-ध्वस्त हुआ ममता का किला, अपनी सीट से भी हारीं
-तमिलनाडु में टीवीके तो केरल में यूडीएफ का जलवा
कोलकाता । चार राज्यों पश्चिम बंगाल, केरल, असम, तमिलनाडु और एक केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव के फाइनल नतीजे आ चुके हैं। चुनाव आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, असम और पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने बंपर वोटों से जीत दर्ज की है। तमिलनाडु में टीवीके सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूडीएफ बड़ी जीत दर्ज कर सरकार बनाने जा रही है। पुडुचेरी में भी एनडीए ने बाजी मारी है। इस तरह से पांच राज्यों के चुनावी रण में बीजेपी ने एक बार सभी चौंका दिया।पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए बीजेपी पहली बार सरकार बनाने जा रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, बंगाल में बीजेपी को 207 सीटें मिली है, जबकि ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस पार्टी को 80 सीटों पर जीत मिली है। इसके अलावा कांग्रेस को दो, सीपीआई (एम) को एक सीट मिली है। इसके साथ ही बीजेपी ने असम में विधायक दल के नेता के चुनाव के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को केंद्रीय सह-पर्यवेक्षक नियुक्त किया है।

असम में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जीत की हैट्रिक लगाई है। एनडीए ने 126 विधानसभा सीटों में 102 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने 82 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि उसके सहयोगी दलों बोडो पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) और असम गण परिषद (एजीपी) को 10-10 सीट पर जीत मिली है। वहीं कांग्रेस पार्टी को 19 सीटों पर जीत मिली है।तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय के नेतृत्व वाली टीवीके ने एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली सत्तारूढ़ डीएमके को पछाड़ते हुए 108 सीट हासिल की। इस चुनाव में डीएमके मात्र 59 सीट में ही जीत हासिल कर सकी। यहां विधानसभा चुनाव के तहत 23 अप्रैल को मतदान हुए थे और मतगणना कल हुई। भारत निर्वाचन आयोग के अनुसार, विपक्षी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) ने 47 सीट जीतीं, जबकि उसकी सहयोगी पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) को चार सीट और भारतीय जनता पार्टी और एएमएमके को क्रमशः एक-एक सीट मिली। भवानीपुर से शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को 15,114 वोटों से हराया। शुभेंदु के खिलाफ यह उनकी लगातार दूसरी हार है। 2021 विधानसभा चुनाव में शुभेंदु नंदीग्राम से ममता के खिलाफ जीते थे।




