नर्वदेश्वर गोप
– रोजगार के भी खुलेंगे नए अवसर
आसनसोल । कचरे को संपत्ति में बदलने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने की दिशा में आसनसोल नगर निगम ने एक अनूठी पहल शुरू की है। अब पूजा-पाठ के बाद फेंके जाने वाले फूलों के कचरे से धूपबत्ती तैयार की जाएगी। इस उद्देश्य से नगर निगम के बोरो नंबर-7 में इस्तेमाल किए गए फूलों से धूपबत्ती बनाने की विशेष इकाई शुरू की गई है।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य फूलों के कचरे का उचित पुनः उपयोग कर पर्यावरण के अनुकूल उत्पाद तैयार करना है। इसके साथ ही इस परियोजना के माध्यम से स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा करने की योजना है। आमतौर पर मंदिरों और पूजा स्थलों से निकलने वाले फूलों को कचरे के रूप में फेंक दिया जाता है, लेकिन अब इन्हीं फूलों को उपयोगी उत्पाद में बदलने की दिशा में कदम उठाया गया है।
आयुक्त ने किया इकाई का निरीक्षण
आसनसोल नगर निगम के प्रशासक एवं आयुक्त दिलीप मिश्रा ने धूपबत्ती बनाने वाली इस इकाई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां चल रही विभिन्न गतिविधियों को करीब से देखा और पूरी उत्पादन प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने कार्यरत लोगों से बातचीत कर इस पहल की कार्यप्रणाली और भविष्य की संभावनाओं को भी समझा।
नगर निगम की यह पहल कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण और स्वरोजगार को एक साथ जोड़ने का प्रयास है। यदि यह परियोजना सफल रहती है, तो आने वाले दिनों में फूलों के कचरे से उपयोगी उत्पाद तैयार करने की इस व्यवस्था को अन्य क्षेत्रों में भी विस्तार दिया जा सकता है। इससे स्वच्छता अभियान को मजबूती मिलने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे।

