– 374 कंपनियां हुईं ब्लैकलिस्ट
– तीन महीने में मिलीं 15.29 लाख स्पैम शिकायतें
नयी दिल्ली । मोबाइल फोन पर आने वाली अनजान कॉल और बार-बार मिलने वाले प्रमोशनल मैसेज से परेशान लोगों के लिए टेलीकॉम रेगुलेटर ट्राई (ट्राई ) ने सख्ती बढ़ा दी है। जुलाई से सितंबर 2026 के बीच अनचाहे कमर्शियल कम्युनिकेशन (यूसीसी ) नियमों का उल्लंघन करने वाले 1.24 लाख से ज्यादा टेलीकॉम कनेक्शन और दूसरे संसाधनों पर कार्रवाई की गई। इसके अलावा 374 संस्थाओं को एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया गया है। ट्राई की वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही की रिपोर्ट में ये आंकड़े सामने आए हैं।
1.24 लाख से ज्यादा नंबरों पर हुई कार्रवाई
ट्राई की रिपोर्ट के मुताबिक, स्पैम नियमों का पहली बार उल्लंघन करने वाले 1,10,325 टेलीकॉम कनेक्शन को 15 दिनों के लिए आउटगोइंग सर्विस से बंद किया गया। वहीं, बार-बार नियम तोड़ने वाले 13,777 कनेक्शन को एक साल के लिए डिस्कनेक्ट कर दिया गया।इसके अलावा 3,725 SMS हेडर ब्लॉक किए गए और 374 स्पैम भेजने वाली संस्थाओं को एक साल के लिए ब्लैकलिस्ट किया गया। इस अवधि में ये संस्थाएं नए टेलीकॉम रिसोर्स भी नहीं ले सकेंगी। रिपोर्ट के अनुसार, जुलाई से सितंबर के बीच ट्राई को अनचाहे कमर्शियल कॉल और मैसेज से जुड़ी कुल 15.29 लाख शिकायतें मिलीं। इनमें से 7.23 लाख शिकायतों को कार्रवाई के योग्य माना गया। इस दौरान देश के टेलीकॉम नेटवर्क से 714.01 अरब कॉल और 702.28 अरब SMS भेजे गए। इस हिसाब से हर 10 लाख आउटगोइंग कॉल पर करीब 2.14 स्पैम शिकायतें दर्ज हुईं। स्पैम पर लगाम लगाने के लिए टेलीकॉम कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआI) आधारित सिस्टम का इस्तेमाल कर रही हैं। ट्राई के मुताबिक, इन सिस्टम ने दूसरी तिमाही में 19.9 अरब संदिग्ध कॉल और मैसेज की पहचान की। इनमें 18.28 अरब कॉल और 1.62 अरब SMS शामिल थे। इसके अलावा स्पैम भेजने के संदेह वाले संस्थानों को 45.9 लाख से ज्यादा चेतावनी नोटिफिकेशन भी जारी किए गए। टेलीकॉम कंपनियों ने 34,025 संदिग्ध सेंडर्स का ई-केवाईसी वेरिफिकेशन किया। इनमें से 9,977 को केवाईसी जांच में असफल रहने के कारण डिस्कनेक्ट कर दिया गया। स्पैम की शिकायत दर्ज करने के लिए ट्राई डीएनडी एप सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया गया। कुल शिकायतों में से 14.21 लाख यानी 92.9 फीसदी शिकायतें इसी ऐप के जरिए मिलीं। 30 सितंबर 2026 तक इस ऐप को 42.36 लाख बार डाउनलोड किया जा चुका था। ट्राई ने लोगों को डीएनडी ऐप के बारे में जागरूक करने के लिए रेडियो, टीवी, अखबार और सोशल मीडिया पर अभियान भी चलाए। इसके अलावा 322 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें करीब 31 हजार लोगों ने हिस्सा लिया। उपभोक्ताओं को ऐप के बारे में जानकारी देने के लिए 3 अरब से ज्यादा एसएमएस भी भेजे गए।

