-कृष्णनगर में सदियों पुरानी परंपरा आज भी कायम
दीपंकर एडबार
कृष्णनगर (नदिया) । आधी रात का सन्नाटा, नदी का किनारा और साड़ी पहने युवकों की टोली। पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के कृष्णनगर स्थित मालोपाड़ा में जगद्धात्री पूजा से पहले हर साल ऐसा अनोखा दृश्य देखने को मिलता है। यहां के युवक महिलाओं की तरह साड़ी पहनकर आधी रात को नदी पहुंचते हैं और देवी की पूजा के लिए पवित्र जल लेकर लौटते हैं। स्थानीय भाषा में इस परंपरा को ‘जल सांझा’ कहा जाता है। बदलते समय के बावजूद मालोपाड़ा के लोगों ने इस सदियों पुरानी परंपरा को आज भी जीवित रखा है।
कृष्णनगर की जगद्धात्री पूजा अपनी ऐतिहासिक विरासत, राजपरिवार से जुड़े संबंधों और भव्य आयोजन के लिए प्रसिद्ध है। लेकिन मालोपाड़ा की मां जलेश्वरी की पूजा की पहचान कुछ अलग है। यहां धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक इतिहास और पूर्वजों से मिली परंपराओं का अनूठा संगम देखने को मिलता है।
स्थानीय मान्यता के अनुसार, साड़ी पहनकर नदी से जल लाने की परंपरा ब्रिटिश शासनकाल से जुड़ी है। उस दौर में सामाजिक प्रतिबंधों के कारण महिलाओं का रात में घर से बाहर निकलना सहज नहीं था। ऐसे में पुरुष ही महिलाओं का वेश धारण कर पूजा के लिए नदी से जल लाने जाते थे। समय के साथ सामाजिक परिस्थितियां बदल गईं, लेकिन उस दौर में शुरू हुई परंपरा आज भी जारी है। हर साल युवकों की टोली आधी रात को इस रस्म को निभाती है और स्थानीय लोगों के बीच यह विशेष आकर्षण का केंद्र बनती है।
इस पूजा का इतिहास कृष्णनगर के राजपरिवार से भी गहराई से जुड़ा हुआ है। स्थानीय परंपरा के मुताबिक, महाराजा कृष्णचंद्र राय के शासनकाल में जगद्धात्री पूजा को विशेष प्रोत्साहन मिला था। मालो समुदाय के लोग कभी राजपरिवार की मां राजराजेश्वरी की प्रतिमा के विसर्जन में अपनी नावों के साथ भाग लेते थे। इसी ऐतिहासिक संबंध के बीच मालोपाड़ा में भी जगद्धात्री पूजा शुरू करने की पहल हुई।
बताया जाता है कि इस पूजा को तत्कालीन महारानी भुवनेश्वरी देवी से अनुमति मिली थी। महारानी स्वयं मंदिर पहुंची थीं और पूजा के लिए 15 रुपये का अनुदान दिया था। दिलचस्प बात यह है कि आज भी राजपरिवार के वर्तमान सदस्य उसी 15 रुपये की राशि को प्रतीकात्मक अनुदान के रूप में देते हैं। रकम भले ही छोटी हो, लेकिन पूजा आयोजकों के लिए इसका ऐतिहासिक और भावनात्मक महत्व बेहद बड़ा है।
मां जलेश्वरी की प्रतिमा भी अपनी विशिष्ट पहचान रखती है। देवी के दोनों ओर जया और विजया विराजमान रहती हैं। सिंह की पूंछ पर राजपरिवार से जुड़ी एक गिनी सजाई जाती है। प्रतिमा को पारंपरिक रांगता की सजावट, चमकी और मिट्टी की कलात्मक आकृतियों से अलंकृत किया जाता है।
पूजा के भोग में भी अलग-अलग दिनों के लिए विशेष परंपराएं निर्धारित हैं। षष्ठी पर चिउड़ा, मुरमुरा, दही और पांच प्रकार की मिठाइयां चढ़ाई जाती हैं। सप्तमी और अष्टमी पर पांच प्रकार की तली हुई सब्जियां, खीर और पुलाव का भोग लगाया जाता है। नवमी के दिन विशेष रूप से मिट्टी के बर्तन में सफेद चावल और मछली अर्पित की जाती है। इसके अलावा फल, अदरक, मूली, केला और चावल भी चढ़ाए जाते हैं। पूजा के अवसर पर अन्न महोत्सव का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के लिए प्रसाद की व्यवस्था की जाती है।
मालोपाड़ा बारोयारी समिति के सदस्य निमाई हालदार के अनुसार, पूजा की प्रत्येक परंपरा पूर्वजों से मिली विरासत है। समिति के सदस्य आज भी उसी परंपरा और अनुशासन के साथ आयोजन करते हैं । कृष्णनगर में जगद्धात्री पूजा के दौरान जहां शहर रोशनी और भव्य पंडालों से जगमगाता है, वहीं मालोपाड़ा की पहचान आधी रात को साड़ी पहनकर नदी जाने वाले युवकों से बनी हुई है। यह अनोखी रस्म केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि एक समुदाय की सामाजिक स्मृति, राजपरिवार से उसके ऐतिहासिक संबंध और सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम भी है।

