चुनाव की गर्मी में नेत्रियों का सहारा कॉटन साड़ियाँ

चुनावी जंग अपनी जगह है, हर एक दल की महिला नेत्रियाँ जमकर पसीना बहा रही हैं, उनके विचार अलग -अलग हैं मगर एक बात पर सब साथ हैं, वह है साड़ियों से उनका प्यार। इस पर तपती गर्मियों में पसीना बहाते समय सबकी पसन्द साड़ी और उसमें भी कॉटन, खादी जैसी हैंडलूम साड़ियाँ हैं, चलिए इनके साड़ी वाले अन्दाज पर डालते हैं एक नजर –
प्रियंका गांधी


कांग्रेस नेता प्रियंका गाँधी का बहुरंगी कॉटन साड़ियों वाला लुक काफी अच्छा लग रहा है। आँखों को ठंडक देने वाले रंग उनको पसन्द हैं और उनकी शख्सियत पर जँचती भी हैं। उनकी हैंडलूम साड़ियों में गहरे रंग के बॉर्डर देखे जा सकते हैं। प्रियंका गाँधी को अक्सर कॉटन या जूट कॉटन की साड़ी में देखा जाता है। प्रियंका का नो मेकअप लुक उनको और शानदार बनाता है, वह अपनी दादी इन्दिरा गाँधी का स्टाइल ज्यादा पसन्द भी करती हैं और कई बार तो उनकी तरह दिखती भी हैं।

सुप्रिया सुले


एनसीपी नेता और शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले भी इन राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने में लगी हुई हैं। सुप्रिया भी चुनावों में कड़ी मेहनत कर रही हैं और हमेशा ही रंगीन कॉटन-सिल्क साड़ियों में नजर आती हैं। आमतौर पर सुप्रिया महाराष्ट्रियन साड़ी पहनना पसंद करती हैं।
स्मृति ईरानी


केन्द्रीय मंत्री व अमेठी से प्रत्याशी  स्मृति ईरानी का साड़ी लुक छाया रहता है। गर्मी के मौसम में चटकीले रंगों से लेकर गहरे रंग की कॉटन साड़ी में नजर आने वाली स्मृति का साड़ी पहनने का अंदाज थोड़ा जुदा है। स्मृति साड़ी को काफी कैजुअल तरीके से कैरी करती हैं। इस समय भी चुनाव प्रचार के दौरान कई मौकों पर स्मृति प्रिंटेड कॉटन साड़ी में नजर आईं मगर स्मृति हर तरह की साड़ी पहनती हैं। वे हैंडलूम और मूंगा साड़ी और पटोला साड़ी पहनना पसंद करती हैं। उन्होंने हैंडलूम की साड़ियों को काफी ट्रेंडी बना दिया है। महिलाएं उनका स्टाइल फॉलो करती हैं।
निर्मला सीतारमण


अपनी सादगी के लिए मशहूर रक्षामंत्री निर्मला सीतारमण साड़ी में बेहद गरिमामयी लगती हैं। उनका लुक भले ही सादा हो मगर फीका बिल्कुल नहीं है। गर्मी में उनकी कॉटन, लिनन, पटोला फैब्रिक्स की साड़ियां खूब पसंद की जाती हैं।

डिंपल यादव


समाजवादी पार्टी की डिंपल यादव का साड़ी लुक काफी मशहूर है। डिम्पल साड़ी को बड़ी सादगी और खूबसूरती से पहनती हैं। चटकीले हों या कोई और रंग, उन पर हर तरह की साड़ियाँ अच्छी लगती हैं। डिंपल को कॉटन साड़ियों से खासा प्रेम है। साथ ही उन्हें अक्सर प्रिंटेड, प्लेन, लिनन साड़ियों में देखा जाता है।
हेमा मालिनी


भाजपा से मथुरा में चुनावी मैदान पर उतरी ड्रीम गर्ल हेमा मालिनी अक्सर डिजाइनर साड़ियों में नजर आती हैं। उम्र के लिहाज से हेमा का स्टाइल और अंदाज और भी निखरता जा रहा है। उनके अक्सर चटकीले रंग की साड़ियों में देखा जाता है। वे हैंडलूम साड़ियाँ भी काफी पसन्द करती हैं।
ममता बनर्जी


पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तो पहचान ही सफेद कॉटन साड़ी। ममता, हमेशा ही एक पतले रंगीन बॉर्डर वाली सफेद कॉटन साड़ी पहने नजर आती हैं। उनको आमतौर पर धनियाखाली साड़ी में देखा जा सकता है जो हुगली में बनती हैं। दीदी को देखकर यह तो सीखा ही जा सकता है कि सफेद रंग भी शानदार तरीके से स्टाइलिश बनाया जा सकता है।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।