बाधाएं हमारे जीवन का हिस्सा हैं..मुश्किलें आती हैं और चली भी जाती हैं मगर हर बार कुछ न कुछ सिखाती भी हैं। सही मायनों में देखा जाए तो कठिन परिस्थितियाँ हमारे जीवन को समृद्ध करने के लिए आती हैं। हम उनसे जूझते हैं, सीखते हैं और अपने एक बेहतर संस्करण के साथ सामने आते हैं । राजनीति या धर्म से परहेज है मगर इन दोनों के नाम पर जिस प्रकार का वितण्डावाद चलाया जाता है वह किसी भी समाज के लिए अच्छा नहीं है क्योंकि वह सृजनात्मकता की कसौटी पर खरा नहीं उतरता। हम इन क्षेत्रों में शोधपरक सामग्री आपके समक्ष रखना चाहते हैं अथवा किसी आवश्यक मुद्दे पर सोचने के लिए विवश करने वाले विषय शुभजिता लाना पसन्द करती है…किसी भी दल के पक्ष – विपक्ष से परे..। प्रयास है कि अतीत के गलियारों में झाँककर देखा जाए जब नयी – नयी आजादी मिलने के बाद भारत का लोकतंत्र अपने पैरों पर खड़ा होने का प्रयास कर रहा था। तब से लेकर आज तक राजनीति, राजनीतिक परिस्थितियाँ और राजनेता बहुत बदल चुके हैं और इसके साथ ही पत्रकारिता भी बदल चुकी है। जीवन में परिवर्तन काम्य है मगर शर्त यही है कि देश हो या समाज.. लोकतंत्र में चयन और परिवर्तन का आधार सृजनात्मकता हो, प्रगतिशील सोच हो। देश और समाज को आगे ले जाने की भावना इसमें निहित हो…पर्यावरण के प्रति मैत्री और साहचर्य का भाव हो…। सम्भवतः यही कारण था कि नवजागरण काल आज भी हर क्षेत्र में उतना ही प्रासंगिक है, जितना अपने समय में था। मतदाता और एक नागरिक के रूप में हम सभी अपने दायित्व का निर्वहन कर सकें..अपनी भूमिका निभा सकें।
बिहार के हाजीपुर के जूते पहनकर जंग लड़ रहे रूसी सैनिक
पटना । जब भी बिहार की बात करते हैं तो लोग उसे काफी पिछड़ा हुआ जगह मानते हैं. लेकिन बिहार अब अपनी तस्वीर बदल रहा है। बिहार का शहर हाजीपुर अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी जगह बना रहा है । हाजीपुर मुख्य रूप से वर्षों से अपने केले के लिए मशहूर है, लेकिन अब यहां रूसी सैनिक के लिए निर्माण किए हुए जूते के लिए चर्चा में है। यूक्रेन और रूस का युद्ध वर्ष 2022 से चल रहा है। यह युद्ध एक बार फिर से चर्चा में है क्योंकि बिहार से बनकर जाने वाली जूते पहनकर ही रूसी सैनिक यूक्रेन के खिलाफ मैदान में लड़ते हैं। हाजीपुर की एक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी कंबटेंस एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड रूसी सैनिक के लिए जूते बना रही है। यह कंपनी चर्चा में इसलिए भी बनी हुई है क्योंकि इस कंपनी में काम कर रहे कर्मचारियों में से 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास के युवा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉक्टर विभय कुमार झा ने बताया कि हाजीपुर में बनने वाली जूते का उपयोग अब रूस की सेना करेगी। डॉ विवेक ने कहा बिहार तेजी से तरक्की की ओर बढ़ रहा है जिसमें पटना के बाद हाजीपुर बिहार का दूसरा सबसे तेजी से विकसित होने वाला शहर है। इसकी सराहना केंद्र मंत्री चिराग पासवान से लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक ने किया है. यह भारत के उद्योग के विकास में बड़ा कदम हो सकता है.
यह जूते सुरक्षा के लिए बनाए जाते हैं। यह जूते खासतौर से रूसी सैनिक के जरूरत के अनुसार बनाए जाते हैं। रूसी सैनिक चाहते हैं कि जूता हल्का हो और आसानी से फिसलने वाला ना हो। साथ ही यह जूते बेहद कम तापमान जैसे -40 डिग्री सेल्सियस जैसे ठंडे मौसम की स्थिति का सामना आसानी से कर सके। यह जूते रूसी सैनिक के हर जरूरत पर खरे उतर रहे हैं। यह कंपनी 2018 में बिहार के हाजीपुर में शुरू की गई थी। इस कंपनी का मुख्य उद्देश्य बिहार में नए रोजगार पैदा करना है. यह कंपनी रूस के सबसे बड़े निर्यातकों में से एक है। कंपनी दिन प्रतिदिन नई ऊंचाइयों को हासिल कर रही है। बिहार की यह कंपनी कुल 300 कर्मचारियों पर चलती है. जिसमें से 70 प्रतिशत कर्मचारी महिलाएं हैं। पिछले वर्ष इस कंपनी ने करीब 100 करोड़ रुपए का रेवेन्यू जनरेट किया था. जिसमें से 1.5 मिलियन जोड़ी जूते का निर्माण किया गया था। हाजीपुर की यह कंपनी कई यूरोपीय बाजार के लिए डिजाइनर जूते का भी निर्माण करती है।
मानवी मधु कश्यप बनीं देश की पहली ट्रांसजेंडर दरोगा
पटना । बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग ने दरोगा के 1275 पदों पर वैकेंसी का रिजल्ट जारी कर दिया है। इस परीक्षा में 822 पुरुष और 450 महिला समेत 3 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी भी चयनित हुए हैं। यह पहला मौका है, जब दारोगा भर्ती में ट्रांसजेंडर का चयन हुआ है, इनमें से दो ट्रांसमैन और एक ट्रांसवुमन है। बांका जिले की मानवी मधु कश्यप देश की पहली ट्रांसवुमन दरोगा बन गई हैं। अपनी इस उपलब्धि से उन्होंने अपने पंजवारा गांव समेत पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इस कामयाबी के खास अवसर पर उन्हें रिश्तेदार, दोस्त, पड़ोसी सभी शुभकामनाएं दे रहे हैं।
उन्होंने बताया कि, समाज ने कभी ट्रांसजेंडरों को प्राथमिकता नहीं दी। हर जगह सिर्फ स्त्री और पुरुष नजर आते हैं। आपको किसी भी क्षेत्र में ट्रांसजेंडर नहीं दिखाई पड़ेंगे, इसलिए यहां तक का मेरा सफर बहुत चुनौतीपूर्ण रहा। मधु ने अच्छे अंक से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की। इसके बाद उन्होंने साल 2022 में भागलपुर तिलकामांझी यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन किया। फिर पुलिस विभाग की तैयारी करने के लिए वो पटना पहुंचीं और शिक्षक गुरु रहमान के मार्गदर्शन में तैयारी शुरू की।
मधु ने बताया कि, यह सफलता हासिल करने के लिए मुझे बहुत संघर्ष करना पड़ा। हमारी तरह और लोग भी हर काम के लिए सक्षम होते हैं, बस जरूरत है तो अवसर और सपोर्ट की। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और अपने शिक्षकों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि, इन सबके योगदान की वजह से मैं यहां तक पहुंच सकी हूं। मेरा लक्ष्य बीपीएससी और यूपीएससी कंप्लीट करना है।
मधु ने अपने जैसे और भी ट्रांसजेंडरों को सफलता का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि, आप अपने लक्ष्य को पाने के लिए पूरे शिद्दत से मेहनत कीजिए। सफलता का कोई भी शॉर्टकट नहीं होता है। मधु ने ट्रांसजेंडरों के माता-पिता से उन्हें सपोर्ट करने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि आप अपने बच्चों को घरों से बाहर मत निकालिए, उन्हें पढ़ाइए-लिखाइए। ताकि वो एक दिन पुलिस विभाग और अन्य क्षेत्रों में चयनित होकर देश की सेवा कर सकें। बता दें, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग भर्ती में ट्रांसजेंडर के लिए पांच पद आरक्षित थे, लेकिन तीन ही योग्य उम्मीदवार मिल पाए। इससे इनकी बची हुई दो सीटों को सामान्य श्रेणी में शामिल कर दिया गया।
सूखी खांसी से राहत दिलाएंगे ये घरेलू उपाय
बदलते मौसम में आपके शरीर पर कई तरह के संक्रमण होने लगते है, जिसके बाद सूखी खांसी की परेशानी पेश आ सकती है। एक बार किसी को ये बीमारी हो जाए तो आसानी से पीछा नहीं छोड़ती, फिर आपको रातें खांस-खांसकर गुजारनी पड़ी है, जिसके कारण आप सुकून की नींद नहीं ले पाते और फिर अगले दिन थकान, सुस्ती और चिड़चिड़ापन होने लगता है। कई बार दवा और कफ सिरप भी तुरंत असर नहीं कर पाता है, ऐसे में आप कुछ खास घरेलू उपायों का सहारा ले सकते हैं. ये ऐसे नुस्खे हैं जो दादी-नानी के जमाने से चले आ रहे हैं.
सूखी खांसी से निजात पाने के लिए करें ये घरेलू उपाय
गर्म पानी और शहद – बदलते मौसम में ठंडा पानी पीने से बचना चाहिए और गर्म पानी का सेवन बढ़ा देना चाहिए। अगर आप एक ग्लास गुनगुने पानी में 4 चम्मच शहद मिलाकर पी जाएंगे तो सूखी खांसी से पूरी तरह निजात मिल जाएगी। आप इसे नियमित भी पी सकते हैं, जिससे कई बीमारियों से बचाव हो जाता है।
अदरक और नमक – अदरक एक ऐसा मसाला है जिसका इस्तेमाल हमारे घरों में काफी ज्यादा होता है, ये सर्दी के खिलाफ किसी रामबाण से कम नहीं है। आप चाहें तो इसे कच्चा चबा सकते हैं या इसका रस भी पी सकते हैं, लेकिन चूंकि अदरक कड़वा होता है इसलिए इसकी कड़वाहट को कम करने के लिए अदरक और नमक को मिक्स करके खा जाएं। इससे सूखी खांसी छूमंतर हो जाएगी।
काली मिर्च और शहद – काली मिर्च और शहद का कॉम्बिनेशन सर्दी-खांसी का दुश्मन माना जाता है, इसके लिए आप 4-5 काली मिर्च के दाने ले लें और उसे पीसकर पाउडर की शक्ल दे दें । अब शहद के साथ मिलाकर इसको खा जाएं. अगर इसका दिन में 2 से 3 बार सेवन करेंगे तो ड्राई कफ से छुटकारा मिल जाएगा।
रथयात्रा विशेष : वह मुस्लिम भक्त, जिसकी मजार पर आज भी रुकता है भगवान जगन्नाथ का रथ
इस बार उड़ीसा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की प्रसिद्ध रथयात्रा 7 जुलाई, रविवार से निकाली गयी । भगवान जगन्नाथ की जब रथ यात्रा निकलती है तब मजार पर अपने मुस्लिम भक्त सालबेग को दर्शन देने जाते हैं। हर साल सालबेग की मजार पर कुछ समय के लिए रथ को रोका जाता है। ऐसी परम्परा तब शुरू हुई जब सालबेग की मौत के बाद जब पहली बार रथ यात्रा निकली तो रथ के पहिये मजार के पास जाकर थम गए। लोगों ने काफी मशक्कत की लेकिन रथ मजार के सामने से नहीं हिला।
ऐसी मान्यता है कि सालबेग की मृत्यु के बाद जब रथ यात्रा निकली तो रथ के पहिये मजार के पास जाकर थम गए। लोगों ने काफी कोशिश की, लेकिन रथ मजार के सामने से नहीं हिला। तब एक व्यक्ति ने तत्कालीन ओडिशा के राजा से कहा कि वह भगवान के भक्त सालबेग का जयकारा लगवाएं। उस व्यक्ति की सलाह मानकर जैसे ही सालबेग का जयघोष हुआ, रथ अपने आप चल पड़ा। ऐसी मान्यता है कि तभी से भगवान जगन्नाथ की इच्छा अनुरूप उनकी सालाना आयोजित होने वाली तीन किलोमीटर लंबी नगर रथ यात्रा को कुछ देर के लिए उनके भक्त सालबेग की मजार पर रोका जाता है। सलाबेग मुस्लिम था लेकिन वह भगवान जगन्नाथ का बड़े भक्त था। मुख्य तीर्थ से गुंडिचा मंदिर तक की तीन किलोमीटर की यात्रा के दौरान सम्मान के रूप में ग्रैंड रोड पर स्थित सलाबेग की कब्र के पास स्वामी का रथ कुछ देर के लिए रुकता है। मुगल सूबेदार के पुत्र सलाबेग ओडिशा के भक्ति कवियों के बीच विशेष स्थान रखते हैं क्योंकि उन्होंने अपना जीवन भगवान जगन्नाथ को समर्पित कर दिया था। वह 17वीं शताब्दी के पूर्वार्ध में हुए थे। कहते हैं एक बार सालबेग मुगल सेना की तरफ से लड़ते हुए बुरी तरह से घायल हो गए थे। तमाम इलाज के बावजूद उनका घाव ठीक नहीं हो रहा था। इस पर उनकी मां ने भगवान जगन्नाथ की पूजा की और उनसे भी प्रभु की शरण में जाने को कहा। मां की बात मानकर सालबेग ने भगवान जगन्नाथ की प्रार्थना शुरू कर दी। उनकी पूजा से खुश होकर जल्द ही भगवान जगन्नाथ ने सालबेग को सपने में दर्शन दिया। अगले दिन जब उनकी आंख खुली तो शरीर के सारे घाव ठीक हो चुके थे। भगवान के चमत्कास से जब सालबेग ठीक हो गए तो वो जगन्नाथ जी के दर्शन के लिए मंदिर गए लेकिन उन्हें किसी ने मंदिर में दाखिल नहीं होने दिया। सालबेग निराश नहीं हुए और मंदिर के बाहर ही बैठकर भगवान की अराधना में लीन हो गए। इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ पर कई भक्ति गीत व कविताएं लिखीं। उड़ीया भाषा में लिखे उनके गीत काफी प्रसिद्ध हुए, इस सबके बावजूद भी उन्हें मंदिर में प्रवेश नहीं मिला। इस पर सालबेग ने एक बार कहा था कि अगर उनकी भक्ति सच्ची है तो उनके मरने के बाद भगवान जगन्नाथ खुद उनकी मजार पर दर्शन देने के लिए आएंगे। सालबेग की मौत के बाद उन्हें जगन्नाथ मंदिर और गुंडिचा मंदिर के बीच ग्रांड रोड के करीब दफना दिया गया।
सालबेग की मौत के बाद जब पहली बार रथ यात्रा निकली तो रथ के पहिये मजार के पास जाकर थम गए। लोगों ने काफी मशक्कत की लेकिन रथ मजार के सामने से नहीं हिला। तब रथ यात्रा में शामिल एक शख्स ने तत्कालीन ओडिशा के राजा से कहा कि भगवान के भक्त सालबेग का जयकारा लगवाया जाए। उस व्यक्ति की सलाह मानकर राजा ने जैसे ही सालबेग का जयघोष करवाया रथ अपने आप चल पड़ा। दरअसल सालबेग की इच्छा के मुताबिक भगवान जगन्नाथ की जब रथ यात्रा निकलती है तब मजार पर उसे दर्शन देने जाते हैं। तभी से हर साल सालबेग की मजार पर कुछ समय के लिए रथ को रोका जाता है।

ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 23 जून 2020 को आयोजित होनी थी। प्रत्येक वर्ष इस रथ यात्रा में देश-विदेश से लाखों की संख्या में श्रद्धालु भगवान का रथ खींचने के लिए आते हैं। भक्तों की इसी भीड़ को कोरोना संक्रमण के लिए बड़ा खतरा मानते हुए सुप्रीम कोर्ट ने इस वर्ष रथ यात्रा पर रोक लगा दी है। सुप्रीम कोर्ट के इस आदेश पर 21 लोगों ने पुनर्विचार याचिका दायर की है। याचिकाकर्ताओ में ओडिशा के न्यागढ़ जिले का रहने वाला 19 वर्षीय बीए (अर्थशास्त्र) अंतिम वर्ष का छात्र आफताब हुसैन भी शामिल है। सोशल मीडिया पर उसकी तुलना भगवान जगन्नाथ के सबसे बड़े भक्त सालबेग से हो रही है। लोग उसे दूसरा सालबेग बता रहे हैं।
आफताब हुसैन के मुताबिक बचपन से ही वह भगवान जगन्नाथ के भक्त थे। उनके दादा मुल्ताब खान भी भगवान जगन्नाथ के बड़े भक्त थे। उसके दादा ने वर्ष 1960 में इटामाटी (Itamati) में भगवान ब्रह्मा, विष्णु व महेश के एक मंदिर का निर्माण कराया था, जिसे त्रिनाथ मंदिर के नाम से जाना जाता है। आफताब के अनुसार उन्होंने भगवान जगन्नाथ पर कई किताबें पढ़ीं हैं। इसससे भगवान जगन्नाथ के प्रति उनकी आस्था और गहरी हो गई। आफताब बताते हैं कि उनके पिता इमदाद हुसैन, मां राशिदा बेगम और छोटे भाई अनमोल ने कभी उन्हें भगवान जगन्नाथ की अराधना करने से नहीं रोका। मीडिया से बातचीत में आफताब ने बताया कि उन्हें मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं है, इसलिए वह कभी मंदिर के अंदर नहीं गए हैं। आफताब मानते हैं कि ब्रह्माण को बनाने वाले केवल एक हैं भगवान जगन्नाथ, जिसने सबको बनाया है।
सालबेग, 17वीं शताब्दी की शुरूआत में मुगलिया शासन के एक सैनिक थे, जिन्हें भगवान जगन्नाथ का सबसे बड़ा भक्त माना जाता है। सालबेग की माता ब्राह्मण थीं, जबकि पिता मुस्लिम थे। उनके पिता मुगल सेना में सूबेदार थे। इसलिए सालबेग भी मुगल सेना में भर्ती हो गए थे। एक बार मुगल सेना की तरफ से लड़ते हुए सालबेग बुरी तरह से घायल हो गए थे। तमाम इलाज के बावजूद उनका घाव सही नहीं हो रहा था। इस पर उनकी मां ने भगवान जगन्नाथ की पूजा की और उनसे भी प्रभु की शरण में जाने को कहा। मां की बात मानकर सालबेग ने भगवान जगन्नाथ की प्रार्थना शुरू कर दी। उनकी पूजा से खुश होकर जल्द ही भगवान जगन्नाथ ने सालबेग को सपने में दर्शन दिया। अगले दिन जब उनकी आंख खुली तो शरीर के सारे घाव सही हो चुके थे।
इसके बाद सालबेग ने मंदिर में जागर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने का प्रयास किया, लेकिन उन्हें प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद सालबेग मंदिर के बाहर ही बैठकर भगवान की अराधना में लीन हो गए। इस दौरान उन्होंने भगवान जगन्नाथ पर कई भक्ति गीत व कविताएं लिखीं। उड़ीया भाषा में लिखे उनके गीत काफी प्रसिद्ध हुए, बावजूद उन्हें मंदिर में प्रवेश नहीं मिला। इस पर सालबेग ने एक बार कहा था कि अगर उनकी भक्ति सच्ची है तो उनके मरने के बाद भगवान जगन्नाथ खुद उनकी जमार पर दर्शन देने के लिए आएंगे। सालबेग की मौत के बाद उन्हें जगन्नाथ मंदिर और गुंडिचा मंदिर के बीच ग्रांड रोड के करीब दफना दिया गया।
ऐसी मान्यता है कि सालबेग की मृत्यु के बाद जब रथ यात्रा निकली तो रथ के पहिये मजार के पास जाकर थम गए। लोगों ने काफी कोशिश की, लेकिन रथ मजार के सामने से नहीं हिला। तब एक व्यक्ति ने तत्कालीन ओडिशा के राजा से कहा कि वह भगवान के भक्त सालबेग का जयकारा लगवाएं। उस व्यक्ति की सलाह मानकर जैसे ही सालबेग का जयघोष हुआ, रथ अपने आप चल पड़ा। ऐसी मान्यता है कि तभी से भगवान जगन्नाथ की इच्छा अनुरूप उनकी सालाना आयोजित होने वाली तीन किलोमीटर लंबी नगर रथ यात्रा को कुछ देर के लिए उनके भक्त सालबेग की मजार पर रोका जाता है।
मंदिर के पुजारी और शहरवासी बताते हैं कि सालबेग यहीं का रहने वाला था। उसकी मां हिंदू थी और पिता मुस्लिम थे। भक्त सालबेग सारा जीवन मंदिर के बाहर बैठकर ही भगवान जगन्नाथ जी के दर्शन की आस लगाए रहता था। वह रोज भगवान की जय-जयकार करता हुआ और भावों से भरा हुआ तुरंत जगन्नाथजी के मंदिर की तरफ उनके दर्शनों के लिए दौड़ पड़ता। मगर मुस्लिम होने के कारण उसे मंदिर में प्रवेश नहीं मिलता। ऐसे में वह मंदिर के बाहर बैठकर ही भगवान की भक्ति करने लगता है। प्रभु का नाम जपता है और उनके भजन लिखता है। धीरे-धीरे उसके भजन अन्य भक्तों की जुबान पर भी चढ़ने लगते। लोग बताते हैं कि सालबेग के बनाए भगवान के भजन लोगों को आज भी याद हैं।
(साभार – हिमालय गौरव उत्तराखण्ड)
एचआईवी संक्रमण को शत प्रतिशत ठीक करने वाला ट्रायल सफल
केपटाउन । दुनिया भर के एचआइवी और एड्स पीड़ितों के लिए सबसे बड़ी राहत की खबर है। वैज्ञानिकों ने एचआइवी संक्रमण को ठीक करने वाले इंजेक्शन का सफल ट्रायल होने का दावा किया है। साल भर में इस इंजेक्शन की 2 डोज लेनी होगी। इसके बाद एड्स की भी छुट्टी हो जाएगी। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका और युगांडा में व्यापक स्तर पर किये गए एक क्लिनिकल परीक्षण से पता चला है कि नयी रोग-निरोधक दवा का साल में दो बार इंजेक्शन युवतियों को एचआइवी संक्रमण से पूरी सुरक्षा देता है।
परीक्षण में यह पता लगाने की कोशिश की गई कि क्या ‘लेनकापाविर’ का छह-छह महीने पर इंजेक्शन, दो अन्य दवाओं (रोज ली जाने वाली गोलियों) की तुलना में एचआइवी संक्रमण के खिलाफ बेहतर सुरक्षा प्रदान करेगा। सभी तीन दवाएं ‘प्री-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस’ (रोग निरोधक) दवाएं हैं। अध्ययन के दक्षिण अफ़्रीकी भाग के प्रमुख अन्वेषक, चिकित्सक-वैज्ञानिक लिंडा-गेल बेकर ने बताया कि कि यह सफलता इतनी महत्वपूर्ण क्यों है और आगे क्या उम्मीद की जाए। लेनकापाविर और दो अन्य दवाओं की प्रभावकारिता का परीक्षण 5,000 प्रतिभागियों के साथ ‘उद्देश्य 1’ परीक्षण युगांडा में तीन स्थलों और दक्षिण अफ्रीका में 25 स्थलों पर किया गया।
5000 लोगों पर ट्रायल सफल
लेनकापाविर (लेन एलए) इंजेक्शन का 5 हजार लोगों पर सफल ट्रायल किया गया। लेनकापाविर एचआईवी कैप्सिड में प्रवेश करता है। कैप्सिड एक प्रोटीन शेल है जो एचआइवी की आनुवंशिक सामग्री और प्रतिकृति के लिए आवश्यक एंजाइमों की रक्षा करता है। इसे हर छह महीने में एक बार त्वचा में लगाया जाता है। पूर्वी और दक्षिणी अफ्रीका में, युवतियां एचआइवी संक्रमणों से सबसे ज्यादा पीड़ित होती हैं। कई सामाजिक और संरचनात्मक कारणों से, उन्हें दैनिक प्री-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस व्यवस्था को बनाए रखना भी चुनौतीपूर्ण लगता है। परीक्षण के यादृच्छिक चरण के दौरान लेनकापाविर लगवाने वाली 2,134 महिलाओं में से कोई भी एचआइवी से संक्रमित नहीं हुई। इस इंजेक्शन की 100 प्रतिशत दक्षता साबित हुई। इन परीक्षणों का महत्व क्या है? यह सफलता बड़ी उम्मीद जगाती है कि लोगों को एचआइवी से बचाने के लिए हमारे पास एक सिद्ध, अत्यधिक प्रभावी रोकथाम का उपाय है।
एचआइवी को खत्म करने की जगी उम्मीद
इस ट्रायल के सफल होने से अब एचआइवी को खत्म करने की उम्मीद जाग उठी है। पिछले वर्ष वैश्विक स्तर पर 13 लाख नए एचआइवी संक्रमण के मामले आए थे। हालांकि, यह 2010 में देखे गए 20 लाख संक्रमण के मामलों से कम है। यह स्पष्ट है कि इस दर से हम एचआइवी के नए मामलों में कमी लाने के लक्ष्य को पूरा नहीं कर पाएंगे जो यूएनएड्स ने 2025 के लिए निर्धारित किया है (वैश्विक स्तर पर 5,00,000 से कम) या संभावित रूप से 2030 तक एड्स को समाप्त करने का लक्ष्य भी पूरा नहीं कर पाएंगे। प्री-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस (पीईईपी) दवाएं रोकथाम का इकलौता उपाय नहीं है।
एचआइवी की स्वत: जांच, कंडोम तक पहुंच, यौन संचारित संक्रमणों के लिए जांच और उपचार और बच्चे पैदा करने योग्य महिलाओं के लिए गर्भनिरोधक दवाओं तक पहुंच के साथ-साथ पीईईपी प्रदान की जानी चाहिए। लेकिन इन विकल्पों के बावजूद, हम उस बिंदु तक नहीं पहुंचे हैं जहां हम नए संक्रमणों को रोकने में सक्षम हो सकें, खासकर युवा लोगों में।
साल में 2 इंजेक्शन से एचआइवी नहीं आएगा पास
युवाओं के लिए, रोजाना एक गोली लेने या कंडोम का उपयोग करने या संभोग के समय एक गोली लेने का निर्णय बहुत चुनौतीपूर्ण हो सकता है। एचआइवी वैज्ञानिकों और कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि युवाओं को यह पता चलेगा कि साल में केवल दो बार यह ‘रोकथाम निर्णय’ लेने से मुश्किलें कम हो सकती हैं। किसी युवती के लिए साल में सिर्फ दो बार एक इंजेक्शन लगवाना वह विकल्प है जो उसे एचआइवी से दूर रख सकता है।
क्या है शिवलिंग, कैसे हुई इसकी उत्पत्ति
भारत देश एक हिंदू धर्म प्रधान देश है. हालांकि, यहां पर अन्य कई प्रमुख धर्म भी हैं लेकिन हिंदू धर्म की मान्यता यहां पर ज्यादा है। हमारे हिंदू धर्म में हज़ारों करोड़ो देवी-देवता हैं, जिन्हें अलग-अलग क्षेत्रों के लोग अपने-अपने तरीके से पूजते हैं। मान्यता के अनुसार, इस संसार में कुल 33 करोड़ देवी-देवता हैं। लेकिन कुछ देवी-देवता ऐसे हैं जिनकी मुख्य रूप से पूजा होती है और उन्हीं में से एक हैं भगवान शिव। आज हम सभी लोग जिस शिवलिंग की पूजा करते हैं वो शिव का ही प्रतीक है। आमतौर पर शिवजी के भक्त सावन के महीने में या फिर शिवरात्रि के मौके पर शिवालयों में जाकर शिवलिंग पर दूध, जल, बेलपत्र तथा अन्य पूजा सामग्री चढ़ाकर भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करते हैं।
शिवलिंग मतलब शिव भगवान, मगर कैसे? शिवलिंग का शिवजी से संबंध कैसे है? क्या है इसका मतलब? इसकी उत्पत्ति कैसे हुई और क्या मान्यता है? इन सब चीजों के बारे में बहुत कम ही लोगों को जानकारी होती है। ज़्यादातर लोगों को बस इतना ही पता रहता है कि शिवलिंग अर्थात भगबान शिव का प्रतीक। मगर आज हम आपको इसका असल मतलब बताएंगे। हम आपको बताएंगे कि आखिर शिवलिंग का अर्थ क्या है और कैसे इसे शिवजी का प्रतीक मानकर भगवान शंकर की पूजा की जाने लगी।
शिवलिंग, अगर इस शब्द का विच्छेद किया जाए तो अर्थ निकलता है ‘शिव का लिंग’। समान्यतः शिवलिंग एक गोलाकार मूर्ति तल पर खड़ा दिखाया जाता है, जिसे कई जगहों पर योनी की संज्ञा दी गयी है। कई लोग इसे गलत और अश्लील तथ्यों से जोड़ते हैं, मगर ऐसा कुछ भी नहीं है। ऐसी बातें करने वाले लोगों को इसका पूर्ण ज्ञान नहीं होता और वह आधा-अधूरा ज्ञान बांटकर अंधों में काना राजा बनने का प्रयास करते हैं और कई-कई बार तो बन भी जाते हैं। हालांकि, आपकी जानकारी के लिए बता दें कि शिवलिंग का उन तमाम तरह के अर्थों से कोई भी ताल्लुक नहीं है। यह शब्द सुनने में तो हिंदी जैसा लगता है, मगर इसका असल अर्थ संस्कृत में छिपा है। संस्कृत जो कि बहुत ही प्राचीन भाषा है उसमें लिंग का अर्थ ‘चिन्ह’ या ‘प्रतीक’ बताया गया है। जबकि जननेन्द्रिय को संस्कृत मे शिशिन कहा जाता है।
जानकारी के लिए बता दें कि स्कंदपुराण में आकाश को स्वयं लिंग की संज्ञा दी गयी है। आपको बता दें कि शिवलिंग का अर्थ है अनंत। अनंत अर्थात जिसका न कोई अंत है और न ही आरंभ। यदि ध्यान दिया जाये तो संपूर्ण ब्रह्मांड में दो ही चीजें व्याप्त हैं, पदार्थ और ऊर्जा। संसार की सभी वस्तु इन ही दोनों चीजों से बनी है। यहां तक कि हमारा शरीर भी पदार्थ का ही बना है, जबकि हमारी आत्मा ऊर्जा का प्रतीक है। शिवलिंग को अन्य कई नामों से भी जाना जाता है, जैसे प्रकाश स्तंभ, अग्नि स्तंभ, उर्जा स्तंभ, ब्रह्मांडीय स्तंभ आदि।
अगर सही-सही समझा जाये तो शिवलिंग का सीधा तात्पर्य यह है कि इस संसार में सिर्फ पुरुष का ही वर्चस्व नहीं है और न ही यह सृष्टि पुरुष से ही चल सकती है। पुरुष के साथ-साथ स्त्री का वर्चस्व भी उतना ही महत्वपूर्ण है और दोनों ही एक-दूसरे के समान तथा पूरक हैं। निश्चित रूप से यह इस संसार को समाज को स्त्री पुरुष के बीच समानता दिखाने का संदेश है। मगर कुछ लोग इस बात की गहराई तक पहुंचे बिना ही कई तरह की मन गढ़ंत बातें करने लगते हैं तथा आधे-अधूरे ज्ञान के साथ लोगों को भ्रमित करते हैं। वैसे इस बात से तो तकरीबन सभी बेहतर वाकिफ होंगे कि इस सृष्टि के रचयिता परमपिता ब्रह्मा जी हैं और भगवान विष्णु को सृष्टि का रक्षक कहा जाता है। बताया जाता है कि संसार में संतुलन पैदा करने के लिए ही शिवलिंग की उत्पत्ति हुई है।
(साभार – क्रिकेट अड्डा)
करामाती बंगाली बाबू, साइंस पढ़ी, मगर बनाई 2000 करोड़ की कूरियर कंपनी
कोलकाता । एक मध्यम वर्गीय परिवार में पैदा हुए शुभाशीष चक्रवर्ती की जीवनयात्रा किसी प्रेरणादायी कहानी से कम नहीं है। साइंस पढ़ने में रुचि थी. साइंस की पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्होंने छोटी-मोटी नौकरी की। पढ़ाई और नौकरी का संतुलन बनाए रखने के लिए कठोर तपस्या की। इस तप से फल यह मिला कि वे कॉलेज से कैमिस्ट्री में गोल्ड मेडल लेकर निकले. कभी आर्थिक तंगी झेलने वाले इस बंगाली बाबू की जेब में आज 2,000 करोड़ रुपये की कंपनी है। कंपनी का नाम देश के हर कोने-नुक्कड़ पर तो है ही, विदेशों में भी झंडे झूल रहे हैं। शुभाशीष की दृढ़ संकल्प की कहानी यह संदेश देती है कि पूरी मेहनत (तप) की बदौलत कुछ भी किया जा सकता है। यदि 100 लोगों को केवल एक कूरियर कंपनी का नाम लेने को कहा जाए तो 90 लोगों की जुबान पर पहला नाम डीटीडीसी का ही आएगा. सुभाशीष चक्रबर्ती उसी डीटीडीसी (डीटीडीसी) के संस्थापक हैं। फिलहाल कंपनी में चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर हैं। इनकी कूरियर कंपनी के माध्यम से आपने भी कई बार कूरियर भेजा होगा और आपके घर-ऑफिस तक डीटीडीसी ने कूरियर पहुंचाया भी होगा।
अब आपके मन में प्रश्न उठ सकता है कि कैमिस्ट्री में स्वर्ण पदक पाने वाला शख्स आखिर कूरियर के धंधे में कैसे चला गया? और चला भी गया तो कैसे हजारों करोड़ की वैल्यू वाली कंपनी खड़ी कर दी? सच तो यह है कि वे खुद भी नहीं जानते थे कि कूरियर का काम करेंगे शायद कभी सोचा भी नहीं था। एक इंटरव्यू में शुभाशीष चक्रवर्ती ने खुद कहा था- “उन दिनों में साफ था कि अच्छे नंबरों के साथ ग्रेजुएशन करने के बाद एक अदद नौकरी करनी है।”
शुभाशीष चक्रवर्ती कोलकाता के एक मध्यमवर्गीय परिवार में पैदा हुए। रामकृष्ण मिशन रेजिडेंशिल कॉलेज में केमिस्ट्री की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान ही वे एक बड़ी इंश्योरेंस कंपनी पीयरलेस के साथ काम करने लगे। पीयरलेस पूर्वी भारत में तो अच्छा काम कर रही थी, मगर दक्षिण भारत में उसे कोई नहीं जानता था। सो, कंपनी ने 1981 में शुभाशीष को बैंगलोर भेजा और वहां पीयरलेस का इंश्योरेंस व्यवसाय स्थापित करने को कहा। वे गए और कुछ वर्षों तक इंश्योरेंस में काम करते रहे। मन में एक कसक थी कि अपना व्यवसाय किया जाए। इंश्योरेंस सेक्टर की जानकारी थी, मगर रुचि नहीं थी. कैमिकल्स के बारे में अच्छे से जानते थे, और रुचि भी खूब थी।
ऐसे में 6 साल बाद 1987 में उन्होंने इंश्योरेंस कंपनी को अलविदा कहकर केमिकल डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी शुरू की. केमिकल का बिजनेस चल सकता था, मगर चला नहीं। न चलने के पीछे का असली कारण बनी पोस्टल सर्विस. उन्हें कूरियर कंपनी के साथ डील करने में बहुत समस्या हुई। शुभाशीष ने पाया कि पोस्टल सर्विस और ग्राहकों के बीच में एक बहुत बड़ा गैप है। यहीं से पूरा गेम बदल गया। शुभाशीष ने केमिकल से नाता तोड़कर 26 जुलाई 1990 में डीटीडीसी नामक अपनी कूरियर कंपनी शुरू कर दी. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि डीटीडीसी का पूरा नाम डेस्क टू डेस्क कूरियर एंड कार्गो है.
शुरुआत में बड़े शहरों पर फोकस करने के बाद जल्दी ही शुभाशीष चक्रवर्ती को समझ आ गया कि कूरियर सर्विस की ज्यादा मांग छोटे शहरों में है. मैसूर, मैंगलोर, और हुबली के साथ-साथ केरल, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के छोटे शहरों में ज्यादा जरूरत भी है। 1990 में 20,000 रुपये लगाकर शुरू किए गए व्यवसाय को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। बैंक ने कर्ज देने से मना कर दिया था, क्योंकि वेंचर कैपिटल ही नहीं थी । शुभाशीष ने दिल पर पत्थर रखकर अपनी मां के गहने बेचकर व्यवसाय को चलाना जारी रखा परंतु वह भी कुछ ही महीनों चल सका। फिर से पैसे का संकट आ पड़ा। 1991 में शुभाशीष को एक ऐसा मंत्र सूझा, जिसने पूरी बाजी पलटकर रख दी। उन्होंने फ्रेंचाइजी मॉडल की शुरुआत की। क्षेत्रों को ज़ोन में बांटा गया। एक रीजनल ब्रांच 30 फ्रेंचाइजी संभालने लगी. कुछ ही समय बाद डीटीडीसी ने अपना सॉफ्टवेयर और कंप्यूटर सिस्टम भी फ्रेंचाइजीज़ पर उपबल्ध करवा दिया, ताकि ऑर्डर की रियल-टाइम ट्रैकिंग हो सके। यह एक ऐसी क्रांति थी, ग्राहक जिसकी जरूरत काफी समय से महसूस कर रहे थे। अब कूरियर भेजने वाला यह जान सकता था कि उसका पैकेट कहां तक पहुंचा है और कब वह सही हाथों तक पहुंच जाएगा। फ्रेंचाइजी आइडिया काम कर गया और गाड़ी अच्छे से चल पड़ी। दक्षिण भारत से व्यवसाय की शुरुआत करने वाली यह कंपनी फिलहाल 14,000 पिन कोड्स तक पहुंच रखती है। रिटेल ग्राहकों और बिजनेस दोनों के लिए डिलीवरी सेवाएं मुहैया कराने वाली कंपनी आपके घर से पिकअप कर सकती है और कहीं भी डिलीवरी दे सकती है। डीटीडीसी की वेबसाइट के मुताबिक, इसके नेटवर्क में 14,000 फिजिकल कस्टमर एक्सेस पॉइन्ट हैं. 96 फीसदी भारत के ही हैं. इसके अलावा इंटरनेशनल लेवल पर की उपस्थिति है. दुनिया के 220 डेस्टिनेशन ऐसे हैं, जहां पर डीटीडीसी की सेवाएं उपलब्ध हैं।
डीटीडीसी लगातार आगे बढ़ रही है। कंपनी के पास बड़े-बड़े क्लाइंट हैं, जिनमें विप्रो, इंफोसिस और टाटा ग्रुप की कंपनियां भी शुमार हैं। 2006 तक कंपनी की 3700 फ्रेंचाइजी हो गई थीं और रेवेन्यू 125 करोड़ रुपये थे. इसी समय इसे रिलायंस कैपिटल से 70 करोड़ रुपये का निवेश मिला और यह 180 करोड़ रुपये की कंपनी बन गई। 2010 आते-आते फ्रेंचाइजी की संख्या 5000 हो चुकी थी। इस समय कंपनी की सेल 450 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। 2013 में डीटीडीसी ने निक्कोस लॉजिस्टिक्स में 70 फीसदी हिस्सेदारी खरीदी। इसी साल कंपनी ने डॉटज़ोट की लॉन्चिंग की, जोकि ई-कॉमर्स कंपनियों के लिए भारत का पहला डिलीवरी नेटवर्क बना। 2015 में हैदराबाद में ऑटोमेटिक लॉजिस्टिक हब बनाया गया।
2018 का आंकड़ा बताता है कि कंपनी हर साल 150 मिलियन से अधिक पैकेट शिप कर रही है और इसके फ्रेंचाइजी पार्टनर की संख्या 10,700 तक पहुंच गई। चूंकि और भी कंपनियां कूरियर डिलीवर करती हैं तो भी डीटीडीसी के पास लगभग 15 प्रतिशत का मार्केट शेयर है। फिलहाल, एक अनुमान है कि कंपनी का रेवेन्यू 2000 करोड़ के आसपास है। हालांकि इससे जुड़ा कोई आंकड़ा सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध नहीं है, मगर कुछ साल पहले एक बड़े मीडिया घराने ने इसके आईपीओ को लेकर एक खबर छापी थी। उस खबर में कहा गया था कि कंपनी 3,000 करोड़ रुपये का एक आईपीओ लाने वाली है। बता दें कि अभी तक कंपनी अपना आईपीओ नहीं लाई है।
लिटिल थेस्पियन का 24वां रंग अड्डा
भवानीपुर कॉलेज ने चित्रगुप्त की अदालत में महाभारत के सत्रह पात्रों से की जिरह
कोलकाता । भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज ने महाभारत के पात्रों की अपनी अपनी त्रुटियों और उपलब्धियों को “चित्रगुप्त की अदालत” कार्यक्रम में बतौर हर पात्र को सामने रखकर व्यक्तिगत रूप से जिरह की । कर्ण, कुंती, द्रोपदी, युधिष्ठिर, भीम, द्रोणाचार्य, गांधारी, दुशासन, भीष्म, शकुनि, अश्वत्थामा, अभिमन्यु, बर्बरीक आदि सत्रह पात्रों में विद्यार्थियों ने अपने-अपने पात्र के रूप में निजी वक्तव्य रखे। भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज की कलेक्टिव टीम वॉक्स पॉपूली द्वारा आयोजित यह कॉलेज के छात्रों द्वारा आयोजित एक इंटरैक्टिव चर्चा रही जिसके माध्यम से महाभारत के महान पात्रों की अनंत यात्रा को देखने का अवसर है। कार्यक्रम “चित्रगुप्त की अदालत” इस कालजयी महाकाव्य के सांस्कृतिक प्रभाव की भावना का स्मरण और जश्न भी रहा ।कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ वसुंधरा मिश्र ने रामधारी सिंह दिनकर जी की लंबी कविता ‘कृष्ण की चेतावनी’ की शानदार आवृत्ति की जिसने उपस्थित सभी शिक्षकों और 50 विद्यार्थियों में उत्साहवर्धन किया। ‘चित्रगुप्त की अदालत’ छात्र- छात्राओं द्वारा पात्रों के चित्रण के माध्यम से महाभारत के विशिष्ट पात्रों के अंतर्मन की एक झलक है। कसिस शॉ, राजनंदिनी गुप्ता, सुचेतन भद्र के संचालन और प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी के संयोजन में डीन अॉफिस के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। दिनांक बारह जून 2024 कॉन्सेप्ट हॉल में तीन घंटे तक चले इस कार्यक्रम के निर्णायक प्रसिद्ध साहित्य अध्येता परनब मुखर्जी रहे जिन्होंने हर पात्र को पहले प्रश्न दिए जैसे अर्जुन को बड़ा धनुर्धर माना जाता है,द्रोपदी उससे प्रेम करती थी, प्रश्न उठता है कि महाभारत में उसने द्रोपदी के साथ पांचों भाइयों के विवाह और चीर हरण के समय कोई प्रतिरोध क्यों नहीं किया, कर्ण जैसे पराक्रमी का वध भी छल से किया, एकलव्य उससे आगे न आए इस बात का भय था आदि कई प्रसंग है जो अर्जुन के सर्वश्रेष्ठ धनुर्धर होने को प्रमाणित नहीं करते, सबसे बड़ा सत्य यह था कि वह कृष्ण की छत्रछाया में था। इसी तरह द्रोपदी का अग्नि से जन्म ही प्रतिशोध लेने के लिए हुआ था और गांधारी का ज्येष्ठ पुत्र राजा क्यों नहीं बना, युधिष्ठिर धर्मराज होते हुए भी द्युत खेलता है जिसे बुरा समझा जाता है और सत्य क्या है आदि प्रश्न उठाए गए जो आज भी प्रासंगिक हैं। डॉ वसुंधरा मिश्र ने बताया कि प्रत्येक पात्र को अपनी बात को प्रमाणित करने के लिए ढाई मिनट का समय दिया गया।
प्रो दिलीप शाह ने अपने स्वागत वक्तव्य में कहा कि महाभारत महाकाव्य हर काल और देश का प्रश्न, सांस्कृतिक, नैतिक मूल्यों और आदर्शों की विरासत है। प्रो शाह ने परनब मुखर्जी को उत्तरीय पहना कर सम्मानित किया। यह कार्यक्रम हिंदी, अंग्रेजी दोनों भाषाओं में किया गया। प्रो परनब ने अध्ययन को महत्वपूर्ण मानते हुए विद्यार्थियों को कहा कि महाभारत के साथ साथ भारतीय वांग्मय को अधिक से अधिक पढा़ जाना चाहिए।




