Saturday, March 28, 2026
खबर एवं विज्ञापन हेतु सम्पर्क करें - [email protected]
Home Blog Page 198

सभी धर्मों का समन्वय करना होगा – जस्टिस श्यामल सेन

पद्मश्री स्वामी शिवानंद का सम्मान समारोह एवं पुस्तक लोकार्पण सम्पन्न
कोलकाता । 127 वर्ष के गृही संन्यासी पद्मश्री स्वामी शिवानंद को महानगर में आयोजित एक समारोह में सम्मानित किया गया। इसके साथ ही 9 पुस्तकों का लोकार्पण भी किया गया । समारोह में उपस्थित स्वामी शिवानंद ने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पं. बंगाल के पूर्व राज्यपाल जस्टिस श्यामल कुमार सेन ने सर्वधर्म सद्भाव पर जोर दिया । उन्होंने कहा कि आज के युग में भले ही हमारे पास भौतिक सुख बहुत हैं पर हम मूल्यबोध खो रहे हैं, इसे बचाने की जरूरत है और इसके लिए सभी धर्मों का समन्वय करना होगा । भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राहुल सिन्हा ने कहा कि योग चर्चा से ही रोग मुक्ति सम्भव है और स्वामी शिवानंद ने जीवन भर इस दिशा में कार्य किया है। हम सभी को योग, आयुर्वेद जैसी परम्पराओं का प्रसार करना चाहिए। कैथेड्रल चर्च के प्रो वॉयसर फादर फ्रैंकलिन मेंजिस ने कहा कि हमें भारतीय परम्पराओं पर गर्व होना चाहिए और इसका प्रसार भी करना चाहिए । रामकृष्ण कथामृत भवन के स्वामी सिद्धेश्वरानंद ने कहा कि त्याग में ही आनंद है और मानव सेवा में ही मुक्ति है। रामकृष्ण परमहंस, माँ शारदा और स्वामी विवेकानंद के पथ पर चलकर हम पूरे विश्व में मानवता का प्रसार कर सकते हैं और वसुधैव कुटुम्बकम की भावना को आगे बढ़ा सकते हैं । इंटरनेशनल वेदान्त सोसायटी के स्वामी अच्युतानंद ने कहा कि शांत रहकर ही शांति स्थापित की जा सकती है । आईसीसीआर के पूर्व निदेशक गौतम दे ने कहा कि संस्कृति लोगों तक पहुँचने का सर्वश्रेष्ठ तरीका है । वीर चक्र विजेता कर्नल एस. के. पुरी ने कहा कि परम्पराओं को लुप्त नहीं होने देना चाहिए ।
समारोह में 9 पुस्तकों एवं आराधना नामक सीडी का लोकार्पण किया गया । इन 9 में 6 पुस्तकों का बांग्ला से हिन्दी अनुवाद गायत्री चक्रवर्ती ने किया है । इन पुस्तकों में असीम कृष्ण पाइन द्वारा लिखित ‘दैवी कृपा से रोगमुक्ति व समस्या का समाधान’ (स्वामी शिवानंद की जीवनी), डॉ. सुशील भट्टाचार्य द्वारा लिखित ‘अनन्य व्यक्तित्व के अधिकारी पूर्व राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी’ एवं ‘आदरणीय व्यक्तित्व श्यामल कुमार सेन’, समीर कुमार घोष द्वारा लिखित ‘आमार आमि’ (चण्डीदास घोष की जीवनी) , शौमिक राहा की पुस्तक ‘जगद्जननी श्री माँ शारदा ‘, अमृतेन्द्र हाइत का काव्य संग्रह ‘अन्य स्वाद’, का लोकार्पण किया गया । इसके अतिरिक्त गायत्री चक्रवर्ती द्वारा रचित ‘वास्तु के 45 देवता’, ‘नवकाव्य मंजरी’ ( पूर्व राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी के संचयिता काव्य संग्रह से कुछ कविताओं का हिन्दी से बांग्ला अनुवाद) एवं ‘किछु कोविता, किछु गान’ का लोकार्पण भी किया गया । इसके साथ ही इस अवसर पर आराधना नामक सीडी का लोकार्पण भी किया गया। इसमें प्रो. डॉ. सुजय कुमार विश्वास, अमिताभ चक्रवर्ती, सौमी मजुमदार, सुमित राय ने आवाज दी है। गीत पूर्व राज्यपाल केसरीनाथ त्रिपाठी, गायत्री चक्रवर्ती, सुमित राय के हैं। संगीत सुमित राय, अशोक दास एवं अमृतेन्द्र हाइत के हैं। इस सीडी का विपणन आशा ऑडियो द्वारा किया जा रहा है। इस अवसर पर बच्चों द्वारा योग प्रदर्शन किया गया एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी हुए । पुस्तक एवं मीडिया संयोजन शुभ सृजन नेटवर्क ने किया ।

बीएचएस में वाहनों के शोर एवं प्रदूषण के विरोध में अभियान

कोलकाता । बिड़ला हाई स्कूल में ध्वनि प्रदूषण को केन्द्र में रखते हुए प्रदूषण के खिलाफ अभियान चलाया गया । कोविड के बाद से ही आस – पास व्याप्त प्रदूषण और वाहनों के शोर के खिलाफ अब नो हॉर्न अभियान नियमित तौर पर चलाया जा रहा है। 15 नवम्बर से सुबह 7.20 से 8 बजे तक हंगरफोर्ड स्ट्रीट इलाके में बिड़ला हाई स्कूल के 8वीं एवं 9वीं के विद्यार्थी इस अभियान में भाग ले रहे हैं । टीचर इंचार्ज गौतम घोष, एन.एन. मिश्रा एवं प्रभारी विनय विश्वास के मार्गदर्शन में विद्यार्थी प्लेकार्ड के माध्यम से जागरूकता ला रहे हैं। स्कूल की प्रिंसिपल लवलीन सैगल एवं कोऑर्डिनेटर श्रीमती सेन एवं रेनु बुबना का समर्थन भी उल्लेखनीय है ।

 

 

बीएचएस में मनाया गया बाल दिवस

कोलकाता । बिड़ला हाई स्कूल में बाल दिवस समारोह का आयोजन किया गया। गत 14 नवम्बर को बाल दिवस के दिन विद्या मंदिर सभागार में आयोजित यह कार्यक्रम दो भागों में विभाजित था। बच्चों के बेहतर भविष्य को थीम बनाते हुए यह बच्चों में आपसी सहयोग की भावना को विकसित करना कार्यक्रम का उद्देश्य था । 2 साल के बाद स्कूल में आभासी दुनिया से बाहर बाल दिवस मनाया गया । कक्षा छठी से बारहवीं तक के विद्यार्थियों ने अपने आकर्षक परिधानों से परिसर की शोभा बढ़ाई। शिक्षकों ने शानदार प्रदर्शन के साथ अपनी शानदार पोशाक तैयार की। कार्यक्रम की शुरुआत देवी सरस्वती के आह्वान के साथ हुई, इसके बाद प्रिंसिपल लवलीन सैगल ने बच्चों का उत्साहवर्द्धन किया । स्कूल के एसीएमडी शिक्षकों द्वारा एक शानदार संगीत कार्यक्रम की व्यवस्था की गई थी। जीवंत और भावपूर्ण बंगाली हिंदी और अंग्रेजी गीतों का एक अद्भुत समागम हुआ और एकांकी प्रस्तुत की गयी । शिक्षकों के समर्पण और उनकी बुद्धि ने संवाद की हर दूसरी पंक्ति के बाद दर्शकों को हँसी में उड़ा दिया। शिक्षकों ने कुछ पसंदीदा बॉलीवुड हिट गाने गाए । बारहवीं के विद्यार्थियों ने धन्यवाद दिया ।

 

 

द हेरिटेज स्कूल में राउंड टेबल इंडिया का ‘तारे जमीन पर’

कोलकाता । द हेरिटेज स्कूल, कोलकाता ने हाल ही में राउंड टेबल इंडिया का सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘तारे जमीन पर’ आयोजित किया गया । इसके तहत चित्रांकन प्रतियोगिता समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गयीं। जरूरतमंद बच्चों के लिए आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न गैर सरकारी संगठनो (एनजीओ) के 3500 बच्चों ने भाग लिया । उद्घाटन समारोह में द हेरिटेज स्कूल के चेयरमैन विक्रम स्वरूप, कल्याण भारती ट्रस्ट के सचिव एवं कार्यक्रम के प्रायोजक सेंचुरी प्लाई के चेयरमैन सज्जन भजनका, हेरिटेज ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सीईओ पी. के. अग्रवाल. कोलकाता विक्टोरियन्स राउंड टेबल 227 के टीआर. विनोद जैन., टीआर. केशव भजनका, द हेरिटेज स्कूल की प्रिंसिपल सीमा सप्रू, कल्याण भारती ट्रस्ट के निदेशक प्रबीर राय एवं एचआईटीके के प्रिंसिपल प्रो. बासव चौधरी उपस्थित थे। कार्यक्रम में अभिनेत्री प्रियंका सरकार एवं पूर्व क्रिकेटर अशोक डिंडा उपस्थित थे। द हेरिटेज स्कूल की प्रिंसिपल सीमा सप्रू ने आयोजन की सराहना की ।

कोविड काल की कहानी कहती है मधुर भंडारकर की “इंडिया लॉकडाउन”

कोलकाता । देश के सबसे बड़े घरेलू वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म जी फाइव पर 2 दिसंबर को नई फिल्म ‘इंडिया लॉकडाउन’ का प्रीमियर शुरू होने वाला है। मधुर भंडारकर द्वारा निर्देशित डायरेक्ट-टू-डिजिटल इस फिल्म में कोविड महामारी के दौरान देश के लोगों पर पड़े इसके भयंकर प्रभाव पर आधारित यह पहला हिंदी फीचर फिल्म है।
मधुर भंडारकर के साथ अमित जोशी और आराधना साह द्वारा लिखे गए इस फिल्म की कहानी में श्वेता बसु प्रसाद, अहाना कुमरा, प्रतीक बब्बर, साई तम्हनकर और प्रकाश बालेवाड़ी की महत्वपूर्ण भूमिका है । इसके मुख्य भूमिका में ऋषिता भट्ट भी दिखेंगी।
पेन स्टूडियोज के डॉ. जयंतीलाल गडा, मधुर भंडारकर के भंडारकर एंटरटेनमेंट और प्रणव जैन के पीजे मोशन पिक्चर्स द्वारा निर्मित ‘इंडिया लॉकडाउन’ का 21 नवंबर को आईएफएफआई गोवा में ग्लोबल प्रीमियर हुआ था, जिसमे इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। 2021 में शूट की गई इस फिल्म में कोरोना महामारी के कारण घोषित किए गए लॉकडाउन में अलग-अलग पात्रों की चार समानांतर कहानियां दर्शायी गई है, जिनका जीवन एक अप्रत्याशित नाटकीय मोड़ पर पहुंच जाता हैं।
आदर्श टेलीमीडिया के संस्थापक अमित अग्रवाल अपने दोस्त और निर्देशक मधुर भंडारकर के लिए कोलकाता में इंडिया लॉकडाउन के प्रीमियर की जिम्मेदारी संभाल रहे है।

उर्दू पुस्तक ‘शम्स कलकत्तावी : शख्स और शायर’ का लोकार्पण

कोलकाता । कलकत्ता गर्ल्स कॉलेज के उर्दू विभाग में शिक्षक जनाब डॉ. वामिकुल इरशाद अलकादरी की किताब ‘शम्स कलकत्तावी : शख्स और शायर’ का लोकार्पण हुआ । इस मौके पर कलकत्ता गर्ल्स कॉलेज की प्राचार्या डॉ, सत्या उपाध्याय के अलावा डॉ. दबीर अहमद, डॉ. सयेदा शरेकतुल मौला, विभागाध्यक्ष डॉ. नईम अनीस और निसार अहमद ने विचार रखे । कार्यक्रम का संचालन डॉ. इम्तियाज अहमद ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन शिरीन जफर ने किया । डॉ. अलकादरी के शोधकार्य पर उनकी यह किताब आधारित है । शम्स के व्यक्तित्व पर रोशनी डालते हुए लेखक ने उर्दू साहित्य के विकास में बंगाल की महत्वपूर्ण भूमिका पर अपने विचार रखे हैं । प्राचार्या डॉ. सत्या उपाध्याय ने स्वागत भाषण दिया । उन्होंने साहित्यिक – सांस्कृतिक एकता, भाईचारे एवं मानवीय मूल्यों का जिक्र किया जिनके बिना शिक्षा जगत की उन्नति सम्भव नहीं है ।

भारतीय भाषा परिषद में मुक्तिबोध जयंती का आयोजन

कोलकाता । कवि मुक्तिबोध को मध्यमवर्ग से यह आशा रही है कि ये लोग अच्छे-बुरे के बीच संघर्ष से अच्छे को चुनकर देश में ऐतिहासिक भूमिका निभाएंगे| मुक्तिबोध आधुनिक हिंदी कविता के एक बड़े आलोक स्तंभ हैं| आज उनकी जयंती के अवसर पर भारतीय भाषा परिषद द्वारा आयोजित विशेष व्याख्यान और काव्य पाठ के एक कार्यक्रम में वक्ताओं ने यह कहा| आसनसोल गर्ल्स कॉलेज के प्रो. कृष्ण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि मुक्तिबोध की कविताएं आत्मसंघर्ष को महत्व देती हैं और वे अंधविश्वास की भावनात्मक जगह की आवाजें हैं|
सभा के अध्यक्ष और परिषद के निदेशक डॉ.शंभुनाथ ने कहा कि मुक्तिबोध आधुनिकता को फैशन नहीं परंपरा-विवेक और नवीनता-विवेक के रूप में देखते थे| उन्हें उन भारतीय श्रेष्ठताओं को लेकर चिंता थी, जो सांस्कृतिक ह्रास के दौर में खोती जा रही हैं| आज मनुष्य अंध-तकनीकी आधुनिकता और धार्मिक कूपमंडूकता के बीच सैंडविच है| मुक्तिबोध की कविता मनुष्य होने का बोध देती है| विद्यासागर विश्वविद्याल के प्रो.संजय जायसवाल ने सभा का संचालन करते हुए कहा कि मुक्तिबोध आधुनिक हिंदी कविता में प्रयोगशीलता और प्रगतिशीलता के बीच सेतु हैं| उन्हें नौजवानों से बड़ी आशा थी|
इस अवसर पर सेराज खान बातिश, राज्यवर्द्धन, मनोज मिश्र, गीता दूबे, सुरेश शॉ, पंकज सिंह, इबरार खान, प्रिया श्रीवास्तव, शिव प्रकाश दास, अमित साव, आशुतोष राउत, संजीव महतो, मोहित शर्मा, ज्योति चौरसिया, सुषमा कुमारी, शिप्रा मिश्रा पांडेय, रोशमी सेन शर्मा, सुमन शर्मा आदि ने कविता पाठ किया| डॉ. कुसुम खेमानी ने अपने शुभकामना संदेश में मुक्तिबोध के प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की| श्री रामनिवास द्विवेदी ने धन्यवाद ज्ञापन किया|

भवानीपुर कॉलेज ब्लड डोनेशन कार्निवाल 22 का आयोजन

भवानीपुर कॉलेज ब्लड डोनेशन कार्निवाल 22 का आयोजन

कोलकाता ।  भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी कॉलेज ने ब्लड डोनेशन कार्निवाल 2022 का उद्घाटन समारोह उत्सव के रूप में मनाया। विद्यार्थियों की बड़ी संख्या ने रक्त देकर पुण्य कार्य में अपना योगदान दिया। कॉलेज के अध्यक्ष रजनीकांत भाई दानी ने ब्लड डोनेशन कार्निवाल का उद्घाटन प्रमुख कार्यकर्ता को बैच पहनाकर कार्निवाल का आरंभ किया।प्रो दिलीप शाह ने सभी नये विद्यार्थियों का स्वागत किया ।वालिया हॉल में रक्तदान के लिए आए सभी छात्र छात्राओं का रक्त देने के पूर्व डॉक्टर द्वारा चेकप किया गया जिसकी पूर्ण व्यवस्था की गई । हर बेड के पास वोलिंटियर्स और हेल्थकेयर के कम्पाऊंडर मौजूद रहे।दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया कॉलेज के अध्यक्ष रजनीकांत भाई दानी ने ।साथ में संयोजक डीन प्रो दिलीप शाह, प्रो मीनाक्षी चतुर्वेदी, प्रो दिव्या उदेशी, प्रो गार्गी,लक्ष्मी, धानीश, नागेश पटेल और बड़ी संख्या में पदाधिकारियों की उपस्थिति रही। प्रदीप सेठ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए रक्तदान का महत्व बताया। अध्यक्ष रजनीकांत भाई दानी ने भी कॉलेज से जुड़े अपने अनुभवों को बताया।
भवानीपुर एडूकेशन सोसायटी कॉलेज में ब्लड डोनेशन कार्निवाल में 754यूनिट रक्त दान हुआ। भवानीपुर एडूकेशन सोसायटी कॉलेज में ब्लड डोनेशन कार्निवाल में विद्यार्थियों ने बहुत अधिक संख्या में भाग लिया। लगभग 905 छात्र छात्राओं ने रजिस्ट्रेशन कराया जिसमें से 151 विद्यार्थी अनफिट रहे। रक्त दान में प्रोजेक्ट लाइफ फोर्स का योगदान रहा।सबसे महत्वपूर्ण बात यह रही कि 603 विद्यार्थियों ने प्रथम बार रक्तदान किया। उपाध्यक्ष श्री मिराज डी शाह ने ब्लड डोनेशन के लिए विद्यार्थियों को विभिन्न सुविधाएं देकर उत्साहित किया। विद्यार्थियों के लिए नाश्ता, जूस, ग्लूकोज़ और रक्तदान के बाद भोजन की व्यवस्था की गई। संगीत और नुक्कड़ नाटक के द्वारा विद्यार्थियों ने रक्तदान उत्सव मनाया ।एनसीसी के कैडट और कैप्टन आदित्य राज ने व्यवस्था में अपना योगदान दिया। डॉ वसुंधरा मिश्र ने कार्यक्रम की जानकारी दी।

वाजा द्वारा महिला पदाधिकारियों का मनोनयन 

कोलकाता ।  राइटर्स और जर्नलिस्ट एसोसिएशन कोलकाता इकाई के अध्यक्ष छपते छपते हिंदी दैनिक और ताजा टीवी के डायरेक्टर वरिष्ठ संपादक विश्वम्भर नेवर के सानिध्य में ताजा टीवी के सभाकक्ष में वाजा लेडिज विंग कोलकाता के पदाधिकारियों की बैठक हुई। राइटर्स और जर्नलिस्ट एसोसिएशन के राष्ट्रीय महासचिव एवं संस्थापक शिवेंद्र प्रकाश द्विवेदी की उपस्थिति में इस बैठक को आयोजित किया गया। शिवेंद्र प्रकाश द्विवेदी ने साहित्य और पत्रकारिता को एक सिक्के के दो पहलू बताया और वाजा के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। राष्ट्रीय एकीकरण और सभी भारतीय भाषाओं पर चर्चा करते हुए भारत में वाजा की सोलह इकाइयों की चर्चा की।
विश्वंभर नेवर ने वर्तमान में बदलते हुए मीडिया पर प्रकाश डालते हुए हिंदी फिल्मों और नए बन रहे लोकप्रिय वेब सीरीज पर अपने विचार व्यक्त किए जो हिंदी में लिखे जा रहे हैं। महिला इकाई की महासचिव दी वेक की वरिष्ठ संपादक शकुन त्रिवेदी ने कहा कि यह महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है जो साहित्य के माध्यम से एक अच्छा कार्य कर सकता है। कोलकाता के प्रतिष्ठित टीवी चैनल ताजा टीवी के कार्यालय में वरिष्ठ पत्रकार तथा राइटर्स एंड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन इंडिया, कोलकाता इकाई के अध्यक्ष विश्वम्भर नेवर द्वारा राइटर्स एंड जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन महिला इकाई कोलकाता के
नवनियुक्त पदाधिकारियों को जिनमें डॉ सुषमा हंस, पूनम त्रिपाठी, कविता कोठारी, सुषमा त्रिपाठी कनुप्रिया, उषा श्राफ को मनोनयन पत्र सौंपा गया, इस अवसर पर उपरोक्त एसोसिएशन की महिला शाखा की कोलकाता अध्यक्ष डॉ. वसुंधरा मिश्रा व अन्य तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे। संतोष तिवारी और कृष्ण गोपाल की उपस्थिति रही।

28वां कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 15 दिसंबर से

कोलकाता । 28वां कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (केआइएफएफ) आगामी 15 दिसंबर से शुरू होगा और 22 दिसंबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को विधानसभा में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में केआइएफएफ का उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। इसमें बालीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन, उनकी अभिनेत्री पत्नी जया बच्चन व सुपरस्टार शाहरुख खान मौजूद रह सकते हैं। उन्हें न्योता भेजा गया है।

पहली बार एक कैलेंडर वर्ष में दूसरी बार हो रहा आयोजन – गौरतलब है कि शाहरुख खान बंगाल के ब्रांड एम्बेस्डर भी हैं। नव नियुक्त राज्यपाल सीवी आनंद बोस को उद्घाटन समारोह में विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा। गौरतलब है कि केआइएफएफ के इतिहास में पहली बार एक कैलेंडर वर्ष में इसका दूसरी बार आयोजन होने जा रहा है। कोरोना महामारी के कारण दो साल इसका आयोजन नहीं हो पाया था। 27वां संस्करण इसी साल 25 अप्रैल से शुरू हुआ था और एक मई तक चला था। उस दौरान 40 देशों की 163 फिल्में दिखाई गई थीं। अब इसी साल फिर से इसका आयोजन होने जा रहा है। कोरोना के पहले अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान नियमित रूप से इसके उद्घाटन समारोह में मौजूद रहते थे और अब फिर से दिख सकते हैं।

एयर इंडिया – एयर होस्टेज की बिंदी और चूड़ी से लेकर पुरुषों के बाल के लिए नियम जारी

एयर इंडिया ने केबिन अटेंडेंट के लिए ग्रूमिंग गाइडलाइंस जारी की है। इसमें बिंदी की साइज से लेकर चूड़ी की संख्या भी तय की गई है। गाइडलाइन में कहा गया है कि बिंदी की साइज 0.5 सीएम से ज्यादा नहीं होनी चाहिए। एक से ज्यादा चूड़ी पहनने की भी इजाजत नहीं है।  क्रू के पुरुष सदस्यों की हेयरस्टाइल का भी गाइडलाइन में जिक्र है। रिपोर्ट के मुताबिक, एयर इंडिया ने ग्रूमिंग गाइडलाइंस में मेल क्रू के उन सदस्यों को, जिनके बाल कम हैं या जिन्हें गंजापन है, उन्हें क्लीन शेव्ड सिर यानी बाल्ड लुक रखने को कहा है। ऐसे क्रू के सदस्य को अपने सिर को रोजाना शेव करने को भी कहा गया है। वहीं क्रू के सदस्य बिखरे हुए बाल या लंबे उलझे बाल वाली हेयरस्टाइल भी नहीं रख सकते।

महिला क्रू सदस्यों को पर्ल इयररिंग्स यानी मोती की बालियां पहनने की अनुमति नहीं है। बिंदी विकल्प है, लेकिन उसका साइज 0.5 सीएम से ज्यादा नहीं होना चाहिए। महिला क्रू हाथों में सिर्फ एक चूड़ी पहन सकती हैं, लेकिन चूड़ी में कोई डिजाइन या स्टोन नहीं होना चाहिए। इसके अलावा महिला क्रू बालों को बांधने के लिए हाई टॉप नॉट और लो बन्स स्टाइल का इस्तेमाल नहीं कर सकती हैं। महिला क्रू बिना किसी डिजाइन वाली सिर्फ गोल्ड और डायमंड की राउंड शेप्ड इयर रिंग्स पहन सकती हैं। साड़ी और इंडो-वेस्टर्न वियर दोनों के साथ त्वचा के रंग से मेल खाने वाली शीयर काल्फ लेंथ स्टॉकिंग्स भी अनिवार्य हैं। वहीं दोनों हाथों में सिर्फ एक-एक अंगूठी पहने की अनुमति है, लेकिन इसमें शर्त यह है कि अंगूठी एक सीएम से ज्यादा चौड़ाई वाली नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा महिला क्रू सदस्यों को सिर्फ चार बॉबी पिन यूज करने की अनुमति दी गई है। मेंहदी लगाने की भी अनुमति नहीं है।

धार्मिक या काले धागे बांधने की अनुमति नहीं

गाइडलाइंस में कहा गया है कि कलाई, गर्दन और एंकल पर धार्मिक या काले धागे को बांधने की अनुमति नहीं है। इसके अलावा क्रू को पब्लिक एरिया में प्लास्टिक बैग या शॉपिंग बैग ले जाने की भी अनुमति नहीं है।