Tuesday, April 22, 2025
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 35

महाराष्ट्र के वेडाहरी गांव में करीब 2500 साल पुराने कुएं में ध्यानस्थ बुद्ध की प्रतिमा

बेसा(नागपुर)। बेसा ग्रामीण के वेडाहरी गांव में खुली जगह पर एक बड़ा सा कुआं है। इस कुएं में नीचे उतरने के लिए सीढ़ियां हैं। कुएं का निरीक्षण करने पर पता चला कि इसकी दीवार पर बुद्ध की भूमि स्पर्श मुद्रा में मूर्ति को उकेरा गया है। इसका पता खामला निवासी नागमित्र धर्मेश पाटील ने 2010 में लगाया। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि इस बावड़ी कुएं से लगकर 20 खोलियां हैं। गौरतलब है कि कुएं के बीचों बीच बुद्ध की ध्यानस्थ मुद्रा में मूर्ति बनाई गई। ठीक उसके सामने जो बीस खोलियां है, वहां बैठकर ध्यान साधना करने पर बुद्ध मूर्ति का साक्षात्कार होता है। इस उद्देश्य से बुद्ध मूर्ति बावड़ी कुएं के केंद्र स्थान में उकेरी गई है। इस कुएं को पुरातत्व का दर्जा दिए जाने की मांग नागपुर के पुरातत्व विभाग को नागमित्र पाटील और उनका रिसर्च ग्रुप कर रहा है। बुद्ध कालीन धरोहर को संजोए रखने का कार्य : पाटील देश, महानगर और शहर में मौजूद प्राचीन पुरातत्व विरासत को बचाए रखने का कार्य 2002 से समूह में कर रहे हैं। उन्होंने 2010 में वेडाहरी गांव में मौजूद बावड़ी कुएं की दीवार पर बुद्ध मूर्ति होने की खोज की। मानेवाड़ा से वेडाहरी गांव रिंग रोड से लगकर डुंडा मारोति पर्यटन स्थल के पहले यह बावड़ी कुआं है।

इस बावड़ी कुएं में 20 ध्यान साधना के कमरे थे, वर्तमान में 18 ही खोलियां बची हैं। केंद्र स्थान पर तथागत भगवान गौतम बुद्ध की भूमि स्पर्श मुद्रावाली बुद्ध मूर्ति आज भी कायम है। हालांकि प्राचीन काल में बनाया गया कुआं और बुद्ध मूर्ति रख-रखाव के अभाव में उपेक्षा की शिकार बनी हुई है। कुआं साबूत, लेकिन उपेक्षित : वेडाहरी गांव के इस बावड़ी कुएं का संबंध सातवाहन, वाकाटक और नागराजा हर्षवर्धन (हरिचंद्र राजा) काल से भी जोड़ा जाता है। इतिहास है कि वेडाहरी गांव का मार्ग बड़ा मार्ग था। इसी रास्ते से व्यापारी और अनेक धर्मावलंबी आना जाना करते थे। उनकी सुविधा के लिए मौर्य काल में सातवाहन राजा सार्वजनिक कुएं बनाना, छांव के लिए स्तूप का निर्माण, विशालकाय पेड़ लगाना, सड़कों का निर्माण आदि सुविधा लोगों को मिल सके, ठंड, बारिश और धूप से उनकी सुरक्षा हो सके, इस उद्देश्य से राजा कार्य करते थे। आज भी यह बावड़ी कुआं साबूत है, लेकिन सरकार के उदासीन रवैये के कारण उपेक्षित है।

पाटील ने पुरातत्व इतिहास शोध समूह बनाकर साल 2010 से करीब बीस से पच्चीस पुरातत्व स्थलों को खोज निकला। इसी के माध्यम से विरासत बचाओ अभियान चला रहे हैं। धम्म प्रचार के लिए बौद्ध भिक्षु, जैन मुनि और व्यापारी लोगों के लिए मार्ग पर ऐसे कुएं पाए जा रहे हैं, जिसमें इतिहास छिपा होने का खुलासा हो रहा है।

विश्व रिकॉर्ड में नाम दर्ज : पाटील हमेशा बुद्धकालीन धरोहर बचाने के लिए कार्यरत रहते हैं। इस दौरान उन्होंने प्राचीन विरासत शासन उसे ब्राह्मी लिपि कहता है, वह अशोका धम्मलिपि है। इस पर 50,000 से ज्यादा पाली, मराठी, हिंदी शब्दों की धम्म लिपि की है। इस कार्य के लिए 1 दिसंबर 2023 को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड और हाल ही में इंटरनेशनल वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड 2024 में नाम दर्ज हो चुका है।

बावड़ी कुएं को मिले पुरातत्व का दर्जा : वेडाहरी गांव मे मौजूद मौर्य कालीन पुरातत्व बावड़ी कुएं को पुरातत्व का दर्जा दिए जाने की मांग नागपुर के राज्य और केंद्र सरकार के पुरातत्व विभाग को पिछले 14 साल से कर रहे हैं। इसके लिए हर स्तर पर पत्र व्यवहार भी किए जा रहे हैं। इस प्राचीन कुआं को देखने के लिए दूर-दराज और विदेशी पर्यटक भी आ रहे हैं।

(साभार – दैनिक भास्कर)

 

बुद्ध पूर्णिमा पर विशेष : देवी तारा की आराधना करते थे गौतम बुद्ध

तारा एक महान देवी हैं जिनकी पूजा हिन्दू और बौद्ध दोनों ही धर्मों में होती है। तारने वाली कहने के कारण माता को तारा भी कहा जाता है। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिला में तारापीठ नामक शक्तिपीठ है जहां पर देवी सती के नेत्र गिरे थे। तारा देवी का एक दूसरा मंदिर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से लगभग 13 किमी की दूरी पर स्थित शोघी में है। देवी तारा को समर्पित यह मंदिर, तारा पर्वत पर बना हुआ है। तिब्‍बती बौद्ध धर्म के लिए भी हिन्दू धर्म की देवी ‘तारा’ का काफी महत्‍व है। लेह लद्दाख में शेय, थिकसे, हेमिस, लामायुरू, आलूची, शांति, शंकर, स्तकन तथा माठो दर्शनीय मठ हैं। 7वीं शताब्दी में बौद्ध यात्री ह्वेनसांग ने भी इस क्षेत्र का वर्णन किया है। हेमिस गोम्पा लेह के दक्षिण-पूर्व दिशा में शहर से 45 किमी की दूरी स्थित है। इस मठ के ऊपरी भाग में देवी तारा का मंदिर है। किंवदंती है कि देवी तारा की आराधना भगवान बुद्ध करते थे। बौद्ध धर्म की व्रजयान शाखा में इस देवी की पूजा का खास महत्व है। संबंभत यह विचार वहीं से आया होगा।

कौन हैं तारा देवी?

प्रतिवर्ष चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि को महातारा जयंती मनाई जाती है जो दस महाविद्या में से एक शक्ति का उग्र और आक्रामक स्वरूप हैं। सती माता ने ही पार्वती के रूप में दूसरा जन्म लिया था। माता सती राजा दक्ष की पुत्री थीं। राजा दक्ष की और भी पुत्रियां थीं जिसमें से एक का नाम तारा हैं। इस मान से तारा माता सती की बहन हैं। माता तारा को तांत्रिकों की देवी माना जाता है। तांत्रिक साधना करने वाला माता तारा के भक्त होते हैं। भगवती तारा के तीन स्वरूप हैं:- तारा, एकजटा और नील सरस्वती।

देवी तारा की साधना करने वाले भक्तों को माता आकस्मिक लाभ, अकूत संपत्ति तथा समृद्धिभरा जीवन प्रदान करती है। यह गुप्त नवरात्रि की दूसरी शक्ति हैं। आद्य शक्ति हैं। प्राचीन काल में महर्षि वशिष्ठ ने इस स्थान पर देवी तारा की उपासना करके सिद्धियां प्राप्त की थीं। इस मंदिर में वामाखेपा नामक एक साधक ने देवी तारा की साधना करके उनसे सिद्धियां हासिल की थी।

जानिए भगवान विष्णु का इतिहास

हिन्दू धर्म में कहते हैं कि ब्रह्माजी जन्म देने वाले, विष्णु पालने वाले और शिव वापस ले जाने वाले देवता हैं। भगवान विष्णु तो जगत के पालनहार हैं। सभी के दुख दूर कर उनको श्रेष्ठ जीवन का वरदान देते हैं। जीवन में किसी भी तरह का संकट हो या धरती पर किसी भी तरह का संकट खड़ा हो गया हो, तो विष्णु ही उसका समाधान खोजकर उसे हल करते हैं। ब्रह्मा के काल में हुए भगवान विष्णु को पालनहार माना जाता है। विष्णु ने ब्रह्मा के पुत्र भृगु की पुत्र लक्ष्मी से विवाह किया था। शिव ने ब्रह्मा के पुत्र दक्ष की कन्या सती से विवाह किया था। हिन्दू धर्म के अनुसार विष्णु परमेश्वर के 3 मुख्य रूपों में से एक रूप हैं। एक शोधानुसार यह माना जाता है कि लगभग 12000 ईसापूर्व हुए थे।

शिवपुराण के अनुसार ब्रह्माजी अपने पुत्र नारदजी से कहते हैं कि विष्णु को उत्पन्न करने के बाद सदाशिव और शक्ति ने पूर्ववत प्रयत्न करके मुझे (ब्रह्माजी को) अपने दाहिने अंग से उत्पन्न किया और तुरंत ही मुझे विष्णु के नाभि कमल में डाल दिया। इस प्रकार उस कमल से पुत्र के रूप में मुझ हिरण्यगर्भ (ब्रह्मा) का जन्म हुआ। श्रीमद् देवी भागवत पुराण के तीसरा स्कंध अध्याय 5 में भी इसका उल्लेख मिलता है। विष्णु रूप में उन्होंने ऋषि भृगु की पुत्री माता लक्ष्मी से विवाह किया। माता लक्ष्मी की माता का नाम ख्याति था। विष्णु और लक्ष्मी के करीब 18 पुत्र थे।

आनन्द: कर्दम: श्रीदश्चिक्लीत इति विश्रुत:।

ऋषय श्रिय: पुत्राश्च मयि श्रीर्देवी देवता।।- (ऋग्वेद 4/5/6)

नाम : विष्‍णु

वर्णन : हाथ में शंख, गदा, चक्र, कमल

पत्नी : लक्ष्मी

पुत्र : आनंद, कर्दम, श्रीद, चिक्लीत

शस्त्र : सुदर्शन चक्र

वाहन : गरूड़

विष्णु पार्षद : जय, विजय

विष्णु संदेशवाहक : नारद

निवास : क्षीरसागर (हिन्द महासागर)

ग्रंथ : विष्णु ‍पुराण, भागवत पुराण, वराह पुराण, मत्स्य पुराण, कुर्म पुराण।

मंत्र : ॐ विष्णु नम:, ॐ नमो नारायण, हरि ॐ

विष्णु के प्रकट अवतार :

हंसावतार : सनकादि मुनियों के दार्शनिक प्रश्नों का समाधान करने के लिए विष्‍णु ने हंसावतार धारण किया था। उन्होंने मुनियों को वैदिक ज्ञान बताकर दीक्षा प्रदान की थी। हंस रूप विष्णु ने ही शांत नामक दैत्य का वध किया था

आदि वराह अवतार : विष्णु ने कश्यप के पुत्र हिरण्याक्ष का वध करने के लिए वराह रूप धरा था।

नृसिंह अवतार : विष्णु ने कश्यप के पुत्र हिरण्यकशिपु का नृसिंह रूप धारण कर वध किया था।

मोहिनी अवतार : उन्होंने मोहिनी का रूप धारण कर असुरों से अमृत कलश को बचाकर देवताओं को दे दिया था।

जलंधर : विष्णु ने शिव पुत्र जलंधर का रूप धारण करके वृंदा का सतीत्व खंडित किया था।

मोहिनी अवतार : विष्णु ने भस्मासुर को मारने के लिए एक बार फिर उन्होंने मोहिनी रूप धारण किया।

कच्छप अवतार : समुद्र मंथन के दौरान जब धरती डोल रही थी, तब उन्होंने कच्छप रूप धारण किया।

धन्वंतरि : समुद्र मंथन के दौरान अंत में अमृत का कलश लेकर प्रकट हुए थे विष्णु जिन्हें भगवान धन्वंतरि कहा गया। भगवान के इस देव रूप ने आयुर्वेद, वेद, आरोग्य, वनस्पति आदि की शिक्षा दी। उनके बाद राजा धन्व के पुत्र धन्वंतरि हुए जिनके केतुमान नामक पुत्र थे। केतुमान के पुत्र का नाम भीमरथ था। भीमरथ के पुत्र का नाम दिवीदास था। दिवीदास का संवरण था जिसने सुदास से युद्ध लड़ा था।

हयग्रीव अवतार : विष्णु ने हयग्रीव नामक सोमकासुर को मारने के लिए हयग्रीव का ही रूप धारण किया।

मत्स्य अवतार : प्रलयकाल के दौरान मत्स्य रूप धारण कर राजा वैवस्वत मनु को नाव बनाकर सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए कहा।

गजेन्द्रोधारावतार : हाथी (इंद्रद्युम्न) को मगरमच्छ (हुहू) से बचाने के लिए गजेन्द्रोधारावतार धरण किया।

स्वायंभुव मनु के दो पुत्र प्रियवत और उत्तानपाद में से उत्तानपाद के पु‍त्र ध्रुव को विष्णु ने वरदान दिया था।

विष्णु के जन्मावतार

सनकादि अवतार : विष्णु ने ब्रह्मा के पुत्रों सनक, सनंदन, सनातन, सनत्कुमार के रूप में जन्म लेकर वेद ज्ञान का प्रकाश फैलाया।

नर-नारायण : धर्म की पत्नी रुचि के गर्भ से भगवान विष्णु ने नर और नारायण नामक दो ऋषियों के रूप में जन्म लिया। वे जन्म से तपोमूर्ति थे अतः जन्म लेते ही बदरीवन में तपस्या करने के लिए चले गए। उनकी तपस्या से ही संसार में सुख और शांति का विस्तार होता है।

वामनावतार : कश्यप-अदिति के 12 पुत्रों में से एक त्रिविक्रम को भगवान विष्णु का अवतार माना गया जिन्होंने असुर राज बाली से तीन पग में धरती दान में ले ली थी। उन्हें वामन भी कहा गया।

परशुराम अवतार : क्रूर राजाओं से समाज को बचाने के लिए और समाज में फिर से वैदिक व्यवस्था लागू करने के लिए विष्णु ने जमदग्नि-रेणुका के पुत्र के रूप में जन्म लिया, जो आगे चलकर परशुराम कहलाए।

व्यास अवतार : परशुराम के बाद वेद व्यास के रूप में भगवान ने अवतार लेकर वैदिक ज्ञान का उद्धार किया। (ये वे वेद व्यास नहीं हैं, जो कृष्ण के काल में हुए थे)

रामावतार : रावण का वध करने के लिए दशरथ-कौशल्या के पुत्र के रूप में विष्णु ने जन्म लिया।

कृष्णावतार : वासुदेव-देवकी के यहां विष्णु ने कृष्ण के रूप में जन्म लेकर दुनिया को गीता का ज्ञान दिया।

भगवान विष्णु ने ही नृसिंह अवतार लेकर एक और जहां अपने भक्त प्रहलाद को बचाया था वहीं क्रूर हिरण्यकश्यपु से प्रजा को मुक्ति दिलाई थी। उसी तरह वराह अवतार लेकर उन्होंने महाभयंकर हिरण्याक्ष का वध करके देव, मानव और अन्य सभी को भयमुक्त किया था। उन्होंने ही महाबलि और मायावी राजा बलि से देवताओं की रक्षा की थी।

श्री विष्णु के 24 अवतार : जब-जब पृथ्वी पर कोई संकट आता है तो भगवान अवतार लेकर उस संकट को दूर करते हैं। भगवान विष्णु ने अब तक 23 अवतार लिए हैं। भगवान विष्णु के 24 वें अवतार के बारे में कहा जाता है कि’कल्कि अवतार’के रूप में उनका आना सुनिश्चित है। इन 24 अवतार में से 10 अवतार विष्णु जी के मुख्य अवतार माने जाते हैं। यह है मत्स्य अवतार, कूर्म अवतार, वराह अवतार, नृसिंह अवतार, वामन अवतार, परशुराम अवतार, राम अवतार. कृष्ण अवतार, बुद्ध अवतार, कल्कि अवतार। इसके अलावा श्री सनकादि मुनि, नारद, नर-नारायण, कपिल मुनि, दत्तात्रेय, यज्ञ, भगवान ऋषभदेव, आदिराज पृथु, भगवान धन्वन्तरि, मोहिनी अवतार, हयग्रीव, श्रीहरि, महर्षि वेदव्यास, और हंसावतार।

(साभार – वेबदुनिया)

कलकत्ता हाईकोर्ट ने रद्द किए 2010 के बाद जारी 5 लाख ओबीसी प्रमाणपत्र

कोलकाता । कलकत्ता हाई कोर्ट ने बुधवार को 2010 के बाद से पश्चिम बंगाल में जारी किए गए सभी ओबीसी प्रमाणपत्रों को खारिज कर दिया है। जज तपब्रत चक्रवर्ती और राजशेखर मंथा की खंडपीठ ने ओबीसी प्रमाणपत्र देने की प्रक्रिया को चुनौती देने वाली एक जनहित याचिका पर यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने निर्देश दिया कि पश्चिम बंगाल पिछड़ा वर्ग आयोग अधिनियम 1993 के आधार पर ओबीसी की नई सूची पश्चिम बंगाल पिछड़ा वर्ग आयोग तैयार करेगी। कोर्ट ने 2010 के बाद बनी ओबीसी सूची को अवैध करार दिया है। ओबीसी लिस्ट के रद्द होने से करीब 5 लाख ओबीसी प्रमाणपत्र रद्द होने वाले हैं। कलकत्ता हाई कोर्ट ने इस संदर्भ में पाया कि इस समय बनाया गया ओबीसी प्रमाणपत्र कानून के पूर्ण अनुपालन में नहीं बनाया गया था। कलकत्ता हाई कोर्ट ने बुधवार को कहा कि फैसला सुनाए जाने के बाद रद्द किए गए प्रमाणपत्र का इस्तेमाल किसी भी रोजगार प्रक्रिया में नहीं किया जा सकता है। साथ ही हाईकोर्ट ने कहा, इस प्रमाणपत्र के जिन उपयोगकर्ताओं को पहले ही मौका मिल चुका है, उन पर इस फैसले का असर नहीं होगा। कलकत्ता हाई कोर्ट का कहना है कि 2010 के बाद जितने भी ओबीसी प्रमाणपत्र बनाए गए हैं, वे कानून के मुताबिक ठीक से नहीं बनाए गए हैं इसलिए उस प्रमाणपत्र को रद्द किया जाना चाहिए। हालांकि, इसके साथ ही हाई कोर्ट ने कहा कि इस निर्देश का उन लोगों पर कोई असर नहीं होगा जो पहले ही इस सर्टिफिकेट के जरिए नौकरी पा चुके हैं या नौकरी पाने की प्रक्रिया में हैं। अन्य लोग अब उस प्रमाणपत्र का उपयोग रोजगार प्रक्रिया में नहीं कर सकेंगे।  जिस मामले के आधार पर हाई कोर्ट ने बुधवार को यह आदेश दिया, वह मामला 2012 में दायर किया गया था. वकील सुदीप्त दासगुप्ता और विक्रम बनर्जी वादियों की ओर से अदालत में पेश हुए। उन्होंने कहा कि वाम मोर्चा सरकार ने 2010 में एक अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर पश्चिम बंगाल में अन्य पिछड़ा वर्ग बनाया था। उस कैटेगरी को ‘ओबीसी-ए’ नाम दिया गया।

 सीएम ममता बोलीं- फैसला नहीं मानेंगे
हाईकोर्ट के फैसले पर सीएम ममता बनर्जी का बयान आया है. उन्होंने कहा है कि वह ओबीसी आरक्षण पर उच्च न्यायालय के आदेश को स्वीकार नहीं करेंगी । सीएम ने कहा, आज मैंने सुना कि एक न्यायाधीश ने एक आदेश पारित किया है, जो प्रसिद्ध रहे हैं. पीएम इस बारे में बात कर रहे हैं कि अल्पसंख्यक तपशीली आरक्षण कैसे छीन लेंगे। ऐसा कभी कैसे हो सकता है? इससे संवैधानिक विघटन होगा। तपशीली या आदिवासी आरक्षण को अल्पसंख्यक कभी छू नहीं सकते लेकिन ये शरारती लोग (भाजपा) अपना काम एजेंसियों के माध्यम से कराते हैं।

……………….

शादी में मिले तोहफों पर भी देना होता है टैक्स? जानिए क्या कहते हैं नियम

नयी दिल्ली । भारत में शादियों में खूब पैसे खर्च किए जाते हैं. आपने देखा होगा। अक्सर जो भी रिश्तेदार, दोस्त और अन्य लोग आते हैं. लगभग सब के सब उपहार लेकर आते हैं। कोई उपहार के तौर पर पैसे देता है तो कोई तोहफे में महंगे- महंगे सामान देता है. ऐसे में अक्सर लोगों के मन में यह सवाल आता है क्या शादी में मिले उपहारों पर, या उपहार के तौर पर मिले पैसों पर किसी प्रकार का कोई टैक्स लगता है। क्या कहते हैं शादियों में मिले तोहफों को लेकर आयकर के नियम चलिए जानते हैं –

शादी में मिले तोहफे होते हैं टैक्स फ्री – इनकम टैक्स एक्ट के नियमों के मुताबिक शादी में मिले सभी प्रकार के गिफ्ट टैक्स फ्री होते हैं लेकिन आपको शादी में मिले सभी उपहारों का विवरण अपने पास रखना होता है। इससे आगे चलकर आपको कोई दिक्कत नहीं आती। इसके साथ ही आपको शादी में मिले उपहारों की जानकारी इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करते वक्त देनी होती है। इसके साथ ही आपको अपनी शादी का प्रमाण जमा करना होता है जिसमें शादी का कार्ड और शादी के फोटो भी देने होते हैं।

50,000 रुपये तक उपहार ले सकते हैं – जहां शादी में मिले तोहफे भले ही टैक्स फ्री हों. लेकिन इसके अलावा आपको अन्य तोहफों पर टैक्स देना होता है. 50,000 रुपये की रकम के ऊपर मिले सभी तोहफे आयकर की श्रेणी में आते हैं। इन पर इनकम टैक्स एक्ट, 1961 के सेक्शन 56(2)(x) के तहत आपको टैक्स देना होता है. हालांकि आपको आपके रक्त संबंधियों से मिले गिफ्ट्स पर टैक्स नहीं देना होता। इसके साथ ही आयकर की धारा सेक्शन 10 (23C) और सेक्शन 12A या 12AA के तहत आपको तोहफों में टैक्स पर छूट देती है।

भारत ने 10 सालों में 31,000 किलोमीटर रेल नेटवर्क जोड़ा : अश्विनी वैष्णव

नयी दिल्ली । केंद्रीय रेल, संचार और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मोदी सरकार के पिछले 10 वर्षों में भारतीय रेलवे में परिवर्तनकारी परिवर्तनों को प्रदर्शित करने के लिए डेटा जारी किया है। मुंबई में विकसित भारत एंबेसडर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि 2014 से पहले रेलवे को पॉलिटिकली दूध देने वाली गाय की तरह प्रयोग किया जाता था। ऐसे कई मंत्री हैं, जिन्हें रेलवे के विकास से कुछ लेना-देना नहीं था। उन्होंने सिर्फ अपने संसदीय क्षेत्र या कुछ लोगों के लिए विकास किया था। 2014 के पहले के 60 साल तक देश में एक ही परिवार ने शासन किया। उन 60 सालों में रेलवे इलेक्ट्रिफिकेशन मात्र 20 हजार किलोमीटर हुआ। लेकिन, 2014 से 2024 में रेलवे का इलेक्ट्रिफिकेशन 44 हजार किलोमीटर हुआ। 1950 से 1970 तक रेलवे में जो काम होना चाहिए था, ताकि रेलवे की कैपेसिटी, जनसंख्या और इकोनॉमी के हिसाब से बढ़ाई जा सके, करीब 40-50 साल तक रेलवे को इग्नोर करके रखा गया। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आगे कहा- 2014 में नरेंद्र मोदी के सत्ता में आने के बाद से प्रतिदिन 4 किलोमीटर के हिसाब से रेलवे नेटवर्क बिछाया गया। मतलब, साल भर में 1,200-1,500 किलोमीटर नई पटरियां बिछाई गई। 31 मार्च 2024 को फाइनेंशियल ईयर तक 5,300 किलोमीटर रेलवे नेटवर्क को जोड़ा गया है। एक साल में स्विट्जरलैंड के रेलवे नेटवर्क 5,000 किलोमीटर के बराबर जोड़ा गया है। इससे पहले साल में 5,200 किलोमीटर पटरियां बिछाई गई। मोदी सरकार ने 10 साल में देशभर में रेलवे में 31,000 किलोमीटर नए रेलवे ट्रैक जोड़े। यानी जर्मनी के बराबर देश में रेलवे नेटवर्क को जोड़ा गया है। दुनिया आर्श्चयचकित है कि किस तरह से यह काम संभव हो पा रहा है। देश के 140 करोड़ देशवासियों को एक आधुनिक ट्रेन की जरूरत थी, क्या उसे 20-30 साल पहले नहीं लाया जा सकता था। लेकिन, यह सौभाग्य भी पीएम मोदी के खाते में आया।

इसके अलावा अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पीएम मोदी को अपने देश के इंजीनियर और डिजाइनरों के टैलेंट पर दृढ़ विश्वास था और उसी विश्वास के कारण पीएम मोदी ने स्पष्ट कहा कि हम दूसरे देशों से ट्रेन नहीं लेंगे, हमें खुद से आत्मनिर्भर बनना होगा। इसके बाद वंदे भारत डेवलप हुई। आज वर्ल्ड क्लास ट्रेन के जो भी मानक होते हैं, वो इस ट्रेन में मौजूद हैं। आज देशभर में 1,300 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। महाराष्ट्र में 120 रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण का काम चल रहा है। भारत में बुलेट ट्रेन का डिजाइन बनना शुरू हो चुका है। अब भारत में बनी बुलेट ट्रेन भविष्य में एक्सपोर्ट होने वाली है। कांग्रेस ने देश को एक हीन भावना में रखा हुआ था, जिसमें देश का विकास करने की बजाए हमेशा दूसरों के ऊपर निर्भर रहना पड़ता था। मोदी सरकार के 10 साल में यह माइंडसेट चेंज हुआ है। हम कुछ भी तैयार कर सकते हैं।

18 लाख मोबाइल नंबर होंगे बंद! टेलीकॉम कंपनियों को दूरसंचार विभाग का निर्देश

नयी दिल्ली । दूरसंचार कंपनियां 18 लाख मोबाइल नंबर को बंद करने वाली हैं। सरकार का यह साइबर क्राइम और ऑनलाइन फ्रॉड पर अब तक का सबसे बड़ा ऐक्शन हो सकता है। पिछले दिनों दूरसंचार विभाग ( डॉओटी) ने 28 हजार से ज्यादा मोबाइल हैंडसेट को डिसकनेक्ट करने का आदेश जारी किया था। इन मोबाइल हैंडसेट का इस्तेमाल साइबर क्राइम के लिए किया गया था। अब सरकार इन मोबाइल हैंडसेट में इस्तेमाल किए जाने वाले मोबाइल नंबर को ब्लॉक करने के लिए टेलीकॉम कंपनियों को निर्देश दिया है।

18 लाख मोबाइल नंबर होंगे ब्लॉक! – रिपोर्ट के मुताबिक, सरकार साइबर क्राइम, ऑनलाइन फ्रॉड पर लगाम लगाने के लिए पूरे देश में लगभग 18 लाख मोबाइल नंबर को ब्लॉक करने की तैयारी में हैं। अलग-अलग विभाग की जांच एजेंसियों ने इन मोबाइल नंबर को वित्तीय फ्रॉड में लिप्त पाया है। 9 मई को दूरसंचार विभाग ने टेलीकॉम ऑपरेटर्स को 28,220 मोबाइल हैंडसेट को ब्लॉक करने का आदेश जारी किया था। इसके अलावा 2 मिलियन यानी करीब 20 लाख मोबाइल नंबर को री-वेरिफाई करने के लिए कहा था, जिसका इस्तेमाल इन मोबाइल हैंडसेट में किया गया था। दूरसंचार विभाग के अधिकारियों का कहना है कि 2 मिलियन में से करीब 10 प्रतिशत मोबाइल नंबर को ही दोबारा वेरिफाई किया जा सका है। टेलीकॉम कंपनियों को इन नंबर को 15 दिन के अंदर वेरिफाइ करवाना था। एनसीआरपी  के मुताबिक, 2023 में साइबर फ्रॉड के जरिए 10,319 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस दौरान एनसीआरपी पोर्टल पर साइबर फ्रॉड के कुल 6.94 लाख शिकायतें दर्ज की गई थी।

इस वजह से की गयी कार्रवाई – डॉओटी के अधिकारियों की मानें तो साइबर अपराधी फ्रॉड करने के लिए अलग-अलग टेलीकॉम सर्किल का सिम इस्तेमाल कर रहे थे। वे मोबाइल नंबर और हैंडसेट बार-बार बदल रहे थे, ताकि जांच एजेंसियों से बचा जा सके। उदाहरण के तौर पर झारखंड और पश्चिम बंगाल का सिम कार्ड दिल्ली-एनसीआर में यूज किया जा रहा था। जांच एजेंसियों के रडार में नहीं आने के लिए वे केवल एक आउटगोइंग कॉल करके सिम कार्ड और हैंडसेट बदल देते थे। जांच एजेंसियों ने पिछले साल करीब 2 लाख सिम कार्ड को फ्रॉड की वजह से ब्लॉक किया था। सबसे ज्यादा हरियाणा के मेवात में 37 हजार सिम कार्ड ब्लॉक हुए थे। साइबर अपराध को ट्रैक करने के लिए सरकार का कहना है टेलीकॉम कंपनियों को सिम कार्ड के इस्तेमाल के पैटर्न पर पैनी नजर रखनी पड़ेगी। खास तौर पर उन सिम कार्ड का ध्यान रखना होगा, जिसे होम सर्किल से बाहर इस्तेमाल किया जा रहा है।

यदि वसीयत के बिना मृत्यु होती है, तो ऐसे होता है बंटवारा 

संपत्ति के मालिक की मृत्यु के बाद, नामांकित व्यक्ति को मृतक की संपत्ति को संपत्ति के कानूनी उत्तराधिकारियों को हस्तांतरित करना होता है। किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद, उसकी संपत्ति को दूसरे व्यक्ति को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया हस्तांतरण के प्रकार पर निर्भर करती है। ध्यान दें कि संपत्ति के स्वामित्व के हस्तांतरण की प्रक्रिया सरल है यदि मृत व्यक्ति ने वसीयत बनाई है, लेकिन संपत्ति के बटवारा की प्रक्रिया जटिल हो सकती है यदि वसीयत नहीं की गई है और कई उत्तराधिकारी हैं।

वसीयत होने पर संपत्ति कैसे ट्रांसफर करें – मृत्युलेख आमतौर पर स्पष्ट रूप से कानूनी उत्तराधिकारियों को बताते हैं जो मृत व्यक्ति की संपत्ति और अन्य संपत्ति का वारिस करेंगे। लॉ फर्म एथेना लीगल की चीफ एसोसिएट नेहा गुप्ता का कहना है कि कानूनी उत्तराधिकारी के नाम पर संपत्ति को हस्तांतरित करने का पहला कदम वसीयत की जांच करना या प्रशासन का पत्र प्राप्त करना है। एक व्यक्ति की वसीयत प्रोबेट कोर्ट द्वारा प्रमाणित एक प्रति है तो वसीयत का निष्पादक या प्रशासक वसीयत के प्रोबेट के लिए आवेदन करता है। यह वसीयत की वैधता और प्रामाणिकता निर्धारित करने के लिए अदालत में की जाने वाली एक प्रक्रिया है। इसके विपरीत, वसीयत में अब वसीयत प्रशासक का उल्लेख नहीं है या यदि प्रोबेट अनिवार्य नहीं है, तो वसीयत के लाभार्थियों को एलओए के लिए आवेदन करना होगा। इसी समय, एलओए आवश्यक होने की संभावना है, भले ही कोई व्यक्ति बिना वसीयत लिखे मर जाए।

प्रोबेट या एलओए की आवश्यकता है या नहीं, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि संपत्ति कहां स्थित है। उपरोक्त प्रक्रिया पूरी होने के बाद, लाभार्थी को कानूनी उत्तराधिकारी के नाम पर संपत्ति को स्थानांतरित करने के लिए संबंधित दस्तावेजों के साथ संबंधित उप-पंजीयक के कार्यालय में जाना होगा और कानूनी उत्तराधिकारी को स्वामित्व के हस्तांतरण के लिए आवेदन जमा करना होगा, मूल संपत्ति के दस्तावेज, संपत्ति के मालिक का मृत्यु प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और कानूनी उत्तराधिकारी और मृत व्यक्ति का पता प्रमाण। मृत्यु प्रमाण पत्र न मिलने की स्थिति में संपत्ति के हस्तांतरण की प्रक्रिया वहीं अगर किसी व्यक्ति की वसीयत लिखे बिना मौत हो जाती है तो उस व्यक्ति की संपत्ति मृत व्यक्ति पर लागू उत्तराधिकार कानून के तहत क्लास-1 के वारिसों में बंट जाएगी। इस पहली श्रेणी में पति/पत्नी और बच्चे वारिस होते हैं, जबकि हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम 1956 के अनुसार मृतक हिंदू व्यक्ति की मां भी प्रथम श्रेणी की वारिस बनती है।

यदि कोई हिंदू महिला बिना वसीयत के मर जाती है – पहले बेटे, बेटियाँ और पति * दूसरे पति के उत्तराधिकारियों को * तीसरी माता या पिता * चौथे पिता के उत्तराधिकारियों को * पांचवीं मां के उत्तराधिकारियों को क्या कहता है । इस्लामी कानून मुस्लिम कानून दो प्रकार के उत्तराधिकारियों का मानता है, जिनमें से पहला शेयरधारक है और दूसरा रेजीड्यूरीज है। शेयरधारक मृतक की संपत्ति में एक निश्चित हिस्से के हकदार होते हैं जबकि शेयरधारकों द्वारा अपने हिस्से लेने के बाद रेजीड्यूरीज के पास शेष संपत्ति का अधिकार होता है।

(साभार – महाराष्ट्रनामा हिन्दी)

अगर आप भी गर्मियों में दिखना चाहती हैं खास, बाल संवारें इन तरीकों से

गर्मियों का मौसम अपने आप में कई तरह की परेशानियों का सबब बनता है। फिर चाहे सेहत हो, हमारी त्वचा हो या फिर हमारे बाल ही क्यों न हों। गर्मी में बढ़ता तापमान हर चीज को प्रभावित करता है। इस मौसम में घर पर रहना हो या फिर बाहर निकलना हो, गर्मी से बचने के लिए हमेशा यही सवाल आता है कि बालों को कैसे संभाला और संवारा जाए। खुले बाल पसीने और धूप से खराब हो सकते हैं, इसलिए ऐसे हेयरस्टाइल चुनने चाहिए जिनसे ये परेशानियां भी न हों और साथ ही, गर्मी भी ज्यादा न लगे। इसलिए बालों के लिए गर्मियों के अनुरूप ऐसे हेयरस्टाइल की जरूरत महसूस होती है, जो इन्हें स्टाइलिश लुक देने के साथ-साथ हमें आराम भी दें। आज हम आपको ऐसे ही कुछ हेयरस्टाइल्स के बारे में बताने वाले हैं, जो आपको स्टाइलिश लुक भी देंगे और बालों की वजह से गर्मी भी कम लगेगी।

हाई पोनीटेल – हाई पोनी टेल गर्मियों में बालों को बांधने का सबसे आसान तरीका है। यह आपको काफी क्लासी लुक देता है। इसे आप फ्रॉक, मिडी, जींस या फिर किसी फॉर्मल वेयर के साथ भी आसानी कैरी कर सकती हैं। इससे आपके बाल लंबे समय तक बिना बिखरे, सेट रहेंगे।

फ्रेंच चोटी – गर्मियों में बाल जितने बंधे रहें उतनी उलझन कम होती है, खासकर बाहर निकलने पर। ऐसे में फ्रेंच चोटी एक ऐसा हेयरस्टाइल है जो सूट, साड़ी, मिडी किसी भी आउट फिट के साथ फिट बैठती है। लंबे बालों पर ये चोटी और भी खूबसूरत लगती है। इसे स्टाइल करने के लिए आप इसके साथ क्यूट और छोटी क्लिप्स भी लगा सकती हैं।

सिंपल पोनी – गर्मी के मौसम में किसी ब्रंच पर जाना है या आउटिंग के लिए जाना है, तो सिंपल पोनी एक बेहतर ऑप्शन है। इसमें आपका लुक काफी कैजुअल, लेकिन क्लासी लगेगा। इसके साथ अपने सामने के कुल बालों को लूज छोड़ सकती हैं, ताकि वे आपके चेहरे को फ्रेम करें। इससे आपका लुक और बेहतर दिखेगा।

लो बन – बालों का लो बन हेयरस्टाइल एक एवर ग्रीन लुक है। यह ऑयली हेयर के लिए एक सेफ हेयरस्टाइल लुक माना जाता है, लेकिन आप इसे कभी भी बना सकती हैं। ऑफिस से लेकर पार्टी तक, लो बन हर लुक के साथ अच्छा लगता है।

मेसी बन – गर्मियों में मेसी बन बहुत बेहतरीन हेयरस्टाइल विकल्प है। ड्राई और घने बालों को स्मार्टली संवारने का इससे बेहतर और कोई तरीका नहीं हो सकता है। आप भी अपने कैजुअल वेयर्स के साथ इस बन को बना सकती हैं।

सिंपल जूड़ा – गर्मियों में बालों को जितना अधिक समेट कर रखा जाए उतना अधिक अच्छा है। ऐसे में अगर आपको पार्टी या फंक्शन अटेंड करना है, तो साड़ी के साथ सिम्पल जूड़ा बनाएं। बालों को बांधने का ये सबसे आसान और स्मार्ट तरीका है। किसी कार्यक्रम के लिए आप इसके साथ बालों में गजरा भी लगा सकती हैं।

गर्मी में आग की भट्टी बन जाती है रसोई, ठंडा रखें इस तरह

गर्मियों के मौसम में घर का एक हिस्सा ऐसा होता है जिसमें कोई नहीं जाना चाहता. वह है किचेन. लेकिन, खाना बिना खाए भी रहना संभव नहीं है। ऐसे में महिलाओं को जाना पड़ता है। गैस चूल्हे के पास घंटों खड़े होकर सब्जी, रोटी, पराठे, दाल, चावल हर कुछ बनाना होता है। घर के लोगों की फरमाइश पूरी करनी होती है। टप-टप पसीना माथे से 15 मिनट के अंदर टपकना शुरू हो जाता है। रसोई में जाने वाले हर व्यक्ति का यही हाल गर्मियों में हो जाता है। ऐसे में कैसा हो जब आप रसोई में जाएं और वहां खाना बनाते समय आपको बहुत अधिक गर्मी ना लगे? इसके लिए आपको कुछ तरीके आजमाने होंगे..जो हम दे रहे हैं-

कुछ महिलाएं 12 से 2 बजे दिन में रसोई में खाना बनाने के लिए जाती हैं। इस समय धूप काफी तेज होती है जिससे घर के अंदर भी काफी गर्मी बढ़ जाती है। अब रसोई में तो एसी, कूलर लगा नहीं होता। ऐसे में बेहतर है कि आप गर्मी में खाना बनाने के समय में थोड़ा बदलाव लाएं। यदि आप दिन भर में तीन बार भोजन बनाती हैं तो कोशिश करें कि सारे काम सुबह में ही निपटा लें। आप बाद में खाते समय दिन और रात के लिए बनी सब्जी, चावल, दाल आदि को गर्म करके खाएं। इससे आपको बार-बार रसोई में नहीं जाना पड़ेगा।

गर्मी के दिनों में आसान और झटपट बनने वाली चीजें बनाएं । बहुत अधिक तेल-मसाले वाली चीजें गर्मियों में खाना भी सेहत के लिए अच्छा नहीं होता है। ऐसे में वे ही चीजें बनाएं जिसमें अधिक समय न लगे। साधारण व्यंजन चुनें, जो कम मेहनत, बिना किसी तकनीक और प्रक्रियाओं के बन जाए।

गर्मी में सबसे ज्यादा गैस चूल्हे के पास खड़े होकर खाना बनाने में जान जाती है। ऐसे में आप उन रेसिपी को बनाएं जिनमें देर तक गैस चूल्हे के पास न खड़ा होना पड़े। कम से कम समय लेने वाला व्यंजन आजमाएं। इससे आपका रूटीन चीजों से हटकर कुछ अलग भी खाने को मिलेगा। फल, सलाद, जूस, हल्की और उबली हुई चीजों का सेवन कर सकते हैं ये आसानी से पच भी जाएंगे और शरीर में पोषक तत्वों की भी कमी नहीं होगी।

आपको जो भी बनाना हो उसके लिए सामग्री पहले ही इकट्ठा कर लें। सब्जियों को काट लें। मसाले तैयार कर लें। ये सब काम आप रात में सोने से पहले थोड़ा समय निकाल कर करें या फिर सुबह कर लें।12 बजे जब आप रसोई में जाएंगे खाना बनाने तो इन सब कामों में भी अधिक समय लगता है। देर तक रसोई में खड़े रहने से फिर गर्मी लग सकती है। शरीर की सारी उर्जा पसीने के साथ निकल जाएगी।

रसोई में एग्जॉस्ट फैन और चिमनी लगी है तो इनका जरूर इस्तेमाल करें। इससे खाना बनने के दौरान उठने वाला धुंआ, भाप, तेल-मसाले की गंध निकल जाएगी। रसोई की खिड़कियों को खोल दें. इससे हवा क्रॉस वेंटिलेट होगी, जिससे नमी, गंदगी और गंध किचन के अंदर नहीं जमा होंगी। परिणामस्वरूप, जब भी आप रसोई के अंदर कदम रखेंगे तो आपको साथ-सुथरा, ठंडा और गंध-मुक्त अनुभव होगा।

( साभार – न्यूज 18 )