Wednesday, June 24, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 456

प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय में आज से प्रवेश प्रक्रिया शुरू

कोलकाता : प्रेसिडेंसी विश्वविद्यालय में स्नातक स्तर पर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 18 अगस्त से शुरू हो रही है। इस बाबत विश्वविद्यालय द्वारा एक विज्ञप्ति जारी की गयी है। विज्ञप्ति में कहा गया है कि स्नातक आर्ट्स और साइंस कोर्स में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने लिए एडमिशन पोर्टल18 अगस्त से खोल दिया जाएगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 1 सितंबर है। विद्यार्थियों को कोई भी आवेदन शुल्क नहीं देना पड़ेगा।

प्रेसिडेंसी में दाखिले के लिए मेधा सूची माध्यमिक व समकक्ष तथा उच्च माध्यमिक व समकक्ष के प्राप्तांकों के आधार पर ही तैयार की जाएगी। 5 सितंबर को मेधा सूची जारी की जाएगी।  स्टैटिस्टिक्स और अर्थशास्त्र के अतिरिक्त अन्य सभी विषयों में माध्यमिक व उच्च माध्यमिक के प्राप्तांकों को समान महत्व दिया जाएगा। PU के सभी 16 विषयों में आवंटित सीटों की संख्या बांग्ला व अंग्रेजी में 38, हिन्दी में 30 सीटें, इतिहास में 46 सीटें, फिलोसॉफी में 20 सीटें, राजनीति विज्ञान में 31 सीटें, सोशियोलॉजी में 32 सीटें, परफॉर्मिंग आर्ट में 15 सीटें, केमिस्ट्री और अर्थशास्त्र में 53 सीटें, ज्योग्राफी में 28 सीटें, जियोलॉजी में 31 सीटें, लाइफ साइंस में 116 सीटें, गणित और फिजिक्स में 53 सीटें और स्टैटिक्स में 28 सीटें हैं।

(साभार – नयी आवाज डॉट कॉम)

कोरोना : जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन और हाई डेटा प्लान देगा जेयू

कोलकाता : कोरोना संक्रमण के प्रसार की शुरुआत से ही शिक्षण संस्थान बंद हैं लेकिन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई को जारी रखा गया है। महानगर स्थित जादवपुर विश्वविद्यालय  में अगले महीने की 14 तारीख से ऑनलाइन कक्षा शुरू होने वाली है। सूत्रों की माने तो जेयू की ओर से इंजीनियरिंग, साइंस और आर्ट्स फैकल्टी के विद्यार्थियों को लेकर हाल ही में एक सर्वे किया गया। इस सर्वे में पता चला कि इन तीनों विभाग के 800 ऐसे विद्यार्थी हैं, जिन्हें ऑनलाइन कक्षा में शामिल होने के लिए मदद की जरूरत है। इसके बाद जरूरतमंद विद्यार्थियों को 2 श्रेणी में बाँटा गया।

पहली श्रेणी में ऐसे विद्यार्थियों को रखा गया, जिनके पास स्मार्ट फोन है लेकिन डेटा प्लान लेने में सक्षम नहीं हैं। वहीं दूसरी श्रेणी में ऐसे विद्यार्थियों को रखा गया, जिनके पास स्मार्ट फोन ही नहीं है। जेयू के वीसी सुरंजन दास ने कहा कि हम वैसे विद्यार्थियों में स्मार्ट-फोन और हाई-स्पीड डाटा वितरित करेंगे, जिन्हें उसकी आवश्कता है। काफी अधिक विद्यार्थियों को डाटा पैक की आवश्यकता है। हमने इसके लिए एक कोष तैयार करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि अध्यापकों से इस के लिए एक दिन का वेतन अनुदान में देने का अनुरोध किया गया है। सूत्रों की माने तो जेयू में करीब 600 अध्यापक हैं। यदि उन्होंने एक दिन का वेतन अनुदान में दे दिया तो 10 लाख रुपये तक जमा हो जाएगा।

बंगाल में अब घर बैठे ही परिजन जान सकेंगे कोरोना मरीज का हाल

कोलकाता : अब परिजनों को अस्पताल में भर्ती मरीज की जानकारी लेने के लिए न तो भाग-दौड़ करनी होगी और न ही किसी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। राज्य में कोविड पेशेंट मैनेजमेंट सिस्टम (Covid Patient Management System) की शुरुआत कर दी गयी है। इसके माध्यम से अब अस्पताल में भर्ती मरीज का हालचाल परिवार वाले घर बैठे-बैठे जान सकेंगे। सूत्रों के मुताबिक सोमवार को राज्य के मु्ख्य सचिव राजीव सिन्हा ने कहा कि राज्य में कोविड मैनेजमेंट सिस्टम शुरू हो गया है। अभी तक एमआर बांगड़, कलकत्ता मेडिकल व कॉलेज एवं अन्य एक अस्पताल में भर्ती कोरोना मरीज की जानकारी उनके परिजन घर बैठे-बैठे प्राप्त कर सकेंगे। जानकारी के मुताबिक आने वाले 7 दिन के अंदर 84 कोविड अस्पतालों में उक्त सिस्टम काम करना शुरू कर देगा।

सूत्रों के मुताबिक इसके लिए परिजनों को अपने मोबाइल/लैपटॉप/पीसी में स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट खोलनी होगी। https://www.wbhealth.gov.in/ बेवसाइट पर ‘know the status of your patient‘ का विकल्प  दिखेगा। जो कुछ ऐसा होगा

इस  विकल्प पर क्लिक करने पर एक पेज खुलेगा, जहाँ अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन का रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर देना होगा फिर उस नंबर पर एक वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) आयेगा। ओटीपी देने पर ही परिजन अपने मरीज से जुड़ी सभी जानकारियाँ प्राप्त कर सकेंगे।

(साभार – नयी आवाज डॉट कॉम)

कोरोना : अब एक फोन पर मिलेगी चिकित्सक की सलाह

कोलकाता : कोरोना  संक्रमण के पैर पसारने के बाद से ही कोलकाता में लोगों को अपने आस-पास डॉक्टर्स नहीं मिल रहे हैं। कोरोना काल में भी लोगों को स्वास्थ्य संबंधी अन्य समस्याओं के लिए चिकित्सक की जरूरत पड़ती है। इसी बात का ध्यान रखते हुए अब कोलकाता नगर निगम एवं कोलकाता पुलिस ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के सहयोग से एक अहम पहल करते हुए हर थाने इलाके के चिकित्सकों की सूची जारी की है। इस सूची में कोलकाता के हर थाना इलाके में उपलब्ध चिकित्सकों के नंबर दिए गए हैं, जिसपर फोन कर कोई भी व्यक्ति स्वास्थ्य संबंधी सलाह ले सकता है।

(साभार – नयी आवाज डॉट कॉम)

जेयू : स्नातक में दाखिले के लिए आवेदन तारीख बदली

कोलकाता : जादवपुर विश्वविद्यालय (जेयू) में स्नातक स्तर पर दाखिले के लिए आवेदन करने की तारीख में बदलाव किया गया है। अब विद्यार्थी 18 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन पत्र भर सकते हैं। इससे पहले दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू होने वाली थी, लेकिन राज्य सरकार के नये निर्देशों को वेबसाइट पर अपडेट करने के लिए आवेदन करने की तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा जारी नये निर्देशों के अनुसार इस वर्ष स्नातक स्तर पर दाखिले के लिए कोई भी कॉलेज या विश्वविद्यालय आवेदकों से शुल्क नहीं वसूल सकेगा।

कोविड-19 अतिमारी को ध्यान में रखते हुए ही उच्च शिक्षा विभाग ने यह निर्णय लिया। जेयू में अब तक आवेदन शुल्क के तौर पर 100 रुपये प्रत्येक विषय के लिए वसूला जाता था। विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि राज्य सरकार द्वारा आवेदन फीस को माफ किये जाने के निर्णय के परिप्रेक्ष्य में एडमिशन पोर्टल पर कुछ तकनीकी बदलाव करने होंगे इसलिए बीए और बीएससी पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए आवेदन 18 अगस्त से शुरू होगी। आवेदन करने की अंतिम तिथि 4 सितम्बर है।

(साभार – नयी आवाज डॉट कॉम)

लड़कियों की शादी के उम्र में होगा बदलाव? पीएम मोदी का इशारा

नयी दिल्ली : भारत सरकार लड़कियों के लिए शादी की न्यूनतम आयु पर फिर से विचार कर रही है। कहा जा रहा है कि अब लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र 18 से बढ़ाकर 21 की जा सकती है। इससे लड़कियों के जीवन में कई बदलाव आएंगे। पीएम मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर कहा कि हमने अपनी बेटियों की शादी के लिए न्यूनतम आयु पर पुनर्विचार करने के लिए समिति का गठन किया है। समिति अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के बाद हम उचित निर्णय लेंगे।


लड़कियों की न्यूनतम उम्र सीमा में बदलाव करने के लिए पीछे उद्देश्य मातृ मृत्युदर (maternal mortality) में कमी लाना है। माना जा रहा है कि सरकार की इस कवायद के पीछ सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला भी हो सकता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पिछले बजट भाषण में कहा था कि महिला के मां बनने की सही उम्र के बारे में सलाह देने के लिए एक टास्क फोर्स बनाई जाएगी। वित्त मंत्री के बाद अब पीएम ने भी टास्क फोर्स की रिपोर्ट के बाद बेटियों की शादी की न्यूनतम उम्र पर पुनर्विचार की बात कही है। जानकारों की मानें तो सुप्रीम कोर्ट का अक्टूबर 2017 में एक फैसला आया था। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि वैवाहिक बलात्कार (marital rape) से बेटियों को बचाने के लिए बाल विवाह पूरी तरह से अवैध माना जाना चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने विवाह के लिए न्यूनतम उम्र के बारे में फैसला लेने का काम सरकार पर छोड़ दिया था। कहा जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट के इसी फैसले को लेकर सरकार ने कवायद शुरू की है।
एक अधिकारी ने बताया कि शादी के लिए लड़की और लड़के की न्यूनतम उम्र को एक समान होना चाहिए। अगर मां बनने की कानूनी उम्र 21 साल तय कर दी जाती है तो महिला की बच्चे पैदा करने की क्षमता वाले सालों की संख्या अपने आप घट जाएगी।

एम. एस. धोनी और रैना ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, खेलते रहेंगे आईपीएल

नयी दिल्ली : 74वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबे क्रिकेट प्रशंसकों के लिए शनिवार की शाम एक चौंकाने वाली खबर सामने आयी। भारतीय क्रिकेट टीम के सभी प्रारूपों में सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्‍लेबाज व भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एम.एस. धोनी ने अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने अपने करियर के शुरुआत लेकर अभी तक के बेस्ट प्रदर्शनों का एक वीडियो सोशल मीडिया साइट Instagram (इंस्टाग्राम) पर साझा किया। इसके साथ उन्होंने अपने प्रशंसकों के लिए लिखा, अभी तक आपसे मिले प्यार व समर्थन के लिए धन्यवाद। मुझे आज शाम 7.29 बजे से रिटायर्ड समझा जाए। उनका यह सन्देश जंगल की आग की तरह चंद मिनटों में फैल गया। उनके प्रशंसकों ने उन्हें लगातार मैसेज करना जारी रखा है। कुछ मैसेज पर धोनी ने उत्तर भी दिया है। गौरतलब है कि पिछले साल इंग्‍लैंड में हुए वर्ल्‍ड कप में न्‍यूजीलैंड के हाथों सेमीफाइनल में मिली हार के बाद से ही धोनी क्रिकेट से दूर थे। उन्‍होंने उस दौरान घरेलू मैच भी नहीं खेले थे और आर्मी के साथ ट्रेनिंग करने चले गए थे।
एम. एस. धोनी ने अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा है मगर वे इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही चेन्‍नई सुपर किंग्‍स (सीएसके) के सीईओ ने कहा था कि धोनी आईपीएल 2020 और 2021 आईपीएल खेलते रहेंगे और जहां तक होगा 2022 में भी नजर आएंगे।

सुरेश रैना ने भी कहा अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा

धोनी के साथ ही भारतीय  क्रिकेट टीम के सभी प्रारूपों में सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्‍लेबाज व भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एम.एस. धोनी  के अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास की घोषणा के तुरंत बाद भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी अन्तरराष्ट्रीय क्रिकेट से सन्यास की घोषणा कर दी। उन्होंने भी सोशल मीडिया साइट इस्टाग्राम पर धोनी के साथ एक फोटो साझा करते हुए लिखा, ‘ M.S. Dhoni आपके साथ खेलना शानदार रहा। मैंने भी गर्व के साथ आपके सफर का साथी बनने का रास्ता चुना है। धन्यवाद। जय हिन्द!’

(साभार – नयी आवाज डॉट कॉम)

वर्धा हिंदी विश्‍वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ

वर्धा/ कोलकाता : वर्धा स्थित महात्‍मा गांधी अंतरराष्‍ट्रीय हिंदी विश्‍वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया  आरंभ हो चुकी है। संसद द्वारा स्‍थापित और नैक द्वारा ए ग्रेड प्रदत्‍त इस केंद्रीय  विश्‍वविद्यालय की ओर से हिंदी माध्‍यम के विभिन्‍न पाठयक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाईन आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं। यह जानकारी कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने  आज एक ऑनलाइन (गूगल मीट) प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि विश्‍वविद्यालय में 2020-21 सत्र में एम.ए., एम.एड., एमबीए. एम.टेक. पी-एच.डी.,  बी.ए., बी.एस.डब्‍ल्‍यू., बी.जे.एम.सी., बी.एड. आदि में प्रवेश की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है । प्रो. शुक्ल ने बताया कि विश्‍वविद्यालय में विद्यार्थियों के लिए वाई-फाई, छात्रावास, छात्रवृत्ति और शोधवृत्ति, कंप्‍यूटर लैब, चिकित्‍सा जैसी सुविधाएं दी जाती हैं। सभी पाठयक्रमों के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 05 सितंबर है ।
कुलपति प्रो. शुक्ल ने बताया कि विश्‍वविद्यालय में हिंदी-भाषाविज्ञान, हिंदी-भाषाशिक्षण, हिंदी-भाषा प्रौद्योगिकी, स्‍पैनिश, चीनी, फ्रांसीसी, हिंदी साहित्‍य, नाट्यकलाशास्‍त्र, संस्‍कृत, गांधी एवं शांति अध्‍ययन, स्‍त्री अध्‍ययन, बौद्ध अध्‍ययन, दलित एवं जनजातीय अध्‍ययन, दर्शनशास्‍त्र, समाज कार्य, समाजशास्‍त्र, जनसंचार, मानवविज्ञान, अनुवाद अध्‍ययन, प्रवासन एवं डायस्‍पोरा अध्‍ययन और शिक्षाशास्‍त्र  विषयों में पी-एच.डी. में प्रवेश के लिए आवेदन किए जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि विश्‍वविद्यालय में एम.ए. स्‍तर के शिक्षण के लिए हिंदी-भाषाविज्ञान, हिंदी-भाषा प्रौद्योगिकी, मास्‍टर ऑफ इंफॉर्मेटिक्‍स एंड लैंग्‍वेज इंजीनियरिंग, एम.टेक.- कंप्‍यूटेशनल लिंग्विस्टिक्‍स, हिंदी साहित्‍य, हिंदी-तुलनात्‍मक भारतीय साहित्‍य, हिंदी-भाषा शिक्षण, हिंदी-अनुवाद, नाट्यकलाशास्‍त्र, फिल्‍म अध्‍ययन, संस्‍कृत, मराठी, गांधी एवं शांति अध्‍ययन, स्‍त्री अध्‍ययन, दलित एवं जनजातीय अध्‍ययन, बौद्ध अध्‍ययन, एम.एस.डब्‍ल्‍यू. समाजशास्‍त्र, इतिहास, दर्शनशास्‍त्र, राजनीति विज्ञान, अनुवाद अध्‍ययन, प्रवासन एवं डायस्‍पोरा अध्‍ययन, जनंसचार, मानवविज्ञान, शिक्षाशास्‍त्र, एम.एड.,  तथा एम.बी.ए., मनोविज्ञान विषयों में भी प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं।
विदेशी भाषाओं में चीनी, स्‍पैनिश, जापानीज, फ्रांसीसी भाषाओं सहित फोरेंसिक साइंस में दो सेमेस्‍टर के डिप्‍लोमा तथा पी. जी. डिप्‍लोमा के लिए भाषाशिक्षण, पी.जी.डी.सी.ए., गांधी विचार, मानवाधिकार, जेंडर अध्‍ययन, दलित विचार, बौद्ध अध्‍ययन, अनुवाद, भारतीय डायस्‍पोरा और परामर्श एवं निर्देशन में प्रवेश के लिए भी आनलाइन आवेदन किए जा सकते हैं। लिया जा सकता है।
कुलपति प्रो. शुक्ल ने बताया कि चीनी, स्‍पैनिश, जापानीज, फ्रांसीसी, संस्‍कृत, और मराठी भाषाओं में दो सेमेस्‍टर के सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्ल ने बताया कि विश्‍वविद्यालय के कोलकाता और प्रयागराज दो क्षेत्रीय केंद्र हैं। इनमें से कोलकाता केंद्र में एम.ए. हिंदी साहित्‍य, एम.ए. हिंदी-अनुवाद एवं प्रयागराज केंद्र में एम.ए. हिंदी साहित्‍य, एम.ए. हिंदी अनुवाद, एम.ए. हिंदी भाषाशिक्षण, एम.एस.डब्‍ल्‍यू, एम.ए. राजनीति विज्ञान और अनुवाद में पी.जी. डिप्‍लोमा पाठ्यक्रम के लिए भी आवेदन किए जा सकते हैं.
आवेदन पत्र विश्‍वविद्यालय की वेबसाइट www.hindivishwa.org पर उपलब्‍ध हैं। प्रवेश से संबंधित अधिक जानकारी के लिए विद्यार्थी टोल फ्री नं. 18002332141 पर संपर्क कर  सकते हैं। प्रवेश प्रक्रिया के प्रारंभ होने पर विश्‍वविद्यालय के कुलपति प्रो. रजनीश कुमार शुक्‍ल ने विद्यार्थियों के लिए अपने संदेश में कहा है ‘विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विश्‍वविद्यालय पूर्णरूपेण प्रतिबद्ध है।  उन्‍होंने कहा कि विश्‍वविद्यालय के प्राकृतिक परिवेश और अध्‍ययन के लिए उपलब्‍ध सुविधाओं के साथ एक सक्रिय विद्यार्थी के रूप में आगे बढ़ने के लिए यहां पर्याप्‍त संभावनाएं मौजूद हैं।

 

भवानीपुर कॉलेज ने 74वें स्वतंत्रता दिवस पर बिनय बादल दिनेश को दी श्रद्धांजलि

कोलकाता : भवानीपुर कॉलेज ने 74वें स्वतंत्रता दिवस पर सामाजिक दूरी रखते हुए डीन प्रो दिलीप शाह ने कुछ स्टाफ के साथ झंडोत्तोलन किया। तिरंगे को फहराया गया और राष्ट्र गीत कालेज में गूंज उठा। इसके बाद सभी कार्यक्रम यू-ट्यूब पर किए गए। एन सीसी के आदित्यराज की बटालियन ने झंडे को आभासी सलामी दी। कोरोना महामारी के संकट में सभी विद्यार्थियों ने अपने घरों से अॉन-लाइन जुड़कर पंद्रह अगस्त के पावन पर्व को मनाया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भवानीपुर कॉलेज ने बंगाल के युवा शहीदों बिनय, बादल और दिनेश को श्रद्धांजलि दी गई । इन्एक्ट के तीन विद्यार्थियों ने स्वयं उनके किरदारों को अपने शब्दों में व्यक्त कर सभी को देश- प्रेम और वीरता के भावों से ओतप्रोत कर दिया। कॉलेज के अध्यक्ष श्री चंपक लाल दोषी ने अपने भाषण में कहा कि बुरा वक्त हमेशा नहीं रहता है। हमें सकारात्मक सोच से आगे बढ़ने की आवश्यकता है। एक नए भारत को बनाना है। डायरेक्टर जनरल डॉ. सुमन मुखर्जी ने अपने संदेश में कहा कि भारत को स्वतंत्रता दिलाने वाले हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद करते हुए हमारे युवाओं को मनुष्यता को बरकरार रखते हुए देश की समस्याओं को हल करने का प्रयास करना होगा।

टीआईसी डॉ. सुचंद्रा चक्रवर्ती ने विद्यार्थियों से कोरोना काल की विपरीत परिस्थितियों में भी उनके प्रयासों की सराहना की। क्रिसेंडो के विद्यार्थियों ने देश भक्ति के मधुर गीतों की और फ्लेम के विद्यार्थियों ने देश की विभिन्न संस्कृतियों के नृत्यों की प्रस्तुति दी। कॉलेज की कोआर्डिनेटर प्रो. मीनाक्षी चतुर्वेदी ने अपने सफल संचालन से महसूस ही नहीं होने दिया कि सभी कार्यक्रम यू-ट्यूब में हो रहे हैं। कोरोना काल से ही कुछ विद्यार्थियों ने डिजिटल तकनीक से कॉलेज के विभिन्न कार्यक्रमों को नियमित रूप से करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए डीन प्रो. दिलीप शाह ने बताया कि कॉलेज की एन एस एस शाखा कोरोनाकाल में जरूरतमंदों की मदद कर रही है और कॉलेज की एक अध्यापिका अंधों की शिक्षा के लिए आडियो ब्रैल पद्धति की पुस्तक तैयार कर रहीं हैं। इस कार्यक्रम की जानकारी दी हिंदी अध्यापिका डॉ. वसुंधरा मिश्र ने।

ला मार्टिनियर फॉर ब्वॉयज में इंटर स्कूल पैट्रियोटिक मीट 2020

कोलकाता : हर साल की तरह इस बार भी 15 अगस्त को 74 वे स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य पर ला मार्टिनियर फॉर ब्वॉयज के के प्रिंसिपल जे. रफी़ के मार्गदर्शन में “हिंदी ज्योतस्ना क्लब” के द्वारा “एनुअल पेट्रियोटिक मीट 2020” का आयोजन किया गया।
देशभक्ति के इस कार्यक्रम में कोलकाता ही नहीं,दूर दराज के विद्यालयों, जिसमें उत्तर प्रदेश के मेरठ, नार्थ बंगाल के सनशाइन समेत 23 विद्यालयों के छात्र-छात्राएं ने हिस्सा लिया। दो दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत पहले दिन 14 अगस्त शुक्रवार को ‘इंटर स्कूल डिबेट’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया जिसमें 18 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। हालांकि इस बार कोरोना महामारी के चलते स्‍कूल बंद हैं, इसलिए इस साल वाद-विवाद प्रतियोगिता वर्चुअल तरीक़े से करवाई गई । वाद-विवाद प्रतियोगिता दो चरणों में सम्पन्न हुई जिसका शीर्षक “ऑनलाइन कक्षाएँ छात्रों के लिए उपयोगी हैं” तथा “धनार्जन ही कार्य करने का एकमात्र प्रेरणास्रोत हैं “ था।
विद्यालय के वाइस प्रिंसिपल जे. स्टीफन ने प्रतियोगिता के दौरान बच्चों का हौसला बढ़ाया ताकि वह घबराए नहीं बल्कि आत्मविश्वास के साथ अपना मत प्रस्तुत कर सके।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका एम. डी शाहबुद्दीनजी, श्रीमती सीमा सिंह, अशोक कुमार शर्मा जी, डॉ. राजेंद्र नाथ त्रिपाठी, श्रीमती उमा अग्रवाल, राजीव मिश्राजी, विशाल सिंह जी ,डाॅ.मीनु भटनागर, डॉ रेशमी पांडा मुखर्जी ने की ।
प्रतियोगिता का संचालन “हिंदी ज्योतस्ना क्लब” के टीचर इन्चार्ज बलवंत सिंह ने किया। वाद-विवाद प्रतियोगिता में पक्ष में प्रथम लोरेटो डे स्कूल धर्मतल्ला की छात्रा श्रद्धा तिवारी(पक्ष) और सोफिया गर्ल्स स्कूल मेरठ उत्तर प्रदेश की छात्रा प्रियांशी सिंह (विपक्ष) रही। परिचर्चा में प्रथम स्कूल का पुरस्कार लोरेटो डे स्कूल धर्मतल्ला तथा रनरअप स्कूल का पुरस्कार सेंट जेम्स स्कूल को मिला।प्रतिभाग करने वाले सभी प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण पत्र तथा इन प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को विजेता प्रमाण पत्र भी उनके ईमेल के माध्यम से भेजा जाएगा।
“एनुअल पेट्रियोटिक मीट 2020” कार्यक्रम के दुसरे दिन 15 अगस्त को देशभक्ति से ओतप्रोत नृत्य तथा संगीत का कार्यक्रम हुआ जिसमें 22 स्कूलों के बच्चों ने हिस्सा लिया हैं। स्कूल और शिक्षण संस्थान बंद होने के कारण बच्चे इस बार खुलकर स्वतंत्रता दिवस के जश्न में शामिल नहीं हो पाए लेकिन कोरोना महामारी के बचाव और सुरक्षा के नियमों तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए अपने घरों में रहकर वीडियो तैयार कर ऑनलाइन के माध्यम से अपना हुनर दिखाया हैं।विभिन्न विद्यालयों के प्रिंसिपलों ने विडियो संदेश के द्वारा ला मार्टिनियर और प्रिंसिपल जे. रफी़ की सराहना की और बच्चों का हौसला बढ़ाया।ला मार्टिनियर के प्रिंसिपल जे. रफी़ ने आमंत्रित सभी विद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों का कोरोना महामारी में भी कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिये धन्यवाद दिया।उन्होंने कहाँ की स्वतंत्रता दिवस एक ऐतिहासिक पर्व हैं ।सिर्फ सीमा पर खड़े आर्मी या पुलिस के जवानों का ही नहीं बल्कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम अपने देश की रक्षा करे।अंत में उन्होंने कहाँ की इस वैश्विक महामारी के संकट काल में देश के विभिन्न प्रान्तों से वर्चुअल तरीक़े से जुड़कर बच्चों ने जो रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के द्वारा बच्चों ने ये साबित कर दिया आज शितिज पर आत्मनिर्भर भारत का सूर्योदय हो रहा हैं ,यह भारत के पुनः विश्वगुरू बनने का उद्घोष हो रहा हैं । अगले साल कोरोना से जंग जीत कर हम साक्षात रूप से कार्यक्रम प्रस्तुत करने की प्रतिश्रुति के साथ उन्होंने कार्यक्रम के समापन की घोषणा की ।