Friday, April 10, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 307

पहली बार घर की दूरी क्या होती है ये समझ आ गई

प्रशस्ति प्रख्यात नृत्यांगना हैं और कबीर एवं बुद्ध की रचनाओं के अतिरिक्त साहित्य की धरोहरों का सम्बन्ध नृत्य से जोड़कर उनको लोकप्रिय बना रही हैं। 

( आज ये बात बता रही हूँ उन तमाम लड़कियों को जो थोड़ा जूझती है जब स्कूल से कॉलेज का सफ़र तय करती है)

“माँ लंच बॉक्स तैयार है ? हाँ बेटा नया बैग, नया सूट, और एक बोतल पानी, मैं निकली घर से माँ के दिए हुए 185 रूपये बड़े पापा ने जैसे जैसे रास्ते को बताया था, बी. एच. यू तक जाने के लिए वैसे ही जा रही थी बिल्कुल शांत क्योंकि मैं बोलती ही नहीं थी। तक़रीबन कंधे पर 300 घुघरूँ बैग में लिए पहले दिन लंका जाना तो ऑटो वाले ने गलत सुना और मुझे लहरतारा छोड़ दिया। 11:30 बजे क्लास शुरु होनी थी मैं दुपट्टा नही सँभाल पा रही थी लेकिन हमें सूट में ही कॉलेज जाना होता था। माँ अपना फ़ोन दे देती थी ताकि उनको पता लगता रहे की मैं कहाँ पहुँची ? बीच में माँ ने फ़ोन किया :कहाँ पहुँची? “मैंने उनको बोला : “माँ सुनो डरना मत। मैं लंका की बजाय लहरतारा आ गई फिर एक लहरतारा से कैंट जाने वाली बस को पकड़ा और उतर गई कैंट पर। वहाँ से ऑटो लिया लंका का फिर रास्ते का खौफ़ ख़त्म हो गया कही भी निकलूंगी पहुँच ही जाऊँगी मंजिल पर। जो एकदम नये सूट में तैयार थी वो लगभग डर से पसीने से भीग चुका था, फिर वहाँ से 4 बजे निकलती तो वैसे ही घर जाती ये सिलसिला चलता रहा। एक दिन एक ऑटो चालक ने मेरे बगल में एक प्लास्टर लगे आदमी को बैठाया। फिर क्या था आधे रास्ते अपने सीने से लगाये अपने बैग को मैं खिड़की पर दुबक कर बैठी थी लेकिन शायद उसके गिरेपन की दाद देनी पड़ेगी। उस प्लास्टर लगे हाथ से मेरे बैग नहीं बोलूँगी, सीने पर मारने की कोशिश नाक़ाम रही। फिर क्या था मैंने उसको घूरा और ज़ोर से चिल्लाकर बोला – ‘जरा तमीज़ से जो हाथ टूटा है ना पूरा तोड़ दूँगी’ और ऑटो को रोक कर बीच रास्ते में उतर गई।  शायद पापा और बुआ के सानिध्य में कराटे सीखने का रौब भी था। ये बात किसी को पता नहीं फिर क्या उस समय के बाद कभी नहीं डरी। ना ही ऐसे पुरुषों से ना उनके स्वभाव से ।आज जब कुछ आँखे घूरती है तो मैं उससे ज्यादा ही घूर देती हूँ, पहली बार घर की दूरी क्या होती है ये समझ आ गई।

जिसे समझा ‘चार पैरों वाला सांप’, वह निकली 11 करोड़ साल पुरानी समुद्री छिपकली

ओटावा : आज से छह साल पहले 2015 में ‘चार पैरों वाले सांप’ की खोज की गई थी। अब एक स्टडी में खुलासा हुआ है कि वह सांप नहीं बल्कि लंबे शरीर वाली समुद्री छिपकली थी। ब्राजील में पाए गए जीवाश्म जीव को शुरुआत में सांप और छिपकली के बीच का जीव समझा जा रहा था। यूनिवर्सिटी ऑफ अल्बर्टा के जीवाश्म विज्ञानियों के मुताबिक 11 करोड़ साल पुराना सरीसृप, टेट्रापोडोफिस एम्प्लेक्टस, एक छिपकली से ज्यादा कुछ नहीं है।
शुरुआत में वैज्ञानिकों को लगा सांप जैसा
कैल्डवेल ने कहा कि हमारी टीम का प्रमुख निष्कर्ष यह है कि टेट्रापोडोफिस एम्प्लेक्टस वास्तव में एक सांप नहीं है और इसे गलत वर्गीकृत किया गया था। बल्कि इसकी शारीरिक बनावट के सभी पहलू क्रिटेशियस काल से विलुप्त समुद्री छिपकलियों के एक समूह से मेल खाते हैं, जिन्हें डोलिचोसॉर कहा जाता है। शुरुआत में वैज्ञानिकों ने सोचा था कि टेट्रापोडोफिस एम्प्लेक्टस के लक्षण सांपों से मिलते-जुलते हैं लेकिन अब स्पष्ट हो चुका है कि वह एक गलत वर्गीकरण था।
करीब 20 सेमी लंबी थी छिपकली
जब कई साल पहले नमूनों की खोज की गई थी तो विशेषज्ञों ने पाया कि इसकी लंबाई सिर से पैर तक 20 सेमी थी। लेकिन इस संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता कि इसकी लंबाई और ज्यादा बढ़ सकती थी। इसका सिर एक वयस्क मानव नाखून के आकार का होता है और इसकी सबसे छोटी पूंछ की हड्डी की लंबाई एक मिलीमीटर के सिर्फ एक चौथाई होती है। इसके अगले पैर सिर्फ 1 सेमी लंबे होते हैं लेकिन पिछले पैर थोड़े लंबे होते हैं जिनका इस्तेमाल यह शिकार पकड़ने के लिए करता था।

मशहूर उद्घोषक एवं खेल पत्रकार नोवी कपाड़िया का निधन

नयी दिल्ली : भारतीय फुटबॉल का ‘एनसाइक्लोपीडिया’ कहे जाने वाले मशहूर कमेंटेटर और दिल्ली विश्वविद्यालय के पूर्व प्रोफेसर नोवी कपाड़िया का लंबी बीमारी के बाद गत 18 नवम्बर को निधन हो गया। वह 67 वर्ष के थे। कपाड़िया अविवाहित थे और उनकी बहन की मृत्यु के बाद उनके परिवार में कोई नहीं था। नौ फीफा विश्व कप कवर कर चुके कपाड़िया पिछले एक महीने से वेंटिलेटर पर थे, उन्हें ‘मोटर न्यूरोन ’ बीमारी थी, जिसमें रीढ की नसें और दिमाग धीरे-धीरे काम करना बंद कर देता है, इसकी वजह से वह पिछले दो साल से अपने घर में ही बंद थे।
लंबे समय से बिस्तर पर ही रहने को मजबूर कपाड़िया हाल ही में पेंशन संबंधी मसले के कारण चर्चा में आए थे जब पूर्व खेल मंत्री किरेन रिजीजू ने मामले में दखल देकर उन्हें चार लाख रूपये की आर्थिक सहायता दिलाई थी। कपाड़िया पिछले कई दशक से ओलंपिक, एशियाई खेल,राष्ट्रमंडल खेल की कमेंट्री करते आए हैं। अशोक क्लब के संस्थापक कपाड़िया ने स्थानीय लीग में फुटबॉल खेला। उन्होंने ‘बेयरफुट टू बूट्स: द मेनी लाइव्स आफ इंडियन फुटबॉल’ किताब भी लिखी। इसके अलावा फुटबॉल प्रेमियों के लिए गाइड भी 2014 में लिखी। वह एसजीटीबी खालसा कॉलेज में पूर्व प्रोफेसर भी थे।

लद्दाख में बनी सड़क दुनिया में सबसे ऊंची, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज

लेह : लद्दाख में बीआरओ की ओर से बनाई गई सड़क को अब दुनिया की सबसे ऊंची सड़क मान लिया गया है। गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड ने इसको मान्यता दे दी है। रिकॉर्ड बुक में सड़क का नाम दर्ज कर लिया गया है। लद्दाख में बनायी गयी सड़क को दुनिया की सबसे ऊंची सड़क की मान्यता दे दी गयी है। उच्च पर्वतीय क्षेत्र लद्दाख में बॉर्डर रोड ऑर्गेनाइजेशन (बीआरओ) की ओर इस सड़क का निर्माण कराया गया है। इस सड़क को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल कर लिया गया है।
लद्दाख के उमलिंग्ला दर्रे पर समुंद्रतल से 19,024 फीट की ऊंचाई पर सड़क का निर्माण किया गया है। बीआरओ को इस सड़क के गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से प्रमाण पत्र भी मिल गया है। गिनीज बुक के पांच सदस्यों की टीम ने करीब चार महीने तक इस सड़क का सर्वेक्षण किया। इसके बाद अपनी रिपोर्ट दी।
बोलिविया की सड़क को पीछे छोड़ा
उलमिंग्ला दर्रे की यह 15 किलोमीटर लंबी सड़क रिकॉर्ड बनाने में कामयाब रही। इससे पहले सबसे ऊंची सड़क का रिकॉर्ड बोलिविया की उतरुंकू ज्वालामुखी से जोड़ने वाली सड़क के नाम था। यह सड़क समुंद्र तल से 18,953 किलोमीटर की ऊंचाई पर अवस्थित है।
गडकरी ने ट्वीट कर दी जानकारी
केंद्रीय पथ परिवहन और हाइवे मंत्री नितिन गडकरी ने ट्वीट कर पूरे उमलिंग्ला दर्रे की सड़क के गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में शामिल होने की जानकारी दी। उन्‍होंने कहा क‍ि बीआरओ आने वाले समय में इस प्रकार के अन्‍य रिकॉर्ड बनाएगा, ऐसी उम्मीद हम करते हैं। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने भी ट्वीट कर इस संबंध में कहा कि विश्व की सबसे ऊंची सड़क अब उमलिंग्ला सड़क हो गई है।
एवरेस्ट के आधार शिविर से भी है अधिक ऊंची
उमलिंग्ला सड़क की ऊंचाई एवरेस्ट चोटी के उत्तरी व दक्षिणी आधार शिविरों से भी ऊंची है। अधिकारियों का कहना है कि उमलिंग्ला में सड़क निर्माण मानव व मशीन दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण रहा। यहां तापमान मानस 40 डिग्री तक गिर जाता है। ऑक्सीजन का स्तर भी सामान्य से 50 फीसदी कम हो जाता है। बीआरओ ने इसके बाद भी सड़क पर तारकोल बिछाकर पूर्वी लद्दाख में एलएसी के अग्रिम गांव डेमचोक को सड़क नेटवर्क से जोड़ दिया है। सामरिक दृष्टि से भी इस सड़क को काफी महत्वपूर्ण माना जाता है।

त्वचा से त्वचा के स्पर्श का मामला : बॉम्‍बे हाईकोर्ट का फैसला सुप्रीम कोर्ट से खारिज

बॉम्बे हाई कोर्ट ने कहा था कि नाबालिग के अंदरूनी अंग को बिना कपड़े हटाए छूना यौन उत्पीड़न नहीं है

नयी दिल्‍ली : सुप्रीम कोर्ट ने त्वचा से त्वचा के स्पर्श को लेकर दिए गए बॉम्‍बे हाई कोर्ट के फैसले को खारिज कर दिया है। अदालत ने 30 सितंबर को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। अटॉर्नी जनरल ने सुप्रीम कोर्ट से फैसला रद्द करने की गुहार लगाई थी। राष्‍ट्रीय महिला आयोग की तरफ से भी खास याचिका दायर कर हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी गई थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ‘कानून का उद्देश्य अपराधी को कानून के जाल से बचने की अनुमति देना नहीं हो सकता।’ कोर्ट ने कहा कि पॉक्सो की धारा 7 के तहत ‘स्पर्श’ और ‘शारीरिक संपर्क’ अभिव्यक्ति के अर्थ को “त्वचा से त्वचा संपर्क” तक सीमित करना न केवल संकीर्ण और कागजी व्याख्या होगी, बल्कि प्रावधान की बेतुकी व्याख्या भी होगी।
क्‍या था बॉम्‍बे हाईकोर्ट का फैसला?
बॉम्बे हाई कोर्ट ने कहा था कि नाबालिग के अंदरूनी अंग को बिना कपड़े हटाए छूना यौन उत्पीड़न नहीं है। उसने अपने फैसले में कहा कि जब तक त्वचा से त्वचा का स्पर्श न हो, तब तक यौन दुराचार नहीं माना जा सकता है। हाई कोर्ट की नागपुर बेंच की न्यायमूर्ति पुष्पा गनेडीवाला ने 19 जनवरी को पारित एक आदेश में कहा कि किसी हरकत को यौन हमला माने जाने के लिए ‘गंदी मंशा से त्वचा से त्वचा का संपर्क होना’ जरूरी है। उन्होंने अपने फैसले में कहा कि महज छूना भर यौन हमले की परिभाषा में नहीं आता है। न्यायमूर्ति गनेडीवाला ने एक सेशन्स कोर्ट के फैसले में संशोधन किया जिसने 12 वर्षीय लड़की का यौन उत्पीड़न करने के लिए 39 वर्षीय व्यक्ति को तीन वर्ष कारावास की सजा सुनाई थी।’ इस फैसले के खिलाफ दाखिल अपील पर सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस की अगुवाई वाली बेंच ने 27 जनवरी को हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगा दी थी।
फैसले के खिलाफ क्‍या तर्क दिए?
अटॉर्नी जनरल केके वेणुगोपाल ने मामले को सुप्रीम कोर्ट के सामने उठाया था। हाई कोर्ट कोर्ट के आदेश का जिक्र करते हुए उन्‍होंने कहा था कि मामले में गलत नजीर बनेगी और ऐसे में हाई कोर्ट के आदेश पर रोक लगाया जाए। राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से दायर याचिका में कहा गया कि जो व्याख्या की गई है, उसका महिला के मूल अधिकारों के खिलाफ असर होगा। याचिका में कहा गया था कि पोक्सो की धारा-7 के तहत कहा गया है कि अगर कोई शख्स किसी नाबालिग के शरीर के निजी अंगों और सीने को स्पर्श करता है तो वह यौन उत्पीड़न माना जाएगा। इस परिभाषा में कहीं भी त्वचा से त्वचा के स्पर्श की बात नहीं है। शारीरिक स्पर्श बिना कपड़ों के होना चाहिए ऐसा कानून में नहीं लिखा है। साथ ही इसके दूसरे भाग में कहा गया है कि यौन प्रकृति का शारीरिक स्पर्श अगर है तो वह यौन उत्पीड़न का अपराध है। लेकिन हाई कोर्ट ने धारा-7 के तहत यौन उत्पीड़न की गलत व्याख्या की है और वह खतरनाक नजीर बनेगा।

चट्टान में धंसी मिली 700 साल पुरानी रहस्यमय तलवार, किंग आर्थर से हो सकता है सम्बन्ध

लंदन : किंग आर्थर वाकई में थे या नहीं? साल की शुरुआत में मिले कुछ दस्तावेजों ने इतिहास में उनकी मौजूदगी को लेकर नए सिरे से दावे किए थे। लेकिन दस्तावेजों से ज्यादा पुख्ता सबूत अब एक बोस्नियाई नदी की गहराई में मिले हैं। नदी के भीतर चट्टान में धंसी एक तलवार की खोज की गई है जिसे ‘शाही एक्सेलिबुर’ माना जा रहा है जो किंग आर्थर की तलवार थी। पुरातत्वविदों को पत्थर में चौदहवीं शताब्दी की यह तलवार बोस्निया और हर्जेगोविना के पश्चिम में व्रबास नदी की गहराई में मिली है।
किंग आर्थर को लेकर कई पौराणिक कथाएं प्रचलित हैं। उन्होंने जिनेवा से शादी की, ‘नाइट्स ऑफ द राउंड टेबल’ का निर्देशन किया, एक्सेलिबुर तलवार को अपने पास रखा और गद्दार मोर्ड्रेड के साथ अपनी अंतिम लड़ाई के बाद उन्हें एवलॉन में दफना कर दिया गया। लेकिन क्या राजा आर्थर वास्तव एक राजा थे या सिर्फ सेल्टिक पौराणिक कथाओं के नायक? यह बहस सदियों से जारी है और इतिहासकार आर्थर के अस्तित्व को लेकर कोई पुष्टि नहीं कर पाए हैं।
दस्तावेजों के पुख्ता हुए अस्तित्व के दावे
हालांकि इस साल की शुरुआत के बाद राजा आर्थर को लेकर कई चीजें बदल गईं। इतिहासकारों को ब्रिटेन के ब्रिस्टल यूनिवर्सिटी में एक पुस्तकालय में मर्लिन, किंग आर्थर और होली ग्रेल के बारे में हस्तलिखित और पांडुलिपियों के सात टुकड़े मिले हैं। ये टुकड़े मूल रूप से फ्रांस के स्ट्रासबर्ग में 1,494 और 1,502 के बीच प्रकाशित हुए थे। इस आश्चर्यजनक खोज ने किंग आर्थर के अस्तित्व को लेकर दावों को और पुख्ता कर दिया है। कुछ लोगों का कहना है कि यह स्पष्ट प्रमाण है कि राजा आर्थर मौजूद थे।

10 मीटर की गहराई में मिली 700 साल पुरानी तलवार
व्रबास बोस्निया के केंद्र में 240 किलोमीटर लंबी एक नदी है, जो बंजा लुका शहर के पास है। खोजी गई प्राचीन तलवार को किंग आर्थर की माना जा रहा है। रिपब्लिका सर्पस्का म्यूजियम के पुरातत्वविद इवाना पांडज़िक के अनुसार 700 साल पुरानी तलवार नदी की सतह से लगभग 10 मीटर नीचे एक ठोस चट्टान में जड़ी हुई पाई गई। इसे बेहद संभालकर निकाला गया। पुरातत्वविदों ने ज़्वेलाज में स्थित एक मध्ययुगीन महल के खंडहरों के पास खुदाई करते हुए खोज की।

(साभार – नवभारत टाइम्स)

क्या होता है पकड़ुआ बियाह, जानिए

जो लोग बिहार या पूर्वांचल के हैं वे पकड़ुआ बियाह से भली-भांति अवगत हैं, लेकिन विवाह की यह प्रक्रिया देश के बाकी हिस्सों में रहने वाले लोगों की उत्सुकता बढ़ाने वाली है। इन्हीं लोगों की उत्सुकता को शांत करने के लिए आइए समझने की कोशिश करते हैं कि पकड़ुआ बियाह क्या होता है, क्यों होता है, कैसे होता है, कब से शुरू हुआ।
पकड़ुआ बियाह क्या होता है
पकड़ुआ बियाह में शादी योग्य लड़के का अपहरण करके उसकी जबरन शादी करवाई जाती है। इस विषय पर बॉलीवुड में अगस्त 2019 में ‘जबरिया जोड़ी’ नाम से एक फिल्म रिलीज हो चुकी है। इसके अलावा कलर्स चैनल पर ‘भाग्यविधाता’ नाम से एक टीवी सीरियल भी प्रसारित हो चुका है। इन दोनों में ही काफी हद तक पकड़ुआ बियाह की सच्चाई को दिखाने की कोशिश की गई है।
पकड़ुआ बियाह की शुरुआत कहां से हुई इसकी कोई पुख्ता जानकारी तो नहीं है, लेकिन माना जाता है कि दूल्हे को अगवा कर उसकी शादी रचाने का चलन बेगूसराय जिले से शुरू हुआ है। बेगूसराय से सटे पटना जिले के हिस्से मोकामा, पंडारख, बाढ़, बख्तियारपुर जैसे इलाके में एक समय इसका खूब चलन था। पकड़ुआ बियाह में गांव या परिवार के दबंग लोग इलाके के किसी पढ़े-लिखे और धन-संपदा से संपन्न शादी योग्य युवक का अपहरण कर लेते हैं। इसके बाद जबरन उसकी शादी किसी लड़की से करा दी जाती है। विरोध करने पर युवक की पिटाई भी की जाती है। कई बार हथियार वगैरह दिखाकर युवक को डराया धमकाया भी जाता है।
इतना ही नहीं, शादी कराने वाले दबंग दूल्हे और उसके परिजनों को इतना डरा धमका देते हैं कि वह मजबूरी वश जबरिया विवाह को स्वीकार कर लेते हैं। आमतौर पर दबंग पहला बच्चा होने तक दूल्हा और उसके परिजनों पर नजर रखते हैं। 1970 से 1990 के दशक में किसी युवक की अगर अच्छी नौकरी लगती तो घर वाले सबसे पहले उसका घर से निकलना बंद कर देते। नौकरी लगने वाली बात काफी गुप्त रखा जाता। नौकरीपेशा लड़के को अकेले घर से निकलने नहीं दिया जाता, डर होता कि कहीं उसका पकड़ुआ बियाह ना करा दिया जाए। 1970 के दशक में बेगूसराय के मटिहानी एरिया में सबसे ज्यादा इस प्रकार की शादी का रिवाज था।
क्यों होता है पकड़ुआ बियाह?
पकड़ुआ बियाह की शुरुआत की मुख्य वजह दहेज प्रथा को माना जाता है। लेकिन इसे बारीकी से समझेंगे तो पता चलता है कि पकड़ुआ बियाह की शुरुआत के पीछे कई और वजहें हैं। दरअसल, 70-80 के दशक में बिहार में शिक्षा और जागरुकता के अभाव में जन्मदर काफी अधिक रही। इससे उन परिवारों ने भी ज्यादा बच्चे कर लिए जिनकी आर्थिक स्थिति उतनी बेहतर नहीं थी। इसके साथ ही बिहार के समाज में उच्च जाति के लोगों में स्टेटस दिखाने का चलन शुरू से ही रहा है। इस स्थिति अगर किसी परिवार में चार बेटियां हैं, लेकिन उसके पिता की इतनी हैसियत नहीं है वह मोटा दहेज देकर अच्छे परिवार में उनकी शादी करा पाए। ऐसे में वह अपनी बेटी की शादी पढ़े-लिखे और धन-संपदा से योग्य दूल्हे से कराने के लिए पकड़ुआ बियाह जैसे विकल्प को तलाशते हैं।
दबंगों ने पकड़ुआ बियाह को बनाया धंधा
पकड़ुआ बियाह का चलन शुरू होने पर इलाके के दबंगों ने इसे धंधा बना लिया। अगर किसी पिता को पकड़ुआ बियाह के जरिए अपनी बेटी की शादी करानी है तो वह इन दबंगों के पास जाते हैं। यहां लड़की के पिता और दबंग के बीच में सौदा होता है। सौदे के मुताबिक पकड़ुआ बियाह कराने और दुल्हन को उसके ससुराल में मान-सम्मान के साथ स्थापित करने के एवज में दबंग को फीस के तौर पर कुछ रकम दी जाती है। साथ ही दूल्हा डॉक्टर, इंजीनियर, बैंककर्मी, रेलवे आदि जिस भी विभाग में नौकरी कर रहा होगा उसके हिसाब से दबंग दुल्हन के पिता से रकम की माँग करते हैं। ऐसे में अगर कोई इंजीनियर दूल्हा 20 लाख रुपये नकद दहेज मांग रहा है तो दबंग दो लाख-दो लाख लेकर पकड़ुआ बियाह करा देते हैं। ऊपर से शादी के तामझाम का भी खर्च बचता है। इस तरह लड़की का पिता महज दो से ढाई लाख रुपये में अपने लिए इंजीनियर दूल्हा पा लेता है। शुरुआत में 5 से 10 हजार रुपये में लड़का उठाया जाता बाद में यह लाख-दो लाख रुपये तक पहुंच गया।
किसी करीबी या परिवार के लोग ही करवाते हैं पकड़ुआ बियाह
पकड़ुआ बियाह में दूल्हे को अगवा कराने में उसके किसी परिवार या रिश्तेदार का ही रोल होता है। करीबी या रिश्तेदार दूल्हे के शहर से गांव आने की पूरी विस्तृत जानकारी देता है। उसके बाद ही दबंग समय और परिस्थिति देखकर युवक का अपहरण करते हैं। शादी होने के बाद दुल्हन को ससुराल में स्थापित कराने में भी उसी रिश्तेदार या करीबी का रोल होता है। क्योंकि जबरन शादी के बाद दुल्हन के साथ उसके ससुराल में क्या व्यवहार हो रहा है इसकी जानकारी वही दबंग तक पहुंचाता है।?
पकड़ुआ बियाह पर पुलिस क्यों नहीं करती कार्रवाई?
1970-80 के दशक में बिहार में आमतौर पर माना जाता था कि अगर लड़का इंटरमीडिएट की परीक्षा दे रहा है तो उसे सरकारी नौकरी हो ही जाएगी। इसलिए इंटरमीडिएट की परीक्षा देने के दौरान युवकों का सबसे ज्यादा अपहरण किया जाता और उसका पकड़ुआ बियाह करा दिया जाता। जानकारों का दावा है कि करीब-करीब पकड़ुआ बियाह सफल ही होते हैं। क्योंकि पकड़ुआ बियाह में आमतौर पर कच्ची उम्र के लड़कों को अगवा किया जाता है। शादी के बाद जबरन ही सही, कुछ दिन दुल्हन के साथ रहने से उन दोनों के बीच मानसिक रूप से भी पति-पत्नी का रिश्ता स्थापित हो जाता है। परिवार वालों को सामाजिक दबाव में समझाबुझा दिया जाता है। एकाध ही पकड़ुआ बियाह के मामले होते हैं जो थाने तक पहुंचते हैं। क्योंकि पकड़ुआ बियाह में लड़के को कुछ घंटों के लिए ही अगवा किया जाता है उसके बाद उसे ससम्मान दुल्हन के साथ उसके घर भेज दिया जाता है। समाज की सहभागिता के चलते पुलिस भी ऐसे मामलों में स्वेच्छा से खास दिलचस्पी नहीं लेती है।


पकड़ुआ बियाह के चर्चित मामले
1. पेशे से इंजीनियर विनोद कुमार की जबरन शादी का वीडियो साल 2017 के दिसंबर महीने में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। समाज और दबंगों के लाख डराने धमकाने के बाद भी विनोद ने इस शादी को मानने से इनकार कर दिया। विनोद ने पटना के परिवार न्यायालय में शादी की वैधता को चुनौती दी, जिस पर मई 2019 में प्रिंसिपल जज कृष्ण बिहारी पाण्डेय ने फ़ैसला देते हुए शादी को अमान्य ठहरा दिया।

2. साल 2013 में शेखपुरा जिले के रवीन्द्र कुमार झा के 15 साल के बेटे की शादी जबरन 11 साल की बच्ची से करा दी गई थी। रवीन्द्र कुमार झा ने इस शादी को मानने से इनकार किया तो लड़की वालों ने उनके परिवार के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस कर दिया था। हालांकि कोर्ट ने रवीन्द्र झा के परिवार को अग्रिम जमानत दे दी, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के चलते शादी को अमान्य करार देने से इनकार कर दिया।

3. दरभंगा जिले की रहने वाली कमला के पिता ने उसकी पकड़ुआ बियाह कराया था। सामाजिक दबाव में ससुराल वालों ने कमला को अपना तो लिया लेकिन वह आज भी डरी सहमी रहती है। ससुराल की महिलाएं आए दिन ताने मार देती हैं। कमला मजबूरी में ऐसी जिंदगी जीने को मजबूर है।

4. सहरसा जिले के रहने वाले आलोक को मई 2012 में उसके दोस्त पार्टी का लालच देकर अपने साथ ले गए फिर बंदूक के बल पर मंडप पर बैठाया और पकड़ुआ बियाह करा दिया था।

5. इसी साल जून में बेगूसराय के तेघड़ा थाना क्षेत्र में शिवम कुमार को बिहट खेमकरणपुर पूर्वी टोला के रहने वाले यदुनंदन सिंह ने गांव के लोगों के साथ मिलकर अगवा कर लिया था। इसके बाद युदुनंदन अपनी बेटी प्रिया भारती से शिवम की जबरन शादी करवा रहे थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय दोनों पक्षों को समझा बुझाकर दोनों की शादी करवा दी।
पकड़ुआ बियाह का सबसे ज्यादा नुकसान किसे?
पकड़ुआ बियाह जैसे सामाजिक बुराई से सबसे ज्यादा लड़का लड़की को नुकसान उठाना पड़ता है। लड़की के पिता तो कम पैसे खर्च को बेटी की शादी अच्छी नौकरी या धन-संपदा से संपन्न युवक से करा देते हैं। सामाजिक दबाव में लड़के के परिवार वाले लड़की को अपना भी लेते हैं, लेकिन जीवनचर्या में उन्हें कितने ताने मारे जाते हैं इसका अनुमान नहीं लगाया जा सकता है। इतना ही नहीं, कई बार तो लड़की को पूरे जीवन काल में पति का ठीक से प्यार नसीब नहीं हो पाता है। वहीं लड़का भी ऐसी शादी के बाद मानसिक रूप से परेशान हो जाता है। कई बार वह दिल से पत्नी को कभी स्वीकार ही नहीं पाता है। ऐसी स्थिति में प्यार की डोर से बनने वाला पति-पत्नी का रिश्ते नफरत और डर पर स्थापित हो जाता है।
(साभार – नवभारत टाइम्स)

भूली -बिसरी यादें – 3

डॉ. एस. आनन्द

समय के पन्ने उड़ते गये और सन्मार्ग की धमक बढ़ती गई। उसके कुछ कालम तो इतने मशहूर हो गये कि लोग अखबार खोलकर पहले उसे ही पढ़ते यथा -लस्टम पस्टम, चकल्लस, भोजपुरी लस्टम पस्टम, लाल बुझक्कड़, और सारे साप्ताहिक पृष्ठ। रविवारीय परिशिष्ट का तो कोई जवाब ही नहीं था। रुक्म जी ने बैताल कथा और तेनालीराम की कथा, बाल मंडल में खुद लिखते थे जो बच्चों के साथ हर उम्र के लोग बड़े चाव से पढ़ते थे। सन्मार्ग की बेबाक संपादकीय जिसे उस समय आदरणीय रमाकांत उपाध्याय लिखते थे, काफी चर्चित थी।
उस समय सन्मार्ग में कर्मचारियों के बीच जो एका भाव था वह काबिले तारीफ था। सभी एक दूसरे के सुख-दुख के सहभागी थे। रात में ड्यूटी करने वाले संपादकीय विभाग के सारे सदस्य मिल बांटकर खाना खाते थे। इस मामले में भाई हरिराम पांडेय बेजोड़ थे। एक वाकया याद आ रहा है। पांडेय जी चार डब्बों वाला अपना टिफिन बॉक्स लाते थे और आधा किलो दूध यादव टी स्टॉल से मंगाते थे। एक दिन जब उन्होंने अपना सारा टिफिन खाली कर दिया और दूध भी लिए तो रमाकांत उपाध्याय जी ने कहा-आज मैं तुम्हारे लिए 2 किलो दूध मंगवाता हूं, उसे पीकर और बिना लैट्रिन गये, पचाकर दिखाओ तो जानूं कि तुम खाने और पचाने में अव्वल हो। पांडेय जी ने उनकी चुनौती स्वीकार कर ली और 2 किलो दूध गटक कर सो गए। रमाकांत जी रात भर निगरानी करते रहे मगर पांडेय जी उठे तो सुबह 6 बजे ही। उसके बाद किसी ने भी उनसे खाने पीने की कोई शर्त नहीं लगाई।
रमाकांत जी और पांडेय जी में अक्सर हंसी मजाक होता था। कभी कभी तो यह उग्र भी हो जाता और बोलचाल भी कुछ लमहों के लिए बंद हो जाती मगर यह उपाध्याय जी को बहुत देर तक नहीं रोक पाती। वह कुछ ऐसा व्यंग्य तीर चलाते कि पांडेय जी के साथ हम सभी हंस पड़ते और फिर माहौल खुशनुमा हो जाता।
पांडेय जी सिर्फ खाते ही नहीं थे, उनके हाथों में काफी ताकत भी थी। नवरात्र की अष्टमी तिथि को मैंने कुछ फलों के साथ एक समूचा नारियल प्रसाद के रूप में घर से आफिस ले गया था। फल तो यारों में बंट गया मगर नारियल टूटे कैसे? सभी उधेड़बुन में थे। कोई कहता छत पर रखकर हथौड़े से तोड़ दिया जाये तो कोई कहता जमीन पर पटक कर फोड़ दिया जाये। इसी दौरान पांडेय जी आए और सबकी बातें सुनकर उन्होंने एकबारगी नारियल को अपने हाथ में लिया, टेबल पर रखे और दाहिने हाथ से उस पर ऐसा मारा कि वह तीन टुकड़े हो गया। हम सभी हतप्रभ रह यह देखते रह गए। ऐसा विंदास जीवन जीने वाले थे हरिराम पाण्डेय जी। आज हमारे बीच वे नहीं हैं। काल ने उन्हें छीन लिया हमसे मगर उनकी बहुत सारी स्मृतियां आज भी हमारे मन-मस्तिष्क में यों ही दबी पड़ी हैं। रुक्म जी के बाद पांडेय जी ही रविवार के परिशिष्ट का संपादन करते थे। मैं तो बस इतना ही कहूंगा-
आप तो चले गए दुनिया को छोड़कर
पर आपकी यादें तसव्वुर में बसी हैं।

अपने समय की विदुषी कवयित्री थीं रत्नकुँवरि बीबी

प्रो. गीता दूबे

सभी सखियों को नमस्कार। सखियों आज मैं आपको रत्नकुँवरि बीबी की कथा सुनाऊंगी। इनका जन्म मुर्शिदाबाद के प्रसिद्ध जगत सेठ घराने में हुआ था। वह अत्यंत विदुषी स्त्री थीं और कविताएँ लिखती थीं। राजा शिवप्रसाद “सितारे हिंद” उनके पोते थे। उनका परिचय स्वयं उनके पोते की जुबानी जानिए जो अपनी दादी को सम्मानपूर्वक याद करते हुए लिखते हैं- “वह संस्कृत की बड़ी पंडिता थीं। छहों शास्त्रों की वेत्ता। फारसी भाषा भी इतनी जानती थीं कि मौलाना रूमी की मसनवी और दीवान शम्स तबरेज जब कभी भी हमारे पिता पढ़कर सुनाते तो उसका संपूर्ण आशय समझ लेती थीं। गाने- बजाने में अत्यंत निपुण थीं। चिकित्सा यूनानी और हिन्दुस्तानी दोनों प्रकार की जानती थीं। योगाभ्यास में परिपक्व थीं। यम -नियम और वृत्ति ऋषियों और मुनियों की सी थी। सत्तर वर्ष की अवस्था में भी बाल काले थे तथा आँखो की ज्योति बालकों सी थी। वह हमारी दादी थीं। इससे हमको अब उनकी अधिक‌ प्रशंसा लिखने में लाज आती है। परंतु जो साधु संत और पंडित लोग उस समय के उनको जानने वाले काशी में वर्तमान हैं वे सब उनके गुणों को अद्यावधि स्मरण करते हैं।” इस उद्धरण से यह स्पष्ट होता है कि वह अत्यंत ज्ञानी और गुणवती महिला थीं। स्वास्थ्य संबंधी नियमों का पालन करते हुए स्वस्थ और खुशहाल जीवन जीती थीं। बेटों और पोतों के सानिध्य में उन्होंने खुशहाल और लंबा जीवन जीया एवं वृद्धावस्था में साधु-संतों की संगति में, भगवद्भक्ति में जीवन बिताया।
काव्य रचना में इनकी रूचि थी। इनके जीवनकाल में तो इनका कोई ग्रंथ प्रकाशित नहीं हुआ लेकिन इनके पोते राजा शिवप्रसाद “सितारे हिंद” ने संवत 1945 में इनका एक ग्रंथ “प्रेम- रत्न” प्रकाशित करवाया। कुल 76 पृष्ठों की इस पुस्तक में दोहा और चौपाई छंदों में श्रीकृष्ण की लीलाओं का सरस वर्णन किया गया है। इसमे कृष्ण के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों का जीवंत वर्णन हुआ है। इन छंदों को पढ़ते हुए इनकी विद्वता और काव्य कौशल का आभास सहजता से हो जाता है। दोहा छंद में ब्रज की प्राकृतिक सुषमा के वर्णन के साथ ही कृष्ण के मथुरा गमन के पश्चात ब्रज वासियों की स्थिति, उनकी विरह-व्यथा का मार्मिक वर्णन प्रस्तुत उद्धरण में हुआ है-
“वरन वरन वन तंबुवन दीनो तान वितान।
अति फूले फूले फिरत, डेरा परत न जान।।
जबते मथुरा तन चितै, तजि ब्रज-जन यदुनाथ।
विरह- विथा बृज में बढ़ी, तहँ सब भये अनाथ।
प्रिय तीरथ कुरुखेत सब, आए ग्रहण नहान।
यदुपति राधा गोप गण, नन्दादिक वृषभान।।
गोप एक नटभेष सजि आयो बीच बजार,
तहँ खरभर लशकर परयो, सो अति रह्यो निहार।।
इक यादव हँसिके कह्यो, कहाँ तुम्हारो बास।
अति सुन्दर तन छबि बनी, नाम कहहूँ परकास।।
तब उनहू कहि तुम कहहू, काके सँग कित ठाऊँ।
द्वारावति -पति कटक यह, कह्यो यदुव निज नाउँ।।
सुनत द्वारका नाम तिहि, लियो बिरह उर छाय।
हा नँद- नंदन कंत कहि, गयो ग्वाल मुयझाय।।
अब एक उदाहरण चौपाई छंद में रचित कविता का भी देखिए जिसमें कृष्ण के प्रताप और महात्म्य का वर्णन है। भक्तवत्सल कृष्ण अपने भक्तों की सभी कामनाएँ पूरी करते हैं और विपत्ति के समय उनकी रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। ऐसे भगवान कृष्ण की महिमा का बखान रत्नकुँवरि बीबी ने पूरे भक्ति भाव से किया है-
“भक्ताधीन विरद प्रभु केरे, गावत वाणी वेद घनेरे।
संतत रहत भक्त के पासा। पुरवत हैं प्रभु तिनकी आसा।।
जे सप्रेम प्रभु सों मन लावै। तिनको कबहूँ नहिं बिसरावै।।
ग्राह- ग्रसित गजराज छुड़ाए। गरुड़ छाँड़ि तहँ आतुर धाए।।
पुनि प्रभु पाण्डव जरत बचायो। द्रुपद- सुता को बसन बढायो।
अजामील यम ते रखि लीन्हों। भजन प्रताप ध्रुवहिं वर दीन्हों।।
जन प्रहलाद अभय करि थाप्यो। ताही बार न बारहु व्यापो।।
जे जन मन ते ध्यावहिं जैसे। ताकहुँ प्रभु फल देते तैसे।।
बीबी रत्नकुँवरि के पदों में कृष्ण भक्ति में डूबे उद्गार अत्यंत सरस और सहज भाव से अभिव्यक्त हुए हैं। कुछ आलोचकों का यह मानना है कि अवधी भाषा में सिर्फ रामकाव्य की रचना ही हुई है लेकिन अवधी भाषा में विरचित “प्रेम-रत्न” के पद इस बात के प्रमाण हैं कि अवधी भाषा में सरस और सशक्त कृष्ण काव्य भी रचा गया। कृष्ण की भक्ति और उनके प्रेम में आपाद मस्तक डूबे ब्रजवासियों के प्रेम विह्वल ह्दय के भावों -अनुभावों का वर्णन बीबी रत्नकुँवरि ने सफलतापूर्वक किया है। दोहा छंद में वर्णित एक प्रसंग देखिए जिसमें कृष्ण के आने की सूचना पाकर सब लोग आनंद में भरकर अपनी सुधबुध खो बैठे हैं-
“भये मगन सब प्रेम रस, भूलि गये निज देह।
लघु दीरघ बै नारि नर, सुमिरत श्याम-सनेह।।
कहत परस्पर युवति मिलि, लै लै कर अँकवार।
प्रीतम आये का सखि, तन साजहुँ शृंगार।।
जब गोपियाँ इतनी मगन हैं तो राधा की दशा तो सबसे अलग होगी ही, राधा की मार्मिक अवस्था का वर्णन कवयित्री ने अत्यंत निपुणता से किया है-
“तहँ राधा की कछु दशा, वर्णत आवै नाहि।
मलिन वेश भूषण रहित, विवस रहित मन माहिं।।
कबहुँ मुरझावत बिरह-वश, पीत वरण ह्व जाय।
कबहुँ व्यापत अरुणता, प्रेम मगन मुंद छाय।।
कान्ह-कान्ह कबहूँ कहत, कबहूँ रटत निज नाम।
मौन साधि रहि जात जब, श्रमित होत निज बाम।।
चख चितवत जित तित हरि, श्रवण मुरलि धुनि-लीन।
श्याम बास बसि नाक मणि, रूप -पयोनिधि मीन।।
तन मध धन गृह जनन की, नेकहु सुधि तिहि नाहिं।
चितवत काहू नहिं दृगन, लगन लगी उर माहिं।।”
रत्नकुँवरि बीबी ने सफल एवं आनंदमय पारिवारिक जीवन जीते हुए कृष्ण भक्ति से परिपूरित सुंदर और भावप्रवण काव्य की रचना की। ये पद पाठकों के ह्दय और मस्तिष्क दोनों पर सहजता से अपनी छाप छोड़ते हैं। चूंकि उस समय की स्त्रियों में अपनी कविता के प्रति सजगता का अभाव था , संभवतः इसीलिए लंबी आयु प्राप्त करने और सुखी जीवन जीनेवाली बीबी रत्नकुँवरि की रचनाएँ उनके जीवन काल में प्रकाशित नहीं हो पाईं होंगी। साहित्यिक अभिरुचि संपन्न पारिवारिक परिवेश ने जहाँ उन्हें काव्य रचना के लिए प्रेरित किया वहीं साहित्य प्रेमी पौत्र ने उनकी रचनाओं को दुनिया के सामने लाकर अपने पारिवारिक और सामाजिक दायित्व का निर्वाह किया अन्यथा कालांतर में उनकी रचनात्मक प्रतिभा से साहित्यिक जगत अनिभिज्ञ ही रहता। अब भी गहन शोधकर्ताओं को छोड़ दें तो बहुत से लोग इनके नाम और साहित्यिक अवदान से अपरिचित ही हैं। रत्नकुँवरि बीबी जैसी न जाने कितनी स्त्री रचनाकारों की रचनाएँ काल के गाल में समा गई होंगी क्योंकि उन्हें प्रकाशन का सौभाग्य नहीं मिला।

 

 

 

 

गुरु की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाली कालीबाई

ऐतिहासिक पटल पर गांव रास्तापाल, जिला डूंगरपुर, राजस्थान की पहचान अमर शहीद वीर बाला कालीबाई के नाम से की जाती है। आदिवासी समुदाय भील के सोमा भाई के घर में वीर काली बाई का जन्म जून 1935 में माता नवली की कोख से हुआ। मात्र 12 वर्ष की उम्र में इस क्रांतिकारी बाला ने 19 जून 1947 को जागीरदारों व अंग्रेजों के शोषण के विरूद्ध बहादुरी की एक जोरदार मिसाल कायम कर आदिवासी समाज में शिक्षा की अलख जगाई।

बलिदान की इस महान घटना के समय डूंगरपुर रियासत के शासक महारावल लक्ष्मण सिंह थे और वे अंग्रेजों की हुकूमत की सहायता से अपना राज्य चलाते थे। उस समय के महान समाजसेवी श्री भोगीलाल पंड्या के तत्वाधान में एक जन आंदोलन चलाया गया जो समाज में फैली कुरीतियों को मिटाने तथा शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य करने लगा। डूंगरपुर रियासत के गांव गांव में क्षेत्रीय स्तर पर स्कूल खोले गये उनमें भील, मीणा, डामोर और किसान वर्ग के बालकों को शिक्षा दी जाती थी तथा शिक्षा का प्रचार प्रसार किया जाता था। पाठशाला में आसपास के बालक अध्ययन करने के लिए आने लगे। जब महारावल लक्ष्मण सिंह को इन गतिविधियों का पता चला तो उन्होंने एवं उनके सलाहकारों ने सोचा कि यदि भील और मीणों के बच्चे पढ़ गए, इनको ज्ञान हो गया, शिक्षित हो गए तो मेरे लिए भयंकर परेशानी पैदा हो जाएगी क्योंकि पढ़ने के बाद ये सब अपना अधिकार मांगने लग जायेंगे और इनमें जागृति पैदा हो जाएगी। इस सोच के चलते लक्ष्मण सिंह ने पाठशाला संचालन को रोकने के लिए सन् 1942 में कानून बनाकर पाठशालाओं को बंद करने की योजना बनाई। उन्होंने मजिस्ट्रेट नियुक्त किया और मजिस्ट्रेट ने जगह जगह जहां जहां भील मीणाओं के गांवों में स्कूल खुले हुए थे उनको अभियान चलाकर बंद करवाने लगे । अभियान को सफल बनाने के लिए पुलिस और सेना की भी मदद ली गई। इसी के तहत रास्तापाल की पाठशाला बंद करवाने हेतु एक मजिस्ट्रेट, एक पुलिस अधीक्षक और एक ट्रक भरकर पुलिस व सैनिकों को उस गांव में भेजा गया।

रास्तापाल में नानाभाई खांट गाँव के बालक बालिकाओं को अपने घर बुलाकर विद्या अध्ययन कराते थे। इस पाठशाला में उनका सहयोग देने के लिए अध्यापक के रूप में गांव बेड़ा मारगिया के सेंगा भाई भी अपनी सेवा देते थे। पाठशाला के सभी खर्चे नानाभाई खांट वहन करते थे। राजकीय आदेशों के बाबजूद भी इन्होनें पाठशाला में पढ़ाना जारी रखा। 19 जून 1947 को जब पुलिस नानाभाई खाट की पाठशाला पर पहुंची तब वहां नानाभाई खांट और अध्यापक सेंगा भाई दोनों उपस्थित थे। पुलिस ने दोनों को कमरे में बंद कर बंदूकों के कुंदों से मारना पीटना शुरू कर दिया तथा मजिस्ट्रेट ने नानाभाई को स्कूल में ताला लगाने के लिए कहा। नाना भाई ने ताला लगाने से मना कर दिया तथा चाबी नहीं देने पर सैनिक उन दोनों को ट्रक के पीछे रस्सी से बांधकर घसीटने की तैयारी करने लगे।

अध्यापक सेंगाभाई को पुलिस के द्वारा घसीटा जा रहा था, मजिस्ट्रेट ने पुलिस को सख्त आदेश दे दिए कि जबरदस्ती स्कूल के ताला लगा दिया जाये। नानाभाई और सेंगाभाई ने उनका पुरजोर विरोध भी किया एवं बदले में पुलिस ने उन दोनों पर लाठियां बरसाना शुरू कर दिया। इस घटना से रास्तापाल में वारी सांगी ढोल बजे उठे। यही नहीं, ये वारी ढोल पाल गंदवा, झौथरी, भींडा और अनेक गांवों में बजे और वहां से लोग आने लगे। आसपास के भील मीणाओं ने अपने गुरु जी सेंगाभाई और नानाभाई खांट को छुड़ाने के लिए अपने तरह-तरह के विधान अपनाये। अपने लोगों को बुलाना शुरू कर दिया। क्षेत्र के आसपास के सभी आदिवासियों ने जगह-जगह रास्तों को बंद कर नाकेबंदी कर दी। हजारों की संख्या में नर और नारी अस्त्र शस्त्रों सहित रास्तापाल में प्रवेश करने लगे। आदिवासियों ने जब अपने गुरु जी को पुलिस के द्वारा बंदूकों के बट द्वारा पिटते हुए, कोड़े खाते हुए देखा, तो वे भी दर्द से छटपटा रहे थे। पुलिस उनको बेरहमी से पीट रही थी। असहनीय पीड़ा से नाना भाई ने अपने प्राण त्याग दिए तथा उनके साथी सेगांभाई बेहोश हो गए थे परंतु फिर भी पुलिस के द्वारा उन पर बेतहाशा ज़ुल्म ढाए जा रहे थे। ट्रक के पीछे पुलिस के द्वारा एक रस्सी बांधी गई थी और उस रस्सी के एक सिरे पर सेंगाभाई को कमर से बांध रखा था तथा दूसरा सिरा ट्रक से बांध रखा था। जब यह दृश्य लोगों ने देखा तो वे बहुत अचंभित हुए और उन्हें बहुत दुख भी हुआ लेकिन किसी की भी हिम्मत नहीं हुई जो पुलिस के खिलाफ आवाज उठा सके। सभी लोग एक-दूसरे का मुंह ताक रहे थे और देख रहे थे कि कौन आगे आए, कौन आगे आए, उपस्थित जनसमूह को देखकर वहां के राज अधिकारी घबरा भी रहे थे कि यह भीड़ हमारे ऊपर टूट पड़ी तो हमारी बोटी बोटी को नोच लेगी।

पुलिस की गाड़ी सेंगाभाई को घसीटती चली जा रही थी और उसे बहरहमी से पीट रहे थे। सेंगाभाई हिम्मत करते हुए अपने लोगों को आवाज लगा कर उन्हें उलाहना दे रहे थे कि अरे तुम्हारी वीरता कहां गई? तुम्हारा जोश कहां गया? परंतु उन्हें बचाने की किसी की भी हिम्मत नहीं हुई। तभी अचानक सिर पर घास की गठरी और हाथ में दांतली लिये बिजली की तरह प्रवेश करते हुए एक 12 वर्षीय बालिका ने अपने अदम्य साहस का परिचय दिया तथा उस भीड़ को चीरते हुए सभी लोगों को जोश भरी आवाज से डांटते हुए आगे बढ़ी और पुलिस अधिकारियों से पूछा कि इन दोनों को किस कारण पकड़ा गया है? पुलिस अधिकारी पहले तो चुप रहे पर जब काली बाई ने बार-बार पूछा तो उसने बता दिया कि महारावल के आदेश के विरुद्ध विद्यालय चलाने के कारण इन्हें गिरफ्तार किया जा रहा है। काली बाई ने कहा कि विद्यालय चलाना अपराध नहीं है, गोविंद गुरु जी के आव्हान पर गांवों में विद्यालय खोले जा रहे हैं। वो कहते हैं कि शिक्षा ही हमारी विकास की कुंजी है, पुलिस अधिकारी ने उस आदिवासी बालिका को इस प्रकार बोलते देखा तो वह बौखला गया। पुलिस अधिकारी ने कहा कि विद्यालय चलाने वालों को गोली मार दी जाएगी तब काली बाई ने कहा तो सबसे पहले मुझे गोली मारो। इस वार्तालाप से गांव वाले भी उत्साहित होकर महारावल के विरुद्ध नारे लगाने लगे। इस पर पुलिस अधिकारी ने ट्रक चलाने का आदेश दिया। रस्से से बंधे सेंगाबाई को घसीटते देखकर कालीबाई क्रोध में आ गई, जो गुरुजी उनको प्रतिदिन विद्या अध्ययन कराते थे, उनको पढ़ाते थे, अपने मास्टर जी की यह दुर्दशा देख कर कालीबाई पुलिस की गाड़ी के पीछे दौड़ी तथा जोर-जोर से चिल्लाने लगी कि मेरे मास्टर जी को छोड़ दो, इन्हें क्यों घसीट रहे हो ? इनको कहां ले जा रहे हो? इनको क्यों मार रहे हो ? ऐसे कहते कहते वह अपनी तेज गति से आगे बढ़ती है और गाड़ी के पीछे दौड़ते हुए उसके पास पहुंच जाती है तथा अपने हाथ की दांतली से उस रस्सी को काटना चाहती है। परंतु उस बाला को क्या पता था कि जागीरदारों और अंग्रेजो की पुलिस इतनी निर्दय थी कि वह एक बालिका पर भी गोली चला सकती थी। जब वह गाड़ी के नजदीक पहुंची तो पुलिस ने उनकी गाड़ी को रोक दिया तथा उस वीर बाला कालीबाई को डराया धमकाया और वापस लौट जाने के लिए कहा। परंतु वह कालीबाई एक वीरबाला थी जिसके मन में जोश था और अपने गुरु जी को पुलिस के द्वारा पीटते हुए देखकर उसका खून खौल उठा था, उसने पुलिस की एक नहीं सुनी और अपने मास्टरजी को बचाना चाहती थी और उस रस्सी को जोश भरे हाथों से एक ही झटके में काट दिया, उधर पुलिस वाले बंदूकों को ताने खड़े थे। परंतु कालीबाई ने उनकी बंदूकों और गोलियों की कोई परवाह नहीं की।

छोटी सी बालिका के हौसले को कई महिलाओं ने देखा, सभी ने जोश भरी आवाज में चिल्लाई और जब रस्सी कट गई तो अन्य लोग भी सेंगा भाई के पास आकर खड़े हो गए। सेंगाभाई बेहोश थे। बालिका ने एक महिला से जोश भरी आवाज में कहा कि देखते क्या हो, मेरे गुरुजी के प्राण खतरे में हैं दौड़कर पानी लेकर आओ। जब बालिका का यह तेज और हट पुलिस ने देखा तो पुलिस को बहुत ही गुस्सा आ गया तथा सैनिकों ने उस नन्ही बालिका के ऊपर गोलियों की बौछार कर दी। गोलियां लगने से कालीबाई ने अपने गुरूजी के लिए बलिदान कर दिया तथा अपने नाम को अजर अमर कर दिया। काली बाई के साहस ने भील आदिवासियों की आंखें खोल दी और उन्होंने मारू ढोला बजा दिया भील आदिवासी पुलिस पर आक्रमण करने को तैयार हो गए। पुलिस को मालूम था कि मारू ढोल की आवाज मारने मरने का संकेत है इसलिए वे सब वहां से तुरंत गाड़ी में सवार होकर भाग लिए। इस प्रकार वीर बाला कालीबाई ने अपने बलिदान से सेंगा भाई को बचा लिया और उसने अपने गुरु को बचाकर गुरु शिष्य की इस दुनिया में एक पहचान कायम की और आज कालीबाई के नाम को लोग बहुत ही श्रद्धा के साथ याद करते हैं कि वीर बाला कालीबाई ने अपने प्राण गंवाकर अपने गुरु जी के प्राण बचाए। गुरु शिष्य के ऐसे अनूठे उदाहरण इतिहास में बहुत ही कम मिलेंगे। इसके उपरांत, नानाभाई का शव व घायल कालीबाई और अन्य गांव वालों को चारपाई पर रखकर डूंगरपुर लाया गया। वहां उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। परंतु कालीबाई लगभग 40 घंटे तक इलाज कराने के उपरांत भी नहीं बच पाई।

आधुनिक युग में काली बाई ने जो किया वह बहादुरी की एक अनूठी मिसाल थी। 19 जून 1947 को वीर बाला कालीबाई ने जो साहस और बलिदान की मिशाल कायम की वह हमेशा याद रहेगी। उसके बलिदान से आदिवासीयों में नई चेतना जागी तथा काली बाई के नाम पर डूंगरपुर जिले में एक पार्क बनाया गया। पार्क में कालीबाई की प्रतिमा स्थापित की गई। 19 जून को रास्तापाल गांव में मेले का आयोजन भी किया जाता है। इस दिन हजारों की संख्या में लोग एकत्रित होते हैं, रास्तापाल व आसपास के गांवों के लोग आते हैं, बच्चे बुजुर्ग सभी शहीदों की प्रतिमा के सम्मुख खड़े होकर उनको श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए अपने शहीदों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते है।

(साभार – अरावली विचार मंच)