कोलकाता । मंगलवार कलकत्ता विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में ‘एक दिवसीय व्याख्यान और कहानी पाठ ‘का सफल आयोजन किया गया । इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश से आए प्रोफेसर आनंद कुमार सिंह ने “अज्ञेय” पर ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने उनकी कविता ‘बावरा अहेरी’ और ‘असाध्य वीणा’ पर अपने विचार रखे और कहा कि हिंदी के विद्यार्थियों को हिन्दी के साथ अन्य विषयों को भी जानना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हिंदी के विद्यार्थियों को बहुआयामी सोच,भाषा और बोलियों को जानना होगा । कहानीकार सुमन सिंह ने अपनी कहानी “कौन सी सड़क जाएगी बांदा” का बहुत ही सुंदर ढंग से पाठ किया । उन्होंने अपनी कहानी में कोरोना के दृश्यों का वर्णन किया ,किस तरह से लोग उस समय बेबस हुए थे ,सभी संवेदनाओं को उन्होंने अपनी कहानी में बहुत सुंदर ढंग से बताया ।कलकत्ता विश्वविद्यालय की हिंदी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर राजश्री शुक्ला ने दोनों अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि हम सब बहुत गौरवान्वित, लाभान्वित और प्रभावित हुए। इस आयोजन में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शोधार्थी एवं शिक्षक उपस्थित थे ।इनके कारण यह कार्यक्रम सफल हुआ। कार्यक्रम का संचालन हिन्दी विभाग के प्रोफेसर राम प्रवेश रजक ने किया और धन्यवाद ज्ञापन हिन्दी विभाग के प्रोफेसर विजय कुमार साव ने किया।
बीएचएस में विद्यार्थियों को दी गयी कोविड -19 की वैक्सीन
कोलकाता । बिड़ला हाई स्कूल ने कोलकाता नगर निगम के सहयोग से कोविड -19 को लेकर टीकाकरण अभियान चलाया। 6 अप्रैल को आय़ोजित इस अभियान के तहत 12 -14 वर्ष के छात्रों को कोविड -19 की वैक्सीन लगायी गयी। प्राथमिक तौर पर आठवीं एवं नौवीं कक्षा के अतिरिक्त सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों को भी निःशुल्क वैक्सीन दी गयी। कोलकाता नगर निगम द्वारा भेजे गये 2 मेडिकल कर्मियों ने 219 छात्रों को कोविड -19 की वैक्सीन दी। स्कूल ने बेलव्यू क्लिनिक से किसी भी आपात स्थिति के लिए चिकित्सकों की व्यवस्था की थी मगर इसकी आवश्यकता नहीं पड़ी। इस दौरान नर्सों, शिक्षक – शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने पंजीकरण, प्रमाणपत्रों के प्रिंटिंग का दायित्व सम्भाला जो टीका लगवाने वाले हर विद्यार्थियों को दिया गया।
रपट – रिया खेतान
आयोजित हुआ ” प्वाइंटर्स बिजनेस फोरम (पीबीएफ) एक्सपो 2022″
साउथ पॉइंट हाई स्कूल के पूर्व विद्यार्थियों ने गठित किया फोरम
400 से अधिक सक्रिय पूर्व छात्रों के योगदान के से बना है
कोलकाता । साउथ प्वाइंट स्कूल के पूर्व विद्यार्थियों ने बंगाल की व्यावसायिक प्रगति के लिए नयी पहल की है। विश्व भर में फैला साउथ प्वाइंट के पूर्व विद्यार्थियों को एक साथ लाने के लिए पॉइंटर्स बिजनेस फोरम (पीबीएफ) एक्सपो का आयोजन किया गया। इस एक्सपो को ” द डायलॉग: बिजनेस बियॉन्ड बाउंड्रीज – एसेंशियल फॉर सुपरचार्ज्ड ग्रोथ” नाम दिया गया है। “पॉइंटर्स बिजनेस फोरम एक्सपो 2022” का उद्घाटन प्रमुख अतिथि कृष्णा दमानी (ट्रस्टी और सचिव, साउथ पॉइंट एजुकेशन सोसाइटी और वाइस चेयरमैन, साउथ पॉइंट हाई स्कूल) ने किया।
इस मौके पर डॉ. सुबोर्नो बोस (चेयरमैन और सीईओ आईआईएचएम और इंडिस्मार्ट ग्रुप वर्ल्डवाइड के सीईओ एवम् अंतर्राष्ट्रीय आतिथ्य परिषद, लंदन और पीबीएफ के सदस्य), अनिर्बान कुमार मुखोपाध्याय, (निदेशक, हेरिटेज बंगाल ग्लोबल और पीबीएफ के सदस्य) डॉ. अर्नब बसु (सह-संस्थापक और सीईओ, यांचा पॉजिटिव पेरेंटिंग एलएलपी और पीबीएफ के सदस्य), प्रदीप चोपड़ा (निदेशक, पीएस ग्रुप), संजय गुहा (संस्थापक-सीईओ, एक्वीस्ट ग्लोबल और पीबीएफ सदस्य), अतिन दत्ता (निदेशक और ट्रस्टी, जॉर्ज टेलीग्राफ ग्रुप) मैत्रेयी मलिक (हेल्थकेयर एंटरप्रेन्योर और पीबीएफ के अन्य गणमान व्यक्ति शामिल थे।
पॉइंटर्स बिजनेस फोरम (पीबीएफ) के सदस्य पूरे विश्वभर में व्यापारियों के समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं। इसमें दुनिया भर में फैले 400 से अधिक इस संगठन के सदस्यों के साथ साउथ प्वाइंट हाई स्कूल के पूर्व छात्रों को भी शामिल किया गया हैं, जो मुख्य रूप से इस राज्य में मौजूद व्यापारियों के व्यावसायिक हितों की रक्षा करते हैं। यह एक अनूठा बिजनेस ग्रुप है, जिसमे महामारी के दौरान एक स्कूल के पूर्व छात्र एक साथ एक मंच पर रहेंगे। सिर्फ यही नहीं अब इस संगठन का रिश्ता यूके, यूएसए और ऑस्ट्रेलिया जैसे अंतरराष्ट्रीय बाजारों के व्यापायियों के साथ मजबूत संबंध स्थापित हो चुका हैं।
इस एक्सपो के अयोजन का मूल उद्देश्य पूर्व छात्रों के व्यापारिक समुदाय को एक मंच पर लाकर विभिन्न व्यक्तियों के साथ सार्थक संवाद विनिमय में शामिल होने और अपने व्यवसाय के बारे में विस्तृत जानकारी देकर उसे दूसरों के सामने लाने के साथ-साथ विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में विशेषज्ञों से विस्तृत ज्ञान लेना है। जिससे वे इन ज्ञान का लाभ उठाकर आय सीमाओं से परे सुपरचार्ज्ड विकास कर सके।
पॉइंटर्स बिजनेस फोरम (पीबीएफ) एक्सपो 2022 का एक और उद्देश्य सहयोग और सह-निर्माण के मिश्रण से एक बड़ा रोडमैप बनाना है। इस अवसर पर बोलते हुए, जॉर्ज टेलीग्राफ ग्रुप के निदेशक और ट्रस्टी अतिन दत्ता ने कहा, लगभग सभी स्कूलों का अपना पूर्व छात्र निकाय होता है, लेकिन पीबीएफ में 400 से अधिक सदस्यों के साथ विशेष रूप से किसी स्कूल के पूर्व छात्रों द्वारा गठित पहला ऐसा चेम्बर ऑफ कॉमर्स है। साउथ प्वाइंट के भीतर भी यह पहली बार है, जिसमे जापान से लेकर यूके और अमेरिका तक पूर्व छात्रों का नेटवर्क शामिल है, जो एक साथ हाथ मिलाकर कार्य कर रहे हैं, इस मजबूत कड़ी की झलक इसके पहले संस्करण में भी देखने को मिली थी।
कोलेस्ट्रॉल लेवल बढ़े तो रखिए ख्याल
आपने अक्सर सुना होगा कि शरीर में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ने से कई तह की बीमारियांं भी होने लग जाती हैं। ऐसे में ज्यादातर लोगों को यह तो पता होता है कि यह एक स्वास्थ्य का मसला लेकिन असल में इसके बारे में बहुत कम लोगों को जानकारी होती है। आइए, जानते हैं कि कोलेस्ट्रॉल क्या है और किन फलों को खाने से कोलेस्ट्रॉल का लेवल नियंत्रित किया जा सकता है?
क्या है कोलेस्ट्रॉल ?
कोलेस्ट्रॉल खून में पाया जाने वाला मोम जैसा पदार्थ है। स्वस्थ कोशिकाओं के निर्माण के लिए शरीर को इसकी जरूरत होती है, लेकिन इसकी ज्यादा मात्रा से दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। कोलेस्ट्रॉल की उच्च मात्रा से रक्त वाहिकाओं में चर्बीदार पदार्थ जमा हो जाते है। जो कई बार बढ़ते जाते हैं और इस कारण ह्रदय धमनियों से पर्याप्त मात्रा में खून का बहना मुश्किल हो जाता है। कभी-कभी इस जमा पदार्थ के अचानक टूटने से एक थक्का बन जाता है, जिससे हार्ट अटैक या स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है।
इन फलों से नियंत्रण में रहता है कोलेस्ट्रॉल लेवल
नाशपाती
रोजाना एक नाशपाती खाने से कोलेस्ट्रोल लेवल को कंट्रोल किया जा सकता है. नाशपाती में पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, विटामिन, कैल्शियम, आयरन, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट, एंटीबैक्टीरियल आदि तत्व होते हैं।
स्ट्रॉबेरी
स्ट्रॉबेरी स्वाद में भी काफी अच्छी होती है। आपको आहार में स्ट्रॉबेरी को भी शामिल करना चाहिए। स्ट्रॉबेरी में विटामिन सी, एंटीऑक्सीडेंट, एंटीइंफ्लेमेटरी, फोलेट, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व भरपूर रूप से होते हैं।
सेब
आपने सुना ही होगा कि रोजाना एक सेब खाने से हम स्वस्थ रह सकते हैं। सेब खाने से बुरे कोलेस्ट्रॉल का खतरा बहुत कम हो जाता है। सेब में विटामिन ए, विटामिन सी, पोटेशियम, फाइबर, कार्बोहाइड्रेट्स मौजूद होते हैं।
अंगूर
अंंगूर से भी बुरे कोलेस्ट्रॉल के लेवल को शरीर से घटाया जा सकता है। इसमें फाइबर, प्रोटीन, आयरन, कॉपर, फोलेट, विटामिन सी, ए, के और बी जैसे पोषक तत्व होते हैं।
पपीता
पपीता खाने से भी कोलेस्ट्रॉल लेवल कंंट्रोल रहता है. पपीते में प्रोटीन, कैल्शियम, फॉस्फोरस जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें आयरन की मात्रा भी पाई जाती है।
नींबू
गर्मियों में नीबू का किसी भी रूप में सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है. नींबू में विटामिन ए, विटामिन बी 6, विटामिन सी, विटामिन इ, कैल्शियम, मैग्नीशियम, पोटैशियम, आयरन जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं।
बिहार के आईआईटी जेएएम की परीक्षा में कैदी ने देशभर में हासिल किया 54वां रैंक
नवादा । कारागार को सुधारगृह भी कहते हैं, कुछ ऐसा ही कर दिखाया है बिहार की जेल में एक बंद कैदी ने। हत्या के मामले में जेल में बंद कैदी ने एक कीर्तिमान ही स्थापित कर दिया है। कैदी एक नौजवान है जो हत्या के केस में विचाराधीन है। वो फिलहाल नवादा की जेल में बंद है। इस कैदी युवक ने जेल में रहकर ही पढ़ाई की और ये रिकॉर्ड बना दिया। JAM वो परीक्षा है जिसमें पास होने के लिए छात्र तरसते हैं लेकिन कैदी नौजवान ने जेल से पढ़ाई करते हुए ही इस परीक्षा में इतना बड़ा रैंक हासिल कर लिया। अब जेल प्रशासन भी अपने इस कैदी पर गर्व महसूस कर रहा है।
जेल में बंद कैदी छात्र ने रच दिया इतिहास
हत्या के मामले में जेल में बंद सूरज कुमार उर्फ कौशलेंद्र ने जेएएम 2022 में सफलता हासिल की है। आईआईटी रुड़की की ओर से आयोजित इस परीक्षा में उसे 54वीं आल इंडिया रैंक हासिल हुई है। विचाराधान बंदी सूरज वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के मोसमा गांव का रहने वाला है और तकरीबन एक साल से एक हत्या के मामले में जेल में बंद है। मंडल कारा नवादा में रहते हुए ही उसने परीक्षा की तैयारी की। परीक्षा की तैयारी में जेल प्रशासन ने सूरज उर्फ कौशलेंद्र की इसमें काफी मदद की। कड़ी मेहनत और लगन से उसने जेल में रहते हुए उसने परीक्षा की तैयारी की।
अप्रैल 2021 में गया था जेल
आपको बता दें कि वारिसलीगंज के मोसमा गांव में रास्ता विवाद को लेकर दो परिवारों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। अप्रैल 2021 को हुई मारपीट में एक पक्ष के संजय यादव बुरी तरह जख्मी हो गए थे। इलाज के लिए पटना ले जाने के क्रम में उनकी मौत हो गई थी। तब मृतक के पिता बासो यादव ने सूरज, उसके पिता अर्जुन यादव समेत नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 19 अप्रैल 2021 को पुलिस ने सूरज समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि ये केस अभी चल रहा है और इसी बीच सूरज ने जेल के अंदर ही मेहनत कर ये कामयाबी हासिल की।
आयुर्वेदिक डाक्टरों को भी मिलेगा एलोपैथी चिकित्सकों के बराबर वेतन
सुप्रीम कोर्ट ने बरकरार रखा उत्तराखंड हाईकोर्ट का फैसला
नयी दिल्ली । सुप्रीम कोर्ट ने उत्तराखंड हाई कोर्ट के उस फैसले को बरकरार रखा है जिसमें हाई कोर्ट ने कहा है कि एनआरएचएम स्कीम के तहत आयुर्वेद के डॉक्टर एलोपैथी के डॉक्टर के बराबर वेतन के हकदार हैं। सुप्रीम कोर्ट में उत्तराखंड हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ राज्य ने अर्जी दाखिल की थी। सुप्रीम कोर्ट ने मामले में दाखिल याचिका पर सुनवाई से इनकार कर दिया।
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह इस बात को साफ करते हैं कि नैशनल रूरल हेल्थ मिशन के तहत प्रतिवादी आयुर्वेदिक डॉक्टर, एलोपैथी के मेडिकल ऑफिसर व डेंटल मेडिकल ऑफिसर के बराबर हैं। सुप्रीम के आदेश के बाद साफ हो गया है कि एनआरएचएम स्कीम के तहत आयुर्वेद के डॉक्टर एलोपैथी मेडिकल ऑफिसर के बराबर वेतन के हकदार हैं।
दरअसल उत्तराखंड सरकार ने एनआरएचएम स्कीम के तहत राज्य में आयुर्वेद, होम्योपैथिक, एलोपैथी और डेंटल मेडिकल ऑफिसर की नियुक्ति की थी। इसके पीछे उद्देश्य यह था कि ग्रामीण इलाकों में लोगों को स्वास्थ्य स्कीम का लाभ हो और लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवा मिल सके। लेकिन आयुर्वेद के डॉक्टरों और अन्य के बीच सैलरी में विभेद था। इसके खिलाफ आयुर्वेद के डॉक्टरों ने राज्य सरकार के संबंधित विभाग के सामने रिप्रजेंटेशन दिया लेकिन वहां से जब उन्हें राहत नहीं मिली तो उन्होंने उत्तराखंड हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।
उत्तराखंड हाई कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि एनआरएचएम स्कीम के तहत आयुर्वेदिक डॉक्टर , एलोपैथी मेडिकल ऑफिसर के बराबर सैलरी के हकदार हैं। इसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में राज्य ने अर्जी दाखिल की थी। उस अर्जी पर अब सुप्रीम कोर्ट ने भी सुनवाई से इंकार कर दिया जिसके बाद उत्तराखंड हाईकोर्ट का फैसला बरकरार है।
कोरोना बीता, अब धूमधाम से मना गणगौर उत्सव
16 दिवसीय गणगौर पूजन का समापन
सिलीगुड़ी: आज सिलीगुड़ी के 8 नंबर वार्ड खाल पाड़ा में स्थित गांधी मैदान में गणगौर उत्सव धूमधाम के साथ मनाया गया साथ ही आज सोलह दिनों की पूजा अर्चना के बाद आज गणगोर को भावभीनी विदाई देते हुए विसर्जन किया गया । होली के तुरंत बाद ही गणगौर उत्सव गणगौर पूजन के साथ शुरू हो जाता है जिसमें विशेष रूप से नई विवाहित युवतियां गणगौर की पूजा अर्चना करती हैं साथ ही सुबह दोपहर तथा शाम को 16 दिनों तक यह पूजा चलती रहती है अपने सुहाग की रक्षा, प्यार की कामना के साथ गणगौर उत्सव मनाया जाता है। सभी विवाहित महिलाएं इस उत्सव को मनाती हैं। मुख्य रूप से गणगौर पूजन में शिव और पार्वती की पूजा की जाती है। कोरोना महामारी के कारण 2 सालों से यह उत्सव काफी फीका पड़ गया था लेकिन इस बार महिलाओं ने मिलकर काफी अच्छे से अपने नियम के साथ और उत्साह पूर्वक गणगौर उत्सव मनाया है। आठ नंबर वार्ड की वार्ड पार्षद शालिनी डालमिया ने बताया कि यह हमारे समाज का पारंपरिक, सांस्कृतिक, धार्मिक त्यौहार है जो हम हर साल लगातार 16 दिनों तक करते हैं और फिर आज ही के दिन अंतिम दिन गणगौर की विदाई के साथ विसर्जन करते हैं और धूमधाम से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करते हैं। सिलीगुड़ी समाज की प्रसिद्ध लेखिका बबीता अग्रवाल ने बताया कि सदियों से गणगौर पूजन का उत्सव चलता आ रहा है। यह हमारी परंपरा और संस्कृति से जुड़ा हुआ पर्व है। आज के इस गणगौर उत्सव में सिलीगुड़ी शहर की विभिन्न संस्थाओं की महिलाएं भी जुड़ी हुई थी जिसमें मुस्कान, नामक संस्था थी । नारी शक्ति, तथा मां भवानी मंजू माता महिला परिवार की सदस्याएं भी भरी तादाद में उपस्थित थी वही तेरापंथ महिला मंडल, भी । नारी शक्ति की अध्यक्ष शशि जैन ने बताया की यह पर्व हम हर साल धूमधाम से मनाते है। तेरापंथ महिला मंडल की अध्यक्ष मनीषा सुराणा ने कहां की गणगौर पर्व से हमारे जीवन में एक नया उत्साह और शक्ति तथा प्रेम की भावना बढ़ती है।
भवानीपुर कॉलेज का थियेटर फेस्ट 2022 सम्पन्न
प्रथम रहा भवानीपुर कॉलेज
कोलकाता । भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज का तीन दिवसीय थियेटर फेस्ट 2022 आज संपन्न हुआ।कॉलेज के डीन प्रो दिलीप शाह ने अपने स्वागत वक्तव्य में थियेटर फेस्टिवल 2022 के थीम विषय मुखौटे पर अपनी बात रखते हुए कहा कि हर व्यक्ति में कई व्यक्ति होते हैं लेकिन वह चेहरा उसी व्यक्ति का होता है। कोलकाता के लगभग ग्यारह कॉलेज शिक्षायतन कॉलेज, लॉरेट कॉलेज, हेरिटेज कॉलेज, आदि से आए कलाकार और नाटक प्रतिस्पर्द्धा में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों का स्वागत किया और कहा इस कार्यक्रम का उद्देश्य है सभी कॉलेजों के नाट्यकला के विद्यार्थियों का आपसी मेलजोल हो और वे मिलकर नाटक का मंचन करें जिससे बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की उपस्थिति बतौर दर्शक रहेगी। वर्तमान में नाटक में तकनीकी विकास के क्षेत्र में हुई प्रगति के विषय में भी बताया है
।तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के नाटकों का मंचन किया गया।अॉडियो ड्रामा, स्ट्रीट प्ले, मोनो एक्ट, कॉमेडी ड्रामा, इमप्रोव, बोर्डरूम ड्रामा, एड स्पुफ, स्टेज प्ले आदि कार्यक्रम का उद्घाटन किया लिटिल थेस्पियन और पश्चिम बंगाल साहित्य अकादमी के कला विभाग की प्रमुख रंगमंच की मशहूर हस्ती उमा झुनझुनवाला ने। उन्होंने अपने वक्तव्य में नाटक को पंचम वेद बताते हुए जीवन के सभी रसों से पूर्ण बताया और नाटक हमें अनुशासन सिखाते हैं।
तीन दिनों तक चलने वाले इस थिएटर फेस्टिवल प्रतियोगिता में कई प्रमुख नाट्यमंच के प्रमुख व्यक्तित्वों में सुप्रभो टैगोर, रित्विका चौधरी , एरोन टार्गिन , देबप्रियो मुखर्जी, पलाश चतुर्वेदी, शुभम् सिंह आदि ने विविध प्रकार के मंचन किए गए नाटकों पर निर्णय दिया।
थियेटर फेस्ट में विद्यार्थियों ने फुड स्टॉल भी लगाए। छात्र छात्राओं के वॉलंटियर्स ने सभी प्रकार के मैनेजमेंट के तहत कार्य किए। कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के पदाधिकारियों, शिक्षकों और शिक्षिकाओं तथा इन एक्ट के विद्यार्थियों का पूर्ण रूप से सहयोग रहा। डीन प्रो दिलीप शाह, प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी, प्रो दिव्या उदेशी ने इस कार्यक्रम की रूपरेखा आयोजित की। डॉ वसुंधरा मिश्र ने कार्यक्रम की जानकारी दी । थियेटर फेस्ट 2022 में प्रथम भवानीपुर एजूकेशन सोसाइटी कॉलेज, द्वितीय स्कॉटिश चर्च कॉलेज और श्री शिक्षायतन कॉलेज, तृतीय विमेन्स क्रिश्चियन कॉलेज रहे।
भारत जैन महामंडल लेडीज विंग ने नेत्रहीन बच्चों को करवाया भोजन
कोलकाता । भारत जैन महामंडल लेडीज विंग ने टालीगंज थाना के पास नेत्रहीन बच्चों की स्कूल में सुबह के भोजन की व्यवस्था की। यह मानव सेवा लाइट हाउस फॉर द ब्लाइंड में की गयी। आयोजन भारत जैन महामंडल लेडीज विंग कोलकाता की सदस्य सुमित्रा सेठिया के जन्मदिन पर घोषित राशि से किया गया। मानव सेवा ही सच्ची ईश्वर सेवा होती है। सभी बच्चों को दोपहर का भोजन , गुलाब जामुन खिलाया गया। महावीर जयंती पर मानव सेवा और महावीर भजन सराहनीय आयोजन था। यह जानकारी भारत जैन महामंडल की उपाध्यक्ष अंजू सेठिया ने दी।
भारत की पहली एल्युमिनियम बॉडी वाली हल्की ट्रेन दौड़ी पटरी पर
पुणे मेट्रो में भरेगी रफ्तार
हुगली: आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के सचिव मनोज जोशी ने देश की पहली हल्के वजन की ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने हुगली के उत्तरपाड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में इस ट्रेन का उदघाटन किया। यह ट्रेन महाराष्ट्र मेट्रो की पुणे प्रोजेक्ट के लिए एल्युमिनियम-बॉडी से बनी देश की पहली हल्की ट्रेन है।
इस मौके पर बोलते हुए जोशी ने कहा कि देश में मेट्रो परियोजनाओं के कारण एक नया ईको-सिस्टम विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी ट्रेन का निर्माण ‘मेक इन इंडिया’ अवधारणा की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने एल्युमीनियम निर्मित ट्रेन का उपयोग करने का साहसिक निर्णय लेने के लिए महाराष्ट्र मेट्रो के प्रबंध निदेशक (एमडी) डॉ दीक्षित को बधाई दी।
दीक्षित ने कहा, ‘भारत में पहली बार इस तरह की हल्की एल्युमीनियम बॉडी वाली ट्रेन का निर्माण और महा मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए इसका इस्तेमाल एक बड़ा कदम है। नागपुर मेट्रो परियोजना पर काम 2015 में शुरू किया गया था। उस समय देश में मेट्रो ट्रेनों का निर्माण करने वाली एक भी कंपनी नहीं थी। तब से इस दिशा में काफी प्रगति हुई है।’
उन्होंने कहा कि पुणे परियोजना की दो लाइनें हाल ही में शुरू की गई हैं और बाकी परियोजना पर यात्री सेवाएं जल्द ही शुरू की जाएंगी। वह बोले कि राज्य सरकार ने राज्य में मेट्रो परियोजनाओं को क्रियान्वित करने में व्यापक सहयोग दिया है।




