होली मनाइए रंगीले और सजीले अन्दाज में

रंगों के मौसम में रंगों से भला कोई कैसे बच सकता है मगर रंगों के साथ अपनी खूबसूरती का ख्याल रखना भी बहुत जरूरी है और हमारा पूरा लुक हमारे अन्दाज पर निर्भर करता है। होली की मस्ती का रंग जरूर चढ़ाइए कि मगर थोड़ी तैयारी के साथ और इस तरह कि होली के बाद भी अपना खूबसूरत अंदाज बरकरार रखें।

ये सही है कि होली में सफेद रंग पर हर रंग खिलता है। अगर आप सफेद रंग पहनना चाहती हैं तो जरूर पहनिए मगर कुछ अलग करने का मन है तो थोड़े खिले – खिले रंग पहनकर देखिए। पीला, हरा, गुलाबी, नीले रंग और ढेर सारे पेस्टल शेड्स…और दिखिए थोड़ी सी अलग। सफेद रंग पहनना है तो बाँधनी या रंगे – बिरंगे दुप्पटे,स्टोल या जैकेट के साथ पहन सकती हैं।

होली में धमाल मचाना है तो थोड़ी आजादी और बेफिक्री तो जरूरी है और हर दो मिनट के बाद आप अपना दुप्पटा सम्भालती रहेंगी या स्लीव्स को गिरने से बचाती रहेंगी तो धमाल कैसे मचाएंगी? तो पारदर्शी और तंग कपड़ों को न कह दीजिए…इसके बाद आप पलाजो पहनिए या ट्राउजर या पटियाला आपकी मर्जी। भारी कपड़े न पहनें क्योंकि बाद में तो सम्भालना भी आपको है और धोना भी आपको है…तो भारी – भरकम डेनिम पहनकर होली खेलना अच्छा आइडिया नहीं है क्योंकि भीगने से बचने के लिए भागना भी पड़ता है।
फ्लोरल प्रिंट पहन सकती हैं और हल्के रंगों में फ्लोरल प्रिंट बहुत अच्छे लगते हैं। आजमाकर देख लीजिए।

होली में खुले बाल रखना समझदारी नहीं है…बेहतर है कि बालों में तेल लगा लें और पोनीटेल बना लें। चोटी भी कर सकती हैं….बाल बचे रहेंगे और तेल लगा रहेगा तो बाद में बाल धोने में भी सुविधा होगी। हिल पहनने की गलती न करें….भागने पर पैर टूटने का डर रहेगा। न्यूड कलर के फुटवेयर होली के रंग से जल्दी गंदे हो जाते हैं। गहरे रंग के फ्लैट्स पहनें और यह निश्चित करें कि पानी में चप्पल फिसले नहीं। टाँगें बचाने के लिए चप्पल की सोल पर ध्यान देना जरूरी है।

नेलपॉलिश लगा लें। इससे रंग आपके नाखूनों के अंदर नहीं जायेगा। आप होली नेल आर्ट डिजाइन अपने नाखूनों पर बना सकती हैं। बेस कोट के अलावा आप अलग-अलग रंगों के साथ अपने नाखूनों को सजा सकती हैं। होली खेलते समय मेकअप से परहेज रखें…ये हमारा सुझाव है क्योंकि रंगों से पोते जाने के बाद चेहरे पर कुछ नहीं दिखने वाला। चेहरे पर अच्छी सी क्रीम लगा लें। रंग खेलने के बाद अच्छा फेसपैक लगाना न भूलें। वैसे भी हर दिन तो मेकअप करना ही है….एक दिन ऐसे दिखें जो आप हैं…..। तो मनाइए होली…..जमकर सजीले अन्दाज में।

 

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।