रिलायंस फाउंडेशन उठाएगा शहीदों के बच्चों की जिम्मेदारी, आनन्द महिन्द्रा भी आगे आए

मुम्बई. पुलवामा हमले में शहीद हुए जवानों के परिवारों की मदद के लिए रिलायंस फाउंडेशन भी आगे आई है। उसका कहना है कि वह शहीदों के बच्चों की शिक्षा और रोजगार का जिम्मा उठाने को तैयार है। इसके साथ ही वह पीड़ित परिवारों की आजीविका का इंतजाम करने की जिम्मेदारी भी लेगी। रिलायंस फाउंडेशन ने कहा है कि जरूरत पड़ने पर उसके अस्पताल घायल जवानों के इलाज के लिए तैयार हैं। सरकार चाहेगी तो हम दूसरी जिम्मेदारियां भी उठाएंगे। 1.3 अरब हिंदुस्तानियों के दुख में पूरा रिलायंस परिवार शामिल है। रिलायंस फाउंडेशन ने कहा है कि दुनिया की कोई भी बुरी ताकत भारत की एकता को और आतंकवाद को हराने के संकल्प को नहीं तोड़ सकती। देश वीर जवानों की शहादत को नहीं भूल सकता। हम घायल जवानों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं।
गुरुवार को पुलवामा में फिदायीन हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हो गए। कई जवान घायल हैं। आतंकी हमले के खिलाफ लोगों में गुस्सा है। शहीदों और घायल जवानों के परिवारों की मदद के लिए लोग बढ़ चढ़कर आगे आ रहे हैं।
आनन्द महिंद्रा ने भी मदद की मुहिम चलाई
महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने ट्विटर के जरिए शहीदों के परिवारों के लिए फंड जुटाने की अपील की है। उन्होंने कहा है कि 50 लाख लोग 10-10 रुपए भी देंगे तो 5 करोड़ रुपए जमा हो जाएंगे। उन्होंने ट्विटर के जरिए bharatkeveer.gov.in वेबसाइट का लिंक भी दिया है। जिसके जरिए मदद दी जा सकती है।
अपोलो अस्पताल घायल जवानों के फ्री इलाज के लिए तैयार
देश की प्रमुख अस्पताल चेन अपोलो ने कहा है कि वह देशभर में अपने अस्पतालों के जरिए घायल जवानों के मुफ्त इलाज के लिए तैयार है। अपोलो के चेयरमैन प्रताप रेड्डी ने शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई है। उन्होंने कहा है कि हम पीड़ित परिवारों को सलाम करते हैं जिन्होंने देश को वीर जवान बेटे दिए।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।