बिहार पर निबंध

-संजय सिन्हा
बिहार भारत का एक राज्य है। यह भी अंग्रेजों से 15 अगस्त 1947 को आजाद हो गया था। बिहार की राजधानी पटना है। बिहार में 38 जिले हैं। यहां लगभग 13 करोड़ लोग रहते हैं।

बिहार की प्रति व्यक्ति सालाना आय लगभग 69,321 रुपये है। यानी महीने के करीब 5,777 रुपए।
इतने में एक आदमी अपना घर भी चला लेता है और बच्चों को पढ़ा लेता है, बीमारी का इलाज करा लेता है।

बिहार के नौजवान दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और महाराष्ट्र रोजगार के लिए जाते हैं।

वहां जाकर सड़क बनाते हैं। लोगों के मकान बनाते हैं। फैक्टरी में मजदूरी करते हैं। दूसरों के खेत में पसीना बहाते हैं।

बिहार के इन नौजवान मजदूरों के बिना देश के शहरों का काम रुक सकता है। लेकिन बिहार में उनके लिए काम नहीं है।

बिहार का आदमी भी आदमी ही होता है। उसके दो हाथ होते हैं। दो पैर होते हैं। दो आंखें होती हैं। एक नाक होती है और एक दिल होता है। वह भी हंसता है। रोता है। उसकी भी मां होती है। पत्नी होती है। बच्चे होते हैं।

बिहार का आदमी ऊंचे पुल बनाता है। सड़कें बनाता है। मेट्रो बनाता है। जिन इमारतों में बड़े बड़े अफसर और अमीर लोग रहते हैं, उन्हें बनाने में बिहार के आदमी का पसीना लगा होता है।

बिहार का आदमी उन इमारतों में नहीं रहता। वह टीन की छत के नीचे रहता है।

बिहार के आदमी के जो दो मजबूत पैर होते हैं उन पैरों से वह हजारों किलोमीटर पैदल भी चल लेता है। वैसे वो गांव से स्टेशन आता है। स्टेशन से ट्रेन पकड़ता है। फिर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात और महाराष्ट्र ट्रेन में लटक कर पहुंच जाता है। वह अपने घर से दूर जाता है ताकि उसके घर में चूल्हा जल सके। लेकिन कोविड में वह मुंबई से बिहार पैदल लौट सकता है।

बिहार का आदमी पंजाब के खेतों में अपने हाथों से उगी हरियाली देखता है। वह गेहूं काटता है। धान लगाता है। सब्जियां उगाता है। दूसरे राज्यों के खेतों को हरा करता है।

बिहार का आदमी जब अपनी मां से फोन पर बात करता है तो बताता है कि इस बार भी गांव नहीं आ पाएगा। उसे अनाज उगाना है। बिहार का आदमी दूसरों के खेतों में अनाज उगाता है, दूसरों के घरों में रोशनी लगाता है, दूसरों के शहरों को चमकाता है। वह इन सब कामों से खुश रहता है।

बिहार के आदमी के पास भी एक पेट होता है। उस पेट में उसे भूख लगती है तो सत्तू खा लेता है। सत्तू पकाना नहीं पड़ता। पानी में आटा की तरह गूंद कर उसमें नमक और हरी मिर्च डाल कर खाने से उसका पेट भर जाता है।

बिहार का आदमी बीमार पड़ जाए तो उसे आम तौर पर अस्पताल जाने की ज़रूरत नहीं पड़ती। वो भगवान पर भरोसा करता है।

बिहार के थोड़े समर्थ लोग (नेता और अफसर) अपने बच्चों को बिहार से बाहर पढाते हैं। वो अपने बच्चों को दिल्ली, नोए़डा, बंगलुरू भेजते हैं।

बिहार का आदमी जब बड़ा नेता बन जाता है तो उसका बच्चा भी अच्छी जगह पढ़ता है। उसका परिवार भी अच्छी जगह रहता है। उसके पास गाड़ी होती है। बंगला होता है। सुरक्षा होती है।

बिहार का आदमी कहीं रहे बिहारी कहलाता है। वह जिस शहर को बनाता है, उसी शहर में उसे बाहरी कहा जाता है।

बिहार में शराब बंद है, लेकिन जहरीली शराब से मौत की खबरें बंद नहीं होतीं।

बिहार का आदमी शादी में खाना खाने के लिए बहुत उत्साहित रहता है। कहीं बड़े नेता की बेटी की शादी हो तो वह भी पहुंच जाता है। खाने के लिए धक्कामुक्की करता है। पत्तल नहीं मिले तो किसी तरह जुगाड़ करता है। भीड़ में आगे बढ़ता है। कभी कागज पर खाना खाता है तो कभी गत्ते पर।

हाल ही में बिहार के नेता अनंत सिंह की बेटी की शादी की खबरें आईं। शादी में लाखों लोगों के खाने की व्यवस्था, सैकड़ों रसोइयों, 150 से अधिक व्यंजनों और 151 गाड़ियों की बारात की चर्चा हुई। मीडिया में इस आयोजन का खर्च 40 से 50 करोड़ रुपये तक बताया गया, यह बिहार की उपलब्धि है।

बिहार में जनप्रतिनिधि और सरकारी अधिकारी लोग बहुत अमीर होते हैं। उनके घर की शादी में भारी भीड़ उमड़ती है। लोग खाने के लिए धक्कामुक्की करते हैं। सड़क पर जाम लगता है। घुड़दौड़ देखने के लिए लोग बिजली के खंभों पर भी चढ़ जाते हैं।

संजय सिन्हा सोचते हैं कि बिहार का आदमी सिर्फ शादी में खाना खाने के जितनी मार कर देता है उतनी मार अपने बच्चों के लिए अच्छी शिक्षा और अपने परिवार के लिए अच्छा अस्पताल मांगने के लिए क्यों नहीं करता?

बिहार का आदमी अक्सर अपने सवाल भूल जाता है। वह जाति याद रखता है। नेता याद रखता है। शादी का खाना याद रखता है।

बिहार के आदमी का दिल भी होता है। वह अपनी मां से बहुत प्यार करता है। पिता की इज्जत करता है। पत्नी और बच्चों के लिए मेहनत करता है। छठ पर घर लौटने के लिए महीनों पैसे बचाता है। गांव पहुंचता है तो मिट्टी को माथे से लगाता है।

उसका भी मन करता है कि उसके बच्चे उसी गांव में पढ़ें। उसे भी मन करता है कि मां बीमार हो तो पास के अस्पताल में इलाज हो जाए। उसे भी मन करता है कि बूढ़ा होने पर उसे मजदूरी न करनी पड़े।
लेकिन वह ऐसा कर नहीं पाता।

बिहार ने दुनिया को नालंदा दिया था। चाणक्य दिया था। बुद्ध दिए थे। महावीर दिए थे। वह यही याद करके खुश होता रहता है।

बिहार का आदमी दिलदार होता है। वो खाने की लाइन में मार खाता है, फिर भी अगर हाथ खीर लग गई तो अपना भाग्य मानता है।
बिहार का आदमी देश बनाता है। वह अपना भाग्य नहीं बनाता।
निबंध समाप्त।
*
प्रश्न : बिहार की सबसे बड़ी समस्या क्या है?
उत्तर : भोलापन।
प्रश्न : बिहार की सबसे बड़ी विडंबना क्या है?
उत्तर : अपने नेताओं की अमीरी पर गर्व करना।
प्रश्न : बिहार कब बदलेगा?
उत्तर : जिस दिन नेता की बेटी की शादी में उसे उसे चार पूरियां मिल जाएंगी। दो लट्ठ (लड्डू नहीं) के साथ।
बिहार का गर्व क्या है?
उत्तर : जाति।

#SanjaySinha
#ssfbFamily

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।

शुभजिताhttps://www.shubhjita.com/
शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।
Latest news
Related news