Wednesday, September 17, 2025
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 36

भारतीय शतरंज में प्रगति के जनक: ‘स्वर्णिम पीढ़ी’ को तराशने में आनंद की भूमिका

नयी दिल्ली । विश्वनाथन आनंद को भरोसा था कि भारत इस बार शतरंज ओलंपियाड में स्वर्ण पदक जीतने की स्थिति में होगा और भारतीय शतरंज में कुछ सबसे प्रतिभाशाली युवाओं को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इस दिग्गज ग्रैंडमास्टर को उस समय बहुत खुशी हुई होगी जब देश ने हंगरी के बुडापेस्ट में 45वें शतरंज ओलंपियाड में पुरुष और महिला दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक जीता। विश्व चैंपियनशिप के चैलेंजर डी गुकेश, आर प्रज्ञानानंदा, अर्जुन एरिगेसी, विदित गुजराती और पी हरिकृष्णा की मौजूदगी वाली भारतीय पुरुष टीम ने ओपन वर्ग में स्वर्ण पदक जीता और शीर्ष वरीयता प्राप्त अमेरिका और उज्बेकिस्तान को पीछे छोड़ा।
हरिका द्रोणावल्ली, आर वैशाली, दिव्या देशमुख, वंतिका अग्रवाल और तानिया सचदेव ने महिलाओं के वर्ग में कजाखस्तान और अमेरिका की टीमों को पछाड़कर भारत को स्वर्ण पदक दिलाया। भारत की दोनों टीमों ने पहली बार स्वर्ण पदक जीता और देश के पहले शतरंज सुपरस्टार आनंद की इसमें भूमिका रही।

दोनों टीमों ने चेन्नई में घरेलू सरजमीं पर हुए पिछले ओलंपियाड में कांस्य पदक जीते थे। आनंद को पता था कि उस समय वे स्वर्ण पदक जीतने के करीब पहुंचे थे लेकिन अंतिम चरण में पिछड़ गए। हालांकि ओलंपियाड से पहले ‘पीटीआई’ को दिए साक्षात्कार में पांच बार के विश्व चैंपियन आनंद ने बुडापेस्ट में दोनों टीमों की खिताब जीतने की क्षमता पर भरोसा जताया था और यह यह सोने पर सुहागा था कि वह हंगरी की राजधानी में इन टीमों द्वारा बनाए गए इतिहास को देखने के लिए वहां मौजूद थे।

उन्होंने कहा था, ‘‘आप जानते हैं, अगर मुझे पासा फेंकना पड़े, तो ये अच्छी टीमें हैं (दांव लगाने के लिए)।’’गुकेश, प्रज्ञानानंदा, एरिगेसी और वैशाली ने वेस्टब्रिज आनंद शतरंज अकादमी में ट्रेनिंग ली है जिसे 54 वर्षीय आनंद ने चार साल पहले चेन्नई में स्थापित किया था।

18 वर्षीय गुकेश और 19 वर्षीय प्रज्ञानानंदा ने अक्सर कहा है कि वे ‘विशी सर’ के बिना उस मुकाम पर नहीं पहुंच पाते जहां वे हैं इसलिए यह कोई आश्चर्य की बात नहीं थी कि अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फिडे) ने उन्हें ‘भारतीय शतरंज में प्रगति के जनक’ के रूप में संबोधित किया।

इससे पहले महान ग्रैंडमास्टर गैरी कास्परोव ने आनंद की सराहना करते हुए कहा था कि ‘विशी आनंद के शिष्य धूम मचा रहे हैं’। उन्होंने गुकेश के अप्रैल में कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतकर सबसे कम उम्र में विश्व खिताब का चैलेंजर बनने के बाद यह बात कही थी।
आनंद इसका श्रेय खिलाड़ियों के माता-पिता और प्रारंभिक प्रशिक्षकों के साथ साझा करना पसंद करते हैं लेकिन उनका कहना है कि शतरंज अकादमी के उनके विचार ने भी अपनी भूमिका निभाई जो तीन दशक से भी अधिक समय पहले सोवियत संघ में देखे गए स्कूलों से प्रेरित था।
ओलंपियाड के दौरान फिडे के साथ बातचीत में आनंद ने स्वीकार किया था कि वे गुकेश और प्रज्ञानानंदा जैसे खिलाड़ियों की प्रगति से आश्चर्यचकित हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैंने उन सभी युवाओं को लिया जो 14 वर्ष की आयु से पहले ग्रैंडमास्टर बन गए थे। ईमानदारी से कहूं तो मेरा विचार उन्हें शीर्ष जूनियर से लेकर विश्व विजेता बनने तक समर्थन करना था।’’आनंद ने कहा, ‘‘मेरे शुरुआती समूह में प्रज्ञानानंदा और गुकेश था, अर्जुन कुछ समय बाद शामिल हुआ। लड़कियों में वैशाली भी थी। क्या मुझे उम्मीद थी कि ये इतनी तेजी से आगे बढ़ेगा? वास्तव में नहीं। क्या मुझे उम्मीद थी कि ऐसा हो सकता है? हां। लेकिन यह अविश्वसनीय है।’’
(साभार – द प्रिंट)

हिन्दी दिवस विशेष – हिन्दी पर हिन्दी के कवियों की कुछ पंक्तियां

-भारतेंदु हरिश्चंद्र
निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल
निज भाषा उन्नति अहै, सब उन्नति को मूल
बिन निज भाषा-ज्ञान के, मिटत न हिय को सूल।
अंग्रेजी पढ़ि के जदपि, सब गुन होत प्रवीन
पै निज भाषा-ज्ञान बिन, रहत हीन के हीन।
उन्नति पूरी है तबहिं जब घर उन्नति होय
निज शरीर उन्नति किये, रहत मूढ़ सब कोय।
निज भाषा उन्नति बिना, कबहुं न ह्यैहैं सोय
लाख उपाय अनेक यों भले करे किन कोय।
इक भाषा इक जीव इक मति सब घर के लोग
तबै बनत है सबन सों, मिटत मूढ़ता सोग।
और एक अति लाभ यह, या में प्रगट लखात
निज भाषा में कीजिए, जो विद्या की बात।
तेहि सुनि पावै लाभ सब, बात सुनै जो कोय
यह गुन भाषा और महं, कबहूं नाहीं होय।
विविध कला शिक्षा अमित, ज्ञान अनेक प्रकार
सब देसन से लै करहू, भाषा माहि प्रचार।
भारत में सब भिन्न अति, ताहीं सों उत्पात
विविध देस मतहू विविध, भाषा विविध लखात।
सब मिल तासों छांड़ि कै, दूजे और उपाय
उन्नति भाषा की करहु, अहो भ्रातगन आय।
………
~मैथिलीशरण गुप्त
मेरी भाषा में तोते भी राम राम जब कहते हैं,
मेरे रोम रोम में मानो सुधा-स्रोत तब बहते हैं ।
सब कुछ छूट जाय मैं अपनी भाषा कभी न छोड़ूंगा,
वह मेरी माता है उससे नाता कैसे तोड़ूंगा ।।
……………..
– अयोध्या सिंह उपाध्याय ‘हरिऔध’
पड़ने लगती है पियूष की शिर पर धारा
हो जाता है रुचिर ज्योति मय लोचन-तारा
बर बिनोद की लहर हृदय में है लहराती
कुछ बिजली सी दौड़ सब नसों में है जाती
आते ही मुख पर अति सुखद जिसका पावन नाम ही
इक्कीस कोटि-जन-पूजिता हिन्दी भाषा है वही
जिसने जग में जन्म दिया औ पोसा, पाला
जिसने यक यक लहू बूँद में जीवन डाला
उस माता के शुचि मुख से जो भाषा सीखी
उसके उर से लग जिसकी मधुराई चीखी
जिसके तुतला कर कथन से सुधाधार घर में बही
क्या उस भाषा का मोह कुछ हम लोगों को है नहीं
…………………..
– गोपाल सिंह नेपाली
दो वर्तमान का सत्य सरल,
सुंदर भविष्य के सपने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो अपने आप पनपने दो
यह दुखड़ों का जंजाल नहीं,
लाखों मुखड़ों की भाषा है
थी अमर शहीदों की आशा,
अब जिंदों की अभिलाषा है
मेवा है इसकी सेवा में,
नयनों को कभी न झंपने दो
हिंदी है भारत की बोली
तो अपने आप पनपने दो
…………..
– गिरिजा कुमार माथुर
उच्चवर्ग की प्रिय अंग्रेजी
हिंदी जन की बोली है
वर्ग भेद को खत्म करेगी
हिंदी वह हमजोली है,
सागर में मिलती धाराएँ
हिंदी सबकी संगम है
शब्द, नाद, लिपि से भी आगे
एक भरोसा अनुपम है
गंगा कावेरी की धारा
साथ मिलाती हिंदी है
……………
– अटल बिहारी वाजपेयी
गूंजी हिंदी विश्व में
गूंजी हिन्दी विश्व में, स्वप्न हुआ साकार
राष्ट्र संघ के मंच से, हिन्दी का जयकार
हिन्दी का जयकार, हिन्दी हिन्दी में बोला
देख स्वभाषा-प्रेम, विश्व अचरज से डोला
कह कैदी कविराय, मेम की माया टूटी
भारत माता धन्य,स्नेह की सरिता फूटी।
…………………
~गिरिजा कुमार माथुर
एक डोर में सबको जो है बाँधती
वह हिंदी है,
हर भाषा को सगी बहन जो मानती
वह हिंदी है।
भरी-पूरी हों सभी बोलियां
यही कामना हिंदी है,
गहरी हो पहचान आपसी
यही साधना हिंदी है
………………..
– केदारनाथ सिंह
जैसे चींटियाँ लौटती हैं
बिलों में
कठफोड़वा लौटता है
काठ के पास
वायुयान लौटते हैं एक के बाद एक
लाल आसमान में डैने पसारे हुए
हवाई-अड्डे की ओर
ओ मेरी भाषा
मैं लौटता हूँ तुम में
जब चुप रहते-रहते
अकड़ जाती है मेरी जीभ
दुखने लगती है
मेरी आत्मा।

हिन्दी दिवस विशेष – सबसे शुद्ध और विज्ञान सम्मत भाषा है हिन्दी

हिन्दी आज भारत में ही नहीं बल्कि विश्व के विराट फलक पर अपने अस्तित्व को आकार दे रही है। आज हिन्दी विश्व भाषा के रूप में मान्यता प्राप्त करने की ओर अग्रसर है। अब तक भारत और भारत के बाहर सात विश्व हिन्दी सम्मेलन आयोजित हो चुके हैं। पिछले सात सम्मेलन क्रमश: नागपुर (1975), मॉरीशस (1976), नई दिल्ली (1983), मॉरीशस (1993),त्रिनिडाड एंड टोबेगो (1996), लंदन (1999), सूरीनाम (2003) में हुए थे। अगला विश्व हिन्दी सम्मेलन 2007 में न्यूयार्क में होगा।

वर्तमान में आर्थिक उदारीकरण के युग में बहुराष्ट्रीय देशों की कंपनियों ने अपने देशों (अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस, जर्मनी, चीन आदि) के शासकों पर दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया है ताकि वहां हिन्दी भाषा का प्रचार-प्रसार तेजी से बढ़े और हिन्दी जानने वाले एशियाई देशों में वे अपना व्यापार उनकी भाषा में सुगमता से कर सकें। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हिन्दी की प्रगति यदि इसी प्रकार होती रही तो वह दिन दूर नहीं जब हिन्दी संयुक्त राष्ट्र संघ में एक अधिकारिक भाषा का रूप हासिल कर लेगी। वर्तमान में मातृभाषियों की संख्या के दृष्टिकोण से विश्व की भाषाओं में मंदारिन [चीनी] भाषा के बाद हिन्दी का दूसरा स्थान है। चीनी भाषा के बोलने वालों की संख्या हिन्दी भाषा के बोलने वालों से अधिक है। परन्तु मंदारिन भाषा का प्रयोग क्षेत्र हिन्दी की तुलना में सीमित है और अंग्रेज़ी भाषा का प्रयोग क्षेत्र हिन्दी की अपेक्षा अधिक है किन्तु हिन्दी के मातृभाषियों की संख्या अंग्रेज़ी भाषियों से अधिक है।

अंग्रेजी के मूल क्षेत्र माने जाने वाले देशों की वर्तमान जनसँख्या देखें तो अमेरिका की जनसंख्या 31 करोड़, ग्रेट-ब्रिटेन की जनसंख्या 6.50 करोड़, कनाडा की जनसंख्या 3.6 करोड़, आस्ट्रेलिया की जनसंख्या सवा दो करोड़), आयरलैंड की जनसंख्या 65 लाख और न्यूजीलैंड की जनसंख्या 50 लाख है। इनकी कुल जनसंख्या वर्तमान में 44.25 करोड़ के आस-पास है। जबकि इसी वर्ष भारत की जनसंख्या 131 करोड़ से अधिक है। भारत के लगभाग 70 प्रतिशत लोग राजकाज, जनसंचार, शिक्षा, व्यापार या घर के बाहर संपर्क के लिए हिन्दी का उपयोग करते हैं। इस आधार पर हिन्दी का व्यवहार करने वालों की संख्या 90 करोड़ हो जाती है। जो विश्व भर में अंग्रेजी के गढ़ वाले देशों की देशों की कुल जनसंख्या के लगभग दो गुना से भी अधिक है। यदि भारत में आधे लोगों को भी हिन्दी व्यवहार करने वालों में गिना जाए तब भी अंग्रेजी की तुलना में हिन्दी का ही पलड़ा भारी पड़ता है और हिन्दी विश्व की दूसरी प्रमुख भाषा बन जाती है। किन्तु अगर इसमें मारीशस, फिजी, सूरीनाम, गुयाना, पड़ोसी नेपाल, पाकिस्तान, बांग्लादेश विश्व के अन्य देशों में बसे हिन्दी बोलने, जानने वालों की संख्या भारतवंशियों जोड़ दें तो हिन्दी मंदारिन को पछाड़कर विश्व की सबसे बड़ी भाषा है।

आज वैश्विक स्तर पर यह सिद्ध हो चुका है कि हिन्दी भाषा अपनी लिपि और ध्वन्यात्मकता (उच्चारण) के लिहाज से सबसे शुद्ध और विज्ञान सम्मत भाषा है। हमारे यहां एक अक्षर से एक ही ध्वनि निकलती है और एक बिंदु (अनुस्वार) का भी अपना महत्व है। दूसरी भाषाओं में यह वैज्ञानिकता नहीं पाई जाती। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ग्राह्य भाषा अंग्रेज़ी को ही देखें, वहां एक ही ध्वनि के लिए कितनी तरह के अक्षर उपयोग में लाए जाते हैं जैसे ई की ध्वनि के लिए ee (see) i (sin) ea (tea) ey (key) eo (people) इतने अक्षर हैं कि एक बच्चे के लिए उन्हें याद रखना मुश्किल हैं, इसी तरह क के उच्चारण के लिए तो कभी c (cat) तो कभी k (king)। ch का उच्चारण किसी शब्द में क होता है तो किसी में च। ऐसे सैंकड़ों उदाहरण आश्चर्य की बात है कि ऐसी अनियमित और अव्यवस्थित, मुश्किल अंग्रेजी हमारे बच्चे चार साल की उम्र में सीख जाते हैं बल्कि अब तो विदेशों में भी हिंदुस्तानी बच्चों ने स्पेलिंग्स में विश्व स्तर पर रिकॉर्ड कायम किए हैं, जबकि इंग्लैंड में स्कूली शिक्षिकाएं भी अंग्रेज़ी की सही स्पेलिंग्स लिख नहीं पातीं।

हमारे यही अंग्रेजी भाषा के धुरंधर बच्चे कॉलेज में पहुंचकर भी हिन्दी में मात्राओं और हिज्जों की गलतियां करते हैं और उन्हें सही हिन्दी नहीं आती जबकि हिन्दी सीखना दूसरी अन्य भाषाओं के मुकाबले कहीं ज्यादा आसान है। ऐसे में हिन्दी की उपेक्षा और उसके राष्ट्रभाषा न बन पाने के कारणों का त्वरित और गम्भीरता पूर्वक अध्ययन कर समाप्त कर हिन्दी को हिन्दुस्तान के मस्तक पर सजाना होगा। वेब, विज्ञापन, सिनेमा और बाजार के क्षेत्र में हिंदी की मांग जिस तेजी से बढ़ी है, वैसी किसी और भाषा में नहीं। विश्व के लगभग 150 विश्वविद्यालयों तथा सैकड़ों छोटे-बड़े केंद्रों में विश्वविद्यालय स्तर से लेकर शोध स्तर तक हिंदी के अध्ययन-अध्यापन की व्यवस्था हुई है। विदेशों में 35 से अधिक पत्र-पत्रिकाएं लगभग नियमित रूप से हिंदी में प्रकाशित हो रही हैं। यूएई में ‘हम एफ-एम’ हिन्दी रेडियो प्रसारण सेवा है, इसी प्रकार बीबीसी, जर्मनी के डायचे वेले, जापान के एनएचके वर्ल्ड और चीन के चाइना रेडियो इंटरनेशनल की हिंदी सेवा विशेष रूप से उल्लेखनीय है। विदेशों में चालीस से अधिक देशों के 600 से अधिक विश्वविद्यालयों और स्कूलों में हिन्दी पढ़ाई जा रही है।

दो हिन्दी अंतर्जाल पत्रिकाएं जो विश्व में प्रतिमाह 6,000 से अधिक लोगों द्वारा 120 देशों में पढ़ी जाती हैं। अभिव्यक्ति व अनुभूति www.abhivykti-hindi.org तथा www.anubhuti-hindi.org के पते पर विश्वजाल (इंटरनेट) पर मुफ्त उपलब्ध हैं। ब्रिटेनवासियों ने हिन्दी के प्रति बहुत पहले से रुचि लेनी आरंभ कर दी थी। गिलक्राइस्ट, फोवर्स-प्लेट्स, मोनियर विलियम्स, केलाग होर्ली, शोलबर्ग ग्राहमवेली तथा ग्रियर्सन जैसे विद्वानों ने हिन्दीकोष व्याकरण और भाषिक विवेचन के ग्रंथ लिखे हैं। लंदन, कैंब्रिज तथा यार्क विश्वविद्यालयों में हिन्दी पठन-पाठन की व्यवस्था है। यहां से प्रवासिनी, अमरदीप तथा भारत भवन जैसी पत्रिकाओं का प्रकाशन होता है। बीबीसी से हिन्दी कार्यक्रम प्रसारित होते हैं। फिज़ी में ‘रेडियो नवरंग’ एकमात्र ऐसा रेडियो स्टेशन है, जो 24 घण्टों तक हिंदी कार्यक्रम पेश कर रहा है। फिज़ी सरकार सूचना मंत्रालय के माध्यम से ‘नव ज्योति’ नामक त्रैमासिक पत्रिका भी निकालती है।

आइये देखते हैं विश्व में हिन्दी के पठन-पाठन से सम्बंधित कुछ महत्वपूर्ण जानकारी-

विश्व के मानचित्र में फ्रांस का एक विशेष स्थान है। फ्रांस के पेरिस शहर में सौरबेन विश्वविद्यालय में 3 वर्ष के पाठ्यक्रम के अलावा पीएचडी के लिए शोध की भी व्यवस्था है। ‘’पेरिस के प्राच्य भाषाओं एवं सभ्यताओं के राष्ट्रीय संस्थान’’ में हिंदी में 2 वर्ष का सर्टिफिकेट कोर्स, 3 साल का डिप्लोमा, 4 साल में उच्च डिप्लोमा, 5 साल और 6 साल के उच्च अध्ययन के शिक्षण की भी व्यवस्था है।

जापान: जापान के टोक्यो और ओसाका विश्वविद्यालयों में हिंदी का छह वर्षीय कोर्स है। इसके अलावा अन्य विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों में हिंदी वैकल्पिक विषय के रूप में द्वितीय एवं तृतीय भाषा के रूप में पढ़ाई जाती है। सन 1992 के करीब जापान का एक हिंदी स्कॉलर काफी समय तक भारत में रहने के उपरांत शिकागो गया और वहां पर हिंदी का एक वृहत् पुस्तकालय देखकर उस जापानी विद्वान ने भारत में अपने एक मित्र प्रोफ़ेसर को पत्र लिखा था कि यहां के हिंदी पुस्तकालय को देखकर दिल्ली विश्वविद्यालय के पुस्तकालय को शर्मिंदा होना पड़ेगा। तो ऐसी है हमारी राष्ट्रभाषा हिंदी।

कनाडा: कनाडा की यूनिवर्सिटी आफ ब्रिटिश कोलंबिया में हिंदी का 2 वर्ष का पाठ्यक्रम है। मॉन्ट्रियल विश्वविद्यालय में प्रारंभिक स्तर पर और अटावा शहर में बने मुकुल हिंदी हाई स्कूल में 1971 से सभी कक्षाओं में और टोरंटो शहर के कुछ स्कूलों में भी हिंदी पढ़ाई जाती है।

संयुक्त राज्य अमेरिका। संयुक्त राज्य अमेरिका के 30 विश्वविद्यालयों में उच्च, इंटरमीडिएट एवं प्रारंभिक स्तर पर एक विषय के रूप में पढ़ाई जाती है। संयुक्त राज्य अमेरिका में येन विश्वविद्यालय में 1815 से ही हिन्दी की व्यवस्था है। 1875 में कैलाग ने हिन्दी भाषा का व्याकरण तैयार किया था। अमरीका से हिन्दी जगत प्रकाशित होती है। कैलिफोर्निया, कोलंबिया, विस्कॉन्सिन, पेनसिलवेनिया, वर्जीनिया, टेक्सास, वाशिंगटन और शिकागो आदि विश्व विद्यालयों में हिंदी का भाषा केंद्रित अध्यन होता है।

नार्वे: नार्वे के ओसलो विश्वविद्यालय में मास्टर डिग्री के लिए हिंदी का पठन-पाठन किया जाता है तथा कुछ अन्य शहरों में भी प्राथमिक स्तर के स्कूलों में हिंदी पढ़ाई जाती है। स्वीडन के स्काटहोम विश्वविद्यालय में हिंदी का आधारभूत पाठ्यक्रम पढ़ाया जाता है. उप्पसला विश्वविद्यालय में हिंदी पढ़ाई जाती है।

दक्षिण अफ्रीका: दक्षिण अफ्रीका के यूनिवर्सिटी आफ डरबन में [डरबन शहर] में स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्री के लिए हिन्दी पठान की व्यवस्था है। 50 विद्यालयों में राष्ट्रभाषा प्रचार समिति वर्धा की परीक्षाओं के लिए हिंदी पढ़ाई जाती है।

चीन: चीन के बीजिंग विश्वविद्यालय में ‘’पूर्वी भाषाएं और साहित्य विभाग’’ में स्नातक डिग्री के लिए हिंदी की पढ़ाई होती है।

ब्रिटेन: ब्रिटेन के लंदन विश्वविद्यालय एवम कैंब्रिज विश्वविद्यालय में बीए एम्ए. के स्तर पर ‘’भाषा विज्ञान’’ विषय के रुप में हिंदी के अध्यापन की व्यवस्था है।

जर्मनी: जर्मनी के हुम्बोल्ट विश्वविद्यालय, बर्लिन स्थित फ्री विश्वविद्यालय, बर्लिन स्थित ही लीपजिंग विश्वविद्यालय, मार्टिनलूथर विश्वविद्यालय, बान विश्वविद्यालय, हाईडेलबर्ग विश्वविद्यालय, और हैम्बर्ग विश्वविद्यालय में नियमित रुप से हिंदी पढ़ाई जाती है। यहां के अन्य कई विश्वविद्यालयों में भी हिंदी पढ़ाई जाती है।

रूस: रूस में मास्को स्थित ‘’प्राच्य अध्ययन संस्थान’’ और पेतेरबर्ग स्थित ‘’प्राच्य भाषा संस्थान’’ में 1920 से हिंदी पढ़ाई जा रही है। व्लादिवोस्तोक स्टेट यूनिवर्सिटी में भी हिंदी पढ़ाई जाती है।

स्विट्ज़रलैंड: स्विट्ज़रलैंड में लवसाने और ज्यूरिख के विश्वविद्यालयों में हिंदी के प्रारंभिक पाठ्यक्रम पढ़ाये जाते हैं।

इटली: इटली के नेपल्स और वेनिस विश्वविद्यालयों में इन्डोलाजी एंड फॉरईस्ट विभागों में हिंदी के उच्च स्तरीय पठन की व्यवस्था है। मिलान इंस्टिट्यूट फॉर मिडिल ईस्ट, मिलानविश्वविद्यालय और ट्यूरिन विश्वविद्यालय के ‘’आधुनिक आर्य परिवार की भाषाओं का विभाग’’ में हिंदी की शिक्षा दी जाती है।

हालैंड: हालैंड के लायडन विश्वविद्यालय में हिंदी का 4 वर्षीय शिक्षण पाठ्यक्रम है। इसके अलावा निजी संगठन भी हिंदी सिखाते हैं।

ऑस्ट्रेलिया: ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा स्थित विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर पर ऐच्छिक विषय के रूप में हिंदी का अध्ययन होता है। लात्रोवे, मोनाश तथा क्वींसलैंड के विद्यापीठों में भी हिंदी पढ़ाई जाती है, अन्य देशो जैसे डेनमार्क, पोलैंड, चेक गणराज्य, हंगरी, दक्षिण कोरिया, मैक्सिको, क्यूबा, बेल्जियम, ऑस्ट्रिया, फिनलैंड, रोमानिया, क्रोशिया गणराज्य, मंगोलिया, उज्बेकिस्तान, तजाकिस्तान, तुर्की, थाईलैंड, रीयूनियम, अर्जेंटीना, सऊदी अरेबिया, ओमान, बहरीन, मलेशिया, ताइवान, सिंगापुर, केन्या, कुवैत, इराक, ईरान, तंजानिया, जांबिया, बहरीन, बोत्सवाना और इंडोनेशिया के स्कूलों में हिंदी का अध्यापन होता है।

हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान के कराची लाहौर विश्वविद्यालय तथा इस्लामाबाद की स्कूल ऑफ मॉडर्न लैंग्वेजेस में सर्टिफिकेट और डिप्लोमा स्तर पर हिंदी पढ़ाई जाती है। श्रीलंका में डिग्री कोर्स तक हिंदी पढ़ाई जाती है। हमारे पड़ोसी नेपाल के त्रिभुवन विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर और पीएचडी तक की हिंदी सुविधा है। बांग्लादेश में हिंदी का 4 वर्षीय कोर्स है। भूटान के 8 स्कूलों तथा बर्मा के मंदिरों, धर्मशालाओं व गैर सरकारी स्कूलों में हिंदी पढ़ाई जाती है। तो यह है हमारे पड़ोसी देशों में हिंदी की स्थिति। कुछ ऐसे भी देश हैं, जहां बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं और वहां भाषा के साथ साथ भारतीय संस्कृत को भी आगे बढ़ा रहे हैं। वहाँ हिंदी में पत्र पत्रिकाएं भी निकलती हैं। जैसे मारीशस, फिजी, सूरीनाम, गुयाना, त्रिनिदाद और टोबैगो।

मारीशस: मारीशस के लगभग 350 गैर सरकारी स्कूलों में सांध्यकालीन पढ़ाई होती है। माध्यमिक पढ़ाई के करीब 30 सरकारी और 100 गैर सरकारी विद्यालयों में 25000 विद्यार्थी प्रतिवर्ष हिंदी पढ़ते हैं। यह आंकड़ा बढ़ गया है। महात्मा गांधी संस्थान में डिप्लोमा कोर्स, अध्यापकों के लिए पीजी डिप्लोमा कोर्स 3 वर्ष का, हिंदी में बीए ऑनर्स कोर्स, फिजी में पहली व दूसरी कक्षा में हिंदी शिक्षा का माध्यम है तीसरी कक्षा से हिंदी एक विषय के रूप में पढ़ाई जाती है। विश्वविद्यालयों में भी हिंदी पढ़ाई जाती है। सूरीनाम में सबसे ज्यादा विश्व विद्यालयों में हिंदी एक विषय के रूप में पढ़ाई जाती है। सन 1977 से हिंदी परिषद द्वारा आयोजित पाठ्यक्रमों में तकरीबन एक हजार से ज्यादा छात्र हिंदी की परीक्षाएं देते हैं। भारतीय संस्कृति के केंद्र में भी हिंदी पढ़ाई जाती है। त्रिनिदाद एवं टोबैगो यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्टइंडीज और नीहस्ट में दो प्रोफेसर हिंदी पढ़ाते हैं। वेस्टइंडीज विश्वविद्यालय में हिंदी पीठ की स्थापना की गई है। यहां के अनेक विद्यालयों में हिंदी का पठन-पाठन होता है तथा हिंदी के अध्यापकों को प्रशिक्षित किया जाता है। गुयाना में ‘’हिंदी प्रचार’’ सभा द्वारा यहां के मंदिरों में लगभग सब पाठशालाएं हिंदी की प्राथमिक और माध्यमिक परीक्षा की व्यवस्था करती हैं। कुछ माध्यमिक स्कूलों में 6:00 से 8:00 तक हिंदी पढ़ाने का बंदोबस्त है।

हिंदी का भविष्य उज्ज्वल है अगर हिंदी के विकास में कोई बाधा है, तो स्वयं हम भारतीय। जो अंग्रेजी का मोह नहीं छोड़ पाते। हम स्वयं हिंदी की उपेक्षा करते हैं। हमारे घर में हमारी ही मां उपेक्षित है और दूसरे की मां अंग्रेजी को हम माँ-माँ कहकर चिल्लाते हैं। जो हमें मौसी जैसा भी भाव नहीं देती। किसी विद्वान ने कहा था कि– ‘अगर किसी को गुलाम बनाना है तो पहले उसकी भाषा व संस्कृति को नष्ट कर दो’ वह खुद गुलाम हो जाएगा। वही अंग्रेजों ने किया। हमारी भाषा व संस्कृत को विकृत कर दिया। वह जाते-जाते अपना काम कर चुके थे। अंग्रेजी अपना पैर पसार चुकी थी और आज अंग्रेजी की क्या स्थिति है सब जानते हैं। सबसे ज्यादा अप्रवासी भारतीयों का हिंदी के विकास में योगदान है। हमारे देश में मध्यवर्गीय परिवारों के लोग अपने बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाते हैं हिंदी माध्यम से पढ़ाने में खुद को हीन महसूस करते हैं। इसमें भारत सरकार की कमजोरी है। हर सरकारी कार्यालयों में ज्यादातर कार्य अंग्रेजी में ही किए जाते हैं। जहां भी नौकरी के लिए जाइये पहला सवाल यही होता है- अंग्रेजी आती है कि नहीं? अगर नहीं, तो समझो नौकरी नहीं मिलेगी। इसलिए हिंदी वालों के मन में हीन भावना घर कर गई। आज हर गरीब-अमीर आदमी अपने बच्चे को कान्वेंट स्कूल में भेजना चाहता है। यही कारण है कि आजादी के 70 सालों बाद भी हिंदी राष्ट्रभाषा नहीं बन पाई। इस मामले में हमें चीन से सबक लेने की जरूरत है जो अपनी राष्ट्रभाषा के प्रति कटिबद्ध है। अंग्रेजों ने जैसे अंग्रेजी को अंतराष्ट्रीय भाषा बनाया उसी तरह अगर हम हिंदी का प्रयोग खुलकर हर जगह करें, पढ़े-पढ़ाएं, हिंदी के प्रति समर्पण, प्रेरणा लें और दें। फिर वह दिन दूर नहीं, जब दुनिया वाले हिंदी के पीछे भागेंगे और हिंदी एक स्थापित अंतर्राष्ट्रीय भाषा होगी। जरूरत है तो अपनी राष्ट्रभाषा के प्रति दृढ़निश्चयी होना, प्रेम होना, हिन्दी को लेकर निराश नहीं होना और उत्साही होना।

(स्रोत साभार – प्रभा साक्षी)

………………..
 भारतीय भाषाओं की वर्णमाला विज्ञान से भरी है। वर्णमाला का प्रत्येक अक्षर तार्किक है और सटीक गणना के साथ क्रमिक रूप से रखा गया है। इस तरह का वैज्ञानिक दृष्टिकोण अन्य विदेशी भाषाओं की वर्णमाला में शामिल नहीं है। जैसे देखे
क ख ग घ ड़ – पांच के इस समूह को “कण्ठव्य” कंठवय कहा जाता है क्योंकि इस का उच्चारण करते समय कंठ से ध्वनि निकलती है। उच्चारण का प्रयास करें।
च छ ज झ ञ – इन पाँचों को “तालव्य” तालु कहा जाता है क्योंकि इसका उच्चारण करते समय जीभ तालू महसूस करेगी। उच्चारण का प्रयास करें।
ट ठ ड ढ ण – इन पांचों को “मूर्धन्य” मुर्धन्य कहा जाता है क्योंकि इसका उच्चारण करते समय जीभ मुर्धन्य (ऊपर उठी हुई) महसूस करेगी। उच्चारण का प्रयास करें।
त थ द ध न – पांच के इस समूह को दन्तवय कहा जाता है क्योंकि यह उच्चारण करते समय जीभ दांतों को छूती है। उच्चारण का प्रयास करें।
प फ ब भ म – पांच के इस समूह को कहा जाता है ओष्ठव्य क्योंकि दोनों होठ इस उच्चारण के लिए मिलते हैं। उच्चारण का प्रयास करें।
(स्रोत साभार – फेसबुक)

गणेश चतुर्थी पर बनाएं स्वादिष्ट मोदक

चॉकलेट मोदक 
सामग्री : 1 कप चावल का आटा, 1/2 कप मैदा, 2 चम्मच घी, एक चुटकीभर नमक, देशी घी। भरावन सामग्री : 1 कप मावा, 1/2 कप शक्कर, 1/2 कप किसी हुई चॉकलेट, चॉकलेट सॉस (अंदाज से)।
विधि : सबसे पहले एक कढ़ाई में मावा हल्का-सा भून लें एवं ठंडा कर लें। अब उसमें चॉकलेट व शक्कर मिलाकर अलग रख लें। तत्पश्चात कवर सामग्री मिलाकर गूंथ लें। 10-15 मिनट पश्चात उसकी पूरियां बेल कर भरावन भरें।
मोदक का आकार दें और गरम घी में मोदक धीमी आंच पर सुनहरे होने तक तल लें। लीजिए तैयार है स्वादिष्ट चॉकलेट मोदक। अब इस खास व्यंजन को भगवान श्री गणेश को नैवेद्य के रूप में चढ़ाएं।
………..
केसरयुक्त कोकोनट मोदक
कवर और भरावन सामग्री : 1 कप चावल का आटा , 1/2 कप मैदा, 2 टी स्पून देशी घी, चुटकी भर नमक। भरावन हेतु 2 कप किसा ताजा नारियल, पाव कप काजू दरदरा पिसा हुआ, पाव कप पिस्ता कतरन, 1 टी स्पून इलायची पाउडर, 1/2 कप दूध, केसर 4-5 लच्छा, 1 कप शकर।
विधि : सबसे पहले एक कढ़ाई में, नारियल, काजू, पिस्ता व शकर डालें तथा दूध डाल कर पकाते रहें। मावा जैसा गाढ़ा होने लगे तो आंच से उतारें व इलायची मिला लें। अब चावल के आटे में मैदा, घी व नमक मिलाकर गूंथ लें व पतली-पतली छोटी-छोटी पूरियां बेल लें। भरावन सामग्री थोड़ी-थोड़ी भरकर मोदक तैयार कर लें। फिर एक कढ़ाई में घी गर्म करें व धीमी आंच पर मोदक सुनहरे होने तक लें। अब केसर को दूध में घोटें व मोदक पर बिंदी लगाकर सजाएं और पेश करें।
(साभार – वेबदुनिया)
…………

पेरिमेनोपॉज खत्म होने से पहले दिखते हैं ये लक्षण

पेरिमेनोपॉज के दौरान महिलाओं में कई प्रकार के शारीरिक बदलाव आते हैं। यह वह समय है जब महिलाओं को हर महीने आने वाले पीरियड्स यानी मासिक धर्म धीरे-धीरे समाप्त होने लगते हैं और शरीर मेनोपॉज की ओर बढ़ता है। दरअसल, पेरिमेनोपॉज के दौरान, महिलाओं के शरीर में हार्मोनल बदलाव होने लगते हैं, जिससे मासिक धर्म अनियमित हो जाता है और कई प्रकार के शारीरिक और मानसिक लक्षण दिखने लगते हैं। आमतौर पर पेरिमेनोपॉज 40 से 50 वर्ष की उम्र के बीच शुरू होता है और यह अवधि कुछ महीनों से लेकर कई सालों तक हो सकती है। लेकिन महिलाओं के लिए यह समझना थोड़ा मुश्किल हो सकता है कि पेरिमेनोपॉज का अंत कब हो रहा है। हालांकि, शरीर में पेरिमेनोपॉज खत्म होने से पहले कुछ लक्षण दिखने लगते हैं। इस लेख में क्लाउड 9 हॉस्पिटल नोएडा की फर्टिलिटी डिपार्टमेंट की एसोसिएट डायरेक्टर, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर राखी से जानें पेरिमेनोपॉज से पहले महिलाओं में यह लक्षण दिखते हैं?
1. पीरियड्स में लंबा अंतराल – पेरिमेनोपॉज का समय खत्म होने का सबसे पहला लक्षण है मासिक धर्म के बीच लंबा अंतराल होना। जैसे-जैसे पेरिमेनोपॉज का समय आता है, मासिक धर्म यानी पीरियड्स के बीच के अंतराल बढ़ने लगते हैं। पहले यह अंतराल कुछ सप्ताह का होता था, लेकिन अब यह महीने या उससे अधिक का हो सकता है। यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आपका शरीर मेनोपॉज की ओर बढ़ रहा है। मासिक धर्म की अनियमितता के कारण बहुत सी महिलाएं इसे सामान्य समझती हैं, लेकिन यह इस बात का संकेत हो सकता है कि पेरिमेनोपॉज का समय खत्म होने वाला है।
2. सिरदर्द का कम होना – पेरिमेनोपॉज के दौरान हार्मोनल उतार-चढ़ाव के कारण अक्सर महिलाओं को होती है। लेकिन जब पेरिमेनोपॉज खत्म की ओर होता है, तो सिरदर्द की समस्या कम होने लगती है। यह इस बात का संकेत है कि आपके शरीर में हार्मोनल स्थिरता आ रही है और पेरिमेनोपॉज खत्म हो रहा है।
3. मूड में स्थिरता – पेरिमेनोपॉज के दौरान एक आम समस्या होती है। हार्मोनल बदलावों के कारण महिलाएं अक्सर तनाव, चिंता और डिप्रेशन जैसी समस्याओं का सामना करती हैं। लेकिन जब महिलाएं पेरिमेनोपॉज के आखिरी फेज में होती हैं, तो मूड में स्थिरता आने लगती है। यह इस बात का संकेत है कि आपके शरीर में हार्मोनल स्तर स्थिर हो रहे हैं और यह पेरिमेनोपॉज के खत्म होने का लक्षण है।
4. बार-बार हॉट फ्लैशेज का अनुभव – पेरिमेनोपॉज के दौरान महिलाओं को हॉट फ्लैशेज की समस्या बहुत होती है। यह तब होता है जब शरीर का तापमान अचानक बढ़ जाता है, जिससे गर्मी और पसीने का अनुभव होता है। जब महिलाएं पेरिमेनोपॉज के आखिरी फेज में होती हैं, तो हॉट फ्लैशेज की समस्या ज्यादा बढ़ सकती है। यह इस बात का संकेत है कि पेरिमेनोपॉज समाप्त हो रहा है और आपका शरीर मेनोपॉज की ओर बढ़ रहा है।
5. नींद में कमी – नींद की समस्याएं पेरिमेनोपॉज के दौरान काफी आम होती हैं। हार्मोनल बदलावों के कारण कई महिलाओं को अनिद्रा और रात को पसीने की शिकायत होती है। लेकिन जब पेरिमेनोपॉज समाप्त होने की ओर होता है, तो नींद की समस्याएं ज्यादा बढ़ सकती हैं। यह इस बात का संकेत है कि आपके शरीर में हो रहे बदलावों के कारण नींद की क्वालिटी में गिरावट आ रही है और पेरिमेनोपॉज खत्म होने वाला है।

श्री गणेशोत्सव और छत्रपति शिवाजी महाराज का है विशेष संबंध

10 दिवसीय गणेशोत्सव महापर्व ‘गणेश चतुर्थी’ सनातन धर्म में विशेष महत्व रखता है। इस वर्ष ‘गणेश चतुर्थी’ 7 सितंबर 2024, शनिवार से शुरू हो गया। गणेश उत्सव पूरे 10 दिनों तक चलते हुए 17 सितंबर 2024 को समाप्त होगा। यूं तो गणेश जी की पूजा हर माह में दो बार पड़ने वाली चतुर्थी तिथि को पूरे विधि-विधान से की जाती है। लेकिन, इसका महत्व हर साल भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष में पड़ने वाली चतुर्थी तिथि को बहुत ज्यादा बढ़ जाता है क्योंकि, मान्यता है कि इसी दिन गौरी पुत्र गणेश का जन्म हुआ था।
महाराष्ट्र और गुजरात में गणेशोत्सव को बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी को ‘मुख्य गणेश चतुर्थी’, ‘विनायक चतुर्थी’, ‘कलंक चतुर्थी’ और ‘डंडा चौथ’ के नाम से भी जाना जाता है। गणेशोत्सव के पर्व के मौके पर चारों तरफ उत्सव की माहौल रहता हैं और हर किसी के मन में गणपति से अपनी मनोकामना की पूर्ति की अभिलाषा होती है। गणों के अधिपति श्री गणेश जी प्रथम पूज्य हैं सर्वप्रथम उन्हीं की पूजा की जाती है, उनके बाद अन्य देवताओं की पूजा की जाती है। किसी भी कर्मकांड में श्री गणेश की पूजा-आराधना सबसे पहले की जाती है क्योंकि, गणेश जी विघ्नहर्ता हैं, और आने वाले सभी विघ्नों को दूर कर देते हैं। आइए जानें श्री गणेशोत्सव का इतिहास और महत्व-
श्री गणेशोत्सव का इतिहास
1- धर्म गुरु के अनुसार, श्री गणेश उत्सव का महापर्व का इतिहास बहुत ही पुराना है। गणेश जी को विघ्नहर्ता माना जाता है। इसका पौराणिक एवं आध्यात्मिक महत्व है। इस उत्सव का प्रारंभ छत्रपति शिवाजी महाराज जी के द्वारा पुणे में हुआ था। शिवाजी महाराज ने गणेशोत्सव का प्रचलन बड़ी उमंग एवं उत्साह के साथ किया था, उन्होंने इस महोत्सव के माध्यम से लोगों में जन-जागृति का संचार किया।
2- इसके बाद पेशवाओं ने भी गणेशोत्सव के क्रम को आगे बढ़ाया। गणेश जी उनके कुलदेवता थे इसलिए वे भी अत्यंत उत्साह के साथ गणेश पूजन करते थे। पेशवाओं के बाद यह उत्सव कमजोर पड़ गया और केवल मंदिरों और राज परिवारों में ही सिमट गया। इसके पश्चात 1892 में भाऊसाहेब लक्ष्मण जबाले ने सार्वजनिक गणेश उत्सव प्रारंभ किया।
3- स्वतंत्रता के पुरोधा लोकमान्य तिलक, सार्वजनिक गणेशोत्सव की परंपरा से अत्यंत प्रभावित हुए और 1893 में स्वतंत्रता का दीप प्रज्वलित करने वाली पत्रिका ‘केसरी’ में इसे स्थान दिया। उन्होंने अपनी पत्रिका ‘केसरी’ के कार्यालय में इसकी स्थापना की और लोगों से आग्रह किया कि सभी इनकी पूजा-आराधना करें, ताकि जीवन, समाज और राष्ट्र में विघ्नों का नाश हो।
4-उन्होंने श्री गणेश जी को जन-जन का भगवान कहकर संबोधन किया। लोगों ने बड़े उत्साह के साथ उसे स्वीकार किया, इसके बाद गणेश उत्सव जन-आंदोलन का माध्यम बना। उन्होंने इस उत्सव को जन-जन से जोड़कर स्वतंत्रता प्राप्ति हेतु जन चेतना जागृति का माध्यम बनाया और उसमें सफल भी हुए। आज भी संपूर्ण महाराष्ट्र इस उत्सव का केंद्र बिन्दु है, परंतु देश के प्रत्येक भाग में भी अब यह उत्सव जन-जन को जोड़ता है।
भाद्रपद चतुर्थी के दिन गणपति महाराज की स्थापना से आरंभ होकर चतुर्दशी को होने वाले विसर्जन तक गणपति जी विविध रूपों में पूरे देश में विराजमान रहते हैं। उन्हें मोदक तो प्रिय हैं ही, परंतु गणपति अकिंचन को भी मान देते हैं, अतः दूर्वा, नैवेद्य भी उन्हें उतने ही प्रिय हैं। गणपति महोत्सव जन-जन को एक सूत्र में पिरोता है।
अपने धर्म और संस्कृति का यह अप्रतिम सौंदर्य भी है, जो सबको साथ लेकर चलता है। श्रावण की पूर्णता, जब धरती पर हरियाली का सौंदर्य बिखेर रही होती है, तब मूर्तिकार के घर -आँगन में गणेश प्रतिमाएं आकार लेने लगती हैं। प्रकृति के मंगल उद्घोष के बाद मंगल मूर्ति की स्थापना का समय आना स्वाभाविक है।
(साभार नवभारत)

भगवान श्रीकृष्ण की ‘बेट द्वारका’ का होगा विश्व स्तरीय कायाकल्प

– तीन चरणों में होगा विकास, पहले चरण के लिए 150 करोड़ आवंटित
– गुजरात पर्यटन निगम ने बनाया विकास का मास्टर प्लान
द्वारका । बेट द्वारका में ‘सुदर्शन सेतु’ के निर्माण के बाद यात्रियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसी तरह तीर्थस्थल और आस्था के साथ पौराणिक महत्व रखने वाले भगवान श्रीकृष्ण की ‘बेट द्वारका’ के विश्व स्तरीय कायाकल्प के लिए पर्यटन मंत्री मूलुभाई बेड़ा के मार्गदर्शन में गुजरात पर्यटन निगम ने मास्टर प्लान तैयार किया है। इस प्लान के तहत तीन चरणों में मंदिर परिसर, बीच और उसके आसपास के क्षेत्रों का विकास किया जाएगा। इसके पहले चरण के लिए राज्य सरकार ने 150 करोड़ रुपये की बड़ी राशि आवंटित की है। गुजरात पर्यटन निगम के अनुसार इस द्वीप के पहले चरण के विकास के लिए राज्य सरकार ने 150 करोड़ रुपये की बड़ी राशि आवंटित की गई है, जिसकी टेंडरिंग प्रक्रिया वर्तमान में चल रही है। आने वाले समय में इस द्वीप के फेज-2 और 3 के विकास कार्य शुरू किए जाएंगे। पर्यटन निगम की एक रिपोर्ट के अनुसार बेट द्वारका विकास परियोजना के फेज-1 में द्वारकाधीशजी मंदिर का विकास, सड़क सुंदरीकरण, हेरिटेज स्ट्रीट का विकास, शंखनारायण मंदिर और तालाब का विकास, नॉर्थ बीच विकास, सार्वजनिक बीच, पर्यटक विजिटर सेंटर और हाट बाजार और हिल्लॉक पार्क के साथ व्यूइंग डेक का निर्माण किया जाएगा।
फेज-2 व 3 के तहत किए जाने वाले विकास कार्य – बेट द्वारका पुनर्विकास परियोजना के फेज-2 में दांडी हनुमान मंदिर और बीच विकास, अभय माता मंदिर और सनसेट पार्क, नेचर और मरीन इंटरप्रिटेशन सेंटर, स्किल डेवलपमेंट सेंटर, कम्युनिटी लेक विकास और रोड एवं साइन का निर्माण किया जाएगा। इसी तरह बेट द्वारका विकास परियोजना के फेज-3 में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम, कम्युनिटी लेक विकास और लेक अराइवल प्लाजा तैयार किया जाएगा। भविष्य में यात्री सुविधाओं के लिए बीच से मंदिर तक शटल सेवा, ई-वाहन, डॉल्फिन देखने के लिए फेरी सेवा, ऑडियो-विजुअल प्रदर्शन, स्किल डेवलपमेंट और गाइड ट्रेनिंग आदि सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
बेट द्वारका द्वीप विकास के फेज-1 के मुख्य आकर्षण – मंदिर परिसर और उसके आसपास के क्षेत्रों का विकास बेट द्वारका विकास के मास्टर प्लान के अनुसार किया जाएगा। मंदिर परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए चार दिशाओं में प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। जिसमें सुदामा सेतु से बेट द्वारका गांव की ओर जाने वाली सड़क, समुद्री मार्ग से मुख्य प्रवेश द्वार तक का रास्ता बनाया जाएगा। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि मंदिर में भीड़ न हो इसके लिए पुरुष और महिलाओं की दर्शन लाइनें अलग-अलग बनाई जाएंगी और दिव्यांगों को कोई असुविधा न हो इसके लिए इस मास्टर प्लान को डिज़ाइन किया गया है। मंदिर परिसर में यात्रियों को सूचित करने के लिए साइन बोर्ड, पानी के हौज, कचरा पेटी और बैठने के लिए बेंच की व्यवस्था होगी। यात्रियों की यात्रा को यादगार बनाने के लिए भगवान श्रीकृष्ण के जीवन की घटनाओं के चित्र या मूर्तियों का प्रदर्शन करने की भी योजना बनाई गई है।
नॉर्थ-पद्म बीच पर विकसित हाेंगी सुविधाएं – बेट द्वारका का यह नॉर्थ बीच सर्दियों के मौसम में ‘डॉल्फिन’ देखने के लिए प्रसिद्ध है। यहां एक अनोखा ‘पद्म’ नामक शंख मिलता है, इसलिए इस बीच को ‘पद्म बीच’ भी कहा जाता है। मास्टर प्लान के अनुसार इस बीच पर पार्किंग, खाने-पीने के स्टॉल, बच्चों के खेल उपकरण, बैठने की सुविधा और टॉयलेट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इस नॉर्थ बीच पर पर्यटक मनोरंजन और सूर्यास्त का शानदार दृश्य का आनंद ले सकेंगे।
पर्यटक विजिटर सेंटर – बेट द्वारका विकास योजना के अनुसार यहां पर्यटक विजिटर सेंटर वर्तमान में सुदामा सेतु से मंदिर परिसर जाने के रास्ते में बनाया जाएगा। जिसमें मंदिर की ऐतिहासिक जानकारी व विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। इतना ही नहीं यहां वेटिंग एरिया, टॉयलेट्स, लॉकर सुविधा, गुजराती फूड का आनंद लेने के लिए एक रेस्टोरेंट और हाट बाजार भी बनाए जाएंगे।
हेरिटेज स्ट्रीट विकास – मास्टर प्लान में बेट द्वारका में कई ऐतिहासिक मंदिरों को जोड़ने वाली हेरिटेज स्ट्रीट में मुख्य रूप से द्वारकाधीश मंदिर, शंखनारायण मंदिर और हनुमान दांडी मंदिर को शामिल किया गया है। इन मंदिरों को जोड़ने वाले रास्तों को ‘हेरिटेज’ थीम पर विकसित किया जाएगा। इस स्ट्रीट में भित्तिचित्र, म्यूरल, चबूतरा, लैंडस्केपिंग, लाइट और बैठने की सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
हिल्लॉक पार्क पर देख सकेंगे सूर्योदय – यहां से यात्री ‘सूर्योदय और सूर्यास्त’ का शानदार दृश्य देख सकेंगे। मास्टर प्लान के अनुसार, इस स्थान को ‘पब्लिक पार्क’ के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां से सुदामा सेतु का शानदार दृश्य देखने को मिलेगा। इस पार्क में भी खाने-पीने के स्टॉल, विशेष लैंडस्केप, बोर्डवॉक, वॉकवे और कॉमन टॉयलेट जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

आरम्भ हुआ एमडीजे “कपल नं 1” के सीजन 3

विजेता को मिलेगा “वियतनाम की सैर का मौका
कोलकाता । महाबीर डांवर ज्वेलर्स की ओर से बहुचर्चित कार्यक्रम “कपल नं 1 के सीजन 3” आरम्भ हो चुका है। यह कार्यक्रम विवाहित जोड़ों के आपसी रोमांस को फिर से जगाने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य वैवाहिक जोड़ियों के बीच आपसी प्रेम और एक दूसरे को समझने की भावना का उनमें अहसास दिलाना है, जिसमें हर जोड़ी को आमंत्रित कर उन्हें अपनी अनूठी और आकर्षक तस्वीरों को दिखाने के लिए मंच प्रदान किया जाता है। इस कार्यक्रम का अनावरण कोलकाता के पार्क स्ट्रीट में स्थित महाबीर डांवर ज्वेलर्स के आउटलेट में शुक्रवार को किया गया। जिसमें अभिनेत्री ऋचा शर्मा, सेलिब्रिटी प्रेरक वक्ता नैना मोरे, महाबीर डांवर ज्वेलर्स के निदेशक विजय सोनी, महाबीर डांवर ज्वेलर्स के निदेशक संदीप सोनी और महाबीर डांवर ज्वेलर्स के निदेशक अमित सोनी। मशहूर फैशन डिजाइनर ज्योति खेतान को इस कार्यक्रम का जज बनाया गया है, उनके नेतृत्व में इस कार्यक्रम का समापन किया जाएगा। मीडिया से बात करते हुए महाबीर डांवर ज्वेलर्स के निदेशक विजय सोनी, संदीप सोनी और अमित सोनी ने कहा कि हम शादीशुदा जोड़ों के लिए इस बार एक नए ट्विस्ट के साथ “कपल नंबर 1” प्रतियोगिता लेकर रोमांचित हैं। इस सीजन के विजेता को हम ग्रैंड प्राइज के रूप में वियतनाम की एक अविस्मरणीय यात्रा का तोहफा पेश करेंगे। इसके अलावा इस प्रतियोगिता में भाग लेनेवाले  हर जोड़े को डिस्काउंट कूपन और एमडीजे शोरूम में एक विशेष यात्रा का आनंद मिलेगा।
इस अवसर पर अभिनेत्री ऋचा शर्मा ने कहा कि शादी जीवन की एक खूबसूरत यात्रा है, जिसे हर दिन मनाया जाना चाहिए। फैशन डिजाइनर ज्योति खेतान ने कहा कि अपने जीवनसाथी के साथ सच्चा प्यार एक दूसरे की निगाहों के इशारे और आपसी जुड़ाव के माध्यम से पनपता है। यह प्रतियोगिता, उन जोड़ों की यात्रा का सम्मान करने और उनके स्थायी प्रेम को चमकने के लिए एक मंच और सुनहरा अवसर है। यह हर जोड़े के लिए अपने अनूठे बंधन को दिखाने और साथ में नई यादें बनाने का मौका है।”  सेलिब्रिटी मोटिवेशनल स्पीकर नैना मोरे ने कहा कि प्यार जीवन साथी के साथ खूबसूरत पल को बनाने का अहसास है। इस सीज़न में हम जोड़ों को हमारी प्रतियोगिता के माध्यम से उनके बीच प्यार को और निखारने का मौका देने के लिए बेहद उत्साहित हैं। “कपल नंबर 1” प्रतियोगिता विवाहित जोड़ों को अपनी सबसे आकर्षक जोड़ी तस्वीरें जमा करने के लिए आमंत्रित करती है। एक सफल चयन प्रक्रिया के माध्यम से सबसे योग्य जोड़ों की पहचान की जाएगी, जिन्हें छूट कूपन और एमडीजे शोरूम में जाने का मौका मिलेगा। इसके विजेता को अपने प्यार के साथ भव्य पुरस्कार के रूप में वियतनाम की यात्रा करने का मौका मिलेगा। इस प्रतियोगिता का ग्रैंड फिनाले 10 नवंबर को कोलकाता के फेयरफील्ड बाय मैरियट में आयोजित किया जायेगा।

बंधन बैंक ने वाहन वित्त सुविधाओं के लिए अशोक लीलैंड से मिलाया हाथ

कोलकाता । बंधन बैंक ने ग्राहकों के लिए रणनीतिक वाहन वित्तपोषण साझेदारी के लिए अग्रणी वाणिज्यिक वाहन निर्माताओं में से एक अशोक लीलैंड के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यह समझौता ज्ञापन बंधन बैंक और अशोक लीलैंड दोनों को अपने-अपने ग्राहक आधार को अनुकूलित वित्तीय समाधान प्रदान करने में सक्षम करेगा। बंधन बैंक के कार्यकारी निदेशक और मुख्य व्यवसाय अधिकारी श्री राजिंदर बब्बर और अशोक लेलैंड के सीएफओ श्री केएम बालाजी ने श्री संजीव कुमार, अध्यक्ष और प्रमुख-एमएचसीवी, अशोक लीलैंड की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी के तहत, बंधन बैंक अशोक लीलैंड के ग्राहकों को संपूर्ण वित्तीय समाधान प्रदान करने में सक्षम होगा। यह साझेदारी ग्राहकों की प्राथमिकताओं के अनुरूप आसान मासिक पुनर्भुगतान योजनाओं के साथ वाहन ऋण प्रदान करके ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने पर ध्यान केंद्रित करेगी। इस रणनीतिक विकास पर टिप्पणी करते हुए बंधन बैंक के कार्यकारी निदेशक और मुख्य व्यवसाय अधिकारी राजिंदर बब्बर ने कहा कि बंधन बैंक को अशोक लीलैंड  के साथ साझेदारी करके खुशी हो रही है, ताकि निर्बाध वाहन वित्तपोषण समाधान प्रदान किया जा सके। यह सहयोग वाणिज्यिक वाहन ग्राहकों की विविध वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए हमारे समर्पण को दर्शाता है। हमें विश्वास है कि यह सहयोग हमें अपनी पहुंच बढ़ाने और वाणिज्यिक वाहन खंड में व्यवसायों के विकास का समर्थन करने के लिए अनुरूप वित्तपोषण विकल्प प्रदान करने में सक्षम बनाएगा। अशोक लीलैंड के मुख्य वित्तीय अधिकारी  केएम बालाजी ने कहा कि हम अपने ग्राहकों को आकर्षक वित्तपोषण समाधान प्रदान करने के लिए बंधन बैंक के साथ साझेदारी करके प्रसन्न हैं। यह रणनीतिक साझेदारी अशोक लीलैंड की बाजार स्थिति को मजबूत करेगी। हमारे उत्पाद, उद्योग में अग्रणी कुल स्वामित्व लागत प्रदान करते हैं, जो हमारे ग्राहकों के लिए अधिकतम लाभप्रदता सुनिश्चित करते हैं। हम असाधारण ग्राहक अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”अशोक लीलैंड के एमएंडएचसीवी अध्यक्ष श्री संजीव कुमार ने कहा, “अशोक लीलैंड में, हम अपने ग्राहकों के अनुभव को लगातार बेहतर बनाने और अधिक मूल्य प्रदान करने के लिए समर्पित हैं। बंधन बैंक और अशोक लीलैंड की संयुक्त ताकत के साथ, हमारे ग्राहकों को विशेष रूप से तैयार की गई आसान पुनर्भुगतान योजनाओं के साथ व्यापक वित्तपोषण समाधान तक पहुंच प्राप्त होगी।” बंधन बैंक लगातार अपने पोर्टफोलियो का विस्तार कर रहा है ताकि एसएमई लोन, गोल्ड लोन, पर्सनल लोन और ऑटो लोन  जैसे प्रमुख क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध रहे, जिसमें कमर्शियल व्हीकल फाइनेंसिंग भी शामिल है। इसके अलावा, बैंक व्यवसायों के लिए तैयार किए गए उत्पादों की एक श्रृंखला भी प्रदान करता है, जिसमें संपत्ति के खिलाफ ऋण शामिल है, जो विविध ग्राहक आवश्यकताओं के लिए व्यापक वित्तीय समाधान सुनिश्चित करता है।

धर्मदेव सिंह की दो कविताएं

सबूत 
क्या मैं हत्यारा हूँ ?
क्या मैं बलात्कारी हूँ ?
क्या मैं अपहर्ता हूँ ?
अगर हूँ
तो सबूत दो।
क्या मैं गुंडा हूँ ?
क्या मैं ड्रग माफिया हूँ ?
क्या मैं कोयला माफिया हूँ ?
क्या मैं चोर हूँ ?
अगर हूँ
तो सबूत दो ।
क्या मैं भ्रष्टाचारी हूँ
क्या मैं अत्याचारी हूँ
क्या मैं रिश्वतखोर हूँ
अगर हूँ
तो सबूत दो।
मुझे बदनाम करने के लिए
चौराहे पर
माइक ले
 मत चिल्लाओ
 तुम अदालत जाओ
और वहाँ
मेरे अपराध विरुद्ध
सबूत दो
यदि अपराध करते हुए
 मुझे तुमने देखा है तो ।
जान लो
मैं साधारण  आदमी नहीं हूँ
 बहुत प्रभावशाली हूँ
 मेरा बाल बाँका नहीं कर सकते हो तुम
 मिलने ही नहीं दूँगा
तुम्हें एक भी सबूत।
………………..
मैं आरजीकर से बोल रही हूँ 
हेलो हेलो
हेलो
कौन?
मैं एक महिला डॉक्टर
आरजीकर अस्पताल से बोल रही हूँ
आप कौन हैं?
मैं एक सी बी आई अधिकारी हूँ।
अच्छा, नमस्कार सर!
क्या आप मेरी हत्या की
यहाँ जाँच कर रहे हैं?
जी, हाँ!
ठीक है सर, कीजिए
और मेरे हत्यारों को पकड़िये
आप पर मुझे भरोसा है।
किंतु अस्पताल तो
बोल रहा है कि
तुमने आत्महत्या की है?
नहीं सर
मैंने आत्महत्या नहीं की है
इसी में कुछ लोगों ने
साजिश कर
पहले मुझसे दुष्कर्म किया
फिर मेरी हत्या कर दी ।
सर ,ये लोग प्रभावशाली हैं
अपने बचाव खातिर
सब सबूत मिटा
मेरी हत्या को
आत्महत्या कह रहे हैं ।
मैं कसम खा बोल रही सर
कि मैंने आत्महत्या नहीं की है
 पोस्टमार्टम भी मेरा
गलत हुआ है।
अच्छा ,
मैं तुम्हें विश्वास देता हूँ
कि जाँच सही करूँगा
और तुम्हारे हत्यारों को
अदालत में खींचकर
उन्हें मौत की सजा दिलवाऊँगा
थोड़ा इंतजार करो ।
ठीक है सर
अगर मुझे आप
कोर्ट में भी ले चलेंगे
तो वहाँ भी आपके साथ चलूँगी मैं
और विचारपति को
अपने शरीर के ऊपर भीतर की
चोटों के निशानों को दिखा
बताऊँगी कि
हुजूर!मैंने आत्महत्या नहीं की है
मेरी हत्या की गई है।
जबतक मुझे आप
न्याय नहीं देंगे
तबतक हुजूर
आरजीकर से लेकर
न्यायालय तक
चक्कर लगाती रहूँगी ।
जिस दिन अपने हत्यारों को
फांसी पर तार सदृश
झूलता देख लूँगी
उसी दिन हुजूर
शाँति मन
यमराज के घर चली जाऊँगी ।