Home Blog Page 74

भाषायी लोकतंत्र का नेतृत्व तो हिन्दी को ही करना है

हिन्दी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए याद दिलाना चाहती हूँ कि अब दुकानों के बोर्ड बांग्ला में लिखना अनिवार्य कर दिया गया है। कहने का मतलब यह है कि आप किसी भी भाषा के हों, बांग्ला में ही लिखना होगा। यह अनिवार्य पहले भी था हिन्दी व अंग्रेजी के साथ बांग्ला लिखी जाती थी। उन इलाकों में जहां बांग्ला ही बोली जाती है, वहां पर यह समझ में आता है मगर जहाँ हिन्दीभाषी ही अधिक हों…वहाँ इस नियम का क्या अर्थ है, समझ के बाहर है। बंगाल सरकार, महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलना़डु समेत तमाम हिन्दी के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हिन्दी विद्वेषियों से पूछना चाहती हूँ कि अगर आप पर हिन्दी थोपना गलत है तो आपके राज्यों में जो हो रहा है, वह सही है। क्या सारे अधिकार क्षेत्रीयता के आधार पर निर्धारित होंगे..जब आप सिर्फ अपने राज्य की बात करते हैं तो कहीं न कहीं अपने राज्य के विस्तार को संकुचित कर रहे होते हैं। क्या आपके राज्यों में सिर्फ आपकी भाषा बोलने वाले लोग ही रहते हैं या फिर ऐसा है क्या कि वह राजस्व नहीं भरते। बंगाल का सत्ता पक्ष अपनी उपलब्धियां गिनवा रहा है. इस संदर्भ में, मैं यह बताना चाहूंगी कि 2011 से हमने राज्य में हिंदी भाषी लोगों के विकास के लिए कई कदम उठाए हैं। जिन क्षेत्रों में 10 प्रतिशत से अधिक आबादी हिंदी बोलती है, वहां हिंदी को आधिकारिक भाषा के रूप में उपयोग करने का प्रावधान किया गया है।’’ इस अवसर पर बनर्जी ने हिंदी अकादमी की स्थापना, हावड़ा में हिंदी विश्वविद्यालय की स्थापना, बनरहाट और नक्सलबाड़ी में हिंदी माध्यम के कॉलेज और कई कॉलेजों में हिंदी स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम शुरू करने जैसी पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि रवींद्र मुक्त विद्यालय में उच्चतर माध्यमिक परीक्षा के प्रश्नपत्र और माध्यमिक परीक्षाएं अब हिंदी में उपलब्ध हैं। बनर्जी ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के हिंदी भाषी श्रमिकों के लिए सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का विस्तार किया गया है। क्यों हर एक राज्य में यूपी व बिहार के लोगों को टारगेट किया जा रहा है। एक बात जान लीजिए जब आप किसी को अनावश्यक नीचा दिखाते हैं तो यह आपकी कुंठा को दिखाता है।
हम जानना चाहते हैं कि वह लोग कौन थे जिन्होंने इन्द्रधनुष के बांग्ला पर्याय रामधनु को रंगधनु बना दिया था। राज्य सरकार की नौकरियों में हिंदी, संथाली और उर्दू को खत्म कर बांग्ला भाषा का पेपर अनिवार्य कर दिया गया है। प्रश्नपत्र का स्तर माध्यमिक (10वीं) के समकक्ष रखा गया है। पिछले कई वर्षों से यह नीति धीरे-धीरे क्रमिक रूप से लागू की गई है। पहले पुलिस जवानों की नियुक्ति में बांग्ला को अनिवार्य किया गया। उसके बाद इसे धीरे-धीरे सभी सरकारी नियुक्तियों में अनिवार्य कर दिया गया। 15 मार्च, 2023 को राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी कर सरकारी अधिकारियों (सिविल सर्विसेज एग्जीक्यूटिव) की नियुक्ति में भी बांग्ला अनिवार्य कर दिया है। हिंदी, उर्दू और संथाली के विकल्प को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के हटा दिया गया है। इससे स्पष्ट है कि अब सरकारी नौकरियों में हिंदी, उर्दू और संथाली भाषा के युवक-युवतियों के प्रवेश पर पूर्ण रोक लगा दी गई है। बंगाल के भाषाई अल्पसंख्यक छात्र-छात्राओं को 43 साल पहले से 10वीं कक्षा तक आवश्यक तीसरी भाषा के रूप में बांग्ला लिखने, पढ़ने और बोलने की सुविधा से वंचित रखा गया। अब 2023 से उन्हें 10वीं कक्षा में अनिवार्य रूप से बांग्ला भाषा का पेपर उत्तीर्ण करने के लिए कहा जा रहा है। बांग्ला दक्षता परीक्षा अनिवार्य रूप से ली जा रही है। यह स्पष्ट रूप से संविधान के अनुच्छेद 16 के प्रावधानों के खिलाफ भाषाई अल्पसंख्यक छात्रों के साथ भेदभाव है। भाषाई अल्पसंख्यक छात्रों को बांग्ला पढ़ने से एतराज नहीं है। उनका कहना है कि हिंदी, उर्दू, संथाली माध्यम के स्कूलों में दक्षता हासिल करने के लिए 10वीं कक्षा तक बांग्ला भाषा को अनिवार्य भाषा के रूप में लागू किया जाना चाहिए। जैसा कि वर्ष 1980 तक था। वर्ष 1981 से 2023 तक मध्यमा उत्तीर्ण करने वाले छात्रों के लिए पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा बांग्ला भाषा में एक वर्षीय प्रमाणपत्र या डिप्लोमा पाठ्यक्रम की व्यवस्था की जानी चाहिए। बांग्ला भाषा में दक्षता हासिल करने के लिए भाषाई अल्पसंख्यक छात्रों को ग्रेस मार्क्स मिलने चाहिए। जब तक हिंदी, उर्दू, संथाली और नेपाली भाषी छात्रों को ऐसी सुविधा नहीं दी जाती, तब तक सभी सरकारी नियुक्ति परीक्षा के संबंध में अधिसूचना को स्थगित रखा जाना चाहिए। इसे लेकर अब तक बात कहां तक बढ़ी…पता नहीं। तमिलनाडु में हिंदी विरोधी आंदोलन इस हद तक पहुंच गया है कि वहां हाल ही में बजट लोगो से भी रुपये का देवनागरी सिंबल हटाकर तमिल अक्षर कर दिया गया है। तमिलनाडु में हिंदी पर मचे संग्राम के बीच अब आंध्र प्रदेश के उप मुख्यमंत्री पवन कल्याण की टिप्पणी आई है। उन्होंने इस मामले में तमिलनाडु सरकार के रवैये पर सवाल खड़े किए हिन्दी कोई बाहरी भाषा नहीं कि उसे अपने ही देश में उपनिवेश स्थापित करना पड़े। यह तो देश के बहुलांश द्वारा बोले जाने वाली भाषा है। मनसे और उद्धव सेना पहले से ही हिन्दीभाषियों को मराठी न बोल पाने की सजा दे रही है। कर्नाटक में कन्नड़ बुलवाने के लिए हिंदीवालों को प्रताड़ित किया जा रहा है। यहां बात भाषायी लोकतंत्र की है। संसाधन और शिक्षकों की कमी से न जाने कितने स्कूल बंद हो चुके हैं। इस देश का हर राज्य, हर एक क्षेत्र एक दूसरे पर निर्भर है और हिन्दी वह धागा है जो समूचे राष्ट्र को जोड़ती है।

बैक्टीरियल इंफेक्शन भी हो सकता है दिल के दौरे का कारण

नयी दिल्ली । अब तक हम दिल का दौरा आने के पीछे केवल ब्लॉकेज और कोलेस्ट्रॉल को ही कारण मानते थे, लेकिन एक नए अध्ययन ने बताया है कि दिल के दौरे का कारण बैक्टीरियल इंफेक्शन भी हो सकता है। यह अध्ययन फिनलैंड और यूके के वैज्ञानिकों ने किया और इसे अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के जर्नल में प्रकाशित किया गया। शोधकर्ताओं का कहना है कि यह खोज दिल की बीमारियों के इलाज, टेस्टिंग और यहां तक कि वैक्सीन बनाने के नए रास्ते खोल सकती है। अब तक यह समझा जाता था कि कोरोनरी आर्टरी रोग की शुरुआत केवल ऑक्सीडाइज्ड एलडीएल कोलेस्ट्रॉल से होती है। शरीर इसे बाहरी चीज समझकर उस पर प्रतिक्रिया करता है और धीरे-धीरे धमनी में ब्लॉकेज बनने लगता है।
लेकिन लंबे समय से यह शक भी था कि इसमें जीवाणुओं (बैक्टीरिया) का हाथ हो सकता है, हालांकि पुख्ता सबूत नहीं थे। शोधकर्ताओं ने पाया कि धमनी में बनने वाले एथेरो स्क्लेरोटिक प्लेक (यानी कोलेस्ट्रॉल जमा होकर बनी परत) में अक्सर बैक्टीरिया की बायोफिल्म मौजूद होती है। यह बायोफिल्म एक जिलेटिन जैसी परत है, जिसमें बैक्टीरिया छिपे रहते हैं। यहां ये बैक्टीरिया लंबे समय तक सुप्त अवस्था में रह सकते हैं। इस दौरान ये शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली और एंटीबायोटिक दवाओं से सुरक्षित रहते हैं क्योंकि दवाएं और इम्यून सेल बायोफिल्म के अंदर आसानी से नहीं पहुंच पाते।
इस अध्ययन का नेतृत्व करने वाले फिनलैंड के टैम्पीयर विश्वविद्यालय के प्रोफेसर पेक्का करहुनेन ने कहा, “कोरोनरी धमनी रोग में जीवाणुओं की भागीदारी का संदेह लंबे समय से रहा है, लेकिन प्रत्यक्ष और ठोस सबूतों का अभाव रहा है।”
अगर शरीर में कोई वायरल इंफेक्शन या बाहर से कुछ ट्रिगर होता है, तो ये निष्क्रिय बैक्टीरिया अचानक सक्रिय हो जाते हैं। बैक्टीरिया तेजी से फैलते हैं और सूजन पैदा करते हैं। सूजन के कारण धमनी में जमा प्लेक की परत कमजोर होकर फट जाती है। जब यह परत टूटती है तो वहां खून का थक्का (थ्रोम्बस) बनता है, और यही थक्का दिल का दौरा ला सकता है। यह खोज बताती है कि दिल का दौरा सिर्फ कोलेस्ट्रॉल से नहीं, बल्कि बैक्टीरिया और संक्रमण से भी जुड़ा हो सकता है। यह आने वाले समय में हार्ट अटैक रोकने के लिए नए इलाज और टीकाकरण की दिशा में बड़ी उम्मीद है। अब दिल की बीमारियों के इलाज और टेस्टिंग के नए तरीके विकसित किए जा सकते हैं।

आंखों को मलने लगते हैं तो रहिए सावधान

नयी दिल्ली । आंखें न सिर्फ इस दुनिया को देखने का जरिया हैं, बल्कि ये हमारी भावनाओं का आईना भी होती हैं। जब हम खुश होते हैं, दुखी होते हैं, थक जाते हैं या नींद से भर जाते हैं, तो आंखें अपने आप बहुत कुछ कह जाती हैं। ऐसे ही थकान, जलन या खुजली के वक्त हम अक्सर बिना सोचे-समझे अपनी आंखों को मलने लगते हैं। यह काम उस वक्त हमें राहत देने वाला लग सकता है, लेकिन यह आदत हमारी आंखों पर बुरा असर डालती है। आंखों को बार-बार मलना खतरनाक आदत साबित हो सकती है। यह आदत धीरे-धीरे हमारी आंखों को खराब कर सकती है। यह एक ऐसी समस्या है जो खासतौर पर बच्चों, युवाओं और उन लोगों में ज्यादातर देखी जाती है जो लंबे समय तक स्क्रीन के सामने रहते हैं। अमेरिकन नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन की रिसर्च के मुताबिक, आंखों को बार-बार मलने से संक्रमण का खतरा बढ़ता है। हमारे हाथ दिनभर कई चीजों को छूते हैं, दरवाजों की कुंडी से लेकर मोबाइल फोन तक। इन पर बैक्टीरिया होते हैं, जो हमारी आंखों तक पहुंच जाते हैं, जब हम बिना हाथ धोए उन्हें मलते हैं। इससे आंखों में जलन, लालिमा, पानी आना और यहां तक कि कंजक्टिवाइटिस हो सकता है। अगर यह आदत बनी रही तो आंखों की प्राकृतिक सुरक्षा प्रणाली भी कमजोर हो जाती है और छोटी-छोटी चीजों से भी आंखें प्रभावित होने लगती हैं। इसके अलावा, इस आदत से आंखों की सतह यानी कॉर्निया पर भी बुरा असर बढ़ सकता है। कॉर्निया काफी नाजुक होती है। जब हम आंखों को जोर से या बार-बार मलते हैं, तो इससे कॉर्निया पर छोटे-छोटे घाव या खरोंच पड़ सकते हैं, जिसे मेडिकल की भाषा में ‘कॉर्नियल एब्रेशन’ कहा जाता है। यह स्थिति न केवल दर्दनाक होती है, बल्कि इससे रोशनी में देखने में परेशानी, धुंधलापन और लगातार जलन हो सकती है। अगर समय रहते इसका इलाज न किया जाए, तो यह आगे चलकर संक्रमण का रूप भी ले सकता है। ग्लूकोमा भी आंखों को बार-बार मलने की आदत से उभर सकता है। ग्लूकोमा एक ऐसी बीमारी है जिसमें आंखों की ऑप्टिक नर्व धीरे-धीरे खराब होने लगती है। बार-बार आंखों को मलने से आंखों में दबाव बढ़ जाता है और अगर यह दबाव लंबे समय तक बना रहे, तो ग्लूकोमा का खतरा पैदा हो सकता है। यह बीमारी धीरे-धीरे नजर को खत्म करती है और अगर सही समय पर इलाज न मिले, तो इंसान अपनी रोशनी हमेशा के लिए खो सकता है। आंखों के आसपास की त्वचा बहुत नाजुक और पतली होती है। जब हम उन्हें बार-बार मलते हैं, तो वहां की रक्त नलिकाएं क्षतिग्रस्त हो सकती हैं, जिससे डार्क सर्कल गहरे हो जाते हैं। साथ ही, स्किन की लचक खत्म होने लगती है, जिसकी वजह से झुर्रियां समय से पहले दिखाई देने लगती हैं। यह आदत न सिर्फ आंखों की सेहत, बल्कि चेहरे की सुंदरता को भी खराब कर सकती है। अगर किसी को पहले से चश्मा है या फिर आंखों की कोई समस्या है, तो आंख मलने से यह और बढ़ सकती है। बार-बार रगड़ने से कॉर्निया का आकार बदल सकता है, जिससे चश्मे का नंबर तेजी से बढ़ सकता है। कई मामलों में यह आदत कराटोकोनस जैसी गंभीर बीमारी को जन्म दे सकती है, जिसमें कॉर्निया पतला और शंकु जैसा हो जाता है, और इसके कारण व्यक्ति को हर चीज धुंधली दिखने लगती है।

………………….

सेहत का खजाना है संतरे का छिलका

नयी दिल्ली। संतरे का मीठा और रसीला स्वाद हर किसी को पसंद आता है, लेकिन खाने के बाद जो हिस्सा सबसे पहले कूड़ेदान में फेंका जाता है, वो है छिलका। जिस छिलके को आमतौर पर लोग बेकार समझकर फेंक देते हैं, वो असल में आयुर्वेद और विज्ञान की नजर में सेहत का खजाना है। संतरे के छिलके में कई ऐसे गुण होते हैं, जो शरीर को बीमारियों से बचाने में मदद करते हैं। अमेरिका की नेशनल लाइब्रेरी ऑफ मेडिसिन के मुताबिक, संतरे के छिलके में विटामिन सी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है, जो हमारे शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाता है। यह स्किन के लिए भी बेहद फायदेमंद है। अगर चेहरे पर दाग-धब्बे, मुंहासे या झाइयां हैं, तो संतरे के सूखे छिलकों का पाउडर बनाकर उसका फेसपैक लगाने से त्वचा निखर जाती है और दमकने लगती है। संतरे के छिलके में पाए जाने वाले फ्लैवोनॉइड्स और एंटीऑक्सिडेंट्स हमारे दिल की सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद हैं। ये शरीर में बुरे कोलेस्ट्रॉल को कम करते हैं और अच्छे कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाते हैं। इससे दिल की धड़कनें ठीक रहती हैं और हार्ट अटैक का खतरा कम हो जाता है। अगर किसी को डायबिटीज है, तो संतरे के छिलके का सेवन उनके लिए भी मददगार हो सकता है। इसमें मौजूद नेचुरल तत्व ब्लड शुगर को संतुलित करने में मदद करते हैं। संतरे का छिलका पेट के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है। यह पाचन तंत्र को सुधारता है और गैस, कब्ज और अपच जैसी समस्याओं को दूर करता है। अगर किसी का पेट बार-बार फूलता है या खाने के बाद भारीपन महसूस होता है, तो संतरे के छिलके की चाय बनाकर पीना एक अच्छा घरेलू इलाज हो सकता है। इसके लिए बस छिलकों को सुखाकर पानी में उबाल लें और थोड़ी सी शहद मिलाकर पी लें। संतरे का छिलका मानसिक स्वास्थ्य के लिए भी असरदार है। कुछ शोधों में पाया गया है कि संतरे की खुशबू डिप्रेशन और चिंता को दूर करने में सहायक होती है। कई लोग इसकी सुगंध को अपने घर या दफ्तर में फैलाते हैं ताकि वातावरण सुकून भरा बना रहे। वहीं, इसका पाउडर दांतों के लिए लाभकारी है। इसको दांतों पर हल्के से रगड़ने से दांत सफेद होते हैं और सांस की दुर्गंध दूर होती है।
………………..

हाजरा पार्क दुर्गोत्सव के 83वें वर्ष की थीम ‘दृष्टिकोण’ 

कोलकाता । हाजरा पार्क दुर्गोत्सव कमेटी इस वर्ष अपने 83वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है। यह कमेटी अपनी विरासत को केवल एक उत्सव से कहीं अधिक, समावेशिता, परंपरा और सामुदायिक भावना में निहित एक आंदोलन के रूप में कायम रखे हुए है। 1942 में कोलकाता निगम के तत्कालीन मेयर सुभाष चंद्र बोस के दृष्टिकोण से स्थापित इस पूजा की परिकल्पना उन हाशिए पर पड़े लोगों को गले लगाने के लिए की गई थी जिन्हें लंबे समय से मुख्यधारा के उत्सवों से अलग रखा गया था। पद्मपुकुर में अपनी शुरुआत से लेकर हाजरा पार्क में स्थायी रूप से स्थापित होने तक, यह पूजा अपने मूल आदर्शों के प्रति सच्ची लगन के साथ बड़े पैमाने पर विकसित हुई है। 2016 से, इसे गर्व से हाज़रा पार्क दुर्गोत्सव के रूप में जाना जा रहा है। इस वर्ष, हज़रा पार्क दुर्गोत्सव अपनी थीम “दृष्टिकोण” प्रस्तुत कर रहा है।दूरदर्शी कलाकार बिमान साहा द्वारा परिकल्पित यह विषय वस्तु, इस मंडप में रंगों को न केवल एक दृश्य आनंद के रूप में, बल्कि आत्म-अभिव्यक्ति की एक गहन भाषा के रूप में भी प्रस्तुत करेगी। एक कलाकार के लिए, प्रत्येक रंग उसके आंतरिक स्वरूप का एक अंश प्रकट करता है, जिसमें उसके विचार, भावनाएँ और दर्शन भी शामिल हैं। जब ये रंग देवी दुर्गा के रूप पर प्रवाहित होते हैं, तो वे एक मौन काव्य का निर्माण करते हैं। बिना शब्दों के कही गई कहानियाँ, जो रचनाकार के हृदय से उत्पन्न होती हैं, उसे इस मंडप में उतारने की कोशिश की जा रही है। हाजरा पार्क दुर्गोत्सव समिति के संयुक्त सचिव सायन देब चटर्जी ने कहा, “रंग दुनिया के लिए सिर्फ एक आभूषण नहीं, बल्कि यह उसकी धड़कन है। हर रंग खुद में एक भावना समेटे हुए है, जिसमें प्रेम की गर्माहट, विरोध की आग, दृढ़ विश्वास का साहस, आशा की चमक मौजूद है। रंग जीवन की धड़कन है। ‘दृष्टिकोण’ के जरिए, हम चाहते हैं कि लोग प्रत्यक्ष से परे देखें, यह देखें कि कैसे रंग न केवल देवी के स्वरूप को, बल्कि हमारी सोच को भी आकार देते हैं। हर रंग एक कहानी कहता है, और इस साल, हम सभी को उस कहानी का हिस्सा बनने के लिए मंडप में सपरिवार आमंत्रित करते हैं।” उन्होंने सभी को परिवार और दोस्तों के साथ पूजा में आने का निमंत्रण दिया। इस साल का पंडाल और मूर्ति रंगों की बहुआयामी प्रकृति को दर्शाएगी, जो हर कलात्मक विवरण, डिज़ाइन की हर परत और उत्सव के हर कोने में समाहित है। यहां आनेवाले आगंतुकों को न केवल मण्डप की सजावट देखने के लिए, बल्कि यहां के अनुभव के भीतर उतरने के लिए भी आमंत्रित किया जा रहा है ताकि उन्हें इन रंगों के जरिए अपने दृष्टिकोण को बदलने का मौका मिल सके। हाजरा पार्क दुर्गोत्सव में इस वर्ष 2025 में कला, दर्शन और भावना के माध्यम से एक उज्ज्वल यात्रा होने का वादा करता है, जहां हर रंग एक कहानी कहेगा और हर कहानी हमारे देखने के तरीके को बदलने की क्षमता रखती है।

सीए नीरज कुमार हरोदिया बने एसीएई के नये अध्यक्ष

कोलकाता । वित्तीय वर्ष 2025-26 के कार्यकाल के लिए सीए नीरज कुमार हरोदिया एसीएई के 64वें अध्यक्ष का पदभार एडवोकेट (सीए) तरुण कुमार गुप्ता से ग्रहण करेंगे। एसीएई वर्ष 1960 में स्थापित सबसे पुराने और प्रतिष्ठित संघों में से एक है। इसके लगभग 1650 से अधिक सदस्य पेशेवर, व्यवसायी और उद्योगपति हैं। सीए नीरज कुमार हरोदिया ने अपने कार्यकाल के दौरान “कनेक्ट, एंगेज, इंस्पायर” शीर्षक वाली थीम अपनाने का प्रस्ताव रखा हैं, जो प्रगति, उत्कृष्टता और सकारात्मक विकास के विचार को मूर्त रूप देती है। चुने गए नए अध्यक्ष को इन निम्नलिखित लोगों का समर्थन प्राप्त है, जिनमें एडवोकेट रमेश पाटोदिया (उपाध्यक्ष), छह बार की केटलबेल विश्व चैंपियन सीए शिवानी शाह अग्रवाल (उपाध्यक्ष), सीए मोहित भूतेरिया (महासचिव), सीए विवेक नेवतिया (संयुक्त सचिव) और सीए आयुष जैन (कोषाध्यक्ष) के अलावा एसोसिएशन की एक सक्रिय कार्यकारी समिति भी शामिल होगी। एसोसिएशन ऑफ कॉर्पोरेट एडवाइजर्स एंड एक्जीक्यूटिव्स के अध्यक्ष सीए नीरज कुमार हरोदिया ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “मिलो, जुड़ो, प्रेरित करो” की भावना को आगे बढ़ाते हुए, मेरा प्राथमिक लक्ष्य उन मूल्यों को कायम रखते हुए, जो हमें परिभाषित करते हैं, हमारी एसोसिएशन की दृश्यता और ब्रांडिंग को बढ़ाने के लिए सक्रिय रूप से जुड़ना होगा। एकजुटता और परस्पर निर्भरता मेरी यात्रा के प्रमुख शब्द होंगे और अध्यक्ष के रूप में मेरा लक्ष्य सभी सदस्यों के साथ मिलकर काम करना, हमारी एसोसिएशन को मजबूत और उन्नत बनाना और निरंतर विकास, उत्कृष्टता, नवाचार और सकारात्मक वृद्धि की संस्कृति को अपनाना होगा।

भवानीपुर एडुकेशन सोसाइटी कॉलेज में बरसात कार्यक्रम 

कोलकाता । बुक रिडिंग क्लब कलेक्टिव की ओर से भवानीपुर एडुकेशन सोसाइटी कॉलेज द्वारा आयोजित बरसात कार्यक्रम में 15 से अधिक कविताएं, गीत और संगीत की प्रस्तुतियां दी गई। कॉलेज के रेक्टर और डीन प्रो दिलीप शाह, वाइस प्रिंसिपल प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी, डॉ वसुंधरा मिश्र के संयोजन में भारी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति रही। शिक्षक और शिक्षिकाओं में डॉ देवजानी गांगुली , डॉ आत्रेय गांगुली , डॉ सौमू भट्टाचार्य, डॉ मिली समद्दार, डॉ देविना गुप्ता आदि ने कार्यक्रम को बहुत पसंद किया। डाॅ देविना गुप्ता ने बरसात का गीत बरसो रे मेघा भी गाया। डॉ वसुंधरा मिश्र ने फिल्म छोटे नवाब (1960) का गीत ‘घर आजा घिर आए बदरा सांवरिया’ गाया जिसे आज के युवा छात्र छात्राओं ने पसंद किया। संगीत विशेषज्ञ सौरभ गोस्वामी के क्रिसेंडो कलेक्टिव के विद्यार्थियों ने बारिश के प्रचलित और आधुनिक कई गीतों रिमझिम घिरे सावन, सावन का महीना पवन करे शोर, आदि गीतों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिया। बंगला के गीत भी गाए गए। छात्र छात्राओं ने हास्य व्यंग्य, अपनी स्मृति में बरसात की छुअन, प्रथम प्रेम और इश्क मोहब्बत विविध प्रकार की कविताएं अंग्रेजी और हिंदी में सुनाई गईं। बुक रिडिंग क्लब कलेक्टिव में बरसात में नए दाखिल विद्यार्थियों ने जम कर हिस्सा लिया। अंत में, सभी विद्यार्थियों और शिक्षिकाओं ने गीत सावन का महीना पवन करे शोर पर नृत्य करके आनंद लिया ।

भवानीपुर एडुकेशन सोसाइटी कॉलेज द्वारा एचआईवी जागरूकता अभियान 

कोलकाता । भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी कॉलेज की एनएसएस इकाई ने एचआईवी जागरूकता अभियान का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह अभियान एम्ब्रा पॉडटिक संगठन के सहयोग से जो यौनकर्मियों के बच्चों के कल्याण के लिए काम कर रहा है। यह आयोजन 30 अगस्त 2025 को दोपहर 2 बजे से अम्रा पदातिक, 12/5 निल्मोनी मित्रा स्ट्रीट.कोलकाता -06 पर आयोजित किया गया ।इस कार्यक्रम में लक्षित दर्शक विभिन्न आयु समूहों (10-13 वर्ष और 17-22 वर्ष) के बच्चों के सेक्सवर्करों ने भाग लिया।इस कार्यक्रम में प्रमुख वक्ता के रूप में विशेषज्ञ IPGMR कोलकाता से डॉ मौमिता मंडल ने एचआईवी जागरूकता पर एक जानकारीपूर्ण और आकर्षक सत्र दिया, जिसमें स्पष्ट और संक्षिप्त तरीके से एचआईवी के बारे में जोखिम, सावधानियों और विवरणों की व्याख्या की गई। अभियान ने एक महत्वपूर्ण मुद्दे को संबोधित किया, जो कमजोर आबादी को प्रभावित करता है,जागरूकता और शिक्षा के महत्व को उजागर करता है।
डॉ वसुंधरा मिश्र ने बताया कि एनएसएस इकाई जागरूकता अभियान चलाने में अपनी उदारता और विशेषज्ञता के लिए डॉ मोमिता मंडल के प्रति प्रो गार्गी ने हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। आशा की गई कि उनके योगदान का प्रतिभागियों के जीवन पर स्थायी प्रभाव पड़ेगा।

लिटिल थेस्पियन ने आयोजित किया 37व रंग अड्डा

कोलकाता । लिटिल थेस्पियन ने गत 31 अगस्त 2025 को सुजाता देवी विद्या मंदिर, हाजरा में अपना 37व रंग अड्डा आयोजित किया। इस रंग अड्डा का केंद्र बिंदु रंगमंच के दिग्गज नेमिचंद्र जैन, ज्ञानदेव अग्निहोत्री, शंभु मित्रा और उमा झुनझुनवाला थे। रंग अड्डा की शुरुआत लिटिल थेस्पियन की अध्यक्षा उमा झुनझुनवाला के स्वागत भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने उभरते रंगमंच कलाकारों के बौद्धिक विकास के लिए इन आयोजनों के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रो. रेशमी पांडा मुखर्जी (गोखले मेमोरियल गर्ल्स कॉलेज, कोलकाता) ने “भारतीय रंगमंच में नेमिचंद्र जैन का अवदान” विषय पर एक मार्मिक प्रस्तुति दी। उनकी छात्रा सुप्रिया चौधरी ने नेमिचंद्र जैन के जीवन और कार्यों का संक्षिप्त परिचय दिया। अगली चर्चा का विषय “ज्ञानदेव अग्निहोत्री और नाटक शुतुरमुर्ग” था। खिदिरपुर कॉलेज की श्वेता कुमारी राजभर ने नाटककार ज्ञानदेव अग्निहोत्री का संक्षिप्त परिचय दिया। उमा झुनझुनवाला ने 2004 में नाटक शुतुरमुर्ग के निर्माण की प्रक्रिया और कुछ चित्रात्मक किस्से साझा किए | डॉ. रमा शंकर सिंह, कुमकुम चौधरी शंभु सिंह, भावेश भगत, अभिजीत पासवान और मो. आसिफ़ अंसारी ने नाटक शुतुरमुर्ग के कुछ दृश्यों का अभिनयात्मक पाठ किया। बंगाल के प्रसिद्ध रंगकर्मी शंभु मित्रा का संक्षिप्त परिचय दिव्या पांडे (कलकत्ता विश्वविद्यालय) ने दिया, इसके बाद प्रो. अल्मास हुसैन (हरि मोहन घोष कॉलेज, कोलकाता) ने “बंगाल का रंगमंच और शंभु मित्रा” पर एक रोचक चर्चा की। उमा झुनझुनवाला का संक्षिप्त परिचय ख़ालिदा ख़ातून (खिदिरपुर कॉलेज) ने दिया। इसके बाद, उमा झुनझुनवाला की कहानी “लाल फूल का एक जोड़ा” का अभिनयात्मक पाठ संगीता व्यास, सुधा गौड़, पार्वती कुमारी शॉ, एनी दास, मो. आसिफ़ अंसारी और अभिजीत पासवान द्वारा किया गया। रंग अड्डा का संचालन लिटिल थेस्पियन के वरिष्ठ सदस्य पद्माकर व्यास ने किया।

हेरिटेज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, कोलकाता में चिन्मय इंडिक फेस्ट 2.0

कोलकाता । हेरिटेज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, कोलकाता ने शुक्रवार, 29 अगस्त को चिन्मय मिशन के चिन्मय इंडिक फेस्ट के दूसरे संस्करण का आयोजन किया, जिसका विषय था “जिज्ञासु भारतीयों के लिए भारत का परिचय”। दो दिवसीय इस उत्सव का उद्देश्य व्याख्यानों, कार्यशालाओं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रदर्शनियों के माध्यम से भारत के विशाल सभ्यतागत ज्ञान की झलकियाँ खोलना है। यह उत्सव 30 अगस्त तक चला। इस उत्सव का उद्घाटन अखिल भारतीय चिन्मय युवा केंद्र के राष्ट्रीय निदेशक स्वामी मित्रानंदजी ने चिन्मय विश्व विद्यापीठम के भाषा विज्ञान एवं साक्षरता अध्ययन संकाय के प्रमुख डॉ. एल. संपत कुमार; भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय में भारतीय ज्ञान प्रणाली के राष्ट्रीय समन्वयक प्रो. गंती सूर्यनारायण मूर्ति, श्री एच.के. की उपस्थिति में किया। चौधरी, अध्यक्ष, हेरिटेज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, श्री पी.आर. अग्रवाल, अध्यक्ष, हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी, श्री विक्रम स्वरूप, उपाध्यक्ष, हेरिटेज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, श्री जयदीप चितलांगिया, संस्थापक ट्रस्टी, हेरिटेज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस और श्री गौरव स्वरूप, संस्थापक ट्रस्टी, हेरिटेज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस। पहले दिन का मुख्य आकर्षण भारतीय ज्ञान प्रणालियों (आईकेएस) पर एक विस्तृत प्रदर्शनी थी, जिसकी परिकल्पना और संयोजन हेरिटेज के छात्रों और शिक्षकों ने किया था। विभिन्न थीम वाले क्षेत्रों में फैली यह प्रदर्शनी समय की एक यात्रा की तरह खुली – जिसने आगंतुकों को विज्ञान, दर्शन, कला और संस्कृति में भारत के योगदान में डुबो दिया। प्रदर्शनी के हर कोने में हेरिटेज के छात्रों और शिक्षकों का जुनून झलक रहा था – हस्तनिर्मित मॉडलों, इंटरैक्टिव डिजिटल डिस्प्ले, पांडुलिपियों, चित्रों और कहानी कहने के माध्यम से। यह प्रदर्शनी एक जीवंत कक्षा बन गई, जहाँ सदियों का ज्ञान युवाओं की कल्पना से मिला। उद्घाटन सत्र के दौरान, स्वामी मित्रानंदजी ने अपने मुख्य भाषण में कहा: “ज्ञान केवल सूचना ही नहीं, बल्कि परिवर्तन भी है। भारत की परंपराएँ—योग और आयुर्वेद से लेकर दर्शन तक—हमें सार्थक जीवन जीना सिखाती हैं। हेरिटेज ने आज के युवाओं के लिए इस ज्ञान को पुनः खोजने हेतु एक सशक्त मंच तैयार किया है।” प्रो. गंती सूर्यनारायण मूर्ति ने कहा: “शिक्षा मंत्रालय आधुनिक शिक्षा जगत में भारतीय ज्ञान प्रणालियों को मुख्यधारा में लाने के लिए प्रतिबद्ध है। यहाँ प्रदर्शित प्रदर्शनी इस बात को दर्शाती है कि इन विचारों को रचनात्मकता और प्रासंगिकता के साथ कैसे संप्रेषित किया जा सकता है।” हेरिटेज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष एच.के. चौधरी ने कहा: “हेरिटेज ने हमेशा आधुनिक शिक्षा को शाश्वत मूल्यों के साथ जोड़ने का प्रयास किया है। इंडिक फेस्ट और आईकेएस पर इसकी प्रदर्शनी भारत के मूल्यों में निहित वैश्विक नागरिक बनाने के हमारे मिशन को सुदृढ़ करती है।” हेरिटेज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के अध्यक्ष पी.आर. अग्रवाल ने कहा, “प्रदर्शनी के हर पहलू में छात्रों का साफ़ दिखाई दे रहा था। आज के युवा अपनी जड़ों के बारे में जानने के लिए उत्सुक हैं और यह उत्सव उन्हें भारत की बौद्धिक और सांस्कृतिक धरोहरों को जानने का एक जीवंत मंच प्रदान करता है।” उद्घाटन दिवस पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ और संवादात्मक सत्र भी आयोजित किए गए, जिन्होंने उत्सव की शुरुआत की। 30 अगस्त को, इंडिक फेस्ट विषयगत व्याख्यानों, छात्रों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तुतियों, कार्यशालाओं और प्रदर्शनों के साथ जारी रहेगा – यह सुनिश्चित करते हुए कि भारत की ज्ञान परंपराओं का उत्सव प्रेरणादायी बना रहे।