लगातार छठे साल ब्रिटेन के सबसे अमीर एशियाई बना हिंदुजा परिवार

लंदन : ब्रिटेन के अग्रणी अनिवासी भारतीय उद्योगपतियों में गिने जाने वाले हिंदुजा परिवार को ब्रिटिश एशियाई अमीर-2019 की सूची में पहले नंबर पर रखा गया है। हिंदुजा परिवार इस सूची में लगातार छह साल से पहले नंबर पर चुना जा रहा है। पिछले साल के मुकाबले 3 अरब पाउंड की बढ़ोतरी के साथ इस बार हिंदुजा परिवार की संपत्ति करीब 25.2 अरब पाउंड की आंकी गई है। यह सूची एशियाई बिजनेस अवॉर्ड समारोह में जारी की गयी। इस सूची में एक अन्य भारतीय बिजनेस टायकून लक्ष्मी मित्तल और उनके बेटे आदित्य मित्तल ने भी अपना दूसरा स्थान बरकरार रखा है। स्टील किंग के नाम से पहचाने जाने वाले मित्तल परिवार की संपत्ति करीब 11.2 अरब पाउंड आंकी गई है, जिसमें पिछले साल के मुकाबले 2.8 अरब पाउंड की कमी आई है। समारोह के दौरान ब्रिटेन में भारतीय उच्चायुक्त रुचि धनश्याम ने 101 अमीर ब्रिटिश एशियाइयों की यह सूची जारी की।
इस सूची में तीसरे नंबर पर पेट्रोकैमिकल्स उद्योग के दिग्गज कहे जाने वाले एक अन्य भारतीय एसपी लोहिया ने 5.2 अरब पाउंड के साथ तीसरा स्थान हासिल किया है। भारतीय मूल के अन्य शीर्ष उद्योगपतियों में लॉर्ड स्वराज पाल का परिवार (90 करोड़ पाउंड संपत्ति) 17वें नंबर पर हैं, जिनकी संपत्ति में तकरीबन 10 करोड़ पाउंड की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इस सूची को जारी करने वाले एशियन मार्केटिंग ग्रुप (एएमजी) के एक्जीक्यूटिव एडिटर शैलेश सोलंकी ने कहा कि विशेषज्ञों की टीम से तैयार कराई गई यह सूची ब्रिटेन में एशियाई अमीरों की निर्णायक निर्देशिका है।
सात नए अमीर शामिल हुए सूची में
पिछले साल के मुकाबले इस बार सूची में 7 नए उद्योगपति घरानों के नाम शामिल हुए हैं। इनमें होटल व्यवसाय से जुड़े जोगिंदर सेंगर और उनका बेटा गिरीश सेंगर शामिल हैं, जिन्हें 30 करोड़ पाउंड की संपत्ति के साथ 40वां स्थान मिला है।
एशियाई अमीर
101 एशियाई मूल के ब्रिटिश उद्योगपतियों को शामिल किया गया है सूची में
85.2 अरब पाउंड है सूची में शामिल सभी उद्योगपतियों की संयुक्त संपत्ति
05 अरब पाउंड हर साल औसतन बढ़ रही है उद्योगपतियों की संयुक्त संपत्ति

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।