-48 लाख कर्मचारियों, 68 लाख पेंशनर्स को फायदा
– नयी दरें 1 जुलाई, 2026 से लागू
नयी दिल्ली । केंद्र सरकार के 48 लाख कर्मचारियों और 68 लाख पेंशनर्स की दिवाली थोड़ी और रोशन हो गई है। सरकार ने त्योहार से ठीक 10 दिन पहले उनके महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत बढ़ोतरी कर दी है। ताजा बढ़ोतरी के बाद कर्मचारियों और पेंशनर्स का महंगाई भत्ता यानी डीए 63 प्रतिशत हो जाएगा। सरकार इस पर 10 हजार करोड़ रुपये खर्च करेगी। बुधवार 28 अक्टूबर को कैबिनेट ने नई दरें 1 जुलाई, 2026 से लागू करने को मंजूरी दी है। पिछले महीनों का एरियर भी दिवाली से पहले खाते में भेजा जाएगा। अप्रैल में सरकार ने डीए में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। इसके साथ ही महंगाई भत्ता 60% पर पहुंच गया था। अगर किसी कर्मचारी की बेसिक 18,000 रुपये है, तो 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी के हिसाब से हर महीने 540 रुपये का इजाफा होगा। अगर किसी वरिष्ठ अधिकारी की बेसिक सैलरी 56,100 रुपये है, तो उनकी मासिक तनख्वाह में लगभग 1,683 रुपये की सीधी बढ़ोतरी होगी। केंद्र सरकार हर साल कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए डीए और डीआर में दो बार संशोधन करती है। पहला संशोधन आमतौर पर जनवरी से और दूसरा जुलाई से प्रभावी होता है। सरकार ऑल इंडिया कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स के आंकड़ों के आधार पर महंगाई का आकलन करती है और उसी अनुपात में भत्ते बढ़ाने का निर्णय लेती है।




