भारत की पहली मिस वर्ल्ड रीता फारिया..

52 वर्ष पहले एशिया समेत भारत को मिस वर्ल्ड का पहला खिताब दिलाने वाली रीता फारिया ने एक साल बाद ही मॉडलिंग को अलविदा कह दिया था। उन्हें चकाचौंध भरी ये दुनिया खोखली लगने लगी थी। आपने हॉलिवुड-बॉलिवुड फिल्मों में बहुत सी विश्व सुंदरियों को काम करते देखा होगा और उनके बारे में जानते भी होंगे। इनकी पूरी जिंदगी चकाचौंध में गुजर जाती है, लेकिन हम यहां एक ऐसी विश्व सुंदरी की बात कर रहे, जो इस ग्लैमरस दुनिया को छोड़कर लंबे अर्से से गुमनामी में जीवन जी रही हैं। हम बात कर रहे हैं 52 साल पहले भारत को विश्व सुंदरी का पहला खिताब दिलाने वाली रीता फारिया की। भारत के साथ ही वह एशिया में भी विश्व सुंदरी का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय महिला थीं। वह पहली ऐसी मिस वर्ल्ड रहीं जो पेशे से एक डॉक्टर (फिजीशियन) भी हैं। उन्होंने आज ही के दिन 17 नवंबर 1966 को भारत को दुनिया में ये सम्मान दिलाया था। उनके नक्शे कदम पर चलते हुए भारत को अब तक छह विश्व सुंदरी और दो ब्रह्मांड सुंदरी (MISS UNIVERSE) मिल चुकी हैं।


21 वर्ष की उम्र में जीता था खिताब
1945 में मुंबई में जन्मी रीता फारिया पॉवेल ने 17 नवंबर 1966 को जब मिस वर्ल्ड का खिताब जीता, वह महज 21 वर्ष की थीं। इससे पहले वह मिस मुंबई भी रह चुकी थीं। उनकी परवरिश गोवा के एक परिवार में हुई थी। उस वक्त वह डॉक्टरी की पढ़ाई कर रहीं थीं। मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के बाद उन्होंने करीब एक साल तक मॉडलिंग की। इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग को अलविदा कह दिया। वर्ष 1998 में उन्होंने फैशन की दुनिया में दोबारा कदम रखा और फेमिना मिस इंडिया की जज भी बनीं। मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में भी वह बतौर जज शामिल हो चुकी हैं।
दो बेटे और पांच पोते-पोतियां हैं अब
मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने के एक वर्ष बाद मॉडलिंग को अलविदा कह चुकी रीता ने इसके बाद मुंबई स्थित ग्रांट मेडिकल कॉलेज व सर जमशेदजी जीजाबाई ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल से एमबीबीएस की अपनी पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वह आगे की पढ़ाई के लिए लंदन के किंग्स कॉलेज एवं हॉस्पिटल चलीं गईं। वर्ष 1971 में उन्होंने डेविड पॉवेल नाम के युवक से शादी कर ली। 1998 में उन्होंने ग्लैमरस लाइफ में एक बार वापसी की, लेकिन ज्यादा दिन वह इस चकाचौंध में नहीं रह सकीं। फिलहाल वह अपने पति एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डेविड पॉवेल के साथ आयरलैंड के डबलिन में रहती हैं। यहीं दोनों डॉक्टरी की प्रैक्टिस कर रहे हैं। इनके दो बेटे (डेडर्रे व एन मैरी) और पांच पोते-पोतियां (पैट्रिक, कॉमैक, डेविड, मारिया व जॉनी) हैं।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।