कोलकाता । द हेरिटेज स्कूल के पूर्व छात्र ने यूपीएससी 2020 की मेधा सूची में जगह बनायी है। स्कूल के पूर्व छात्र ऐश्वर्य उपाध्याय ने यूपीएससी 2020 की अंतिम मेधा सूची में 29वाँ स्थान प्राप्त किया है। ऐश्वर्य की नियुक्ति सेन्ट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्सेज में असिस्टेंट कमाडेंट के पद पर हुई है। इस पद के लिए लाखों आवेदकों ने आवेदन किया था। ऐश्वर्य की सफलता को लेकर हेरिटेज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, कोलकाता के सीईओ पी.के. अग्रवाल ने उसे बधाई दी और इसे हेरिटेज परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया।
ऐश्वर्य ने यूपीएससी परीक्षा में सफलता के लिए कुछ बातें बताएँ, जो यह रहीं –
सफलता के लिए योजना बनाएं।
3 से 4 बार पाठ को दोहराएं
समय प्रबन्धन का ध्यान रखें। यह बहुत महत्वपूर्ण है।
शारीरिक परीक्षा के लिए कड़ी मेहनत करें।
परीक्षा के चरणों के अनुसार ध्यान केन्द्रित करें।
द हेरिटेज स्कूल के पूर्व छात्र ने यूपीएससी 2020 में पाई सफलता
यूनेस्को की वेबसाइट पर अब हिंदी में प्रकाशित होगा भारतीय धरोहर स्थलों का विवरण
विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर यूनेस्को भारत के विश्व धरोहर स्थलों के हिंदी विवरण को अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित करने पर सहमति व्यक्त की है। बता दें कि यह जानकारी सोमवार को पेरिस में भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल द्वारा संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) को साझा की गई। बयान में कहा गया, ‘भारत के स्थायी प्रतिनिधिमंडल को यह घोषणा करते हुए बहुत खुशी हो रही है कि विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर वर्ल्ड हेरिटेज सेंटर के निदेशक ने हमें सूचित किया है कि यूनेस्को का वर्ल्ड हेरिटेज सेंटर भारत के यूनेस्को विश्व धरोहर स्थलों के हिंदी विवरण को डब्ल्यूएचसी पर प्रकाशित करने के लिए सहमत हो गया है। हम इस ऐतिहासिक फैसले का स्वागत करते हैं।
हिंदी हमारे ज्ञान और संस्कृति के प्रसार में काफी अहम भूमिका निभा रही है- पीएम मोदी
विश्व हिंदी दिवस के मौके पर विदेश मंत्रालय की तरफ से एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस कार्यक्रम में पीएम मोदी व विदेश मंत्री एस जयशंकर भी शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिंदी हमारे ज्ञान और संस्कृति के प्रसार में काफी अहम भूमिका निभा रही है।
हिंदी को वैश्विक मंच पर ले जाने का लक्ष्य
पीएम ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में हिंदी के बढ़ते उपयोग के साथ-साथ युवाओं के बीच इसकी लोकप्रियता इसके लिए एक उज्ज्वल भविष्य प्रस्तुत करती है। वहीं, जयशंकर ने अपने संदेश में कहा कि हम सब मिलकर हिंदी को वैश्विक मंच पर ले जाने के अपने लक्ष्य की ओर लगातार बढ़ रहे हैं। वहीं, विदेश राज्यमंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि सरकार ने विदेशी में भारत की भाषा, संस्कृति और पढ़ाई को आगे बढ़ाने के लिए 50 पद स्थापित किए हैं। इनमें 13 पद हिंदी के प्रसार के लिए बनाए गए हैं। लेखी ने कहा कि हिंदी भाषा 100 देशों के 670 शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई जाती है।
खोए हुए सामान को ट्रैक करने के लिए रेलवे का मिशन अमानत
पश्चिम रेलवे ने किया ट्वीट
अब से रेल यात्रियों को यात्रा के दौरान अपने सामान की चिंता करने की जरूरत नहीं है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों के खोए हुए सामान को ट्रैक करने के लिए नई पहल शुरू की है। नई पहल के तहत यात्री अपने खोए हुए सामानों को आसानी से ट्रैक कर सकता है और उन्हें वापस पा सकता है। रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स यात्रियों के साथ-साथ उनके सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इस दिशा में आरपीएफ ने ‘मिशन अमानत’ की शुरुआत की है, जिससे रेल यात्रियों को अपना खोया हुआ सामान वापस मिलना आसान हो गया है।
पश्चिम रेलवे ने अपने ट्वीट में कहा, यात्रियों को अपना खोया हुआ सामान वापस पाना आसान बनाने के लिए पश्चिम रेलवे के आरपीएफ ने एक नई पहल की है. मिशन अमानत पहल के तहत फोटो के साथ खोए हुए सामान का विवरण पश्चिम रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर पोस्ट किया जाता है. यात्री मिशन अमानत- आरपीएफ वेबसाइट https://wr.indianrailways.gov.in पर पोस्ट किए गए चित्रों के साथ खोए हुए सामान का विवरण देख सकते हैं।
2.58 करोड़ रुपये मूल्य के सामान हुए वापस
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, वर्ष 2021 के दौरान, जनवरी से दिसंबर तक पश्चिम रेलवे जोन के रेलवे सुरक्षा बल ने कुल 1,317 रेल यात्रियों से संबंधित 2.58 करोड़ रुपये मूल्य का सामान बरामद किया और उचित वेरिफिकेशन बाद उन्हें उनके असली मालिकों को वापस कर दिया. पश्चिम रेलवे का रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स ऑपरेशन ‘मिशन अमानत’ के तहत रेल यात्रियों को यह सेवा प्रदान करता रहा है।
यात्रियों को सेफ, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए पश्चिमी रेलवे आरपीएफ चौबीसों घंटे काम करता है। आरपीएफ ने अपराधों का पता लगाने के लिए निवारक उपायों के साथ-साथ देश भर में फैले रेलवे की विशान संपत्ति की सुरक्षा की जिम्मेदारी का निवर्हन सफलतापूर्वक किया है।
प्रीत चंडी बनी दक्षिणी ध्रुव पर अकेले पहुंचने वाली पहली अश्वेत महिला
ब्रिटिश मूल की सिख आर्मी ऑफिसर प्रीत चंडी पहली अश्वेत महिला बन गयी हैं जो अकेले दक्षिणी ध्रुव माइनस से -50 डिग्री तापमान पर यात्रा करके (दक्षिणी ध्रुव की एकल यात्रा) लौटी है। इतिहास रचने वाली प्रीत ने अपनी यात्रा का आरम्भ अंटार्कटिका के हरफ्यूलिस इनलेट से शुरू किया था। सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ हफ्ते उन्होंने अंटार्टिका में अकेले स्कीइंग करते हुए बिताए। इस बारे में प्रीत ने अपने ब्लॉग पर अपना अनुभव बांटते हुए लिखा,’ मैं अभी बहुत सारी भावनाओं को महूसस कर रही हूं।’
प्रीत चंडी की उम्र मात्र ३२ साल है। प्रीत ने सीएनएन को दिए साक्षात्कार में बताया कि उन्हें उम्मीद है कि उनका साहसिक काम दूसरों को अपनी सीमाओं को आगे बढ़ने और खुद पर भरोसा करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। उन्होंने अपनी यात्रा का अनुभव साँझा करते हुए कहा,” अंटार्किटका पृथ्वी पर सबसे ठंड, ऊंचा, शुष्क और हवा वाला महाद्वीप है। वहां कोई भी स्थायी तौर पर नहीं रहता है। इतना ही नहीं वहां का तापमान माइनस 50 डिग्री से भी नीचे जला जाता है।”
साहसी प्रीत चंडी ने आगे कहा,’ जब मैंने पहली बार इस ट्रिप की प्लानिंग की तो मुझे इस महाद्वीप के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। पर मैं वहां जाना चाहती थी। इससे पहले मैंने लगभग ढाई सालों तक इसके लिए खुद को तैयार किया।” अपने लक्ष्य को पूरा करने के लिए उन्होंने फ्रेंच आल्प्स में क्रेवास से ट्रेनिंग ली। अपनी यात्रा को सफल बनाने के लिए उन्होंने आइसलैंड के लैंगजोकुल ग्लेशियर में ट्रेकिंग की और ग्रीनलैंड में आइस कैप में लगभग 27 दिनों तक बिताए। इस दौरान उन्होंने चुनिंदा लोगों से ही संपर्क रखा। इतिहास रचने वाली प्रीत ने बताया,’ इनमे वो लोग थे उनके ब्लाग और इंस्टाग्राम को अपडेट करते थे।’ बता दें कि अपने मिशन को पूरा करने के बाद प्रीत को चारो ओर से मुबारकबाद मिल रही है।
ब्रेक लें..खुद को समय दें और इस तरह करें अपने समय का सही इस्तेमाल
घर और दफ़्तर का काम करने के दौरान विराम लेना बहुत ज़रूरी है। इससे तनाव दूर होता है और काम को बेहतर तरीके से पूरा करने की प्रेरणा मिलती है। जब हम काम से चंद मिनट का आराम लेते हैं, तो इस विराम को ‘मी टाइम’ की तरह इस्तेमाल करें, यानी मोबाइल या टीवी पर नज़रें गड़ाने के बजाय ख़ुद के लिए और ख़ुद के साथ समय बिताएं। काम के बीच निकाले हुए समय को कैसे इस्तेमाल कर सकते हैं,
जब ब्रेक 5 मिनट का हो…
अगर आप घर पर हैं, तो फल, हरी सब्ज़ियों का सलाद और सूखे मेवे खा सकते हैं। इससे ऊर्जा मिलेगी और मस्तिष्क क्रिया बेहतर होगी।
आप जो काम कर रहे हैं, उससे नज़रें हटाएं और कोई पसंदीदा आर्टिकल पढ़ें। अगर कोई किताब पढ़ रहे हैं, तो उसका एक भाग भी पढ़ सकते हैं। ये घर और दफ़्तर दोनों जगह कर सकते हैं।
घर हो या दफ्तर, लगातार काम कर रहे हैं, तो पांच मिनट के विराम में अपने हाथों और गर्दन को मसाज दें। इससे रक्त प्रवाह सही रहेगा और तनाव कम होगा।
दिमाग़ी कसरत के लिए पहेलियां सुलझा सकते हैं या ब्रेन गेम्स खेल सकते हैं, जैसे कि सुडोकू, रूबिक क्यूब या वर्ग पहेली आदि।
जब ब्रेक 10 मिनट का हो…
दफ़्तर में लगातार बैठे रहना सेहत के लिए सही नहीं है। बीच-बीच में टहलना भी ज़रूरी है। अगर दस मिनट का ब्रेक ले सकें, तो कॉफी मशीन से कॉफी या चाय ख़ुद तैयार करें और खुले स्थान पर खड़े होकर पिएं। इसे घर पर भी किया जा सकता है।
इस अंतराल में दफ़्तर या घर की अलमारी या दराज साफ़ कर सकते हैं। अतिरिक्त और व्यर्थ सामान छांटकर ठीक और व्यवस्थित कर सकते हैं।
किसी शख़्सियत के प्रेरणादायक वीडियो भी देख सकते हैं। इससे मन को सुकून मिलेगा, मानसिक थकान उतरेगी और काम को पहले से अधिक उत्साह से पूरा कर सकेंगे।
जब ब्रेक 15 मिनट का हो…
यदि पंद्रह मिनट का ब्रेक ले रहे हैं, तो इस समय को शारीरिक क्रिया में उपयोग करें। घर या दफ्तर में अकेले शांति में टहलें। इससे शारीरिक क्रिया हो जाएगी और ऊर्जा स्थिर रहेगी। पर टहलते वक़्त मोबाइल नज़रों से दूर रहे, यह भी सुनिश्चित करें।
व्यस्तता के बीच इस समय आप अपने क़रीबी या परिजन से फोन पर बात कर सकते हैं। पर इस दौरान भी खड़े रहें या टहलते रहें।
संगीत भी मन को शांत करने का सबसे अच्छा ज़रिया है। जब भी काम से विराम लें, तो पसंदीदा संगीत सुनें। बेहतर होगा कि खुली हवा में टहलते हुए अकेले संगीत सुनें।
अगर ब्रेक 30 मिनट का हो…
अगर घर में तीस मिनट निकाल रहे हैं, तो किसी एक व्यक्ति के साथ गेम्स खेल सकते हैं। ऐसे गेम्स जिसमें ध्यान लगाना हो जैसे कि कार्ड, बिज़नेस गेम, चेस आदि।
दफ्तर की कैंटीन या घर की बालकनी में अकेले बैठकर चाय की चुस्कियां लें, आसपास के लोगों पर ध्यान दें और उनकी गतिविधियों को ग़ौर से देखें। इससे आंखों की थकावट दूर होगी और काम पर बेहतर तरीक़े से ध्यान दे पाएंगे। साथ ही अगर आप पूरे सुकून और इत्मीनान के साथ समय गुज़ारना सीख गए, तो संतुलित मन:स्थिति के मालिक बन सकते हैं।
डिजिटल दोस्तों से बाहर निकलकर असल दोस्तों के साथ समय गुज़ारें। दफ़्तर में उनके साथ भोजन करें। अगर घर में हैं, तो हफ्ते में दो-तीन दिन दोस्तों के साथ भोजन की योजना बना सकते हैं।
(साभार – दैनिक भास्कर)
हरियाणा में खुला मेनोपॉज क्लिनिक…मेनोपॉज के प्रति जागरुकता जरूरी
मेनोपॉज….. हर महिला के जीवन से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पड़ाव और सच है। हर महिला इस दौर से चुप-चाप गुजरती हैं। महिलाएं मेनोपॉज से जुड़ी परेशानियों के बारे में बिना किसी से बात करे उन्हें झेलती हैं, नतीजन कुछ सालों में महिलाओं को ब्रेस्ट कैंसर, हार्ट अटैक और डिप्रेशन जैसी खतरनाक बीमारियां जकड़ सकती हैं। मगर इन सब परेशानियों के बीच महिलाओं के लिए एक काम की खबर यह है कि, हाल ही में हरियाणा में मेनोपॉज क्लिनिक खुला है। पढ़िए आखिर क्या है मेनोपॉज? इस दौरान महिलाओं को क्या होती है दिक्कतें?
क्या है मेनोपॉज? कितने साल रहती है परेशानी?
40 साल की उम्र पार करने के बाद जब महिला के पीरियड्स रुकने लगते हैं, इसे मेनोपॉज कहा जाता है। यह प्रक्रिया तीन स्टेज में होती है। प्री-मेनोपॉज, मेनोपॉज और पोस्टमेनोपॉज। जिसमें करीब 7 से 8 साल तक का समय लग जाता है। कुछ महिलाएं मेनोपॉज में अलग-अलग शारीरिक और मानसिक स्थिति से गुजरती हैं।
प्री-मेनोपॉज : जब महिला में एस्ट्रोजन हार्मोन की मात्रा कम होने लगती है, इसे प्री-मेनोपॉज कहा जाता है। यह आमतौर पर मेनोपॉज शुरू होने के चार से पांच साल पहले शुरू हो जाता है। इस दौरान महिलाओं को हॉट फ्लैशेस यानी ज्यादा गर्मी लगने लगती है। पीरियड्स रेगुलर नहीं रहते, चिड़चिड़ापन बढ़ जाता है। रात में पसीना आने लगता है, वजाइना में ड्राइनेस होने लगती है और कई महिलाओं में सेक्स पेनफुल हो जाता है।
मेनोपॉज : जब महिला बिना पीरियड्स के एक साल का समय पार कर लेती है, तो उसे मेनोपॉज कहते हैं। इसमें महिला के हार्मोन और वजाइना में भी कई बदलाव आते हैं। हार्मोन में बदलाव के साथ ही भावनात्मक उतार-चढ़ाव होते हैं। महिलाओं का मूड चिड़चिड़ा रहता है। कुछ महिलाएं डिप्रेशन से जूझती हैं।
पोस्ट-मेनोपॉज : मेनोपॉज के बाद भी महिलाओं को एक या दो बार पीरियड्स आ सकते हैं। यह अनुभव हर महिला के साथ अलग होता है क्योंकि इस समय हार्मोन्स में बदलाव की स्थिति बनी रहती है। पोस्ट-मेनोपॉज में महिलाओं का वजन बढ़ने लगता है, बाल झड़ने लगते हैं, सिर दर्द, हड्डियों में जकड़न और हार्ट की समस्या बढ़ जाती है। इसके लिए महिलाओं को समय-समय पर टेस्ट कराते रहने चाहिए।
हरियाणा एक ऐसा राज्य है जहां सेक्स रेशियो की बात की जाए तो यहां आज भी 1000 पुरुषों के मुकाबले 877 महिलाएं हैं। कहने को तो यह रेशियो कई राज्यों के मुकाबले काफी कम है लेकिन हैरान करने वाली बात यह है कि जब बात महिलाओं की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की आती है तो हरियाणा इस दिशा में कई कदम आगे चल रहा है।
दिसंबर 2021 में हरियाणा सरकार ने राज्य स्तर पर मेनोपॉज क्लीनिक की शुरुआत की है। इस पहल के तहत महिलाओं को सप्ताह में एक दिन उनके प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में ही मेनोपॉज से जुड़ी जानकारी दी जाएगी। काउंसलिंग के साथ ही उनका हेल्थ चेक-अप किया जाएगा ताकि अगर उन्हें पोस्ट-मेनोपॉज से जुड़ी कोई गंभीर बीमारी होती है, तो समय रहते उनका इलाज किया जा सके।
महिलाओं की होगी हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी, अस्पताल में होगी फ्री टेस्टिंग और इलाज
डॉ. सरोज बताती हैं कि यह प्रोग्राम दो स्तर पर चलेगा। लेवल 1 में महिलाओं को प्राइमरी हेल्थ सेंटर पर लेडी मेडिकल ऑफिसर मेनोपॉज के बारे में जागरूक करेंगी। 40 से अधिक उम्र की महिलाओं को मेनोपॉज के लक्षण बताए जाएंगे। इस दौरान उन्हें किस तरह की डाइट अपनानी है यह यह समझाया जाएगा। साथ ही कैल्शियम की टैबलेट्स दी जाएंगी, ताकि उनकी बोन डेनसिटी अच्छी रहे। जिन महिलाओं को ब्रेस्ट, हार्ट या हड्डियों में ज्यादा दर्द होगा। उन्हें टेस्टिंग के लिए लेवल 2 सेंटर यानी जिला अस्पताल रेफर किया जाएगा। यहां महिलाओं के दो टेस्ट किए जाएंगे। मेमोग्राफी के जरिए ब्रेस्ट कैंसर का पता लगाया जाएगा। दूसरा बोन मिनरल डेनसिटी (बीएमडी) टेस्ट किया जाएगा। जिससे महिलाओं की हड्डियों की मजबूती पता लगेगी। इन टेस्ट में आए रिजल्ट के मुताबिक महिलाओं का इलाज किया जाएगा। जिन महिलाओं को मेनोपॉज के दौरान हार्मोन से संबंधित समस्या है उन्हें हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी कराई जाएगी। इस तरह समय पर इलाज मिलने से महिलाएं पोस्ट-मेनोपॉज बीमारियों से खुद को बचा सकेंगी।
एक ही क्लीनिक में मिलेंगे सभी स्वास्थ्य विशेषज्ञ
मेनोपॉज क्लीनिक का संचालन कर रहीं गायनेकोलॉजिस्ट डॉ नताशा बताती हैं कि गांव में रहने वाली ज्यादातर महिलाएं इसे सीरियस नहीं लेती हैं क्योंकि उनके घर में इसे गंभीरता से नहीं लेते। लोगों की यह मानसिकता होती है कि अगर महिला की उम्र 40 से अधिक है तो उन्हें स्वास्थ्य सेवा की क्या जरूरत है। इस कारण ज्यादातर महिलाएं मेनोपॉज में होने वाली परेशानी पर किसी से बात नहीं करती और चुप-चाप सहती रहती हैं। अब मेनोपॉज क्लीनिक शुरू होने से महिलाओं को एक ही जगह पर सारे हेल्थ एक्सपर्ट मिलेंगे ताकि वह अपनी सारी परेशानी एक ही जगह बता सके। क्लीनिक में गायनेकोलॉजिस्ट के साथ ही रेडियोलॉजिस्ट, ऑर्थोपेडिक, कार्डियोलॉजिस्ट और साइकोलॉजिस्ट भी मौजूद रहेंगे और महिलाओं की समस्या सुनेंगे।
डॉ नताशा ने बताया कि गांव से आने वाली ज्यादातर महिलाओं को ज्यादा ब्लीडिंग और कई महीनों तक पीरियड्स होने की शिकायत रहती है। प्री-मेनोपॉज में पीरियड्स अनियमित हो जाते हैं, लेकिन जरूरत से ज्यादा समय तक ब्लीडिंग होने से महिलाओं में खून की कमी हो सकती है। वह अनेमिक हो सकती हैं, ऐसे में हम उन्हें दवाइयां देते हैं ताकि ब्लीडिंग को रोका जा सके।
इसके अलावा महिलाएं सबसे ज्यादा पैरों में दर्द और हड्डियों में दर्द की समस्या लेकर आती हैं। उनका यही कहना होता है कि ‘अब पैरों में पहले जैसी जान नहीं रही’। ऐसे में महिलाओं को कैल्शियम की टैबलेट्स दी जाती हैं। कुछ महिलाएं डिप्रेशन में भी चली जाती हैं, उनका यही कहना होता है कि ‘अब हमें जीने का कोई मकसद नहीं दिख रहा, इच्छा नहीं कर रही’। ऐसे में साइकोलॉजिस्ट और थेरेपिस्ट उनकी काउंसलिंग करती हैं।
1 – ब्रेस्ट कैंसर – मेनोपॉज के बाद महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर होने की संभावना 30% ज्यादा बढ़ जाती है। नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इनफॉर्मेशन की एक रिपोर्ट के मुताबिक जिन महिलाओं को ज्यादा उम्र में मेनोपॉज होता है, उन्हें ब्रेस्ट कैंसर होने की संभावना हर वर्ष 3% तक बढ़ जाती है। इसका मतलब 45 की उम्र में मेनोपॉज से गुजरने वाली महिला के मुकाबले 55 वर्ष की महिला को मेनोपॉज के बाद होने वाली बीमारियां होने की संभावना अधिक है। मेनोपॉज के कारण महिलाओं की ओवरी हार्मोन बनाना बंद कर देती है। एस्ट्रोजन की मात्रा बढ़ने से महिलाओं में फैट टिशूज की मात्रा भी बढ़ जाती है। यह ब्रेस्ट ट्यूमर बढ़ाने का काम करती है।
2 – दिल की बीमारी होना – अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन की 2020 की रिपोर्ट के मुताबिक मेनोपॉज की प्रक्रिया के दौरान हार्ट से जुड़ी बीमारियां बढ़ने और होने की संभावना बढ़ जाती है। ये समस्या उन महिलाओं में सबसे ज्यादा होती है जिन्हें 50 से बाद मेनोपॉज होता है।
3 – हड्डियों का कमजोर होना – अगस्त 2020 में ताइवान में हुई एक शोध में 30 से 70 वर्ष की 7 हजार से अधिक महिलाओं के बीच सर्वे किया गया। इसमें देखा गया कि जो महिलाएं मेनोपॉज से गुजर रहीं है उन्हें सबसे ज्यादा ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या का सामना करना पड़ा। महिलाओं में कैल्शियम की कमी के कारण उनकी हड्डियां पहले से ही काफी कमजोर होती हैं। वहीं मेनोपॉज के दौरान उनकी ये समस्या और भी ज्यादा बढ़ जाती है।
महिलाओं को नहीं मिलती सही जानकारी, रहती हैं परेशान
मेनोपॉज से संबंधित समस्या पर बात करते हुए 28 दिसंबर 2021 को बीएमसी वुमन हेल्थ ने ‘स्टडी ऑन वुमन हेल्थ इन्फॉर्मेशन नीड्स इन मेनोपॉज एज’ नाम से रिपोर्ट जारी हुई थी। जिसमें महिलाओं ने मेनोपॉज पर ज्यादा जागरूकता की मांग की है। सर्वे में 48 से 55 वर्ष की 301 महिलाओं को शामिल किया गया। उनसे मेनोपॉज वुमन हेल्थ से जुड़े सवाल किए गए। इसमें 38% महिलाओं का कहना था कि उन्हें यह नहीं पता कि वह मेनोपॉज के बारे में सही जानकारी कहां से ले सकती हैं। 36% महिलाओं को जानकारी जुटाने के लिए सही सूत्र नहीं पता। इससे यह साफ पता लगता है कि मेनोपॉज के विषय में जागरुकता की कितनी जरूरत है। 40-50 साल की महिलाओं ने यह सवाल उठाया कि आखिर उनके जीवन से जुड़े इनते जरूरी मुद्दे पर सरकार कोई योजना क्यों नहीं बनाती है। महिलाएं चाहती हैं कि मेनोपॉज को ध्यान में रखते हुए विशेष हेल्थ सर्विस शुरू की जाए। जिससे उन्हें मुश्किल समय में मदद मिल सके।
साल 2018 में दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में मेनोपॉज क्लीनिक की शुरुआत की गई थी। जिसमें 40 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मेनोपॉज से जुड़ी फिजिकल और साइकोलॉजिकल सलाह दी गई लेकिन यह बड़े पैमाने पर नहीं चल सका। इसके अलावा मुंबई और कई मेट्रो सिटीज में प्राइवेट अस्पतालों में मेनोपॉज एक्सपर्ट के साथ कार्यक्रम चलाए गए।
(साभार – दैनिक भास्कर)
ब्रह्मोस मिसाइल के आधुनिक संस्करण का सफल परीक्षण
नयी दिल्ली । भारत ने आधुनिक सुपरसोनिक ब्रह्मोस मिसाइल के नये संस्करण का भारतीय नौसेना के गुप्त तरीके से निर्देशित मिसाइल विध्वंसक पोत से सफल परीक्षण-प्रक्षेपण किया। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) ने कहा कि मिसाइल ने सटीक तरीके से निर्धारित लक्ष्य पर निशाना साधा। डीआरडीओ ने ट्वीट किया, ‘‘ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल के समुद्र से समुद्र में प्रहार करने वाले आधुनिक संस्करण का आज आईएनएस विशाखापत्तनम से परीक्षण किया गया। मिसाइल ने निर्धारित लक्ष्य पर सटीक तरीके से निशाना साधा।’’
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि मिसाइल के सफल प्रक्षेपण से भारतीय नौसेना की ‘मिशन संबंधी तैयारियों’ की दृढ़ता स्पष्ट हुई है।
उन्होंने ट्वीट कर भारतीय नौसेना और डीआरडीओ को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। भारत-रूस का संयुक्त उपक्रम ‘ब्रह्मोस एयरोस्पेस’ सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का उत्पादन करता है जिन्हें पनडुब्बियों, जलपोतों, विमान या भूतल पर स्थित प्लेटफॉर्मों से प्रक्षेपित किया जा सकता है। ब्रह्मोस मिसाइल 2.8 मैक या ध्वनि की गति से लगभग तीन गुना रफ्तार से प्रक्षेपित हो सकती हैं।
भारत के लिए चिप डिजाइन, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण सेवाओं में सम्भावना है : आर चंद्रशेखर
नयी दिल्ली । इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी राज्य मंत्री आर चंद्रशेखर ने कहा कि भारत अगले 5-7 वर्षो में अपनी मुख्य क्षमता के अलावा अर्धचालक (सेमीकंडक्टर) डिजाइन, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइन और इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण सेवाओं जैसे क्षेत्रों में नए अवसरों का दोहन कर सकता है।
माइक्रोसॉफ्ट के कार्यक्रम ‘फ्यूचर रेडी’ में मंत्री ने कहा कि कंप्यूटिंग प्रदर्शन की अगली लहर सॉफ्टवेयर महत्तम उपयोग (ऑप्टिमाइजेशन), सेमीकंडक्टर डिजाइन, इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम डिजाइन और नवीन खोजों से आने वाली है। उन्होंने कहा, ‘‘… हम सिर्फ सॉफ्टवेयर प्रदाता हुआ करते थे और अब हम अगले पांच से सात वर्षों में हार्डवेयर प्रदाता बन सकते हैं, हम सेमीकंडक्टर डिजाइन प्रदाता हो सकते हैं। हम ‘ई-आरएंडडी’ प्रदाता हो सकते हैं। हम इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम, डिजाइन प्रदाता हो सकते हैं और हम इलेक्ट्रॉनिक, विनिर्माण सेवा प्रदाता हो सकते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 15-20 वर्षों से हमारी जो मुख्य क्षमता रही है, उसके आगे भी अवसरों का एक नया क्षितिज है।’’ चंद्रशेखर ने कहा कि देश में 1,000 अरब डॉलर की डिजिटल अर्थव्यवस्था के निर्माण का लक्ष्य उद्योग, उद्यमियों और शिक्षाविदों के साथ साझेदारी में हासिल किया जाएगा।
बढ़ते डिजिटलीकरण के बीच उपयोगकर्ता डेटा सुरक्षा के बारे में बात करते हुए, चंद्रशेखर ने कहा कि भारत में इंटरनेट हमेशा खुला, सुरक्षित, भरोसेमंद और जवाबदेह रहेगा।
वीवो की जगह टाटा समूह बना आईपीएल का प्रायोजक
नयी दिल्ली । भारत के सबसे बड़े व्यवसाय समूह में से एक टाटा समूह इस साल से चीनी मोबाइल निर्माता कंपनी वीवो की जगह आईपीएल का प्रायोजक होगा । आईपीएल की संचालन परिषद ने गत मंगलवार को हुई बैठक में यह फैसला किया । आईपीएल अध्यक्ष बृजेश पटेल ने बताया ,‘‘ हां , टाटा समूह अब आईपीएल का प्रायोजक होगा ।’’वीवो ने 2018 से 2022 तक आईपीएल के प्रायोजन अधिकार 2200 करोड़ रूपये में खरीदे थे लेकिन गलवान घाटी में 2020 में भारत और चीन के बीच सैन्य टकराव के बाद वीवो ने एक साल का ब्रेक लिया था । उसकी जगह ड्रीम 11 प्रायोजक था । वीवो 2021 में फिर प्रायोजक बना हालांकि अटकलें लगाई जा रही थी कि वे उचित बोली लगाने वाले को अधिकार का हस्तांतरण करना चाहते हैं और बीसीसीआई ने इसका समर्थन किया ।
बोपन्ना-रामकुमार ने जीता एडीलेड इंटरनेशनल का खिताब
एडीलेड । एटीपी टूर पर पहली बार जोड़ी बनाकर खेल रहे भारत के रोहन बोपन्ना और रामकुमार रामनाथन ने इवान डोडिग और मार्सेलो मेलो की शीर्ष वरीय जोड़ी को सीधे सेटों में हराकर उलटफेर करते हुए एडीलेड इंटरनेशनल टेनिस टूर्नामेंट का पुरुष युगल खिताब जीता।
भारत की गैरवरीय जोड़ी ने एक घंटे और 21 मिनट में 7-6 (6) 6-1 से जीत दर्ज की। भारतीय जोड़ी ने चारों ब्रेक प्वाइंट बचाए जबकि दो बार विरोधी जोड़ी की सर्विस तोड़ी। यह बोपन्ना का 20वां एटीपी युगल खिताब और रामकुमार के साथ पहला खिताब है। रामकुमार इस स्तर पर सिर्फ दूसरा फाइनल खेल रहे थे। वह 2018 में हॉल आफ फेम टेनिस चैंपियनशिप में उप विजेता रहे थे।
बोपन्ना ने कहा, ‘‘जब रामकुमार आपके साथ सर्विस कर रहा हो तो आप जल्दी अंक जीत सकते हो इसलिए यह फायदे की स्थिति है।’किसी अन्य हमवतन और बायें हाथ के खिलाड़ी दिविज शरण की तुलना में रामकुमार के साथ खेलना किस तरह अलग है, इस बारे में पूछने पर बोपन्ना ने कहा, ‘‘दिविज के साथ हमें अंक का मौका बनाना पड़ता है, सुनिश्चित करना होता है कि पहली वॉली पर मिलने वाले मौके को भुनाया जाए जबकि राम के साथ अंक जल्दी हासिल किया जा सकता है।’’
बोपन्ना और रामकुमार इस खिताबी जीत के लिए इनामी राशि के रूप में 18700 डॉलर बांटेंगे जबकि प्रत्येक को 250 रैंकिंग अंक मिले। ऑस्ट्रेलियाई ओपन क्वालीफायर से पहले इस जीत से रामकुमार का आत्मविश्वास बढ़ेगा। वह एक बार फिर ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट के एकल वर्ग के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाने के लिए चुनौती पेश करेंगे।
बोपन्ना और रामकुमार ने शुरुआत में ही ब्रेक प्वाइंट बचाया और फिर बेहतर खेल दिखाया। सातवें गेम में मेलो 30-0 के स्कोर पर सर्विस कर रहे थे तब बोपन्ना ने डोडिग के दाईं ओर सर्विस रिटर्न के साथ अंक जुटाया और फोरहैंड विनर लगाकर स्कोर 30-30 किया। ब्राजील का खिलाड़ी हालांकि सर्विस बचाने में सफल रहा।
बोपन्ना ने अगले गेम में ब्रेक प्वाइंट बचाया और फिर सर्विस बचाकर स्कोर 4-4 किया। रामकुमार ने इसके बाद 5-6 के स्कोर पर अपनी सर्विस बचाकर पहले सेट को टाईब्रेक में खींचा। बोपन्ना ने 6-6 के स्कोर पर मेलो के सर्विस रिटर्न पर अंक बनाया और फिर ऐस के साथ पहला सेट जीता। दूसरे सेट में भारतीय टीम ने विरोधी जोड़ी को कोई मौका नहीं देते हुए जीत दर्ज की।




