अपने शासनकाल के अंतिम दिनों में उन्हें अपने पुत्र कुदेपसिरी को सत्ता सौंप दी थी।
डरकर भाग गया था ग्रीक आक्रमणकारी डिमिट्रियस!
खारवेल के बारे में कहा जाता है कि उसके शौर्य के किस्से सुनकर विदेशी आक्रमणकारी भाग गया था। हाथीगुम्फा के शिलालेख में लिखी शब्द को लेकर इतिहासकारों में मतभेद है। लेकिन शिलालेख की 8वीं पंक्ति में ग्रीक आक्रमणकारी डिमिट्रियस के मथुरा भाग जाने का जिक्र जरूर है। दरअसल, खारवेल के साहस और वीरता के किस्से डिमिट्रियस सुन चुका था। जैसे ही उसे भनक लगी कि खारवेल मथुरा की तरफ चढ़ाई के लिए आ रहे हैं। वह बिना युद्ध किए ही भाग गया।
महान राजा थे खारवेल
खारवेल के शासनकाल में कलिंग में कई बड़े निर्माण कार्य का भी जिक्र हाथीगुम्फा के शिलालेख में है। इसमें सिंचाई के लिए नहरें, युद्ध, संगीत, नृत्य आदि का बड़ा जिक्र मिलता है। हाथीगुम्फा पुरात्तत्व महत्व काफी अहम माना जाता है। अभिलेख के अनुसार कलिंग पर चेदि राजवंश का शासन हुआ करता था। इस अभिलेख के अनुसार, चेदि वंश के पहले शासक राजा महामेघवाहन थे। इसी राजवंश के तीसरे शासक थे खारवेल। इस महान राजा के बारे में अभी कम लोगों को जानकारी है। लेकिन खारवेल ने ईसा पूर्व दूसरी सदी में जिस तरह का शासन किया था वो न केवल बेहतरीन था बल्कि इतिहास के दस्तावेज में भी उसका खूब जिक्र है। वो इतिहास का दस्तावेज है हाथीगुम्फा के शिलालेख।