नर्वदेश्वर गोप
–पहली ट्रेकिंग में ही सान्दाकफू-फालुट की चोटी पर पहुंचा
आसनसोल । जिस उम्र में बच्चे खेलकूद और वीडियो गेम में व्यस्त रहते हैं, उस उम्र में आसनसोल के आठ वर्षीय अर्णव कर्मकार ने अपनी अदम्य इच्छाशक्ति और शारीरिक क्षमता से एक अनोखी उपलब्धि हासिल कर सबको हैरान कर दिया है। कक्षा दो में पढ़ने वाले अर्णव ने भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सान्दाकफू-फालुट ट्रेकिंग मार्ग पर करीब 15 हजार फीट की ऊंचाई तक पैदल चढ़ाई कर अपनी पहली ही ट्रेकिंग में सफलता का परचम लहराया है। उसकी इस उपलब्धि से आसनसोल में खुशी और गर्व का माहौल है। आसनसोल के मोहनबागान बाजार इलाके का रहने वाला अर्णव बचपन से ही घूमने-फिरने और प्रकृति के बीच समय बिताने का शौकीन है। उसके पिता शोभन कर्मकार पेशे से जाने-माने रंगकर्मी हैं और एक नाट्य दल का संचालन करते हैं, जबकि मां तृनिका कर्मकार गृहिणी हैं। खास बात यह है कि अर्णव के परिवार में पहाड़ों के प्रति आकर्षण नया नहीं है। उसके पिता स्वयं एक अनुभवी ट्रेकर हैं। हालांकि, महज आठ साल की उम्र में बेटे को इतनी ऊंचाई और कठिन रास्तों वाली ट्रेकिंग पर ले जाने को लेकर शुरुआत में माता-पिता के मन में थोड़ी आशंका थी। लेकिन अर्णव की शारीरिक क्षमता और खेलकूद के प्रति रुचि ने उनका हौसला बढ़ाया। वह बचपन से ही दौड़ने का अभ्यास करता रहा है। कुछ वर्ष पहले उसने मैराथन में हिस्सा लेना शुरू किया और दुर्गापुर, बोलपुर तथा कोलकाता समेत राज्य के विभिन्न स्थानों पर आयोजित मैराथन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पुरस्कार भी हासिल किए। अर्णव की इसी फिटनेस और सहनशक्ति को देखते हुए उसके पिता ने करीब एक वर्ष पहले उसे सान्दाकफू ट्रेकिंग पर ले जाने की योजना बनाई। इसके लिए नियमित रूप से पैदल चलने, जॉगिंग और योगाभ्यास के जरिए उसे तैयार किया गया। योजना के अनुसार, परिवार के सदस्य सात नवंबर को यात्रा पर रवाना हुए और आठ नवंबर से वास्तविक ट्रेकिंग अभियान शुरू हुआ। इस दौरान उन्होंने तुमलिंग, कालीपोखरी, सान्दाकफू, सबरग्राम, फालुट, गोर्खे और श्रीखोला जैसे दुर्गम पहाड़ी रास्तों को पार किया। करीब 11 दिनों तक लगातार कठिन चढ़ाई और लंबी पैदल यात्रा करने के बाद 17 नवंबर को रिम्बिक पहुंचकर उनका अभियान पूरा हुआ।
अपनी पहली ही ट्रेकिंग में इतनी बड़ी उपलब्धि हासिल करने के बाद अर्णव बेहद उत्साहित है। अपने अनुभव साझा करते हुए उसने बताया कि चारों तरफ पहाड़ ही पहाड़ दिखाई दे रहे थे। रास्ते में तरह-तरह के पक्षियों की आवाजें सुनाई देती थीं और पहाड़ी पेड़-पौधों को देखना बेहद अच्छा लगता था। उसने बताया कि रात के समय पहाड़ों पर पैदल चलने का अनुभव भी उसे काफी रोमांचक लगा।
ट्रेकिंग का आयोजन करने वाली संस्था के प्रमुख सदस्यों में शामिल छोटेलाल यादव ने भी अर्णव की उपलब्धि पर आश्चर्य जताया। उन्होंने कहा कि वह पिछले 35 वर्षों से ट्रेकिंग संस्था का संचालन कर रहे हैं, लेकिन इतनी कम उम्र के बच्चे का 15 हजार फीट की ऊंचाई तक पहुंचना बेहद असाधारण है। 11 दिनों के इस कठिन अभियान में अर्णव ने जिस हिम्मत और धैर्य के साथ कदम बढ़ाए, वह सभी के लिए आश्चर्यजनक रहा।
अर्णव के माता-पिता का कहना है कि बेटे को इस चुनौतीपूर्ण अभियान पर ले जाने से पहले उसकी तैयारी पर विशेष ध्यान दिया गया था। नियमित पैदल चलने, दौड़ने और योगाभ्यास के जरिए उसे शारीरिक रूप से सक्षम बनाया गया। परिवार के सहयोग और अर्णव की मेहनत ने आखिरकार इस कठिन लक्ष्य को हासिल कर दिखाया।
महज आठ साल की उम्र में अर्णव ने यह साबित कर दिया है कि मजबूत इच्छाशक्ति, अनुशासन और सही तैयारी के सामने उम्र कोई बाधा नहीं होती। उसकी यह उपलब्धि न केवल उसके परिवार, बल्कि पूरे आसनसोल के लिए गर्व की बात बन गई है।

