अभिनेत्री पद्मिनी, जिन्होंने सात समन्दर पार खोली नृत्य अकादमी

हिंदी सिनेमा में कई ऐसी अभिनेत्रियाँ हुई हैं, जिन्होंने अपने अभिनय के अलावा नृत्य प्रतिभा से लोगों के दिलों पर राज किया। कुछ हीरोइनें ऐसी रहीं, जिनके हुनर का रंग पूरी दुनिया पर छा गया, और हर किसी ने उनका लोहा माना। ऐसी ही एक अभिनेत्री रहींपद्मिनी। पद्मिनी का पूरा नाम पद्मिनी रामचंद्रन था। भरतनाट्यम में पारंगत पद्मिनी जब डांस करती थीं, तो सभी देखते रह जाते थे। इनके वैजयंतीमाला के साथ राइवलरी के चर्चे खूब आम रहे थे। पद्मिनी की 12 जून को 9वीं जयंती होती है ।
पद्मिनी का जन्म 12 जून 1932 को तिरुवनंतपुरम में हुआ था। उनकी दो और बहनें थीं, ललिता और रागिनी। इन तीनों बहनों को ‘ट्रावनकोर सिस्टर्स’ कहा जाता था। पद्मिनी ने 16 साल की उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखे थे। फिल्मों में आने के बाद पद्मिनी ने तमिल और तेलुगू से लेकर हिंदी, मलयालम, और यहां तक कि रूसी भाषा की फिल्मों में भी खूब काम किया था।
पद्मिनी ने अपने कॅरियर में राजकुमार, प्रेम नजीर, शम्मी कपूर, राज कपूर, एनटी रामाराव और रेखा के पिता व एक्टर जैमिनी गणेशन तक के साथ काम किया। बॉलीवुड में पद्मिनी ‘मेरा नाम जोकर’ और ‘जिस देश में गंगा बहती है’ में नजर आई थीं। 1960 में आई ‘जिस देश में गंगा बहती है’ में पद्मिनी की जोड़ी राज कपूर के साथ थी। पद्मिनी ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत 1948 में बॉलीवुड फिल्म ‘कल्पना’ से की थी। इसके बाद उन्होंने अन्य भाषाओं की फिल्मों में काम किए।
अमेरिका को दी सबसे बड़ी शास्त्रीय नृत्य अकादमी
मात्र 16 साल की उम्र में करियर शुरू करने वालीं पद्मिनी ने दुनियाभर में अपनी सफलता का परचम लहराया। उनकी जिंदगी की कहानी किसी प्रेरणा से कम नहीं है। साल 1961 में पद्मिनी ने अमेरिका के रहने वाले फिजिशयन से शादी कर ली, और फिर फिल्मों को अलविदा कह दिया। वह पति के साथ अमेरिका जाकर बस गईं और गृहस्थी पर ध्यान देने लगीं।
वार्नर ब्रदर्स संग काम करता है बेटा
पद्मिनी ने 1963 में एक बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम प्रेम रामचंद्रन है और वह अभी वार्नर ब्रदर्स के साथ काम करता है। साल 1977 में पद्मिनी ने न्यू जर्सी में एक क्लासिकल डांस स्कूल खोला, जिसका नाम ‘पद्मिनी स्कूल ऑफ आर्ट्स’ रखा। आज पद्मिनी के इस स्कूल की गिनती अमेरिका के सबसे बड़े शास्त्रीय नृत्य संस्थानों में होती है।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।