Sunday, March 29, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 204

भारत में 9 महीने में आए 948 भूकंप, 240 बार 4 से ज्‍यादा तीव्रता

भारत में जनवरी से सिंतबर तक बीते 9 महीनों में 948 बार भूकंप के झटके महसूस हैं। क्‍या ये किसी बड़े खतरे की चेतावनी है? भूकंप की तीव्रता जब 4 से कम होती है, तो आमतौर पर वे महसूस नहीं होते हैं। भारत में पिछले 9 महीनों में 240 ऐसे भूकंप के झटके महसूस किए गए, जो 4 तीव्रता से ज्‍यादा थे। बीती रात को नेपाल में आए भूकंप के झटको की तीव्रता भी 4 से अधिक थी। नेपाल में इससे पहले 2015 में आए विनाशकारी भूकंप में 10 हजार से ज्‍यादा लोगों की मौत हो गई थी।
नेपाल था भूकम्प का एपिक सेंटर, तीव्रता थी 6.3
नेपाल में मंगलवार देर रात 6.3 तीव्रता के भूकंप के झटकों का असर भारत की राजधानी दिल्‍ली तक महसूस किए गए। भूकंप के कारण नेपाल में 6 लोगों की जान चली गई है। भूकंप के झटके दिल्ली सहित पूरे उत्तर भारत में महसूस किए गए, जिसके कारण लोग घरों से निकलकर भागने लगे। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी ने बताया कि बीती रात करीब एक बजकर 57 मिनट पर आया। भूकंप का एपिक सेंटर नेपाल के मणिपुर में था।
भारत में बीते 9 महीनों में 948 बार आए भूकंप
भारत में बीती रात आए भूकंप से जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। हां, भूकंप के झटकों के दौरान लोगों में दहशत का माहौल था और कुछ लोग अपने घरों से बाहर भी निकल आए। भारत में बीते 9 महीनों में अब तक 948 बार भूकंप आए हैं। हालांकि, इसमें 240 भूकंप के झटके ऐसे थे, जिनकी तीव्रता रिक्‍टर स्‍केल पर 4 से ऊपरी रही और लोगों को ये महसूस हुए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, मौजूद डेटा के मुताबिक, इस साल 152 स्टेशनों से 1090 बार भूकंप आने की जानकारी मिली। हालांकि, इनमें सिर्फ 948 बार ऐसे भूकंप दर्ज हुए जो भारत और उसके आसपास देशों आए। बता दें कि एनसीएस के पास मौजूद ये डेटा इस साल जनवरी से सितंबर तक का ही है।
अलार्म सिस्‍टम बनाने की जरूरत
ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि भारत में इस साल अब तक आए भूकंप की संख्‍या 1000 के पार पहुंच गई होगी। जनवरी से सितंबर तक 948 भूकंप यानि हर महीने करीब 105 से ज्यादा भूकंप के झटके। क्‍या ये खतरे की घंटी है? जानकार मानते हैं कि कम तीव्रता के भूकंप से कोई खास खतरा नहीं होता है। हां, भूकंप की तीव्रता अगर ज्‍यादा है, तो चिंता की बात होती है। ऐसे में हमें एक अलार्म सिस्‍टम बनाने की जरूरत है। इससे लोगों को भूकंप आने से कुछ मिनट पहले ही जानकारी मिल जाएगी।
भारत में इस साल 2 ज्‍यादा तीव्रता के भूकम्प ने हिलाई धरती
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भारत में आमतौर पर ज्‍यादा तीव्रता के भूकंप कम ही आते हैं। देश में इस साल महसूस किए गए सबसे ज्यादा तीव्रता वाले भूकंप की बात करें, तो इनमें एक बीती रात नेपाल में आया 6.3 तीव्रता का भूकंप है। वहीं, दूसरा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह से 431 किलोमीटर दूर उत्तरी सुमात्रा में आया 6.1 तीव्रता का भूकंप था। इस भूकंप के झटकों को भारत में सबसे ज्‍यादा दक्षिण के राज्‍यों में महसूस किया गया। इसके अलावा भारत 5 से 5.9 तीव्रता के 14 भूकंप और 4 से लेकर 4.9 तक के 224 भूकंप आए।
जानकारों की मानें तो 5 तीव्रता के ऊपर का भूकंप 10 मिनट में 500 किलोमीटर तक की धरती को हिला देता है। अगर दिल्ली में भूकंप का केंद्र है, तो 10 मिनट में वो 500 किलोमीटर दूर मौजूद किसी भी शहर को हिलाकर रख सकता है। दरअसल, भारतीय टेक्टोनिक प्लेट लगातार तिब्‍बत की तरफ खिसक रही है। इससे दो प्लेटों के बीच स्ट्रेस बनता है। यही स्‍ट्रेस निकलता है, तो भूकंप आता है।

 

इतिहास – महिला क्रिकेटरों को पुरुष क्रिकेटरों के समान मिलेगी मैच फीस

बीसीसीआई ने की घोषणा

मुम्बई । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारत और नीदरलैंड के बीच मुकाबले के टॉस के दौरान ही एक बड़ा ऐलान किया है। बोर्ड ने टीम इंडिया में लैंगिक असमानता को खत्म करते हुए दोनों ही श्रेणियों में मैच फीस बराबर कर दिया है। यानी रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम इंडिया और महिला टीम के प्लेयर्स को तीनों ही फॉर्मेट में बराबर मैच फीस मिलेगी। इसका ऐलान बोर्ड के सचिव जय शाह ने ट्विटर पर किया। उन्होंने ऐतिहासिक फैसले के बारे में लिखा- महिला कैटगिरी को उनके पुरूष टीम के समान मैच फीस का भुगतान किया जाएगा। टेस्ट (15 लाख), वनडे (6 लाख), टी-20 इंटरनेशनल (3 लाख) मिलेगा। वेतन इक्विटी हमारी महिला क्रिकेटरों के लिए मेरी प्रतिबद्धता थी और मैं एपेक्स काउंसिल को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। जय हिंद। इसके साथ ही भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने वल्र्ड क्रिकेट टीम को बड़ा मेसेज दिया है। वह महिला और पुरूष क्रिकेटरों को बराबर मैच फीस देने वाला दूसरा बोर्ड बन गया है। इससे पहले न्यूजीलैंड ने इसी वर्ष जुलाई में यह ऐतिहासिक फैसला किया था। उसके बाद उम्मीद थी कि दुनियाभर के क्रिकेट बोर्ड भी इसे अपनाएंगे।

जानिए क्या फर्क पड़ेगा

फिलहाल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल महिला खिलाडिय़ों को टेस्ट मैच के लिए 4 लाख रुपये मिलते हैं। वहीं, वनडे और टी-20 दोनों की मैच फीस एक लाख रुपये है। नए फीस स्ट्रक्चर के हिसाब से अब टेस्ट मैच की फीस 15 लाख रुपये होगी। वहीं, वनडे के लिए 6 लाख और टी-20 के लिए 3 लाख रुपये मैच फीस दी जाएगी।

लेकिन, एक जगह अब भी गैर बराबरी जारी

बीसीसीआई ने भले ही मैच फीस बराबर करने का ऐलान कर दिया हो, लेकिन एक गैर बराबरी अब भी जारी है। दरअसल, एनुअल सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट (हर साल किए जाने वाला करार) में कोई बदलाव नहीं किया गया है। एनुअल कॉन्ट्रैक्ट में अब भी महिला क्रिकेटर्स की 3 कैटेगरी ही हैं। दूसरी तरफ, पुरूष क्रिकेटरों की 4 कैटेगरी हैं। इससे भी ज्यादा हैरानी की बात है कि ए ग्रेड महिला क्रिकेटर्स को जो अमाउंट मिलता है वह सी ग्रेड पुरूष क्रिकेटरों से भी कम है। दरअसल, महिलाओं में ए ग्रेड खिलाडिय़ों को 50 लाख रुपये सालाना मिलते हैं। दूसरी तरफ, पुरूषों के सी ग्रेड में शामिल खिलाडिय़ों को एक करोड़ रूपए मिलते हैं। आसान भाषा में कहें तो ग्रेड ऊंचा होने के बावजूद महिलाओं को पुरूष क्रिकेटर्स की तुलना में आधा ही पैसा मिलता है। महिलाओं में बी ग्रेड के खिलाडिय़ों को 30 लाख और सी ग्रेड के खिलाडिय़ों को 10 लाख रुपये मिलते हैं। पुरूषों की चार कैटेगरी में सबसे ऊपर ए+ ग्रेड है। इसमें शामिल खिलाडिय़ों को 7 करोड़ मिलते हैं। ए ग्रेड के खिलाडिय़ों को 5 करोड़, बी ग्रेड के खिलाडिय़ों को 3 करोड़ और सी ग्रेड के खिलाडिय़ों को एक करोड़ रुपये मिलते हैं।

 

आरबीआई की डिजिटल करेंसी, पहले दिन 275 करोड़ रुपये के 50 लेन – देन

नयी दिल्ली । आरबीआई की डिजिटल करेंसी सीबीडीसी की आज शुरुआत हो गई। पहले दिन कई बैंकों ने इस वर्चुअल मनी का इस्तेमाल करते हुए सरकारी बॉन्ड से जुड़े करीब 50 ट्रांजैक्शन किए। इनकी कुल वैल्यू 275 करोड़ रुपये है। सूत्रों के मुताबिक एसबीआई , बैंक ऑफ बड़ौदा, आईसीआईसीआई बैंक और आईडीएफसी बैंक ने सरकारी बॉन्ड के सेटलमेंट के लिए सीबीडीसी का पहले-पहल इस्तेमाल किया। आरबीआई ने आज से अपनी डिजिटल करेंसी- डिजिटल रुपी (होलसेल सेगमेंट) का पहला पायलट परीक्षण शुरू किया। इसमें नौ बैंक हिस्सा ले रहे हैं। यह परीक्षण सरकारी प्रतिभूतियों में लेनदेन के लिए जा रहा है।
इसमें हिस्सा लेने के लिए एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, यस बैंक, आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और एचएसबीसी को चुना गया है। सूत्रों के मुताबिक हर बैंक ने कम से कम चार से पांच डील सीबीडीसी में की। इस बारे में इंडिविजुअल बैंक से संपर्क नहीं हो पाया। बैंक ऑफ बड़ौदा के जनरल मैनेजर सुशांत मोहंती ने कहा कि पायलट प्रोजेक्ट के उत्साहजनक नतीजे देखने को मिले हैं। हमारे बैंक ने एक शुरुआती डील में हिस्सा लिया। डिजिटल करेंसी को ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
इसमें हिस्सा लेने वाले हर बैंक का एक डिजिटल करेंसी अकाउंट है जिसे सीबीडीसी अकाउंट नाम दिया गया है। इसे आरबीआई मेन्टेन कर रहा है। बैंकों को पहले अपने अकाउंट्स से इस अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करने होंगे। अगर एक्स बैंक किसी वाई बैंक से बॉन्ड्स खरीद रहा है तो एक्स बैंक के सीबीडीसी बैंक से डेबिट होगा और वाई बैंक के उसी अकाउंट में क्रेडिट होगा। इसमें उसी दिन डिजिटल सेटलमेंट होगा।
इसमें हिस्सा ले रहे एक बैंक के ट्रेडर ने कहा कि अगर यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है तो आरबीआई दूसरे होलसेल ट्रांजैक्शंस में भी सीबीडीसी के इस्तेमाल का दायरा बढ़ा सकता है। सूत्रों के मुताबिक अभी क्रिप्टोग्राफी टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है जिसे विकसित होने में समय लगेगा। रिटेल ट्रांजैक्शन में सीबीडीसी के इस्तेमाल से जुड़ा पायलट प्रोजेक्ट बाद में शुरू किया जा सकता है। आरबीआई बिटकॉइन जैसी क्रिप्टोकरेंसीज का विरोध करता आया है।
बजट में हुई थी घोषणा
अक्टूबर में आरबीआई ने कहा था कि वह खास यूज के लिए ई-रूपी के इस्तेमाल के बारे में जल्दी ही एक पायलट लॉन्च करेगा। साथ ही केंद्रीय बैंक ने सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) का कॉन्सेप्ट नोट भी जारी किया था। इसका मकसद इस तरह की करेंसीज के बारे में जागरूकता पैदा करना है। सीबीडीसी मीडियम ऑफ पेमेंट और लीगल टेंडर होगी। इसे बैंक मनी या कैश में भी बदला जा सकता है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 2022-23 के बजट में घोषणा की थी कि आरबीआई इस फाइनेंशियल ईयर में एक डिजिटल रूपी लेकर आएगा।

भारतीय मूल के ऋषि सुनक ब्रिटेन के पहले एशियाई और हिंदू प्रधानमंत्री

लंदन । भारतीय मूल के ऋषि सुनक ब्रिटेन के पहले एशियाई और हिंदू प्रधानमंत्री बन गए है। दिवाली के मौके पर सुनक को कंजर्वेटिव पार्टी का नेता चुना गया और अब वह पूर्व पीएम लिज ट्रस की जगह लेंगे। ट्रस ने 45 दिनों के अंदर ही अपना इस्‍तीफा सौंप दिया और उसके बाद फिर से पीएम के लिए रेस शुरू हुई थी। सुनक के पीएम बनने पर ब्रिटिश मीडिया में भी अलग-अलग तरह से प्रतिक्रिया दी गई है। एक बड़े वर्ग का मानना है कि यह किसी मील के पत्‍थर सा है जो बताता है कि कई धर्मों वाले समाज के तौर पर ब्रिटेन कितना आगे बढ़ चुका है।
यूके में यूं तो पीएम की कैबिनेट में कई एशियाई रहे लेकिन यह पहली बार है जब किसी अश्‍वेत शख्‍स को देश का प्रधानमंत्री चुना गया है। ब्रिटिश फ्यूचर थिंकटैंक से जुड़े सुंदर कतवाल ने द गार्डियन से कहा, ‘यह एक एतिहासिक पल है जो आज से एक या दो दशक पहले असंभव था।’ उनकी मानें तो इससे साफ पता चलता है कि ब्रिटेन का सर्वोच्‍च पद अब हर धर्म और नस्‍ल के लिए खुला है। सुनक का पीएम बनना आने वाले समय में कई ब्रिटिश-एशियाई लोगों के लिए गर्व की अनुभूति करायेगा और उनके लिए प्रेरणा स्‍त्रोत बनेगा।
वो लोग जो सुनक की पारंपरिक राजनीति से सहमति नहीं रखते हैं, वो भी उनके कायल बने रहेंगे। भारत समेत जब दुनिया के अलग-अलग हिस्‍सों में जब दिवाली का जश्‍न जारी था और दीपक जलाये जा रहे थे, उसी समय सुनक के पीएम बनने की खबर आई। दो साल पहले जब सुनक एक चासंलर थे तो उन्‍होंने अपने आधिकारिक निवास 11 डाउनिंग स्‍ट्रीट के दरवाजे पर दीये लगाए थे। यह वह समय था जब कोविड-19 के प्रतिबंध जारी थे। पीएम बनते ही सुनक की वह फोटोग्राफ वायरल होने लगी। सुनक ने उस समय कहा था, ‘यह मेरे लिए गर्व की बात है कि मुझे दिवाली पर डाउनिंग स्‍ट्रीट के दरवाजे पर दीपक लगाने का मौका मिला।’

सुनक को खुद को हिंदू होने पर गर्व है। उन्‍होंने एक बार इंटरव्‍यू में कहा था, ‘मेरा धर्म मुझे ताकत देता है। यह मुझे एक मकसद देता है कि कैसे जिंदगी जीनी है। आज मैं जो कुछ हूं, यह उसका हिस्‍सा है।’ साल 2017 में जब उन्‍होंने आम चुनावों में जीत हासिल की तो भगवद गीता पर हाथ रखकर सांसद होने की शपथ ली थी। हालांकि पिछले हफ्ते देश के गृहमंत्री का पद संभालने वाले ग्रांट शैप्‍स सुनक के पीएम बनने को ज्‍यादा तवज्‍जो नहीं देते हैं। उन्‍होंने यह तो माना कि यह एक यादगार पल है लेकिन यह भी कहा कि यह कोई ऐसा मौका भी नहीं है जिसे असाधारण करार दिया जाये।

50 साल की उम्र में बनीं यूट्यूबर, छाई जौनपुर की ‘अम्‍मा की थाली’

जौनपुर । यूपी के पूर्वांचल में एक जिला है जौनपुर। जौनपुर में एक छोटा सा गांव है रखवा… शायद आपने सुना नहीं होगा लेकिन सात समंदर पार अमेरिका, फिजी, दुबई में इस गांव की ‘अम्‍मा की थाली’ मशहूर है। साल 2016 में जब इस गांव में 4जी इंटरनेट पहुंचा तो तीन बच्‍चों की मां शशिकला चौरसिया ने सोचा भी नहीं था कि वह घर की चौखट लांघकर साइबर स्‍पेस की दुनिया में शामिल होने वाली हैं। उनके बेटे चंदन ने यूट्यूब और इंटरनेट की ताकत को पहचाना और उसमें अपनी मां के हाथ के स्‍वाद को जोड़ दिया। नतीजा यह है कि आज शशिकला चौरसिया अपना यूट्यूब चैनल चला रही हैं। उनके 1.6 मिलियन यानि 16 लाख सब्‍सक्राइबर्स हैं। इस यूट्यूब चैनल की बदौलत वह आज हर महीने औसतन 70 हजार रुपये तक कमा लेती हैं।
शशिकला चौरसिया शुरू से ही ऐसा खाना बनाती थीं कि आस-पड़ोस, गली-मुहल्‍ले वाले उंगलियां चाटते रह जाते थे। खूब तारीफ भी होती थी। शशिकला इसी में खुश थीं। लेकिन उनके बेटे चंदन (29) ने देखा कि उसके कुछ दोस्‍त गांव में पहुंचे 4जी इंटरनेट की बदौलत यूट्यूब और सोशल मीडिया पर वीडियो वगैरह पोस्‍ट करके पैसे कमाने की बातें कर रहे हैं।
पहले तो शशिकला नहीं मानीं
चंदन ने कुछ दिन रिसर्च की और इसके बाद अपने भाइयों सूरज और पंकज से कुछ राय मशवरा किया। इसके बाद अपनी मां शशिकला से कहा कि क्‍यों न वह जो बेहतरीन व्‍यंजन बनाती हैं उसे यूट्यूब पर पोस्‍ट कर दिया करें। इससे तारीफ भी मिलेगी और भविष्‍य में पैसे भी मिल सकते हैं। शशिकला के गले यह बात नहीं उतरी, भला चूल्‍हे पर बने खाने का वीडियो कोई क्‍यों देखेगा… और पैसे… वह कोई क्‍यों देगा?
पहला वीडियो नहीं चल पाया
लेकिन बालहठ के आगे मां की एक न चली और 1 नवंबर 2017 को ‘बूंदी की खीर’ का वीडियो बनाकर यूट्यूब पर पोस्‍ट किया गया। कक्षा 5 तक पढ़ी शशिकला कैमरे के सामने आने में हिचक रही थीं इसलिए उनकी शर्त थी कि उनका चेहरा नहीं आना चाहिए। खैर, वीडियो बना… लेकिन बच्‍चों का दिल टूट गया। महज 15-20 व्‍यूज आए। लेकिन उन्‍होंने हिम्‍मत नहीं हारी।
आम का अचार हुआ वायरल
शशिकला भी पिछले 30 बरस से खाना ही बनाती आ रही थीं, वह उसी में खुश थीं लेकिन बच्‍चे लगे रहे। अबकी बार मई 2018 में उनकी जिद पर ‘आम के आचार’ का वीडियो पोस्‍ट किया गया। आम का अचार काम कर गया, यह वीडियो वायरल हो गया और लाखों लोगों ने इसे देखा। तब से आजतक ‘अम्‍मा की थाली’ ने पलटकर नहीं देखा।
अब पैसे आते हैं अम्‍मा के अकाउंट में
इसका चैनल का नाम ‘अम्‍मा की थाली’ क्‍यों रखा, यह पूछने पर चंदन बताते हैं कि यूट्यूब पर हमने किचन नाम से बहुत चैनल देखे थे। लेकिन मां या दादी मां के हाथ का स्‍वाद बताने वाला कोई चैनल नहीं दिखा इसलिए नाम रखा ‘अम्‍मा की थाली।’ अब चंदन इस चैनका तकनीकी पक्ष देखते हैं, पंकज वीडियो बनाते हैं और सूरज एडिट करते हैं लेकिन पैसा शशिकला के ही अकाउंट में आता है।
6 लाख सब्‍सक्राइबर्स हैं, 26 करोड़ व्‍यूज
तीनों बच्‍चे नौकरी और घर के व्यवसाय में लगे रहते हैं। खाली समय में वह चैनल का काम करते हैं। आज सबकी मेहनत की बदौलत चैनल पर लगभग 16 लाख सब्‍सक्राइबर्स हैं, 26 करोड़ व्‍यूज हैं। इनकी सदाबहार डिश ‘सूजी के गुलाब जामुन’ है जिसके 5 करोड़ व्‍यूज हैं, दूसरे नंबर पर रसगुल्‍ले का वीडियो है जिसे 4 करोड़ लोग देख चुके हैं।
शशिकला चौरस‍िया की यह कहानी किसी परीकथा के सच होने जैसा है। शशिकला के लिए तो है खुद हमारे आपके लिए भी यह भरोसा करना मुश्किल है कि तकनीक की ताकत हमारी किस्‍मत की बंद तिजोरी का ताला इस तरह भी खोल सकती है।
(साभार – नवभारत टाइम्स)

छत पर सब्जियां उगाकर 5 स्‍टार होटलों को बागवानी सिखा रहे सौरभ

कभी मंदी ने छीनी थी नौकरी

लखनऊ । कभी-कभी कामयाबी मुसीबत के वेष में आती है। ऐसा ही हुआ लखनऊ के सौरभ त्रिपाठी के साथ। उन्‍होंने बीटेक की डिग्री ली और प्राइवेट नौकरी करने लगे। फिर आई साल 2008 की मंदी, सैलरी कम हो गई, गुजारा मुश्किल हो गया तो उन्‍होंने सोचा कुछ बिजनेस किया जाए। लेकिन ज्‍यादा पूंजी नहीं थी। उन्‍हें ख्‍याल आया अपने शौक का। सौरभ को बागवानी का शौक था। सोचा उसी को लेकर कुछ करें। थोड़ी सी जमीन पर नर्सरी खोली। नर्सरी चली साथ ही उन्‍हें कुछ अनुभवी ग्राहक भी मिले तो उन्‍होंने अपने घर की छत पर ही टेरेस गार्डनिंग शुरू कर दी। इसमें भी कामयाबी मिल गई। फिर सौरभ ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और कॉरपोरेट दुनिया में टेरेस गार्डनिंग सिखाने और प्‍लान करने लगे। आज वह सफल व्‍यवसायी हैं, इतना ही नहीं एक ऐप के जरिए वह गार्डनिंग भी सिखाते हैं।
सौरभ की कामयाबी की सबसे बड़ी वजह है कि उन्‍होंने जानकारों से ज्ञान लेने और फिर उसे बांटने में कोई संकोच नहीं किया। जब उन्‍होंने मौसमी फूलों वगैरह की नर्सरी शुरू की उस समय उनके पास कई ऐसे कस्‍टमर आए जो माहिर बागवान थे। उनकी संगत में उन्‍होंने अपनी नर्सरी में माइक्रोगार्डनिंग शुरू की। प्रयोग करते रहे, इसमें वे किसानों, दूसरे नर्सरी वालों और यूट्यूब चैनलों की मदद लेने लगे।
छत पर उगाईं सब्जियां
इस पूरे अनुभव के इस्‍तेमाल से उन्‍होंने साल 2012 में अपने घर की 500 वर्ग फीट की छत पर टेरेस गार्डन लगाया। अब हालत यह है कि सौरभ टमाटर, मिर्च, बैंगन, भिंडी के साथ-साथ विदेशी सब्जियां भी अपनी छत पर ही उगा रहे हैं। इससे जो उपज मिलती है उसका इस्‍तेमाल वह अपनी किचन में तो करते ही हैं उसे बेचते भी हैं।
5 स्‍टार होटलों को सिखा रहे बागवानी
सौरभ कहते हैं कि एक बार ऑर्गेनिक सब्जियों-फलों का स्‍वाद ले लिया तो आप बाजार से खरीदी सब्जियां खा नहीं सकते। बदलते समय दो किल्‍लत हैं। पहली है जगह की और दूसरी है शुद्ध सब्जियों और फलों की। सौरभ ने इसका फायदा उठाया। पहले तो उन्‍होंने अपने जानकारों से वर्टिकल गार्डनिंग, लॉन मैनेजमेंट, कस्‍टमाइज्‍ड गार्डन वगैरह का ज्ञान जुटाया। अब वह इसी अनुभव और ज्ञान की मदद से 5 स्‍टार होटलों और दूसरी जगह गार्डन और लॉन डिजाइन करते हैं।
कामयाबी की यह है कुंजी
सौरभ अपनी हॉबी की बदौलत खुद भी अच्‍छा कमा रहे हैं, औरों को स‍िखा रहे हैं। वह कहते हैं कि टेरेस या छत पर गार्डनिंग में अगर आप दस से बीस हजार की लागत लगाते हैं तो पचास हजार तक का मुनाफा कमा सकते हैं। बस आपकी इसमें रुचि होनी चाहिए और सीखने की ललक भी। सौरभ की नर्सरी लखनऊ के इंदिरा नगर के सर्वोदय नगर क्षेत्र में विकास भवन के पास है।

(साभार – नवभारत टाइम्स)

नहीं रहे भारत के स्टील मैन पद्मभूषण जेजे ईरानी

असिस्टेंट बनकर टाटा स्टील आए थे एमडी बनकर निकले

नयी दिल्ली । टाटा समूह से जुड़ी दो दिग्गज शख्सियतों को कौन नहीं जानता। एक थे जमशेदजी टाटा और दूसरे जमशेद जे ईरानी । जमशेदजी टाटा भारत के जाने-माने औद्योगिक घराने टाटा समूह के संस्थापक थे। वहीं, जमशेद जे ईरानी टाटा स्टील के पूर्व एमडी रहे। ईरानी अब हमारे बीच नहीं हैं। जमशेद जे ईरानी ने गत 31 अक्टूबर जमशेदपुर में आखिरी सांस ली। ईरानी के जाने से टाटा स्टील को बड़ा नुकसान हुआ है। ईरानी ने टाटा स्टील को नई बुलंदियों तक पहुंचाया। पद्म भूषण डॉ जमशेद जे ईरानी 4 दशकों से भी अधिक समय से टाटा स्टील से जुड़े रहे। वे जून 2011 में टाटा स्टील के बोर्ड से रिटायर हुए थे। स्टील सेक्टर में व्यापक योगदान के लिए इन्हें भारत का स्टील मैन भी कहा जाता है।
विदेश जाकर की मेटल की पढ़ाई
जमशेद जे ईरानी नागपुर में 2 जून 1936 को जीजी ईरानी और खोरशेद ईरानी के घर जन्मे थे। डॉ ईरानी ने साल 1956 में साइंस कॉलेज, नागपुर से साइंस में स्नातक की डिग्री ली। इसके बाद उन्होंने साल 1958 में नागपुर यूनिवर्सिटी से भूविज्ञान से मास्टर्स किया। इसके बाद वे यूके में शेफील्ड यूनिवर्सिटी गए। यहां से उन्होंने साल 1960 में धातुकर्म से मास्टर किया। इसके बाद उन्होंने धातुकर्म से ही साल 1963 में पीएचडी की।
असिस्टेंट से एमडी तक का सफर
ईरानी ने साल 1963 में शेफील्ड में ब्रिटिश आयरन एंड स्टील रिसर्च एसोसिएशन के साथ अपने पेशेवर करियर की शुरुआत की। लेकिन वे हमेशा देश के विकास में योगदान देना चाहते थे। वे भारत वापस लौट आए। यहां आकर उन्होंने साल 1968 में टाटा आयरन एंड स्टील कंपनी (वर्तमान में टाटा स्टील) जॉइन की। उन्होंने रिसर्च एंड डेवलपमेंट के डायरेक्टर इन-चार्ज के सहायक के रूप में जॉइन किया था। इसके बाद वे जनरल सुपरिटेंडेंट, जनरल मैनेजर, प्रेसिडेंट, जॉइंट एमडी और एमडी बने। टाटा स्टील और टाटा संस के अलावा डॉ ईरानी ने टाटा मोटर्स और टाटा टेलीसर्विसेज सहित टाटा समूह की कई कंपनियों के निदेशक के रूप में भी काम किया।
स्टील उद्योग में योगदान के लिए मिला पद्म भूषण
साल 2004 में भारत सरकार ने भारत के नए कंपनी अधिनियम के गठन के लिए विशेषज्ञ समिति के अध्यक्ष के रूप में डॉ ईरानी को नियुक्त किया। उद्योग में उनके योगदान के लिए उन्हें 2007 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। धातु विज्ञान के क्षेत्र में उनकी सेवाओं के लिए उन्हें 2008 में भारत सरकार द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया था। उन्हें एक दूरदर्शी नेता के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने 1990 के दशक की शुरुआत में भारत के आर्थिक उदारीकरण के दौरान टाटा स्टील का नेतृत्व किया। उन्होंने भारत में इस्पात उद्योग के विकास में काफी अधिक योगदान दिया है। इसलिए उन्हें स्टील मैन ऑफ इंडिया कहा जाता है। ईरानी ने टाटा स्टील को दुनिया में सबसे कम लागत वाला स्टील उत्पादक बनने में सक्षम बनाया, जो अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रतिस्पर्द्धा कर सके।
खेलते थे क्रिकेट
डॉ ईरानी भारत में क्वालिटी मूवमेंट के शुरुआती नेता थे। ईरानी एक अच्छे खिलाड़ी भी थे। उन्होंने अपने आखिरी समय तक क्रिकेट खेला और देखा। उन्हें स्टांप और कॉइन कलेक्शन का भी जुनून था। जमशेदपुर शहर के लिए उनके दिल में एक विशेष प्यार था। उन्होंने यहां कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए, जिसका फायदा जमशेदपुर के लोगों को मिल रहा है। वे परिवार में अपने पीछे पत्नी डेजी ईरानी, एक पुत्र जुबिन, नीलोफर और तना को छोड़ गये हैं ।

ए से एप्‍पल और बी से बॉल नहीं, ‘अर्जुन’ और ‘बलराम’ पढे़ंगे बच्चे

लखनऊ । अंग्रेजी सीखने वाले बच्‍चे अब ‘ए से अर्जुन’ और ‘बी से पढे़ंगे। सोशल मीडिया पर इस नई वर्णमाला की तस्‍वीरें खूब वायरल हो रही हैं। इस पर लखनऊ के अमीनाबाद इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल का कहना है कि उनके यहां बच्‍चे अब इसी तरह से अंग्रेजी सीखेंगे। प्रिंसिपल साहब लाल मिश्र के मुताबिक, बच्‍चों को भारतीय इतिहास की बेहद कम जानकारी है। ऐसे में इस तरह का कदम उनके ज्ञान में बढ़ोत्तरी करेगा।
यह अनोखी वर्णमाला किसने तैयार की है इस बारे में कहा जा रहा है कि सीतापुर जिले के किसी वकील ने यह बनाई है, लेकिन वह सामने नहीं आ रहे हैं। चर्चा तो यह भी है कि मेरठ में एक पब्लिकेशन इसे छापने भी जा रहा है। दिन भर टीचर्स के सोशल मीडिया समूहों में इस पर चर्चा होती रही।
लेकिन सामने केवल अमीनाबाद इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल आए। अमीनाबाद का यह स्‍कूल 125 साल पुराना है। साहब लाल मिश्रा का कहना है कि, छात्रों को भारतीय संस्‍कृति से परिचित होने का मौका मिलेगा। इस तरह की अंग्रेजी एलफाबेट की पीडीएफ फाइल सोशल मीडिया पर उपलब्‍ध हैं। इसमें शब्‍दों से जुड़ी तस्‍वीरें हैं, जैसे कि ‘ए फॉर अर्जुन’ है तो वहां एक वाक्‍य में अर्जुन का परिचय भी दिया गया है कि वह एक महान योद्धा थे। ‘बी फॉर बलराम’ है और यहां बलराम को भगवान श्रीकृष्‍ण का बड़ा भाई बताया गया है।

डॉ. राजकुमार : कन्नड़ अभिनेता, जिनकी फिल्मों के 50 से ज्यादा बने रीमेक

कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार रहे डॉ. राजकुमार के बारे में जिन्होंने कई ऐसे रिकॉर्ड बनाए जो शायद ही कोई तोड़ पाए। राजकुमार की कर्नाटक में एक हजार से भी ज्यादा प्रतिमाएं लगी हैं। कुख्यात चंदन तस्कर वीरप्पन ने 2000 में राजकुमार का अपहरण भी कर लिया था।
दक्षिण सिनेमा के इतिहास में एक ऐसा हीरा रहा, जिसने दुनिया भर में खूब चमक बिखेरी और दशकों तक लोगों के दिलों पर राज किया। यह थे कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार डॉ़. राजकुमार। डॉ. राजकुमार इकलौते अभिनेता थे, जिनकी फिल्मों का 50 से ज्यादा बार 9 भाषाओं में रीमेक बनाया गया। अमिताभ बच्चन भी डॉ. राजकुमार राव के पैर छूते थे। वहीं अनिल कपूर इन्हें ‘ का शहंशाह’ कहते थे। डॉ. राजकुमार ने अपने 58 साल के करियर में ऐसे रिकॉर्ड्स बनाए, जो हैरान कर देंगे।
डॉ. राजकुमार ने कन्नड़ सिनेमा को एक अलग पहचान दी। उनकी गिनती भारतीय सिनेमा के सबसे महान एक्टरों में की जाती है। डॉ. राजकुमार, दिवंगत अभिनेता पुनीत राजकुमार के पिता थे। पुनीत राजकुमार को हाल ही कर्नाटक रत्न सम्मान दिया गया।
डॉ. राजकुमार अभिनेता बनने से पहले एक नाटककार थे। वह गुब्बी वीराना की ड्रामा कंपनी के साथ काम करते थे। यहीं से उनके मन में एक्टिंग का कीड़ा जगा। साल 1942 में डॉ. राजकुमार ने ‘भक्त प्रह्लाद’ नाम की फिल्म में काम किया। उस समय वह बेहद छोटे थे। आठ साल की उम्र में वह फिल्म बेदारा कन्नपा में नजर आए। करीब 58 साल लंबे कॅरियर में डॉ. राजकुमार ने 208 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया और ढेरों गाने गाए। आपको जानकर हैरानी होगी कि डॉ. राजकुमार की 13 फिल्मों ने सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म के राष्ट्रीय पुरस्कार जीते ।
गायक भी रहे राजकुमार, गाए 300 से ज्यादा गाने
डॉ. राजकुमार ने शास्त्रीय संगीत सीखा । उनकी शुरुआती फिल्मों में जहां अन्य गायकों ने आवाज दी । वहीं 1974 से डॉ. राजकुमार अपनी फिल्मों के लिए खुद ही गाने लगे। राजकुमार ने अन्य अभिनेताओं के लिए भी गाने गाए। उन्होंने 75 म्यूजिकल नाइट्स में परफॉर्म किया और 300 से ज्यादा गाने गाए। राजकुमार के गायन की खास बात यह रही कि वह किसी भी शैली में गा लेते। फिर चाहे कव्वाली हो, गजल हो, भजन हो या फिर इंग्लिश गाने।
राजकुमार के नाम हैरान कर देंगे ये रिकॉर्ड
डॉ. राजकुमार के नाम ऐसे-ऐसे रिकॉर्ड हैं, जो किसी को भी हैरान कर दें। वह इकलौते अभिनेता हैं जिन्हें अमेरिका में केंटकी के राज्यपाल द्वारा केंटकी कर्नल सम्मान दिया गया। वह एकमात्र नायक हैं, जिन्हें गायन के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार मिला था। यही नहीं, राजकुमार पहले एक्टर हैं, जिन्होंने 200 कन्नड़ फिल्मों में नायक की भूमिका निभाई । डॉ. राजकुमार ने मात्र 8 साल की उम्र में पढ़ाई छोड़ दी थी। बचपन से ही उनका झुकाव फिल्मों और अभिनय की तरफ होने लगा था। यह लाजमी भी था क्योंकि उनके माता-पिता अपने जमाने के जाने-माने थिएटर आर्टिस्ट रहे। राजकुमार ने नन्ही सी उम्र से फिल्मों में काम करना शुरू किया और 25 साल की उम्र तक फिल्मों में छोटे-मोटे रोल करते रहे।
बाद में राजकुमार फिल्मों में लीड रोल करने लगे। बतौर हीरो उन्होंने कई हिट फिल्में दीं। उन्होंने फिल्मी पर्दे पर ऐतिहासिक से लेकर पौराणिक और रोमांटिक तक, हर तरह के किरदार निभाए और अपनी अलग छाप छोड़ी। राजकुमार ने अपने करियर में कर्नाटक के मैसूर वंश से लेकर चालुक्य वंश तक को फिल्मी पर्दे पर उतारा लेकिन 2006 में राजकुमार की मौत हो गई। अपने 58 साल के लंबे कॅरियर में राजकुमार ने ढेरों अवॉर्ड और सम्मान जीते। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कर्नाटक में उनकी 1100 प्रतिमाएं बनाई गई हैं।
जब वीरप्पन ने किया राजकुमार का अपहरण
उस घटना को भी कोई नहीं भूल सकता जब 2000 में कुख्यात चंदन तस्कर ने राजकुमार को उनके फार्महाउस से अपहरण कर लिया था। इसे पूरे देश में हड़कंप मच गया था। लोग राजकुमार के लिए सड़कों पर उतर आए थे। वीरप्पन ने 108 दिन बाद राजकुमार को अपनी कैद से आजाद किया था।

भारत में अमेरिका और ब्रिटेन से भी ज्यादा महिला पायलट

उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने साझा की सूची
नयी दिल्ली । भारत में सबसे अधिक महिला पायलट हैं। आनन्द महिन्द्रा के प्रमुख आनन्द महिन्द्रा ने यह जानकारी साझा की है । भारत महिला पायलट्स की 12.4 फीसदी हिस्सेदारी के साथ दुनिया में शीर्ष पर है। आनंद महिंद्रा ने अपने ट्वीट में लिखा, ‘क्या आप कुछ ऐसा खोज रहे हैं, जो आपको मिड-वीक ‘जोश’ दे? तब आप इस लिस्ट को देखें। हैलो वर्ल्ड, यह वर्कप्लेस पर नारी शक्ति की ताकत है।’ सूची के अनुसार, भारत में विश्व स्तर पर महिला पायलट्स का प्रतिशत सबसे अधिक है। भारत में कुल पायलट्स का 12.4 प्रतिशत महिलाएं हैं। जबकि दुनिया की सबसे बड़े एविएशन मार्केट अमेरिका में यह 5.5 प्रतिशत है और यूके में 4.7 प्रतिशत है। यह अनुमान इंटरनेशनल सोसाइटी ऑफ वुमन एयरलाइन पायलट का है।
भारतीय है दुनिया में सबसे कम उम्र की कमर्शियल एयरलाइन कैप्टन
साल 1989 में निवेदिता भसीन दुनिया की सबसे कम उम्र की कमर्शियल एयरलाइन कैप्टन बनी थीं। यह भारतीय पायलट आज भी अपने उन शुरुआती दिनों को याद करती हैं। उस समय दूसरे क्रू मेंबर्स उन्हें कॉकपिट में ही रहने के लिए कहते थे, ताकि यात्री एक महिला को विमान उड़ाते देख घबरा न जाएं। भसीन के करियर की शुरुआत के 3 दशक बाद, अब भारत में महिला पायलटों की भरमार हैं। जब एयरलाइन इंडस्ट्री में विविधता की बात आती है, तो भारत दुनिया के सामने एक मिसाल बनकर खड़ा दिखाई देता है।
ये आंकडे किसी को भी आश्चर्य में डाल सकते हैं। एक ऐसा देश जो विश्व आर्थिक मंच की लैंगिक समानता पर आधारित रैंकिंग में 146 देशों में 135 वें स्थान पर है। उस देश ने महिला पायलटों के मामले में पूरी दुनिया को पीछे छोड़ दिया। इस सवाल का जवाब खुद निवेदिता भसीन ने दिया है। भसीन ने कहा, ‘भारतीय महिलाओं को एविशन इंडस्ट्री में कई कारकों के चलते प्रोत्साहन मिलता है। इनमें आउटरीच कार्यक्रमों से लेकर बेहतर कॉर्पोरेट नीतियां और मजबूत पारिवारिक सर्मथन शामिल है। इसके अलावा कई महिलाएं नेशनल कैडेट कॉर्प्स (एनसीसी) के एयरविंग से उड़ानों की ओर आकर्षित होती हैं।’
दशकों पहले भारत ने उठाए कदम
फ्लोरिडा में रह रहीं प्रोफेसर मिशेल हॉलरन ने कहा, ‘भारत ने दशकों पहले ही पायलट्स सहित एसटीईएम पदों पर महिलाओं की नियुक्ति करनी शुरू कर दी थी। दुनिया के अन्य देशों में ऐसा नहीं हुआ। भारतीय एयरफोर्स ने महिला पायलट्स को हेलीकॉप्टर और ट्रांसपोर्ट के लिए 1990 के दशक से ही भर्ती करना शुरू कर दिया था।
साल 1948 में बनी एनसीसी एक युवा प्रोग्राम है, जहां छात्रों को हल्के एयरक्राफ्ट उड़ाना सिखाया जाता है। इससे महंगी कमर्शियल पायल ट्रेनिंग तक पहुंच महिलाओं के लिए आसान हो जाती है। देश में महिला पायलट्स के लिए बेहतर माहौल तैयार करने में सबने मिलकर प्रयास किया है। कुछ राज्य सरकारों ने सब्सिडी योजनाएं भी चला रखी हैं। इसके अलावा होंडा मोटर जैसी कंपनियां इंडियन फ्लाइंग स्कूल में महिलाओं को 18 महीने के कार्यक्रम की फुल स्कॉलरशिप देती हैं।
भारत में एयरलाइंस ने महिला पायलटों के लिए काफी सुविधाजनक माहौल तैयार किया है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो की ही बात करें, तो यह इन पायलटों को काफी आसान शर्तों पर नौकरी देती है। महिला पायलटों को गर्भावस्था के दौरान उड़ान की ड्यूटी नहीं दी जाती। कानून के अनुसार, उन्हें 26 महीने की तनख्वाह के साथ मातृत्व अवकाश दिया जाता है। इसके साथ ही बच्चों की देखभाल के लिए क्रेच भी उपलब्ध होते हैं। जब तक बच्चा 5 साल का न हो जाए, तब तक महिला पायलेट फ्लेक्सिबल कॉन्ट्रेक्ट ले सकती हैं। इसमें एक कैलेंडर महीने में 2 हफ्ते की छुट्टी दी जाती है। कई एयरलाइंस देर रात तक उड़ान भरने वाली महिलाओं को एक ड्राइवर और गार्ड की सुविधा भी देती हैं। विस्तारा एयरलाइंस की बात करें, तो यह गर्भवति महिला पायलट्स और केबिन क्रू को अस्थाई तौर पर ग्राउंड या प्रशासनिक ड्यूटी का विकल्प देती है। साथ ही इन्हें 6 महीने की तनख्वाह के साथ मातृत्व अवकाश दिया जाता है ।