खुदीराम बोस सेंट्रल कॉलेज में प्रेमचंद स्मृति व्याख्यान
गिरीश रस्तोगी, नरेंद्र मोहन और कृष्ण बलदेव वैद पर केन्द्रित रहा रंग अड्डा
कोलकाता । लिटिल थेस्पियन द्वारा आयोजित 15 वां रंग अड्डा 26 जुलाई को सुजाता देवी विद्या मंदिर के प्रांगण में सफलतापूर्ण संपन्न हुआ। यह रंग अड्डा रंगमंच की दृष्टि को स्पष्ट करते हुए नाटक के विभिन्न तत्वों को समझने – जानने का अवसर प्रदान करता है। रंग अड्डे का उद्देश्य रंगमंच की परंपरा के विकास के माध्यम से विद्यार्थियों को रंगमंच जोड़ना है जो अपनी गति से लगातार आगे बढ़ रहा है। रंग अड्डा का आयोजित होना , लिटिल थेस्पियन के संस्थापक अज़हर आलम और उमा झुनझुनवाला के रंगमंचीय सरोकार को विस्तारित करता है।
इस रंग अड्डे में तीन नाटककारों को केंद्रित किया गया है – गिरीश रस्तोगी, नरेंद्र मोहन और कृष्ण बलदेव वैद। गिरीश रस्तोगी की नाटक में रंगमंचीय दृष्टि को पार्वती रघुनंदन ने अपने आलेख के माध्यम से प्रस्तुत किया तथा नरेंद्र मोहन के नाटक में मौजूद विभिन्न आयामों को प्रियंका सिंह ने अपने आलेख के द्वारा उजागर किया। इसी कड़ी में कृष्ण बलदेव वैद का नाटक ‘ हमारी बुढ़िया ‘ का अभिनयात्मक पाठ हुआ , जिसमें आज की युवा पीढ़ी नए जमाने की आड़ में अपनी सभ्यता का हनन करती हुई नजर आती है , जिसे नाटककार ने बेतुकी बातों और तुकबंदी में बांधा है। इसका अभिनयात्मक पाठ सुभोदीप , राधा कुमारी ठाकुर ,मोहम्मद आसिफ़ अंसारी , संगीता व्यास तथा विशाल कुमार राउत के द्वारा प्रस्तुत हुआ।लिटिल थेस्पियन की निर्देशिका उमा झुनझुनवाला ने हमारी बुढ़िया नाटक के संदर्भ में कहती है कि यह एक प्रतीकात्मक नाटक है जिसमें बुढ़िया हमारी सभ्यता की प्रतीक है ,यह नाटक पूँजीवादी समाज पर करारा चोट करती है। आज के समय में यह नाटक और भी प्रासंगिक हो उठता है । यह नाटक जितना रोमांचित करता है उतना ही चुनौतीपूर्ण है। इस 15 वें रंग अड्डे का संचालन प्रियंका सिंह एवं इंतखाब वारसी के द्वारा संपन्न हुआ।
‘एकल संगिनी 2023’ – फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी की जीवन शैली प्रदर्शनी
कोलकाता । ‘एकल संगिनी’ द्वारा फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी (एफटीएस) – महिला समिति ने अपनी दूसरी जीवनशैली प्रदर्शनी आयोजित की । प्रदर्शनी का उद्घाटन फैशन डिजाइनर जया राठौड़ ने किया। इस दौरान सायंतनी गुहा ठाकुरता (अभिनेत्री), सौमिक सेन (बॉलीवुड निर्देशक) (जुबली, गुलाब गैंग, आदि), राजोर्षि दे (निदेशक), मल्लिका बनर्जी (अभिनेत्री), राहुल देव बोस (अभिनेता), श्रीमती ईशु हीरावत (वर्ल्ड इंटरनेशनल 2022, द्वितीय उपविजेता), अनुराधा कपूर (अध्यक्ष-डब्ल्यूआईसीसीआई, लेखिका, कवियत्री और फिल्म निर्देशक) और इमरान जकी (एफएसीईएस के अध्यक्ष) के अलावा समाज की कई अन्य प्रतिष्ठित हस्तियां इसमें शामिल थे। कोलकाता एफटीएस महिला समिति की अध्यक्ष प्रतिभा बिनानी ने कहा, हम स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं में विश्वास करते हैं, यदि कोई बच्चा शिक्षा तक नहीं पहुंच सकता है, तो शिक्षा को बच्चे तक पहुंचाना चाहिए। फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल्स सोसाइटी का यही प्रमुख उद्देश्य है। इस अनोखी प्रदर्शनी में देशभर के 57 से अधिक लक्जरी ब्रांडों ने भाग लिया। कोलकाता एफटीएस की उपाध्यक्ष पुष्पा मूंदड़ा आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमें विश्वास है कि हम और भी अधिक ऊंचाइयां हासिल कर सकेंगे और अपने इस निरंतर प्रयास से आगे चलकर ढेरों जरूरतमंदों के जीवन को बेहतर कर सकेंगे। प्रदर्शनी की सफलता में मार्गदर्शक: प्रतिभा बिनानी, पुष्पा मूंदड़ा, रितु अग्रवाल, कोर टीम: अलका मोदी, किरण सरावगी, करुणा लोहिया, शीला चितलांगिया, ललिता कायन और इंदु डालमिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही । इसके साथ ही यूथ विंग से उर्वशी रस्तोगी, नीलम पटवारी, अनुश्री बेहानी, गौरव बागला, विकास पोद्दार, अभय केजरीवाल, रचित चौधरी और रोहित बुचा ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया । 1989 से ही सामाजिक गतिविधियों से जुड़ा है और इस समय यह 37 महिला समितियों के साथ देश भर में 38 अध्यायों के माध्यम से यह काम कर रहा है।
18वें नारायणा स्कोलास्टिक एप्टीट्यूड टेस्ट (एनएसएटी 2023) की घोषणा
कोलकाता । कोलकाता में स्थित नारायणा आईआईटी-जेईई/एनईईटी/फाउंडेशन कोचिंग एकेडमी ने स्कोलास्टिक एप्टीट्यूड टेस्ट (एनएसएटी 2023) के 18वें संस्करण की घोषणा कर दी है । इस परीक्षा के माध्यम से कक्षा 7वीं से 11वीं (विज्ञान) के छात्रों के लिए अपने ज्ञान, महत्वपूर्ण सोच कौशल और अपने सहकर्मी समूह के बीच समस्या-समाधान क्षमताओं का परीक्षण करके राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए एक मंच बनता है। एनएसएटी 2023 में भाग लेने वाले छात्रों को एक करोड़ रुपये से अधिक का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाता है। जिसका मूल मकसद की असाधारण प्रतिभा को पुरस्कृत करना और उन्हें भविष्य में उत्कृष्टता के लिए प्रयास करने के लिए प्रेरित करना है। देशभर के 300 से अधिक शहरों को कवर करने के साथ एनएसएटी 2023 का लक्ष्य विविध पृष्ठभूमि के छात्रों में छिपी प्रतिभा को एक अलग पहचान देना है, जिससे उन्हें राष्ट्रीय मंच पर चमकने का मौका मिलता है। इस वर्ष एनएसएटी 2023 बदलते समय और छात्रों की जरूरतों को समायोजित करने के लिए आगे बढ़ रहा है। इस वर्ष यह परीक्षा सभी प्रतिभागियों के लिए उनकी सुविधा को सुनिश्चित करते हुए ऑनलाइन (8 से 12 अक्टूबर 2023) और ऑफलाइन (1 अक्टूबर / 15 अक्टूबर / 29 अक्टूबर 2023) दोनों मोड में आयोजित की जाएगी। छात्र अपनी स्वेच्छा से वह मोड चुन सकते हैं, जो उनके लिए सबसे उपयुक्त हो, जिससे उन्हें अपने सुविधा के मुताबिक प्रदर्शन करने की अनुमति मिल सके। एनएसएटी 2023 की सफलता साल दर साल लगातार बढ़ रही इसकी बढ़ती लोकप्रियता से स्पष्ट हो रही है। इस आयोजन के पिछले संस्करण में 2.5 लाख से अधिक छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया पिछले साल पश्चिम बंगाल से 5000 से अधिक छात्रों ने अपना पंजीकरण कराया था। नारायणा आईआईटी-जेईई / एनईईटी / फाउंडेशन कोचिंग एकेडमी कोलकाता के केंद्रीय निदेशक पृथा हलदार और शाखा प्रबंधक नयन कुमार मंडल ने कहा, एनएसएटी 2023 का 18 वां संस्करण पहले से कहीं ज्यादा बड़ा और बेहतर होगा। एनएसएटी 2023 में देश भर के 3000 से अधिक स्कूल शामिल हो रहे हैं, जिसमे पश्चिम बंगाल के 100 से अधिक स्कूल के छात्र शामिल हैं। यहां छात्रों को अपनी योग्यता प्रदर्शित करने के लिए एक सुविधाजनक और परिचित वातावरण प्रदान किया जाएगा। इस परीक्षा में एक व्यापक पाठ्यक्रम को शामिल किया गया है, जिसमें विज्ञान, गणित, मानसिक क्षमता जैसे विषयों को शामिल किया गया है। एनएसएटी 2023 का एक मुख्य आकर्षण छात्रों के लिए छात्रवृत्ति सुरक्षित करने का अवसर है। इसमें 100%* तक की छात्रवृत्ति उपलब्ध होने से योग्य उम्मीदवार अपनी शैक्षिक आकांक्षाओं को आगे बढ़ाने के लिए वित्तीय सहायता का लाभ उठा सकते हैं। चार दशकों की विरासत के साथ नारायण एजुकेशनल इंस्टीट्यूशंस ने हर साल शिक्षा के स्तर को लगातार आगे बढ़ाने में उपलब्धि हासिल की है। यहां उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान की जाती है, जो छात्रों के लिए एक मजबूत आधार तैयार करता है। इसके साथ उनके लक्ष्यों को प्राप्त करने में मदद करने के लिए उनकी व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करता है।
9वीं वर्षगांठ पर खोसला इलेक्ट्रॉनिक्स लाया केजीए 4 स्मार्ट टीवी
कोलकाता । खोसला इलेक्ट्रॉनिक्स ने अपने लैंसडाउन आउटलेट की 9वीं वर्षगांठ मनायी । इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में टॉलीवुड अभिनेत्री मधुमिता सरकार और अपराजिता आध्या ने आकर इसकी शोभा बढ़ाई। टॉलीवुड अभिनेता सौम्य मुखर्जी ने इस अवसर पर अपनी आगामी फिल्म “चीनी 2” का प्रचार भी किया। श्री मनोज खोसला और श्री मनीष खोसला, जिन्हें इन उद्योग में ‘खोसला ब्रदर्स’ के नाम से जाना जाता है, दोनों ने मिलकर वर्ष 1987 में 1 शोरूम से शुरुआत की, वर्ष में 2023 में बढ़कर उनके आउटलेट स्टोर की संख्या 65 पर पहुंच गयी हैं।
इस ऑल-न्यू केजीए 4 के स्मार्ट टीवी का अनावरण भी किया गया। इस विशेष टीवी का उपयोग आगामी फिल्म “चीनी 2” में भी किया गया है। अपराजिता आध्या और मधुमिता सरकार ने इस टीवी की विशेषताओं के बारे में प्रकाश डाला। यह 55 इंच का स्मार्ट टीवी अपनी शानदार पिक्चर क्वालिटी, स्मार्ट 4K सिनेमैटिक अनुभव, प्रभावशाली रिफ्रेश रेट और बेहतर कार्यक्षमता के लिए अपनी अलग पहचान बना चुकी है। इस अवसर पर उपस्थित अभिनेत्री मधुमिता सरकार, अभिनेत्री अपराजिता आध्या एवं अभिनेता सौम्य मुखर्जी उपस्थित थे । खोसला इलेक्ट्रॉनिक्स की मार्केटिंग और सेल्स डायरेक्टर खुशबू खोसला गुप्ता ने कहा कि, खोसला इलेक्ट्रॉनिक्स पश्चिम बंगाल और झारखंड में 61 से अधिक स्टोरों में 200 से अधिक ब्रांडों के 10,000 से अधिक उत्पादों को पेश किया है, जिसमें एयर कंडीशनर, रेफ्रिजरेटर, वॉशिंग मशीन और एलईडी से लेकर लैपटॉप, मोबाइल फोन और कैमरे जैसे बड़े उपकरण शामिल हैं। हम हमेशा से कोलकाता में बड़े उपकरणों की व्यापक विविधता के लिए जाने जाते हैं. हमारे उत्पाद की कीमतें और ऑफर सबसे अच्छे होते हैं। खोसला इलेक्ट्रॉनिक्स की संचालक और डिजिटल मार्केटिंग निदेशक प्रेरणा खोसला गुप्ता ने कहा, खोसला इलेक्ट्रॉनिक्स से सामान खरीदकर आप भरोसा कर सकते हैं कि आपको उच्च गुणवत्ता वाले उपभोक्ता टिकाऊ वस्तुओं और इलेक्ट्रॉनिक्स पर सबसे अच्छा सौदा मिल रहा है। केजीए के संस्थापक अभिनव गुप्ता ने कहा, लगभग 200,000 से अधिक अंतिम ग्राहकों को हमने सेवा प्रदान की है। पिछले 6 वर्षों में हमने विभिन्न प्रकार के उत्पाद इसमें जोड़े हैं, जो उपभोक्ता के जीवन के विभिन्न हिस्सों को छूते हैं। हमारे पास मनोरंजन क्षेत्र में इंडक्शन, टोस्टर, मिक्सर ग्राइंडर, सैंडविच मेकर, आयरन, एलईडी टेलीविजन, ब्लूटूथ स्पीकर, ब्लूटूथ ईयरबड और बहुत कुछ जैसे रसोई उपकरण हैं। हमारे पास लाइफस्टाइल उत्पाद जैसे हेयर ड्रायर, स्पोर्ट्स स्टेनलेस बोतलें और भी बहुत कुछ हैं।
महान साहित्यकार रांगेय राघव की जन्मशती पर साहित्यकी द्वारा परिचर्चा का आयोजन
कोलकाता । गत शुक्रवार, 28 जुलाई को कोलकाता की जानी मानी संस्था साहित्यिकी द्वारा सुप्रसिद्ध साहित्यकार रांगेय राघव की जन्म शताब्दी के अवसर आयोजित गोष्ठी में रवींद्रनाथ विश्वविद्यालय के इतिहास विभाग अध्यक्ष और हिंदी साहित्य के प्रकाण्ड विद्वान प्रोफ़ेसर हितेंद्र पटेल ने रांगेय राघव के व्यक्तित्व और कृतित्व के बहुआयामी पक्षों पर गंभीरता से विचार करते हुए उनके विपुल साहित्य का मूल्यांकन ऐतिहासिक दृष्टि से किया। रांगेय राघव की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थापनाओं पर उन्होंने संजीदगी से अपनी बात रखते हुए उनकी अनुसंधानपरक कृति महायात्रा गाथा की विशेष रूप से चर्चा करते हुए सांस्कृतिक स्मृतियों और मानव इतिहास की विकास यात्रा में अंतर्निहित जैविक, भाषिक, पुरातात्विक और विज्ञानपरक दृष्टि को उजागर किया।
विख्यात समीक्षक-कवि डॉ. गीता दूबे ने रांगेय राघव के उपन्यासों के विस्तृत फलक पर बात करते हुए कहा कि वे मानव के सामाजिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक यात्रा का दस्तावेज हैं जिनका अध्ययन साहित्य के विद्यार्थियों में सम्यक् दृष्टि का विकास करेगा। तत्कालीन उपन्यासों की प्रतिक्रिया में लिखे कुछ उपन्यासों की विशेष चर्चा की जैसे विषाद मठ आदि । उन्होंने दुख के साथ कहा कि रांगेय राघव के साहित्य को हिंदी साहित्य के इतिहास और पाठ्यक्रम दोनों में उन्हें वह स्थान नहीं मिला जिसके वह हकदार थे।
संस्था की सचिव मंजु रानी गुप्ता ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था की गतिविधियों का उल्लेख किया। उषा श्रॉफ़ ने कार्यक्रम का सफल संचालन क्या। साहित्यिकी की अध्यक्षा श्रीमती विद्या भंडारी ने अतिथि वक्ता प्रोफ़ेसर हितेंद्र पटेल एवं डॉ. गीता दूबे को उनके विद्वतापूर्ण और सारगर्भित वक्तव्य के लिए आभार प्रकट करते हुए आगत अतिथियों, विद्यार्थियों, सदस्यों का हृदय से धन्यवाद किया। भारतीय भाषा परिषद का और सहयोगी कर्मचारियों का भी धन्यवाद किया। इस अवसर पर कवि शैलेंद्र, जीतेंद्र जीतांशु और महानगर के साहित्यप्रेमियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल और सार्थक आयाम दिया।
एशियाई खेलों में भाग लेंगी भारत की पुरुष और महिला फुटबॉल टीम
नयी दिल्ली । खेल मंत्रालय द्वारा मौजूदा सेलेक्शन नियमों को आसान बनाने के फैसले के बाद भारतीय पुरुष और महिला फुटबॉल टीमों को चीन के हांगझू में आगामी एशियाई खेलों में भाग लेने की मंजूरी मिल गई है। भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने भारतीय फुटबॉल टीमों को एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए मंजूरी देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने एशिया में टॉप-8 की रैंकिंग से बाहर होने इसके पीछे की वजह बताई थी।
एशियाई खेलों में शामिल होंगी टीमें- इस स्थिति के जवाब में अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने खेल मंत्रालय से एक गंभीर अपील की, जिसमें पुरुष और महिला टीमों को इस बड़े आयोजन में भारत का प्रतिनिधित्व करने की अनुमति देने का अनुरोध किया गया।
कोच ने पीएम से की थी हस्तक्षेप की मांग-भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम के कोच इगोर स्टिमैक ने भी इस मामले को सुलझाने में मदद के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तक्षेप की मांग की थी। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को ट्वीट करते हुए लिखा कि “भारतीय फुटबॉल प्रेमियों के लिए अच्छी खबर। हमारी राष्ट्रीय फुटबॉल टीमें, दोनों पुरुष और महिला आगामी एशियाई खेलों में भाग लेने के लिए तैयार हैं।”
टीम के प्रदर्शन पर मिली छूट- “भारत सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय ने दोनों टीमों की भागीदारी को सुविधाजनक बनाने के लिए नियमों में ढील देने का फैसला किया है, जो मौजूदा नियमों के अनुसार क्वालीफाई करने में असफल हो रहे थे।
मंत्रालय ने कहा कि हाल के दिनों में फुटबाल टीम के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए मंत्रालय ने छूट देने का फैसला किया है। मुझे यकीन है कि वे एशियाई खेलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और हमारे देश को गौरवान्वित करेंगे।”
23 सितंबर से शुरू होंगे एशियाई गेम्स- मंत्रालय के चयन के नियमों के अनुसार केवल अपने संबंधित खेलों की महाद्वीपीय रैंकिंग में शीर्ष आठ में रहने वाली टीमों को ही एशियाड के लिए यात्रा करने की अनुमति दी जाएगी। भारतीय पुरुष टीम एशिया में 18वें स्थान पर है, जबकि महिला टीम 11वें स्थान पर है। हांग्जो एशियाई खेल 23 सितंबर से 8 अक्टूबर तक चीन में आयोजित होंगे।
12 साल की गुंजन ने बनाया नया विश्व रिकॉर्ड, 62 घंटों में लद्दाख की तीन चोटियों पर की चढ़ाई
पणजी (गोवा) । गोवा के 12 वर्षीय पर्वतारोही गुंजन पंकज प्रभु नार्वेकर ने लद्दाख क्षेत्र की मरखा घाटी में 6000 मीटर से ऊपर की तीन चोटियों पर केवल 62.5 घंटों में सफलतापूर्वक चढ़ाई कर एक नया वैश्विक रिकॉर्ड बनाया है। इस सराहनीय उपलब्धि को हासिल करने के बाद गुंजन का लक्ष्य अब माउंट एवरेस्ट है। गोवा की गुंजन पंकज प्रभु नार्वेकर यहां की ज्ञान विकास स्कूल की 8वीं कक्षा की छात्रा हैं।
उन्होंने लद्दाख क्षेत्र की तीन चोटियों – माउंट कांग यात्से-2 (6250 मीटर), माउंट रेपोनी मल्लारी-1 (6097 मीटर) और माउंट रेपोनी मल्लारी-2 (6113 मीटर) पर्वत श्रृंखलाओं पर सफलतापूर्वक चढ़ाई की है। 12 वर्षीय पर्वतारोही ने 49 घंटे में (पहली से तीसरी शिखर) और 62.5 घंटे (बेसकैंप से बेसकैंप) में 6000 मीटर से अधिक तीन चोटियों पर चढ़ाई की और एक नया वैश्विक रिकॉर्ड बनाया।
एएनआई से बात करते हुए गुंजन ने कहा, “जब हम गए तो मौसम काफी खराब था। अनुमान नहीं था कि इस महीने बर्फबारी होगी। मैं जब जा रही थी तो मुझे अनुमान था कि आसमान काफी साफ होगा और बर्फबारी नहीं होगी। बर्फ के कारण ये और कठिन था, क्योंकि चलते समय कुछ स्थानों पर हमारे पैर और कुल्हे काम करना बंद कर देते थे। उसे ठीक करने में या मालिश करने में हमें अधिक थकान होती थी। हालांकि, इस दौरान मुझे कोई चोट नहीं आई।”
गुंजन ने बताया कि, “मेरी मां मेरी सफलता से बहुत खुश हैं। उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि एक ट्रैकर के रूप में सारी उपलब्धियां हासिल करते हुए देखकर मैं बहुत खुश हूं। मेरा मानना है कि सभी माता-पिता को अपने बच्चों को इसी क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने के लिए सहयोग करना चाहिए।” पर्वतारोही ने कहा कि, “मेरा सपना 7 महाद्वीपों की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ना है, जिनमें से केवल 3 ही बचे हैं। इसके अलावा मैं छत्तीसगढ़ के बच्चों और महिलाओं के लिए कुछ करना चाहती हूं। वे आज हर क्षेत्र में आगे हैं, लेकिन उन्हें पहचान नहीं मिल रही है, जिसके वो हकदार हैं। मुझे इस पर काम करने की जरूरत है।”
कोलकाता के न्यूटाउन चिड़ियाघर में विदेश से जल्द लाए जाएंगे छह बाघ व छह शेर
कोलकाता । कोलकाता के न्यूटाउन में हाल में स्थापित मिनी चिड़ियाघर जल्द ही बाघों व शेरों की मेजबानी भी करेगा। इस चिड़ियाघर में आंगतुकों को आकर्षित करने के लिए जल्द ही विदेश से छह बाघ व छह शेर लाए जाएंगे। राज्य के वन मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक ने यह जानकारी दी।
अदला-बदली कार्यक्रम के तहत बाघों व शेरों को लाया जाएगा
मल्लिक ने कहा- न्यूटाउन चिड़ियाघर के लिए अफ्रीकी देश कांगो, तंजानिया और मसाईमारा से जल्द छह बाघ व छह शेर लाए जाएंगे। अफ्रीकी देशों के साथ अदला-बदली कार्यक्रम के तहत बाघों व शेरों को यहां लाया जाएगा। हालांकि इसके बदले उन देशों को किन जानवरों को दिया जाएगा, इसका विवरण देने से उन्होंने इन्कार किया।
चिड़ियाघर में अलग से बनाया जाएगा सांपों का एक विशेष क्षेत्र
मल्लिक ने आगे बताया कि इसके अलावा न्यूटाउन चिड़ियाघर में अलग से सांपों का एक विशेष क्षेत्र भी बनाया जाएगा। यह अलीपुर चिड़ियाघर की तर्ज पर ही होगा। बता दें कि इसी साल की शुरुआत में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने न्यूटाउन में स्थापित मिनी चिडिय़ाघर का उद्घाटन किया था।
अलीपुर चिड़ियाघर का दूसरा विकल्प
वन मंत्री ने आगे कहा कि जेब्रा, जिराफ, खारे और मीठे पानी के मगरमच्छ, विभिन्न प्रकार के दुर्लभ पक्षी और हिरण जैसे जानवर पहले से ही इस चिड़ियाघर में मौजूद हैं। जल्द ही हम बाघ और शेर लाएंगे। उन्होंने कहा कि न्यूटाउन जू अब अलीपुर चिड़ियाघर का दूसरा विकल्प है। इस मिनी चिडिय़ाघर में मांसाहारी, सर्वाहारी और शाकाहारी जानवरों के लिए अलग-अलग क्षेत्र हैं।
बंगाल में पक्षियों को घर में कैद करने पर लगेगा प्रतिबन्ध
कोलकाता । राज्य के वन मंत्री ज्योतिप्रिया मल्लिक के अनुसार यह प्रतिबंध अगस्त की शुरुआत में लगाया जा सकता है । मल्लिक ने कहा, “यह कानून किसी भी प्रकार की भारतीय प्रजाति के पक्षियों को घर में रखने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाएगा. इसका उल्लंघन करना दंडनीय अपराध माना जाएगा और ऐसा न करने पर अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई की जाएगी । ” हालांकि, उन्होंने कहा कि विदेशी प्रजाति के पक्षियों घर में रखने के मामले में थोड़ी छूट दी जाएगी । मंत्री ने कहा, “लेकिन उस मामले में भी बहुत सारे प्रतिबंध होंगे, जैसे कि विदेशी प्रजातियों के पक्षियों को केवल प्रजनन के उद्देश्य से रखा जा सकता है । इसके लिए मालिकों को लाइसेंस प्राप्त करना होगा । यह लाइसेंस 15,000 रुपये के पंजीकरण शुल्क के भुगतान पर दिया जाएगा।”
मल्लिक ने आगे कहा कि विदेशी प्रजातियों के पक्षियों के रखरखाव के लिए प्रतिबंध होंगे. उन्होंने कहा । “मालिकों को उन्हें सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और वे उन्हें खुले बाजार में नहीं बेच पाएंगे । जिन्होंने पहले से ही भारतीय प्रजाति के पक्षियों को रखा हुआ है । उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने से पहले, मेरा विभाग एक गहन अभियान कार्यक्रम चलाएगा ताकि वे जागरूक हो जाएं कि क्या करना है और क्या नहीं ।” राज्य वन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि “भारतीय कानून के तहत पूरे देश में भारतीय पक्षियों को पालतू रूप में रखना वर्जित है. लेकिन इस कानून के बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी है । कई घरों में पक्षियों, विशेषकर तोतों को रखा जाता है. लेकिन अब समय आ गया है कि सरकार इस मुद्दे पर सख्ती से कार्रवाई करे और इसलिए यह नया राज्य कानून लाया जा रहा है ।”




