लोंगेवाला की लड़ाई के शूरवीर महावीर चक्र से सम्मानित चांदपुरी का निधन

चंडीगढ़ : भारत पाकिस्तान के बीच 1971 में हुए  युद्ध के समय लोंगेवाला की लड़ाई के नायक रहे ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) कुलदीप सिंह चांदपुरी का मोहाली के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। 78 साल के ब्रिगेडियर चांदपुरी कैंसर से पीडि़त थे। उनके परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं।
उन्हें राजस्थान के थार रेगिस्तान की लोंगेवाला चौकी में निभाई भूमिका के लिए देश का दूसरा सर्वोच्च सैन्य सम्मान महावीर चक्र प्रदान किया गया था। उन्होंने 1971 युद्ध की एक रात भारतीय सैनिकों की एक छोटी टुकड़ी का नेतृत्व करते हुये पाकिस्तानी हमले को नाकाम कर दिया था। वर्ष 1997 में आयी हिंदी फिल्म ‘बॉर्डर’ राजस्थान में हुई इसी भारत-पाकिस्तान लड़ाई पर बनी थी। उसमें सन्नी देओल ने ब्रिगेडियर चांदपुरी की भूमिका निभायी थी। ये फिल्म क्लासिक का दर्जा पा चुकी है। 1963 में ऑफीसर्स ट्रेनिंग एकेडमी, चेन्नई से प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें पंजाब रेजीमेंट की 23वीं बटालियन में कमीशन दिया गया।
उन्होंने 1965 में हुये युद्ध में भी हिस्सा लिया था। इसके बाद उन्होंने एक साल संयुक्त राष्ट्र आपात बल (यूएनईएफ) में भी सेवाएं दीं। उन्होंने महू में इन्फैंट्री स्कूल में दो बार बतौर प्रशिक्षक भी काम किया। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ब्रिगेडियर चांदपुरी के निधन पर शोक प्रकट करते हुये कहा कि लोंगेवाला की लड़ाई में उनका अनुकरणीय एवं नायकों वाला नेतृत्व रक्षा सेवााओं के युवा सैनिकों और अधिकारियों को अपने कर्तव्यों को समर्पण, प्रतिबद्धता और निष्कपट भाव से निभाने के लिए प्रेरित करता है।
महावीर चक्र सम्मान के उद्धरण में लिखा गया है: “मेजर कुलदीप सिंह चांदपुरी राजस्थान क्षेत्र में पंजाब रेजिमेंट की एक कंपनी बटालियन का नेतृत्व कर रहे थे जो एक इलाके में तैनात थी।” लोंगेवाला की लड़ाई में, ब्रिगेडियर चांदपुरी ने अपना गतिशील नेतृत्व, असाधारण साहस और दृढ़ संकल्प प्रदर्शित किया। इसमें कहा गया है कि जब तक और सैनिक वहां नहीं पहुंचे, तब तक उन्होंने एक बंकर से दूसरे बंकर तक जाकर जवानों को प्रेरणा देने का काम किया।

शुभजिता

शुभजिता की कोशिश समस्याओं के साथ ही उत्कृष्ट सकारात्मक व सृजनात्मक खबरों को साभार संग्रहित कर आगे ले जाना है। अब आप भी शुभजिता में लिख सकते हैं, बस नियमों का ध्यान रखें। चयनित खबरें, आलेख व सृजनात्मक सामग्री इस वेबपत्रिका पर प्रकाशित की जाएगी। अगर आप भी कुछ सकारात्मक कर रहे हैं तो कमेन्ट्स बॉक्स में बताएँ या हमें ई मेल करें। इसके साथ ही प्रकाशित आलेखों के आधार पर किसी भी प्रकार की औषधि, नुस्खे उपयोग में लाने से पूर्व अपने चिकित्सक, सौंदर्य विशेषज्ञ या किसी भी विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें। इसके अतिरिक्त खबरों या ऑफर के आधार पर खरीददारी से पूर्व आप खुद पड़ताल अवश्य करें। इसके साथ ही कमेन्ट्स बॉक्स में टिप्पणी करते समय मर्यादित, संतुलित टिप्पणी ही करें।