कोलकाता । मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन की ओर से बुधवार को पारंपरिक खूटी पूजा के साथ दुर्गापूजा समारोह के अपने 58वें वर्ष के आयोजन की शुभ शुरुआत की। इसके साथ ही उत्तर व मध्य कोलकाता की सबसे प्रतिष्ठित दुर्गा पूजाओं में से एक की तैयारियां औपचारिक रूप से शुरू हो गईं। यह समारोह एमजी रोड मेट्रो स्टेशन के पास मोहम्मद अली पार्क दुर्गा पूजा मैदान में आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कमेटी के सदस्यों के साथ विशिष्ट अतिथि एक सफल और भव्य उत्सव के लिए देवी दुर्गा का आशीर्वाद लेने एकत्रित हुए।
इस मौके पर विभिन्न प्रतिष्ठित हस्तियों में तापस रॉय, (माननीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री, पश्चिम बंगाल सरकार एवं मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन के चेयरमैन), विजय ओझा (विधायक), मीना देवी पुरोहित (पार्षद), तमघ्न घोष (जिला अध्यक्ष, भाजपा उत्तर कोलकाता), बिनय दुबे (सामाजिक कार्यकर्ता और मोहम्मद अली पार्क के यूथ एसोसिएशन के वाइस चेयरमैन) के उपस्थित रहे । मोहम्मद अली पार्क के यूथ एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी सुरेंद्र कुमार शर्मा ने कहा, हम गर्व से अपने 58वें साल की शुरुआत शुभ खूटी पूजा के साथ कर रहे हैं, हम भक्तों के लिए यह यादगार पल, दुर्गापूजा का अनुभव कराते हुए अपनी समृद्ध परंपराओं को बनाए रखने के अपने वादे पर हम हर वर्ष खरा उतरने की पूरी कोशिश करते हैं। नई सरकार के आने और हमारे मोहम्मद अली पार्क यूथ एसोसिएशन परिवार के लगातार बढ़ने के साथ हमें पूरी उम्मीद है कि अब केएमसी की ओर से पार्क के नीचे मौजूद वॉटर रिजर्वर का रेनोवेशन कार्य जल्द से जल्द पूरा हो जाएगा। इसके साथ हीं पार्क की स्थिति में भी सुधार कर उसे ठीक किया जाएगा, जिससे हम अपने पुराने जगह पर एक बार फिर दुर्गा पूजा का आयोजन कर सकेंगे।




