कोलकाता । महानगर की सुप्रसिद्ध नाट्य संस्था लिटिल थेस्पियन , 24 से 29 मार्च 2026 तक ज्ञान मंच में अपना 15वां राष्ट्रीय नाट्य महोत्सव जश्न-ए-अज़हर आयोजित करने जा रहा है। इस महोत्सव को पश्चिअमबंग नाट्य अकादमी, सूचना और सांस्कृतिक विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार और अज़हर आलम मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा वित्तीय सहायता प्रदान की गयी है । इस वर्ष के महोत्सव में छह नाटक प्रस्तुत किए जाएंगे : जयन्त देशमुख द्वारा निर्देशित नाटक पगला घोड़ा (एकरंग, मुंबई), अमित रौशन द्वारा निर्देशित पश्मीना (आशीर्वाद रंगमंडल, बेगूसराय), प्रगति विवेक पांडे द्वारा निर्देशित नाटक पर पज़ेब न भीगे (विवेचना रंगमंडल, जबलपुर), मलय राय द्वारा निर्देशित नाटक सीतायन (पूर्वरंग, कोलकाता), अंजुम रिज़वी द्वारा निर्देशित नाटक बेगम जानी की हवेली ( प्रोसेनियम आर्ट सेंटर, कोलकाता) तथा लिटल थेस्पियन अपना नाटक चाक प्रस्तुत करेगा जिसका निर्देशन उमा झुनझुनवाला ने किया है। पांचवां अज़हर आलम मेमोरियल अवार्ड प्रसिद्ध संगीत निर्देशक, डिज़ाइनर और संगीतकार मुरारी रायचौधरी को प्रदान किया जाएगा । इसके आलावा पांच रंगकर्मियों को उनकी रंगकला के प्रति समर्पित सेवा के लिए सम्मानित करेगा: डॉ. बिंदु जैसवाल (अभिनेता), क़मर जावेद (नाटककार/निर्देशक), प्रेम कपूर (रंग समीक्षक/आलोचक), सोमा दास (माइम आर्टिस्ट) और डॉ. गौरव दास (निर्देशक)। तीसरी आलेख लेखन प्रतियोगिता के विजेताओं की भी घोषणा की जाएगी और उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। कुल मिलाकर, जश्न-ए-अज़हर में रंगमंच के सभी पहलुओं को शामिल गया है।




