कोलकाता । रोजगार क्षमता बढ़ाने और रोजगार योग्य युवाओं को आगे बढ़ाने की दृष्टि से अग्रणी मानव संसाधन संगठन, जीनियस कंसल्टेंट्स लिमिटेड की सीएसआर शाखा जीनियस फाउंडेशन ने इलेक्ट्रॉनिक सेक्टर स्किल काउंसिल ऑफ इंडिया (ईएसएससीआई) के साथ सहयोग किया है। इस सहयोग के तहत विभिन्न रोजगार योग्य श्रमिकों के बीच कौशल विकास के लिए प्रशिक्षण और कोचिंग प्रदान की जाएगी।
इस प्रयास को शुरू करने के लिए जीनियस कंसल्टेंट्स लिमिटेड और ईएसएससीआई द्वारा प्रशिक्षण और उद्यमिता विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन के अवसर पर आरपी यादव, अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक, जीनियस कंसल्टेंट्स लिमिटेड, पीयूष चक्रवर्ती, उपाध्यक्ष, ईएसएसआई, बिक्रम दास, राज्य संबद्ध अधिकारी, एनएसडीसी, और अभिजीत चटर्जी, अध्यक्ष, एसेन्सिव एडुकेयर लिमिटेड की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
कार्यक्रम के दौरान, एमओयू पर हस्ताक्षर करने के बाद गेस्ट ऑफ ऑनर, साक्षी गोपाल साहा, जीएम, पीएनबी बैंक, और आरपी यादव, सीएमडी, जीनियस कंसल्टेंट्स लिमिटेड ने अपने विचार रखे। इस कार्यक्रम में आकर्षक पैनल चर्चा हुई, जिसमें विषयों पर प्रकाश डाला गया। जैसे सूक्ष्म उद्यमिता को सशक्त बनाना और आजीविका, कौशल और पदोन्नति आदि को बढ़ाने के लिए सीएसआर गतिविधियों का लाभ उठाना। इस सहयोग के हिस्से के रूप में, जीनियस कंसल्टेंट्स लिमिटेड पूरे पश्चिम बंगाल में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करेगी ताकि उन्हें स्थायी आजीविका सृजन के लिए प्रशिक्षित किया जा सके और उन्हें एक उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। वह आवश्यकता के अनुसार इन श्रमिकों की भर्ती में अपनी सहायता प्रदान करेगी। विभिन्न तकनीकी क्षेत्रों जैसे मैकेनिक्स, कंप्यूटर, इलेक्ट्रिकल, ऑटोमोटिव और कई अन्य क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस पहल को सफल बनाने के लिए जीनियस कंसल्टेंट्स एनएसडीसी के तहत पंजीकृत विभिन्न कामगारों को कुशल बनाने में मदद के लिए 20 लाख रुपये का निवेश करेगी। वह एक नामित टीम भी गठित करेगी जो ऐसे कई कामगारों की पहचान करेगी और उनकी मदद करेगी जो इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों से लाभान्वित हो सकते हैं।
इस पहल पर टिप्पणी करते हुए, जीनियस कंसल्टेंट्स लिमिटेड के सीएमडी, आरपी यादव ने कहा, “हम स्थायी रोजगार सृजन और समावेशी विकास की दिशा में काम कर रहे ईएसएससीआई के साथ अपनी साझेदारी की घोषणा करने के लिए बेहद उत्साहित हैं। हम विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सुविधा प्रदान करेंगे।
उन्होंने आगे कहा, “हम वास्तव में मानते हैं कि उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और कौशल विकास के साथ, हम एक बड़ा प्रभाव डाल सकते हैं और कई लोगों की आजीविका में सुधार कर सकते हैं। कौशल प्रदान करके, हम न केवल श्रमिकों को सशक्त बनाते हैं, बल्कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्पादक और रोजगार योग्य कार्यबल को बढ़ाकर अपनी अर्थव्यवस्था की संरचना और नींव को भी मजबूत कर रहे हैं।”
युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण : साथ आये जीनियस फाउंडेशन और ईएसएससीआई
ए वीर सपूतों! तुम्हें सलाम अर्चना ने दी काव्यांजली
कोलकाता । कोलकाता की प्रसिद्ध संस्था अर्चना द्वारा स्वरचित रचनाओं के द्वारा अॉन-लाइन काव्यांजली आयोजित की गई। विभिन्न विषयों पर कविता के विभिन्न रूपों में भी नये प्रयोग की कविताओं को सुनाया गया। मुक्तक, दोहा, सोरठा और मुकरियों- क्षणिकाओं के साथ कविताओं और गीतों के द्वारा काव्य संध्या में सभी सदस्यों ने अपनी रचनाएँ सुनाई।
संगीता चौधरी ने ए वीर सपूतों! तुम्हें सलाम कविता सुना कर विजय दिवस के अवसर पर सभी वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई । सुशीला चनानी, मृदुला कोठारी, हिम्मत चौरडिया, भारती मेहता(अहमदाबाद) , बनेचंद मालू, संगीता चौधरी, मीना दूगड़, शशि कंकानी, उषा श्राफ, इंदु चांडक और डॉ वसुंधरा मिश्र ने भाग लिया।
क्षणिकाएं-सुशीला चनानी ने क्षणिकाओं के साथ अपनी कविता और मुकरियांँ सुनाई उनकी पंक्तियाँ – हवा भी दीपक से कैसा रिश्ता निभाती है!/जलाती भी है बुझाती भी है, पायदान जैस विनम्र भी न बनो,पौंछने लगेंगे लोग पैरों की रजकण, चाटुकारिता की सीढ़ी चढ़ना चाहते हो, आसमाँ में घर बसाने,चाहते हो/कैसे अहमक हो चाहते हो बालू के घरौंदों तले रास रचाना! शशि कंकानी ने दिलों दिल की बात समझ ली /चुप रहकर, कुछ न कहकर /जो बात जुबां न कह सकीं वो बात समझ गयी थी नजर और बढ़ते रहे अपने लक्ष्य की और /निरंतर- गतिशील ,कलम की तरह भर खुशियों की स्याही बढ़े चले- आओ बढ़े चले, मीना दूगड़ – थम गई बरखा,छा गई हिम कणों की बहार, वनस्पति जगत में सजी ओस बूंदों की कतार। और खूंटी से टंगा कलैंडर हवा से फड़फड़ा रहा था/वर्ष का अंत जान विदाई का गम जता रहा था। उषा श्राफ -माँ ने बेटे को चूमा और रिश्तों की बगिया मुरझा न जाए कहीं। भारती मेहता रिश्ता हो तो हाइडरोजन आक्सीजन जैसा/मिलने पर अपना अहम् खो बनाते हैं शीतल, तृप्तिदायक जल ! हिम्मत चोरड़़िया – दोहा-सतत चले ये गोष्ठियाँ, बढ़े कलम की धार।/करे क्रांति ये अर्चना, रचे नया संसार।।मुक्त हरिगीतिका छंद में-जन्मे जहाँ पर बेटियाँ…/अन्याय का हो सामना…हाइकु-कूड़े का ढ़ेर/धरा के नन्हें फूल/रोटी खोजते।।, मृदुला कोठारी -हर रंग में रंग दे रहे खुशियों को तमाम उम्र/ मृदु हस्ताक्षर की तरह कागजों में दर्ज किए जा रहे हैं/सफेद कागज पर कलम के साथ/स्याही को बिखरते देखा है/दिल तो मेरा था पर गैरों को बसते देखा है। इंदु चांडक – गीत नींद से सबको जगाती है सुबह, कुं- जीवन जीने की कला बिरला जाने कोय, जो जाने हँसता रहे नहीं जाने सो रोय, कुं- किसके मन में क्या भरा कैसे जाने कोय, अन्तस में सब छिपा रहे मुख पर लिखा न होय, गीत – जीवन का संदेश लाती है सुबह/सूर्य का रथ खींच लाती है सुबह, बनेचंद मालू – मेरी रचना जो पढ़ी गई /मैं सोचता बहुत हूँ।/ सोचना मेरी आदत है।/यह भी सोचता हूँ/जे नहीं सोचता हूँ/उनको लानत है। वसुंधरा मिश्र – परिवर्तन होना चाहिए। सोच में परिवर्तन लाना होगा कविताएं सुनाई।इंदु चांडक ने ऑन-लाइन जूम तकनीक को संभाला तथा धन्यवाद ज्ञापन किया मृदुला कोठारी ने और संचालन किया डॉ वसुंधरा मिश्र ने ।
2021-22 के हिंदी मेला में प्रो. कल्याणमल लोढ़ा शिक्षण सम्मान प्रो. सोमा बंद्योपाध्याय को
कोलकाता । कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के प्रथम अध्यक्ष प्रो. कल्याणमल लोढ़ा की जन्मशती के अवसर पर हिंदी मेला में 2021 का प्रो. कल्याणमल लोढ़ा शिक्षण सम्मान प्रो. सोमा वंद्योपाध्याय को दिया जाएगा। इसकी जानकारी आज सांस्कृतिक पुनर्निर्माण मिशन के संयुक्त महासचिव डा.राजेश मिश्र और प्रो. संजय जायसवाल ने दी। प्रो. कल्याणमल लोढ़ा की कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के निर्माण, कई कालेजों में हिंदी विभाग खुलवाने और हिंदी शिक्षण के प्रसार में एक बड़ी भूमिका थी। वे एक कुशल वक्ता ही नहीं बांग्ला संसार में सम्मानित एक प्रमुख मानवतावादी शिक्षाविद थे। प्रो. संजय जायसवाल ने अपने वक्तव्य में बताया कि 2021 का वर्ष कोलकाता में अपना दीर्घ कर्ममय जीवन बिताने वाले लोढ़ा जी का जन्मशती वर्ष है। इसबार निर्णय लिया गया है कि आगामी 26 दिसंबर को शुरू होने वाले हिंदी मेला में ‘प्रो. कल्याणमल लोढ़ा शिक्षक सम्मान’ प्रो. सोमा बंद्योपाध्याय को दिया जाएगा। आप पश्चिम बंगाल में शिक्षण की गुणवत्ता में वृद्धि में निरंतर सक्रिय हैं और हिंदी के विकास और प्रसार में पूरी निष्ठा से लगी हुई हैं। सोमा बंद्योपाध्याय की कई कृतियाँ प्रकाशित हैं। पुरस्कार की निर्णायक समिति के अध्यक्ष हिंदी के ख्यातिप्राप्त साहित्यकार और भारतीय भाषा परिषद के निदेशक डा. शंभुनाथ थे। प्रो. सोमा बंद्योपाध्याय को यह सम्मान 26 दिसंबर को शुरू हो रहे सात दिवसीय हिंदी मेला के उद्घाटन सत्र में राजा राममोहन हाल में दिया जाएगा। इस दिन लघु नाटकों का प्रदर्शन आयोजित है। गौरतलब है कि कोलकाता में हिंदी मेला विद्यार्थियों और युवाओं के बीच मातृभाषा प्रेम और साहित्य के लोकप्रियकरण के लिए पिछले 27 सालों से आयोजित हो रहा है और यह हिंदी जगत की एक प्रमुख राष्ट्रीय घटना है।
सुशीला बिड़ला गर्ल्स स्कूल में मनाया गया मिट्टी दिवस
कोलकाता : सुशीला बिड़ला गर्ल्स स्कूल में हाल ही में विश्व मिट्टी दिवस मनाया गया। हर साल 5 दिसम्बर को यह दिन मनाया जाता है और मिट्टी के संरक्षण व स्वास्थ्य के महत्व के बारे में बताया जाता है। पाँचवीं कक्षा की छात्राओं ने ऑनलाइन कक्षाओं के दौरान इस दिवस का पालन किया। इस वर्ष की थीम मिट्टी के क्षय को रोककर उसकी उर्वरता बढ़ाने पर केन्द्रित थी। इसके जरिए पर्यावरण संरक्षण का सन्देश भी दिया गया। छात्राओं ने इस अवसर पर विशेष ई पोस्टर तथा पोस्टर बनाये और सॉएल हाउजी गेम भी खेला।
बंगाल की दुर्गा पूजा को यूनेस्को ने दिया ‘सांस्कृतिक विरासत’ का दर्जा
कोलकाता : एक ओर जहां भारतीय प्रतिभाएं पूरी दुनिया में अपना परचम लहरा रही हैं, वहीं भारतीय पर्वों को भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ऐतिहासिक और सांस्कृतिक मान्यता मिल रही है। बंगाल में मनाई जाने वाली दुर्गा पूजा को वैश्विक पटल पर एक नई पहचान मिली है। दरअसल, संयुक्त राष्ट्र संघ की कल्चर यूनिट (यूेनेस्को) ने बुधवार को बंगाल की दुर्गा पूजा को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल करने की घोषणा की। यूेनेस्को ने इस बाबत ट्वीट किया है। वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रीट्वीट कर कहा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व और खुशी की बात है। दुर्गा पूजा हमारी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विशेषताओं के सर्वोत्तम पहलुओं पर प्रकाश डालती है। और सभी को कोलकाता में दुर्गा पूजा का अनुभव होना चाहिए।
बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी रीट्वीट कर कहा कि यह बंगाल के लिए गर्व का क्षण है। दुनिया भर में हर बंगाली के लिए दुर्गा पूजा एक त्यौहार से कहीं अधिक है। यह एक भावना है जो सभी को एकजुट करती है।और अब दुर्गा पूजा को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में जोड़ा गया है। हम सबके लिए यह खुशी का क्षण है। बता दें कि बंगाल सरकार ने ही यूनेस्को से दुर्गा पूजा को विरासत की सूची में शामिल करने का आवेदन किया था। अब यूनेस्को ने इस आवेदन को स्वीकार कर लिया है। इससे बंगाल की दुर्गा पूजा को विश्व स्तर पर मान्यता मिल गई है।
जानकारी के मुताबिक, अंतर सरकारी समिति के 16वें सत्र में दुर्गा पूजा को यूनेस्को ने इस लिस्ट में शामिल करने की घोषणा की। बता दें कि यूनेस्को ने दुनियाभर की कुछ खास अमूर्त सांस्कृतिक विरासतों की बेहतर सुरक्षा और उनके महत्व के बारे में दुनिया को जागरुक करने के लिए 2008 में अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की सूची बनाई थी। दुनिया भर से आए प्रपोजल्स को लेकर यूनेस्को की समिति उनके प्रोजेक्ट्स और प्रोग्राम्स की समीक्षा के बाद इस लिस्ट में शामिल करने पर फैसला करती है। कोलकाता की दुर्गा पूजा को इस बार भारत की ओर से इस लिस्ट के लिए नामांकित किया गया था।
यूनेस्को ने अपनी साइट पर कोलकाता की दुर्गा पूजा को लेकर लिखा, ‘दुर्गा पूजा को धर्म और कला के पब्लिक परफॉर्मेंस के सबसे अच्छे उदाहरण के साथ-साथ सहयोगी कलाकारों और डिजाइनरों के लिए एक बड़े मौके के रूप में देखा जाता है। इसके आगे यूनेस्को की ओर से लिखा गया है, ‘दुर्गा पूजा के दौरान, वर्ग, धर्म और जातीयता का विभाजन टूट जाता है।’ आपको बता दें कि इस सूची में साल 2016 में नवरोज और योग को भी शामिल किया गया था। इसके अलावा 2008 में रामलीला और 2017 में कुंभ मेले को भी इस सूची में महत्वपूर्ण जगह मिली थी।
सीआरपीएफ जवानों ने निभाया भाई का फर्ज, शहीद साथी की बहन की शादी में आए साथ
रायबरेली : यूपी के रायबरेली जिले में सीआरपीएफ के जवान एक शहीद की बहन की शादी में भाई की भूमिका नें नजर आए। दरअसल, सीआरपीएफ के शहीद जवान की बहन की शादी हो रही थी। तभी कुछ जवान मंडप में पहुंच गए और भाई का फर्ज निभाया। जवानों ने शहीद की बहन को विदा भी किया। इस दौरान वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गई। ये शादी थी शहीद कांस्टेबल शैलेंद्र प्रताप सिंह की बहन की। भाई का फर्ज निभाते सीआरपीएफ जवानों की तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो गई हैं। सीआरपीएफ ने जवानों के इस काम की तारीफ की है। सीआरपीएफ के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से शादी की तस्वीरें ट्वीट की गई हैं। ट्वीट में लिखा है कि सीआरपीएफ जवान बड़े भाई की तरह शहीद कांस्टेबल शैलेंद्र प्रताप सिंह की बहन की शादी में पहुंचे। गौरतलब है कि कांस्टेबलशैलेंद्र प्रताप सिंह जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकी हमले में शहीद हो गए थे। सीआरपीएफ जवानों पर ये हमला 5 अक्टूबर को हुआ था। कैप्टन शैलेंद्र प्रताप सिंह 110 बटालियन के जवान थे।
भवानीपुर कॉलेज में आर जे प्रवीण ने की एंकरिंग पर चर्चा
कोलकाता : भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज के जुबली सभागार में आर जे प्रवीण (सेठिया) रेडियो जॉकी ने एंकरिंग के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार प्रस्तुत किए। रेड एफ एम 93.5 पर उनका कार्यक्रम सोमवार से शनिवार सात से ग्यारह बजे सुबह तो आता ही है साथ ही, आर जे प्रवीण का रेड मुर्गा कार्यक्रम भी बहुत लोकप्रिय है। कोलकाता के जयपुरिया कॉलेज से शिक्षा प्राप्त कर अपने प्रारंभिक जीवन में शॉपर स्टाप और कॉल सेंटर में भी काम किया बाद में रेडियो जॉकी को प्रोफेशनल रूप में अपनाया और उसके कारण ख्याति प्राप्त हुई। सौ से अधिक विद्यार्थियों से प्रवीण ने एंकरिंग के कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की। ओपनिंग और अंत में बोलने की कला, श्रोताओं का मनोरंजन करना,कार्यक्रम के मध्य में भी किसी के न आने पर कार्यक्रम को संभालना, स्क्रिप्ट बनाना, कहानियाँ तैयार करना आदि बहुत से सृजनात्मक कार्य करने पड़ते हैं। एंकरिंग में आईने के सामने खड़े होकर कई बार अभ्यास करने पड़ते हैं। हिंदी माध्यम विद्यालय से प्रारम्भिक शिक्षा के बाद आर जे प्रवीण ने अंग्रेजी में भी निपुणता प्राप्त की है और आज सोशयल मीडिया, इनस्टाग्राम पर भी एक लोकप्रिय एंकर के रूप में प्रसिद्ध हैं। ग्यारह वर्ष की मेहनत के पश्चात 2017-18-19 में एक के बाद एक आर जे प्रवीण को 37 अवार्ड मिले जो एक रिकार्ड है। रेडियो इंडस्ट्री का आयोजन स्कोप बढ़ता जा रहा है और उसी अनुपात में प्रतियोगिताओं और चुनौतियों का सामना भी करना पड़ता है। दो घंटे तक चले इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रश्नोत्तर सेशन में अपने कई प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर प्राप्त हुआ। रेडियो जॉकी के लिए आत्मविश्वास, सकारात्मकता और सृजनात्मकता एंकरिंग के महत्वपूर्ण पक्ष हैं। 28 अप्रैल, 2020 में इन्स्टाग्राम आरंभ हुआ था जिसमें आरजे प्रवीण पटल को बीस लाख से अधिक दर्शकों ने सराहा जो पहले स्थान पर है। इस कार्यक्रम में प्रो दिव्या उदेशी, डॉ वसुंधरा मिश्र और कॉलेज के शिक्षकों की उपस्थिति रही। भवानीपुर कॉलेज के मैनेजमेंट की ओर से सोहिला भाटिया ने आर जे प्रवीण को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया ।
विजय दिवस पर विशेष: जब पाकिस्तानी जनरल को मौत के मुंह से बचा दिये हमारे जवान

16 दिसंबर 1971 को भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी संसद भवन के अपने कार्यालय में स्वीडिश टेलीविज़न को साक्षात्कार दे रही थीं कि तभी उनकी मेज़ पर रखा लाल रंग का टेलीफ़ोन बजा. रिसीवर उठाकर उन्होंने मात्र चार शब्द कहे, यस-यस, थैंक यू. फोन पर दूसरी ओर भारतीय सेना के जनरल मानेक शॉ थे जो प्रधानमंत्री को बांग्लादेश में जीत की ख़बर दे रहे थे. श्रीमती गांधी साक्षात्कार बीच में ही छोड़कर तुरंत वहां से उठकर तेज़ क़दमों से लोक सभा की तरफ़ बढ़ीं. अभूतपूर्व शोर शराबे के बीच उन्होंने घोषणा की ” ढाका अब एक स्वतंत्र देश की स्वतंत्र राजधानी है.” बाक़ी का उनका वक्तव्य तालियों की गड़गड़ाहट और नारेबाज़ी के बीच डूब गया.
आजाद भारत के इतिहास की उस स्वर्णिम घटना का आज स्वर्ण जयंती वर्ष आज शुरू हो रहा है. एक ऐसी घटना जिसने भारतीय सेना के पराक्रम को इतिहास के स्वर्णाक्षरों में दर्ज कर दिया. इस युद्ध और विजय का श्रेय जांबाज भारतीय सेना के साथ भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को भी जाता है, जिन्होंने पड़ोसी मुल्क में शांति बहाली और अपनी सीमाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए युद्ध का फैसला लिया. 16 दिसंबर 1971 की तिथि हर भारतीय के लिए गर्व का दिन है. महज 13 दिनों तक चली भारत-पाक की लड़ाई में हमारी सेना ने लगभग 95000 पाकिस्तानी सैनिकों को घुटने टेकने के लिए बाध्य कर दिया. साथ ही पाकिस्तान के चंगुल से बांग्लाभाषी लोगों को मुक्त कर उनके लिए स्वतंत्र देश के गठन में महती भूमिका निभायी. आज भी भारतीय सेना, विशेष रूप से पूर्वी कमान की ओर से यह दिवस विशेष रूप से मनाया जाता है. भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात बॉर्डर सीक्यूरिटी फोर्स के जवान भी विजय दिवस को खास तौर पर मनाते हैं.
लड़ाई, और पाकिस्तान के विभाजन का कारण
विजय दिवस की जयगाथा की नींव तो 25 फरवरी 1948 को उसी समय पड़ गयी थी, जब पाकिस्तानी संसद में उर्दू और अंग्रेजी के साथ बांग्ला को भी मान्यता देने की बात उठायी गयी. पाकिस्तान के तत्कालीन प्रधानमंत्री लियाकत अली खान ने न केवल उसे खारिज कर दिया, बल्कि बांग्ला को मान्यता देने की बात का मजाक भी उड़ाया. यहीं से शुरुआत हुई एक नये देश के जन्म की, जिसे आज हम बांग्लादेश के नाम से जानते हैं.
अविभाजित भारत से 14 अगस्त को धार्मिक आधार पर पाकिस्तान बना. लेकिन इसी पाकिस्तान में भी भाषा-बोली, खान-पान और मान्यताओं को लेकर भारी फर्क था. एक हिस्सा पंजाबी, सिंधी बोलता तो दूसरे में बांग्लाभाषी रहते. पूर्वी और पश्चिमी पाकिस्तान में विषमताएं इतनी ज्यादा थीं कि जल्द ही राजनैतिक रूप से ज्यादा समृद्ध पश्चिमी हिस्सा पूर्वी हिस्से पर नियंत्रण की कोशिश करने लगा, वहां के लोगों को चुनाव में हिस्सा लेने से रोका जाता, राजनैतिक पद नहीं मिलते थे. ऐसे में पूर्वी पाकिस्तान के नेता शेख मुजीब-उर-रहमान ने अवामी लीग बनाते हुए अपने हिस्से के लोगों की बात सामने रखने की कोशिश की.
सन् 1970 में पाकिस्तान में हुए चुनाव में पूर्वी पाकिस्तान आवामी लीग ने 169 में से 167 सीटों पर जीत दर्ज की और शेख मुजीबुर रहमान ने संसद में सरकार बनाने की पेशकश की, मगर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी के जुल्फिकार अली भुट्टो ने इसका विरोध किया और हालात इतने गंभीर हो गए कि राष्ट्रपति को सेना बुलवानी पड़ी, फौज में शामिल अधिकतर लोग पश्चिमी पाक के थे, पूर्वी पाक की सेना को यहां हार का सामना करना पड़ा और शेख मुजीबुर रहमान को गिरफ्तार कर लिया गया, बस यहीं से यद्ध की पृष्ठभूमि तैयार हुई.

अपने प्रिय नेता को प्रधानमंत्री बनता देखने का सपना संजोये लोगों में पहले ही गुस्सा चरम पर था. पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति जनरल याह्या खान की ज्यादतियों ने उन्हें और उकसा दिया. उनके आदेश पर जनरल टिक्का खान ने सैनिकों को बांग्लाभाषी पाकिस्तानियों को जहां दिखें, मार देने का आदेश दिया. खासकर पूर्वी हिस्से में रहने वाले गैर-मुस्लिम लोगों को निशाना बनाया गया. लाखों लोगों के रक्तपात का आदेश देने वाले जनरल खान को इतिहास में बंगाल का कसाई भी कहा जाता है. इस हत्याकांड पर जनरल ने कहा था, ‘महज 30 हजार बंगाली ही तो मरे हैं, क्या हो गया.’
शेख मुजीबुर रहमान पर हुए जुल्म से भड़के लोगों को शांत करने की बजाए पाकिस्तानी सरकार जनसंहार पर उतर आई. पूर्वी लोगों को भारत का एजेंट कहा जाना लगा और ऑपरेशन सर्च लाइट चलाकर उन्हें मारने का अभियान चल पड़ा. निहत्थे, मासूम लोगों को घर से निकाल-निकालकर मारा गया. औरतों के साथ सामूहिक बलात्कार के दौर चलने लगे. बड़ी संख्या में ढाका यूनिवर्सिटी के छात्रों को गोलियों से भून दिया गया. आज भी ढाका मस्जिद के पास एक बड़ी सी कब्र है जिसमें दफ्न हजारों लाशें उस दौर की स्मारक हैं. पाकिस्तानी सेना द्वारा हत्या, बलात्कार और टॉर्चर से बचने के लिए बड़ी संख्या में अवामी लीग के सदस्य भागकर भारत आ गए. भारत में शरणार्थी संकट बढ़ने लगा. एक साल से भी कम समय के अंदर बांग्लादेश से लाखों शरणार्थियों ने भागकर भारत के पश्चिम बंगाल में शरण ली. इससे भारत पर पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया.
मुक्तिवाहिनी को भारत का समर्थन
पश्चिमी पाकिस्तान की बर्बरता के कारण मुक्ति वाहिनी का गठन हुआ. मुक्तिवाहिनी दरअसल पाकिस्तान से बांग्लादेश को आजाद कराने वाली पूर्वी पाकिस्तान की सेना थी. मुक्तिवाहिनी में पूर्वी पाकिस्तान के सैनिक और हजारों नागरिक शामिल थे. 31 मार्च, 1971 को इंदिरा गांधी ने भारतीय सांसद में भाषण देते हुए पूर्वी बंगाल के लोगों की मदद की बात कही थी. 29 जुलाई, 1971 को भारतीय सांसद में सार्वजनिक रूप से पूर्वी बंगाल के लड़कों की मदद करने की घोषणा की गई. भारतीय सेना ने अपनी तरफ से तैयारी शुरू कर दी. इस तैयारी में मुक्तिवाहिनी के लड़ाकों को प्रशिक्षण देना भी शामिल था.
इस दौरान पड़ोसी मुल्क की अस्थिरता का असर पड़ा भारत पर. वहां से लोग भाग-भागकर भारत की शरण लेने लगे. माना जाता है कि उसी दौर में लगभग एक करोड़ शरणार्थी भारत आए. भारत ने बॉर्डर खोल दिए थे, प्रवासी कैम्प बनवा दिए थे और शरणार्थियों की देखभाल के लिए आर्थिक व राजनैतिक प्रयास हो रहे थे. भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ये मामला पहले वैश्विक पटल पर उठाया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. दूसरी ओर जनसंहार जारी रहा.
अक्टूबर-नवंबर, 1971 के महीने में भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके प्रतिनिधियों ने यूरोप और अमेरिका का दौरा किया. उन्होंने दुनिया के लीडरों के सामने भरत के नजरिये को रखा, लेकिन इंदिरा गांधी और अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति रिचर्ड निक्सन के बीच बातचीत किसी नतीजे पर नहीं पहुंची. निक्सन ने मुजीबुर रहमान की रिहाई के लिए कुछ भी करने से हाथ खड़ा कर दिया. निक्सन चाहते थे कि पश्चिमी पाकिस्तान की सैन्य सरकार को दो साल का समय दिया जाए. दूसरी ओर इंदिरा गांधी का कहना था कि पाकिस्तान में स्थिति विस्फोटक है. यह स्थिति तब तक सही नहीं हो सकती है जब तक मुजीब को रिहा न किया जाए और पूर्वी पाकिस्तान के निर्वाचित नेताओं से बातचीत न शुरू की जाए. उन्होंने निक्सन से यह भी कहा कि अगर पाकिस्तान ने सीमा पार (भारत में) उकसावे की कार्रवाई जारी रखी तो भारत बदले कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगा.
भारत पर हमला और युद्ध की शुरुआत
पूर्वी पाकिस्तान संकट विस्फोटक हो गया था. पश्चिमी पाकिस्तान में भारत के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की मांग की जाने लगी थी. दूसरी तरफ भारतीय सैनिक पूर्वी पाकिस्तान की सीमा पर चौकसी बरते हुए थे. 23 नवंबर, 1971 को पाकिस्तान के राष्ट्रपति याह्या खान ने पाकिस्तानियों से युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा. 3 दिसंबर, 1971 को पाकिस्तान की वायु सेना ने भारत पर हमला कर दिया. भारत के अमृतसर और आगरा समेत कई शहरों को निशाना बनाया गया. इसके साथ ही 1971 के भारत-पाक युद्ध की शुरुआत हो गई. पाकिस्तानी सेना के हमले की प्रतिक्रिया में भारतीय सेना रणनीति के साथ बांग्लादेश की सीमा में घुसी और लगभग 15 हजार किलोमीटर के दायरे को अपने कब्जे में ले लिया. संघर्ष की शुरुआत हुई, जिसमें दोनों ओर से लगभग 4 हजार सैनिक मारे गए. युद्ध में भारतीय सेना ने जबरदस्त प्रदर्शन किया, 13 दिन चली इस लड़ाई में पाक सेना को मुंह की खानी पड़ी. 16 दिसंबर, 1971 को पाकिस्तान की सेना के आत्मसमर्पण और बांग्लादेश के जन्म के साथ इस युद्ध का समापन हुआ. पाकिस्तान का पूर्वी हिस्सा बांग्लादेश के रूप में जाना जाने लगा.
30 लाख लोग मारे गये
पूर्वी पाकिस्तान में पाकिस्तानी सेना के जुल्म इतने बढ़ गए थे कि भारतीय फौज ने पाकिस्तानी सेना पर हमला बोल दिया. तारीख थी 3 दिसंबर 1971. केवल 13 दिनों तक चले इस युद्ध में भारतीय सेना के आगे पाकिस्तान को घुटने टेकने पड़े और तभी पाकिस्तान का पूर्वी हिस्सा बांग्लादेश बन गया. इस युद्ध और आजादी के पीछे जनसंहार और मानसिक-शारीरिक-आर्थिक यातनाओं की लंबी-चौड़ी पृष्ठभूमि रही. हालांकि भारतीय सेना के दखल के पहले ही पूर्वी पाकिस्तान के लोगों ने पश्चिमी पाकिस्तान की ज्यादतियों के खिलाफ मोर्चा खोल लिया था. आंतरिक युद्ध साल 1971 में मार्च में ही शुरू हो गया था. तब के पूर्वी पाकिस्तानवासियों का मानना है कि इस दौरान बर्बर सेना ने 30 लाख से भी ज्यादा लोगों को मौत के घाट उतार दिया था. आजादी की ये लड़ाई इतिहास में मुक्ति संग्राम के नाम से दर्ज है.
इंदिरा गांधी ने मनवाया लोहा
तीन दिसंबर 1971 को इंदिरा गांधी कलकत्ता में एक जनसभा को संबोधित कर रही थीं. शाम के धुँधलके में ठीक पाँच बजकर चालीस मिनट पर पाकिस्तानी वायुसेना के सैबर जेट्स और स्टार फ़ाइटर्स विमानों ने भारतीय वायु सीमा पार कर पठानकोट, श्रीनगर, अमृतसर, जोधपुर और आगरा के सैनिक हवाई अड्डों पर बम गिराने शुरू कर दिए. इंदिरा गांधी ने उसी समय दिल्ली लौटने का फ़ैसला किया. दिल्ली में ब्लैक आउट होने के कारण पहले उनके विमान को लखनऊ मोड़ा गया. ग्यारह बजे के आसपास वह दिल्ली पहुँचीं. मंत्रिमंडल की आपात बैठक के बाद उन्होंने देश को भी संबोधित किया.
पूरे युद्ध के दौरान इंदिरा गांधी को कभी विचलित नहीं देखा गया. वह पौ फटने तक काम करतीं और जब दूसरे दिन दफ़्तर पहुँचतीं, तो कह नहीं सकता था कि वह सिर्फ़ दो घंटे की नींद लेकर आ रही हैं. जाने-माने पत्रकार इंदर मल्होत्रा के अनुसार जब आधी रात के समय जब रेडियो पर इंदिरा गांधी ने देश को संबोधित किया था तो उनकी आवाज़ में तनाव था और ऐसा लगा कि वह थोड़ी सी परेशान सी हैं. लेकिन उसके अगले रोज़ जब वे उनसे मिलने गये तो ऐसा लगा कि उन्हें कोई फ़िक्र ही नहीं. जब जंग के बारे में पूछा तो बोलीं अच्छी चल रही है.
जब मुक्तिवाहिनी ने नियाजी को घेर लिया
16 दिसंबर की सुबह सवा नौ बजे जनरल जैकब को जनरल मानेकशॉ का संदेश मिला कि आत्मसमर्पण की तैयारी के लिए तुरंत ढाका पहुँचें. उसी दिन शाम को चार बजे पूर्वी पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल एके नियाज़ी और जैकब ढाका में भारतीय कमांडर ले जनरल जगदीश सिंह अरोड़ा को लेने ढाका हवाई अड्डे पहुँचे. रास्ते में जैकब ने दो भारतीय जवानों को भी अपने पीछे आने के लिए कहा. तभी जैतूनी हरे रंग की मेजर जनरल की वर्दी पहने हुए एक व्यक्ति उनका तरफ़ बढ़ा. जैकब समझ गए कि वह मुक्ति बाहिनी के टाइगर सिद्दीकी हैं. उन्हें कुछ ख़तरे की बू आई. उन्होंने वहाँ मौजूद भारतीय जवानों से कहा कि वह नियाज़ी को कवर करें और सिद्दीकी की तरफ़ अपनी राइफ़लें तान दें. जैकब ने विनम्रता पूर्वक सिद्दीकी से कहा कि वह हवाई अड्डे से चले जाएं. टाइगर टस से मस नहीं हुए. जैकब ने अपना अनुरोध दोहराया. टाइगर ने तब भी कोई जवाब नहीं दिया. जैकब ने तब गुर्राते हुए कहा कि वह फ़ौरन अपने समर्थकों के साथ हवाई अड्डा छोड़ कर चले जाएं. तब टाइगर सिद्दीकी वहां से हटा.
साढ़े चार बजे अरोड़ा अपने दल बल के साथ पाँच एम क्यू हेलिकॉप्टर्स से ढाका हवाई अड्डे पर उतरे. रेसकोर्स मैदान पर पहले अरोड़ा ने गार्ड ऑफ़ ऑनर का निरीक्षण किया. अरोडा और नियाज़ी एक मेज़ के सामने बैठे और दोनों ने आत्म समर्पण के दस्तवेज़ पर हस्ताक्षर किए. नियाज़ी ने अपने बिल्ले उतारे और अपना रिवॉल्वर जनरल अरोड़ा के हवाले कर दिया. नियाज़ी की आँखें नम हो गयी थीं. वहां मौजूद भीड़ नारे लगा रही थीं. नियाजी को मारने पर उतारू भीड़ से बचाने के लिए हमारे जवानों ने मानव प्राचीर बना दी. भारतीय सेना के वरिष्ठ अफ़सरों ने नियाज़ी को एक जीप में बैठा कर एक सुरक्षित जगह पहुंचा दिया.
कुन्नर हादसा : ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का बेंगलुरु के अस्पताल में निधन
नयी दिल्ली : तमिलनाडु के कुन्नर में हुए हेलीकाप्टर हादसे में एकमात्र जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का निधन हो गया है। बीती 8 दिसंबर को क्रैश हुए एमआई17 वी5 हेलीकाप्टर में वो एकमात्र जीवित बचे थे। उनका इलाज कमांड अस्पताल, बेंगलुरु में चल रहा था, जहां उन्हें लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर रखा गया था। दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत और 12 अन्य लोगों की मौत हो गई थी। भारतीय वायुसेना ने ट्वीट कर कहा कि यह बताते हुए काफी दुख हो रहा है कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का इलाज के दौरान आज निधन हो गया है। वो 8 दिसंबर 2021 को हुए हादसे में अकेले जीवित बचे थे। एयरफोर्स उनके निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त करता है और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह यूपी के देवरिया के खोरमा कन्हौली गांव के रहने वाले थे, लेकिन उनका जन्म दिल्ली में हुआ था। उनके पिता कृष्ण प्रताप सिंह सेना से कर्नल के पद से रिटायर हुए हैं। बचपन से ही उनकी परवरिश फौजी वातावरण में हुई, उनका छोटा भाई तनुज सिंह नव सेना में हैं। अपने पीछे वरुण सिंह पत्नी गीतांजली बेटे रिद रमन और बेटी आराध्या को छोड़ गए हैं, फिलहाल उनका परिवार भोपाल में रहता है।
एमआई17 वी5 हैलीकाप्टर क्रैश हादसे के बारे में जानकारी देते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संसद को बताया था कि, 8 दिसंबर 2021 को दोपहर के वक्त भारतीय वायुसेना का एमआई17 वी5 हेलीकाप्टर कुन्नूर के पास क्रैश हो गया। इस हादसे में सीडीएस जनरल बिपिन रावत समेत 12 लोगों की मौत हो गई। जनरल बिपिन रावत वेलिंग्टन स्थित डिफेंस सर्विस स्टाफ कालेज के पूर्वनिर्धारित दौरे पर थे। वायुसेना के एमआई 17 हेलिकॉप्टर ने सुलूर एयरबेस से 11बजकर 48मिनट पर उड़ान भरी। इसे 12बजकर 15 मिनट पर वेलिंग्टन में लैंड करना था, लेकिन 12बजकर 08मिनट पर यह क्रैश हो गया। इस दुर्घटना में सीडीएस जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत, ब्रिगेडियर एल एस लिड्डर, कर्नल हरजिंदर सिंह, लांस नायक विवेक कुमार, नायक गुरुसेवक सिंह , लांस नायक बी साई तेजा, नायक जितेंद्र कुमार, हवलदार सतपाल राई, विंग कमांडर पीएस चौहान, स्क्वॉड्रन लीडर कुलदीप सिंह, राणा प्रताप दास, जेडब्ल्यूओ प्रदीप का उसी दिन निधन हो गया था।
सुष्मिता और लारा के बाद भारत की हरनाज बनीं मिस यूनिवर्स 2021
21 साल बाद किसी भारतीय ने जीता है खिताब
मिस यूनिवर्स 2021 का ताज भारत की हरनाज संधू ने अपने नाम कर लिया है। इजराइल में हुई इस प्रतियोगिता के प्रीलिमिनरी राउंड में 75 से ज्यादा खूबसूरत और प्रतिभाशाली युवतियों ने हिस्सा लिया था। टॉप 3 में साउथ अफ्रीका और पराग्वे की सुंदरियों को पीछे छोड़ते हुए हरनाज संधू ने ‘ब्रह्माण्ड सुंदरी’ के ताज पर अपना नाम लिख डाला। खास बात ये है कि हरनाज से पहले केवल दो भारतीय महिलाएं मिस यूनिवर्स बनी हैं। भारत ने इससे 21 साल पहले इस खिताब पर कब्जा किया था। 1994 में अभिनेत्री सुष्मिता सेन और 2000 में लारा दत्ता ने यह खिताब जीता था। हरनाज से पूछा गया था कि आज के दबावों से निपटने के लिए युवा महिलाओं को आप क्या सलाह देंगी?
इस सवाल पर हरनाज ने जवाब दिया, ‘आज का युवा जिस सबसे बड़े दबाव का सामना कर रहा है, वह है खुद पर विश्वास करने का। यह जानना कि आप यूनीक हैं, आपको सुंदर बनाता है। दूसरों के साथ अपनी तुलना करना बंद करें और दुनिया भर में हो रही ज्यादा महत्वपूर्ण चीजों के बारे में बात करें। बाहर निकलें, अपने लिए बोलें, क्योंकि आप अपनी लाइफ की लीडर हैं। आप खुद अपनी आवाज हैं। मुझे खुद पर विश्वास था और इसलिए मैं आज यहां खड़ी हूं।’ मिस यूनिवर्स 2021 का क्राउन जीतने के बाद एक वीडियो में हरनाज काफी खुश नजर आ रही हैं। हंसते हुए हरनाज ‘चक दे फट्टे इंडिया… चक दे फट्टे’ कहती दिखी। भारत की हरनाज संधू ने तीन घंटे चली लाइव प्रतियोगिता में मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम करने से पहले कई राउंड पार किए। उन्होंने नेशनल कॉस्ट्यूम, इवनिंग गाउन, इंटरव्यू और स्विमवियर राउंड में कॉन्फिडेंस और ग्रेस दिखाया। उनके साथ टॉप 10 में पराग्वे, प्यूर्टो रिको, यूएसए, दक्षिण अफ्रीका, बहामास, फिलीपींस, फ्रांस, कोलंबिया और अरूबा की सुंदरियां शामिल थीं। सभी राउंड में बेहतर प्रदर्शन करते हुए हरनाज ने इतिहास रचा।




