-छह कोनों वाले लाल निशान के साथ चेतावनी देनी होगी
नयी दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने खाने-पीने की पैकेट वाली चीजों पर वॉर्निंग सिंबल यानी खतरे का निशान लगाने को कहा है। जिन चीजों में चीनी, नमक या फैट ज्यादा होगा, उनके पैकेट पर अलग-अलग लाल निशान लगाने होंगे।
हर निशान छह कोनों वाला होगा। उसमें संबंधित चीज की तस्वीर के साथ ‘हाई शुगर’, ‘हाई सॉल्ट’ या ‘हाई फैट’ लिखा होगा। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की बेंच ने केंद्र सरकार और एफएसएसएआई को ये निर्देश दिए हैं।
कोर्ट ने कहा कि चीनी की मात्रा का पता लगाने के लिए कुल शुगर और फैट का पता लगाने के लिए सैचुरेटेड फैट को आधार बनाया जाए। एफएसएसएआई को वैज्ञानिक जांच के आधार पर इनकी तय सीमा फिर से तय करनी होगी। यह मामला ‘3S एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ नाम के एक पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से दायर जनहित याचिका से जुड़ा है।
3S एंड अवर हेल्थ सोसाइटी ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका लगाकर डिब्बा बंद या पैकेट वाले खाने पर अनिवार्य वार्निंग लेबल लगाने की मांग की थी।
कोर्ट ने 28 सितंबर को इस मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया था। याचिकाकर्ता की ओर से एडवोकेट राजीव शंकर द्विवेदी ने पैरवी की। उन उत्पादों पर लाल लेबल लगेगा, जिनमें फैट, शुगर या साल्ट में से कोई भी ‘दो या दो से अधिक’ चीजें तय सीमा से ज्यादा होंगी। इसमें सभी अधिक मीठी कोल्ड ड्रिंक्स भी शामिल होंगी। फ्रंट-ऑफ-पैक लेबलिंग का मकसद ये है कि ग्राहक तुरंत समझ सके कि वो जो फूड खरीद रहा है, वह स्वास्थ्य के लिए कितना सही है। ये जानकारी पैकेट के बैक पर लिखे लंबे चौड़े न्यूट्रिशनल फैक्ट्स से अलग होती है। इसमें सिर्फ जरूरी जानकारी को सरल ग्राफिक्स या रंगों के जरिए दिखाया जाता है।

