नर्वदेश्वर गोप
आसनसोल । पश्चिम बंगाल के औद्योगिक शहर आसनसोल की पहचान अब धीरे-धीरे कला और पर्यटन के क्षेत्र में भी एक नई पहचान बना रही है। शहर के महिशीला इलाके में स्थित सुशांत राय वैक्स म्यूजियम और शीश महल लोगों के आकर्षण का केंद्र बनते जा रहे हैं। यहां मोम से तैयार की गई जीवंत प्रतिमाएं और शीशों से सजी अनूठी कलाकृतियां दर्शकों को खास अनुभव प्रदान कर रही हैं। इसी कड़ी में प्रसिद्ध दिवंगत गायक जुबिन गर्ग की मोम से निर्मित प्रतिमा का अनावरण किए जाने के बाद यह संग्रहालय एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। इस विशेष अवसर पर आसनसोल भाजपा सांगठनिक जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य ने प्रसिद्ध कलाकार सुशांत राय के आमंत्रण पर महिशीला स्थित वैक्स म्यूजियम का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जुबिन गर्ग की मोम की प्रतिमा का अनावरण किया।
कार्यक्रम में देवतनु भट्टाचार्य ने कलाकार सुशांत राय की रचनात्मक प्रतिभा, अथक मेहनत और बेजोड़ शिल्पकला की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की कलात्मक पहल आसनसोल के लिए गर्व की बात है। इससे शहर की सांस्कृतिक पहचान को एक नई दिशा मिल सकती है।
गौरतलब है कि सुशांत राय द्वारा तैयार की गई मोम की प्रतिमाएं अपनी जीवंत बनावट और बारीक कलाकारी के लिए विशेष पहचान बना रही हैं। वहीं, शीश महल की आकर्षक सजावट भी यहां आने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण है। जुबिन गर्ग की प्रतिमा के जुड़ने से अब इस संग्रहालय में कला प्रेमियों और संगीत के प्रशंसकों की दिलचस्पी और बढ़ने की उम्मीद है।

