कोलकाता । दो बार की राज्यसभा सांसद और कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की पहली महिला आचार्य प्रोफ़ेसर चंद्रकला पांडेय की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में शुक्रवार, 19 सितम्बर 2025 किया गया ।कार्यक्रम में कोलकाता के अनेक विद्यालयों , महाविद्यालयों के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे । कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग के प्राध्यापकों के साथ अन्य विभागों से भी प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे । अपने सहकर्मियों एवं विद्यार्थियों में अत्यंत लोकप्रिय प्रो चंद्रा पांडेय के विषय में उपस्थित सभी ने अपनी स्मृतियाँ साझा कीं ।कोलकाता के कई महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में अध्यापन कार्य से जुड़े हुए प्रोफेसर पांडेय के विद्यार्थी श्रद्धांजलि निवेदित करने हेतु कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग में एकत्र हुए। वे माकपा की समर्पित कार्यकर्ता थीं तथा आजीवन जनता से व्यापक सरोकार रहा था । संसद के कार्यकाल के दौरान उन्होंने जनता के हित में कई बिल राज्यसभा में पास करवाए । विश्वविद्यालय के लिए अपनी सांसद निधि से एक लिफ्ट की व्यवस्था करवाई । पूरा शिक्षाजगत उनके निधन से आहत है। उन्होंने साहित्य जगत में अपनी लेखनी से महत्वपूर्ण कार्य किए। चंद्रा पांडेय के नाम से मशहूर डॉ. चंद्रकला पांडेय के व्यक्तित्व के अनेक रूपों को याद किया गया ।कइयों के लिए वे कवयित्री रहीं तो कुछ के लिए अनुवादक। कुछ के लिए वे संपादक ,तो कुछ के लिए आलोचक। बंगाल से लेकर पूर्वोत्तर तक फैली एक बहुत बड़ी आबादी के लिए वे ‘मैम’ तथा आत्मीयों के लिए ‘चंद्रा दी’ हैं।
श्रद्धांजलि सभा के आरंभ में उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उपस्थित सभी ने अपने मनोद्गार को प्रकट करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की । इस अवसर पर प्रो. शम्भुनाथ, डॉ.सुषमा हंस, डॉ वसुमति डागा, डॉ सुनन्दा राय चौधरी, प्रो बिजय कुमार साव,डॉ मोहम्मद शकील, प्रो. राम प्रह्लाद चौधरी, डॉ. इंदिरा चक्रवर्ती, डॉ. गीता दूबे, डॉ. संजय जायसवाल (प्राचार्य), मृत्युंजय श्रीवास्तव, डॉ. इतु सिंह, डॉ. संजय जायसवाल. सवाल, डॉ. कुलदीप कौर, डॉ. सुमिता चट्टोराज, डॉ. अल्पना नायक, प्रो. प्रीति सिंघी , डॉ. ललित झा, डॉ आदित्य गिरि, डॉ. दीक्षा गुप्ता , छात्र -छात्राएं एवं शोधार्थी बहुसंख्या में उपस्थित थे। सभी ने चंद्रा मैम के साथ अपनी स्मृतियों को साझा करते हुए उनकी आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना की । डॉ. चंद्रकला पांडेय जी ने एक शानदार जीवन जिया और सदैव सक्रिय रहीं ।कार्यक्रम का संचालन डॉ. राम प्रवेश रजक जी ने किया । विभागाध्यक्ष प्रो राजश्री शुक्ला ने शांतिपाठ के साथ सभा समाप्ति की घोषणा की ।
प्रो. चंद्रकला पांडेय की स्मृति में सीयू के हिन्दी विभाग द्वारा श्रद्धांजलि
नहीं रहीं प्रो. चंद्रकला पांडेय
कोलकाता । पूर्व राज्यसभा सदस्य प्रो. चंद्रकला पांडेय का निधन हो गया है। वे कलकत्ता विश्वविद्यालय (सीयू) में हिंदी विभाग की पहली महिला प्रोफेसर तथा माकपा की समर्पित कार्यकर्ता थीं। दो सत्रों के लिए वे राज्यसभा की सांसद रहीं। उनकी उम्र 83 वर्ष थी। वृद्धावस्था जनित समस्याओं के साथ वे टीबी से पीड़ित थीं। बुधवार को दोपहर दो बजकर चालीस मिनट पर आरजी कर अस्पताल के टीबी वार्ड में उन्होंने अंतिम सांस ली। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में जन्मी साम्या, दिल्ली से प्रकाशित होने वाली त्रैमासिक पत्रिका की 1993 से संयुक्त सम्पादक रहीं। उन्होंने कई पुस्तकें लिखीं। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गयी हैं। उनके निधन से कोलकाता के साहित्यिक और शैक्षणिक जगत में शोक की लहर है।
पाकिस्तान की फर्जी फुटबाल टीम को जापान से निर्वासित
-मानव तस्करी का आरोप
टोक्यो । मानव तस्करी के प्रयास में फुटबॉल टीम के रूप में जापान आए पाकिस्तानी नागरिकों के एक समूह को वहां से निर्वासित कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जापान पहुंचे 22 पाकिस्तानी नागरिकों ने सियालकोट की एक फुटबॉल टीम के खिलाड़ी होने का दावा किया था, लेकिन जांच के बाद उनके पास नकली दस्तावेज़ पाए गए। जापानी अधिकारियों ने हवाई अड्डे पर इस समूह को रोका और उनके प्रमाण-पत्रों की जांच के बाद उन्हें वापस भेज दिया। जापान की संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) ने इस मामले में मुख्य संदिग्ध की पहचान मलिक वकास के रूप में की, जिसे बाद में पाकिस्तान में गुजरांवाला से गिरफ्तार किया गया। वकास ने कथित तौर पर ‘गोल्डन फुटबॉल ट्रायल’ नामक एक क्लब पंजीकृत कराया था और लोगों को फुटबॉलर की तरह व्यवहार करने की सीख भी दी थी। उसने प्रत्येक सदस्य से उनकी यात्रा की सुविधा के लिए चालीस से पैंतालीस करोड़ रूपये लिए थे।एफआईए के एक अधिकारी ने बताया कि समूह ने बोविस्टा फुटबॉल क्लब के निमंत्रण पर पाकिस्तान फुटबॉल महासंघ के जाली पंजीकरण पत्रों और विदेश मंत्रालय के फर्जी अनापत्ति प्रमाण पत्र का इस्तेमाल कर जापान के लिए 15 दिनों का यात्रा वीजा हासिल किया, लेकिन इनमें से कोई भी यात्री योजना के अनुसार पाकिस्तान नहीं लौटा।
एफआईए ने पुष्टि की कि वकास से जुड़ी यह पहली घटना नहीं थी। इसी साल 15 जून को ऐसे ही एक अन्य मामले में 22 सदस्यीय एक फर्जी फुटबॉल टीम को भी जापानी अधिकारियों ने निर्वासित कर दिया था जिसके बाद औपचारिक जांच और गिरफ्तारियां हुईं। एफआईए के गुजरांवाला निदेशक, मुहम्मद बिन अशरफ ने कहा कि इन मामलों में अभी आगे की जांच जारी है।
ईवीएम में पहली बार होंगी प्रत्याशियों की रंगीन तस्वीरें
– बिहार चुनाव में होगा पहला प्रयोग
नयी दिल्ली । भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने ईवीएम मतपत्रों के डिजाइन और मुद्रण के लिए आचार संहिता, 1961 के नियम 49बी के तहत मौजूदा दिशानिर्देशों में संशोधन किया है, ताकि उनकी स्पष्टता और पठनीयता बढ़ाई जा सके।
यह पहल पिछले 6 महीनों में ईसीआई द्वारा मतदाताओं के लिए चुनाव प्रक्रियाओं को सुव्यवस्थित और बेहतर बनाने के लिए उठाए गए 28 उपायों के अनुरूप है।
अब से, ईवीएम मतपत्र पर उम्मीदवारों की तस्वीरें रंगीन स्थान में मुद्रित की जाएंगी। बेहतर दृश्यता के लिए, उम्मीदवार का चेहरा फोटो स्थान के तीन-चौथाई हिस्से को घेरेगा। अंतर्राष्ट्रीय अंक प्रारूप में क्रम संख्या मुद्रित किए जाएंगे। अंकों की एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए फ़ॉन्ट का आकार 30 और स्पष्टता के लिए बोल्ड में होगा।
एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए, उम्मीदवारों/नोटा के नाम भी उसी फ़ॉन्ट प्रकार और फ़ॉन्ट आकार में मुद्रित किए जाएंगे ताकि वे आसानी से पढ़े जा सकें। ईवीएम मतपत्र 70 जीएसएम पेपर पर मुद्रित किए जाएंगे। विधानसभा चुनावों के लिए, पिंक-टिंटेड पेपर का उपयोग किया जाएगा, जो विशेष आरजीबी के होंगे। उन्नत ईवीएम मतपत्रों का उपयोग बिहार से शुरू होने वाले आगामी चुनावों में किया जाएगा।
………………….
पराली जलाने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई क्यों नहीं : सुप्रीम कोर्ट
नयी दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में पराली जलाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट सख्त हो गया है। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से कहा कि इस मामले में पराली जलाने वालों के खिलाफ दंडात्मक प्रावधान क्यों नहीं की जा रही है। सरकार कार्रवाई से कतरा क्यों रही है? कुछ लोगों को जेल भेजने से सही संदेश जाएगा। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस बीआर गवई ने कहा कि हम किसानों का सम्मान करते हैं, क्योंकि वे हमें खाना देते हैं, लेकिन किसी को भी पर्यावरण को दूषित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा कि आप किसानों के लिए कुछ दंडात्मक प्रावधानों के बारे में क्यों नहीं सोचते? अगर कुछ लोग जेल में हैं, तो इससे सही संदेश जाएगा। अगर पर्यावरण की रक्षा करने का आपका सच्चा इरादा है, तो फिर आप कार्रवाई करने से क्यों डर रहे हैं? अदालत ने सरकार से कहा कि देश में किसानों का एक विशेष स्थान है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि वे इसका फायदा उठाएं। सरकार इस पर फैसला ले, नहीं तो अदालत आदेश जारी करेगी। गलती करने वाले अधिकारियों की तो बात छोड़िए, क्योंकि हर किसान पर नजर रखना अधिकारियों के लिए मुश्किल है। मुख्य न्यायाधीश ने कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट से पूछा, “आप पराली जलाने वाले किसानों के लिए दंडात्मक प्रावधान लाने पर विचार क्यों नहीं करते हैं?” यह बातें सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली एनसीआई से संबंधित राज्यों में राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में खाली पदों को नहीं भरे जाने पर अवमानना नोटिस पर सुनवाई के दौरान कहीं।
दिल्ली के पड़ोसी राज्यों पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और हरियाणा में हर साल अक्टूबर और नवंबर में पराली जलाने की घटनाएं सामने आती हैं। पराली जलाने की वजह से दिल्ली एनसीआर की हवा जहरीली हो जाती है। इन राज्यों के किसान पराली को खेतों से हटाने के बजाय जला देते हैं। पराली जलाने की घटनाएं हर साल सामने आती रहती हैं।
मदर डेयरी ने दूध, पनीर और घी के दाम घटाये
नयी दिल्ली । मदर डेयरी माल एवं सेवा कर (जीएसटी) में 100 फीसदी कटौती का लाभ उपभोक्ताओं को देगी। इसीलिए अब अपने उत्पादों की कीमतों में 2 रुपये से लेकर 30 रुपये तक की कटौती करने का ऐलान किया है। ये नई कीमतें 22 सितंबर से लागू होंगी। मदर डेयरी ने मंगलवार को रोजमर्रा की जरूरतों वाले उत्पादों जैसे टोन्ड मिल्क, पनीर, बटर, घी, पनीर और प्रीमियम गाय के घी की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। कीमतों में कटौती के बाद एक लीटर टोंड यूएचटी टेट्रा पैक दूध की कीमत 77 रुपये प्रति लीटर से घटकर 75 रुपये हो जाएगी, जबकि 450 एमएल वाला पैक अब 33 रुपये के बजाय 32 रुपये में मिलेगा। फ्लेवर्ड मिल्कशेक के 180 एमएल पैक की कीमत भी 30 रुपये से घटकर 28 रुपये हो जाएगी। मदर डेयरी ने पनीर के दामों में भी कटौती की है। अब 200 ग्राम वाला पनीर 95 रुपये की जगह 92 रुपये में और 400 ग्राम वाला पनीर का पैकेट 180 रुपये की जगह 174 रुपये में मिलेगा। इसी तरह मलाई पनीर का 200 ग्राम पैक भी 100 रुपये से घटकर 97 रुपये में बिकेगा। इसी तरह घी और मक्खन के दामों में भी राहत दी गई है। अब 500 ग्राम वाला मक्खन 305 रुपये के बजाय 285 रुपये में और 1 लीटर घी का कार्टन पैक 675 रुपये की बजाय 645 रुपये में मिलेगा। मदर डेयरी के प्रबंध निदेशक मनीष बंडलिश ने कहा कि जीएसटी दरों में कटौती उपभोक्ताओं के लिए सीधी राहत है। उन्होंने कहा कि हम सरकार के जीएसटी के लाभ को बिना किसी देरी के ग्राहकों तक पहुंचा रहे हैं। इससे पैक्ड फूड्स की खपत बढ़ेगी, किसानों की आमदनी में सुधार होगा और पूरी सप्लाई चेन को मजबूती मिलेगी।
सूर्योपासना का पर्व छठ होगा यूनेस्को की सूची में होगा शामिल
नयी दिल्ली। लोक आस्था के महापर्व छठ को यूनेस्को की विरासत सूची में शामिल करने की पहल शुरू हो गई है। केंद्र सरकार ‘छठ महापर्व’ को यूनेस्को की अमूर्त सांस्कृतिक धरोहर की सूची में शामिल करने का प्रस्ताव जल्द ही रख सकती है। संस्कृति मंत्रालय के एक अधिकारी ने मंगलवार को मीडिया को बताया कि यह प्रस्ताव साल 2026–27 के नामांकन में शामिल हो सकता है जो भारत की सांस्कृतिक कूटनीति में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में आज संस्कृति मंत्रालय ने इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र (आईजीएनसीए) में बैठक का आयोजन किया जिसमें संयुक्त अरब अमीरात, सूरीनाम और नीदरलैंड्स के वरिष्ठ राजनयिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की अध्यक्षता संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने की। इस बैठक में संस्कृति मंत्रालय, विदेश मंत्रालय, संगीत नाटक अकादमी और आईजीएनसीए के अधिकारी भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि बैठक में मौजूद प्रतिनिधियों ने इस प्रस्ताव का स्वागत किया और कहा कि उनके देशों में बसे भारतीय प्रवासी समुदायों में छठ पर्व का विशेष महत्व है।
बाद में संस्कृति सचिव ने मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम, यूएई और नीदरलैंड्स में भारतीय राजदूतों और उच्चायुक्तों से भी वर्चुअल संवाद किया। सभी ने समुदायों की पहचान और नामांकन के लिए आवश्यक डेटा उपलब्ध कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।
उल्लेखनीय है कि लोक आस्था का महापर्व छठसूर्य देव और छठी मैया की उपासना को समर्पित भारत कै त्योहार है। इसे मुख्य रूप से बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल और प्रवासी भारतीय समुदायों (मॉरीशस, फिजी, सूरीनाम, यूएई, नीदरलैंड्स आदि) में मनाया जाता है। यूनेस्को में मान्यता मिलने से भारत की जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं और सार्वभौमिक मूल्यों को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा मिलेगी। इस पर्व का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण, संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों तक परंपरा का हस्तांतरण सुनिश्चित होगा। दुर्गा पूजा, रामलीला, गरबा सहित भारत के 15 सांस्कृतिक अमूर्त धरोहर पहले से ही यूनेस्को सूची में शामिल हैं।
गायिका प्रतिभा सिंह को वाराणसी में सरस्वती स्वर सम्मान
कोलकाता । अंतरराष्ट्रीय क्षत्रिय वीरांगना महासभा के वाराणसी में आयोजित भव्य समारोह में विख्यात गायिका प्रतिभा सिंह को सरस्वती स्वर सम्मान प्रदान किया गया। लंका स्थित सर्वेश्वरी होटल में देश के 22 राज्यों, अमेरिका और नेपाल की दो सौ से अधिक वीरांगनाओं ने भाग लिया। समारोह में उत्तर प्रदेश महिला कल्याण निगम की अध्यक्ष कमलावती सिंह, विशिष्ट अतिथि नेपाल राष्ट्रीय मधेसी आयोग की सदस्य आभासेतु सिंह, विशिष्ट अतिथि चम्बल की रहने वाली सीमा परिहार व संगठन के संस्थापक सह मुख्य संरक्षक डॉ.एमएस सिंह मानस विशेष तौर पर उपस्थित थे। समारोह में अमेरिका से पधारीं महाराणा एसोसिएशन ऑफ अमेरिका की संस्थापक अध्यक्ष व समाजसेविका रम्भा सिंह को अंतरराष्ट्रीय क्षत्रिय वीरांगना महासभा का अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। सतना की प्रो.रश्मि सिंह बैस को राष्ट्रीय महासचिव, आस्ट्रेलिया के पर्थ की रूपाबा जडेजा को अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष, नेपाल की आभा सिंह को अंतरराष्ट्रीय संरक्षक, पश्चिम बंगाल की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, पटना की प्रो.प्रीति कश्यप, मुंबई की सुनीता सिंह, दिल्ली की डॉ. संजू सिंह, मध्य प्रदेश की अध्यक्ष वंदना सिंह को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चुना गया।
काजल की मेड़’ का लोकार्पण एवं परिचर्चा
हिंदी को लेकर गैर हिंदीभाषियों के विचार
हिंदी भारतीयों के मन में बसी भाषा है, हिंदी की वजह से ही गैरहिंदी भाषी वक्ताओं ने हिंदी जगत में अपनी पहचान बनाई और उन्हें राष्ट्रव्यापी लोकप्रियता मिली। हिंदी को लेकर गैरहिंदी भाषी नेताओँ, मनीषियों और विद्वानों ने समय समय पर अपने विचार व्यक्त कर हिंदी के महत्त्व को प्रमाणित किया है। प्रस्तुत है ऐसे ही विद्वानों द्वारा व्यक्त विचारों का संकलन।
गुजराती
स्वामी दयानंद सरस्वतीः-हिंदी के द्वारा ही सारे भारत को एक सूत्र में पिरोया जा सकता है।
मोहनदास कर्मचंद गांधीः-अंग्रेजी में स्वतंत्र भारत की गाड़ी चले, इससे बड़ा दुर्भाग्य भारत का और नहीं हो सकता।
-हिंदी अब सारे देश की भाषा हो गयी है। उस भाषा का अध्ययन कपने और उसकी उन्नति करने में गर्व का अनुभव होना चाहिए।
-मैं अपनी बात अपनी भाषा में कहूंगा, जिसको गरज होगी वह सुनेगा। आप इस प्रतिज्ञा के साथ काम करेंगे, तो हिंदी का दर्जा बढ़ेगा।
-राष्ट्रभाषा की जगह एक हिंदी ही ले सकती है, कोई दूसरी भाषा नहीं।
-अगर स्वराज्य अंग्रेजी बोलने वाले भारतीयों का और उन्हीं के लिए होने वाला हो, तो नि:संदेह अंग्रेजी राष्ट्रभाषा होगी। लेकिन अगर स्वराज्य करोड़ों भखों मरने वालों का, करोड़ों निरक्षरों का, दलितों और अन्य लोगों हो और इन सबके लिये हो, तो हिंदी ही एकमात्र राष्ट्रभाषा हो सकती है।
-विदेशी भाषा के माध्यम से शिक्षा की हिमायत करने वाले जनता के दुशमन हैं। राष्ट्रभाषा के बिना राष्ट्र गूंगा है। राष्ट्रीय व्यवहार में हिदी को काम में लाना देश की एकता और उन्नति के लिये आवश्यक है।
-यदि हिंदी बोलने में भूलें हो, तो भी उनकी कतई चिंता नहीं करनी चाहिए। भूलें करते-करते भूलों को सुधारने का अभ्यास हो जायगा, पर भूलों की चिंता न करने की सलाह आलसी लोगों के लिए नहीं, वरन मुझ जैसे भाषा सीखने के इच्छुक अव्यवसायी सेवकों के लिए है।
-अपनी संस्कृति की विरासत हमें संस्कृत, गुजराती इत्यादि देशी भाषाओं के द्वारा ही मिल सकती है। अंग्रेजी से अपनाने से आत्मनाश होगा, सांस्कृतिक आत्महत्या होगी।
-विदेशी भाषा के माध्यम से शिक्षा की हिमायत करने वाले देश के दुश्मन हैं।
-भारतीय भाषाओं में प्रतिष्ठापन में एक-एक दिन का विलंब देश के लिए सांस्कृतिक हानि है।
-भाषाओं के क्षेत्र में हमारी जो स्थिति है, उसे मैंने समझा है और उसके आधार पर मैं कहता हूं कि यदि हमें अस्पर्श्यता निवारण जैसे सुधार के लिए काम करना है तो हिंदी का ज्ञान सर्वत्र आवश्यक है, क्योंकि वह एक ऐसी भाषा है जिसे हमारे देश के तीस करोड़ लोगों में से २० करोड़ लोग बोलते हैं और चूंकि हम सब अपने को भारतीय कहते हैं इसलिये हमें यह कहने का अधिकार है कि ३० करोड़ लोग २० करोड़ लोगों की भाषा सीखने का यत्न करें।
-हिंदी भाषा के शब्दों को अपना लेने में शर्म की कोई बात नहीं है। शर्म तो तब है, जब हम अपनी भाषा के प्रचलित शब्दों को न जानने के कारण दूसरी भाषा के शब्दों का प्रयोग करें। जैसे घर को ‘हॉउस’ माता को ‘मदर’ पिता को ‘फादर’ पति को ‘हसबैंड’ और पत्नि को ‘वाइफ’ कहें।
सरदार वल्लभभाई पटेलः-राष्ट्रभाषा हिंदी किसी व्यक्ति या प्रांत की सम्पत्ति नहीं है। उस पर सारे देश का अधिकार है।
भाई योगेन्द्र जीतः-हिंदी में भारत की आत्मा है। हिंदी की वाणी में भारत बोलता है, भारतीय संस्कृति बोलती है।
कन्हैयालाल माणिकलाल मुंशीः-हिंदी ही हमारे राष्ट्रीय एकीकरण का सबसे शक्तिशाली और प्रधान माध्यम है।
तमिल
वेंकट रम्मैया-सबको हिंदी सीखनी चाहिए। इसके द्वारा भाव-विनिमय से सारे भारत को सुविधा होगी।
-हिंदी का श्रंगार, राष्ट्र के सभी भागों के लोगों ने किया है, वह हमारी राष्ट्रभाषा है।
-यदि भारतीय लोग कला, संस्कृति और राजनीति में एक रहना चाहते हैं तो इसका माध्यम हिंदी ही हो सकती है।
के. कामराज -मैं हिंदी में भाषण देना अपनी भाषा का गौरव बढ़ाना मानता हूं।
अनंत शयनम अयंगार -अंग्रेजी के समर्थकों ने देश के राष्ट्रीय जीवन में एक अभेद्य दीवार खड़ी कर दी है और वे अन्य भाषाओं की चाहें वह तमिल, तेलुगु अथवा हिंदी, उसमें घुसने नहीं दे रहे।
विश्वनाथन् सत्यनारायण -हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने में प्रांतीय भाषाओं की हानि नहीं, लाभ है।
-एक राष्ट्रभाषा से हमारी संस्कृति एक होगी और हमारा राष्ट्र दढ़ होगा।
-किसी देश में विदेशी भाषा को राजभाषा के रूप में काम में नहीं लिया जाता है। अंग्रेजी को सम्मान तथा राजभाषा बनाना थोथा सपना है।
एन. ई. मुत्तूस्वामी–राष्ट्रीय एकता के लिए देश की सर्वमान्य भाषा के रूप में हिंदी का पठन अनिवाय है।
सुब्रह्मण्यम भारती–तमिलनाडु में हिंदी विरोध कुछ लोगों का फैशन है।
के. एन. सुब्रह्मण्यम- -राष्ट्र की एकता को यदि बनाकर रखा जा सकता है, तो उसका माध्यम हिंदी हो सकती है।
डॉ. जी. रामचन्द्रन: -भाषा के क्षेत्र में घृणा का नहीं, प्रेम और सौहार्द का सथान होना चाहिए।
श्रीमती कमला रत्नम: -यह यथार्थता है कि हिंदी के अलावा और कोई भाषा भारत की सम्पर्क भाषा नहीं हो सकेगी। यह यथार्थता इस मिट्टी में समाई हुई है। इसमें संदेह नहीं। कि यह यथार्थता अंकुरित होगी और एक बड़ा वृक्ष बनकर पल्लवित-पुष्पित होगा…यदि हिंदी को हमें जोड़ने वाली भाषा बनाना है, तो सरकारों को बहुत बड़ा दायित्व निभाना होगा…विविध भाषा-भाषी भारतीयों का आपसी सम्पर्क हिंदी के माध्यम से ही हो सकता है। हिंदी समझने वालों की संख्या बहुत अधिक है।
श्रीमती कमला रत्नम: -हमें मालूम हो गया है कि राष्ट्रीय धारा में मिलकर चलने के लिये हिंदी सीखे बिना काम नहीं चलेगा।
मराठी
विनोबा भावे: -मैं दुनिया की सब भाषाओं की इज्जत करता हूं, मेरे देश में हिंदी की इज्जत न हो, यह मैं नहीं सह सकता। देवनागरी भारत के लिए वरदान है।
-यदि मैंने हिंदी का सहारा न लिया होता तो कश्मीर से कन्याकुमारी तक और असम से केरल तक के गांव-गांव में भूदान का क्रांति संदेश जनता तक कदापि न पहुंच पाता। इसलिए मैं यह कहता हूं कि हिंदी भाषा का मुझ पर बड़ा उपकार है, इसने मेरी बहुत बड़ी सेवा की है।
-केवल अंग्रेजी सीखने में जितना श्रम करना पड़ता है, उतने श्रम में हिंदुस्तान की सभी भाषाएं सीखी जा सकती है।
-हर एक भारतीय अपनी दो आंखों से देखेगा-एक होगी मातृभाषा, दूसरी होगी राष्ट्रभाषा हिंदी।
डॉ़. अम्बेडकर:-हम सभी भारतवासियों का यह अनिवार्य कर्त्तव्य है कि हम हिंदी को अपनी भाषा के रूप में अपनाएं।
डॉ़ जयंत विष्णु नार्लीकर (वैज्ञानिक): -थोड़े से अभ्यास से विज्ञान पर एक सीमा तक हिंदी में अच्छी तरह लिखा और बोला जा सकता है, क्योंकि जनता से सम्पर्क स्थापित करने के लिये जनभाषा का सहारा बहुत जरूरी है।
लोकमान्य तिलक: –अगर भारत की सोई हुई वैज्ञानिक प्रतिभाओं को जगाना है, तो विज्ञान की शिक्षा का माध्यम हिंदी को बनाना होगा। इसके बिना भारतीय जनता और वैज्ञानिक विचारों के बीच विद्यमान दूरी को खत्म नहीं किया
जा सकता और ऐसी दशा में जनता से सम्पर्क स्थापित करने के लिए जनभाषा का सहारा लेना बहुत जरूरी है।
मधु दण्डवते:–राष्ट्र के एकीकरण के लिए सर्वमान्य भाषा से अधिक बलशाली कोई तत्व नहीं है। मेरे विचार में हिंदी ऐसी ही भाषा है। सरलता और शीघ्रता से सीखी जाने योग्य भाषाओं में हिंदी सर्वोपरि है।.
.जब एक प्रांत के लोग दूसरे प्रांत के लोगों से मिले तो परस्पर वार्तालाप हिंदी में ही होना चाहिए।.
.यदि भारत में सभी भाषाओं के लिए एक देवनागरी लिपि हो, तो भारतीय जनता की एकता और ज्ञान का अंतर प्रांतीय आदान-प्रदान सुगम हो जायगा।
काका कालेलकर:
-भाषा जनजीवन की चेतना का स्पदंन होती है। इसके लिए समुचित विचारों का भरपूर प्रचार आवश्यक है। हिंदी इसका एक उत्तम माध्यम सिद्ध हो सकती है।
विष्णु वामन शिरवाड़कर ‘कुसुमाग्रज’:-हिंदी एक संगठित करने वाली शक्ति है। हिंदी का प्रचार कार्य एक वाग्यज्ञ है।
श्री गोपाल राव एकबोटे:-स्वभाषा और राष्ट्रभाषा के द्वारा ही समाज में परिवर्तन और सामाजिक क्रांति संभव है।
डॉ. पाण्डुरंग राव: –भाषा सक्षम होती जाती है, उसे उपयोग में लाने से। संसार में एक भी उदाहरण ऐसा नहीं है, जहां भाषा को पहले सब कामें के लिए पूर्णत: तैयार कर लिया गया हो और उसके बाद उसका शासन कार्य में उपयोग किया गया हो।
डॉ. रंगराव दिवाकर: -आजकल सरल हिंदी के संबंध में काफी चर्चा हो रही है और इस संबंध में जनसाधारण में और शिक्षित समाज में भी काफी मतभेद है। उत्तर में जिस भाषा को सरल या आसान समझा जाता है, वह दक्षिण में पढ़े-लिखे आदमी के लिए दुर्बोध बन जाती है। संस्कृत निष्ठ भाषा समझने में किसी को भी सुविधा होती है, तो किसी को उर्दू के रोजमर्रे की ताजगी मेॉ अधिक आनंद आता है। प्रत्येक व्यक्ति का अपना पर्यावरण होता है। भाषा भी पर्यावरण का एक अंग है। अपनी मातृभाषा के जिस पर्यावरण में एक व्यक्ति
पलता है, उसी को लेकर वह दूसरी भाषा के क्षेत्र में भी प्रवेश करता है।
रमेश भावसार ‘ऋषि’:-मैं राष्ट्र प्रेमी हूं, इसलिये सब राष्ट्रीय चीजों का, सब राष्ट्रवासियों का प्रेमी हूं तथा राष्ट्रभाषा का भी। राष्ट्रभाषा का प्रेम, राष्ट्र के अंतर्गत भिन्न-भिन्न लोगों का प्रेम और राष्ट्रभाषा का प्रेम, इसमें कुछ फर्क नहीं देखता हूं। जो राष्ट्रप्रेमी हैं, उसे राष्ट्रभाषा प्रेमी होना ही चाहिए। नहीं तो कुछ हद तक राष्ट्रप्रेम अधूरा ही रहेगा। -हिंदी बोलो, हिंदी लिखो, हिंदी पढ़ो-पढ़ाओ रे,राष्ट्रभाषा हिंदी के गौरव, गीत सदा ही गाओ रे।
कन्नड़
वी. वी. गिरी,पूर्व राष्ट्रपति: -हिंदी के बिना भारत की राष्ट्रीयता की बात करना व्यर्थ है।
के. हनुमंथैया –मैसूर, केरल तथा आंध्रप्रदेश ने हिंदी को संपर्क भाषा स्वीकार कर लिया है।
एस. निजलिंगप्पा :-इसमें संदेह नहीं कि राष्ट्रीय एकता में हिंदी का महत्तवपूर्ण स्थान है।
डॉ. सरगु कृष्णमूर्ति:-भारत विभिन्न धर्मों एवं भाषाओ का अखाड़ा है। किसी भी समय यहां मजहब, भाषा या किसी अन्य भेद के कारण ज्वालाएं फूट सकती है। इन सबको यदि हम राष्ट्रीय भावात्मक एकता के सूत्र से बांधकर भारत रूपी माला में नहीं गूथेंगे तो ये धर्म, ये भाषाएं और ये लोग बिखर-बिखर जायेंगे। इन सबको हम आज किसी एक मजहब के नीचे नहीं ला सकते, किसी एक दल का नहीं बना सकते। इन सबको अस्सी करोड़ मणियों की माला के रूप में हम सम्पर्क भाषा हिंदी के सूत्र के द्वारा ही स्थापित कर सकते हैं, वरना तलुगुभाषी, कन्नड़ भाषियों से संपर्क स्थापित नहीं कर सकता। बंगाली-पंजाबियों से हटकर रहेगा यह राष्ट्र , राष्ट्र नहीं रह कर प्रांतों की एकता विहीन एक भूखण्ड मात्र रहेगा। राष्ट्र की आत्मा व्यथित, राष्ट्र मन दु:खित एवं राष्ट्र की एकता लुप्त प्राय: हो जायगी।
प्रोफेसर चन्द्रहासन:- –उत्तर और दक्षिण भारत का सेतु हिंदी ही हो सकती है।
बांग्ला:
सुभाषचन्द्र बोस: -देश के सबसे बड़े भू-भाग में बोली जाने वाली हिंदी ही राष्ट्रभाषा की अधिकारिणी है।
-प्रांतीय ईर्ष्या, द्वेष दूर करने में जितनी सहायता हिंदी प्रचार से मिलेगी, उतनी किसी दूसरी चीज से नहीं।
रवीन्द्रनाथ ठाकुर: –आधुनिक भारत की संस्कृति एक विकसित शतदल कमल के समान है, जिसका एक-एक दल प्रांतीय भाषा और उसकी साहित्य-संस्कृति है। किसी एक को मिटा देने से उस कमल की शोभा ही नष्ट हो जायगी। हम चाहते हैं कि भारत की सब प्रांतीय बोलियां जिनमें सुंदर साहित्य सृष्टि हुई है, अपने-अपने घर (प्रांत में) रानी बनकर रहे, प्रांत के जन-गण को हार्दिक चिंतन की प्रकाश भूमि-स्वरूप कविता की भाषा होकर रहे और आधुनिक भाषाओं के हार की मध्यमणि ‘हिंदी’भारत-भारती होकर विराजती रहे।
-उस भाषा को राष्ट्रभाषा के रूप में स्वीकार किया जाना चाहिए जो देश के सबसे बड़े हिस्से में बोली जाती हो, अर्थात् हिंदी।
-राष्ट्रीय कार्य के लिए हिंदी आवश्यक है। इस भाषा से देश की उन्नति होगी।
-भारतीय भाषाएं नदियां हैं और हिंदी महानदी।
क्षितिज मोहन सेन:-हिंदी विश्व की सरलतम भाषाओं में से एक है।
-हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने के लिएअनेक अनुष्ठान हुए । उनको मैं राजसूर्य यज्ञ मानता हूं।
महर्षि अरविंद घोष:-भारत के विभिन्न प्रदेशों के बीच हिंदी प्रचार के द्वारा एकता स्थापित करने वाले लोग सच्चे भारत बंधु हैं।
-सब लोग अपनी-अपनी मातृभाषा की रक्षा करते हुए हिंदी को साधारण भाषा के रूप में पढ़ें।
बंकिमचन्द्र चट्टोपाध्याय (चटर्जी): -हिंदी भाषा के द्वारा भारत के अधिकांश स्थानों का मंगल साधन करें।
-अंग्रेजी के विषय में लोगों की जो कुछ भी भावना हो, पर मैं दावे के साथ कह सकता हीं कि हिंदी के बिना हमारा कार्य नहीं चल सकता। हिंदी की पुस्तकें लिखकर और हिंदी बोलकर भारत के अधिकांश भाग को निश्चय ही लाभ हो सकता है। यहि हम देश में बंगला और अंग्रेजी जानने वालों की संख्या का पता चलाएं, तो हमें साफ प्रकट हो जायेगा कि वह कितनी न्यून है ? जो सज्जन हिंदी भाषा द्वारा भारत में एकता पैदा करना चाहते हैं, वे निश्चय ही भारत बंधु हैं।
-विमल मित्र:-हिंदी समस्त देश को एक सूत्र में बांधने वाली भाषा है, इसलिए इसको राष्ट्रभाषा के पद पर प्रतिष्ठित होना उचित है।
डॉ. सुनीतिकुमार चटर्जी: -मैं हिंदी प्रेमी हूं, सांस्कृतिक जीवन में हिंदी के महत्त्व को भली-भांति समझता हूं। भारती एकता का मुख्य साधन हिंदी ही बन चुकी है। इसलिए हिंदी का विरोध करना भारती राष्ट्र का विरोध करना है।
न्यायमूर्ति शारदाचरण मित्र:अब भारत में एक लिपि के व्यवहारएवं उसके आसेतु हिमालय प्रसार का समय आ गया है और वह लिपि देवनागरी के अतिरिक्त दूसरी कोई नहीं हो सकती।
तेलुगु
पी. वी. नरसिंहराव:-हिंदी को हम सब एक भाषा के रूप में नहीं, अपितु एक सेतु के रूप में देखते हैं।
डॉ. मोटूरी सत्यनारायण:-किसी प्रांत विशेष की भाषा होने से हिंदी राष्ट्रभाषा नहीं मान ली गयी, बल्कि इसलिए मानी गई है कि वह अपनी सरलता, काव्यमयता और क्षमता के कारण सारे देश की भाषा हो सकती है।
-हिंदी के विकास में दो क्षेत्रों से मदद प्राप्त होना अनिवार्य है-हिंदी क्षेत्र तथा अहिंदी क्षेत्र। राष्ट्रभाषा के आंदोलन में सबसे बड़ी और विकट समस्या क्षेत्रीय हिंदी तथा क्षेत्रीय भाषाओं का समन्वय है। पारस्परिक सहानुभूमि सहानुभूति और सहनशीलता के बिना यह समन्वय प्राप्त नहीं हो सकता। अत: हिंदी तथा प्रादेशिक भाषाओं की वृद्धि तथा समृद्धि एक साथ होने में ही राष्ट्रीय हिंदी का विकास निहित है।
-भाषा समन्वय राष्ट्रीय एकता के लिए जितना आवश्यक है, उतना लिपि समन्वय भी, इसमें सबसे अधिक सहायक वर्तमान नागरी लिपि की लेखन प्रक्रिया है जिसे सुलभ बनाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर काम होना चाहिए, जबकि हिंदी संघ राज्य की प्रशासनिक भाषा और नागरी संघ राज्य की लिपि मान ली गयी है।
नीलम संजीव रेड्डी:जो हिंदी अपनायेगा वही आगे चलकर अखिल भारतीय सेवा में जा सकेगा और देश का नेतृत्व भी वहीं कर सकेगा, जो हिंदी जानता होगा।
डॉ. वी.के.आर.वी.राव: -यदि सभी भारतीय भाषाओं के लिये नागरी लिपि का उपयोग हो, तो देश की विभिन्न भाषाएं सीखने में आसानी हो।
डॉ. वी.राघवन:-अखिल भारतीय कार्यों के लिये एक समान लिपि के रूप में देवनागरी का ही समर्थन किया जा सकता है।
डॉ. बी. गोपाल रेड्डी: -क्षेत्रीय भाषाओं को अपनाने के जोश में संपर्क भाषा हिंदी के विकास की उपेक्षा नहीं की जाना चाहिए।
विश्वनाथ सत्यनारायण: -राष्ट्रीय एकता के लिये देश की सर्वमान्य भाषा के रूप में हिंदी का पठन अनिवार्य है।
उड़िया
कालीचरण पाणिग्रही:-मैं शुद्ध अंग्रेजी बोलने के बजाय अशुद्ध हिंदी बोलना पसंद करता हूं, क्योंकि वह मेरी राष्ट्रभाषा है। -राष्ट्रभाषा हिंदी की अभिवृद्धि से ही अन्य भारतीय भआषाओं की अभिवृद्धि संभव है।
-सरोजिनी नायडू:अगर हम साधारण बुद्धि से काम लें, तब हमें पता चलेगा कि हमारी कौमी जबान हिंदी हो सकती है।
डॉ. भुवनेश्वर तिवारी:-आओ भारत-भारती की हम उतारे आरती, पूज्य है पूजब बने हम, मातृ-भूमि की भारती,संस्कृति संवाहिका श्री श्रेष्ठ भारत-भारती, अर्चना है, वंदना है, जय-जय भारत-भारती।चेतना में, चिंता में, कर्मणा में भारती,व्याप्त सारे देश में, उदात्त भारत-भारती,विपुल भावों से भरा, यह लो समर्पण भारती,
विश्व आसन पर विराजो, दिव्य भारत-भारती।
मलयालम
कामरेड इ.एम.एस. नम्बुदरीपाद:-विदेशों से सम्पर्क के लिये हिंदी माध्यम हो। अंग्रेजी के कारण विदेशों में हमें लज्जित होना पड़ता है।
-बी.के.बालकृष्णन:-हिंदी हमारी राष्ट्रभाषा और नागरी हमारी राष्ट्र लिपि है।
-महाकवि कुरुप: -भारत की अखण्डता और व्यक्तित्व बनाये रखने के लिये हिंदी प्रचार अत्यंत आवश्यक है।
पंजाबी-
लाला लाजपतराय:-आरंभिक जीवन से ही मुझे यह निश्चय हो गया था कि राष्ट्रीय मेल और राजनैतिक एकता के लिये सारे देश में हिंदी और नागरी का प्रचार आवश्यक है। तब मैंने। अपने लाभ-हानि के विचारों को एक ओर रख कर हिंदी का प्रचार प्रारंभ किया।
डॉ. राजाराम महरोत्रा:-राष्ट्रभाषा को अपने ही घर में दासी मत बनाइये।
ज्ञानी जैल सिंह: -लोकमान्य तिलक और महात्मा गांधी जैसे महानुभाव हिंदी भाषी प्रांतों में पैदा नहीं हुए थे, पर उन सब ने आजादी की लड़ाई हिंदी के द्वारा ही लड़ी थी। यह हिंदी इतनी प्रचलित है कि प्रांतीय भाषाओं के शब्दों को भी हजम करती है। भारत के निवासियों को यह समझ लेना चाहिए कि हिंदी के बिना हमारी आजादी अधूरी है, हिंदी भाषा न तो पंजाबी को मारना चाहती है, न गुजराती को, न मराठी, न तमिल, तेलुगु और बंगला को ही, यह तो सबको जिंदा रखने के लिये तैयार है। इसी भाषा से हम आगे बढ़े हैं और यही भाषा हमको आगे बढ़ा सकती है।
-हिंदी ही एकमात्र भाषा है, जे समूचे देश को एक कड़ी में पिरोती है। अगर हिंदी कमजोर होती है, तो देश कमजोर होगा, अगर हिंदी मजबूत हुई तो देश की एकता, अखण्डता मजबूत होगी।
-भारत यदि हिंदी को भूल गया तो अपनी संस्कृति को भी भूल जायगा।




