Saturday, March 28, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 191

हिंदी मेला में चित्रांकन और हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता

कोलकाता । सांस्कृतिक पुनर्निर्माण मिशन द्वारा आयोजित 28 वें हिंदी मेले के तीसरे दिन चित्रांकन, कविता पोस्टर एवं हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।इस अवसर पर बतौर निर्णायक कार्तिक बासफोर ने कहा कि छोटे-छोटे बच्चों को रंगों में जीवन रचते देखना सुखद अनुभव है। सुलोचना सारस्वत ने कहा कि हिंदी मेला का यह मंच सृजन के उल्लास का मंच है।इस अवसर पर लेखक शिवकुमार यादव ने कहा कि हिंदी मेला में आकर भारतेंदु की याद आती है। भारतेंदु ने अपने समय में इसी तरह से सांस्कृतिक आंदोलन चलाया था। लालबाबा कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि हिंदी मेला विगत 28 वर्षों से नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है। शिशु वर्ग में शिखर सम्मान अस्मिता बोस,इंडस वैली वर्ल्ड स्कूल, प्रथम मुदित अग्रवाल, एम.सी.केजरीवाल, द्वितीय देवप्रिया घोष,केंद्रीय विद्यालय, तृतीय संयुक्त रूप से जोयोत्री सरकार एवं जयदेव पोद्दार, विवेकानंद अकादमी को मिला। विशेष पुरस्कार ऋतु जायसवाल, अनन्या साव,नंदीता साह,शबनम परवीन, मो.अब्याद तनवीर एवं ईशान कलई को मिला।
‘अ’ वर्ग में शिखर सम्मान गरिमा गुप्ता, सेंट ल्यूक डे स्कूल,प्रथम स्थान अलीना परवीन,कांकीनाड़ा आर्य विद्यालय, द्वितीय ईशिका कलई,विद्यासागर शिशु निकेतन,तृतीय खुशी साव,रतन आर्ट सेंटर को मिला।विशेष पुरस्कार आरती ओझा,सौम्यजीत मंडल, साक्षी साव,श्रीराव,शीतल कुमारी, राहुल कुमार नायक,ईशिका चौहान, सुमेधा मुखर्जी एवं प्रज्ञा साव को मिला। कविता पोस्टर में शिखर सम्मान अव्यर्थ प्रजापति, जयपुरिया कॉलेज, प्रथम स्थान स्वीटी महतो,कलकत्ता विश्वविद्यालय, द्वितीय सुनीता चौरसिया,रतन आर्ट सेंटर,श्वेता राय ,आर.बी.सी.वुमेन कॉलेज को मिला। विशेष पुरस्कार अंकिता कुमारी, रोशन दास,कंचन भगत,सागर दास,स्वाति यादव,एना रजक को मिला।
हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता में वर्ग ‘क’ का शिखर सम्मान कलकत्ता विश्वविद्यालय को मिला हिंदी ज्ञान प्रतियोगिता का संचालन क्विज मास्टर उत्तम कुमार ,पंकज सिंह, संजय यादव, निखिता पांडे ने किया।चित्रांकन और कविता पोस्टर का सफल संचालन इबरार खान,जूही कर्ण,रानू साव,सीमा प्रजापति, सुमन शर्मा,आकांक्षा साव,बीरू सिंह,शिप्रा मिश्रा ने किया।धन्यवाद ज्ञापन रामनिवास द्विवेदी ने दिया।
27 दिसम्बर को बच्चों और नौजवानों ने मुख्य रूप से अज्ञेय, नागार्जुन,सर्वेश्वर दयाल सक्सेना, केदारनाथ सिंह, केदारनाथ अग्रवाल, अनामिका आदि की कविताओं की आवृत्ति करके अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को एक नई ऊंचाई दी। आयोजन में लगभग 50 से अधिक शिक्षण संस्थाओं के विद्यार्थियों एवं युवाओं ने कविता आवृत्ति प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। इस अवसर पर कुमार किसलय,कामायनी पांडे,ज्योति अग्रवाल, अर्पिता पाल बतौर निर्णायक उपस्थित थे। ‘शिशु’ वर्ग का शिखर सम्मान कविश बनर्जी – बिरला हाई स्कूल,प्रथम स्थान प्रत्युष कोठारी बिरला हाई स्कूल ,द्वितीय अध्ययन गुप्ता हरा प्रसाद प्राइमरी इंस्टीट्यूट ,तृतीय अदिति सिन्हा- इंडस वैली वर्ल्ड स्कूल। प्रथम विशेष इशिता कु.पाल गार्डेनरीच मुदियाली गर्ल्स हाई स्कूल, द्वितीय अदिति तिवारी सेंट ल्यूक डे स्कूल,तृतीय यशवीर गुप्ता- कांकीनाडा पब्लिक स्कूल,चतुर्थ अदिति सिंह- सेंट हेलेन,पांचवां ऋत्विका नाथ- सांतरागाछी केन्द्रीय वि‌द्यालय,छठां राज्या श्रीवास्तव – गुरुकुल स्कूल, प्रोत्साहन प्रस्तुति आर्शिया सिंह -सेंट हेलेन, अरात्रिका मंडल इंडस वैली वर्ल्ड स्कूल को मिला। ‘अ’ वर्ग का शिखर सम्मान दिव्या राम,सेंट टेरेसा ,प्रथम स्थान पृशा मोइत्रा, इंडस वैली वर्ल्ड स्कूल ,द्वितीय अकमल शाहिद, एम. एस. केजरीवाल तृतीय उपमन्यु मुखर्जी – इंडस वैली वर्ल्ड स्कूल को मिला। प्रथम विशेष पुरस्कार फरहान अजीज, काकीनाड़ा हिमातल गुर्वा स्कूल, द्वितीय सिद्धि जैन – बिड़ला हाई स्कूल,तृतीय नलिनी शाहा – सेंट ल्यूक डे स्कूल, श्रेया पांडेय – स्वतंत्र प्रतिभागी,किसम तुल्सियान, अंजलि राम – बंकिम घोष मेमोरियल,अस्मि सिंह – सेंट जोसेफ चंदननगर, जैनब सिद्दीकी- हाजीनगर आदर्श हिन्दी बालिका,तनु साव- जगद्दल श्री हरि उच्च वि‌द्यालय को मिला। कार्यक्रम का सफल संचालन सौमित्र जायसवाल, मनीषा गुप्ता, राजेश सिंह, राहुल गौड़, पूजा सिंह, सुषमा कुमारी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन मृत्युंजय श्रीवास्तव ने दिया।

आईसीएआई के ईस्टर्न इंडिया रीजनल काउंसिल पहला कार्बन न्यूट्रल सम्मेलन सम्पन्न

कोलकाता । आईसीएआई के ईस्टर्न इंडिया रिजनल काउंसिल (ईआईआरसी) की ओर से कोलकाता के विश्व बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में दो दिवसीय (23 और 24 दिसंबर, 2022) 47वें क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया है। जिसका विषय था “उत्तिष्ठत जाग्रत – अपने भीतर के परिवर्तन को जागृत करना” इस सम्मेलन में संस्था के देशभर से 2500 से अधिक सदस्यों के साथ फाइनेंस प्रोफेशनल्स के अलावा अन्य लोगों ने भाग लिया।

आईसीएआई और ईआईआरसी द्वारा आयोजित 47वें क्षेत्रीय सम्मेलन का उद्घाटन आईसीएआई के माननीय अध्यक्ष सीए (डॉ.) देबाशीष मित्रा ने किया। इस मौके पर सीए रंजीत कुमार अग्रवाल (परिषद के सदस्य), आईसीएआई और ईआईआरसी के अध्यक्ष सीए रवि कुमार पटवा के अलावा समाज के कई प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।

मौके पर सीए (डॉ.) देवाशीष मित्रा (माननीय अध्यक्ष, आईसीएआई) ने अपने संबोधन में, वैश्विक प्रौद्योगिकी के विकास और स्थिरता पर जोर दिया। उन्होंने सम्मेलन के कार्बन तटस्थता पहलू की प्रशंसा की, जिससे सामाजिक और सामुदायिक लाभ मिलेगा। जी20 शिखर सम्मेलन 2023 पर बात करते हुए उन्होंने “एक पृथ्वी एक परिवार एक भविष्य” के आदर्श वाक्य को दोहराया और भारत के नेतृत्व और इस नेक काम के लिए संस्थान के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने यह भी कहा कि आईसीएआई भविष्य की युवा पीढ़ी के लिए अपने अधिकारों का उपयोग राष्ट्र की सेवा करने और समाज की भलाई के लिए करता आया है।

सम्मेलन का विषय “उत्तिष्ठत जाग्रत – भीतर के परिवर्तन को जागृत करना” था। इसमें चर्चा हुई कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी का यह क्षेत्र प्रौद्योगिकी पर अधिक जोर देने के साथ बड़े पैमाने पर बदलाव के दौर से गुजर रहा है। इन परिवर्तनों के अनुकूल होने और दुनिया भर के व्यवसायों के लिए विश्वसनीय सलाहकारों के रूप में अपनी मौजूदगी बनाए रखने के लिए दुनिया भर में व्यवसायों और ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए यह पेशा लगातार विकसित हो रहा है। जैसे-जैसे विश्व की अर्थव्यवस्था तेजी से जटिल होती जा रही है, व्यवसाय और संगठन उन्हें वित्तीय सलाह और मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए तेजी से सीए पर भरोसा कर रहे हैं। इसके कारण चार्टर्ड एकाउंटेंट्स अब विश्व स्तर पर हो रहे बदलाव के बारे में जागरूक होना होगा और बदलते परिवेश के लिए खुद को और भी सुसज्जित करना होगा।

पंकज त्रिपाठी अगली फिल्म में बनेंगे अटल बिहारी वाजपेयी

भारतीय जनता पार्टी के ओजस्वी नेता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के 98वें जन्मदिन पर देश विदेश में मनाया गया । इसी मौके पर उनकी जीवनी पर बनने जा रही फिल्म ‘मैं अटल हूं’ की पहली झलक जारी कर दी गई है। इस फिल्म में अटल बिहारी वाजपेयी का किरदार निभाने का मौका अभिनेता पंकज त्रिपाठी को मिला है और पंकज ने इस पहली झलक में अटल का जो रूप धरा है, उसे देखकर सभी हतप्रभ हैं। फिल्म ‘मैं अटल हूं’ की इस तस्वीर में पंकज त्रिपाठी कवि अटल बिहारी वाजपेयी जैसी भंगिमा में दिखते हैं। इस रूप को धरने के लिए पंकज ने कई घंटे तक गहन साधना सा धैर्य मेकअप के दौरान बनाए रखा। फिल्म की निर्माता कंपनियों भानुशाली स्टूडियोज और लेजेंड स्टूडियोज ने पंकज की इस खास छवि को रचने के लिए दिग्गज कलाकारों की मदद ली है। मेकअप और प्रोस्थेटिक्स के इन जानकारों ने अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के दिन तक पंकज को इस रूप में लाने के लिए महीनों तक अभ्यास किया है।

अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक कही जा रही फिल्म ‘मैं अटल हूं’ में पूर्व प्रधानमंत्री के राजनीतिक जीवन के अलावा उनके एक प्रतिष्ठित कवि होने, लोकप्रिय जननेता होने और मानवीय गुणों से भरपूर एक उत्कृष्ट प्रशासक होने की छवियां प्रस्तुत की जाएंगी। उत्कर्ष नैथानी लिखित इस फिल्म पर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता निर्देशक रवि जाधव काम शुरू कर चुके हैं। विनोद भानुशाली, संदीप सिंह, सैम खान और कमलेश भानुशाली की टीम इस फिल्म को मिलकर बना रही है। फिल्म के सह निर्माताओं के रूप में जीशान अहमद और शिव शर्मा भी इससे जुड़े हुए हैं।पंकज कहते हैं, ‘अटल जी जैसे मानवीय राजनेता को पर्दे पर चित्रित करना मेरे लिए सम्मान की बात है। वह न केवल एक राजनेता थे, बल्कि उससे कहीं अधिक वह एक उत्कृष्ट लेखक और एक प्रसिद्ध कवि थे। उनके नक्शे कदम चलना मेरे जैसे अभिनेता के लिए किसी सौभाग्य से कम नहीं है।’ मराठी फिल्मों ‘नटरंग’ और ‘बालगंधर्व’ के लिए चर्चित रहे राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता निर्देशक रवि जाधव इस फिल्म का निर्देशन करेंगे और ये फिल्म अगले साल अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशती वर्ष का शुभारंभ करेगी।

नाट्योत्सव से 28वें हिंदी मेला की शुरुआत

प्रसिद्ध रंगकर्मी उमा झुनझुनवाला को ‘माधव शुक्ल नाट्य सम्मान’

कोलकाता। आज लघु नाटक की प्रस्तुतियों से सात दिवसीय 28वाँ हिंदी मेला शुरू हो गया। इस बार नाटक में आदिवासी जीवन से जुड़ें विषयों के अलावा ‘अंधेर नगरी’ (भारतेंदु), ‘सद्गति’ (प्रेमचंद), ‘सलाम’ (ओमप्रकाश वाल्मीकि) तथा अन्य सात नाटकों की प्रस्तुति की गई। उद्घाटन समारोह में वरिष्ठ पत्रकार विश्वम्भर नेवर ने कहा कि हिंदी मेला में हिंदी मेला के आयोजकों का संकल्प ही इतने बड़े आयोजन की सफलता की वजह है। इस अवसर पर प्रसिद्ध रंगकर्मी उमा झुनझुनवाला को ‘माधव शुक्ल नाट्य सम्मान’ प्रदान किया गया। उमा झुनझुनवाला ने अपने वक्तव्य में कहा कि यह पुरस्कार सामाजिक स्वीकृति है। नाटक एक बहुत चुनौतीपूर्ण कला है और हम लोगों को कलकत्ते से बड़ा प्यार मिला है। बनारस के प्रसिद्ध रंगकर्मी नरेंद्र आचार्य ने कहा कि हिन्दीत्तर प्रदेश में हिंदी मेला हिंदी के लिए गर्व है।
प्रो संजय जायसवाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हिंदी मेला का उद्देश्य नई पीढ़ी को मातृभाषा से प्रेम तथा उदार राष्ट्रीय संस्कृति से जोड़ना है। डॉ राजेश मिश्र ने वार्षिक विवरण प्रस्तुत करते हुए कहा कि हिंदी मेला के इतने लंबे काल से चलते रहना लेखकों के अलावा साहित्यप्रेमियों और नौजवानों के भारी समर्थन का फल है। हिंदी मेला के संरक्षक रामनिवास द्विवेदी ने कहा कि हिंदी मेला को बड़े कर्मठ संस्कृति कर्मियों और साहित्य प्रेमियों का बल है। ऐसा मेला हिंदी प्रदेशों में भी होना चाहिए। उद्घाटन समारोह के अध्यक्ष डॉ शम्भुनाथ ने कहा कि हिंदी मेला का आयोजन तब से हो रहा है, लिटरेरी फेस्टिवल का नामोनिशान नहीं था। छोटे साधनों से आयोजित ऐसे मेलों से बड़े मूल्यों की रक्षा संभव है। हिंदी मेला भारतीय भाषाओं का आंगन है। बतौर निर्णायक पंकज देवा ने कहा कि हिंदी मेला का यह मंच नाट्य विधा को विद्यार्थियों से जोड़ रहा है। प्लाबन बसु ने कहा कि हमें नाटक कार्यशाला का आयोजन कर इन प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देना चाहिए। महेश जायसवाल ने विजयी प्रतिभागियों को भविष्य की संभावना कहा।
नाट्योत्सव का संचालन अनिता राय, नमिता जैन, लिली साहा, श्रीप्रकाश गुप्ता, पूजा गोंड, ज्योति चौरसिया ने किया। इस आयोजन में विशेष रूप से डॉ सुमिता गुप्ता, वेद प्रकाश शर्मा, धर्मेंद्र यादव, वीरू सिंह, निशा राजभर, आकांक्षा साव, हरे कृष्ण यादव सक्रिय थे। नाट्योत्सव में दर्शकों की भारी उपस्थिति थी।
इस वर्ष का शिखर सम्मान- कलाकार मंच, प्रथम- विद्यासागर विश्वविद्यालय, द्वितीय- स्टडी मिशन नाट्य दल, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता- चंदन भगत, सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री- प्रज्ञा झा, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक- पार्बती रघुनंदन, सर्वश्रेष्ठ बाल कलाकार- रक्षा कुमारी को मिला। धन्यवाद ज्ञापन श्रीप्रकाश गुप्ता ने दिया।

हिन्दी में बद्रीनारायण समेत 23 भाषाओं के साहित्यकारों को साहित्य अकादमी पुरस्कार

साहित्य अकादमी ने इस वर्ष के अकादमी पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। हिंदी के लिए इस वर्ष का साहित्य अकादमी पुरस्कार प्रसिद्ध कवि बद्री नारायण को दिया जाएगा. बद्री नारायण को उनके कविता संग्रह तुमड़ी के शब्द को साहित्य अकादमी पुरस्कार 2022 के लिए चुना गया है। साहित्य अकादमी के सचिव के. श्रीनिवासराव ने साहित्य पुरस्कारों की घोषणा करते हुए बताया कि इस बर्ष 23 भाषाओं के लिए पुरस्कार देने का निर्णय किया गया है । इनमें 7 कविता संग्रह, 6 उपन्यास, 2 कहानी संग्रह, दो साहित्यिक समालोचना, तीन नाटक, एक आत्मकथा निबंध, एक संक्षिप्त सिंधी साहित्य इतिहास और एक लेख संग्रह की पुस्तक शामिल है। सचिव के. श्रीनिवासराव बताया कि पुरस्कारों की अनुशंसा 23 भारतीय भाषाओं की निर्णायक समितियों द्वारी की गयी । साहित्य अकादमी के अध्यक्ष डॉ. चंद्रशेखर कंबार की अध्यक्षता में आयोजित अकादमी कार्यकारी मंडल की बैठक में आज इन्हें अनुमोदित किया गया। उन्होंने बताया सम्मानित लेखकों को अगले वर्ष मार्च में सम्मानित किया जाएगा । पुरस्कार विजेता को पुरस्कार स्वरूप एक लाख रुपये की नकद राशि, ताम्रफलक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा ।

इन लेखकों को मिलेगा सम्मान
अंग्रेजी भाषा में अनुराधा रॉय को उनके उपन्यास ‘ऑल द लाइब्स वी नेवर लिव्ड’ इस वर्ष का साहित्य अकादमी पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। पंजाबी भाषा में सुखजीत के कहानी संग्रह ‘मैं अयंघोष नहीं’, उर्दू भाषा के लिए अनीस अशफ़ाक के उपन्यास ‘ख़्वाब सराब’, बोडो में रश्मि चौधरी के कविता संग्रह ‘सानस्रिनि मदिरा’, मैथिली भाषा में अजित आजाद के कविता संग्रह ‘पेन ड्राइव में पृथ्वी’, मणिपुरी में कोइजम शांतिबाला कविता संग्रह ‘लेइरोन्नुंग’, ओडिआ में गायत्रीबाला पांडा के कविता संग्रह ‘दयानदी’, संस्कृत में जनार्दन प्रसाद पाण्डेय ‘मणि’ के कविता संग्रह ‘दीपमणिक्यम’, संताली में कजली सोरेन जगन्नाथ सोरेन के कविता संग्रह ‘साबरनका बालिरे सानन’ के नाम की घोषणा हुई है ।

क्रिसमस पर बनाएं ड्राई फ्रूट केक

सामग्री –  1 कप मैदा, 1/2 कप दही, 1/4 कप दूध, 1 टी स्पून बेकिंग पाउडर, 1/2 टी स्पून बेकिंग सोडा, 2 टेबलस्पून दूध पाउडर, 4-5 टेबलस्पून ड्राई फ्रूट्स (मिक्स), 1 टी स्पून वनीला एसेंस, 2 टी स्पून बादाम कतरन, 1/2 कप घी, 1/2 कप चीनी पाउडर, 1 चुटकी नमक

विधि – ड्राई फ्रूट केक बनाने के लिए आप सबसे पहले एक बरतन में मैदा को लेकर छान लें। फिर आप इसमें बेकिंग पाउडर, दूध पाउडर और बेकिंग सोडा को भी छानकर डाल दें। इसके बाद आप इन सारी चीजों को अच्छी तरह से मिलाकर मिक्चर तैयार कर लें। फिर आप इसमें एक चुटकी नमक डालें और अच्छी तरह से मिला दें। इसके बाद आप एक दूसरे बाउल में दही, चीनी पाउडर और घी डालकर अच्छी तरह से मिला दें। फिर आप दही के मिक्चर में मैदे के मिश्रण को थोड़ा-थोड़ा डालते हुए मिलाएं। इसके बाद आप इसमें ऊपर से दूध डालें और मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार कर लें। फिर आप इसमें वनीला एसेंस डालें और अच्छी तरह से मिला लें। इसके बाद आप इस पेस्ट में बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स डालें और अच्छी तरह से मिला लें। फिर आप बेकिंग टीन को लेकर घी से अच्छी तरह से ग्रीस कर लें। इसके बाद आप इसमें केक का तैयार बैटर डालें और जमीन पर करीब दो-तीन बार टैप करें। फिर आप मिश्रण के ऊपर बादाम कतरन को लेकर अच्छी तरह से फैला लें। इसके बाद आप इसको प्रीहीट किए ओवन में 180 डिग्री सेल्सियस पर करीब आधा घंटे तक बेक करें। अब आपका स्वाद और पोषण ले भरपूर ड्राई फ्रूट केक बनकर तैयार हो गया है।

रंग

डॉ. वसुंधरा मिश्र

रंग सिर्फ रंग है
जीवन से जुड़ जीवन में घुल जाते हैं
सुख बनकर मुस्कान में
दुख बनकर रुदन में
नृत्य बनकर थिरकन में
मोती बनकर सागर में
वर्ण बनकर शब्द में
सृष्टि चलती रहती धूरी पर
घुला श्वेत रंग सब रंगों में
अध्यात्म आत्मा से जुड़ा
ऋजु पथ का वाहक
तब का शोधक
रंग दिखा दे जीवन के चित्र
रंग रंग है।
गोरे काले श्याम चितकबरे
नीले बैंगनी गुलाबी पीले
रंगों का जीवन से मिलना
जीवन अर्थ सिखाता
सूखा गीला भारी हल्का
सब रंगों का खेल
भिन्न-भिन्न रूपों का रंग
पहचानो रंगी दीवारों को
सुर असुर देव नर किन्नर
सब रंगों का खेल।
जन-जन रंगे रंगों में
रंग बिरंगी बदरंगी राहों में
लगे हैं मन के दर्पण
पहचानो तो हरे गुलाबी
नहीं तो काले मतवाले
खेल दिखाते बलखाते से
रंग रंग के नाच नचाते
नई गति ताल छंद मृदंग भी बचते
उद्भव स्थिति संहार में घुलकर
प्रकृति और जीवन में खिलते
आओ अपने रंगों को एक सकारात्मक आकार में ढालें
आओ अपने रंगों को एक सकारात्मक आकार में ढालें
एक नया इतिहास रचने का संकल्प बनाएं रंग सिर्फ रंग ही तो हैं ।

कलकत्ता गर्ल्स कॉलेज में अल्यूमनी मीट आयोजित

स्नातक की छात्राओं को विदाई भी दी गयी
कोलकाता । कलकत्ता गर्ल्स कॉलेज में अल्यूमनी मीट एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया । इस अवसर पर कॉलेज की पूर्व छात्राओं एवं शिक्षिकाओं ने कॉलेज को लेकर अपनी स्मृतियाँ ताजा कीं । कलकत्ता गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सत्या उपाध्याय ने बताया कि हालांकि कॉलेज में लंबे समय से अल्यूमनी मीट होती रही है परन्तु अल्यूमनी को इस बार व्यवस्थित रूप दिया गया है । इसका पंजीकरण करवाया गया है और पंजीकरण के बाद यह अल्यूमनी मीट आयोजित हुई । हर साल 23 दिसम्बर को कॉलेज में अल्यूमनी मीट आयोजित होगी । डॉ. उपाध्याय ने बताया कि कॉलेज की पूर्व छात्रा फौजिया ने आर्ट्स एवं कॉमर्स संकाय से एक – एक जरूरतमंद छात्राओं को छात्रवृत्ति प्रदान करने की घोषणा की है । कॉलेज की शिक्षिका सुपर्णा भट्टाचार्य ने बताया कि कॉलेज की पूर्व छात्राओं एवं शिक्षिकाओं के साझा प्रयास से अल्यूमनी की गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी । कॉलेज में स्नातक स्तर की छात्राओं का विदाई समारोह भी इस मौके पर आयोजित किया गया ।

कोरोना के 2 साल बाद कलकत्ता गर्ल्स कॉलेज में हस्तशिल्प प्रदर्शनी

कोलकाता । कलकत्ता गर्ल्स कॉलेज में हस्तशिल्प प्रदर्शनी आयोजित की गयी । प्रदर्शनी में कॉलेज की पूर्व एवं वर्तमान छात्राओं द्वारा निर्मित वस्तुएं प्रदर्शित की गयीं । इन छात्राओं ने पुराने कपड़ों एवं वस्तुओं की रीसाइकलिंग कर उनको नया रूप दिया था और इससे अपने उत्पाद बनाए थे। प्रदर्शित की गयी वस्तुओं में बैग, पर्स, टी कोस्टर एवं कपड़े जैसी चीजें शामिल हैं । कलकत्ता गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या डॉ. सत्या उपाध्याय ने बताया कि सबसे पहले 2018 में यह हस्तशिल्प प्रदर्शनी लगायी गयी थी और कोरोना महामारी के 2 साल बाद यह प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है । इसे सफल बनाने में कॉलेज की दो शिक्षिकाओं प्रो. नंदिनी भट्टाचार्य एवं संचिता दत्ता का महत्वपूर्ण योगदान रहा है । इसके साथ ही कोलकाता एकात्म नामक संस्था भी प्रदर्शनी में शामिल हुईं । इस अवसर पर कॉलेज प्रबंधन समिति की सदस्य मैत्रेयी भट्टाचार्य एवं विभिन्न कई अन्य कॉलेजों की शिक्षिकाओं ने भी प्रदर्शनी देखी एवं छात्राओं का उत्साहवर्द्धन किया ।

भवानीपुर कॉलेज के युवा लेखक विद्यार्थियों ने साझा किए अपनी पुस्तक यात्रा के अनुभव

कोलकाता ।  भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज के बहुत से छात्र छात्राओं में प्रतिभावान लेखक और लेखिकाओं द्वारा अपनी-अपनी पुस्तक के अनुभवों को साझा किया गया । यह कार्यक्रम डीन प्रो दिलीप शाह की प्रेरणा से संपन्न हुआ । बुक रिडिंग सेशन का संयोजन और संचालन करते हुए डॉ वसुंधरा मिश्र ने बताया कि अभी तक सात से अधिक ऐसे विद्यार्थियों के नाम आए हैं जिनकी किताब, कविताएँ, इ-बुक, व्हाटपैड और डिजिटल बुक प्रकाशित हो चुकी हैं। अंग्रेजी विभाग के सेमेस्टर तीन के विद्यार्थी स्वागत मुखर्जी की सद्य प्रकाशित प्रथम पुस्तक ए वर्ल्ड इज फुल ऑफ लायर दस दिसंबर 22 को प्रकाशित हुई है और कोलकाता पुस्तक मेले में रखी जाएगी जो कॉलेज के लिए गर्व की बात है। इस पुस्तक में मुखर्जी ने बलात्कार, गोद लेना, घरेलू हिंसा, यौनाचार आदि सामाजिक विषयों पर लिखी है जो एक युवा पीढ़ी की नई सोच को दर्शाती है। इस अवसर पर उन्होंने अपनी लेखन यात्रा पर विचार प्रकट किया। रिशिका बुचा सेमेस्टर पांच की छात्रा ने ई-बुक खुशी फाइंड्स खुशी, पेपर बैक दि वे आई सी – बियोंड दी विजन, ए टेल अॉफ चैंज पुस्तकें, आयुष कुमार लोधा सेमेस्टर पांच ने दी वर्डस्लिंगर एंड दी क्विल हाउस, परिवार – एक ताकत अमेजन के हुमरूह पब्लिकेशन द्वारा जनवरी में प्रकाशित होने वाली है। अपने-अपने अनुभवों को साझा किया। अनिमेश आनंद ने अपनी गजल और कविता प्रस्तुति दी।
प्रो दिलीप शाह ने सभी नये लेखकों की पुस्तक का विमोचन और उनका उत्साहवर्धन किया। शेख मोहम्मद जहिरुददीन ने अपनी कविता प्रस्तुति दी ।रिडिंग बुक सेशन के प्रतिनिधि फ़ज़ल करीम ने सभी नए विद्यार्थियों लेखकों का स्वागत किया। कम्युनिकेशन एंड सॉफ्ट स्कील्स ट्रेनर समीक्षा खंडूरी ने धन्यवाद देते हुए पुस्तक संरचना के विषय में बात की। इस कार्यक्रम की जानकारी दी डॉ वसुंधरा मिश्र ने ।